पञ्चदशी (हिन्दी व्याख्या सहित)
Panchadashi by Swami Vidyaranya
स्वामी विद्यारण्य द्वारा
स्रोत: चौखम्बा विद्याभवन · चौखम्बा विद्याभवन · 1940 (उद्गम)
5. Mahavakya Viveka
महावाक्यविवेक का संक्षेप
'महाश्रोत्रिय' 'महाराजा' 'महायात्रा' 'महाप्रस्थान' 'महा-
ज्ञानी' आदि जैसे शब्द हैं वैसा ही यह 'महावाक्य' भी है।
इसका एक यह भी अर्थ हो सकता है कि—जिस से बड़ा, जिससे
व्यापक अर्थ वाला कोई अन्य वाक्य न हो सकता हो। दूसरा
अर्थ यह भी हो सकता है कि—जिसके पश्चात् दूसरा वाक्य
बोलना ही पड़ता हो। या यों कहो कि बोलने की आवश्यकता
ही न रह जाती हो। जो प्राणी दिन रात बहिर्मुख बने रहते हैं,
जो प्राणी आठों पहर इन्द्रियद्वारों पर ही डटे रहते हैं, उनमें से
कोई जब किसी नाटक के नटों, या पालतू तोते मैनाओं के समान
इन महावाक्यों को बोल उठे तो उसकी बात हम नहीं कहते हैं।
हम तो केवल उन महामना मुनियों की ओर को संकेत करना
चाहते हैं, जिनके हृदयधाम में धधकती हुई ज्ञानाग्नि की ज्वाला
में सृष्टि के पदार्थों की स्वाधीन सत्ता सरकण्डे की रूई के समान
भड़भड़ा कर भस्म हो चुकी हो। वे जब अपने एकान्त हृदय-
मन्दिर के मौनप्रदेश में बैठकर इन वाक्यों को बोल बैठते हैं
और जब उनके हृदय-प्रदेश में सदा के लिये सन्नाटा छा जाता
है—जिसके बाद एक भी अन्यर्थ वाक्य ऐसा सुनाई नहीं पड़ा
सकता जो उनके उस गंभीर सन्नाटे को कभी भी भंग कर सकता
हो, तब इन वाक्यों को 'महावाक्य' कहना बड़े ही गौरव की
बात प्रतीत होती है। यह प्रकरण आगमप्रधान है—इसमें कुतर्क
और व्यर्थ विवाद को थोड़ा सा भी अवकाश नहीं है। इसमें
३० पंचदशी
जिन महावाक्यों का उल्लेख है वे सभी प्राणियों के अन्दर गुप्तभाव
से रहनेवाले 'पूर्ण अहं' का वर्णन करनेवाले हैं। क्षुद्र अहं ने
जीवात्माओं को संकुचित कर रखा है। विचार की आँच से
जब क्षुद्र अहं जल जाता है तब वही पूर्ण अहं प्रत्यक्ष दर्शन दे
देता है। आंख का पलक खुलते ही जैसे अनन्त आकाश आंखों
के सामने आ खड़ा होता है इसी प्रकार क्षुद्र अहं को हटाते ही
अनन्त आत्मतत्व साधक को दीखने लग पड़ता है। उसी पुण्य-
कीर्ति अवस्था की ओर संकेत करनेवाले ये महावाक्य हैं।
जितने भी वेदादि सच्छास्त्र हैं वे इसी पूर्ण अहं की आवाजें हैं।
मनन में गहरे उतरे हुए लोगों को ही ऐसी ईश्वरीय आवाजें सुनाई
पड़ा करती हैं। इसी कारण वेदों को 'अपौरुषेय' कहा जाता है।
वेदों को कोई पुरुष बनाता नहीं किन्तु ये तो शुद्ध मन से सुनने
की बातें हैं। इसी लिये वेदों को ऋषियों के द्वारा प्रकट होना
बताया जाता है। इस प्रकरण में जिन 'महावाक्यों' का वर्णन है
उनकी मृतप्राय आवाजें जनसाधारण के हृदयों में भी सुनाई तो
पड़ती हैं, परन्तु वे अपने क्षुद्र अहंकार के परवश होने के कारण
इनको अनसुनी कर देते हैं। सभी प्राणी अपने जी में अपने
आप को बड़े से बड़ा और अच्छे से अच्छा मानते हैं। सभी को
अपना आपा सर्वगुणसम्पन्न और सब से अच्छा, प्रतीत होता है।
सभी अवसर पाते ही अपनी बड़ाई बघारने से चूकते नहीं हैं।
परन्तु ऐसी सर्वहृदयेश्वरी महत्ता का जो गुप्त कारण है उसका
किसी को भी पता नहीं है। हम तो इसी गुप्त महत्ता को ही
सोया पड़ा हुआ 'अहं ब्रह्मास्मि' कहते हैं। अन्दर जो निःशब्द
भाषा में 'अहं ब्रह्मास्मि' की अखण्ड रटना चल रही है, उसी से
यह प्राणी अपने को सर्वोत्तम समझ रहा है। हमारे रोम रोम में