सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
संग्रह पर लौटें

तर्कभाषा (आचार्य केशवमिश्र - पं. विश्वेश्वर सिद्धान्तशिरोमणि कृत 'तर्करहस्य' हिन्दी व्याख्या सहित)

Tarkabhasha of Keshavamishra

आचार्य केशवमिश्र (व्याख्याकार: पं. विश्वेश्वर सिद्धान्तशिरोमणि) द्वारा

DevanagariHindipublished330 पृष्ठ

२४ तर्कभाषा [ लक्षणान्तरखण्डनम्
से उनका अकारणत्व प्राप्त होने लगेगा । [अर्थात् 'यदि कार्यानुकृतान्वयव्यतिरेकि
कारणम्' यह कारण का लक्षण किया जायगा तो नित्य और सर्वव्यापक आकाश
आदि पदार्थों का किसी देश या किसी काल में अभाव सम्भव न होने से उनमें
कारण का यह लक्षण नहीं जा सकेगा । इसलिए अव्याप्तिदोष ग्रस्त हो जाने से
यह लक्षण ठीक नहीं है । ]
मीमांसक आदि 'कार्यानुकृतान्वयव्यतिरेकि कारणम्' यह कारण का
लक्षण करते हैं । इस लक्षण का अभिप्राय यह है कि 'कार्येण अनुकृतौ अन्वय-
व्यतिरेकौ यस्य तत्कारणम्' अर्थात् कार्य जिसके अन्वय और व्यतिरेक का
अनुसरण करता है उसको कारण कहते हैं । इसमें अन्वय और व्यतिरेक का
लक्षण 'तत्सत्त्वे तत्सत्ता अन्वयः' और 'तदभावे तदभावो व्यतिरेकः' किया
जाता है । साधारणतः कारणता का निर्णय अन्वयव्यतिरेक से ही होता है ।
जैसे अग्नि दाह के प्रति कारण है यह बात अन्वयव्यतिरेक से ही सिद्ध होती
है । अग्नि और दाह का अन्वयव्यतिरेक इस प्रकार होगा—'अग्निसत्त्वे दाहसत्ता'
अर्थात् अग्नि के होने पर दाह होता है यह अन्वय हुआ और 'अग्न्य-
भावे दाहाभावः' अग्नि के अभाव में दाह का अभाव होता है यह व्यतिरेक
हुआ । इन दोनों के होने से ही अग्निदाह के प्रति कारण सिद्ध होता है ।
इसी आधार पर कुछ लोग 'कार्यानुकृतान्वयव्यतिरेकि कारणम्' यह कारण
का लक्षण करते हैं ।
नैयायिकों का सिद्धान्त पक्ष यह है कि 'कार्यानुकृतान्वयव्यतिरेकि कारणम्'
यह कारण का लक्षण ठीक नहीं है, क्योंकि आकाश काल आदि जो नित्य और
विभु पदार्थ हैं उनमें कारण का यह लक्षण सम्भव न होगा । आकाश, काल
आदि पदार्थ नित्य हैं अतएव किसी काल में उनका अभाव नहीं मिलेगा। और वे
विभु अर्थात् सर्वत्र व्यापक हैं अतएव किसी देश में उनका अभाव नहीं मिलेगा।
इसलिए यद्यपि 'आकाशसत्त्वे घटसत्ता' यह अन्वय तो बन जायगा परन्तु
'आकाशाभावे घटाभावः' यह व्यतिरेक नहीं बन सकेगा । क्योंकि आकाश के
नित्य होने से किसी काल में और विभु होने से किसी देश में उसका अभाव
नहीं मिलेगा । इसी प्रकार 'कालसत्त्वे घटसत्ता' यह अन्वय तो बन जायगा
परन्तु 'कालाभावे घटाभावः' यह व्यतिरेक नहीं मिल सकेगा । इसलिए अन्वय
बन जाने पर भी व्यतिरेक के असम्भव होने से कारण यह लक्षण आकाश
काल आदि नित्य विभु पदार्थों में नहीं घट सकेगा । अतः अव्याप्ति दोषग्रस्त
होने से यह कारण का लक्षण ठीक नहीं है ।

समवायिकारणम् ] प्रमाणनिरूपणम् २५
तच्च कारणं त्रिविधम् । समवायि-असमवायि-निमित्त-भेदात् । तत्र यत्स-
मवेतं कार्यमुत्पद्यते तत्समवायिकारणम् । यथा तन्तवः पटस्य समवायिका-
रणम् । यतस्तन्तुष्वेव पटः समवेतो जायते, न तुर्यादिषु ।
आकाश काल आदि को कार्यमात्र के प्रति साधारण कारण माना गया है ।
यद्यपि तर्कभाषाकारने कारण के समवायिकारण, असमवायि कारण और निमित्त
कारण ये तीन ही भेद किए है । परन्तु वाक्यवृत्ति में प्रकारान्तर से साधारण
कारण और असाधारण कारण ये दो भेद भी किए हैं । उनमें से १ ईश्वर
तथा उसके २ ज्ञान, ३ इच्छा तथा ४ कृति, ५ प्रागभाव, ६ आकाश, ७ काल,
८ दिक् इन आठों को कार्य मात्र के प्रति साधारण कारण माना है । और
कहीं-कहीं प्रतिबन्धकसंसर्गाभाव को भी कार्यमात्र के प्रति साधारण कारण माना
गया है । इस प्रकार ९ साधारण कारण होते हैं ।
योगदर्शन के व्यास भाष्य में भी उत्पत्तिकारण और स्थितिकारण आदि
भेद से नौ प्रकार के कारणों का वर्णन करते हुए यह लिखा है :—
‘उत्पत्तिस्थित्यभिव्यक्तिविकारप्रत्ययाप्तयः ।
वियोगान्यत्वधृतयः कारणं नवधा स्मृतम् ॥’
नित्य और विभु पदार्थों को कारण मानने का सिद्धान्त श्री उदयनाचार्य
ने भी अपनी न्यायकुसुमाञ्जलि में प्रतिपादित किया है और कारण का ‘अन-
न्यथासिद्धनियतपूर्वभावित्वं कारणत्वम्’ यही लक्षण माना है ।
‘पूर्वभावो हि हेतुत्वं मीयते येन केनचित् ।
व्यापकस्यापि नित्यस्य धर्मिंधीरन्यथा न हि ॥’
इस प्रकार नित्य और विभु आकाश आदि, कार्यमात्र के प्रति साधारण
कारण हैं । इस लिए न्यायमुक्तावलीकार श्री विश्वनाथ ने जो आकाश को तृतीय
अन्यथा सिद्ध का उदाहरण बना दिया है वह उचित नहीं हुआ है। इसी प्रकार
आकाशादि में अव्याप्त होने के कारण ‘कार्यानुकूलान्वयव्यतिरेकि कारणम्’ यह
कारण का लक्षण भी ठीक नहीं है ।
और वह कारण १ समवायि कारण, २ असमवायि कारण और ३ निमित्त
कारण इस भेद से तीन प्रकार का होता है ।
उसमें से जिसमें समवाय सम्बन्ध से कार्य उत्पन्न होता है उसको ‘समवायि-
कारण’ कहते हैं । जैसे—तन्तु पट के समवायि कारण हैं । क्योंकि तन्तुओं में
ही समवाय सम्बन्ध से पट पैदा होता है । तुरी आदि में नहीं ।
१ योग० २, २८ । २ न्यायकुसुमाञ्जलिः ४, १, १९ ।

२६ तर्कभाषा [ अयुतसिद्धौ
ननु तन्तुसम्बन्ध इव तुर्यादिसम्बन्धोऽपि पटस्य विद्यते, तत्कथं
तन्तुष्वेव पटः समवेतो जायते न, तुर्यादिषु ?
सत्यम् । द्विविधः सम्बन्धः संयोगः समवायश्चेति । तत्रायुतसिद्धयोः
सम्बन्धः समवायः । अन्ययोस्तु संयोग एव ।
कौ पुनरयुतसिद्धौ ? ययोर्मध्ये एकमविनश्यदपराश्रितमेवावतिष्ठते
तावयुतसिद्धौ ।
इसका अभिप्राय यह है कि पट की उत्पत्ति के प्रति 'तुरी' 'तन्तु' 'वेमा'
आदि अनेक कारण हैं । परन्तु उनमें से समवायि कारण केवल तन्तु ही हैं,
'तुरी' 'वेमा' आदि पट के समवायि कारण नहीं अपितु निमित्त कारण होते हैं ।
पट के प्रति तुरी, तन्तु, वेमादिक की इसी कारणता का वर्णन महाकवि श्रीहर्ष
ने अपने नैषधीय चरित नामक महाकाव्य में बड़ी सुन्दरता से इस प्रकार
किया है—
'सितांशुवर्णैर्वयति स्म तद्गुणैर्महासिनेम्नः सहकृत्वरी बहुम् ।
दिगङ्गनाङ्गावरणं रणाङ्गणे यशः पट तद्भटचातुरी तुरी' ॥
अर्थात्, रणभूमि के प्राङ्गण में महान् असिरूप वेमा की सहकारिणी
नल के सैनिकों की चातुरीरूप तुरी, उसके शुभ्र वर्ण के शौर्यादि गुणरूप तन्तुओं
से दिगङ्गना के आवरण के लिए कीर्तिरूप पट को बुन रही थी । इस समस्त
वस्तु विषयक साङ्गरूपक द्वारा कवि ने इस कार्य कारण भाव को प्रदर्शित
किया है ।
[ प्रश्न ] तन्तु [ के साथ ] सम्बन्ध के समान तुरी आदि के साथ भी
पट का सम्बन्ध है तब फिर क्यों तन्तुओं में ही समवाय सम्बन्ध से पट उत्पन्न
होता है और तुरी आदि में नहीं ।
[ उत्तर ] ठीक है । [ पट का तुरी और तन्तु दोनों के साथ सम्बन्ध अवश्य
है ] परन्तु सम्बन्ध दो प्रकार का होता है [ एक ] संयोग और [ दूसरा ] समवाय ।
उनमें से दो अयुतसिद्ध [ पदार्थों ] का सम्बन्ध समवाय [ होता है ] और अन्यों
का तो संयोग [ सम्बन्ध ] ही [ होता है, समवाय नहीं । इनमें से तन्तु और पट
अयुतसिद्ध हैं इसलिए उनका सम्बन्ध समवाय है और तुरी पट अयुतसिद्ध नहीं
हैं । इसलिए उनका संयोग सम्बन्ध है । अतः तन्तु पट के समवायि कारण हैं
और तुरी पट का समवायि कारण नहीं अपितु निमित्त कारण मात्र है ]
[ प्रश्न ] किन दो को अयुतसिद्ध कहते हैं ?
[ उत्तर ] जिन दो में से एक अविनश्यदवस्था में दूसरे के आश्रित ही रहता
है वे दोनों ही [ परस्पर ] अयुतसिद्ध [ कहलाते ] हैं ।
१ नैषध० १, १२ ।

