सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
संग्रह पर लौटें

श्रीमद् एकनाथी भागवत (सन्त एकनाथ - श्रीमद्भागवत एकादश स्कन्ध उद्धव गीता सविस्तार हिन्दी व्याख्या)

Shrimad Eknathi Bhagavat (Hindi) by N.V. Sapre

सन्त एकनाथ महाराज (अनुवादक: एन. वी. सप्रे) द्वारा

DevanagariHindipublished869 पृष्ठ

चौबीसवाँ अध्याय ६४९
वही मूल माया का स्वरूप है। वहाँ हम ईश्वर के स्वस्वरूप से ही अपने सामने सन्मुख होते हैं। वास्तव में जो
शुद्ध और अद्वितीय ब्रह्म है, उसमें माया का सम्बन्ध मिथ्या है। किन्तु उस माया ने अभेद में भी भेद उत्पन्न कर
शिव और शक्ति (पुरुष और प्रकृति) अलग-अलग बना दिये।
तयोरेकतरो ह्यर्थः प्रकृतिः सोभयात्मिका।
ज्ञानं त्वन्यतमो भावः पुरुषः सोऽभिधीयते ॥ ४॥
उन दो भागों में प्रकृति का भाग विकारयुक्त है तथा पुरुष का भाग अविकारी है ऐसा श्रीकृष्ण स्वयं बताते
हैं। वहाँ पुरुष स्वयं ही अपनी स्त्री बनता है और स्वयं ही उस स्त्री का पति बनता है। इस प्रकार एक में ही
द्विधाभाव दिखा कर शिव और शक्ति ये दो भाग बना दिये। जिस प्रकार हमारा शरीर एक ही होने पर भी उसमें
दायाँ और बायाँ ये दो भाग होते हैं, उसी प्रकार प्रकृति और पुरुष ये भाग भी पूर्णरूप से मायिक हैं, ऐसा समझना
चाहिये। अर्धनारीश्वर में जो पुरुष है, वही स्त्री रहता है। प्रकृति पुरुष का भी वही प्रकार है। अर्थात् उन दोनों
का शरीर एक होकर, उनका आत्मा भी एक है। जब पुरुष का भाग छिपाती है तो प्रकृति को स्वेच्छा से नाचने
देती है और जब प्रकृति का भाग छिपाती है तो पुरुष का स्वरूप स्पष्ट दिखायी देता है। प्रकृति और पुरुष के
बीच का भिन्न भाग जब टूटता है तब न पुरुष रहता है, न प्रकृति। उस समय हमारा स्वस्वरूप ही प्रकट होता है।
सारांश, स्त्री-पुरुष व्यक्ति यह भेद ही समूल व्यर्थ है। इस प्रकार प्रकृति मायिक होने के कारण मिथ्या है। उससे
गुण उत्पन्न होते हैं और उन गुणों से संसार उत्पन्न होता है, ऐसा श्रीकृष्ण स्वयं बताते हैं।
तमो रजः सत्त्वमिति प्रकृतेरभवन् गुणाः।
मया प्रक्षोभ्यमाणायाः पुरुषानुमतेन च॥५॥
प्रकृति पूर्णतयः गुणमयी है उसे पुरुषदृष्टि प्राप्त होने पर तीनों गुण प्रकट करती है। श्रीकृष्ण यही बात
अपने निरूपण में बताते हैं। सूर्य की दृष्टि पहुँचते ही कमल की कली अलग-अलग पंखुड़ियों से विकसित होती
है लेकिन वे सारी पंखुड़िया उस कली में ही होती हैं, उसी प्रकार प्रकृति ईश्वर की दृष्टि मात्र से ही अपने गर्भ
में गुणों को धारण कर गर्भिणी होती है और सत्त्व, रज और तम इन तीन गुणों को उत्पन्न करती है। जिस प्रकार
बीज पानी से फूल कर द्विदलों को खोलता है और उसमें से तीन पत्तों का अंकुर बाहर आता है, उसी प्रकार मुझ
परमात्मा ने स्वयं पुरुषत्व पाकर तथा प्रकृति को पूर्ण रूप से क्षुब्ध कर तीनों गुण प्रकट किये हैं। सूर्य की किरणों
से जिस प्रकार सूर्यकांत पत्थर से अग्नि प्रकट होता है, उसी प्रकार पुरुष जब प्रकृति का उपभोग करता है तो वह
तीनों गुण प्रकट करती है।
तेभ्यः समभवत् सूत्रं महान् सूत्रेण संयुतः।
ततो विकुर्वतो जातोऽहंकारो यो विमोहनः ॥ ६॥
वे तीनों गुण भिन्न-भिन्न हैं किन्तु उस भिन्नता में भी वे एक साथ बढ़ते रहते हैं। उनके नाम हैं सूत्र, प्रधान
और क्रिया। क्रियाशक्ति में जड़त्त्व होता है। उसमें जो चेतनात्मक ज्ञान उत्पन्न होता है उसी का नाम महत्तत्त्व है।
यह अलग नाम उसे इसी कारण प्राप्त हुआ है। महत्तत्त्व और प्रधान इन दोनों का स्वरूप एक ही है। वहाँ क्रिया
और ज्ञान का स्फुरण होता है, इसीलिये दोनों के नाम भिन्न हैं। क्रियायुक्त जिस ज्ञान का स्फुरण होता है, वहीं
अभिमान जागृत होता है और तीन गुणों से पूर्ण अहंकार वहाँ उत्पन्न होता है। अहंकार जब भीषण रूप से
उफनता है तो वह शिव को शिवत्त्व का विस्मरण कराता है और देहात्मवाद का पूरी तरह भुलावा देकर जन्म-

६५० श्रीमद् एकनाथी भागवत
मरण का भोग भोगने को बाध्य करता है। उस अहंकार की सम्मोहक शक्ति संसार के भ्रम से भ्रमित करती है।
अहंकार से किस प्रकार विकार उत्पन्न होते हैं, उसके बारे में श्रीकृष्ण बताते हैं।
वैकारिकस्तैजसश्च तामसश्चेत्यहं त्रिवृत्।
तन्मात्रेन्द्रियमनसां कारणं चिदचिन्मयः ॥७॥
अहंकार अत्यन्त असाध्य है। सत्त्वादि गुणों के अनुसार उसके तीन प्रकार हैं। गुण और अहंता यही बड़ा
संसार है। गुणों का विकार ऐसा है कि पहले सात्त्विक अहंकार उत्पन्न होकर, वह अंतःकरण को प्रकाशित करता
है। वही अनेक देवताओं में विकार उत्पन्न करने वाला है, इसलिये उसे 'वैकारिक' कहते हैं। राजस अहंकार
ज्ञानेन्द्रियों का तथा कर्मेन्द्रियों का प्रकाशक रहता है। राजस तेज का विलास उसे अच्छा लगता है इसलिये उसे
'तैजस' कहते हैं। तामस अहंकार का परिणाम यह होता है कि वह सूक्ष्म परमाणुरूप भूतों को उत्पन्न करता है।
इसीलिये, हे उद्धव! उसे 'भूतादि' कहते हैं। अहंकार का प्रभाव विचित्र है। वह सचेतन को अचेतन (माया) से
जोड़ता है और ज्ञान-अज्ञान से पक्का मेल कराकर बड़े प्रेम से अपना ब्याह रचाता है। जीव ज्ञानस्वरूप है,
उसका जड़ देह के साथ ब्याह करा देता है। अभिमान ही 'ॐ पुण्याहं' कहकर उसे एक करने वाला ज्योतिषी
है। जीव विशुद्ध ज्ञानस्वरूप है तथा उसे हड्डियों के ढाँचे में जकड़ देता है। इस प्रकार अहंकार अत्यन्त उत्पाती
है। वही सात्त्विक, राजस और तामस का चारों ओर विस्तार कर संसार की वृद्धि करता है।
अर्थस्तन्मात्रिकाज्जज्ञे तामसादिन्द्रियाणि च।
तैजसाद् देवता आसन्नेकादश च वैकृतात् ॥८॥
विषय ही महाभूत हैं। तामसगुण ने उन पंचमहाभूतों का एक-दूसरे से मिले बिना अलग-अलग निर्माण
किया है। वे पंचमहाभूत विषयों से उत्पन्न होते हैं। अब उनके ही बारे में बताता हूँ, सुनो। शब्द से आकाश उत्पन्न
होता है, स्पर्श से वायु उत्पन्न होता है, रूप से तेज उत्पन्न होता है और रस से जल उत्पन्न होता है। गंध से कठोर
पृथ्वी का जल में निर्माण हुआ है। इस प्रकार इनका निर्माण अलग-अलग होता दिखायी देने पर भी उनकी परस्पर
एकता भंग नहीं होती। उसका कारण इस प्रकार है—निःशब्द (परब्रह्म) से शब्द का निर्माण हुआ और उसने
आकाश उत्पन्न किया। आकाश में सूक्ष्म स्पर्श उत्पन्न हुआ और उस स्पर्श ने वायु का निर्माण किया। इस प्रकार वायु
में शब्द और स्पर्श इन दोनों का वास रहता है। उस वायु ने रूप उत्पन्न किया और उस रूप से तेज का उदय हुआ।
उत्पन्न हुए उस तेज में शब्द, स्पर्श और रूप इन तीनों का वास रहता है। रूप से रस उत्पन्न हुआ और उस रस से
जल का उद्भव हुआ। इस प्रकार जन्म लेनेवाले जल में शब्द, स्पर्श, रूप और रस का वास रहता है। इस प्रकार
विषयों में विषय मिलकर एक साथ रहते हैं। जल में गंध उत्पन्न होता है और उस गन्ध से शुद्ध पृथ्वी का निर्माण
होता है। ऐसी यह पृथ्वी शब्द, स्पर्श, रूप, रस और गन्ध इन पाँच विषयों से युक्त है। ऐसे ये विषययुक्त विविध
पंचमहाभूत जो पहले सूक्ष्म रीति से विलीन हुए रहते हैं, वे ही अब स्थूल रूप लेकर पंचमहाभूत के नाम से प्रसिद्ध
हो जाते हैं। पाँच ज्ञानेन्द्रिय, पाँच कर्मेन्द्रिय और कान आदि दस इन्द्रिय राजस अहंकार से अपने आप ही उत्पन्न होते
हैं। सत्त्वाहंकार के विकारों से मन, बुद्धि, चित्त और अहंकार आदि चित्तचातुष्ट्य का चमत्कार उत्पन्न होता है और
प्रजापति-इंद्रादि ग्यारह देवतागण इन्द्रियों के अधिष्ठाता बन जाते हैं। वास्तव में महाभूत अत्यन्त जड़ हैं। इन्द्रियाँ
उनकी प्रवर्त्तक हैं, अंतःकरण उनका चालक है तथा देवता कर्म के प्रकाशक हैं। तीन प्रकार की अहंकार वृत्ति
गुणक्षोभ से क्षोभक शक्ति बन जाती है। इस प्रकार सारे ब्रह्माण्ड की रचना हुई है।

