बन्दी जीवन (शचीन्द्रनाथ सान्याल - भारतीय क्रान्तिकारियों की गीता, ब्रिटिश सरकार द्वारा प्रतिबन्धित)
Bandi Jeevan by Sachindra Nath Sanyal
शचीन्द्रनाथ सान्याल द्वारा
फिर बंगाल में / 339'
पता मिलने पर मेरे लिए चन्द्रनगर के बाहर जाना प्रायः असम्भव हो जाएगा
यह मैं जानता था, तथापि यह तो था कि एक भौगोलिक सीमा के अन्दर तो मैं
निरापद एवं निश्चित रूप से रह सकता हूँ। श्रीश बाबू के साथ मकान ढूंढ़ने के
लिए निकल पड़े। पहले एक होटल मे गए। इस होटल की मालकिन एक ऐंग्लो
इण्डियन बुड्ढी थी। उस स्थान का वातावरण और होटल का चार्ज सुनकर वहाँ
रहना उचित न समझा। उस स्थान का दृश्य तो मनोहर था। होटल के सामने
से एक चौड़ा रास्ता गंगाजी के किनारे-किनारे निकल गया था। फ्रांसीसियों ने
चन्द्रनगर एवं पाण्डीचेरी मे समुद्र एवं नदी के किनारे बड़े सुदृश्य और चौड़े
रास्ते बनाए थे। ऐसे दृश्य भारत के अन्य स्थानों मे विरले हैं। गंगा एवं समुद्र
के तटस्थल की भूमि पर ईंट की पक्की दीवारें खड़ी कर दी गई हैं एवं उनके
ऊपर से रास्ते निकाले गए हैं पानी मे जाने के लिए जगह-जगह सीढ़ियाँ निकाली
गई है। काशीजी मे भी गंगा का किनारा बहुत सुदृश्य है लेकिन पता नहीं क्यों
वहाँ इतनी अव्यवस्था है। किसी सुनिश्चित प्रणाली के अनुसार वहाँ पर न मकान
बनाये गए हैं और न कोई सड़क ही निकाली गई है। वहाँ की सीढ़ियो की दुर्दशा
की भी आज सीमा नहीं है। काशीजी के गंगा तट-सा सुन्दर स्थान सम्भव है।
भारतवर्ष में कोई दूसरा न हो तथापि ऐसे सौन्दर्य के निकेतन को भी आज अव-
हेलना की तुच्छता ने अशोभनीय बना रक्खा है।
उपर्युक्त होटल मे शनीचर और इतवार को कलकत्ता से शौकीन एवं धनी
व्यक्तियो का आगमन होता है। सुरादेवी की आराधना यहाँ पर खूब आसानी से
एवं आडम्बर के साथ होती है कारण यह कि दक्षिणा यहाँ पर कलकत्ता से बहुत
कम देनी पड़ती है। परिवार सहित ऐसे स्थान पर रहना कैसे संभव हो सकता
था। जब हम लोगों ने होटल की मालकिन से कहा कि कल-परसों तक अपना
निश्चय बता देंगे तो मालकिन ने आग्रह किया कि जब आप लोग होटल मे पधारे
हैं तो कुछ दक्षिणा तो अवश्य चढ़ानी पड़ेगी कुछ नही तो एक-एक गिलास
लेमनेड तो अवश्य ही पी लीजिए। लज्जावश एक बोतल लेमनेड तो पीना ही
पड़ा लेकिन जब बिल देखा तो प्राण सूख गए, आँखें उलट गईं। एक बोतल पानी
का दाम आठ आने लगाये गए थे। क्या करता देना ही पड़ा। जिस स्थान पर
क़दम रखते ही यूं आठ आने देने पड़े उस स्थान को मैंने फिर लौटकर न देखा।
भोजन-स्नान आदि के बाद मकान की तलाश मे फिर निकले। चन्द्रनगर
नितान्त छोटी जगह नहीं है। दूर-दूर तक पहुँचे, मकानात भी मिले, लेकिन
पसन्द न आए। विभिन्न स्थानों को देखकर पहले का भय और दृढ़ हो गया
कि इस स्थान पर रहने से मलेरिया से हम लोगों को जर्जरित होना पड़ेगा।
श्री श्रीश बाबू के यहाँ रहना उचित नही समझा और उनके यहाँ स्थान भी न
था। चित्त व्याकुल हो उठा क्या करें और क्या न करें कुछ ठीक न कर पाए।
चन्द्रनगर के पास एक छोटी-सी लेकिन मशहूर जगह श्रीरामपुर के नाम से
प्रसिद्ध है। यहाँ पर बंगाल के कुछ बड़े-बड़े ज़मींदार बसे हैं। मेरे मामा की
340 / बन्दी जीवन
शादी श्रीरामपुर के एक जमींदार के घर में हुई थी। जिस समय का मैं उल्लेख
कर रहा हूँ मेरे मामा के लड़के श्रीरामपुर में अपनी नानी के यहाँ रहते थे। मेरे
मामा के लड़के श्री भवानीशंकर राय से मेरी यथेष्ठ मित्रता थी। यह मैं
अवश्य जानता था कि भवानीशंकर की नानी अपने यहाँ मेरा आना-जाना अधिक
पसन्द नहीं करती थीं तथापि अपनी स्थिति को देखते हुए दो-चार-दस दिन के
लिए भवानीशंकर के यहाँ ठहरना ही मैंने उचित समझा। मेरा अभिप्राय यह था
कि श्रीरामपुर में अपने बाल-बच्चों को रखकर फिर कहीं रहने के उपयुक्त स्थान
की खोज कर लूं। जहाँ तक मुझे स्मरण है मैंने पहले अकेले श्रीरामपुर जाकर
भवानी भैया से सब बातचीत कर ली। बाद को बाल-बच्चों सहित श्रीरामपुर
पहुँचा। भवानी भैया की नानी के व्यवहार से यह नहीं मालूम पड़ता था कि वे
लोग हमसे किसी प्रकार से भी असन्तुष्ट रहे हों। इसी बात के लिए मेरे मन में
अत्यन्त दुर्भावना थी। अब एक दुर्भावना का तो अन्त हुआ।
भवानी भैया और मैंने मिलकर चन्द्रनगर से लेकर हावड़ा तक गंगा जी के
किनारे-किनारे जितनी बस्तियाँ और कस्बे थे सब पैदल छान डाले। श्रीरामपुर
से हावड़ा रेलवे लाइन से बारह-तेरह मील है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक कस्बे में,
मोहल्ले-मोहल्ले में कहाँ पर मकान खाली है, पड़ोसी कैसे हैं, कलकत्ता से आने-
जाने के लिए क्या-क्या सुविधाएं एवं असुविधाएं हैं, कहाँ पर क्या खर्च पड़ेगा, इन
सबके प्रति दृष्टि रखते हुए सुबह से शाम तक चक्कर काटते रहे। आज मैं बहुत
कृतज्ञता के साथ भवानी भैया की सहायता का स्मरण कर रहा हूँ। अनुशीलन
समिति के किसी सदस्य को मैंने अपने बंगाल आने की बात इसलिए नहीं बताई
थी कि ऐसा करने से बात फैल जाने की संभावना थी। और यह भी मैं चाहता
था कि उन लोगों की सहायता बिना लिये ही मैं अपनी सब व्यवस्था स्वतंत्र रूप से
कर लूँ। एक तरफ पुलिस मुझे गिरफ्तार करना चाहती है, दूसरी तरफ़ मैं वास-
स्थान के लिए भटकता फिर रहा हूँ। कहीं पर रहने का ठिकाना नहीं है। बाल-
बच्चे भी मेरे साथ मेरी तरह भटकते फिर रहे हैं। इन सब घटनाओं के बहुत
दिन बाद जब सन् 1930 ई० में मैंने नैनी सेण्ट्रल जेल में ट्राट्स्की की आत्म-कहानी
पढ़ी एवं सन् 1934 में लखनऊ सेण्ट्रल जेल में रहते समय साइबेरिया स्थित रूस
के क्रान्तिकारी पुरुष और स्त्रियों की जीवन-कथा पढ़ी थी तब मैंने अनुभव किया
कि मेरा भटकना उन लोगों की तुलना में कुछ भी नहीं था। इन सब निदारुण
दुःखों का सामना करना पड़ता है, इसीलिए ही तो क्रान्तिकारियों के मार्ग पर
चलने के लिए कोई सहज में तैयार नहीं होता है। यह बात केवल भारतवर्ष
ही के लिए ही सत्य हो ऐसा नहीं है, संसार-भर के क्रान्तिकारियों का इतिहास
पढ़ने से सभी को इस बात की सत्यता पर विश्वास हो जायगा। समग्र इतिहास
में यह बात पाई गई है कि सफलता प्राप्त करने के पूर्व प्रत्येक देश के क्रान्ति-
कारियों को बुद्धिमान व्यक्तियों ने अदूरदर्शी, अव्यावहारिक, पथभ्रान्त भावुक
बताया है। संसार के अधिकांश तथाकथित बुद्धिमान व्यक्तियों ने क्रान्तिकारी
मार्ग को ग्रहण नहीं किया। आज भी हमारे देश के लब्धप्रतिष्ठ गण्यमान्य
बुद्धिमान नेतागण क्रान्तिकारी मार्ग को बालकोचित समझते हैं। जो हो, भवानी-
शंकर और मैंने मिलकर बाली नामक एक कस्बे में काम चलाने लायक एक
मकान ढूंढ निकाला। किस ग्वाले से दूध लेंगे, कौन बर्तन मिलेगा, बाजार
कितनी दूर है, स्टेशन कितनी दूर है, रेलवे स्टेशन तथा स्टीमर घाट कितनी
दूर है इन सब बातों को दृष्टि में रखते हुए और सब बातों की उपयुक्त व्यवस्था
करके तीन-चार दिन के कठोर परिश्रम के बाद वह मकान ले लिया गया। रहने
की सुव्यवस्था हो जाने के बाद विप्लव कार्य में ध्यान देने का अवसर मिला।
एक तो बरसात के दिनों में यों ही बीमारियां हुआ करती है। फिर पश्चिम
में रहते-रहते ऐसा हो गया था कि अब बंगाल की जलवायु हम लोग बर्दाश्त नहीं
कर पाते थे। बाली के जलवायु के कारण लड़के को ब्रांगकाइटिस हो गया। इस
अपरिचित ग्राम मे असहाय, संपदहीन अवस्था मे मैं अत्यन्त चिन्तित हो गया।
और कोई अच्छा उपाय न रहने के कारण अन्त मे मैंने कलकत्ता जाने का ही
निश्चय किया। लेकिन रहने लायक एक उपयुक्त स्थान खोज निकालने के पहले
