पञ्चदशी (हिन्दी व्याख्या सहित)
Panchadashi by Swami Vidyaranya
स्वामी विद्यारण्य द्वारा
स्रोत: चौखम्बा विद्याभवन · चौखम्बा विद्याभवन · 1940 (उद्गम)
ध्यानदीपप्रकरणम् ४०१
ध्यानदीपप्रकरणम् ४०१
य उपास्ते त्रिमात्रेण ब्रह्मलोके स नीयते ।
स एतस्माज्जीवघनात् परं पुरुषमीक्षते ॥१४४॥
शैव्य प्रश्न में यह बात कही गयी है कि जो इस परम
पुरुष की उपासना त्रिमात्र ओंकार से करता है, वह ब्रह्मलोक
में ले जाया जाता है । उसके अनन्तर वहीं पर यह भी कहा
गया है कि— ब्रह्मलोक में पहुँचा हुआ वह उपासक, इस जीवघन
[ अर्थात् जीवों की समष्टि इस हिरण्यगर्भ ] से भी ऊंचे दर्जे
के उपाधि-रहित चैतन्य-रूपी परमात्मा का साक्षात् वहीं कर
लेता है ।
अप्रतीकाधिकरणे 'तत्क्रतुन्याय' ईरितः ।
ब्रह्मलोकफलं तस्मात् सकामस्येति वर्णितम् ॥१४५॥
'अप्रतीकालम्बनानयतीति बादरायणः (ब्रह्म ४-३-१५) उभयथा
दोषात्तत्क्रतुश्च' इन दोनों सूत्रों में व्यास मुनि ने कहा है कि—
अपनी अपनी कामना के अनुसार ही फल प्राप्त होता है । इस
कारण सकाम लोगों के ब्रह्मलोक पाने की बात कही है ।
[ सूत्रार्थ = प्रतीकोपासना न करने वाले उपासकों को
अमानव पुरुष ले जाता है ऐसा बादरायण आचार्य मानते हैं ।
किन्हीं को ले जाता है किन्हीं को नहीं ऐसी दोनों बात मानने
में कोई दोष नहीं है । क्योंकि यह सब संकल्प पर निर्भर
करता है ]
निर्गुणोपास्तिसामर्थ्यात् तत्र तत्त्वमवेक्षते ।
पुनरावर्तते नायं कल्पान्ते च विमुच्यते ॥१४६॥
[ सकाम निर्गुणोपासक को तत्त्वज्ञान होने का कारण यह
है कि ] निर्गुणोपासना के सामर्थ्य से ब्रह्मलोक में ही उसे तत्त्व-
४०२ पञ्चदशी
ज्ञान हो जाता है। ऐसा पुरुष फिर इस मर्त्यलोक में लौटकर
नहीं आता। जब कल्प का अन्त होने लगता है तभी वह हिरण्य-
गर्भ के साथ मुक्त हो जाता है ।
प्रणवोपास्तयः प्रायो निर्गुणा एव वेदगाः ।
क्वचित् सगणताप्युक्ता प्रणवोपासनस्य हि ॥१४७॥
वेद में प्रणव की जितनी भी उपासनायें हैं, वे प्रायः सब की
सब निर्गुण ही हैं । कहीं कहीं एकाध सगुणोपासना भी आती है ।
परापरब्रह्मरूप ओंकार उपवर्णितः ।
पिप्पलादेन मुनिना सत्यकामाय पृच्छते ॥१४८॥
पिप्पलाद मुनि ने सत्यकाम के प्रश्न के उत्तर में परापर
ब्रह्मरूप दो प्रकार का ओंकार बताया है । [उसी को ओंकार की
निर्गुण और सगुणोपासना का प्रमाण समझना चाहिए ।]
एतदालम्बनं ज्ञात्वा यो यदिच्छति तस्य तत् ।
इति प्रोक्तं यमेनापि पृच्छते नचिकेतसे ॥१४९॥
कठोपनिषत् में यम ने भी नचिकेता को यही उत्तर दिया
है कि इस ओंकाररूपी आलम्बन [सहारे] को जानकर जो पुरुष
जो चाहता है उसे वही मिल जाता है । [यम के उत्तर से भी
प्रणवोपासना दो तरह की पायी जाती है । ]
इह वा मरणे वास्य ब्रह्मलोकेऽथवा भवेत् ।
ब्रह्मसाक्षात्कृतिः सम्यगुपासीनस्य निर्गुणम् ॥१५०॥
[प्रकरण का तात्पर्य तो इतना ही है कि] जो निर्गुण की
किसी तरह की भी उपासना भले प्रकार कर लेता है उसको इस
लोक में या मरते समय अथवा ब्रह्मलोक में जाकर ब्रह्म का
साक्षात्कार हो ही जाता है । [ वह होने से रुकता नहीं ]