चौबीसवाँ अध्याय ६५१
मया संचोदिता भावाः सर्वे संहत्यकारिणः।
अण्डमुत्पादयामासुर्मायातनमुत्तमम् ॥९॥
भूतों में एक-दूसरे के प्रति वैरभाव रहता है। जल, पृथ्वी को निगलने के लिये दौड़ता रहता है; तेज
(अग्नि) निश्चित रूप से उस जल का विनाश करता है, तेज को वायु निगल लेता है, वायु को आकाश निगल
जाता है। इस प्रकार भूतों में भी परस्पर प्रेम भाव नहीं होता। उसमें मैं अंतःकरणस्वरूप से स्वयं प्रवेश कर सभी
भूतों को एकत्र लाकर उनकी मर्यादा की रक्षा करता हूँ। मैंने मर्यादा की सीमारेखा बना दी है इसलिये जल पृथ्वी
को घुला नहीं सकता। तेज ही शोषण क्रिया का नख उदक को नहीं लगा पाता। उसी प्रकार वायु भी तेज को
नहीं निगलता और वायु कितनी भी स्वेच्छाचारिता क्यों न करे लेकिन उसे आकाश कभी नहीं निगलता और न
उसकी गति पर ही प्रतिबन्ध लगाता है। इस प्रकार इन सारे महाभूतों ने मिलकर मुझ महापुरुष के रहने के लिये
इस ब्रह्माण्ड का निर्माण किया है। विशाल सप्त आवरणों के साथ विस्तीर्ण स्थान व्याप कर मयूर के अण्डे के
आकार का ब्रह्माण्ड निर्मित किया है।
तस्मिन्नहं समभवमण्डे सलिलसंस्थितौ।
मम नाभ्यामभूत् पद्मं विश्वाख्यं तत्र चात्मभूः ॥१०॥
इस प्रकार आज जो ब्रह्माण्ड अस्तित्व में है; उसमें स्वयंभू विश्वात्मा रहने वाला मैं नारायण अपनी लीला
से देहधारी बन गया। मेरी उस नाभि में विश्व का आधारभूत नाभिकमल उत्पन्न हुआ और उसमें उत्तम 'आत्मभू'
नामक ब्रह्मदेव का जन्म हुआ। वह उदर में गर्भस्थ रहकर योनिद्वार से इस संसार में नहीं आया था, बल्कि वह
मेरे आत्मा से स्वयंभू ही उत्पन्न हुआ था। इसीलिये ब्रह्मदेव को 'आत्मभू' कहते हैं। ब्रह्माण्ड स्वयं ही विराट् देह
है और विग्रह उसका प्रमुख भाग है। इस प्रकार ब्रह्मदेव मेरे नाभिकमल से उत्पन्न हुआ है। सृष्टि का निर्माण
करने के लिये पद्मनाभ के नाभिकमल में रजोगुण की प्रधानता बढ़ाकर ब्रह्मदेव ने स्वयं ही जन्म लिया।
सोऽसृजत्तपसा युक्तो रजसा मदनुग्रहात्।
लोकान् सपालान् विश्वात्मा भूर्भुवःस्वरिति त्रिधा ॥११॥
इस प्रकार रजोगुण प्रधान ब्रह्मदेव, जन्म से लेकर नाभिकमल में बैठ गया लेकिन वह उसके जन्म का
कारण जो मैं नारायण हूँ, उसे नहीं देख सका। वह स्वयं कमल में बैठा था, इसलिये कमल का मूल नहीं देख
सका। वह रजोगुण में लीन था इसलिये उसे सर्वत्र एकरूप समुद्र का जल ही दिखायी देने लगा। उस कमल का
मूल देखने के लिये उसने समुद्र में डुबकी ली और कितने ही दिन तक वह पानी में ही था फिर भी उसे कमल
के मूल का पता नहीं चला। अन्त में वह पानी के भय से घबरा गया और पानी के बाहर आकर लम्बी साँस लेने
लगा। फिर वह पुनः कमल पर आकर बैठ गया, लेकिन आगे क्या किया जाय, उसकी समझ में नहीं आ रहा
था। वह बोला, “हे अच्युत! दौड़कर आ जाओ और मुझ पर प्रसन्न हो। मुझ पर संसार के प्रति आया अंधत्व दूर
करो। तुम्हारे सिवा मेरा पूरी तरह संरक्षण करने वाला कोई नहीं है।” ब्रह्मदेव आखिर मेरी ही सृष्टि था। बेचारा
रज से अन्धा हो गया था। वह जब नाभिकमल से ही चिपक कर बैठ गया तो मुझे तत्काल उस पर दया आ
गयी। मुझ विश्वात्मा का ही वह पुत्र था लेकिन केवल जड़त्त्व के कारण स्तब्ध होकर रह गया। तब मैंने उस
तपोनिष्ठ को सृष्टि का निर्माण करने का उपदेश दिया। महाकल्पादिक के प्रारम्भ में मैंने अपनी आकाशवाणी से
'तप तव' इन दो शब्दों से श्रेष्ठ ब्रह्मदेव को उपदेश दिया। मेरे उपदेश के अनुसार तप करने के कारण उसके

६५२ श्रीमद् एकनाथी भागवत
सत्त्वगुण में वृद्धि हुई और उसके पहले के उस सत्त्वगुण के कारण ही मैं साक्षात नारायण बन गया।
"त्रिकालाबाधित विश्वात्मा सचमुच तुम ही हो" इस आशय के चतुःश्लोकी भागवत का मैंने उसे उपदेश किया।
मेरे उपदेश से वह समबुद्धि होकर रह गया और इतने कल्प बीतने पर भी उसे मोह स्पर्श नहीं कर पाता। इस
प्रकार कल्प के प्रारम्भ में ब्रह्मदेव ने जब समाधि धारण की तो उसे आत्मबुद्धि प्राप्त होकर उसने यह सारी
उत्पत्ति करने का कार्य पूर्ण किया। देवता, राक्षस, मनुष्य, सर्प आदि के बस्ती वाले तीनों लोक, सात पाताल तथा
विलक्षण सात गोपुरों का भी उन्होंने निर्माण किया। 'भूः' अर्थात् पाताल लोक, 'भुवः' अर्थात् मृत्युलोक और
'स्वः' अर्थात् स्वर्गलोक इन्हीं को मिलाकर त्रिभुवन कहा गया है। कुल मिलाकर चौदह लोक हैं और वहाँ रहने
वाले लोकपालों का स्पष्ट वर्णन श्रीकृष्ण कर रहे हैं।
देवानामोक आसीत् स्वभूतानां च भुवः पदम्।
मर्त्यादीनां च भूर्लोकः सिद्धानां त्रितयात् परम्॥ १२॥
अधोऽसुराणां नागानां भूमेरोकोऽसृजत् प्रभुः।
त्रिलोक्यां गतयः सर्वाः कर्मणां त्रिगुणात्मनाम्॥ १३॥
पिछले श्लोक के अन्त में भूः, भुवः, स्वः इस प्रकार तीन लोकों का श्रीकृष्ण ने स्पष्ट वर्णन किया है।
उसी प्रकार अगले श्लोक में पाताल लोक का अर्थ बताया है और उसका मृत्युलोक से ऐक्य है इसका भी
यथातथ्य निरूपण किया है। इन्द्रादि समस्त देवताओं के रहने के लिये स्वर्ग ही एक स्थान है। यक्ष, राक्षस, भूत
और गन्धर्वों के रहने के लिय आकाश है और जहाँ से मोक्ष जा सकते हैं, परलोक जा सकते हैं, वह कर्मभूमि
अथवा अतल सप्त पाताल के साथ पृथ्वी बड़े भाग्य से मनुष्य को रहने के लिये मिली है। सिद्ध पुरुष त्रैलोक्य
के ऊपर रहते हैं। वह सिद्धों के रहने का सिद्धस्थान है। अतल, वितल, सुतल, रसातल, महातल, तलातल और
पाताल ये पृथ्वी के नीचे रहने वाले पाताल हैं। अब सप्त पाताल के अधिकारियों के भी नाम सुन लो। तो अतल
में मयासुर का पुत्र बल रहता है। वह पराक्रम में प्रबल है। उसके पास राक्षसों का बड़ा समुदाय है। वितल में
हाटकेश्वर है। कर्पूर की तरह गौरवर्ण जो उमाकांत है वही हाटकेश्वर है। वहाँ हाटक नाम की नदी बहती है
जिसमें सुवर्ण की राशियाँ बहती हैं। सुतल में महान भगवद्भक्त बली राजा है और उसका द्वारपाल विष्णु है।
प्रह्लाद भी उसके पास विष्णु भक्तों के साथ रहता है। शंकर ने त्रिपुरासुर का वध करने के उपरान्त रसातल में
मयासुर की स्थापना की। वह मायावी तथा महान पराक्रमी वीर सपरिवार वहीं रहता है। विष धारण करने वाले
क्रोध कद्रू कु पुत्र सर्प, वे सारे महातल में निवास करते हैं। तलातल में दानव रहते हैं, जिन्हें 'निवातकवची' वीर
कहते हैं। (वे प्रह्लाद के भाई संह्लाद के पुत्र हैं) वहाँ का राजा नाग है जो उन्हें पूज्य है। उस स्थान की रचना
अपूर्व है। सातवें पातल में नाग रहते हैं। जहाँ एक लाख नागों का समुदाय जिसकी सेवा में तत्पर है, ऐसे
वासुकि आदि अनेक महान नाग पद्मिनीयों के साथ विलास करते रहते हैं। जिस प्रकार स्वर्ग में रंभा, उर्वशी आदि
सुन्दर स्त्रियाँ हैं, उसी प्रकार पाताल में पद्मिनी नाम की स्त्रियाँ हैं। उनके सौन्दर्य का वर्णन परलोक में भी होता
रहता है। उसके नीचे तीन सौ योजन नीचे सहस्रमुख का शेषनाग रहता है। उसके शरीर पर ही मैं भगवान शयन
करता हूँ। इसके भी काफी नीचे अंधतामिस्रादि बड़े-बड़े नरक हैं। उससे भी नीचे कूर्म है तथा उसके नीचे
आवरणोदक है। जिनका स्वर्ग का भोग क्षीण होने लगता है और केवल अधोभाग का ही भोग भोगने का पुण्य
शेष रह जाता है उस पुण्य के क्रम से ही वे लोक सप्तपाताल में जन्म लेते हैं। जिसकी गाँठ में केवल पाप ही