बाल-बच्चों को कलकत्ता में अपने चचेरे भाई के मकान मे लाकर रक्खा। वहीं
पर रहकर लड़के का इलाज हुआ। इसके बाद कलकत्ता में ही एक दूसरे मकान
मे हम लोग रहने लगे। मेरे आत्मीय स्वजनों को यह पता नही था कि मैं कहाँ
रहता हूँ। बहुतों से मैंने कह दिया कि मैं फ्रांसीसी चन्द्रनगर मे रहता हूँ। अपने
दो-एक विशेष मित्रों को छोड़कर क्रान्तिकारी दल के भी किसी को पता न था
कि मैं कहाँ रहता हूँ।
मैंने सदा इस बात के प्रति ध्यान रक्खा कि देश के गण्यमान्य प्रकाश्य नेताओं
से अवश्य मिलूं एव उन्हें क्रान्तिकारी आन्दोलन के प्रति महानुभूति सम्पन्न एवं
सहायक बनाने के लिए यथासाध्य प्रयत्न करूँ।
इस नीति के अनुसार देशबन्धु चित्तरंजनदास के साथ मिलना मैंने अपना
प्रथम कर्त्तव्य समझा। इनका कुछ परिचय मैंने पहले ही दे दिया है। देशबन्धु
सी० आर० दास के साले के साथ हम लोगों का बहुत पुराना और घनिष्ठ सम्बन्ध
था। इनकी सहायता से मैंने महात्मा गांधी से भी मिलने का प्रयत्न किया था।
महात्माजी जानते थे कि मैं फरार हालत में हूँ। देशबन्धु के साले श्री एस० एन०
हालदार महात्माजी के पास मेरा सन्देश लेकर गए थे। महात्माजी कांग्रेस के
कार्य से देशबन्धुदास के यहाँ आये हुए थे। पता नही कांग्रेस कार्य समिति की
बैठक थी अथवा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की। इसी अवसर पर श्री हेमंत-
कुमार सरकार की मार्फत मुझे यह संदेशा मिला कि मौलाना मुहम्मदअली साहब
मुझसे मिलना चाहते हैं। बनारस षड्यन्त्र के मामले में कालेपानी जाने के पहले
मौलाना मुहम्मदअली के साथ हम लोगों का सम्बन्ध हुआ था। कालेपानी से
लौटने के बाद उनसे मेरी मुलाकात नहीं हुई थी। इसलिए मैं भी इनसे मिलने
के लिए उत्सुक था। देशबन्धु के मकान में ही उनसे मुलाकात हुई। मौलाना
342 / बन्दी जीवन
शौकतअली की तरह इन्होंने भी मुझसे गुप्त तरीके छोड़कर प्रकाश्य आन्दोलव में
काम करने का अनुरोध किया। मैंने अपनी नीति इनसे व्यक्त नहीं की।
श्री एस० एन० हालदार से विदित हुआ कि महात्माजी मुझसे अमुक दिन
रात को आठ बजे श्री सी० आर० दास के मकान पर मिलेंगे। उस समय देशबन्धु
का मकान खुफिया पुलिसवाले घेरे रहते थे। लेकिन मैं जानता था कि मुझे ये
पहचानते नहीं हैं। इनके रहते हुए भी मैं देशबन्धु के मकान पर ठीक समय पर
पहुँचा। हालदारजी से भेंट हुई। उन्होंने मुझे एक कमरे में बैठा दिया और कहा
कि जब तक मैं नहीं लौटता हूँ तुम यहीं पर ठहरो। यह एक मुनीम का कमरा
था। सम्भव है पुलिस वाले समझे हों कि मैं भी देशबन्धु के मुनीमों में से एक हूँ।
ठीक आठ बजे महात्माजी से मिलने की बात थी। कमरे में एक बड़ी घड़ी लगी
थी। इन्तजार करते-करते आठ से नौ, नौ से दस और दस से ग्यारह बजे लेकिन
हालदार साहेब वापस नहीं आए। एक तो वह स्थान पुलिस वालों से घिरा था
तिस पर मैं फरार हालत में घूम रहा था। इन्तजार करते-करते मेरे मन में नाना
प्रकार की दुश्चिन्ताएँ पैदा होने लगीं। मेरे मन में सन्देह होने लगा कि शायद
महात्माजी मेरे प्रस्ताव को उपेक्षा की दृष्टि से देख रहे हों, सम्भव है वह मुझसे
मिलना नहीं चाहते हो। मैंने अपने दिल में कुछ अपमान-सा अनुभव किया।
सम्भव है यह मेरे चरित्र की दुर्बलता हो, इसलिए जहाँ अपमान बोध नहीं होना
चाहिए था वहाँ भी अपमान बोध कर रहा था। मुझे ऐसा अनुभव हुआ कि
मानो महात्माजी मेरी परवाह नहीं कर रहे हैं। यह मेरे परम दुर्भाग्य की बात है
कि आज भी बहुतेरे प्रयत्न करने के बाद भी मैं महात्माजी से नहीं मिल पाया।
हरीपुरा में भी मैंने महात्माजी से मिलने की बार-बार चेष्टा की और हर बार
मुझसे यही कहा गया कि आज महात्माजी की तबियत स्वस्थ नहीं है, आज
महात्माजी को अवकाश नहीं है, आज महात्माजी केवल दो-तीन मिनट ही दे
सकते है इत्यादि। एक दिन हरिपुरा में मैं सीधे महात्माजी के पास पहुँच गया तो
देखा कि महात्माजी श्री मंजरअली सोख्ता के साथ टहलते हुए बातचीत कर रहे
हैं। कुछ दूरी पर एक तरुणी खड़ी थी। उस तरुणी से संकोच के साथ मैंने पूछा,
क्या मैं महात्माजी के पास पहुँच सकता हूँ। उसने कहा कि हां चाहें तो आप जा
सकते हैं। मैं नि संकोच महात्माजी के पास पहुँच गया। उनके पाँव छूकर प्रणाम
किया और उनसे बातचीत करने के लिए कुछ समय की प्रार्थना की। महात्माजी
ने मेरे मुंह की तरफ कुछ एकाग्रता के साथ देखा। मैंने अपना नाम बताया लेकिन
इतने पर भी महात्माजी ने मुझे कोई समय नहीं दिया। यद्यपि वे श्री मंजरअली
सोख्ता के साथ बहुत देर तक टहलते हुए बातचीत करते रहे। सोख्ताजी से मुझे
बाद को मालूम हुआ कि उनसे उस समय महात्माजी की कोई विशेष आवश्यकीय
बातचीत नहीं हो रही थी। अब की जेल से छूटने के बाद मैंने महात्माजी को
एक पत्र भेजा था उसके उत्तर में उनके सेक्रेटरी ने मुझे यह लिखा था कि आप
बर्धा के पास सेगांव आइए, एक सप्ताह हम लोगों के पास रहिए और महात्माजी
फिर बंगाल में / 343
के पास शान्ति से बातचीत भी हो सकेगी। हरिपुरा में पुनः श्री महाबीर देसाई ने
मुझसे वही बातें फिर कहीं लेकिन मेरे पास इतना पैसा न था कि मैं सेगांव जाकर
महात्माजी से मिलता। देहली में जब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक
हुई थी उस समय भी मैंने महात्माजी से मिलने का प्रयत्न किया था। लेकिन इस
बार भी विफल रहा।
मैं रात के ग्यारह बजे देशबन्धु के मकान से चल पड़ा। कुछ अपमान और
कुछ रोष से मैं मन-ही-मन चंचल हो रहा था। मुझे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि
मैने अपने व्यक्तित्व को ऐसे ऊंचे स्थान पर नही पहुँचाया है जिसके कारण
महात्माजी ऐसे व्यक्ति मुझसे मिलने के लिए उत्सुक होते। ऐसी मनोवृत्ति को
पाश्चात्य मनोविज्ञान के अनुसार Inferiority Complex (छोटेपन का भाव)
कह सकते है। मै इस हीनता के बोध को लेकर देशबन्धु के मकान-से लोटा। इस
हीनता बोध से आज भी मैं मुक्त नही हूँ।
इस घटना के बाद जब पुनः हालदारजी से मेरी मुलाकात हुई तो पता चला
कि महात्माजी मुझसे मिलने के लिए यथार्थ मे उत्सुक थे। उनकी इच्छा थी कि
कांग्रेस के अन्य व्यक्तियो के इधर-उधर चले जाने पर महात्माजी मुझे साथ
लेकर मोटर मे कही दूर निकल जाते और कार मे ही बैठे-बैठे सब बाते होती।
लेकिन दुख का विषय है कि हालदार साहब ने आकर मुझे सब बाते नही बताई।
मुक्ति, हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन का पुनर्गठन एवं बन्दी जीवन उपसंहार
16
आदर्शों का संघर्ष
कामरेड एम० एन० राय के जो व्यक्ति देहली में मुझसे मिले थे उनसे मैं
कलकत्ते में फिर मिला। श्री कुतुबुद्दीन अहमद का नाम मैं पहले ही बता चुका हूँ।
कलकत्ता में उनके मकानात थे। मैं यह आशा करता था कि उनसे मुझे पैसे की
सहायता मिलेगी। इनकी सहायता से मैं चाहता था कि विदेश में मैं अपना आदमी
और अपना सन्देश भेजूँ। सन् 1914 के क्रान्तिकारी आन्दोलन की अभिज्ञता से
मुझे मालूम था कि बड़े पैमाने में अस्त्र-शस्त्र आदि के मँगाने की व्यवस्था किए
बिना क्रान्तिकारी आन्दोलन सफल नहीं हो सकता। एवं यह भी मैंने देखा था कि
पिछले आन्दोलन में हम लोगों ने विदेश में स्थित क्रान्तिकारी दलों के साथ कोई
सम्बन्ध स्थापित न करने से बहुत धोखा खाया। इन सब पिछली त्रुटियों को
दृष्टिकोण में रखते हुए अबकी बार विदेश में आदमी भेजने की मैंने यथेष्ठ चेष्टा
की, लेकिन कुतुबुद्दीनजी की सहायता से कोई सफलता प्राप्त नहीं हुई।