विशेषलक्षणम् ] प्रमाणनिरूपणम् २७
इसका आशय यह हुआ कि जिन दो पदार्थों में से कोई एक पदार्थ
दूसरे के आश्रित ही रहता है अर्थात् जिनको एक दूसरे से अलग करके नहीं
देखा जा सकता है वे दोनों परस्पर अयुतसिद्ध कहलाते हैं। और उनका
परस्पर समवाय सम्बन्ध होता है। जैसे १ मेज और मेज का रूप, इन दोनों
को अलग नहीं किया जा सकता है। इसलिए वे दोनों अयुतसिद्ध हैं। इनमें
मेज गुणी है और रूप उसका गुण । इसलिए यह कहा जा सकता है कि गुण
को गुणी से अलग नहीं किया जा सकता है। अतएव 'गुण और गुणी परस्पर
अयुतसिद्ध' हैं। और उनका सम्बन्ध समवाय कहलाता है। इसी प्रकार २
'अवयव' और 'अवयवी' अर्थात् तन्तु और पट को अलग नहीं किया जा सकता
है। अतएव दोनों अयुतसिद्ध हैं और उनका भी समवाय सम्बन्ध ही होता
है। इसी प्रकार ३ 'क्रिया और क्रियावान्' जैसे क्रियावान् गेंद में लुढ़कने की
क्रिया रहती है उस क्रिया को गेंद से अलग नहीं किया जा सकता है। अतएव
क्रिया और क्रियावान् अयुतसिद्ध हैं और उनका समवाय सम्बन्ध होता है।
४ 'जाति और व्यक्ति' में व्यक्तिरूप अश्वादि में रहने वाली अश्वत्व आदि जाति
को अश्व से अलग नहीं किया जा सकता है अतएव जाति और व्यक्ति भी
अयुतसिद्ध हैं और उनका सम्बन्ध समवाय कहा जाता है। इसी प्रकार ५
परमाणु आदि 'नित्य पदार्थ' और उनमें रहने वाला अन्तिम भेदक धर्म जिसको
'विशेष' कहते हैं ये दोनों भी अयुतसिद्ध हैं क्योंकि 'विशेष' को 'नित्य द्रव्य'
परमाणु आदि से अलग नहीं किया जा सकता है। अतएव 'नित्य द्रव्य और
विशेष' दोनों का सम्बन्ध भी समवाय कहलाता है।
इस प्रकार १ 'अवयव अवयवी' २ 'गुण गुणी' ३ 'क्रिया क्रियावान्' ४
'जाति व्यक्ति' और ५ 'नित्यद्रव्य तथा विशेष' इन पाँचों को अयुतसिद्ध में
परिगणित किया जाता है और उनका सम्बन्ध समवाय कहलाता है। इन में
से अन्तिम 'नित्यद्रव्य और विशेष' में से 'विशेष' पदार्थ के कुछ स्पष्टीकरण
की आवश्यकता है।
घटत्व पटत्व आदि एक-एक जाति के अनेक पदार्थ मिलते हैं। जैसे-घटत्व
जाति के दस घट व्यक्ति उपस्थित होते हैं। उन सब विभिन्न व्यक्तियों में घटः,
घटः, इस प्रकार की अनुगत प्रतीति अर्थात् एकाकार प्रतीति होती है। इस
एकाकार प्रतीति का कारण घटत्वादि सामान्य है उसी को 'जाति' कहते हैं।
जहाँ जाति अर्थात् घटत्वादि सामान्य के कारण दस घट व्यक्तियों में 'अयं घटः'
'अयं घटः' इस प्रकार की एकाकार प्रतीति होती वहाँ उसके साथ ही दस घट
व्यक्तियों का परस्पर भेद भी प्रतीत होता है। इस भेदप्रतीति का भी कोई

२८ तर्कभाषा [ विशेषलक्षणम्
कारण होना चाहिए । इसलिए एक घड़ा दूसरे घड़े से क्यों भिन्न है यह प्रश्न
हो सकता है । इस प्रश्न का उत्तर उसके कारण भेद अर्थात् अवयव भेद के
आधार पर यह दिया जा सकता है कि दोनों घड़े अलग-अलग अवयवों से बने
हैं इसलिए भिन्न हैं । घट के अवयवों को कपाल कहते हैं । अर्थात् दोनों घड़ों
के कपाल भिन्न हैं इसलिए दोनों घड़े भी भिन्न हैं । फिर कपालों के विषय में
भी यही प्रश्न उत्पन्न होगा कि वह कपाल एक दूसरे से क्यों भिन्न है । इसका
उत्तर भी अवयव भेद के आधार पर दिया जा सकता है कि उन दोनों कपालों
के अवयव अर्थात् कपालिकाएँ भिन्न हैं अतएव उन भिन्न कपालिकाओं से बने
कपाल भिन्न हैं । इसके बाद जब कपालिकाओं के विषय में यही प्रश्न होगा तो
वहाँ भी अवयव भेद की पद्धति से काम चल जायगा । अर्थात् कपालिकाएँ
क्यों भिन्न हैं इस प्रश्न का उत्तर यह दिया जा सकता है कि उनका निर्माण
भिन्न अवयवों अर्थात् भिन्न-भिन्न क्षुद्र कपालिकाओं से हुआ है अतएव
कपालिकाएँ परस्पर भिन्न हैं । इस प्रक्रिया से घट का विश्लेषण करते-करते हम
द्वयणुक तक पहुँचते हैं । तब द्वयणुक के विषय में भी यही प्रश्न होता है कि
दो द्वयणुकों में परस्पर भेद क्यों है । इसका उत्तर भी वही होगा कि उनके
अवयव अर्थात् परमाणु भिन्न हैं इसलिए भिन्न परमाणुओं से बने हुए द्वयणुक
भिन्न हैं । अब यही प्रश्न परमाणु के विषय में उपस्थित होता है कि वे दो
परमाणु जो एक दूसरे से भिन्न हैं उसका क्या कारण है । यहाँ अब तक दिए
हुए अवयव भेद वाले उत्तर से काम नहीं चलेगा क्योंकि परमाणु के अवयव
नहीं होते । स्थूल पदार्थ का विश्लेषण करते-करते जो सबसे छोटा अन्तिम
अवयव है उसको ही परमाणु कहते हैं । उसके आगे और अवयव विभाग नहीं
हो सकता है । इसलिए परमाणु के अवयव नहीं होते अपितु परमाणु नित्य
है । तब इन परमाणुओं में परस्पर भेद के लिए वैशेषिक दर्शन में 'विशेष'
नामक एक पदार्थ की कल्पना की गई है । इसी 'विशेष' नामक पदार्थ के
प्रतिपादन के आधार पर इस दर्शन को 'वैशेषिक' दर्शन कहते हैं । एक
परमाणु दूसरे परमाणु से भिन्न इसलिए है कि उनमें रहने वाला 'विशेष' भिन्न-
भिन्न है । और विशेष का स्वरूप ही 'स्वतो व्यावृत्त' माना गया है । इस
प्रकार नित्य द्रव्य परमाणु आदि में रहने वाला अन्तिम भेदक धर्म 'विशेष'
कहा जाता है । हर परमाणु में रहने वाला विशेष एक दूसरे से भिन्न और
स्वतो व्यावृत्त ही है इसलिए उसके आगे और कोई भेदक धर्म नहीं है ।
विशेष अन्तिम भेदक धर्म है और वह नित्य द्रव्य परमाणु आदि में रहता है ।
परन्तु जैसे जाति को व्यक्ति से या गुण को गुणी से अलग नहीं किया जा

