सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
संग्रह पर लौटें

पञ्चदशी (हिन्दी व्याख्या सहित)

Panchadashi by Swami Vidyaranya

स्वामी विद्यारण्य द्वारा

स्रोत: चौखम्बा विद्याभवन · चौखम्बा विद्याभवन · 1940 (उद्गम)

DevanagariSanskritpublished726 पृष्ठ

कूटस्थदीपप्रकरणम् ३३१

कूटस्थदीपप्रकरणम् ३३१
दीप्तियों के बीच बीच में दूसरी जो सामान्यप्रभा रूपी सूर्य-
दीप्ति है वह भी देखी ही जाती है। दर्पणों की अनेक प्रभायें
जब नहीं रहतीं वह [सामान्य प्रभा] तो तब भी सब जगह
प्रकाशित ही रहती है।
चिदाभासविशिष्टानां तथानेकधियामसौ ।
सन्धिं धियामभावं च भासयन् प्रविविच्यताम् ॥३॥
ऊपर कहे हुए दृष्टान्त के अनुसार, चिदाभासयुक्त जो अनेक
बुद्धियां किंवा अनेक बुद्धिवृत्तियां होती हैं, [जाग्रत् तथा स्वप्न
में तो] उन बुद्धियों के सन्धिकाल को प्रकाशित करने वाले
तथा [सुषुप्ति के समय] उन बुद्धियों के अभाव को प्रकाशित
करने वाले, इस कूटस्थ को [ऊपर कहे दृष्टान्त के अनुसार
उन बुद्धियों से] पृथक् जान लो।
जाग्रत् तथा स्वप्न के समय एक वृत्ति नष्ट होती है; दूसरी
उत्पन्न होती है। इन दोनों वृत्तियों की सन्धि को जब कि थोड़े
से समय के लिये कोई भी वृत्ति नहीं रहती—जो कोई तत्व
प्रकाशित करता है, वही कूटस्थ चैतन्य है। सुषुप्ति के समय
जब कोई भी बुद्धिवृत्ति नहीं रहती, तब वृत्तियों के अभाव को
जो कोई तत्त्व प्रकाशित करता है, वही कूटस्थ चैतन्य है। वह
इन बुद्धिवृत्तियों से और इनके अभावों से सर्वथा भिन्न है। यों
उस कूटस्थ तत्व का विवेक कर लेना चाहिये।
घटैकाकारधीस्था चिद्घटमेवावभासयेत् ।
घटस्य ज्ञातता ब्रह्मचैतन्येनावभासते ॥४॥
घट को देखते समय जो बुद्धि केवल घटाकार हो जाती
है, उस बुद्धि में जिस चैतन्य का आभास पड़ता है, वह तो

३३२ पञ्चदशी
केवल घट को ही प्रकाशित किया करता है । परन्तु उस घट
में जो ज्ञातता नाम का धर्म रहता है [जिस धर्म के सहारे से
‘घट को जान लिया’ यह व्यवहार किया जाता है] उसको तो
[घट की कल्पना का अधिष्ठान] ब्रह्मचैतन्य ही प्रकाशित किया
करता है [यों देह से बाहर चिदाभास और ब्रह्म को पृथक्
पृथक् समझ लेना चाहिये ]
अज्ञातत्वेन ज्ञातोयं घटो बुद्धयुदयात् पुरा ।
ब्रह्मणैवोपरिष्टात्तु ज्ञातत्वेनेत्यसौ भिदा ॥५॥
जब तक बुद्धि उत्पन्न नहीं हो जाती, तब तक तो यह घट
अज्ञात रूप से ब्रह्मतत्त्व से ही ज्ञात रहता है । बुद्धि की उत्पत्ति
हो जाने पर तो वही ब्रह्म इसे ज्ञातरूप से प्रकाशित करने लग
पड़ता है, बस केवल इतना सा ही भेद है [ऐसी अवस्था में यह
शंका निर्मूल हो जाती है कि—ज्ञातता को भासित करने वाले
चैतन्य से ही घट की प्रतीति भी हो सकती है। बुद्धि की क्या
आवश्यकता होती है ? क्योंकि ज्ञातता आदि भेदों की सिद्धि
के लिये बुद्धि की भी परमावश्यकता तो रहती ही है ।]
चिदाभासान्तधीवृत्तिर्ज्ञानं लोहान्तकुन्तवत् ।
जाड्यमज्ञानमेताभ्यां व्याप्तः कुम्भो द्विधोच्यते ॥६॥
[‘ज्ञातता’ और ‘अज्ञातता’ कराने वाले ‘ज्ञान’ और
‘अज्ञान’ का स्वरूप इस श्लोक में बताया गया है] भाले की नोक
पर जैसे लोहा लगा रहता है, इसी प्रकार चित्प्रतिबिम्ब से
युक्त जो बुद्धि वृत्ति है [ जिस बुद्धिवृत्ति के अन्त अर्थात्
अग्रभाग में चिदाभास लगा रहता है ] उस को तो ‘ज्ञान’
कहते हैं। जो तो जाड्य है—[जो स्वतः स्फूर्ति का न होना है]