जिस रीति से क्रान्तिकारी दल के आदमी विदेश आया-जाया करते थे वह
आज पुलिस को मालूम हो गई है। उस रीति का अवलम्बन करके विदेश आना-
जाना बहुत कठिन हो गया है। जो बात पुलिस को मालूम है उसे जनता के सामने
रखने में कोई हानि नहीं है।
श्री कुतुबुद्दीन से पता चला कि वे अपने आदमी खलासी अथवा जहाज़ के
अन्य कर्मचारियों के रूप में भर्ती कराते थे, और विदेश आकर ये व्यक्ति जहाज़ से
उतरकर लापता हो जाते थे। मैंने भी सन् 1911 में एक बार अमेरिका भाग जाने
की निष्फल चेष्टा की थी।
सन् 1924 ई० के प्रारम्भ में थोड़े-से व्यक्ति रेगुलेशन 3 में नज़रबन्द कर
दिये गए थे। लेकिन मेरे कलकत्ता पहुँचने के बाद सरकार ने एक नये क़ानून के
अनुसार बड़ी संख्या में नौजवानों को गिरफ्तार कर लिया और अदालत में बिना
पेश किये ही उन्हें जेल में बन्द कर दिया। इसी सिलसिले में सुभाषबाबू भी
गिरफ्तार हो गए।
इसके पहले ही मैं देशबन्धुजी से मिल चुका था। उन्होंने हम लोगों को निय-
मित रूप से सहायता देने का वचन भी दिया था लेकिन अत्यन्त दुर्भाग्यवश यह
सहायता मिलने के पहले ही दासजी मुझसे अत्यन्त असन्तुष्ट हो गए थे। देश-
[Header] आदर्शों का संघर्ष / 345
वासियों से निवेदन नामक मेरे नाम से प्रकाशित एक पर्चे में देशबन्धुदास के क्रान्ति-
कारी-विरोधी सिद्धान्त का मैंने स्पष्ट शब्दों में युक्तिपूर्ण रीति से खंडन किया था।
इसी बात से वे मुझसे अत्यन्त रुष्ट हो गए थे। इस पर्चे के प्रकाशित होने के बाद
जब मैं उनसे मिलने के लिए उनके मकान पर गया तो उन्होंने मुझसे मिलने से
इनकार कर दिया। मैं समझ गया कि राजनीतिक-चालों से मैं नितान्त अनभिज्ञ
हूँ। कांग्रेसी नेतागण जब जी चाहे प्रकाश्य रूप से वक्तृता-मंच पर अथवा संवाद-
पत्रों में क्रान्तिकारी आन्दोलन की यथेष्ठ निन्दा करते हैं। उन्हें यह भलीभाँति
मालूम है कि क्रान्तिकारियों के लिए प्रकाश्य रूप में अपने पक्ष का समर्थन करने
का कांग्रेस नेताओं की तरह अवसर अथवा सुयोग प्राप्त नहीं है।
देशबन्धु सी० आर० दासजी ने गया कांग्रेस के सभापति के आसन से क्रान्ति-
कारी आन्दोलन के प्रति कुछ कटाक्ष किए थे। उन्होंने यह कहा था कि क्रान्तिकारी
आन्दोलन सफल नही हो सकता, इसलिए मैं क्रान्तिकारी आन्दोलन में योगदान नहीं
करता हूँ। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि मेरी समझ में यह बात आ जाय कि
क्रान्तिकारी आन्दोलन सफल होगा तो मैं उसी क्षण इस आन्दोलन में शामिल हो
जाऊंगा। लेकिन उन्होंने अहिंसा नीति के आधार पर क्रान्तिकारी आन्दोलन का
विरोध नही किया। इसके प्रत्युत्तर में मैंने लिखा था कि जिस दिन सबको यह
प्रतीत हो जाएगा कि क्रान्तिकारी आन्दोलन सफल होने जा रहा है उस दिन तो
लाखो की संख्या में मनुष्य इस आन्दोलन में भाग लेने लगेंगे। उस दिन देशबन्धु
जैसे व्यक्ति इस आन्दोलन में भाग लेंगे या नही इसका विशेष महत्त्व नही रह
जाएगा। जिस देश मे विदेशी सरकार जब जैसा चाहे वैसा ही क़ानून बना सकती
है उस देश मे क़ानूनी लड़ाई लड़ना अथवा जिस देश में विदेशी सरकार पाशविक
बल से शासन करती है उस देश में बल का प्रयोग न करके स्वाधीनता के लिए
लड़ाई करना बातुलतामात्र है ऐसा मैंने उस पर्चे में लिखा था। मैंने यह भी बताने
की चेष्टा की थी कि क्रान्तिकारी आन्दोलन आतंकवाद नही है कारण यह कि
भारत मे किसी भी क्रान्तिकारी का यह विश्वास नहीं है कि केवल आतंकवाद से
ही स्वाधीनता प्राप्त हो सकती है। यदि सरकारी अत्याचारों के विरुद्ध इक्का-
दुक्का व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल का प्रयोग भी करते हैं तो उसका अर्थ नही हुआ
कि क्रान्तिकारीगण निरे आतंकवाद से ही स्वाधीनता की लड़ाई लड़ना चाहते हैं।
इसी प्रकार क्रान्तिकारी आन्दोलन के विरुद्ध आक्षेपों का उत्तर इस लेख में था।
मैंने अपने नाम से इस 'देशवासी के प्रति निवेदन' शीर्षक के पर्चे को छपवाया
था। कलकत्ता में प्रकाश्य सभाओं के अवसरों पर ये पर्चे बंटवाए थे। इस पर्चे ने
कलकत्ता में बड़ी खलबली मचा दी थी। यह पहला अवसर था कि भारतवर्ष में
किसी क्रान्तिकारी ने अपने नाम से प्रकाश्य गण्यमान्य नेता के विरुद्ध आन्दोलन के
समर्थन में आवाज़ उठाई थी।
इस पर्चे के कारण अनुशीलन समिति के दूसरे नेतागण मुझसे असन्तुष्ट हो
गए थे। मेरा अपना यह विश्वास था और अब भी है कि यदि क्रान्तिकारीगण
346 / बन्दी जीवन
जन-साधारण के सामने अपने मनोभावों को व्यक्त करते रहें, और देश की विभिन्न
परिस्थितियों में अपने स्वतन्त्र विचारों को दृढ़तापूर्वक जनता के सामने रखें तो
यह सम्भव हो सकता है कि क्रान्तिकारीगण भी जनता के हृदय पर अधिकार
स्थापन कर लें। अनुशीलन समिति के नेताओं में यह प्रवृत्ति नहीं थी।
मैं अनुशीलन समिति के जितने नेताओं के संस्पर्श में आया उससे मेरे मन
में यह धारणा हो गई थी कि उनके मानसिक उत्कर्ष उस प्रकार के न थे जिस
प्रकार यूरोप के क्रान्तिकारी नेताओं में पाये जाते हैं। लेकिन उनके अनुयायियों
में से ऐसे बहुत-से प्रतिभाशाली युवक थे जिनमें उपर्युक्त नेतृत्व गुणों का उन्मेष
था, किन्तु अनुशीलन समिति की कार्य-प्रणाली के कारण इन प्रतिभाशाली युवकों
को अपनी प्रतिभा के प्रयोग का अवसर नहीं मिल रहा है। क्रान्तिकारी आन्दोलन
की प्रथम अवस्था में थोड़ी आयु के बहुत-से नवयुवकों ने स्कूल कालेजों से पड़ना
छोड़कर योगदान किया था। रूस, आयरलैण्ड अथवा इटली में भी ऐसा ही
हुआ था। लेकिन उन देशों में एवं विशेष रूप से रूस देश में क्रान्तिकारियों ने अपनी
कार्य-प्रणाली, उद्यम एवं अध्यवसाय से अद्भुत मानसिक उत्कर्ष को प्राप्त कर
लिया था। रूस के क्रान्तिकारीगण जब तक पकड़े नहीं जाते थे तब तक राज-
नीतिक कार्यों में प्रचंड रूप से लगे रहते थे। उस समय उन्हें अपना मानसिक
उत्कर्ष प्राप्त करने का अवसर नहीं मिलता था। लेकिन पकड़े जाने पर जेलों में
उन्होंने अपने समय का अपने मानसिक उत्कर्ष साधन में अच्छा सदुपयोग किया।
हमारे देश में भी ऐसा ही हुआ है।
अनुशीलन समिति की कार्य-प्रणाली से बहुत-से उग्र मत वाले सदस्य असन्तुष्ट
थे। ये सदस्यगण ऐसे कार्यक्रम के पक्षपाती थे जिसमे जनता पर क्रान्तिकारी
आन्दोलन का यथेष्ट प्रभाव पड़े। इन लोगों ने अनुशीलन समिति के पुराने नेतृत्व
के विरुद्ध विद्रोह करके एक अलग कार्यक्रम बना लिया था। ये केवल गुप्त रीति
से षड्यन्त्र करके ही तृप्त नहीं होते थे। वे ऐसा काम करना चाहते थे जिससे
जनता मे क्रान्तिकारी भावना तीव्र रूप मे फैल जाए और उसे प्रतीत हो जाय कि
क्रान्तिकारी मार्ग से भारत को स्वतन्त्र करना सम्भव है। चिटागाँव के स्वर्गीय
सूर्यकान्त सेन इस दल के अग्रणी थे। चिटागाँव अथवा चटगांव में इनका पूरा
अधिकार था। परन्तु दूसरे बहुत-से जिलो मे भी इनके पक्ष के आदमी कई थे।
मैं भी अनुशीलन समिति के नेताओं की नीति से सन्तुष्ट नहीं था। पिछले
क्रान्तिकारी आन्दोलन के अनुभव से मैं यह समझ गया कि किसी आन्दोलन की
सहायता के लिए पर्याप्त रूप से उसके पक्ष में उपयुक्त साहित्य की सृष्टि करना
अत्यन्त आवश्यक है। हम लोगों ने क्रान्तिकारी आन्दोलन के पक्ष में साहित्य की
सृष्टि कहने योग्य कुछ भी नहीं की थी। इसके अतिरिक्त हमारी कार्य-प्रणाली
ऐसी नहीं होती थी कि जिससे जनसाधारण को हम क्रान्तिकारी मार्ग पर चलने
के लिए प्रोत्साहित कर सकते। गुप्त रीति से दो-चार पिस्तौल इकट्ठे किये या
कुछ बम बना लिए तो केवल इसी से देश को कैसे स्वाधीन किया जा सकता है !