अयुतसिद्धौ ] प्रमाणनिरूपणम् २६
सकता है इसी प्रकार विशेष को नित्य द्रव्य परमाणु आदि से अलग नहीं
किया जा सकता है इसलिए नित्य द्रव्य और विशेष ये दोनों अयुत सिद्ध कहे
जाते हैं और उनका सम्बन्ध समवाय कहा जाता है।
इस प्रकार ‘ययोर्मध्ये एकमपराश्रितमेवावतिष्ठते तावयुतसिद्धौ विज्ञातव्यौ’
अर्थात् जिन दो में से कोई एक, दूसरे के आश्रित ही रहे उससे अलग न किया
जा सके उन दोनों को अयुतसिद्ध कहते हैं। इसी लिए १ अवयव अवयवी’,
२ ‘गुण गुणी’, ३ ‘क्रिया क्रियावान्’, ४ ‘जाति व्यक्ति’ और ५ ‘नित्यद्रव्य
तथा विशेष’ ये पांच अयुतसिद्ध माने गए हैं। यहां तक अयुतसिद्ध के लक्षण
का स्पष्टीकरण हो गया। परन्तु लक्षण में ‘अविनश्यत्’ पद भी दिया हुआ
है। अयुतसिद्ध के लक्षण में इस ‘अविनश्यत्’ पद के रखने का क्या प्रयोजन
है इसके स्पष्टीकरण की आवश्यकता है। यदि इस लक्षण में ‘अविनश्यत्’ पद
न रखा जाय तो इस लक्षण में अव्याप्ति दोष आ जायगा। ‘लक्ष्यैकदेशावृत्ति-
त्वमव्याप्तिः’ जो लक्षण लक्ष्य के एक देश में न जावे उसे अव्याप्ति दोष ग्रस्त
कहा जाता है। यदि ‘अयुतसिद्ध’ के इस लक्षण में से ‘अविनश्यत्’ पद को
हटा कर केवल ‘ययोर्मध्ये एकमपराश्रितमेवावतिष्ठते तावयुतसिद्धौ’ इतना ही
लक्षण किया जाय तो अयुतसिद्ध के जो पांच भेद अभी प्रदर्शित किए हैं उनमें
से पहिले तीनों में यह लक्षण नहीं जा सकेगा। क्योंकि गुण आदि सदा गुणी
आदि के आश्रित ही नहीं रहते हैं अपितु एक समय ऐसा भी आता है जब
कि गुण, क्रिया, तथा अवयवी ये सब निराश्रित भी हो जाते हैं। इसलिए
‘एकमपराश्रितमेवावतिष्ठते’ यह लक्षण उनमें नहीं घट सकता है। जाति और
व्यक्ति में भी जाति के नित्य होने पर भी व्यक्ति के अनित्य होने से व्यक्ति का
नाश होने पर जाति के निराश्रय हो जाने की सम्भावना है। केवल नित्य
द्रव्य और विशेष इन में दोनों के नित्य होने से अयुतसिद्ध का लक्षण घट
सकेगा। शेष चार में अव्याप्त हो जायगा फलतः लक्ष्यैकदेश में अवृत्ति होने
से यह लक्षण अव्याप्त हो जायगा। उसका वारण करने के लिए लक्षण में
‘अविनश्यत्’ पद का प्रयोग आवश्यक है।
घटरूप का कारण घट है इसी प्रकार घट में रहने वाली क्रिया का कारण
भी घट है। इन गुण तथा क्रिया के नाश के अन्य प्रकारों से अतिरिक्त एक
प्रकार यह भी है कि कारण के नाश से कार्य का नाश होता है। अर्थात् घट
के नाश से घटगत रूप तथा क्रिया आदि का नाश होता है। इस दशा में घट
का नाश कारण है, और रूपादि गुण तथा क्रिया का नाश कार्य होगा। कारण
और कार्य में पौर्वापर्य का होना आवश्यक है। अतएव पहिले घट का नाश

३० तर्कभाषा [ अयुतसिद्धौ
तदुक्तम्— तावेवायुतसिद्धौ द्वौ विज्ञातव्यौ ययोर्द्वयोः ॥
अनश्यदेकमपराश्रितमेवावतिष्ठते ॥
होगा तब उसके बाद घटगत रूप अथवा क्रिया का नाश होगा। इसलिए
घटनाश और घटगत रूपादि गुण तथा क्रिया के विनाश में कम से कम एक
क्षण का अन्तर अवश्य होगा। यह जो एक क्षण का काल है वही गुण तथा
क्रिया का 'विनश्यत्ताकाल' है और उस काल में गुण तथा क्रियादि निराश्रय हो
जाते हैं। जब घट का नाश हो गया और घटगत रूपादि गुण अथवा क्रिया
का नाश अगले क्षण में होना है तब उस एक क्षण में रूपादि का कोई आश्रय
नहीं है क्योंकि उनका आश्रय भूत घट पहिले क्षण में नष्ट हो चुका है। इस
लिए इस क्षण में रूपादि गुण निराश्रित हो जाते हैं। इस क्षण के अगले क्षण
में रूपादि गुणों का भी नाश हो जाता है। यह क्षण उनके नाश के अव्यवहित
पूर्व का क्षण है। विनाश से अव्यहित पूर्व का क्षण ही उसका 'विनश्यत्त
काल' कहा जाता है। 'विनश्यत्ता' का अर्थ 'विनाश कारणसामग्री सान्निध्य'
है। अर्थात् जिस क्षण में विनाश के समग्र कारण उपस्थित हो जायं वही
'विनश्यत्ता काल' है। उस विनाश कारण सामग्री के एकत्र हो जाने पर अगले
क्षण में कार्य का विनाश अवश्य हो जायगा। आश्रयभूत घटादि का नाश ही
रूपादि के विनाश की सामग्री का सान्निध्य है। इसलिए इस 'विनश्यत्ता काल'
में रूपादि निराश्रय भी रहते हैं। अतएव यदि 'ययोर्मध्ये एकमपराश्रितमेवा-
वतिष्ठते तावेवायुतसिद्धौ विज्ञातव्यौ' यही अयुतसिद्ध का लक्षण रखा जाय तो
'गुण गुणी' 'क्रिया क्रियावान्' और 'अवयव अवयवी' में यह लक्षण नहीं घट
सकेगा क्योंकि गुणादि अपराश्रित ही नहीं अपितु विनश्यत्ता काल में निराश्रित
भी रहते हैं। इस दोष के निवारण के लिए ही अयुतसिद्ध के लक्षण में
'अविनश्यत्' पद का समावेश किया गया है। इसका प्रयोजन यह हुआ कि
अविनश्यदवस्था में जो पराश्रित ही रहे उसको अयुतसिद्ध कहेंगे 'विनश्यत्ता
काल' में पराश्रित होना आवश्यक नहीं है। उस काल में निराश्रित भी रह
सकता है। इस प्रकार 'अयुतसिद्ध' के लक्षण में 'अविनश्यत्' पद का समावेश
कर देने से उक्त दोष का परिहार हो जाता है। गुण क्रिया आदि 'विनश्यत्ता
काल, में निराश्रित रहते हैं परन्तु अविनश्यत्ता काल में तो अपराश्रित ही रहते
हैं। इसलिए उनमें लक्षण का समन्वय हो जाता है। इसी बात को ग्रन्थकार
प्रतिपादित करते हैं:—
इसी से कहा है:—
उन हीं दो को अयुतसिद्ध समझना चाहिए जिन दोनों में से एक अविनश्यदवस्था
में दूसरे के आश्रित ही रहता है।

समवायः ] प्रमाणनिरूपणम् ३१
यथा अवयवावयविनौ, गुणगुणिनौ, क्रियाक्रियावन्तौ, जातिव्यक्ती,
विशेषनित्यद्रव्ये चेति । अवयव्यादयो हि यथाक्रममवयवाद्याश्रिता एवा-
वतिष्ठन्तेऽविनश्यन्तः । विनश्यदवस्थास्त्वनाश्रिता एवावतिष्ठन्तेऽवय-
व्यादयः । यथा तन्तुनाशे सति पटः । यथा वा आश्रयनाशे सति गुणः ।
विनश्यत्ता तु विनाशकारण सामग्रीसान्निध्यम् ।
तन्तुपटावप्यवयवावयविनौ, तेन तयोः सम्बन्धः समवायोऽयुतसिद्ध-
जैसे १ 'अवयव अवयवी', २ 'गुण गुणी', ३ 'क्रिया क्रियावान्', ४ 'जाति
और व्यक्ति' तथा ५ 'नित्यद्रव्य और विशेष' । अवयवी आदि यथाक्रम अवयवादि
के आश्रित ही रहते हैं । विनश्यदवस्था में तो अवयवी आदि निराश्रित ही रहते
हैं जैसे तन्तु [ रूप अविनश्यदवस्था में अवयव ] के नाश होने पर पट [ रूप
अवयवी निराश्रित हो जाता है ] अथवा जैसे आश्रय [ घटादि ] के नाश हो
जाने पर [ उसमें रहने वाले रूपादि ] गुण [ विनश्यत्ता काल में निराश्रित हो
जाते हैं ] विनश्यत्ता तो विनाश कारण की सामग्री का सान्निध्य [ समस्त
विनाश कारणों का एकत्र हो जाना ] है ।
पूना वाले संस्करण में यहाँ मूल पुस्तक में 'अवयवाद्यो हि यथाक्रममवय-
व्याद्याश्रिता एवावतिष्ठन्तेऽविनश्यन्तः' इस प्रकार का पाठ रखा है। परन्तु यह
पाठ ठीक नहीं है । क्योंकि अवयव अवयवी के आश्रित नहीं रहते हैं अपितु
अवयवी अवयव के आश्रित रहता है । आगे जो उदाहरण दिया है 'यथा तन्तु-
नाशे सति पटः' । वह भी इसी बात का समर्थक है कि तन्तु रूप अवयव के
नष्ट हो जाने पर पट रूप अवयवी निराश्रित हो जाता है । अर्थात् पट रूप
अवयवी तन्तु रूप अवयव के आश्रित रहता है । और तन्तु रूप अवयव पट
रूप अवयवी के आश्रित नहीं रहते । इसलिए ओरिएन्टल बुक एजेन्सी पूना
द्वारा प्रकाशित नवीन संस्करण के इस स्थल का पाठ अशुद्ध है। यहाँ 'यथाक्रम'
शब्द ने पाठ संशोधन में कदाचित् कुछ भ्रान्ति पैदा कर दी हो । अयुतसिद्धों
का परिगणन करते हुए ऊपर की पंक्ति में पहिले अवयव को और पीछे अवयवी
को रखा है । 'अवयव अवयविनौ' । उसके बाद अगली पंक्ति में 'यथाक्रम' पद
का प्रयोग है, इसलिए इसको यथाक्रम करने से 'अवयवाद्यो हि यथाक्रम-
मवयव्याद्याश्रिता एवावतिष्ठन्ते' यह पाठ बन गया है । यही कदाचित् पाठ
संशोधक की भ्रान्ति का बीज है । परन्तु जैसा कि आगे के उदाहरण से भी
स्पष्ट है यह पाठ ठीक नहीं है । अतएव हमने यहाँ उस पाठ को संशोधित कर
शुद्ध पाठ को मूल में स्थान दिया है । इस प्रकार अयुत सिद्ध का लक्षण कर
अब समवाय सम्बन्ध का उपपादन करते हैं ।
तन्तु और पट भी अवयव और अवयवी हैं । इसलिए अयुतसिद्ध होने से