चौबीसवाँ अध्याय ६५३

रहता है वह अनेक प्रकार के नरकों का भोग भोगता है। ऐसी यह सृष्टि त्रिलोकी ब्रह्मदेव की ही रचना है। हे
उद्धव ! जिसका मन इच्छारहित नहीं है, जिसने स्वप्न में भी विरक्ति का दर्शन नहीं किया है, उन्हें निश्चित रूप
से त्रैलोक्य से ऊपर गति नहीं है। जो मेरी भक्ति नहीं करते, जो मेरी कीर्ति नहीं सुनते, जो संसारबन्धन को तोड़ने
वाले मेरे रामनाम का उच्चार नहीं करते, उन्हें बार-बार स्वर्ग तथा नरक का भोग भोगना पड़ता है और वे बार-
बार पाताल लोक तथा मृत्युलोक में अनेक प्रकार की योनि में जन्म लेकर दुःख भोगते हैं। जो इन तीन गुणों में
लिप्त रहते हैं तथा सदैव लोभी बने रहते हैं, वे निरन्तर सकाम कर्म ही करते रहते हैं, उन्हें उनका त्रिगुणात्मक
धर्म कभी त्रैलोक्य के बाहर नहीं जाने देता। यह पाताल का वर्णन हुआ अब स्वर्ग की रचना सुनो। फिर अन्य
लोकों की रचना भी सुनाऊँगा। जहाँ तक सूर्य और चन्द्रमा का प्रकाश पहुँचता है वहीं तक पृथ्वी का महत्त्व है।
लेकिन लोगों की बस्ती नीचे पाताल से लेकर ऊपर स्वर्गलोक तक अनेक लोकों में है ही। जहाँ पैरों से चलते हैं,
वह भूलोक है। वहाँ से सूर्य तक भुवलोकों का विस्तार है। उस भुवलोक में यक्ष, रक्ष और गन्धर्वों की बस्ती है।
भुवलोक से भी ऊपर सूर्यलोक का विस्तार होता है। पृथ्वी से लक्ष योजन दूर सूर्यलोक है, यह ध्यान में रखो।
कालरूपी, सूत्रधार वायु निर्मित चक्र पर सूर्य, चन्द्रमा और तारागण इन्हें बड़े कौशल से सजाकर उन्हें गोल-गोल
घुमाता रहता है। लेकिन उस काल पर भी मेरा नियंत्रण है। मेरे भय से ही क्षण, लव, निमिष आदि विभागों में
आधिक्य या कमी नहीं आ पाती। इस कालचक्र की गति बड़ी आश्चर्यजनक है। एक महीने में सूर्य और चन्द्रमा
एक साथ आते हैं। नक्षत्रचक्र में चन्द्रमा का एक परिभ्रमण पूर्ण होने के दो दिन के बाद कुल मिलाकर २९ दिन
के बाद चन्द्र सूर्य के आड़े आता है। अमावस्या और प्रतिपदा के संधिकाल में जब चन्द्रमा अपने भ्रमण मार्ग में
यथावकाश चलता रहता है उस समय उसका राशि अंशादि स्थान सूर्य के जितना ही होता है। सूर्य के तेज के
कारण वह लोगों को दिखायी नहीं देता। इतनी-सी बात पर ज्योतिषी लोग उन दिन सजीव रहने वाले (आकाश
पर उपस्थित) चन्द्रमा को मृत कह देते हैं और सब लोग उसे सच मान लेते हैं। सूर्य और चन्द्रमा अपने अलग-
अलग रास्तों पर चलते हुए कभी एक-दूसरे से नहीं टकरायेंगे। किन्तु महीने के अन्त में (अमावस्या के दिन)
उनकी गति से उनके बिम्ब लक्षान्तर पर समान दूरी पर आ जाते हैं। जो ग्रह अपनी गति से सूर्य के आड़े आता है
(सूर्य के निकट होने के कारण नहीं दिखायी देता) उसके अस्त होने की सूचना ज्योतिषी देते हैं और लोगों को
उनकी बात सच लगती है क्योंकि उस समय वह ग्रह दिखायी भी नहीं देता। वेदांत में जो दृष्टि सृष्टि का
सिद्धान्त है वह ज्योतिषशास्त्र में भी सत्य है क्योंकि जो नहीं दिखायी देता उसका ज्योतिषी लोग अस्त मानते हैं
और जो दिखायी देता है, उसकी पूजा करते हैं। ग्रहण लगने के बाद वह कुछ समय तक बादलों के पीछे रहता
है, फिर भी यदि बादल न होते तो उन्हें ग्रहण दिखायी देता है। वे लोग उस काल को पर्वकाल मानते हैं लेकिन
वही ग्रहण जिस देश में दृश्य आकाश में नहीं होता (चन्द्रग्रहण यदि दिन में हो जाय तो उस समय चन्द्र दृश्य
आकाश में नहीं होता, उसी प्रकार रात्रि का सूर्यग्रहण भी दृश्य आकाश में नहीं होता) वहाँ के लोग ग्रहण लगा
हो ऐसा मानते ही नहीं हैं। सूर्य और चन्द्र के एक ओर राहुकेतु की बस्ती है। वे राहु केतु जब सूर्यचन्द्र के बिम्ब
के आड़े आते हैं तो उन्होंने सूर्य-चन्द्र को ग्रस लिया ऐसा कहा जाता है। वास्तव में यदि राहु सूर्य को निगलने
का प्रयास करे तो उसका मुँह ही जल गया होता है। एक बिम्ब के आड़े दूसरा बिम्ब आता है, यही उस ग्रहण
के सर्वग्रासों का सामान्य तत्त्व है। वास्तव में सूर्य अपने 'सूर्यमण्डल' में राजकाज करता है किन्तु सूर्यग्रहण के
समय उसके सर्वग्रास का माहात्म्य ज्योतिषी घर-घर में बताता रहता है और वह ग्रहण देखकर साधारण जनता
भी कोलाहल करने लगती है। सूर्य के खग्रास ग्रहण की बात सुनकर संसार में अपूर्व कोलाहल मच जाता है।

६५४ श्रीमद् एकनाथी भागवत
किन्तु वास्तव में सूर्य और राहु की भेंट भी नहीं होती और अन्त तक उनका परस्पर स्पर्श भी नहीं होता।
ग्रहमण्डल भले ही तीव्र गति से पूर्व से पश्चिम की ओर जाता दिखायी दे लेकिन सूर्य चन्द्रादि की वास्तविक
गति वैसी नहीं होती। वे अपनी मर्यादा के अनुसार ही चलते रहते हैं (नक्षत्रमण्डल के क्रम के अनुसार पश्चिम
से पूर्व की ओर जाते रहते हैं। वास्तव में वे पूर्व से पश्चिम की ओर नहीं चलते लेकिन केवल वैसा आभास होता
है। सूर्यलोक से लक्ष-लक्ष योजन ऊपर चन्द्रलोक है (तैत्तिरीय संहिता, तैत्तिरीय ब्राह्मण और श्रीमद्भागवत की
ऐसी कल्पना है)। चन्द्रलोक से लक्ष-लक्ष योजन की दूरी पर नक्षत्रलोक है। उसके ऊपर दो लक्ष योजन के
अन्तर पर बुधलोक है। उसके ऊपर दो लक्ष योजन के अन्तर पर शुक्र लोक है। सारे दैत्य एक साथ मिलकर
जिसकी नित्य शरण में आते हैं वही दैत्यों का गुरु शुक्राचार्य है। शुक्र लोक से ऊपर दो लक्ष योजन के अन्तर पर
मंगल लोक आकाश में है। उससे ऊपर दो लाख योजन के अन्तर पर देवगुरु निवास करते हैं। इन्द्र, चन्द्र, वरुण,
सूर्य आदि देवता आदरपूर्वक नित्य आकर जिनके चरणों का वन्दन करते हैं, उसी गुरु का वह वृहस्पति लोक है।
उससे भी ऊपर दो लाख योजन के अन्तर पर सूर्यपुत्र शनि का वास है। उससे ऊपर एक लाख योजन के अन्तर
पर सप्तऋषि का निवासस्थान है। जहाँ सप्तऋषियों का समुदाय रहता है, वहीं अरुंधती भी रहती है और उससे
भी ऊपर इन्द्र के वैभव से सुशोभित अमरावती बसी हुई है। वहीं इन्द्र रहता है, ऐरावत पर आरोहण करता है,
मरुद्गण जिसके सभासद हैं, देवतागण ही जिसकी सेना है, जहाँ उच्चैःश्रवा नामक अश्व है, कल्पतरु का मनोहर
बगीचा है। कामधेनुओं के झुण्ड हैं और क्रीड़ा करने के लिये नंदनवन है। जहाँ की सीढ़ियाँ चिन्तामणि की बनी
हुई हैं जहाँ रंभा-उर्वशी सरीखी विलासिनी स्त्रियाँ हैं, जहाँ अष्टनायिकायें नृत्यांगना बनकर रंगसभा में नृत्य
प्रस्तुत करती हैं, ऐसे उस इन्द्र के वैभव से सजी हुई अमरावती का अधिपति इन्द्र है। यहीं स्वर्ग की सीमा
समाप्त होती है। यही सचमुच त्रैलोक्य है। अब इस त्रैलोक्य के बाहर एक लाख योजन के अन्तर पर
भक्तवत्सल श्रीहरि ने अपनी कृपा से ध्रुवमण्डल का निर्माण किया है। त्रैलोक्य में प्रलय ही क्यों न आ जाय
लेकिन ध्रुव को कभी भी अपने स्थान से नहीं हटना पड़ता। वह सदा अटल रहता है। इसीलिये ध्रुवपद को
अटल कहा जाता है। पृथ्‍वी से एक करोड़ योजन के अन्तर पर महर्लोक है, यह ध्यान में रखो। वहाँ कल्पांत तक
की आयु के लोग रहते हैं। वही उनका वसतिस्थान है और देखो। वहाँ से एक कोटि योजन के अन्तर पर
जनोलोक है। वहाँ जितेन्द्रिय तथा महोयोगी जैसे सनकादिक वास करते हैं। वहाँ से आगे जाने पर दो कोटि
योजन के अन्तर पर तपोलोक है। तपस्वी वैराजदेव ही वहाँ के सच्चे निवासी हैं। वहाँ से ऊपर चार कोटि योजन
के अन्तर पर जो प्रदेश है, वहाँ सत्यलोक है। वहाँ के अधिपति ब्रह्मदेव हैं। वहाँ चारों वेद मूर्तिमंत हैं, सुप्रसिद्ध
सर्व धर्ममूर्तिमंत है। शुद्ध ब्रह्मचर्य मूर्तिमंत है और साक्षात तप भी मूर्तिमंत है। वहाँ गायत्री मूर्तिमंत रहती है, वाणी
मूर्तिमंत रहती है, दया मूर्तिमंत रहती है और उस ब्रह्मदेव के घर में योग भी मूर्तिमंत रहता है। दक्षिणाग्नि,
गार्हपरय तथा आहवनीय इस प्रकार जो तीन अग्नि वास्तव में एकरूप होते हुए भी भिन्न-भिन्न मालूम होते हैं, वे
वहाँ मूर्तिमंत रहते हैं। सत्यलोक में सत्य मूर्तिमंत रहता है, वहाँ असत्य रहता ही नहीं है। वहाँ रहने वाले लोग
कौन हैं, बताता हूँ। गायत्री मंत्र का जाप करने वाले, ब्राह्मणों का चरणतीर्थ प्राशन करने वाले और यज्ञयाग के
निष्काम उपासक वहीं रहते हैं। जिन्होंने ब्राह्मणों का कार्य करते मृत्यु प्राप्त की, जिन्होंने गौरक्षा के लिये अपने
प्राणों की बलि चढ़ा दी जो परोपकार करते-करते दरिद्र बन गये, वही लोग सत्यलोक में गये हैं। जिन्होंने
निष्काम बुद्धि से ब्राह्मणों की सेवा की, जिन्होंने निष्काम बुद्धि से ब्राह्मणों की पूजा की, जिन्होंने निष्काम बुद्धि
से ब्राह्मणों को भोजन कराया, वे सत्यलोक पहुँच गये। जो दीनजनों पर उपकार करने के लिये कृपालु बने, संसार