आदर्शों का संघर्ष | 347
इटली के प्रसिद्ध क्रान्तिकारी नेता जोसेफ मेजिनी ने एक स्थान पर ऐसा भी कहा
है कि सैकड़ों सभाएँ अथवा पर्चे बाँटने की अपेक्षा एक क्रान्तिकारी बलवे से हज़ारों
गुना अधिक काम होता है। सम्भव है अंग्रेज़ी शब्दों के आधार पर जो उद्धरण
ऊपर दिया गया है उसमें मूल से कुछ थोड़ा-बहुत अन्तर हो, लेकिन उसके तात्पर्य
में कोई अन्तर नही है। इसके साथ-साथ यह भी निश्चित है कि मेजिनी 'यंग-
इटली' नामक जो पर्चा निकाला करते थे उसका साहित्यिक एवं क्रान्तिकारी
प्रभाव इटली के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा है। दूसरे देशों से ये पर्चे इटली
में आते थे। विदेशों में रहकर ही मेजिनी 'यंग इटली' का सम्पादन कार्य करते
थे। इटली में किसी व्यक्ति के पास इस पर्चे से निकलने पर उसे फाँसी का दण्ड
दिया जाता था। 'यंग इटली' के लेखों का संग्रह करके ग्रथित आज भी अंग्रेज़ी में
एक ग्रन्थ उपलब्ध है और उसे प्रत्येक शिक्षित व्यक्ति बड़े उत्साह के साथ पढ़ता
है और उससे लाभ उठाता है। उसकी नैतिक एवं साहित्यिक मर्यादा आज भी
पूर्ववत अक्षुण्ण है। इसकी तुलना में भारतवर्ष में राष्ट्रीय आन्दोलन या क्रान्ति-
कारी आन्दोलन के सम्पर्क में हम कुछ भी नहीं दिखला सकते। रूस के क्रान्तिकारी
आन्दोलन के प्रति दृष्टिपात करने पर भी हमें विदित हो जाएगा कि उपयुक्त
साहित्य की सृष्टि की दृष्टि से हमारा आन्दोलन कितना पिछड़ा हुआ था और अब
भी है। चीन में भी राष्ट्रीय क्रान्तिकारी आन्दोलन के सम्पर्क में लाखों की संख्या
में पर्चे एवं पुस्तिकाएँ बाँटी गई हैं। उस देश में भी नवीन आन्दोलन के सम्पर्क में
एक नवीन साहित्य की सृष्टि हुई है। केवल इतना ही नहीं, अपितु डाक्टर सन-
यातसेन आदि प्रमुख नेताओं ने चीन के दार्शनिक विचारों में भी महान् परिवर्तन
लाने की चेष्टा की थी। इसी प्रकार रूस के विप्लवी नेताओं ने भी विचार जगत्
में विप्लव मचा दिया था। भारत में भी श्री अरविन्द एवं स्वर्गीय स्वामी
विवेकानन्द, रामतीर्थ, दयानन्द, लोकमान्य तिलक जैसे महानुभाव नेताओं ने
दार्शनिक दृष्टिकोण से तीव्र जागृति पैदा की थी, एक नवीन दार्शनिक आन्दोलन
प्रबल रूप से प्रारम्भ कर दिया था।
इस स्थान पर मेरे कहने का इतना ही तात्पर्य है कि अनुशीलन समिति के
नेताओं में मैंने आधुनिक युगपयोगी मानसिक उत्कर्षता को नहीं पाया था।
और उनकी कार्य-प्रणाली मुझे पसन्द न थी, इसलिए उनके माथ मेरी पटती नहीं
थी।
उत्तर भारत में मैंने जो अपना कार्यक्रम और नियमावली छपवाई थी अनु-
शीलन समिति के नेताओं ने उसको कोई महत्त्व नहीं दिया। वे सब ऐसे कागज़ी
नियम क़ानून को देखकर हँसा करते थे। उन नेताओं में से अधिकांश आधुनिक
विचारधारा से नितान्त अनभिज्ञ थे। मैंने उन्हें बहुत समझाना चाहा कि मान
लीजिए पण्डित जवाहरलाल जैसे विचारवान व्यक्ति के पास हमें अपना कार्यक्रम
लेकर जाना पड़े तो हमारे पास युक्ति एवं शृंखलाबद्ध ऐसा कौन-सा कार्यक्रम है
जिसको लेकर हम उनके सामने सगौरव खड़े हो सकते हैं। 'हिन्दुस्तान रिपब्लिकन
348 / बन्दी जीवन
एसोसिएशन' ऐसा ही एक युक्तियुक्त प्रोग्राम है जिसे हम किसी भी चिन्तनशील
व्यक्ति के सामने सगौरव रख सकते हैं। लेकिन अनुशीलन समिति के नेताओं ने
उपेक्षा की हंसी हंसकर हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन की नियमावली एवं
कार्यक्रम को एक तरफ उठाकर रख दिया। मैंने समझ लिया कि उनकी समझ
उक्त एसोसिएशन के आदर्श तक नहीं पहुंच पाई है।
इसके अतिरिक्त उन नेताओं के पास जनता के सामने रखने योग्य कोई
कार्यक्रम नहीं था। मैं चाहता था कि अब की बार इस प्रकार से कार्य किया जाय
जिससे जन-साधारण पर क्रान्तिकारी आन्दोलन का अमोघ प्रभाव परिलक्षित
हो। अनुशीलन समिति के नेतागण विरोधी थे। वे ऐसा कोई काम नहीं करना
चाहते थे जिससे जनता की दृष्टि क्रान्तिकारी आन्दोलन के प्रति आकृष्ट होती।
इसका कारण यह था कि वे पुलिस की दृष्टि को बचाना चाहते थे। वे ऐसा
समझते थे कि अभी ऐसा कोई काम करना उचित नहीं है जिससे पुलिस की
दृष्टि क्रान्तिकारी आन्दोलन के प्रति आकृष्ट हो जाय। वे चाहते थे कि तैरना
भी सीख जाएं और पानी भी न छूना पड़े। वे भूल गए थे कि राजनीतिक क्षेत्र
में ऐसा सम्भव नहीं है।
जैसाकि मैं पहले उल्लेख कर चुका हूँ देशबन्धुदासजी से मेरी बातचीत के
परिणामतः उन्हें यह प्रतीत हो गया था कि क्रान्तिकारी आन्दोलन समग्र उत्तर
भारत में प्रबल और विस्तृत रूप से बढ़ रहा है। और उसी समय एक भाषण में
दासजी ने सरकार को यह चेतावनी दी थी कि भारतवासियों की मांग को
अविलम्ब पूरा न करने से भारत में एक भीषण परिस्थिति उत्पन्न होगी क्योंकि
कांग्रेस के अतिरिक्त भारत के क्रान्तिकारीगण भी भीषण रूप से काम कर रहे
हैं। यदि गवर्नमेंट यह सोचती है कि क्रान्तिकारी आन्दोलन दब गया है तो यह
उसकी भारी भूल है। भारत में क्रान्तिकारी आन्दोलन दबा नहीं है। सरकार
को पता नहीं है कि यह आन्दोलन कितना उग्र रूप धारण करने जा रहा है।
यह भी मैं पहले ही बतला चुका हूँ कि इस व्याख्यान के बाद सरकार की ओर से
खुफिया विभाग के सुपरिटेण्डेण्ट श्री भूपेन्द्र चटर्जी को दासजी के पास भेजा गया
था। इस घटना के बाद दासजी से मेरी बातचीत हुई थी । दासजी के व्याख्यान
से सरकार को यह शंका हो गई थी कि कहीं महायुद्ध के समय की तरह फिर
क्रान्तिकारी आन्दोलन उग्र रूप धारण न कर ले। भूपेन्द्र चटर्जी दासजी से
यह जानना चाहते थे कि क्या उनकी धारणा में शीघ्र ही विप्लव मच सकता है।
दासजी क्यों ऐसा समझते हैं कि भारत में क्रान्तिकारी आन्दोलन उग्र रूप धारण
कर रहा है ? क्रान्तिकारियों के साथ दासजी का क्या और कहाँ तक सम्बन्ध है ?