३२ तर्कभाषा [ समवायिकारणम्
त्वात् । तुरीपटयोस्तु न समवायोऽयुतसिद्धत्वाभावात् । नहि तुरी पटाश्रितै-
वावतिष्ठते नापि पटस्तुर्याश्रितः । अतस्तयोः सम्बन्धः संयोग एव । तदेवं
तन्तुसमवेतः पटः ।
यत्समवेतं कार्यमुत्पद्यते तत्समवायिकारणम् । अतस्तन्तुरेव समवायि-
कारणं पटस्य न तु तुर्यादि ।
पटश्च स्वगतरूपादेः समवायिकारणम् । एवं मृत्पिण्डोपि घटस्य
समवायिकारणं, घटश्च स्वगतरूपादेः समवायिकारणम् ।
उनका सम्बन्ध समवाय है । तुरी और पट में अयुतसिद्धत्व का अभाव होने से
उनका समवाय [ सम्बन्ध ] नहीं है । [ तुरी और पट अयुतसिद्ध इस लिए नहीं हैं
कि ] न तुरी पट के आश्रित ही रहती है और न पट तुरी के आश्रित ही रहता
है । इसलिए [ अयुतसिद्ध न होने से ] उन दोनों का सम्बन्ध संयोग ही है । इस
प्रकार [ यह स्पष्ट हो गया कि तन्तु और पट के अयुतसिद्ध होने से ] तन्तु में पट
समवेत [ समवाय सम्बन्ध से रहने वाला ] है ।
जिस में समवेत [ समवाय सम्बन्ध से ] कार्य की उत्पत्ति होती है वह समवायि
कारण [कहलाता] है । इस लिए तन्तु ही पट का समवायि कारण हैतुरी आदि नहीं ।
[ तन्तु और पट अवयव अवयवी हैं, इस लिए तन्तु अवयव, पट रूप अवयवी
का समवायि कारण है यह बात इस उदाहरण से सिद्ध हुई । आगे गुण और
गुणी के सम्बन्ध से दूसरा उदाहरण बताते हैं ] और पट अपने में रहने वाले रूप
आदि [ गुणों ] का समवायि कारण है । इसी प्रकार मिट्टी का पिण्ड घट का
समवायि कारण है और घट अपने में रहने वाले रूपादि [ गुणों ] का समवायि
कारण है ।
यहाँ पट स्वगत रूप का और घट स्वगत रूपादि का समवायि कारण है ।
यह जो गुण गुणी भाव की दृष्टि से समवायि कारण का दूसरा उदाहरण प्रस्तुत
किया है वह केवल दूसरा उदाहरण देने की दृष्टि से ही नहीं दिया गया है अपितु
गुणों के उत्पत्ति क्रम के सम्बन्ध में एक विशेष सिद्धान्त के स्पष्टीकरण के लिए
ही यहां उसका उल्लेख हुआ है । साधारणतः यह प्रतीत होता है कि गुण और
गुणी इन दोनों की उत्पत्ति एक साथ होती है । जिस समय घट उत्पन्न होता है
उसी समय घट के रूपादि गुण भी उत्पन्न होते हैं । इसलिए उनमें कार्य कारण
भाव नहीं हो सकता है । क्योंकि कार्य कारण भाव के लिए पौर्वापर्य आवश्यक
है । जैसा कि 'अनन्यथासिद्धनियतपूर्वभावित्वं कारणत्वम्' और 'अनन्यथासिद्ध-
नियतपश्चाद्भावित्वं कार्यत्वम्' इन कारण और कार्य के लक्षणों से भी उनका
पौर्वापर्य सूचित होता है । अतः 'गुण और गुणी का समानकालीन जन्म
होने से गुणी का गुणों का समवायि कारण नहीं कहा जा सकता है' । यह

निर्गुणोत्पत्तिः ] प्रमाणनिरूपणम् ३३
ननु यदैव घटादयो जायन्ते तदैव तद्गतरूपादयोऽपि, अतः समान-
कालीनत्वाद् गुणगुणिनोः सव्येतरविषाणवत्कार्यकारणभाव एव नास्ति
पौर्वापर्याभावात् । अतो न समावायिकारणं घटादयः स्वगतरूपादीनाम् ।
कारणविशेषत्वात् समवायिकारणस्य ।
अत्रोच्यते । न गुणगुणिनोः समानकालीनं जन्म, किन्तु द्रव्यं निर्गु-
णमेव प्रथममुत्पद्यते पश्चात् तत्समवेता गुणा उत्पद्यन्ते । समानकालो-
त्पत्तौ तु गुणगुणिनोः समानसामग्रीकत्वादभेदो न स्यात् । कारणभेद-
नियतत्वात्कार्यभेदस्य । तस्मात्प्रथमे क्षणे निर्गुण एव घट उत्पद्यते
गुणेभ्यः पूर्वभावीति भवति गुणानां समवायिकारणम् ।
पूर्वपक्ष उठा कर प्रथम क्षण में निर्गुण घट उत्पन्न होता है और अगले क्षण में
उसमें रूपादि गुण उत्पन्न होते हैं । इस प्रकार गुणी और गुणों की उत्पत्ति में
पौर्वापर्य बन जाता है और गुणी गुण का समवायि कारण होता है इस सिद्धांत-
पक्ष को स्थिर करने के लिए यह दूसरा उदाहरण दिया गया है । पंक्तियों का
अर्थ इस प्रकार है :-
[ प्रश्न ] जब ही घटादि [ गुणी ] उत्पन्न होते हैं । तब ही उनमें रहने वाले
रूपादि [गुण] भी उत्पन्न होते हैं । इसलिए गुण और गुणी के समानकालीन होने
से [ समान काल में उत्पन्न होने वाले ] बायें और दाहिने सींगों के समान उनमें
कार्य कारण भाव ही पौर्वापर्य के अभाव के कारण नहीं हो सकता है । अतएव
घट आदि [ गुणी ] स्वगत रूपादि [ गुणों ] के समवायि कारण नहीं हो सकते ।
[ यह पूर्वपक्ष हुआ ] ।
इसका समाधान करते हैं । गुण और गुणी का समानकालीन जन्म नहीं होता
किन्तु पहिले निर्गुण द्रव्य ही उत्पन्न होता है और उसके बाद उसमें समवाय
सम्बन्ध से रहने वाले गुण उत्पन्न होते हैं। गुण और गुणी की समानकालीन
[ एक साथ ही ] उत्पत्ति [ मानने ] में तो उनकी कारण सामग्री के [ भी ]
समान होने से गुण और गुणी का भेद भी नहीं बनेगा । क्योंकि कार्य का भेद
कारण के भेद के साथ नियत है । [ अर्थात् कार्य में भेद तभी हो सकता है जब
उनके कारण भिन्न हों । गुण और गुणी का समानकालीन जन्म होने पर उनकी
कारण सामग्री भी समान ही होगी उस दशा में रूपादि को गुण और घटादि को
गुणी कहा जाय यह भेद भी नहीं बनेगा । इस लिए गुण और गुणी का समान-
कालीन जन्म मानना उचित नहीं है ] इस लिए प्रथम क्षण में निर्गुण घट ही
उत्पन्न होता है और गुणों से पूर्वभावी होता है इसलिए [ स्वगत रूपादि ] गुणों
का समवायि कारण हो सकता है ।
३ त० भा०