चौबीसवाँ अध्याय ६५५
बन्धनों से कष्ट पाने वाले लोगों को बन्धनमुक्त करने के लिये जो कृपालु बने, जो सत्य बोलने वाले तथा
सात्त्विक प्रवृत्ति के होते हैं, वही सत्यलोक के निवासी हैं। जो परनिन्दा के प्रति मूक, परस्त्री के प्रति नपुंसक,
पराये धन के प्रति उदासीन होते हैं, वही सत्यलोक के रहिवासी हैं। वहाँ का अधिपति ब्रह्मदेव है। उद्धव! इसके
ऊपर ब्रह्मवेद की कोई सृष्टि नहीं है, इसे ध्यान में रखो। भोले शंकर ने ब्रह्माण्ड से अलग अपने कैलास का
निर्माण किया है और मेघश्याम विष्णुने वैकुण्ठ का निर्माण किया है। ये लोक उन्होंने अपनी-अपनी लीला से ही
तैयार किये हैं। ब्रह्माण्ड में परिवर्तन होते रहते हैं लेकिन उसकी आँच वैकुण्ठ और कैलास पर नहीं आती। वहाँ
रहने का आनन्द विष्णुभक्त और शंकरभक्त अच्छी तरह जानते हैं। वहाँ न काल का प्रवेश हो पाता है, न कर्म का
कर्मबन्धन है और न जन्म-मरण है। जो अनन्य भक्त हैं उन्हें ही यह स्थल प्राप्त होता है। वैकुण्ठ और कैलास
की रचना का वर्णन करते समय मन का मनपन समाप्त हो जाता है। हे बुद्धिवान उद्धव! अब वहाँ के लोगों के
लक्षण बताता हूँ, सुनो। ब्रह्माण्ड से बिलकुल बाहर और माया-आवरण के भीतर शिव ने कैलास तथा विष्णु ने
वैकुण्ठ ये लोक अपनी लीला से निर्मित किये। समस्त जीवों को सुख प्रदान करने वाला, पार्वती का परमेश्वर,
योगियों का योगेश्वर वह शंकर कैलास में रहता है। वह मस्तक पर जटा धारण करता है, मस्तक पर गंगा धारण
करता है, पिनाक नाम का धनुष हाथ में धारण करता है, जिसका वर्ण पंचमुखी, कर्पूर अथवा गोरस की तरह
शुभ्र है और जो अपने भक्तों को सदा अभय देता है और वरदायक है, अकार, उकार और मकार इन तीन मात्राओं
के परे का है, जो त्रैलोक्य का नेत्र है, त्रिपुर का नाश करने वाला, त्रिविध तापों का शमन करने वाला और तीनों
लोकों को सुखी करने वाला है। नागभूषण धारण करने के कारण उसकी शोभा विशेष रूप से खिल जाती है,
जिसने रुद्राक्ष और रुंडमाला धारण की है, जिसका कंठ नीलरत्न की तरह है, भस्म का लेप करने के कारण
उसका शरीर धुएँ की तरह दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में त्रिशूल और डमरू है, उसे तीन नेत्र हैं, उसके शरीर
पर वस्त्र के नाम पर केवल व्याघ्रांबर है। उसके हाथ की जपमाला सदा रामनामजप में तत्पर रहती है। बली का
पुत्र सहस्रबाहु बाणासुर, श्रृंगी, भृंगी, चंडी ये जिसके सेवक हैं, इसके अलावा साठ हजार रुद्रगण चमचमाते
हँसिया और त्रिशूल लेकर सदा तैयार रहते हैं। गणपति, कार्तिक स्वामी, नंदी, पंचमुख, षण्मुख और जिसने दक्ष
को शिक्षा दी थी वह वीर सेनापति वीरभद्र, भूत, प्रेत, पिशाच और बड़े-बड़े देवतागण यही जिसकी सेना है,
ऐसा वह शंकर है और शेष सब उसके आज्ञाधारी हैं। वे सदा शिवनाम की गर्जना करते रहते हैं। शंभु, शिव,,
शूली, शंकर, उमाकांत, कर्पूरगौर, भव, भर्ग, भवानीपति, कपर्दी, ईश्वर, महादेव अथवा 'हर हर शंकर' इस
नामोच्चार के भय से ही कलिकाल दूर भाग जाता है। कैलास पर्वत सदा शिवनाम की ही गर्जना करता रहता है
और वहाँ का राजकाज शंकर देखता है। जहाँ शिवनाम का उच्चार होता है, वहाँ शंकर आनन्दपूर्वक रहता है। वह
ईश्वर भक्तों के प्रति अत्यन्त कृपालु है तथा सदा भोले भाव से भक्तों के वश में होने वाला है। तीन गुण यही मेरे
भक्तों के शत्रु हैं इसलिये उन त्रिगुणों का संहार करने के लिये ही उसने हाथ में सदा त्रिशूल धारण किया हुआ
है। वह अपने डमरू के घोष से पापों का पूरी तरह संहार करता है। कैलास पर्वत पर की घास, पेड़, पशु, पक्षी
अथवा और जो भी कुछ है वे सब शंकर के आज्ञाधारक हैं। बल्कि यह कहें कि वे सब शंकर के ही रूप में वहाँ
रहते हैं। इस प्रकार शंकर ने ब्रह्माण्ड के बाहर अपनी लीला से ही कैलास पर्वत निर्माण कर उसकी स्थापना की
और वहाँ भवानी के साथ मिलकर राज्य का कारबार देखते हैं। अब तुम्हें वैकुण्ठ की भी स्थिति बताता हूँ।
उसकी स्थिति ऐसी है कि उसे सुनते समय चित्तवृत्ति आनन्द स्फूर्ति से लबालब भर कर बाहर बहने लगती है।
ऊख का रस निकाल कर उसकी शक्कर बनाते हैं और अत्यन्त कुशल लोग उसके विविध व्यंजन तैयार करते हैं।

६५६ श्रीमद् एकनाथी भागवत
उसी प्रकार भगवान ने अपने निवास के लिए सारे चैतन्य का रस निकाल कर तथा उसे गाढ़ा बनाकर उससे
वैकुण्ठ की रचना की है। अपनी ही लीला से निर्मित सगुण, साकार, सुकुमार, अत्यन्त सुन्दर, घनश्याम, मनोहर
तथा ज्ञानमय सुन्दर मूर्ति, शंख, चक्र, पद्म, गदा आदि चार आयुधों से युक्त चार भुजावाले सगुणस्वरूपी गोविन्द
को देखकर होने वाले आनन्द से आँखें लुब्ध हो जाती हैं। मुकुट, कुण्डल, करधनी तथा पीत पीताम्बर परिधान
किये हुए, गले में कौस्तुभ मणि शोभा दे रहा है, गले में पड़ी हुई वनमाला पैरों तक लटक रही है। चरणों से
निकली हुई गंगा तो अत्यन्त पवित्र है जो सारे संसार को ही पवित्र कर देती है। यह देखकर शंकर ने गंगा को
अपने मस्तक पर ही धारण किया। उस हरि के दोनों चरणों का वर्णन करने वेद भी मूक हो गये क्योंकि वह
श्रीहरि का पद दुर्गम है। श्रीहरि के चरणों की महिमा अपार है। श्रीहरि का अत्यन्त सुन्दर मुख देखकर अमृत भी
उसके आगे फीका मालूम होता है और आँखों को अप्रतिम सुख की अनुभूति होती है। जिसके मुख का क्षण भर
के लिये अवलोकन करने से कोटि-कोटि जन्मों का दुःख समाप्त हो जाता है और उससे मुखचन्द्र देखने से
सुख-दुःख के द्वंद्व की बाधा जरा भी पीड़ा नहीं दे सकती, बल्कि अधिक से अधिक परमानन्द ही प्राप्त होता है।
ऐसा वह सारे जग का आत्मा आनन्द का मूल स्रोत है। जिसके किंचित दृष्टिक्षेप से तत्काल कितने ही ब्रह्माण्डों
की उत्पत्ति होती है, जिसके प्रत्येक रोमरन्ध्र में करोड़ों ब्रह्माण्डों का वास रहता है। ऐसा वह श्रीहरि वैकुण्ठ में
निवास करता है। जिसकी जरा सी कृपादृष्टि से अहंकार की गाँठ टूट जाती है और सृष्टि में अन्य कुछ दिखायी
ही नहीं दे सकता। वह श्रीहरि वहाँ रहता है। जिस प्रभु का नामस्मरण ही जन्म-मरण को नष्ट कर देता है,
कर्माकर्म को समूल नष्ट करता है, वह पुरुषोत्तम वैकुण्ठ में रह रहा है। उस वैकुण्ठ में सभी लोग चतुर्भुज हैं।
सभी मेघ जैसे श्यामरंग के, पीताम्बर धारण करने वाले तथा सभी के हाथ में शंख-चक्र आदि शस्त्र रहते हैं।
सबका स्वरूप एक जैसा, सब एक जैसे दिखायी देते हैं। जहाँ स्वयं सौन्दर्यशाली श्रीहरि रहते हैं, वहाँ कोई
विद्रूप नहीं दिखायी देता। वहाँ आधिदैविक अथवा आधिभौतिक पीड़ा नहीं होती, विषय वार्ता की गन्ध नहीं
होती। वहाँ स्त्री-पुरुषों की बुद्धि एक जैसी होती है। वहाँ भूख-प्यास का नाम नहीं है, काम-क्रोध नहीं है,
सुख-दुःख के द्वंद्वों का दुःख नहीं है, जन्म-मरण तो बिलकुल नहीं है। लक्ष्मी एक बार दर्शन दे दे इसके लिये
देवतागण सदा प्रयासरत रहते हैं लेकिन लक्ष्मी स्वयं वैकुण्ठ में सफाई के काम में लगी रहती है। उस वैकुण्ठ में
दीनदयाल और उदार जगन्नाथ अपने भक्तों का उद्धार करने के लिये अपनी ही लीला से विचरण करते रहते हैं।
मृत्यु के समय उसका नामस्मरण करने से ही करोड़ों जीवों का उद्धार हुआ है। वह प्रभु श्रीविष्णु दीनजनों पर
कृपा दृष्टि रखते हुए वैकुण्ठ में निवास करता है। जिसकी जैसी भावना रहती है उसके अनुसार वह उसका
मनोरथ पूर्ण करता है और पाँचवें पुरुषार्थ से प्रीति करता है। ऐसा वह श्रीहरि वैकुण्ठ में रहता है। अब तक
विविध लोकों की गणना, समस्त ब्रह्माण्डों की संख्या, वैकुण्ठ और कैलाश की रचना के सम्बन्ध में बताया।
भिन्न-भिन्न लोक बताये लेकिन उसे प्राप्त करने वाले लोग कौन हैं ऐसी कल्पना तुम करोगे इसलिये उसका भी
निरूपण सुनो। महर्लोक, जनोलोक, तपोलोक, सत्यलोक और जिनकी रचना आश्चर्यजनक है ऐसे वैकुण्ठ को
प्राप्त करने वाले लोग कौन हैं उसके बारे में यदुनायक श्रीकृष्ण बता रहे हैं।
योगस्य तपसश्चैव न्यासस्य गतयोऽमलाः ।
महर्जनस्तपः सत्यं भक्तियोगस्य मद्गतिः ॥ १४॥
अपने अंतःकरण को स्थिर करने के लिये प्राणापान समान करने की कुशलता साध्य करने पर षडचक्रों को
भेद कर आत्मस्वरूप में पहुँचे और यदि इसी बीच आयु समाप्त होकर मृत्यु आ जाय तो ऐसे योगी लोगों को