दासजी के इस व्याख्यान से अनुशीलन समिति के नेतागण मुझसे असन्तुष्ट
हो गए थे। उनकी धारणा थी कि इस व्याख्यान से क्रान्तिकारी आन्दोलन को
विशेष धक्का पहुंचेगा। मैं समझता था कि इस व्याख्यान से क्रान्तिकारी भावनाओं
का खूब प्रचार होगा, इससे क्रान्तिकारी मार्ग पर कार्य करने के लिए विशेष
आदर्शों का संघर्ष / 345
सुविधा हो जाएगी ।
इस व्याख्यान के बहुत पहले ही देहली में कांग्रेस के विशेष अधिवेशन के
ठीक बाद ही कुछ व्यक्तियों को बंगाल में रेगुलेशन 3 के अनुसार गिरफ्तार कर
लिया गया था। मैं अपने साथियों से, अर्थात् अनुशीलन समिति के नेताओं से,
यही कहा करता था कि आप लोग सब यों ही विशेष क़ानून के अनुसार गिरफ्तार
हो जाएँगे काम कुछ होगा नही, मुफ्त में जेल काटेंगे और क्रान्तिकारी आन्दोलन
कम-से-कम कुछ दिनों के लिए तो दब ही जाएगा। इससे बेहतर है कि कुछ ऐसा
काम किया जाय जिससे जनता के सामने यह सिद्ध हो जाय कि अंग्रेजों की सामरिक
शक्ति के मुकाबले मे जनता में भी शक्ति-संचय करने की योग्यता है और
इससे भी बढ़कर एक और काम यह करना है कि जिससे भारतवासियों की विचार-
धारा में घोर क्रान्ति मच जाय । काग्रेस के नेतागण दिन-रात यही प्रचार किया
करते थे कि क्रान्ति के मार्ग से भारत को स्वाधीन करना सम्भव नही है । भारत
की जनता भी समझती है कि ब्रिटिश सरकार की सामरिक शक्ति के सामने
उसके पास कोई शक्ति नही है। यदि यह भावना सत्य है तो इसका अर्थ होत
है कि भारतवर्ष कभी भी अंग्रेजों की अधीनता से मुक्त नहीं हो सकता। इस
मानसिक अवस्था के रहते हुए क्रान्ति कैसे सम्भव है ? इस मानसिक दुर्बलता को
मिटाने के लिए हम लोगों को सर्वप्रथम आन्तरिक प्रयत्न करना पड़ेगा। ये सब
काम हम लोग करते नही । केवल गुप्त रीति से षड्यन्त्र करने से क्या बनेगा ।
लेकिन अनुशीलन समिति के नेतागणों को यह बात पसन्द नही थी। वे चाहते
थे संगठन फैल जाय, गुप्त रीति से बाहर से अस्त्र-शस्त्र मँगवाये जाएँ तब जाकर
दूसरे कामो में हाथ लगाया जाय । परन्तु संगठन का काम जारी रखना सरल
काम न था। स्थूल दृष्टि से किसी काम का सहारा न लेकर संगठन का कार्य
चलाना सम्भव नही है। सस्था के प्रत्येक व्यक्ति के लिए कुछ-न-कुछ काम होना
विशेष आवश्यक है। यदि किसी संस्था की ओर से प्रत्येक सदस्य के लिए उप-
युक्त काम नहीं दिया जा सकता तो वह संस्था उन्नति नहीं कर सकती। प्रत्येक
संस्था के यथारीति संचालन के लिए धन की विशेष आवश्यकता होती है। भारत
में क्रान्तिकारी संस्थाओं के लिए धन-संग्रह करना एक अत्यन्त कठिन समस्या थी
और बिना धन के कोई काम होना सम्भव न था। क्रान्ति के कार्य में पूर्ण समय
देनेवाले गृह-त्यागी सब प्रकार से निस्वार्थी एवं साहसी कार्यकर्ताओं के अलावा
दूसरों से विप्लव-कार्य चलाना सम्भव नही है। लेकिन प्रश्न यह है कि ऐसे
कार्यकर्ताओं का निर्वाह कैसे हो। फिर समग्र भारतवर्ष के प्रत्येक प्रान्त में ऐसे
कार्यकर्ताओं के सदा घूमते रहने का भी तो खर्च है। क्रान्तिकारी साहित्य का
प्रचार करना, पर्चे बाँटना, सामयिक पत्रादि का चलाना इन सब कामों के लिए
भी तो पैसे की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त भारत के बाहर भी आना-जाना
है, विदेश से बडे पैमाने में अस्त्र-शस्त्र भी तो मँगाना है। इतना पैसा कहाँ से
आए ?
350 / बन्दी जीवन
कांग्रेस अथवा अन्य संस्थाओं के लिए तो रास्ता खुला है, उनके लिए प्रकाश्य
रूप से अर्थ मांगा जा सकता है। उन संस्थाओं के लिए पैसा देने में भी कोई भय
की बात नही है। क्रान्तिकारी आन्दोलन के लिए तो एक पैसा देना भी खतरे
की बात है। इस संकट मे पडने के लिए भारतवासी आज भी प्रस्तुत नही है।
ऐसी परिस्थिति मे क्रान्तिकारी आन्दोलन को कैसे सफल किया जाय।
दूसरे देश के क्रान्तिकारी आन्दोलन के विस्तृत इतिहास को पढ़ने पर भी
ठीक प्रकार से यह पता नही चला कि उन देशों मे उक्त समस्या का समाधान
वहां के क्रान्तिकारी कैसे करते थे। मैट्सिनी के जीवन मे ऐसा भी समय आया
था कि प्रत्येक इटैलियन से एक-एक रुपया माँगने पर भी मैट्सिनी को कुछ भी
नही मिला था। रूस की बोल्शेविक पार्टी की नीति के अनुसार डाका डालकर
अर्थ संग्रह क रना उचित नही समझा गया था तथापि लेनिन की अनुमति एव
अनुमोदन से स्टालिन के दल को डकैती द्वारा अर्थ-संग्रह करना पड़ा था। लेकिन
यह भी बात सत्य है कि आयरलैंड मे शीनफीन पार्टी के लिए प्रत्येक सदस्य चन्दा
दिया करता था। प्रधानतया इसी चन्दे मे दल का काम चलता था।
यदि हम लोग किसान और मजदूर आन्दोलन मे यथारीति भाग लिए होते
तो सम्भव था कि कुछ सीमा तक हमारा आर्थिक संकट निवारित हो जाता लेकिन
मजदूर अथवा किसान आन्दोलन के लिए जैसे व्यक्तियो की आवश्यकता होती है
वैसे हमारे पास अधिक सख्या मे न थे। मामूली कार्यकर्ता तो हमारे पास बहुत
थे परन्तु जिनमे उपयुक्त सगठन शक्ति हो जिनमे कुछ नियन्त्रण शक्ति हो
ऐसे व्यक्ति हमारे पास अधिक न थे। जितने व्यक्ति थे भी उन्हें हम लोगो ने
क्रान्तिकारी सगठन मे कार्य मे लगा रक्खा था। यदि मै फरार हालत मे न होता
तो मै यथा-रीति मजदूर आन्दोलन मे काम कर सकता था जैसा कि मैने जमशेदपुर
मे प्रारम्भ किया था। लेकिन फरार हालत मे ऐसा करना सम्भव न था। इन
सब बातो के होते हुए भी मजदूरो मे काम करने के लिए मैने अपने आदमी भेजना
प्रारम्भ कर दिया था। श्री एम० एन० राय के दल के आदमी उन व्यक्ति-विशेष
की सहायता से जिनसे देहली मे मेरा परिचय हुआ था। मैने अपने आदमी
कलकत्ते के आस-पास के मिलो मे भेजना प्रारम्भ कर दिया था। यदि मै कुछ
दिन और न पकड़ा जाता तो सम्भव था थोडे ही दिनो मे हमारे आदमी
मजदूर-आन्दोलन मे भी भली प्रकार से काम करने लगते और क्रान्तिकारी
आन्दोलन के साथ-साथ मजदूर आन्दोलन मे भी हमारा दल निपुण और योग्य
हो जाता। कलकत्ते से काँचडा पाडा इत्यादि स्थानो के आने-जाने का खर्च
श्री एम० एन० राय के साथी श्री कुतुबुद्दीन अहमद दिया करते थे। उन लोगो
ने मजदूरो मे जागृति फैलाने के लिए एक साप्ताहिक पत्र भी निकाला था। हमारे
आदमी इन पत्रो को मजदूरो मे बेचने के लिए मिलो और कारखानो मे ले जाते
थे। लेकिन क्रान्तिकारी आन्दोलन के कार्य मे सहायता देने के लिए कुतुबुद्दीन
साहब तैयार न थे।
आदर्शों का संघर्ष / 351
क्रान्तिकारी आन्दोलन के लिए अर्थ-संग्रह करना एक अत्यन्त कठिन समस्या
थी। अनुशीलन समिति के नेतागण इस बार डाका डालकर अर्थ-संग्रह करने के
अत्यन्त विरोधी थे। कारण यह कि ऐसा करने से वे समझते थे कि क्रान्तिकारी
आन्दोलन को धक्का लगेगा, पुलिस सचेत हो जाएगी, और इस प्रकार संगठन-
कार्य पूरा होने के पहले ही इतनी बाधाएं उपस्थित होंगी कि शान्ति से काम
करना कठिन हो जाएगा। उस समय मैं इन लोगों की राय से सहमत नही हो
सका। मैं यह समझता था कि बलपूर्वक अर्थ सग्रह करने की नीति के कारण हम
लोगो मे छापामार युद्ध (गोरीलावार) चलाने की शक्ति उत्पन्न होती जाएगी
और अर्थ का सग्रह भी होगा तथा सगठित रूप से सकटपूर्ण कार्यं में हाथ बटाने
का अभ्यास भी होता जाएगा। अपने आदमियों मे कौन साहसी है, किसमें
कितनी त्याग की भावना है, सकट का सामना करने के लिए कितने व्यक्ति प्रस्तुत
हैं इन सब बातो का ठीक-ठीक पता चलता रहेगा। परन्तु मैं ग्रामीणों के घर मे
डाका डालने का पक्षपाती न था। अनुशीलन समिति के नेतागणों की नीति को
न मानकर मैं कलकत्ता के निकटस्थ बड़े-बड़े अंग्रेज़ मिल मालिको के रुपयों पर
हाथ डालने का प्रबन्ध करने लगा था। उनको भी यह बात मालूम थी। इसी
समय मै बम्बई और पजाब मेल ट्रेन के डाक के डिब्बे पर छापा मारने की तैयारी
कर रहा था। इसके अतिरिक्त क्रान्तिकारी नीति पर भी मैं एक लेख लिख रहा
था। मैं चाहता था कि अपने दल की ओर से जनता की जानकारी के लिए
क्रान्तिकारी आन्दोलन के कार्यक्रम को स्पष्ट शब्दों में खोलकर रख दिया जाय।
यदि प्रकाश्य रूप से कोई सामयिक पत्र चलाने का अवसर हमे प्राप्त नहीं है तो
कम-से-कम गुप्त रीति से पर्चे बँटवाने की व्यवस्था तो हमें अवश्य ही करनी
चाहिए। अनुशीलन समिति के नेतागण मेरी इन नीतियों के घोर विरोधी थे।
कलकत्ता मे आकर अनुशीलन समिति की सहायता न लेते हुए स्वतन्त्र रूप
मे मैं लोकसग्रह के कार्य मे जुट गया था। इसी प्रकार मैंने कुछ लोग इकट्ठे किए
जो कि यूनिवर्सिटी ट्रेनिंगकोर मे सामरिक शिक्षा पा रहे थे। ये सब कालेजों के
लड़के थे। इनमे दो एक इंजीनियरिंग कालेज के लड़के भी थे। इन लोगों की
सहायता से श्री सुशीलकुमार बैनर्जी नामक एक अच्छे कार्यकर्ता से मेरा परिचय
हो गया। ये पहले ही अनुशीलन समिति के सदस्य बन चुके थे। एक दिन मैंने
श्री सुशीलकुमार के साथ रास्ते पर चलते हुए कुछ नौजवानो को कांग्रेस-कार्य
करने मे तत्पर देखा। इनमे से एक के प्रति मेरी दृष्टि विशेष रूप से आकृष्ट,
हुई। ये साँवले रंग के थे। आयु लगभग बीस वर्ष की होगी। मैंने सुशील बाबू से
कहा कि मैं इस युवक से परिचित होना चाहता हूँ। सुशील बाबू ने कहा कि मेरी
भी निगाह इस पर लगी हुई है परन्तु इसके कुछ ऐसे मित्र है जो हमारी समिति
में नही है। मैने कहा कि अब देर करने की आवश्यकता नहीं है। सुशील बाबू कुछ
देर करना चाहते थे लेकिन मैंने कहा कि मैं आज ही उनसे मिलना चाहता हूँ।
उस दिन तो नही, परन्तु दो-एक दिन के अन्दर ही उनसे मेरा परिचय हो गया।
352 / बन्दी जीवन
इनका नाम था श्री यतीन्द्रनाथ दास। यह ही युवक बाद को सरदार भगतसिंह
के साथ लाहौर षड्यन्त्र के मामले में गिरफ्तार हुआ था और यही भारतवर्ष का
सबसे पहला व्यक्ति था जिसने भूख हड़ताल करके राजनैतिक बन्दियों की मांग
पूरी कराने में अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। प्रधान रूप से इन्हीं बलिदान के
परिणामस्वरूप भारतवर्ष में राजनैतिक बन्दियों के साथ विशेष करके क्रान्ति-
कारी आन्दोलन के सम्पर्क में कैद किए गए व्यक्तियों के साथ ब्रिटिश भारत के
जेलों में अच्छा बर्ताव होने लगा था। आज इस पुरानी बात का स्मरण करते
समय मुझे ऐसी इलाघा का अनुभव होता है कि मैंने उस दिन किसी आदमी को
ठीक-ठीक पहचाना था। राह चलते हुए जिस युवक के प्रति कोई एकाएक आकृष्ट
हो गया हो और वही युवक बाद को यतीन्द्रनाथदास हुआ हो इस बात से किसे
इलाघा का अनुभव न होगा ?
