पञ्चदशी (हिन्दी व्याख्या सहित)
Panchadashi by Swami Vidyaranya
स्वामी विद्यारण्य द्वारा
स्रोत: चौखम्बा विद्याभवन · चौखम्बा विद्याभवन · 1940 (उद्गम)
महावाक्यविवेक का संक्षेप ३५
महावाक्यविवेक का संक्षेप ३५
उसी गुप्त एकता का ग्रहण असि [ है ] यह पद करा रहा है।
परन्तु कितना ही प्रयत्न करो इस लक्ष्यार्थ तक तो केवल अधिकारी
लोगों की ही उदार दृष्टि पहुँचेगी । दूसरे अनधिकारी लोग तो इस
महावार्ता को हँसी में ही टाल देंगे और परम पद के साथ खिल-
वाड़ कर बैठेंगे । मुमुक्षु लोगों को चाहिये कि 'तत्' 'त्वं' पदों की
जो एकता प्रमाणपुष्ट हो चुकी है, उसका दिव्यानुभव वे भी ले
लें, और वैसा अनुभव करके अनादिकाल की इस वृथा खटपट
को भूल जांय । वे अनुभव करें कि क्या हम अनादि काल से
इसी भवजाल में उलझे रहने को यहां उतरे हैं ? क्या इस संसार
की वेमतलब उखाड़ पछाड़ ही हमारे इस जीवन का चरमलक्ष्य
है ? या हमारा अपना कोई स्थायी रूप भी है ? जिसके कि
आधार से हमको शान्ति के सुखद दर्शन मिल सकते हैं। इसी
गम्भीर प्रश्न का उत्तर तत्त्वमसि [ तुम तो वह हो, तुम्हें तो
इस खटपट की कुछ भी आवश्यकता नहीं है ] यह महावाक्य
दे रहा है ।
अयमात्मा ब्रह्म
जो तत्व स्वयंप्रकाश होने के कारण ही यद्यपि सबको प्रत्यक्ष
हो रहा है परन्तु हुआ करो, फिर भी मायामोहित प्राणी ने इस
स्वयंप्रकाशतत्व की भी ऐसी उपेक्षा की है जैसी कदाचित् शत्रुओं
की भी कोई न करता हो। कोटिजन्मों के पुण्यों के परिपाक से
जब किसी साधक की सूक्ष्म दृष्टि उस तत्व तक जा पहुँचे तब
सूक्ष्म दृष्टि से पकड़ लिये हुए उसी तत्व को हम अयम् [यह]
कह रहे हैं-अर्थात् यह तत्व कभी किसी से छिपता नहीं है और
यह कभी किसी का दृश्य नहीं होता है। अहंकार,प्राण,मन इन्द्रिय
तथा देह का जो समूह है, उस सभी का अधिष्ठान, सभी क
३६ पंचदशी
साक्षी, सभी से प्रत्यक्, सभी से आन्तर, जो कोई तत्व है उसी
को हम 'आत्मा' कहते हैं। यह जो आकाशादि संसार हमें दीख
रहा है यह सब क्षणभंगुर है। यह क्षणभंगुर संसार अपने स्वभाव
के अनुसार जब शेष नहीं रह जायगा, तब जो तत्व शेष बचेगा
उस तत्व को ही हम 'ब्रह्म' कहते हैं। वह ब्रह्मतत्व साधक की
समझ में आया हुआ, यह ऊपर कहा हुआ,खयंप्रकाश आत्मा ही
तो है। इस आत्मा से भिन्न कोई ब्रह्मनाम का पदार्थ होता होगा
यह विचार प्रमाणानुमोदित नहीं है। इस आत्मा से भिन्न किसी
को ब्रह्म समझना भारी से भारी भूल है।
6. Chitradipa
[६]
चित्रदीप का संक्षेप
तसवीर वाले कपड़े की जैसे चार अवस्थायें हैं—धुला हुआ,
मांडी लगाया हुआ, चिह्न किया हुआ और रंगभरा हुआ, इसी
प्रकार परमात्मा में भी चार अवस्थायें हैं ( १ ) चेतन
( २ ) अन्तयोमी ( ३ ) सूत्रात्मा ( ४ ) तथा विराट् । खयं तो वह
चेतन है, माया का ध्यान करें तो वह 'अन्तर्यामी' है, सूक्ष्म
सृष्टि को देखें तो वह 'सूत्रात्मा' कहाता है, स्थूल सृष्टि पर दृष्टि
डालें तो उसे विराट् कहना होगा । जो देव मनुष्य पशु आदि के