चौबीसवाँ अध्याय ६५७
महर्लोक, जनोलोक आदि ऊपर के लोकों में जाने को मिलता है। जो गृहस्थाश्रम में रहकर ब्रह्मचारी रहता है,
नियमपूर्वक ब्रह्मचर्य का पालन करता है, जो स्वप्न में भी स्त्री का स्पर्श नहीं करता जो सदा भिक्षा माँग कर
खाता है, जो निरन्तर कठोर वैराग्य धारण करता है अथवा भिक्षा को भी स्पर्श नहीं करता और आत्मज्ञान की
प्राप्ति के लिये सद्गुरु की सेवा करता है उसे उस प्रसंग में जो आत्मज्ञान होता है, उसी समय यदि उसे मृत्यु
प्राप्त हो जाय तो ऐसा ब्रह्मचारी ऊपर महर्जनादि लोक में जाता है। जो गृहस्थाश्रम में ही तत्पर हैं जो अग्निसेवा
के लिये अग्निहोत्र स्वीकार करते हैं, जो स्वधर्म से ही चित्त शुद्ध करते हैं और जो ब्राह्मणों की और देवताओं की
सेवा करते हैं, जो भक्त होकर प्राणिमात्र पर दया करते हैं, जो सत्यभाषण करने वाले तथा सात्त्विक प्रवृत्ति के
होते हैं, जो आत्मज्ञान साध्य करने वाले, गुरुभजन की प्रवंचना न करने वाले होते हैं, ऐसे लोगों को गुरुकृपा से
आत्मज्ञान साध्य करने के बाद सनातन ब्रह्म की प्राप्ति होते समय यदि उनकी आयुसम्पत्ति समाप्त होकर उन्हें
मृत्यु आ जाय तो उससे ब्रह्मप्राप्ति होने में अड़चन आ जाती है फिर भी वे ऊपर पहुँचते ही हैं और जिसकी जैसी
विरक्ति और उपासना रहती है, उसके अनुसार वे महर्जनादि लोक में पहुँचते हैं। जो वन में रह कर वानप्रस्थाश्रम
का आचरण करते हैं, जो वैराग्य के कारण अत्यन्त विरक्त रहते हैं, जो कंद-मूल खाकर ही तृप्त रहते हैं और जो
सदा आश्रमधर्म का नियमपूर्वक पालन करते हैं, ऐसे साधक पर्जन्यकाल में पर्जन्यवृष्टि में बैठते हैं, जाड़े में पानी
में बैठते हैं, गरमी में पंचाग्निसाधन करते हैं, इस प्रकार जो निष्ठापूर्वक तपश्चर्या करते हैं, जिन्हें शरीर के क्षीण
होने का भय नहीं होता, आत्महित साधन की उत्कंठा से जो दारुण तप सहन करता है अथवा पूर्ण वैराग्य साध
कर ब्रह्मज्ञान प्राप्ति के लिये संन्यास लेने लगता है और तभी मृत्यु पास आ जाता है तो उसे अंतकाल के बाद
ऊर्ध्वलोक गमन होता है और उसकी उपासना के अनुसार उसे महर्जनतपोलोक की प्राप्ति होती है। जो समूल
संकल्पों का ही संन्यास करता है उसे लोकांतर सम्भव नहीं होता। वह मुक्त होता है। जिससे यह नहीं हो पाता
और जो विधिपूर्वक संन्यासी होते हैं, जो अंतःकरण से अत्यन्त विरक्त रहते हैं, स्वप्न में भी सुवर्ण या चाँदी का
स्पर्श नहीं करते, जो सदा संन्यास धर्म में लीन रहते हैं और जो निरन्तर ओंकार का जप करते हैं, आश्रमविधि
स्वीकार करने के बाद जो उससे ऊबते नहीं हैं, मृत्यु के समय जिसकी बुद्धि चंचल नहीं होती वह सत्यलोक में
जाता है। ऐसे जो लोग सत्यलोक में जाते हैं लेकिन वहाँ के सुख विलास आदि भोगों से भी जिन्हें विरक्ति रहती
है वे ब्रह्मदेव के साथ ही मुक्त होते हैं और शेष वापस आ जाते हैं। जिन्हें सत्यलोक के भोग भोगने में रुचि रहती
है वे भी वहाँ से थक कर वापस आ जाते हैं, फिर औरों की गति के बारे में क्या कहा जाय? उन्हें जन्म और
मरण छोड़ते ही नहीं हैं। जहाँ तक भोगासक्ति है वहाँ तक जन्म-मरण का कष्ट है ही। लेकिन जहाँ भोग की
इच्छा समाप्त हो जाती है, वहाँ चारों मुक्ति दासी बनकर सेवा के लिये तत्पर रहती हैं, जिस लोक में उन्हें भोग से
विरक्ति होती है, वहाँ से वे आगे बढ़ जाते हैं और जिस लोक में उनमें भोगासक्ति उत्पन्न होती है वहाँ से वे थक
कर भूलोक में गिर पड़ते हैं। किन्तु मेरी भक्ति वैसी नहीं है। भक्तों को अन्य किसी वस्तु की प्राप्ति नहीं होती।
उद्धव! मेरे भक्तों को निश्चय ही मेरी ही गति प्राप्त होती है जो मन में इच्छा रखकर मेरी सेवा करते हैं, उन्हें
वासना का ही फल खाना पड़ता है लेकिन जिन्हें मेरे प्रति निष्काम भक्ति रहती है उन्हें मेरी अनन्य भक्ति ही प्राप्त
होती है। सकाम भक्तों की वासना पूर्ण कर, मैं उन्हें सदा निष्काम करता रहता हूँ। मैं पुरुषोत्तम अपने भक्तों को
मेरे निजधाम ले जाता हूँ। उद्धव! इसीलिये मैंने गोपियों की कामासक्ति को निष्काम स्थिति में ला कर उन्हें
सचमुच ही सायुक्त मुक्ति दिलायी। मैंने गोपियों के साथ कामविलास किया या उन्हें पूर्ण रूप से कामयुक्त किया
इसका विचार न कर मूर्ख लोग कृष्ण ने व्यभिचार किया ऐसा आरोप लगाते हैं। भक्तों को यदि सालोकता प्रिय

६५८ श्रीमद् एकनाथी भागवत
हो तो मैं उन्हें रहने के लिये वैकुण्ठ में ले जाता हूँ। भक्त यदि सामिप्य चाहते हैं तो मैं उन्हें अपना प्रिय बनाता
हूँ। जिस प्रकार तुमसे मन की बात करने में मुझे अच्छा लगता है, उसी प्रकार हे उद्धव ! तुम मुझे जिस प्रकार
अच्छे लगते हो, उसी प्रकार मैं उससे प्रीति करता हूँ। भक्ति यदि सरूप माँगे तो मैं उसे चतुर्भुज बनाता हूँ और
शंख, चक्र आदि आयुध देकर उसे मेघ जैसा सुन्दर साँवला वर्ण देता हूँ। मुकुट, कुण्डल, करधनी पहनने के
लिये पीला पीताम्बर, बाजूबंद, पैर में पायल और गले में मेरे ही जैसा कौस्तुभमणि। आकारस्वरूप, गुणलक्षण,
वीर्य, शौर्य, पूर्ण गाम्भीर्य, रूप-लक्षण ठीक एक जैसे। लक्ष्मी यदि दोनों को एक साथ देख ले तो वह भी नहीं
जान पायेगी कि इनमें भगवान कौन हैं? सेवकों का सेवाकर्म रुक जाता है क्योंकि वे सेवा करें तो किसकी?
छत्रधारण करने वाला भी मन में विचार करता है कि मैं छत्र किसके ऊपर धारण करूँ? चँवरी हिलने वाला भी
चँवर किस पर हिलाये ? ब्रह्मादि देवतागण प्रणाम करने आते हैं, वे भी आश्चर्य करते हैं। दोनों में आदि देवता
कौन हैं, यह उनकी भी समझ में नहीं आता। जिस प्रकार एक दीप से दूसरा दीप जलाने के बाद यह समझ में
नहीं आता कि इनमें पहला दीप कौन-सा है, उसी प्रकार मेरी सरूपता प्राप्त होने के बाद दूसरे को वह भी नहीं
पहचान पाता। जिस प्रकार दर्पण में एक-सा प्रतिबिम्ब देखने पर वही असली बिम्ब मालूम होता है, उसी प्रकार
सरूपता की शोभा रहती है। दोनों का ठाठ एक जैसा। भगवान प्रसन्न होकर अपनी सारी सरूपता दे देता है लेकिन
हृदय पर अंकित वह ब्राह्मण का चरण वह अविनाशी श्रीवत्सलांछन कदापि नहीं देता। विष्णु स्वयं ही कहते हैं,
श्रीवत्सचरण देने का सामर्थ्य मुझमें नहीं है। वह सामर्थ्य ब्राह्मणों के पैर में है। उन ब्राह्मणों के चरण हृदय में
धारण करने से ही वह मिलेगा। सरूपता में भगवान और भक्त को पहचानने की यही निशानी है। जिसके हृदय
पर श्रीवत्सलांछन रहता है, वही सबका स्वामी श्रीविष्णु है। इस प्रकार की सरूपता प्राप्त होने पर भी एक देवता
है तथा दूसरा भक्त है, यह भेदभाव उनमें रहता ही है। भगवान और भक्त इनमें जब तक भेद है तब तक सरूपता
करना भी उपयुक्त नहीं है क्योंकि जब तक अद्वयज्ञान नहीं होता, तब तक परमानन्द उत्पन्न नहीं होता। इसलिये
भिन्नत्व की बात न कर भक्त सायुज्यता ही माँगता है। उस निरूपण की कथा अत्यन्त मधुर है। वह कथा केवल
मैं ही जानता हूँ। सायुज्य की जो मिठास है, वह केवल मैं ही जानता हूँ। उद्धव ! उसे भी मैं तुम्हें विस्तारपूर्वक
बताऊँगा। सरूपता से देह की समानता भले ही प्राप्त हो जाय लेकिन हृदय में मैं और तुम वाला भेदभाव रहता
ही है। इसलिये ऐसी सरूपमुक्ति से भी ज्ञानी भक्त लुब्ध नहीं होते। मेरा स्वरूप प्राप्त कर मेरे भक्त मेरा स्वतः
सिद्ध भजन करना छोड़, मेरे भक्त मन से भी भेद का स्पर्श नहीं करते। देवता के साथ भक्त भी अनादि सिद्ध हैं।
वे मूलतया भेदरूप हैं। ऐसा होते हुए जो जान-बूझ कर भेद मानता है उसे भक्तिहीन तथा मायिक समझना
चाहिये। आर्त, जिज्ञासु और अर्थार्थी ये सारे भेद मायिक भक्ति ने किये हुए हैं। किन्तु अभेदभाव से जो मेरा
भजन करते हैं, उन्हें सायुज्यता-मुक्ति प्राप्त होती है। राजा और रंक जिन्हें एक जैसे हैं, उनका मन किसी को वंद्य
और किसी को निंद्य नहीं मानता, जिनमें देहाभिमान नहीं होता, उन्हें सायुज्यता प्राप्त होती है। जिस प्रकार हमारी
परछाईं मिथ्या ही हमसे चिपकी रहती है, उसी प्रकार जो इस देहबुद्धि को मिथ्या समझता है, उसे ही सायुज्यता
प्राप्त होती है। छाया हमारे ही साथ जन्म लेकर हमारे ही साथ बड़ी होती है, फिर भी उसके प्रति मेरी जैसी
ममता किसी के मन में उत्पन्न नहीं होती। उसी प्रकार जिसे देह के दुःख की बाधा नहीं होती, उसे ही निश्चित
रूप से सायुज्यता प्राप्त होती है। देह की विषयासक्ति भूलकर जो मन से अभेदभक्ति करता है, उसे ही हे उद्धव!
सायुज्ययुक्ति प्राप्त होती है। अपनी देह में जिसमें 'मैं' पन उत्पन्न नहीं होता, किसी प्राणी में जो 'तू' के भाव से
नहीं देखता उसे पूर्णरूप से सायुज्ययुक्ति प्राप्त होती है। उद्धव ! जितना मेरे आत्मा का विस्तार है, उतनी ही उसे