३४ तर्कभाषा [ निर्गुणोत्पत्तिः
तदा कारणभेदोऽप्यस्ति । घटो हि घटं प्रति न कारणमेकस्यैव
पौर्वापर्याभावात् । न हि स एव तमेव प्रति पूर्वभावी पश्चाद्भावी चेति ।
स्वगुणान् प्रति तु पूर्वभावित्वाद् भवति गुणानां समवायिकारणम् ।
नन्वेवं सति प्रथमे क्षणे घटोऽचाक्षुषः स्याद्, अरूपिद्रव्यत्वाद्
वायुवत् । तदेव हि द्रव्यं चाक्षुषं, यन्महत्त्वे सत्युद्भूतरूपवत् ।
तब [ प्रथम क्षण में निर्गुणघट की उत्पत्ति होती है और उसके बाद उस
घट में रूपादि गुण उत्पन्न होते हैं ऐसा मानने पर गुण और गुणी अर्थात् घट
और रूपादि में ] कारण भेद भी [ हो सकता ] है । घट घट के प्रति [ अर्थात्
स्वयं अपने प्रति ] कारण नहीं होता है एक [ उसी घट ] में ही पौर्वापर्य का
अभाव होने से वही [ घट ] उसी [ स्वयं अपने ] के प्रति पूर्व भावी [ कारण ]
और पश्चाद्भावी [ कार्य ] नहीं हो सकता है । अपने [ अर्थात् घट गत रूपादि ]
गुणों के प्रति तो पूर्वभावी होने से गुणों का समवायि कारण हो सकता है ।
[ इस लिए प्रथम क्षण में निर्गुण घट की उत्पत्ति होने के बाद अगले क्षण में
उसमें रूपादि गुण उत्पन्न होते हैं यही सिद्धान्त मानना उचित है । और इस
दशा में घटादि गुणी स्वगत रूपादि गुणों के समवायि कारण हो सकते हैं । ]
इस पर पूर्वपक्षी फिर शंका करता है कि यदि प्रथम क्षण में निर्गुण घट
उत्पन्न होता है इस सिद्धान्त को माना जाय तो उस में दो दोष आ जावेंगे ।
पहिला दोष तो यह होगा कि उस प्रथम क्षणमें घट का चाक्षुष प्रत्यक्ष नहीं हो
सकेगा । क्योंकि चाक्षुष प्रत्यक्ष उसी द्रव्य का हो सकता है जिसमें महत्
परिमाण और उद्भूत रूप ये दो गुण रहते है । प्रथम क्षण का घट क्योंकि
निर्गुण उत्पन्न होता है इस लिए उसमें रूपादि गुण रहते ही नहीं इसलिए रूप
रहित होने से घट का चाक्षुष प्रत्यक्ष नहीं हो सकेगा । जैसे वायु रूप रहित
द्रव्य है उसका चाक्षुष प्रत्यक्ष नहीं होता । इसी प्रकार प्रथम क्षण का निर्गुण
घट भी रूप रहित है अतः उसका चाक्षुष प्रत्यक्ष नहीं हो सकेगा । यह पहिला
दोष निर्गुण उत्पत्ति पक्ष में आता है ।
दूसरा दोष यह होगा कि प्रथम क्षण के घट को द्रव्य नहीं कहा जा सकेगा
क्योंकि 'गुणाश्रयो द्रव्यम्' जो गुण का आश्रय हो, जिसमें गुण रहते हों उसी
को द्रव्य कहते हैं यह द्रव्य का लक्षण है । प्रथम क्षण का घट गुणाश्रय नहीं है
निर्गुण होने से उसमें गुण नहीं रहते इसलिए उसमें द्रव्य का लक्षण न घट
सकने से उसको द्रव्य भी नहीं कहा जा सकता है । इसलिए प्रथम क्षण में निर्गुण
घट उत्पन्न होता है यह नहीं मानना चाहिये । यही पूर्वपक्ष प्रस्तुत करते हैं ।
[ प्रश्न ] अच्छा तो ऐसा [ निर्गुणोत्पत्ति ] होने पर प्रथम क्षण में घट

निर्गुणोत्पत्तिः ] प्रमाणनिरूपणम् ३५
अद्रव्यं च स्याद् गुणाश्रयत्वाभावात् । गुणाश्रयो द्रव्यमिति हि
द्रव्यलक्षणम् ।
सत्यम् । प्रथमे क्षणे घटो यदि चक्षुषा न गृह्यते का नो हानिः । न
हि सगुणोत्पत्तिपक्षेऽपि निमेषावसरे घटो गृह्यते । तेन व्यवस्थितमेतन्नि-
र्गुण एव प्रथमं घट उत्पद्यते । द्वितीयादिक्षणेषु चक्षुषा गृह्यते ।
न च प्रथमे क्षणे गुणाश्रयत्वाभावादद्रव्यत्वापत्तिः । समवायिकारणं
अचाक्षुष हो जायगा [अर्थात् उसका चाक्षुष प्रत्यक्ष नहीं हो सकेगा ] वायु के
समान रूप रहित द्रव्य होने से । जो द्रव्य महत् परिमाण और उद्भूत रूप से
युक्त होता है वही चाक्षुष [ प्रत्यक्ष का विषय होता ] है । [ इस प्रकार निर्गुणो-
त्पत्ति पक्ष में प्रथम क्षण में घट का चाक्षुष प्रत्यक्ष नहीं हो सकेगा यह प्रथम
दोष है । दूसरा दोष आगे कहते हैं ]
[ प्रथम क्षण के निर्गुण घट में ] गुणाश्रयत्व का अभाव होने से [ वह ]
द्रव्य भी नहीं हो सकेगा । [ क्यों कि ] गुण का आश्रय द्रव्य [ होता ] है, यह
द्रव्य का लक्षण है । [प्रथम क्षण के घट के निर्गुण होने से उसमें गुणाश्रयत्व रूप
द्रव्य का लक्षण नहीं घट सकता है अतएव प्रथम क्षण का घट द्रव्य भी नहीं
कहा जा सकता है । ये दोष निर्गुणोत्पत्ति पक्ष में आते हैं । आगे उनका
समाधान करते हैं । ]
[ उत्तर आपका कहना ] ठीक है । [ प्रथम क्षण में घटादि का चाक्षुष
प्रत्यक्ष नहीं होगा । परन्तु ] यदि प्रथम क्षण में चक्षु से घट का ग्रहण नहीं होता
तो इसमें हमारी क्या हानि है । [ आप के ] सगुणोत्पत्ति पक्ष में भी [यदि
प्रथम क्षण में देखने वाले के पलक मारने का ] निमेषावसर [होने पर ] में घट
का ग्रहण नहीं होगा । [ इसलिए यदि प्रथम क्षण में घट का चाक्षुष प्रत्यक्ष नहीं
होता तो इसमें कोई हानि नहीं है । अर्थात् प्रथम क्षण में ही घट का प्रत्यक्ष
होना आवश्यक नहीं है । द्वितीय क्षण में रूपादि गुण उत्पन्न हो जाने पर ही
उसका प्रत्यक्ष होगा ] इसलिए यह निश्चित हुआ कि प्रारम्भ में [ प्रथम क्षण ]
में निर्गुण घट ही उत्पन्न होता है और द्वितीयादि क्षणों में [ रूप आदि गुणों के
उत्पन्न हो जाने पर ] चक्षु से गृहीत होता है ।
और न प्रथम क्षण में गुणाश्रय न होने से [घटादि का] अद्रव्यत्व हो सकता
है। [ क्योंकि 'गुणाश्रयो द्रव्यम्' यह द्रव्य का लक्षण नहीं है अपितु हमारे मत में
'समवायि कारणं द्रव्यम्' यह द्रव्य का लक्षण है अतः ] समवायिकारणं द्रव्य
[ होता ] है इस द्रव्य के लक्षण का सम्बन्ध [ प्रथम क्षण के घट में भी ] होने