अर्थ-संग्रह करने के काम के लिए मुझे कुछ अस्त्रों की आवश्यकता थी।
युक्तप्रान्त और पंजाब मे मेरे पास कुछ अस्त्र थे लेकिन मैं उन्हें बंगाल मे नही
मँगाना चाहता था। इधर अनुशीलन समिति के नेतागण मुझे अस्त्र-शस्त्र की
सहायता देने के इच्छुक न थे। मैंने देखा कि अनुशीलन समिति के नेताओं से मेरी
पट नहीं रही है। अनुशीलन समिति के नेताओ ने भी देखा कि मैं भी अपनी नीति
से हटनेवाला व्यक्ति नही हूँ। अन्ततः ऐसा ठहरा कि मैं दो-एक महीने तक और
ठहर जाऊँ और अपनी नीति को कार्यरूप में परिणत न करूँ। इस बीच में वे
लोग जाली नोट बनाने का काम करेंगे क्योकि उन्हें आशा है कि उन्हें इस काम
में सफलता प्राप्त होगी। इस प्रस्ताव के अनुसार थोड़े दिनों के लिए शान्त
रहना मैंने स्वीकार कर लिया। लेकिन मैं यह अच्छी तरह से जानता था कि नोट
बनाने के कार्य में वे सफल नहीं होंगे। अब तक दो-तीन नोट मेरे पास आए परन्तु
वे बहुत ही खराब थे, वे नोट बाज़ार में चल नही सकते थे। मैंने शान्त रहना
तो स्वीकार कर लिया लेकिन अपने कार्य की तैयारी स्थगित नही की। जिस
मिल में डाका डालना था वहाँ की स्थिति को पूर्ण रूप से समझने के लिए मैंने
अपने आदमी भेजे एवं उनकी रिपोर्टों की जाँच करने के लिए मैं स्वयं उन स्थानों
पर गया। किस रास्ते से जाना है, कैसे लौटना है, किन मोकों पर किराए के
मकान लेना है, डकैती के बाद किस मौके पर अपने अस्त्र-शस्त्रादि को छोड़ देना
है, कहाँ पर मोटरकार जा सकती है, और कहाँ पर रुपयों को लाकर रखना है,
इन सब कामों के लिए कितने व्यक्तियों की आवश्यकता है, किस मिल में कितना
रुपया मिल सकता है, पंजाब अथवा बम्बई मेल को किस स्थान पर रोका जाएगा,
फिर वहाँ से कैसे हम लोग छापा मारने के बाद भागेंगे, इन सब बातों की जाँच
हुई और प्रबन्ध होने लगा।
इधर मुझे सन्तुष्ट करने के लिए एव मेरी नीति और अनुशीलन समिति के
दूसरे नेताओं की नीतियों में समझौता कराने के लिए एक मीटिंग हुई। बहरमपुर
बंगाल का एक प्रसिद्ध जिला है। मुसलमानों के समय में यह जिला मुर्शिदाबाद
आदर्शों का संघर्ष / 353
के नाम से प्रसिद्ध था। मुर्शिदाबाद और बहरमपुर पास-पास हैं जैसे कि पटना
और बाँकीपुर। मुझे कलकत्ते से बहरमपुर जाना था। हावड़ा और सियालदह के
स्टेशनों पर पुलिस की कड़ी निगरानी थी। लेकिन मेरा जाना तो आवश्यक था
ही। इसलिए कलकत्ते से बारह-चौदह मील दूर एक छोटे-से स्टेशन से ट्रेन पर
सवार हुआ और बहरमपुर न उतरकर उसके पहले ही एक अन्य स्टेशन पर उतर
गया। ऐसे आने-जाने के अवसरों पर थोड़ी-सी भूल के कारण गिरफ्तार हो जाना
सम्भव था। मेरे कई साथी इसी प्रकार गिरफ्तार हो चुके थे। एक सुप्रतिष्ठित
साम्राज्य के विरुद्ध लड़ाई लड़ने की तैयारी करना असाधारण कठिनाई और
संकट से पूर्ण है। इन्हीं सब बातों को देखते हुए हमारे देशवासी राष्ट्रीय षड्यन्त्रों
के मामलों में लिप्त होने में इतने हिचकिचाते हैं। इतिहास के दृष्टान्तों से उन्हें
कोई संकेत नहीं मिलता। कैसर के सुप्रतिष्ठित सुदृढ़ साम्राज्य के विरुद्ध जर्मनी
के क्रान्तिकारियों ने सफलतापूर्वक विद्रोह किया इस बात से उन्हें कोई प्रोत्साहन
नहीं मिलता, आयरलैंड ने ब्रिटेन के नितांत समीपवर्ती होने पर भी उनके विरुद्ध
विद्रोह किया, इससे भी हमारे देशवासियों को कोई शिक्षा नही मिलती। रूस में
भी राज्यक्रान्ति हो गई लेकिन फिर भी हमारे देशवासी समझते हैं कि ब्रिटिश
साम्राज्यशाही के विरुद्ध विद्रोह करने की कल्पना करना भी वाचालतामात्र है।
पता नही हम लोगों को यह सनक कैसे सवार हुई।
बहरमपुर की मीटिंग में हम लोगों का कोई समझौता नही हो पाया। बहुत
वितण्डावाद के बाद मैने अनुशीलन समिति के नेताओं को साफ-साफ बतला दिया
कि यदि वे लोग उग्र कार्यक्रम की नीति को स्वीकार नही कर सकते हैं तो मैं उत्तर
भारत में अर्थात् संयुक्त प्रांत और पंजाब में अपनी नीति के अनुसार कार्य करना
प्रारम्भ कर दूंगा। यदि उन लोगों को यह नीति स्वीकृत नही है तो मैं विवश हूँ।
आर्डिनेंस तो जारी होने ही वाला है। जेलो मे हम लोगों को सड़ना ही है। कुछ
काम करके क्यों न जाएँ। देशबन्धुदासजी की वक्तृता के पहले से ही कलकत्ते में
जोरों की अफ़वाह फैली हुई थी कि डिफेंस आफ इण्डिया ऐक्ट की तरह एक
नया काला क़ानून आर्डिनेंस के रूप में जारी होनेवाला है। दासजी की वक्तृता
के थोडे ही दिन बाद आर्डिनेन्स जारी हो गया था। दासजी की वक्तृता न भी
हुई होती तो भी यह क़ानून जारी अवश्य होता इसमे कोई सन्देह नही। इसकी
तैयारी पूरी तरह से हो रही थी। यह बात सबको मालूम थीं। मेरी दृढ़ता को
देखकर अनुशीलन के नेतागण कुछ विचलित हुए और उन्होंने यह कहा कि पर्चे
बाँटने व छपवाने का काम अभी आरम्भ कीजिए नोट बनाने की परीक्षा समाप्त
होने तक डकैती का काम स्थगित रखिए। पर्चे बाँटते समय केवल इस बात पर
ध्यान रखना है कि जिन स्थानों में उनके नेताओं के केन्द्र हैं उन स्थानों में ऐसा
कोई काम न होना चाहिए जिससे पुलिस की दृष्टि उन स्थानों पर आकृष्ट हो
सके। मैंने इसे भी स्वीकार कर लिया।
इसके बाद मैमनसिंह जिले के एक गांव में हमारे दल के सब नेताओं की एक
354 / बन्दी जीवन'
बैठक हुई। बहरमपुर के दो-तीन नेताओ के अतिरिक्त और कोई उपस्थित न
था। मैमनसिंह की बैठक में लगभग आठ नेता उपस्थित थे । इस सभा में मैंने
हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन की नियमावली सबको दिखलाई इसे देखकर
उन नेताओं के मन में परस्पर कुछ विरोधी भावनाओ की उत्पत्ति हुई। यह मेरा
अनुमान है क्योंकि उन सबों ने इस नियमावली की प्रशंसा भी की थी और साथ
ही यह भी कहा था कि इस प्रकार की लिखित नियमावली की कोई आवश्यकता
नहीं है। जिन सिद्धान्तो के आधार पर यह नियमावली बनाई गई थी मेरी समझ
में उन तक इन लोगो में से किसी की पहुँच न थी। कम्यूनिज्म की नीति से ये
लोग बहुत कुछ अपरिचित थे। बड़े पैमाने में विप्लव की आयोजना के स्थान पर
इन लोगों ने अभी तक केवल आतंकवाद को ही सबसे अधिक महत्त्व दिया था।
आज सन् 1939 ई० में बंगाल की अनुशीलन समिति की यह नीति निर्धारित हुई
है कि अपने दल के स्वतन्त्र अस्तित्व को स्थिर रखने हुए वह दल कांग्रेस समाज-
वादी दल में पूर्ण रूप से सम्मिलित हो जाय। अर्थात् कम्यूनिज्म की नीति को वह
दल आज अपनाना चाहता है तथापि कम्यूनिस्ट पार्टी में सम्मिलित होना वह
उचित नहीं समझता। इसमे यह अनुमान करना स्वाभाविक है कि या तो अनु-
शीलन समिति कम्यूनिज्म के सिद्धान्त को ठीक-ठीक ग्रहण नही कर पाया अथवा
यह बात है कि उसने कम्यूनिज्म के सिद्धान्त को जान-बूझकर ग्रहण नहीं किया।
कम्यूनिस्ट सिद्धान्त को यथार्थ रूप से ग्रहण कर लेने पर कम्यूनिस्ट पार्टी में