चौबीसवाँ अध्याय ६५९
आत्मप्रतीति होती है। इसलिये उसे सहज ही सायुक्त मुक्ति प्राप्त होती है। मेरा देह विष्णुस्वरूप है ऐसा
देहाभिमान उसमें कदापि उत्पन्न नहीं होता। वह विष्णु के देह को और अपने देह को मिथ्या ही समझता है।
इसलिए वह सरूपता की कामना नहीं करता। अपनी ही जगह यदि विचार किया जाय तो देह के रूप में जो भी
कुछ है, वह सब मिथ्या है ऐसा लगता है। तो फिर सरूपता कहाँ रही ? सायुज्यता प्राप्त होने के बाद ब्रह्म के
सिवाय कोई रीता स्थान दिखाई ही नहीं देता। समस्त प्राणिमात्र में एकात्मता होना, इसी का नाम वास्तव में
सायुज्यता है। अनेक प्रकार के रूपों से संसार भरा है, उसे वह अपना ही अंग समझता है, मैं ही अभंग सर्वात्मा
हूँ, ऐसी जिसकी भावना होती है, उसी को पूर्ण सायुज्यता प्राप्त होती है। अंतर्बाह्य मैं ही व्याप्त हूँ, सभी स्थावर-
जंगम में मैं अकेला ही व्याप्त हूँ, चराचर का आत्मा मैं ही हूँ, ऐसा जो मानता है, उसके घर में सायुज्यता चाकरी
करती है। सर्वत्र मैं एक अकेला ही एकत्त्व से भरा हुआ हूँ, ऐसी जिसकी समझ रहती है, जिसका द्वैतभाव नष्ट
हुआ रहता है वही सचमुच सायुज्यता प्राप्त करता है। सारांश, भावपूर्वक जो मेरे भक्त जिस किसी भी वस्तु की
इच्छा करते हैं, उसकी आपूर्ति मैं श्रीपति करता हूँ। इस प्रकार भक्तों को चारों मुक्ति प्राप्त होती है। इसके
अतिरिक्त भी मेरे और प्रिय भक्त हैं। अपनी भक्ति के प्रताप से वे अत्यन्त प्रतापी रहते हैं। उनके भजन का शौर्य
विचित्र रहता है। वे निरन्तर इच्छारहित होकर मेरे भजन में ही मग्न रहते हैं। आर्त, जिज्ञासु, अर्थार्थी इन बातों का
विचार न कर वे निरन्तर इच्छारहित होकर अत्यन्त प्रेमपूर्वक मेरा भजन करते हैं। वे सलोकता, समीपता और
सरूपता बिलकुल स्वीकार नहीं करते और सायुज्यता भी नहीं माँगते। वे इच्छारहित होकर भगवान का भजन
करते रहते हैं। इसी का नाम है सच्ची भक्ति। भजन के सामर्थ्य का एक बहुत बड़ा चमत्कार है। वह यह कि
चाह से ही चाह उत्पन्न होती है और अधिक से अधिक उत्कर्ष से क्षण-प्रतिक्षण प्रेम की नयी माधुरी उत्पन्न होती
है। सचमुच, मेरे प्रति रुचि के कारण वह अपना सर्वस्व मुझे अर्पण करता है, फिर भी उसके अंतःकरण में कोई
परिवर्तन नहीं होता। भक्तिभाव से वह भजन के प्रति इतना अधिक आश्वस्त रहता है। देवाधिदेव एक मैं हूँ,
समस्त प्राणियों में मेरा आत्मा है, ऐसी जिसकी भावना हो जाती है, उसके मन में कोई कितने ही विकल्प,
विकृति अथवा संशय उत्पन्न करने का प्रयत्न क्यों न करे लेकिन उनका प्रयास सार्थक नहीं होता। भक्ति की
महत्ता आश्चर्यजनक है। वह भक्त सारे पुरुषों-स्त्रियों में मुझे ही देखता है। श्वान, शूकर आदि में मेरा ही रूप
देखकर उनको प्रणाम करता है। उसके भजन की महत्ता आश्चर्यजनक है। ऐसे भक्त सायुज्यादि चारों मुक्ति मुझ
पर न्योछावर कर देते हैं। इतनी असीम उनकी भक्ति रहती है। कितना ही बड़ा संकट क्यों न आ जाय लेकिन वे
दूसरे के पास मिन्नत करने नहीं जाते। वे जानते हैं कि रामनाम के सामने वह विघ्न कुछ नहीं कर पायेगा। चाहे
बिजली की गर्जना से आकाश नीचे गिरता सा मालूम पड़े अथवा पृथ्वी उलटने लगे, लेकिन वह श्रीहरि का
नामस्मरण करता रहता है। ऐसी एकनिष्ठ प्रीति देखकर मैं लक्ष्मीपति उसके मोह में पड़ जाता हूँ और फिर कुल
और जाति का विचार न कर उसके घर की ओर दौड़ पड़ता हूँ। ऐसे भक्त वैकुण्ठ की राह नहीं खोजते, वरन्
उनके घर को ही मैं वैकुण्ठ बना देता हूँ। फिर वहाँ ज्ञान की भोर होती है, और संतों का समुदाय एकत्र होने
लगता है। उपनिषद उनके पास आते हैं; स्वधर्म आनन्दपूर्वक उनके पास रहने के लिये आता है और नारद,
सनकादिक आदि को उस घर से लगाव-सा हो जाता है। वे नाम के माहात्म्य का घोष करते हैं। बड़ी चाह से
मेरी यशोगाथा का गान करते हैं। मेरे रामनाम के आगे सुख-दुःख के द्वंद्वों की कष्टदायक स्थिति शेष ही नहीं
रहती। मेरी ऐसी भक्ति देखकर आत्मशान्ति अत्यन्त प्रेम से उनके पास दौड़ती चली आती है और वहाँ आकर
जब वह प्रसन्न हो जाती है तो जाने की बात ही भूल जाती है। जो भी दूषण उनका छल करने के लिये आते हैं,

वे सब उनके भूषण हो जाते हैं। इसी का नाम है मेरी भक्ति की प्रसन्नता। सायुज्यादि जो चार मुक्तियाँ हैं, वे सब
वहाँ उनकी सेवा में उपस्थित रहती हैं, वे जहाँ विषय सेवन करने लगते हैं, वहाँ सायुज्य मुक्ति ही उनकी सेवा
करती है। ऋद्धि-सिद्धि उसके घर की दासी बन कर रहती हैं, फिर भी वह उनकी इच्छा नहीं करता। उसकी
सारी दारोमदार मेरी भक्ति पर ही रहती है। निश्चयपूर्वक की हुई ऐसी भक्ति देखकर मैं भी उस पर अनन्य प्रीति
करता हूँ। भक्त जहाँ मेरी बाट जोहते हैं, वहाँ मैं लक्ष्मीकांत स्वयं ही प्रकट होता हूँ। भक्त सहज ही जो बात
करता है, वह बात मैं स्वयं ही बन जाता हूँ। उसकी बातों में अंतर्बाह्य मैं ही शब्दार्थरूप में रहता हूँ। वह मौज में
कंकड़ से खेलने लगता है तो वह कंकड़ भी मुझे ही बनना पड़ता है। वह कृपालु होकर जिसकी ओर देखता है,
उसके मजबूत सांसारिक बन्धन मैं तोड़ देता हूँ। वह जिधर दृष्टि घुमाता है, उधर मैं सुखों की सृष्टि बना देता हूँ।
वह जिसका उद्धार करने के लिये कहे, उसे मैं अपने पद पर आसीन कर देता हूँ। उस पर जरा सा भी संकट आ
जाय तो उसे समाप्त करने के लिये मैं दौड़ पड़ता हूँ। जो भी उसका नाम लेते हैं, उनका मैं पूर्णरूप से उद्धार
करता हूँ। नन्हे बालक की चिन्ता जिस प्रकार उसकी माँ को होती है, उसी प्रकार मुझे भक्तों की चिन्ता रहती है।
उनकी सेवाचाकरी करने में मैं जरा भी नहीं शरमाता। माँ जिस प्रकार अपने बच्चों का लाड़-प्यार करती है, उसी
प्रकार मैं उनसे लाड़-प्यार करता हूँ। उनका प्रेम ही मुझे प्यारा लगता है। अन्य उपचारों की मुझे इच्छा ही नहीं
है। मैं शरीर हूँ और वह मेरा आत्मा है। प्यारा भक्त ही हमें अच्छा लगता है। भक्ति की महिमा कितनी ही महान
क्यों न हो लेकिन प्रिय व्यक्ति पर उसकी मात्रा का प्रभाव नहीं होता। प्रेमी के पास ही भक्ति की मर्यादा समाप्त
होती है। शायद काल उसका संहार करेगा इसलिये उसके भीतर और बाहर मैं अपने शरीर का किला ही तैयार
करता हूँ। प्रेमियों का मुझ पर इतना अधिक प्रेम है। ऐसी स्थिति में काल के ही भय से मैं अपने भक्तों को
ब्रह्मस्वरूप के मार्ग पर लगाता हूँ और अत्यन्त ध्यानपूर्वक उन्हें अपने स्वरूप में पूर्णरूप से आत्मसुखी बनाकर
रखता हूँ। ऐसे भक्तों का जो स्वाभाविक कृत्य है, वही मेरी प्रीति की पूजा है। वह जो देखता है, वही मेरा दर्शन
है और वह जो कुछ बोलता है वही मेरा वास्तविक स्तोत्र है। वह स्वयं जो भोजन करता है, वही मेरे लिये नैवेद्य
समर्पण है। उसकी निद्रा ही मेरी पूर्ण समाधि है। उसकी आँखों का खुलना बन्द होना मुझे बड़ा अच्छा लगता है।
उसका श्वासोश्वास मुझे अत्यन्त सुख प्रदान करता है। भक्तों के शरीर की जो स्वाभाविक स्थिति रहती है उससे
मैं लक्ष्मीपति अत्यन्त आनन्दित होता हूँ। ऐसे प्रेमी भक्त मुझे बहुत भाते हैं। मेरे भक्तों पर मेरी एकनिष्ठ प्रीति
रहती है। जो भक्त चारों पुरुषार्थों का स्पर्श नहीं करते और चारों मुक्तियों को दूर कर प्रेम से मेरी ही भक्ति करते
हैं, वे मेरे भक्त मुझे ही प्राप्त करते हैं। गंगा समुद्र में मिलकर एकरूप से उसमें ऐसे मिल जाती है कि वह गंगा
ऐक्य रूप से उसकी ही होकर उस पर लोटने लगती है। उसी प्रकार मेरा भक्त भक्ति के सामर्थ्य से मुझसे
मिलकर मेरी भक्ति का सुख मुझमें ही भोगता है। युवा स्त्री यौवन के मद से सर्वांग से उस यौवन का उपभोग
करती रहती है, उसी प्रकार भक्त मुझसे मिलकर मेरी भक्ति का वैभव भोगता रहता है अथवा सत्रहवीं कला का
माधुर्य चन्द्रमा स्वयं ही जानता है, उसी प्रकार मैं बन कर मेरा भजन किस प्रकार किया जाय यह सज्ञानी भक्त
जानते हैं। वैसे जाति, स्वभाव के अनुसार सभी स्थानों का जल एक जैसा होता है किन्तु वही जल गंगा, यमुना
इन नामों से प्रयाग में एकत्र होता है और उस संगम पर लोगों का उद्धार करता है। उसी प्रकार मुझसे ऐक्य होने
पर भाविक भक्त भी बड़ी योग्यता प्राप्त करता है। उसके अनुसार मेरे भक्त मुझसे मिलकर एकनिष्ठ होकर मेरा
भजन करते हैं। ऐसे भजन से, मेरे साथ ऐक्य होने के कारण भाविक, सात्त्विक और अत्यन्त दीन लोगों का
उद्धार होता है। पृथ्वी तो सम्पदा से भरी हुई है ही लेकिन भाग्यवान के बिना उस द्रव्य की प्राप्ति नहीं होती।