शरीर चैतन्य में अध्यस्त हैं, उनमें जीव नाम के जो चिदा-
भास पड़े हैं ये ही तो संसार में भ्रमण कर रहे हैं । चेतनतत्व
व्यापक है, पर है, अखण्ड है, वह तो संसार भ्रमण कर ही नहीं
सकता । जीव के संसार को ही जो कि चेतन का संसार समझते
हैं वे सब भूलते हैं । चिदाभास के विषय में ज्ञातव्य बात यह है
कि—देहों में ही चिदाभास पड़ता है, मिट्टी पत्थर आदि में चिदा-
भास नहीं पड़ता । जीवभाव अविद्या के कारण उत्पन्न होता है ।
दीखनेवाला संसार 'परमार्थ है, सब अपने आपे में लगे हैं, ऐसा सम-
झना ही 'अविद्या' है—यही बेसमझी है। यह संसार जीव का है
'आत्मतत्व का संसार हो ही नहीं रहा, ऐसा ज्ञान 'विद्या' कहाती है।
यह विद्या विचार करते रहने से हाथ आजाती है । उसको पाने
के लिए जगत्, जीव और परात्मा का विचार सदा ही करना चाहिये ।
जीवभाव और जगत् भाव जब हट जायगा, तब आत्मा ही आत्मा
३८ पञ्चदशी
शेष रह जायगा—तब कैवल्य आ धमकेगा। आत्मतत्व केवल
रूप में ज्योंही आ विराजेगा त्यों ही विचार स्वयं छूट जायगा।
आत्मतत्व को केवल रूप में लाने के लिये विचार की सहायता
की ज़रूरत पड़ती है, उसके लिये आत्मतत्व पर थोड़ा सा विचार
करलें। 'कूटस्थ' और 'जीव' तथा 'ब्रह्म' और 'ईश्वर' यों चार
तरह का चेतन,चेतनतत्व को समझने के लिये कल्पित कर लिया
है। दोनों देहों के अन्दर जो चेतना रहती है, उसमें तो कभी भी
कोई विकार नहीं आता। उतनी चेतना 'कूटस्थ' चेतना
कहाती है। उस कूटस्थ चेतना में पहले बुद्धि की कल्पना हुई,
फिर उसमें चेतना का प्रतिबिम्ब पड़ा; फिर उसमें प्राणशक्ति उत्पन्न
हुई, बस यही जीव है। यही संसार में फंसने वाली चीज़ है।
इसने अन्दर के कूटस्थ चेतन को पूरा पूरा ढक डाला है। अब
तो यह इस तत्व को पृथक् रूप में कभी भी नहीं जानता।
इसका यह न जानना, अनादि काल से है। यही 'मूलाज्ञान'
कहाता है। यह अज्ञान दो रूप में काम करता है—एक तो यह
स्वरूप को ढकता है, दूसरे यह स्वरूप को किसी विकृतरूप में
(शरीर आदि के रूप में) दिखाता है। यही 'आवरण' और
'विक्षेप है'। आवरण से अपने रूप की प्रतीति रुक जाती है--
अपना आपा दूसरे पदार्थों में रिलमिल जाता है। ये दोनों ही
बातें तत्वज्ञान होते ही नष्ट हो जाती हैं। परन्तु विक्षेप के नष्ट
होने में, तत्वज्ञान के बाद भी कुछ समय लगता है। क्योंकि
विक्षेप की उत्पत्ति कर्मों से और अज्ञान से, दो से मिल कर होती
है। कर्मों का प्रभाव जितने दिनों तक रहना चाहिये, उतने दिन
रहकर ही विक्षेप नष्ट होता है। यही कारण है कि ज्ञान हो
जाने पर भी ज्ञानी का प्रारब्ध कर्म नष्ट नहीं होता। आत्मा के
चित्रदीप का संक्षेप ३९
विषय में लोगों को बहुत से भ्रम हैं कोई इसको कुछ मानता है
और कोई कुछ। इसके परिमाण के और स्वरूप के विषय में भी
बहुत से विवाद हैं। सारे विचारों में जो सार है वह तो यही है
कि मायी महेश्वर है और माया उसका एक औज़ार है। उस माया
का जो अधिपति है उसके [कल्पित] अवयवों ने इस सब जगत्
को व्याप्त कर रक्खा है। उसकी इस माया पर यदि कुछ विचार