सम्मिलित हो जाना स्वाभाविक है। इसमे और भी बहुत-सी बातें हैं जिनकी
आलोचना इस स्थान पर करने की आवश्यकता नही है। यहाँ पर मैं केवल
इतना ही बतलाना चाहता हूँ कि आज जैसे अनुशीलन समिति के नेतागण
समाजवाद के सिद्धान्तों को कुछ सीमा तक ग्रहण कर रहे हैं। मैमनसिंह की
मीटिंग के अवसर पर हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन की नीति में समाजवाद
के जितने सिद्धान्त ग्रहण किये गए थे उन्हें वे उस समय नही ग्रहण कर पाए
थे।
मैमनसिंह की मीटिंग रात-भर होती रही लेकिन मेरी समझ मे उस मीटिंग
में किसी विशेष महत्त्वपूर्ण बात का निर्णय नहीं हो पाया था। कुछ समय तक मैंने
उन लोगों की बातचीत में सहर्ष भाग लिया परन्तु जब मैने देखा कि बात मे बात
बढ़ जाती है और काम की बात कुछ नही हो पाती तो मैंने और अधिक बातचीत
करना उचित नहीं समझा। ऐसा मालूम पड़ता था कि राजनैतिक परिस्थितियों
से कैसे लाभ उठाया जा सकता है, उन परिस्थितियों के अन्तराल में कौन-कौन-
सी शक्तियाँ प्रबल रूप से कार्य कर रही हैं, भविष्य मे इन परिस्थितियों के रूप
कैसे पलटा खाएँगे, जनसाधारण के सामने किस प्रकार अपने सिद्धान्तों को रखना
आवश्यक है जिससे भारतीय राष्ट्रीय आन्दोलन का रुख बदल जाय एवं जनसाधा-
रण प्रकाश्य नेताओं के नेतृत्व की अपेक्षा क्रान्तिकारियो के निर्देशों का प्रभाव
अधिक परिलक्षित हो सके, इन सब बातो का मर्म अनुशीलन समिति
आदर्शों का संघर्ष / 355
के नेतागण उपलब्ध नहीं कर पाए थे। क्रान्तिकारी आन्दोलन में ऐसे व्यक्तियों
का नितान्त अभाव होने के कारण भारतीय राजनीति पर उस आन्दोलन का
उतना प्रभाव नहीं दिखाई पड़ा जितना कि उचित रूप से पड़ना चाहिए था।
मैमनसिंह की मीटिंग में बंगाल, युक्त प्रान्त एवं पंजाब के संगठन का समस्त
कार्यभार मेरे ऊपर छोड़ दिया गया।
वर्षार्ऋतु का अभी अवसान नहीं हुआ था। वायुमंडल वाष्प-भार से
क्लान्त हो रहा था। प्रकृति में तरी के आधिक्य के कारण मनुष्यों के मन नीरस
हो रहे थे। ग्रीष्म ऋतु के अन्त में जैसे नव-नीरद दल को देखने के लिए मनुष्य
तरस जाते हैं वर्षा ऋतु के अन्त में वैसे ही वे नीरद जल से ऊबकर निर्मल
आकाश में सूर्य का प्रकाश देखने के लिए चंचल हो उठते हैं। उत्तर भारत के
निवासियो के लिए तो यह एक साधारण बात है। परन्तु वर्षा ऋतु के अन्त मे
बंगाल एवं विशेष करके पूर्व बंगाल सदा स्नेहार्द्र सजल तटभूमि और जलाशयों के
ऊपर अममान आवाम-स्थानों को देखकर उत्तर भारत के निवासी विस्मय पुल-
कित हो जाते है और व्याकुल भी हो उठते हैं।
पूर्व बंगाल मे जितनी नदियां है भारतवर्ष-भर मे इतनी और कही नही
मिलेगी। मानो उस देश की नदियों का जाल बिछा हुआ है पूर्व बंगाल में जितने
स्टीमर चलते है उतने भारतवर्ष-भर मे और कही नही। वर्षा ऋतु में तो स्टीमर
और नावों की सहायता के बिना कही भी आना-जाना सम्भव ही नही।
नौका पर यात्रा की शोभा एवं उसके सकटो का कुछ भी आभास इन लेखों
से नही मिल सकता। भाषा की परिपाटी से कल्पना का उद्रेक हो सकता है।
परन्तु कल्पना और वास्तविकता मे आकाश पाताल का अन्तर है। नदी के किनारे-
किनारे नौका चल रही है। इतने में पास से स्टीमर निकल गया। स्टीमर के
अधिक समीप रहने में नौका को अत्यन्त खतरा रहता है। और अधिक दूरी पर
रहने से भी स्टीमर के निकलने से जो उत्ताल तरंगें उत्पन्न होती हैं उनका सामना
करना पड़ता है। पूर्व बंगाल के नाविकों को इस बात का बहुत ध्यान रहता है।
नौका के पार्श्व में तरंगों का आघात होने से उसके उलट जाने की विशेष सम्भा-
वना रहती है। इसलिए खवैये तरंगों को आते हुए देखकर अपनी नावों के सम्मुख
भागों को उन तरंगों की ओर मोड़ देते हैं एवं इस प्रकार से नावों को चलाते हैं
कि दोलायमान होने पर भी उनके उलटने की संभावना बहुत कम रह जाती है।
वैशाख के महीने मे तो इतनी आँधियाँ आती हैं कि नौका पर यात्रा करना
भयप्रद होता है। नावें अक्सर पाल लगाकर चलती हैं और जरा-सी भूल के कारण
एक झोके से ही वे उलट सकती हैं। पालों का उपयोग करने में पूर्व बंगाल के
नाविक बहुत ही अनुभवी होते हैं। शहर की सड़कों पर जिस प्रकार इक्के-तांगे
तथा मोटरों के आपस में लड़ जाने की मदा आशंका बनी रहती है उमी प्रकार
पूर्व बंगाल में नदियों पर नावों के आपस में लड़ जाने की सदा आशंका बनी
रहती है। जैसे शहरों में सड़कों के चौराहे होते हैं उसी प्रकार पूर्व बंगाल में
356 / बन्दी जीवन
नदियों के भी चौराहे होते हैं। बंगाल में इन्हें मोहाना कहते हैं। ऐसे जोहानों
पर नावों के लिए खतरा रहता है। किसी-किसी मोहाने के लिए नाविकों में ऐसी
किंवदन्तियां प्रचलित हैं कि अमुक स्थान पर प्रायः नावें डूब जाती हैं। उन
स्थानों से गुजरते समय पूर्व बंगाल के मुसलमान नाविकगण भी नदियों की देवियों
की प्रार्थना करने लगते हैं। पूर्व बंगाल के प्रायः सभी मल्लाह मुसलमान होते हैं।
परन्तु संकट के समय देव, देवी, जिन्द आदि के भी वे पुजारी बन जाते हैं।
इंग्लैण्ड के प्रसिद्ध ऐतिहासिक वक्ल साहब का कहना है कि समुद्र और नदियों
में प्रकृति के निष्ठुर एवं अनियमित आचरणों के कारण नाविक में कुसंस्कार की
मात्रा अत्यन्त अधिक होती है। संभव है इस सिद्धान्त में कुछ सत्यता हो।
मैं वर्षा ऋतु के अन्त में नाव पर मैमनसिंह आया था एवं इसके पहले भी
मुझे पूर्व बंगाल एक-आध दफ़े आना पड़ा था। इन अवसरों पर पूर्व बंगाल के
नौका-रोहण के रहस्य से कुछ-कुछ परिचित हुआ था। नौका पर चलते हुए किसी-
किसी मोहाने पर नाविकों की मानसिक उत्कंठा को देखकर हमारे मन में भी एक
मानसिक उद्वेग उत्पन्न हो जाता था कभी-कभी ऐसे अवसरों पर यह शंका उत्पन्न
हो जाती थी कि ब्रिटिश पुलिस के निर्यातन से तो छुटकारा पा गए परन्तु अब
इन नदी-देवियों के हाथ से निष्कृति पाना दुष्कर है। मल्लाहों एवं यात्रियों में बात-
चीत होने लगती है कि कब-कब इन स्थानो पर कौन-कौन मल्लाह किन-किन
यात्रियों को लेकर नदी गर्भ में विलुप्त हो गए थे। ऐसी परिस्थिति में कुसंस्कार
विमुक्त साहसी पुरुषों के हृदयों में भी मुहूर्त-भर के लिए तो एक अव्यक्त शंका
उपस्थित हो ही जाती है। मुंह से तो हँसते रहते हैं और मूढ़ जनता के कुसंस्कारों
पर अवज्ञा, उपहास एवं अवहेलना की कृपा दृष्टि डालते हैं और अपने को उनसे
श्रेष्ठ समझते हैं परन्तु हृदय के गुप्त कन्दर में एक अनिर्देश्य भय बना रहता है
कि कहीं डूब न जाएँ। कभी-कभी आकाश-मण्डल में जब काले-काले घने बादल
दिखाई देने लगते हैं तो भी मन में कुछ कम शंका पैदा नही होती। इन बातों से
मल्लाह उतना नही डरते थे जितना मैं डरता था।
पश्चिम देश के निवासी इसकी कल्पना भी नही कर सकते हैं कि वर्षा ऋतु
में पूर्व बंगाल के गाँव और कस्बे कैसे समुद्रवत पानी के बीच में टापू से तैरते रहते