चौबीसवाँ अध्याय ६६१

चारों पुरुषार्थों को छोड़कर जो चारों युक्तियों की उपेक्षा करते हैं और पाँचवें पुरुषार्थ की भक्ति करते हैं, वही
उद्धव ! मुझे प्रिय है। ऐसी ही भक्ति से मैं प्रेम करता हूँ। ऐसे ही भक्त मेरे लाडले रहते हैं। मुझ जैसे निरिच्छ को
उनका कौतुक होता है। उनका प्रेम मधुर होता है। हम प्रेम के अतिथि और भाव के सेवक हैं। मुझ एकनिष्ठ की
जीव प्राण से सर्वस्व सेवा करें। मेरा नाम आत्माराम है। मेरी सारी इच्छाएँ नष्ट हो चुकी हैं। फिर भी मैं अपने
प्रिय भक्तों की इच्छा मन में रखता हूँ क्योंकि मेरे प्रति उनका प्रेम अत्यन्त मधुर है। फिर मैं अपने प्रिय भक्त को
अपने साथ कर लेता हूँ और अन्त में उसे अपना ही सुख देता हूँ क्योंकि मुझे प्रेम से अत्यन्त प्रेम है। प्रेम मुझसे
भी अधिक मूल्यवान है। मैं उसकी बराबरी नहीं कर सकता इसलिये यदि मैं अपना सुख उसे नहीं दे पाता तो मैं
उसका ईमानदार सेवक बनकर रहता हूँ। प्रेम की सच्ची आत्मीयता और भावार्थ का लक्षण जानने वाला एक मैं
श्रीकृष्ण ही हूँ। अन्य लोग इसे नहीं जानते। मुझे गोपियों के सान्निध्य में सुख मानने का क्या कारण था ? लेकिन
उनका प्रेम अत्यन्त निर्मल था, इसीलिये उद्धव ! मेरे मन में उनके प्रति अतीव चाह उत्पन्न हो गयी। क्या कुब्जा
सुन्दर थी ? लेकिन मुझे उसके प्रेम की चाह थी। मैं वन में जाकर राधा की प्रार्थना करता था, वह क्या
विषयासक्ति के लिये ? गोपालों ने भी कितनी भक्ति की ! क्या वे छूत थे या अछूत थे ? लेकिन उनके जूठे कौर
मैंने खाये और उनके प्रेम में डोलता रहा। क्या मैं पाण्डवों का ऋणी था ? लेकिन उनके लिये मैंने अनेक कष्ट
सहे। मैंने सुदामा के चरण छुए। क्या मैं उसके उपकारों का ऋणी था ? क्या मेरे पास अन्न की कमी थी इसलिये
यज्ञपत्नियों के पास अन्न माँगने गया था ? मैं प्रेमभाव का भूखा हूँ इसलिये प्रेम का आतिथ्य लेने गया था। मुझे
गोपियों ने रस्सी से बाँध रखा था, उस समय क्या मेरी शक्ति बन्धन में रहने के लिये क्षीण हो गयी थी ? लेकिन
उनके प्रेम से ही मेरा पोषण हो रहा था। किसी का एक कौड़ी का भी कर्जदार न होते हुए मैं अर्जुन के घोड़ों को
नहलाता था। धर्म के घर की मैंने जूठन भी उठायी। इस प्रकार मुझे प्रेम की अत्यन्त चाह है। वह चाह मेरी
लौकिक दृष्टि से लाज लज्जा भी नष्ट करती है और मैं अपने बड़े-बड़े काम भी भूल जाता हूँ। उनकी सेवा
करने की मुझे इतनी लगन है। माँ सारे अलंकार पहनाकर बच्चे को अपने माथे पर बिठाती है। उसका लाड़
करती है और यदि इस बीच वह माँ पर थूकता है या पेशाब कर देता है तो उससे घृणा नहीं करती। उसी प्रकार
मेरे प्यारे भक्त मुझे अत्यन्त प्रिय हैं, मैं श्रीकृष्ण अपने भक्तों का अंकित होकर रहता हूँ और प्रेमवश सदा उनके
आगे-पीछे खड़ा रहता हूँ। उद्धव ! मेरा यादवों का इतना बड़ा गोत्र है लेकिन केवल तुम ही मुझे इतने प्रिय लगते
हो। इसका कारण यही है कि तुम्हें मेरे प्रति अद्भुत प्रेम है ? भगवान का यह भाषण सुनकर उद्धव ने उनके पैर
पकड़ लिये। भगवान को भी अंतःकरण में अत्यन्त आनन्द हुआ और उन्होंने उद्धव को तत्काल आलिंगन दिया।
हृदय में हृदय एकरूप हुआ, देह का देह से आलिंगन हुआ, मन से मन मिला, तो आत्मानंद आकंठ भरकर बहने
लगा। देवता अपना देवत्त्व भूल गये और भक्त को अपना भक्तपन विस्मृत हो गया। दोनों का द्वैत नष्ट होकर वे
आत्मानन्द में पूर्णरूप से मग्न हो गये। सेव्य और सेवक का भेद ही समाप्त हो गया। द्वैतभाव की दृष्टि ही बन्द
हो गयी। आत्मा की एकता से भक्ति साम्राज्य के सिंहासन पर दोनों की भेंट हुई। स्थूलदेह, लिंगदेह और
कारणदेह इन्हीं से देखा चौथा महाकारण, लेकिन उस समय उसका स्मरण किसे होता ? इसलिये घना और
परिपूर्ण आनन्दमय स्वरूप, जिसे न आदि है न अन्त है वह साक्षात् प्रकट हुआ किन्तु भगवान की परिपूर्णता का
अद्भुत चमत्कार है। उसने वहाँ भी चमत्कार किया, उसने उद्धव को उसके अस्तित्व का भान नहीं जाने दिया
क्योंकि उसने मन ही मन कहा कि मुझे ऐसा भक्त नहीं मिलेगा। अपने मन की बात कहने के लिये मुझे उद्धव के
सिवा और कौन मिलेगा ? मेरे मन में जो मधुर बातें हैं उन्हें मैं आहिस्ता-आहिस्ता किसे सुनाऊँगा ? मेरे निजधाम

६६२ श्रीमद् एकनाथी भागवत

जाने के बाद मेरा जो अपार आत्मज्ञान है, उसके लिये उद्धव एक अच्छा संग्रह का स्थान है। इसलिये उसने
उद्धव का भान कायम रखा। उद्धव आत्मानंद में निमग्न हो गया था। उसे श्रीकृष्ण ने अपने हाथों से थपकी देकर
होश में लाया। तब कहीं उसे अपने भक्त होने का विश्वास हुआ। उसने कहा, "हे श्रीकृष्णनाथ ! तुम्हारी जय हो।
तुमने अभी जो आत्मसुख मुझे दिखाया वह निरन्तर कायम रह सके ऐसी कृपा कीजिये। तब श्रीकृष्ण ने कहा,
"उद्धव! यह मेरे गुप्त ज्ञान की गुप्त निधि है। इसी का नाम 'पाँचवां पुरुषार्थ' है। यह वेदशास्त्रों के लिये दुरूह
और देवताओं के लिये दुर्गम है। जिसके कारण मैं पुरुषोत्तम लुब्ध हो जाता हूँ, वह यह भक्तप्रेम का रहस्य है।
मुझे वश में करने का मर्म यही है कि अंतःकरण में भक्तिप्रेम रखे जिससे चारों मुक्तियों का भ्रम नष्ट हो जाता है
और पुरुषार्थ काम भी कम हो जाता है। जिसे मेरी सप्रेम भक्ति है, उसका नाम सुनते ही सारे विघ्न भाग जाते हैं
उसे मेरी प्राप्ति के अलावा दूसरी गति प्राप्त कराना किसका सामर्थ्य है ? जिसे मेरी अनन्यभक्ति होती है, उस पर
मेरी पूर्ण कृपा रहती है। मेरे भक्तों को मेरे सिवाय अन्य कोई गति कल्पांत में भी नहीं हो सकती। भक्तों को यदि
वेदविधि से अड़चन उत्पन्न करें तो वह वेद मेरे ही उच्छ्वास से उत्पन्न हुआ है। जो मेरे सकाम भक्त हैं वे भी
फल भोगने के बाद निष्काम ही हो जाते हैं और वे भी मेरे ही निजधाम पर आते हैं क्योंकि भक्तों को अन्य कोई
स्थान ही नहीं है। जिसके पास मेरी एकनिष्ठ भक्ति है उसके चरणों की सेवा स्वकर्म करता है। विधिनिदर्शक वेद
उसके आँगन में खड़े रहते हैं। मेरे भक्त के लिये मेरे अलावा कोई स्थान नहीं है। जिसके अंतःकरण में मेरे प्रति
सप्रेम भक्ति नहीं है, उसे कर्म निश्चित रूप से बाधक होते हैं। उद्धव! जो अभक्त होते हैं उन्हें कर्म के ही कारण
दूसरी गति प्राप्त होती है। जहाँ मेरी सच्ची भक्ति रहती है वहाँ कर्म की गति नहीं चलती। मेरे भक्तों को इसी
कारण से मेरी प्राप्ति होती है। भक्तों के मन में समस्त प्राणिमात्र के प्रति जब मेरा ही भाव रहता है तो फिर उनके
पास कर्मबन्धन के लिये स्थान ही कहाँ है? कर्म की गति उनके पास जाकर रुक जाती है। मेरे भक्तों को
स्वयमेव ही मेरी प्राप्ति होती है। भक्त जमीन पर पैर रखता है लेकिन वह पैर मैंने रखा ऐसा मन में नहीं सोचता।
सब कुछ करने वाला भगवान है इसी सत्य को मानता है, इसलिये वह कर्म के बन्धन से भी नहीं बँधता। भक्तों
को मेरे सिवा और कहीं गति नहीं है क्योंकि मेरे भक्तों को मेरे ही प्रति एकनिष्ठ प्रीति रहती है। उन भक्तों के
भावार्थ की बातें स्वयं श्रीकृष्ण ने ही स्पष्ट करके बतलायीं। 'न मे भक्तः प्रणश्यति' (गीता ९.३१) ऐसा श्रीकृष्ण
ने अर्जुन से कहा। वही श्रीकृष्ण का बाना है। वह भक्तों को दूसरी गति होने ही नहीं देता। भक्त को शाप देने की
बात सुनकर भगवान उस भक्त का पक्ष लेकर तत्काल उठा और सुदर्शन पीछे लगाकर दुर्वासा को त्रस्त कर
दिया। अकेले अंबरीष के लिये उसने दस गर्भवास भोगे, वह एकनिष्ठ भक्तों को कोई कमी नहीं होने देता। भक्त
का रखवाला श्रीकृष्ण है, यही भक्ति रहस्य की प्रमुख बात है। एकनाथ जनार्दन की शरण में है क्योंकि भक्ति के
लिये भावना ही प्रमुख साधन है। शुद्ध भाव के बिना जो भक्ति होती है, वह ढोंग है, ऐसा समझ लो। जिस प्रकार
अनाज के न सीझने वाले दाने अपक्व रह जाते हैं, उसी प्रकार वह दंभयुक्त भक्ति अपक्व ही रहती है।
'भक्तियोगस्य मद्गतिः' ऐसा मूल श्लोक का पद है। उसे अत्यन्त बढ़ा दिया है, ऐसा श्रोतागण न कहें। 'मद्गति'
इस पद का अर्थ कितना है, कौन जाने ? उसका रहस्य जाननेवाला पुरुष पृथ्वी पर विरला ही होगा। इसलिये
श्रोतागण क्षमा करें। भक्ति मेरी माता है। जिसने प्रेम की धार पिला कर मुझे बड़ा किया और भगवद्जनों में मेरा
महत्त्व बढ़ाया, उस भक्ति का महत्त्व यहाँ बहुत कम ही बताया गया है क्योंकि भगवद्भक्ति की महिमा मैं
अज्ञानी कैसे जान सकता हूँ? मैंने जो वर्णन किया है वह बहुत ही कम है। इसलिये श्रोतागण मुझे क्षमा करें।
भक्ति मेरी सगी माँ है। मैंने अपने तोतले बोलों से, प्रेमवश होकर केवल ग्रन्थों के आधार पर उसके गौरव का