न करें तो यह सच्ची मालूम होती है, विचार करें तो वह अनिर्व-
चनीय सिद्ध होती है, श्रुति का कहना मानें तो यह तुच्छ है।
यह माया शक्ति चेतन के बिना प्रतीत नहीं होती, इससे यह
स्वतन्त्र नहीं है, तथा असंग को ससंग बना देने के कारण यह
स्वतन्त्र भी है। जब तक माया को समझ लिया नहीं जाता, तब
तक आश्चर्य मालूम होता है। जब यह समझ में आ जाती है
तब माया समझ लेने से ही आश्चर्य नहीं रहता। निद्रानाम की
जो जीव की माया है, उसमें जैसे कोई कानून लागू नहीं हो
सकता—वह जैसी दीखे वैसी ही ठीक है। इसी प्रकार यह
माया जैसी उल्टी-सीधी दीखे वैसी ही ठीक है। इसको तर्क की
कसौटी पर कसने से इसके स्वरूप को समझने में चूक हो
जायगी। श्रद्धा के मार्ग से चलते-चलते जो बात ज्ञान के यौवन
में दीखने वाली थी उन्मार्ग में पड़ जाने से उससे वंचित रह जाना
पड़ेगा। सम्पूर्ण आक्षेप जगत् को सत्य मानने वालों पर ही लागू
हो सकते हैं। नींद की तरह माया पर कोई आक्षेप चल नहीं
सकता। माया पर आक्षेप न करके उसको तो हटाने के उपाय
सोचने में ही आत्मकल्याण है। जिसका निरूपण न हो और
दीखे भी 'लौकिक माया' का यह लक्षण इस 'ऐश्वरी माया' में
भी है। जिस कारण में अचिन्त्यरचना की शक्ति है, उस माया
४० पंचदशी
नाम के बीज का अनुभव सुषुप्ति में सभी को होता है। बीज में
पेड़ की तरह सारा जगत् उस सुषुप्ति में लीन रहता है। उस
माया में सारे जगत् की वासनायें रहती हैं। उन वासनाओं में
जो चैतन्य है वह स्पष्ट नहीं होता। इसी से अपनी वासनाओं
का पता किसी को नहीं होता कि वे कैसी कैसी हैं। चेतन के
आभास से युक्त वह माया ( अज्ञान ) जब बुद्धिरूप में प्रकट
होती है तब उसमें का वह चिदाभास स्पष्ट मालूम होने लगता
है। जब वासनाओं की बुद्धिवृत्तियें बन जाती हैं तब मालूम होता
है कि ऐसी वासना भी इसमें थी। माया के अधीन जो चिदा-
भास है वही तो वेदों का 'महेश्वर' है, वही 'अन्तर्यामी' है, वही
'सर्वज्ञ' है, वही 'जगत् का कारण' भी कहाता है। यह जिस
मानस या बाह्य जगत् को बना लेता है, उसे बदल देने का
सामर्थ्य किसी में नहीं है, यही तो इस की सर्वेश्वरता है। इसी
कारण से जिस पर जो धुन सवार हो जाती है वह किसी के
समझाने से हटती नहीं है। इस सुषुप्ति के अज्ञान में ही सम्पूर्ण
प्राणियों की बुद्धियों की वे सब वासनायें रहती हैं जिन्होंने इस
सब जगत् को घेर रक्खा है। सारा जगत् इन्हीं सूक्ष्म वासनाओं
के अधीन होकर अपने अपने कार्यों में संलग्न हो रहा है। इसी
से उसे 'सर्वज्ञ' कहा है। इसकी सर्वज्ञता का ज्ञान हमें क्यों नहीं
होता, इसका कारण तो यह है कि वासनाओं का प्रत्यक्ष ज्ञान हमें
किसी को भी नहीं होता है। जो जो विषय सामने आते जाते हैं
उन-उन विषयों की वासनायें प्रकट होती जाती हैं। यों एक काल
में न सही किन्तु कालान्तर में सर्वविषयानुभावी होने से उसकी
सर्वज्ञता सिद्ध होती है। यों एक समय में उसकी सर्वज्ञता की
प्रतीति न होने से उसके सर्वज्ञपन का प्रत्यक्ष नहीं होता। उसको