३६ तर्कभाषा [असमवायिकारणम्
द्रव्यमिति द्रव्यलक्षणयोगात् । योग्यतया गुणाश्रयत्वाच्च । योग्यता च
गुणानामत्यन्ताभावाभावः ।
असमवायिकारणं तदुच्यते यत्समवायिकारणप्रत्यासन्नमवधृतसा-
मर्थ्यं तदसमवायिकारणम् । यथा तन्तुसंयोगः पटस्यासमवायिकारणम् ।
तन्तुसंयोगस्य गुणस्य, पटसमवायिकारणेषु तन्तुषु गुणिषु, समवेतत्वेन
समवायिकारणे प्रत्यासन्नत्वात्, अनन्यथासिद्धनियतपूर्वभावित्वेन पटं
प्रति कारणत्वाच्च ।
से [ प्रथम क्षण का घट भी द्रव्य लक्षण से युक्त होने से द्रव्य ही है। उसे
अद्रव्य नहीं कहा जा सकता ]
[ यदि आप 'समवायिकारणं द्रव्यम्' इस द्रव्य लक्षण को न मान कर
'गुणाश्रयो द्रव्यम्' इसको ही द्रव्य लक्षण मानना चाहते हैं तो ] योग्यता से
गुणाश्रय होने से भी [ प्रथम क्षण के घट को अद्रव्य नहीं कह सकते हैं । अर्थात्
प्रथम क्षण का घट यद्यपि उस प्रथम क्षण में गुणों का आश्रय नहीं है परन्तु
उसमें गुणाश्रय होने की योग्यता तो उस क्षण में भी विद्यमान है। अगले क्षण
में वह गुणाश्रय हो जायगा इस योग्यता के कारण उसको गुणाश्रय मान कर
भी लक्षण का समन्वय किया जा सकता है । ] यह योग्यता [ का अभिप्राय ]
गुणों के अत्यन्ताभाव का अभाव है ।
अर्थात् घट में गुणों का अत्यन्ताभाव त्रैकालिक अभाव नहीं है। इसलिए
घट में गुणों के अत्यन्ताभाव अर्थात् त्रैकालिक अभाव न होने से वर्तमान एक
क्षण में गुण का अभाव होने पर भी अगले क्षण में गुणोत्पत्ति के योग्य होने
से उसको गुणाश्रय मान कर 'गुणाश्रयो द्रव्यम्' इस द्रव्य लक्षण का भी
समन्वय हो सकता है। इसलिए प्रथम क्षण में निर्गुण घट उत्पन्न होता है और
द्वितीय आदि क्षण में उसमें रूपादि गुणों की उत्पत्ति होती है। अतः गुण
और गुणी का समान कालीन जन्म न होने से घटादि गुणी, स्वगत रूपादि
गुणों के प्रति समवायि कारण हो सकते हैं। यह सिद्ध हुआ ।
आगे असमवायि कारण का लक्षण करते हैं :-
असमवायिकारण उसको कहते हैं । जो समवायिकारण में रहता [प्रत्यासन्न]
हो और [कार्योत्पादन में] जिसकी सामर्थ्य निश्चित हो [अर्थात् जिसमें 'अनन्य-
थासिद्धनियतपूर्वभावित्वम्' यह कारण का लक्षण घटता हो] उसको असमवायि-
कारण कहते हैं। जैसे तन्तु संयोग पट का असमवायि कारण है। तन्तु संयोग गुण
[ है उस ] के पट के समवायिकारण तन्तुओं [ रूप ] गुणियों में समवाय सम्बन्ध

असमवायिकारणम् ] प्रमाणनिरूपणम् ३७
एवं तन्तुरूपं पटरूपस्य असमवायिकारणम् ।
से विद्यमान होने से [ पट के ] समवायिकारण में प्रत्यासन्न होने और [ पट के
प्रति ] अनन्यथासिद्धनियतपूर्वभावित्व [ रूप कारण लक्षण से युक्त ] होने से पट
के प्रति कारण होने से । [तन्तुसंयोग पट का असमवायिकारण होता है । क्योंकि
'समवायि कारणे प्रत्यासन्नमवधृतसामर्थ्य च' यह असमवायिकारण का लक्षण
उसमें घट जाता है ]
इसी प्रकार तन्तुरूप पटरूप का असमवायिकारण है ।
जैसे गुण और गुणी के असमानकालीन जन्म अथवा निर्गुणोत्पत्ति के
सिद्धान्त के प्रतिपादन करने के विशेष प्रयोजन से समवायिकारण का दूसरा
उदाहरण दिया था । इसी प्रकार असमवायिकारण का यह दूसरा उदाहरण
भी समवायिकारण में प्रत्यासत्ति साक्षात् तथा परम्परया दो प्रकार से मानी
जा सकती है इस सिद्धान्त के स्पष्टीकरण के विशेष प्रयोजन से दिया गया है ।
यहां तन्तुरूप को पटरूप का असमवायिकारण कहा है । इसमें शङ्का यह
होती है कि समवायिकारण में प्रत्यासन्न और अनन्यथासिद्धनियतपूर्वभावी
धर्म को असमवायिकारण कहते हैं, यह असमवायिकारण का लक्षण अभी
किया है । पटरूप के असमवायिकारण को हमें देखना है । पटरूप गुण है अत-
एव उसका समवायिकारण गुणीरूप पट है । इसलिए पटगत कोई धर्म पटरूप
का असमवायिकारण हो सकता है । तन्तुरूप तो तन्तु का गुण होने से तन्तु
में रहता है पट में नहीं । तब तन्तुरूप पटरूप का असमवायिकारण कैसे होगा ?
इस शङ्का का उत्तर यह है कि समवायिकारण में जो प्रत्यासत्ति यहां कही
है वह साक्षात् और परम्परया दो प्रकार से हो सकती है । कोई धर्म कार्य के
साथ एक ही अर्थ में रहने से समवायिकारण में प्रत्यासन्न कहा जाता है । जैसे
तन्तुसंयोग पट का असमवायिकारण पहिले दिखाया था । वह पट के समवायि-
कारण तन्तुओं में कार्यभूत पट के साथ साक्षात् एकार्थ समवेत है । अर्थात् पट
समवाय सम्बन्ध से तन्तुओं में रहता है उन्हीं तन्तुओं में तन्तुसंयोगरूप गुण
भी रहता है । इसलिए तन्तुसंयोग साक्षात् कार्यरूप पट के साथ तन्तुरूप एक
अर्थ में समवेत है । उस प्रकार की प्रत्यासत्ति को साक्षात् प्रत्यासत्ति कहते हैं ।
इसी को दूसरे शब्दों में 'कार्यैकार्थप्रत्यासत्ति' अर्थात् कार्य पट के साथ कारण
तन्तुसंयोग की एक अर्थ तन्तु में प्रत्यासत्ति भी कहते हैं ।
दूसरे प्रकार की प्रत्यासत्ति को 'कारणैकार्थप्रत्यासत्ति' अथवा परम्परया
प्रत्यासत्ति भी कहते हैं । जो धर्म कार्य के साथ नहीं अपितु कारण के साथ

३८ तर्कभाषा [ असमवायिकारणम्
ननु पटरूपस्य पटः समवायिकारणं, तेन तद्गतस्यैव कस्यचिद्धर्मस्य-
पटरूपं प्रत्यसमवायिकारणत्वमुचितम् । तस्यैव समवायिकारणप्रत्यासन्न
त्वात् । न तु तन्तुरूपस्य । तस्य समवायिकारणप्रत्यासत्त्यभावात् ।
मैवम् । समवायिकारणसमवायिकारणप्रत्यासन्नस्यापि परम्परया
समवायिकारणप्रत्यासन्नत्वात् ।
एक अर्थ में प्रत्यासन्न हो उसको 'कारणैकार्थप्रत्यासन्न' कहेंगे। जैसे 'तन्तुरूप'
कार्यभूत 'पट-रूप' के साथ नहीं अपितु पट-रूप के कारण पट के साथ एक
अर्थ तन्तु में प्रत्यासन्न है । अर्थात् पटरूप का कारण पट है वह अपने समवा-
यिकारण तन्तु में समवाय सम्बन्ध से रहता है । उसी 'तन्तु' गुणी में 'तन्तु-
रूप' गुण समवाय सम्बन्ध से रहता है इसलिये 'तन्तुरूप' और 'पट' दोनों
तन्तुओं में प्रत्यासन्न हुए। इस प्रकार 'तन्तुरूप' यद्यपि 'पट-रूप' के साथ
एकार्थ समवेत नहीं है परन्तु 'पटरूप' के कारण पट के साथ 'तन्तुस्वरूप'
एकार्थ में समवेत है, इसलिए उसे भी परम्परया या 'कारणैकार्थप्रत्यासत्त्या'
समवायिकारण में प्रत्यासन्न माना जा सकता है। अर्थात् समवायिकारण के
समवायिकारण में प्रत्यासन्न धर्म को भी परम्परया समवायिकारण में प्रत्यासन्न
मान कर 'तन्तुरूप' को 'पटरूप' का असमवायिकारण कहा जा सकता है ।
इसी बात को आगे कहते हैं ।
[ प्रश्न ] पटरूप का समवायिकारण [ तो ] पट है इसलिए उस [ पट ] में
रहने वाले किसी धर्म का ही 'पटरूप' के प्रति असमवायिकारणत्व [ मानना ]
उचित है । [ क्योंकि ] उस [ पटगत धर्म ] का ही समवायिकारण प्रत्यासन्नत्व
[ हो सकता ] है । तन्तुरूप का [ पटरूप के प्रति समवायिकारण प्रत्यासन्नत्व ]
नहीं [ हो सकता है ] उस [ तन्तुरूप ] के [ पटरूप के ] समवायिकारण [ पट ] में
प्रत्यासन्न न होने से [ 'तन्तुरूप' का पटरूप के प्रति असमवायिकारणत्व मानना
उचित नहीं है ]
[ यह पूर्व पक्ष हुआ । आगे उसका उत्तर देते हैं ] :-
यह नहीं [ कहना चाहिए ] उस [ पटरूपादि ] के समवायिकारण [ पट ]
के समवायिकारण [ तन्तु ] में प्रत्यासन्न [ तन्तुरूपादि ] का भी परम्परया [ कार-
णैकार्थ प्रत्यासत्ति से ] समवायिकारण [ में ] प्रत्यासन्नत्व [ अभीष्ट ] होने से
[ तन्तुरूप भी पटरूप के समवायिकारण में प्रत्यासन्न माना जा सकता है। अतः
तन्तुरूप पटरूप का असमवायिकारण हो सकता है ] ।
इस प्रकार समवायिकारण और असमवायिकारण के लक्षण कर चुकने के
बाद अब तीसरे निमित्तकारण का लक्षण करते हैं ।