हैं, हजारों बीघा भूमि पानी में डूब जाती है। परन्तु उस भूमि का धान पुरछा-
भर पानी से दो-ढाई हाथ ऊपर निकला रहता है। इन धान के खेतों के बीच से
नावें चला करती हैं। न जाने मल्लाह इन पानी से भरे हुए खेतों के बीच से अपने
रास्ते का निर्णय कैसे करते हैं ! बंगाल की नावों पर छप्पर लगे रहते हैं इन
छप्परों के नीचे आराम से बैठने और लेटने का स्थान रहता है। हम नदी में
चलते हुए छप्पर के नीचे आराम से लेटे हुए थे। न जाने कब नदी को छोड़कर
किसी गाँव की ओर चलने लगे। धान के खेतों के बीच से रास्ता बनाते हुए नाव
चलने लगी। धान के पौधों के साथ नाव के पार्श्वदेव और उसके छप्पर के लगने
से सर, सर-सी आवाज सुनकर जब मैंने छप्पर के नीचे के नाव के आगे की ओर
आदर्शों का संघर्ष / 357
बढ़कर सामने देखा तो देखता हूँ धान के खेतों के बीच न जाने कहाँ छिप गए हैं।
एक लम्बे से बाँस की सहायता से मल्लाह पानी के नीचे की भूमि को ढकेलते
हुए अपनी नाव को आगे बढ़ा रहा है। मैं छप्पर के नीचे से निकलकर नाव के
बाहरी भाग पर खड़ा हो गया तो क्या देखता हूँ कि चारों तरफ अनन्त की ओर
धान के पौधे विस्तृत हैं। और बीच-बीच में कुछ बड़े-बड़े वृक्ष भी दिखाई देते
हैं। संभव है मल्लाह इन्हीं वृक्ष तथा बगीचों को देखकर अपने रास्ते का निर्णय
करता हो। कभी-कभी दूसरी ओर से अन्य नावों को भी आते-जाते देखते थे।
इसी प्रकार खेतों के बीच से नावों पर चलते-चलते एक खाड़ी के अन्दर आ गए।
यह स्थान स्वप्न-लोक-सा मालूम पड़ता था। खाड़ी दोनों ओर से वृक्षों से घिरी
हुई थी। दोपहर के समय भी चारों दिशाओं में सूर्य की दीप्ति रहते हुए भी वृक्षों
से घिरी हुई इस खाड़ी के अन्दर अँधेरा-सा लग रहा था। औपन्यासिकों की सृष्टि
नितान्त काल्पनिक नहीं होती। हम षड्यन्त्रकारी गण ब्रिटिश साम्राज्य के विरुद्ध
अंग्रेजों की पलटनों और पुलिस की दृष्टि बचाते हुए इस प्रकार नद-नदी और
खाड़ियों के बीच स्वप्नवत घूमते-घूमते मैमनसिंह के एक गांव को गए और लौट
आए।
मैमनसिंह के गांव में जिस मकान में हम लोग ठहरे थे उसके कितने ही कमरे
बाँसों के मचानों के ऊपर बने हुए थे। इस समय पानी तो हट गया था परन्तु
समस्त स्थान सेंवार से भरे हुए थे। इस दृश्य से मनुष्य व्याकुल हो उठता है।
गुप्त मीटिंग होने के बाद इस मकान में हम लोगों को एक रात और रहना पड़ा
था। अनुशीलन समिति के एक नेता श्री प्रतुल गांगुली और मैंने एक ही कमरे में
रात्रि व्यतीत की थी। एक रात जगने के बाद दूसरी रात हम लोग खूब सोये।
पुलिस हम लोगों की खोज में थी। बंगाल आर्डिनेंस के अनुसार हम लोग गिर-
फ्तार किये जा सकते थे। हम लोगों के वारंट नाम से निकले हुए थे। सोते
समय प्रतुल बाबू ने दो मनुष्यों को बारी-बारी से पहरे में रख दिया था।
मीटिंग का सब काम समाप्त होने पर मैं और प्रतुल बाबू कलकत्ता वापस
लौटे। मेरे साथ बंगवाणी नामक प्रसिद्ध बंगला मासिक पत्र के कुछ अंक थे।
इनमे मेरे लिखे हुए बन्दी जीवन के द्वितीय भाग के कुछ अंश छपे थे। रास्ते में
मैंने प्रतुल बाबू को अपने लिखे हुए इन अंशों को पढ़कर सुनाया।
प्रतुल बाबू चाहते थे कि मैं उनके साथ कलकत्ता को वापस जाते हुए बंगाल
के कुछ जिलों में जाऊँ। मैं जानता था कि प्रतुल बाबू को बंगाल की खुफिया
पुलिस अच्छी तरह से पहचानती है। और मैं यह भी जानता था कि बंगाल की
अधिकांश पुलिस मुझे नहीं पहचानती। इसलिए मैं प्रतुल बाबू के साथ नहीं जाना
चाहता था। प्रतुल बाबू ने मुझे अपने साथ ले जाने के लिए बहुत अनुरोध किया
परन्तु मैंने स्वीकार नहीं किया। आखिर में हुआ वही। मैं तो अपने स्थान पर
सकुशल पहुँच गया लेकिन प्रतुल बाबू घूमते-घूमते एक स्थान पर गिरफ्तार हो
गए।
358 / बन्दी जीवन
कलकत्ता पहुंचकर मैंने अनुशीलन समिति के दूसरे साथियों को फिर नये
सिरे से समझाना चाहा कि हम सब प्रतुल गांगुली की तरह एक-एक करके
गिरफ्तार हो जाएंगे और काम कुछ भी न कर पाएंगे। इसलिए हमारे कार्यक्रम
में शीघ्र ही ऐसा परिवर्तन आवश्यक है जिससे गिरफ्तार होने के पहले हम लोग
कुछ कर सकें और भारतवर्ष के स्वतन्त्रता-संग्राम को आगे बढ़ा सकें।
मैमनसिंह से लौटते समय रास्ते में प्रतुल बाबू से मेरी जो कुछ बातचीत
हुई उससे मैंने अनुभव किया था कि प्रतुल बाबू उस समय तक कम्युनिज्म आदि
सिद्धान्तों से परिचित नहीं थे। भारतीय समाज के नव जागरण से राजनीतिक
क्षेत्र में नवीन चेतना का जैसे संचार होगा वैसे ही साहित्य, कला, ऐतिहासिक
गवेषणा, दार्शनिक सिद्धान्तों तथा धार्मिक भावनाओं में भी युगान्तकारी परिवर्तन
होंगे। इस बात से अनभिज्ञ रहने के कारण प्रतुल बाबू और उनके साथी राज-
नीतिक क्षेत्र के एक तंग दायरे के अन्दर ही अपने विशिष्ट कार्यक्रम में लिप्त
रहते थे। मैमनसिंह से वापस लौटते समय मैंने प्रतुल बाबू को अपने कुछ लेख
पढ़कर सुनाए थे। इन लेखों में कुछ दार्शनिक बातों की भी चर्चा थी। प्रतुल बाबू
इन सब बातों को उपेक्षा की दृष्टि से देखते थे। कम्युनिस्ट नेतागण इस बात
को भली प्रकार समझ गए हैं कि दार्शनिक विचार भूमि पर जिस सिद्धान्त की
प्रतिष्ठा नहीं हुई है उसकी उपयोगिता तथा उसका स्थायित्व सन्देह-युक्त है।
समाज का सर्वांगीण विकास तभी सम्भव है जब एक सुचिन्तित एवं सुविन्यस्त
विचारधारा के आधार पर उसकी अभिव्यक्ति होती हो। कम्युनिज्म के इस
दृष्टिकोण से भारतीय नवयुवकगण आज भी अच्छी तरह परिचित नहीं हैं।
कलकत्ता वापस आकर मैंने सब जिलों से अपने दल के कार्यकर्ताओं को
बुलाना प्रारम्भ कर दिया। अधिकांश कार्यकर्त्ता उग्र कार्यक्रम के पक्ष में थे।
हमारे सामने प्रश्न यह था कि एक ओर तो सरकार ने बिना मुकदमा चलाए हम
लोगों को पकड़-पकड़कर जेलों में बन्द करना प्रारम्भ कर दिया था और दूसरी
ओर अनुशीलन समिति के पुराने नेतागण ऐसा कोई काम करना नहीं चाहते थे
जिससे जनता में क्रान्तिकारी भावनाओं का यथेष्ठ प्रचार होता। मैं यह समझता
था कि संगठित रूप से विस्तारपूर्वक युक्तिपूर्ण ओजस्वी लेखों के द्वारा क्रान्ति-
कारी सिद्धान्तों का प्रचार होना परम आवश्यक है एवं इसके साथ-साथ अर्थ-
संग्रह के लिए देशी धनी व्यक्तियों पर डकैती न डालकर सरकारी सम्पत्ति को
लूटने का प्रबन्ध करना पड़ेगा। अनुशीलन के अन्य नेतागण इस बात से सहमत
नहीं हो रहे थे। परन्तु मैंने स्वतन्त्र रूप से इन सब बातों का प्रबन्ध करना
प्रारम्भ कर दिया।
मैमनसिंह सभा के निर्णय के अनुसार अनुशीलन समिति के पुराने कार्यकर्त्ताओं
ने अपने-अपने अधीन सब सदस्यों का मेरे साथ परिचय कराना प्रारम्भ कर दिया।
इसके अतिरिक्त बंगाल के दूसरे क्रान्तिकारी दलों के नेताओं से मैंने स्वतन्त्र रूप
से मिलना प्रारम्भ किया। इस सम्बन्ध में चटगांव के एक दल के मुख्य व्यक्तियों