निमित्तकारणम् ] प्रमाणनिरूपणम् ३६
निमित्तकारणं तदुच्यते। यन्न समवायिकारणं, नाप्यसमवायिकारणम्।
अथ च कारणं तन्निमित्तकारणम्। यथा वेमादिकं पटस्य निमित्तकारणम्,
तदेतद् भावानामेव त्रिविधं कारणम्। अभावस्य तु निमित्तमात्रं,
तस्य क्वचिदप्यसमवायात्। समवायस्य भावद्वयधर्मत्वात्।
तदेतस्य त्रिविधस्य कारणस्य मध्ये यदेव कथमपि सातिशयं तदेव
करणम्। तेन व्यवस्थितमेतल्लक्षणं प्रमाकरणं प्रमाणमिति।
यत्तु, अनधिगतार्थगन्तृ प्रमाणमिति लक्षणम्, तन्न, एकस्मिन्नेव घटे
घटोऽयं घटोऽयमिति धारावाहिकज्ञानानां गृहीतग्राहिणामप्रामाण्य-
प्रसङ्गात्।
निमित्तकारण उसको कहते हैं। जो न समवायिकारण है और न असम-
वायिकारण है। फिर भी जो कारण है [ अर्थात् जिसमें कारण का लक्षण
'अनन्यथासिद्धनियतपूर्वभावित्वम्' घट जाता है ] उसको निमित्तकारण कहते हैं।
जैसे वेमा आदि पट के निमित्तकारण हैं।
यह तीन प्रकार के [ समवायि, असमवायि और निमित्त ] कारण, भाव
[ अर्थात् सत् ] पदार्थों के ही होते हैं। [ अर्थात् अभाव के नहीं ] अभाव का
तो केवल [ एक ] निमित्त कारण ही होता है। उस [ अभाव ] का कहीं भी
[ किसी भी पदार्थ के साथ ] समवाय सम्बन्ध न होने से [ कोई पदार्थ उसका
समवायिकारण नहीं हो सकता है। और जब समवायिकारण ही नहीं तब असम-
वायिकारण भी नहीं हो सकता है। इसलिए अभाव का केवल निमित्तकारण ही
होता है ]। समवाय के दो भाव पदार्थों का ही धर्म होने से। [अभाव का किसी
से समवाय सम्बन्ध नहीं हो सकता है। और उसके अभाव में समवायि अथवा
असमवायिकारण नहीं बन सकने से अभाव का केवल एक निमित्तकारण ही
होता है। त्रिविध कारण केवल भाव पदार्थों के होते हैं। अभाव के नहीं ]।
इसलिए इस त्रिविध कारण में से जो [ कारण ] किसी प्रकार से भी [अन्यों
की अपेक्षा ] अधिक उत्कृष्ट [ कारण ] है, वही करण [ कहलाता ] है।
इसलिए [ अब प्रमा और करण दोनों पदों की पूर्ण व्याख्या हो जाने से ]
प्रमा का करण प्रमाण [ होता ] है यह [ प्रमाण का ] लक्षण निश्चित हो गया।
और जो [ यह भट्टमतानुयायी मीमांसकों तथा दिङ्नाग आदि बौद्ध आचार्यों
ने] अनधिगत अर्थात् अज्ञात अर्थ के ज्ञापक को प्रमाण कहते हैं यह लक्षण किया
है वह ठीक नहीं है। एक ही घट में [ निरन्तर कई क्षण तक ] यह घड़ा है,
यह घड़ा है इस प्रकार ज्ञात घट का ज्ञान कराने वाली धारावाहिक [ द्वितीय

४० तर्कभाषा [ धारावाहिकम्
न चान्यान्यक्षणविशिष्टविषयीकरणादनधिगतार्थगन्तृता। प्रत्यक्षेण
सूक्ष्मकालभेदानाकलनात्। कालभेदग्रहे हि क्रियादिसंयोगान्तानां
चतुर्णां यौगपद्याभिमानो न स्यात्। क्रिया, क्रियातो विभागो, विभागात्
पूर्वसंयोगनाशः, ततश्चोत्तरदेशसंयोगोत्पत्तिरिति।
आदि ] बुद्धियों के [ गृहीतग्राही होने से ] अप्रामाण्य प्राप्त होने से [अनधिगतार्थ-
गन्तृप्रमाणं यह प्रमाण का लक्षण ठीक नहीं है ]।
[ यदि मीमांसक आदि यह कहें कि प्रथम द्वितीय आदि ] अलग अलग क्षण
विशिष्ट घट का ग्रहण होने से [ द्वितीयादि ज्ञानों में भी ] अनधिगतार्थगन्तृता हो
सकती है। [इसलिए धारावाहिक बुद्धिस्थल में अप्रामाण्य नहीं होगा ] यह भी,
प्रत्यक्ष से सूक्ष्म [ क्षण रूप ] कालभेद के ग्रहण न होने से, ठीक नहीं है।
[ प्रत्यक्ष से क्षणरूप सूक्ष्म ] कालभेद का ग्रहण होने पर तो [ किसी वस्तु के
गिरने या एक स्थान से हटकर दूसरे स्थान पर जाने में होने वाली ] क्रिया से
लेकर संयोग पर्यन्त चारों [ व्यापारों ] में यौगपद्य [ एक साथ होने ] की प्रतीति
न हो। [जब एक वस्तु एक स्थान को छोड़ कर दूसरी जगह जाती है तब उसके
दूसरी जगह पहुंचने तक चार व्यापार होते हैं ] १. क्रिया, २. क्रिया से विभाग,
३. विभाग से पूर्वसंयोग नाश, और ४ उत्तरदेश संयोग की उत्पत्ति । [परन्तु यह
चारो व्यापार अलग अलग अनुभव में नहीं आते क्योंकि वह अत्यन्त शीघ्रता से
हो जाते हैं। इसलिए सूक्ष्म कालभेद का प्रत्यक्ष से ग्रहण सम्भव न होने से धारा-
वाहिक बुद्धिस्थल में क्षण विशिष्ट घट का ग्रहण नहीं माना जा सकता है। अतः
द्वितीयादि ज्ञानों के गृहीतग्राही होने से 'अनधिगतार्थगन्तृ प्रमाणम्' यह लक्षण
उसमें अव्याप्त होगा। अतः यह ठीक नहीं है ]
धारावाहिक ज्ञान के विषय में न्याय का मत—
धारावाहिक बुद्धि के प्रामाण्य के विषय में न्याय, वैशेषिक, मीमांसा, बौद्ध,
जैन आदि अनेक दर्शनों में विचार किया गया है। अधिकांश लोग धारावाहिक
बुद्धिस्थल में द्वितीयादि क्षणों में होने वाले 'अयं घटः' इत्यादि ज्ञान के प्रामाण्य
का ही प्रतिपादन करते हैं परन्तु उनके प्रतिपादन की शैली भिन्न भिन्न है।
इसके प्रामाण्य सिद्ध करने की चिन्ता विशेष रूप से उनको करनी पड़ती है
जो 'अनधिगतार्थगन्तृ प्रमाणम्' इस प्रकार प्रमाण का लक्षण करते हैं। न्याय
वैशेषिक आदि में प्रमाण के लक्षण में अनधिगतत्व का कोई उल्लेख नहीं किया
गया है इसलिए उनके यहाँ अधिगत विषयक ज्ञान भी प्रमाण ही है। इसीलिए
वाचस्पतिमिश्र, श्रीधराचार्य, जयन्तभट्ट, उदयनाचार्य आदि न्याय और वैशेषिक

धारावाहिकम् ] प्रमाणनिरूपणम् ४१
के आचार्यों ने अपने ग्रन्थों में धारावाहिक ज्ञानों को अधिगतार्थविषयक कह
कर भी प्रमाण माना है। 'न्यायवार्तिकतात्पर्यटीका' में वाचस्पतिमिश्र ने
लिखा है :-
अनधिगतार्थगन्तृत्वं च धारावाहिकविज्ञानानामधिगतार्थगोचराणां लोक-
सिद्धप्रमाणभावानां प्रामाण्यं विहन्तीति नाद्रियामहे। न च कालभेदेनानधिगत
गोचरत्वं धारावाहिकानामिति युक्तम्। परमसूक्ष्माणां कालकलादिभेदानां पिशित-
लोचनैरस्मादृशैरनाकलनात् ।
न चाद्येनेव विज्ञानेनोपदर्शितत्वादर्थस्य, प्रवर्तित्वात्पुरुषस्य, प्रापितत्वाच्चोत्त-
रेषामप्रामाण्यमेव ज्ञानानामिति वाच्यम्। न हि विज्ञानस्यार्थप्रापणं प्रवर्त्तनादन्यद्,
न च प्रवर्तनमर्थप्रदर्शनादन्यत् । तस्मादर्थप्रदर्शनमात्रव्यापारमेव ज्ञानप्रवर्तकं
प्रापकं च। प्रदर्शनं च पूर्ववदुत्तरेषामपि विज्ञानानामभिन्नमिति कथं पूर्वमेव
प्रमाणं नोत्तराण्यपि ।
इस प्रकार न्याय और वैशेषिक के आचार्यों ने धारावाहिक बुद्धिस्थल में
उत्तर विज्ञानों का प्रामाण्य ही माना है और उसमें सूक्ष्मकालभेद का ग्रहण
नहीं माना है। जैसा कि यहां तर्कभाषाकार ने दिखाया है। तर्कभाषा का
प्रकृत लेख न्यायवार्तिकतात्पर्यटीका से उद्धृत पंक्तियों के प्रारम्भिक एक अनु-
च्छेद के लेख से मिलता हुआ ही है।
धारावाहिकज्ञान के विषय में मीमांसकों का मत—
मीमांसकों ने भी इस विषय पर विचार किया है। मीमांसकों के प्रभाकर
तथा कुमारिलभट्ट दोनों का अनुगमन करने वाली परम्पराओं में धारावाहिक
ज्ञानों का प्रामाण्य स्वीकार किया है परन्तु उनके उपपादन का प्रकार भिन्न
भिन्न हैं। प्रभाकर मतानुयायी शालिकनाथ आदि नैयायिकों के समान सूक्ष्म
काल भेद का समावेश किए बिना ही अनुभूति मात्र होने से उनको प्रमाण
मानते हैं। परन्तु कुमारिलभट्ट के अनुयायी पार्थसारथि मिश्र आदि सूक्ष्म काल-
भेद का ग्रहण मान कर उस प्रामाण्य को स्थापित करते हैं। प्रभाकर मतानु-
यायी शालिकनाथ ने अपनी 'प्रकरणपञ्चिका' में इस विषय का प्रतिपादन करते
हुए लिखा है—
'धारावाहिकेषु तर्हि उत्तरविज्ञानानि स्मृतिप्रमोषादविशिष्टानि कथं प्रमाणानि ?
तत्राह, अन्योन्यनिरपेक्षा धारावाहिकबुद्धयः। व्याप्रीयमाणे हि पूर्वविज्ञानकारण-
१ न्यायवार्तिक तात्पर्य टी० पृ० २१, कन्दली पृ० ६१, न्यायमञ्जरी पृ०
२२, न्यायकुसुमाञ्जलि ४, १ ।

४२ तर्कभाषा [धारावाहिकम्
कलाप उत्तरेषामप्युत्पत्तिरिति न प्रतीतित उत्पत्तितो वा धारावाहिकविज्ञानानि
परस्परस्यातिशेरत इति युक्ता सर्वेषामपि प्रमाणता ।'१
अर्थात् धारावाहिक बुद्धिस्थल में सब ज्ञान परस्पर निरपेक्ष होते हैं । पूर्व
विज्ञान की कारणसामग्री के व्यापार से ही उत्तर विज्ञानों की भी उत्पत्ति हो
जाती है । इसलिये इन सब विज्ञानों में न उत्पत्तिकृत और न प्रतीतिकृत कोई
विशेषता है अतएव सबका ही प्रामाण्य है ।
इसके विपरीत कुमारिल भट्ट के अनुयायी 'शास्त्रदीपिका'-कार पार्थसारथि
मिश्र आदि सूक्ष्म कालभेद का ग्रहण मान कर ही उत्तर विज्ञानों के प्रामाण्य
को स्थापित करते हैं । उसका कारण यह है कि उन्होंने अपने प्रमाणलक्षण में
'अपूर्व' पद का निवेश कर 'अनधिगतार्थगन्तृता' को ही प्रमाण का लक्षण माना
है । इसलिए धारावाहिक बुद्धि के प्रामाण्य के लिए उन्हें सूक्ष्म कालभेद का भी
ग्रहण मानना पड़ा है । पार्थसारथि मिश्र ने अपनी 'शास्त्रदीपिका' में इस
विषय का प्रतिपादन करते हुए लिखा है :—
'नन्वेवं धारावाहिकेषूत्तरेषां पूर्वगृहीतार्थविषयत्वादप्रामाण्यं स्यात् तस्माद
नुभूतिः प्रमाणमिति प्रमाणलक्षणम् ।...तस्मात् यथार्थमगृहीतग्राहि ज्ञानं प्रम-
णमिति वक्तव्यम् । धारावाहिकेष्वप्युत्तरेषां कालान्तरसम्बन्धस्यागृहीतस्या
ग्रहणाद् युक्तं प्रामाण्यम् । सन्नपि कालभेदोऽतिसूक्ष्मत्वान्न परामृश्यत इति चेत्,
अहो सूक्ष्मदर्शी देवानां प्रियः । यो हि समानविषयया विज्ञानधारया
चिरमवस्थायोपरतः सोऽप्यनन्तरक्षणसम्बन्धितयार्थं स्मरति, तथाहि किमत्र घटो-
ऽवस्थित इति पृष्टः कथयति, अस्मिन् क्षणे मयोपलब्ध इति । तथा प्रातरारभ्यै-
तावत्कालं मयोपलब्ध इति । कालभेदे त्वगृहीते कथमेवं वदेत् । तस्मादस्ति
कालभेदस्य परामर्शः तदाधिक्याच्च सिद्धमुत्तरेषां प्रामाण्यम्² ।
अर्थात् क्या यहां घड़ा था या है इस प्रकार का प्रश्न करने पर, अभी इसी
क्षण मैंने देखा था । अथवा सबेरे से अब तक तो मैंने देखा था । इस प्रकार
का उत्तर दिया जाता है । यह उत्तर बिना कालभेद के ग्रहण के कैसे बनेगा ।
इसलिये कालभेद का ग्रहण होता है यह मानना ही चाहिए । और उसके मान
लेने पर उत्तर विज्ञानों में उस काल भेद के आधिक्य से अगृहीतग्राहित्व बन
जावेगा । इसलिए उनका प्रामाण्य सिद्ध ही है । इस प्रकार कुमारिलभट्ट के
अनुयायी पार्थसारथि मिश्र सूक्ष्म कालभेद के ग्रहण का उपपादन कर धारा-
वाहिक बुद्धि के प्रामाण्य को सिद्ध करते हैं ।
१ प्रकरणपञ्जिका पृष्ठ ४२, । बृहती पृष्ठ १०३ ।
२ शास्त्रदीपिका पृष्ठ १२४, १२६ ।

धारावाहिकम् ] प्रमाणनिरूपणम् ४३
धारावाहिक ज्ञान के विषय में बौद्धों का मत—
बौद्धपरम्परा में आचार्य दिङ्नाग ने 'अनधिगतार्थगन्तृता' को प्रमाण
लक्षण में समावेश करने का प्रयत्न किया है। प्रमाणसमुच्चय की टीका में,
पृष्ठ ११ पर :—
'अज्ञातार्थज्ञापकं प्रमाणम् इति प्रमाणसामान्यलक्षणम्' ।
इस प्रकार प्रमाण का लक्षण किया गया है। अर्थात् अगृहीतग्राही ज्ञान
ही प्रमाण है। गृहीतग्राही ज्ञान के विषय में धर्मोत्तराचार्य ने लिखा है :—
'अतएव अनधिगतविषयं प्रमाणम् । येनैव हि ज्ञानेन प्रथममधिगतोऽर्थः
तेनैव प्रवर्तितः पुरुषः प्रापितश्चार्थः । तत्रैवार्थे किमन्येन ज्ञानेन अधिकं कार्यम् ।
ततोऽधिगतविषयमप्रमाणम् ।'
अर्थात् धर्मोत्तराचार्य के मत में अधिगत विषयक ज्ञान का अप्रामाण्य ही
अभीष्ट है । परन्तु इसके विपरीत हेतुबिन्दु की टीका में 'अर्चट' ने धारावाहिक
ज्ञानों में से योगियों के धारावाही ज्ञान में भट्ट मीमांसकों के अनुसार सूक्ष्म
कालभेद का ग्रहण मान कर उसको प्रमाण माना है और लौकिक पुरुषों के
धारावाहिक ज्ञान में न्याय के अनुसार सूक्ष्म कालभेद का ग्रहण संभव न होने
से उसको अप्रमाण कहा है। यहाँ न्याय का साम्य केवल इतने अंश में है कि
सूक्ष्म कालभेद का लौकिक प्रत्यक्ष से ग्रहण नहीं हो सकता है। शेष धारा-
वाहिक ज्ञान का अप्रमाण होना इस अंश में न्याय के साथ समानता नहीं है।
क्योंकि न्याय तो धारावाहिक ज्ञान को प्रमाण ही मानता है। न्याय के प्रमाण
लक्षण में अज्ञातार्थज्ञापकत्व अभीष्ट नहीं है। बौद्धों ने 'अज्ञातार्थज्ञापकं
प्रमाणम्' यह प्रमाण का सामान्य लक्षण माना है अतएव उनके मत में
धारावाहिक बुद्धि का प्रामाण्य सूक्ष्म कालभेद का ग्रहण होने पर ही सम्भव
है। और वह काल भेद योगिप्रत्यक्ष में तो गृहीत हो सकता है साधारण
लौकिक प्रत्यक्ष में नहीं। इसलिए योगि-प्रत्यक्ष में धारावाहिक ज्ञानों का
प्रामाण्य है और लौकिक धारावाहिक ज्ञानों का अप्रामाण्य है।
धारावाहिक ज्ञान के विषय में जैनों का मत—
जैनदर्शन की परम्परा में दिगम्बर परम्परा के अनुसार धारावाहिक ज्ञान
उसी दशा में प्रमाण माने जा सकते हैं जब क्षणभेदादि के ज्ञानयुक्त विशिष्ट
प्रमा के जनक हों अन्यथा अप्रमाण ही हैं। इस प्रकार इस मत में भी बौद्ध
आचार्य 'अर्चट' के समान धारावाहिक ज्ञान का प्रामाण्य और अप्रामाण्य दोनों,
१ प्रमाणसमुच्चय पृ० ११ । २ न्यायबिन्दु टीका पृष्ठ ३ ।