चौबीसवाँ अध्याय ६६३
वर्णन किया है। प्रेम की जाति कैसी होती है? तो वह स्मरण का स्मरण नहीं होने देती। इसलिये उस प्रेम के मूल
हेतु की विस्मृति होकर मुझसे भक्ति का रहस्य कहलवाया। जिस प्रकार माँ अपने बालक को बोलना सिखाती है,
उसी प्रकार यहाँ भक्ति ने मुझे सवाक् बनाया। इसलिये मैं यहाँ दोष किसे दूँ? जो माँ के वात्सल्य लोभ को प्रकट
करे वह मूर्ख है। बल्कि मैंने ही अज्ञानवश गलती की यही सच लगता है। उड़द का काला रंग अपनी जगह है,
उसी प्रकार मैंने यहाँ जो गलती की है उसे गलती ही माना जाय। लेकिन इससे भी गुरुनाथ ने मना किया है
क्योंकि गलती स्वीकार कर मैं कवि या कर्ता बनना चाहता हूँ, यही सिद्ध होता है। लेकिन गुरुनाथ को 'मैंपन'
जरा भी नहीं भाता। कथा परिपूर्ण होने पर भी उस अभिमान से आत्मस्तुति कर मैं 'मैंपन' न लूँ यही लक्षण
बताकर गुरु ने 'मैं' 'तू' पन नष्ट कराया। लेकिन यह भाषण देने वाला भी मैं नहीं ही हूँ। मैं कवि भी नहीं हूँ
और ग्रन्थकर्त्ता भी नहीं हूँ। यह बात गुरु भी जानते हैं। इस पर श्रोताओं ने कहा, कैसा चमत्कार है! भक्तिसुख
का सुखदायी रहस्य—भक्ति परमामृत समुद्र तुमने सचमुच प्रकट कर दिया। भागवत मुख्य रूप से भक्ति प्रधान
है। भक्ति का जो सनातन सुख है, उसे पूर्णरूप से करतलामलकवत् खोल कर प्रकट कर दिया। तुमने यह बहुत
बड़ा उपकार किया है। स्त्रियों और शूद्रों के उद्धार के लिये और संसार को भजनतत्पर बनाने के लिये तुमने
भागवत का सारतत्त्व निकाल दिया है। भागवत का जो गुप्त अमृत है वही भक्तिसुख है, यह तुमने स्पष्ट कर
दिया है। इससे समस्त संतगण प्रसन्न हो उठे और श्रोतागण तृप्त हो गये। श्रीकृष्ण ने ही प्रसन्न होकर तुम्हें अपनी
भक्ति प्रदान की। इसीलिये तुमने भक्ति की कीर्ति का यथार्थ ढंग से वर्णन किया। तुम्हारी भक्ति का प्रत्येक शब्द
ब्रह्मानन्द से भी अधिक गम्भीर है और उसमें भी प्रेम की आर्द्रता होने के कारण ज्ञानानंद का ज्वार आ जाता है।
तुम जब आत्मभक्ति का वर्णन करते हो तो तुम्हारा अंतःकरण प्रेमपूर्ण होकर बहने लगता है। ग्रन्थ की बात भूल
कर तुम भक्ति के माहात्म्य का ही वर्णन कर रहे हो। अपनी ही इच्छा और उत्कंठा से भक्ति के माहात्म्य का
वर्णन करते समय तुम्हें अगला-पिछला कुछ स्मरण नहीं रहता। तुम्हारा अवर्णनीय प्रेम हम जान चुके हैं। जैसे-
जैसे भक्ति का निरूपण आगे बढ़ता जाता है, वैसे-वैसे तुम्हारा स्फुरण बढ़ने लगता है। भक्तिसुख का निरूपण
होते समय श्रोता और वक्ता दोनों ही उसमें लोलुप हो गये हैं। अमृत प्राशन करते समय तृप्ति की बात कौन
करेगा? लेकिन अब स्फूर्ति को बीच ही मैं रोक कर ग्रन्थार्थ आगे बढ़ायें। संतों का यह वचन सुनकर एकनाथ ने
उन्हें साष्टांग नमस्कार किया और कहा, “अच्छा हुआ, आपने स्मरण दिलाया नहीं तो यह निरूपण समाप्त न
होता।” ‘भक्तियोगस्य मद्भक्ति’ इस पद का अर्थ बताते समय, जिस भक्ति से भगवत्प्राप्ति अत्यन्त सुलभ होती
है, उसका निरूपण किया। यदि यह भगवद्भक्ति न की जाय तो त्रिगुणरूपी डोर से जीवों की अनेक पंक्तियाँ बँध
जाती हैं और संसार में जन्म लेती हैं। उस स्थिति का वर्णन श्रीकृष्ण करते हैं।
मया कालात्मना धात्रा कर्मयुक्तमिदं जगत्।
गुणप्रवाह एतस्मिन्नुन्मज्जति निमज्जति॥ १५॥
संसार को मुख्य रूप से धारण करने वाला मैं हूँ, ब्रह्मदेव के रूप में उत्पत्ति करने वाला मैं ही हूँ, विष्णु के
रूप में पालन करने वाला मैं ही हूँ और रुद्ररूप से संहार करने वाला भी मैं ही हूँ। ये तीन गुण यही काल की
सत्ता है, वही मैं सचमुच निजकाल हूँ तथा गुण के स्वरूप के अनुसार उत्पन्न करने वाला, पालन करने वाला तथा
संहार करने वाला हूँ। लोगों का वासनाकर्म विचित्र है। वही कालसत्ता का आत्मसूत्र है। उसी से, यह गुणों से
बद्ध चराचर संसार खड़ा है। जीव गुणकर्मों के योग से स्वर्ग प्राप्त करता है, और गुणकर्मों के कारण ही नरक में

६६४ श्रीमद् एकनाथी भागवत
पहुँचता है। अनेक प्रकार की योनियों के संकट उसे गुणकर्मों के ही कारण भोगने पड़ते हैं। वह बड़े आनन्द से
स्वर्ग के सुखोपभोग भोग कर तथा महर्जन तपोलोक भोग कर आगे सत्यलोक तक प्रयाण करता है। इसी का
नाम 'उन्मज्जन' है। पशु, पक्षी, स्थावर, वृक्ष, पाषाण, कीट आदि का जन्म लेते-लेते महानरक में अधःपतन
होता है, इसी को 'निमज्जन' कहते हैं। ऊँचाई तक पहुँच कर नीचे गिरना, इस उलटफेर में जिन नानाप्रकार के
जन्म-मरण का भोग भोगना पड़ता है वह प्रकृति पुरुषों का कार्य है। वही जीवबंधन भोगने को बाध्य करता है।
अणुर्बृहत् कृशः स्थूलो यो यो भावः प्रसिध्यति।
सर्वोऽप्युभयसंयुक्तः प्रकृत्या पुरुषेण च॥१६॥
अणु का अर्थ है अत्यन्त सूक्ष्म; बृहत् का अर्थ है अत्यन्त बड़ा; कृश का अर्थ है साधारण; और स्थूल का
अर्थ है पूरी तरह जड़ अवयवों से युक्त, ऐसा जो भी दिखायी देता है, प्रसिद्ध होता है, वह सब प्रकृति और पुरुष
के संयोग से बना है। जो दो पदार्थों के संयोग से बना है, जिसे संसार कहते हैं वह मूर्तिमंत प्रकृतिपुरुषमय ही
है। तीसरा स्वरूप होता ही नहीं है। अब इन दोनों के अलावा जो अवयवरहित है, जहाँ से इन दोनों का भी उद्भव
होता है, वही सर्वत्र सभी दृष्टियों से व्याप्त परब्रह्म देवाधिदेव बता रहे हैं।
यस्तु यस्यादिरन्तश्च स वै मध्यं च तस्य सन्।
विकारो व्यवहारार्थो यथा तैजसपार्थिवाः ॥ १७॥
प्रकृतिपुरुष के साथ जो यह साकार चराचर दिखाई देता है, वह जिस प्रकार आदि और अन्त में नश्वर है,
उसी प्रकार वह मध्य में भी नश्वर है। आभूषण बनाने के पहले जो सुवर्ण होता है वह अलंकार तोड़ने के बाद
भी सुवर्ण ही रहता है और मध्य में भी वही शुद्ध सुवर्ण अलंकार के रूप में सुशोभित रहता है। मिट्टी का
गोकुल बनाने से पहले मिट्टी ही रहती है, और गोकुल तोड़ने के बाद भी शुद्ध मिट्टी ही रहती है। वही मिट्टी
गोकुल के रूप में भी मिट्टी ही रहती है। उसी प्रकार आदि, मध्य और अन्त में अविनाशी ब्रह्मतत्त्व ही रहता है।
तीन गुणों के प्रभाव से विकृत जो यह साकार चराचर दिखायी देता है वह स्वप्न की बातों की ही तरह मायिक
होता है। समस्त विकारों का कारण अविद्या ही है। उन विकारों की सत्यता स्थापित करने में अविद्या ही उजागर
होने लगती है। यह मर्म ज्ञाता जानते हैं किन्तु अज्ञानी लोग इसे न जानकर अविद्या को ही सत्य मानते हैं।
अविद्या अविद्याकत्त्व के कारण मिथ्या है और ब्रह्म अपने ब्रह्मत्व के कारण सदा सम्पन्न है। इसी बात का निरूपण
स्वयं श्रीकृष्ण करते हैं।
यदुपादाय पूर्वस्तु भावो विकुरुतेऽपरम्।
आदिरन्तो यदा यस्य तत् सत्यमभिधीयते ॥ १८ ॥
जिस प्रकार निद्रा के योग से हम स्वप्न से एक से अनेक हो जाते हैं, उसी प्रकार प्रकृति को अंगीकार
करने के कारण ब्रह्मा से अनेक लोग हो जाते हैं। जिस प्रकार तंतु से करोड़ों वस्त्र बनते हैं, फिर भी करोड़ों वस्त्रों
में तंतु एक जैसा एक ही रहता है; वस्त्र का आदि, मध्य और अन्त देखने पर उसमें तंतु के अतिरिक्त और कोई
भी दूसरी चीज नहीं दिखायी देती उसी प्रकार प्रकृति पुरुषादि सारे लोक परब्रह्म से उत्पन्न हुए हैं। इसलिये वो
आदि, मध्य और अन्त में एक परब्रह्मस्वरूप के ही हैं। उसमें द्वैत की बात ही नहीं रहती। तंतु वास्तविकता है
किन्तु वस्त्र मायिक है। उसी प्रकार परब्रह्म सत्य और माया झूठी है। उद्धव! जो आदि, मध्य और अन्त में एक

चौबीसवाँ अध्याय ६६५
रहता है वही शुद्ध सत्य है। जिस प्रकार लकड़ी की गुड़िया लकड़ी के ही अवयवों से शोभा देती है उसी प्रकार
ब्रह्म ब्रह्मस्वरूप से एक ही है तथा संसार के रूप में शोभायमान होता है। जिस प्रकार देह एक होकर भी अनेक
प्रकार के अवयवों के कारण भिन्न दिखायी देता है, उसी प्रकार ब्रह्म भी एक ही होने पर भी वह अनेक स्वरूपों
में भासित होता है। जिस प्रकार पानी में ही क्रीड़ा करते हुए पानी तरंगों की अनेक मालिकायें उत्पन्न करता है,
उसी प्रकार परब्रह्म की लीला से ही संसार आदि वस्तु समुदाय प्रकट होता है। तरंगों के आदि, मध्य और अन्त
में जिस प्रकार पानी के रूप में पानी ही रहता है, उसी प्रकार उत्पत्ति, स्थिति और लय में ब्रह्म ब्रह्मरूप से
अविनाशी रहता है। इसलिये ब्रह्म सत्य है और प्रपंच मिथ्या है यह विचार साधकों के समझने के लिये
कार्यकारणों में अभिन्नभाव है, ऐसा देवाधिदेव ने कहा। कार्य यदि कारण से अभिन्न (एकरूप) है तो फिर ब्रह्म
में माया भिन्न कैसे हुई ? इस शंका के समाधान के लिये ही ब्रह्म स्वयं ही जगद्रूप से परिपूर्ण सजा हुआ है, यह
बता दिया है। ब्रह्म, माया और काल की गति अनादि है, ऐसा कहते हैं लेकिन वह भी तर्कसंगत नहीं है। इसी
उद्देश्य से श्रीकृष्ण बताते हैं।
प्रकृतिर्ह्यस्योपादानमाधारः पुरुषः परः।
सतोऽभिव्यञ्जकः कालो ब्रह्म तत्त्रितयं त्वहम्॥१९॥
माया कभी ब्रह्म से अलग नहीं दिखायी देती। वह ब्रह्म के ही आश्रय में बढ़कर गुणों का कार्य बढ़ाती है।
माया का नियंता स्वयं परब्रह्म ही है अतः उसके पास पुरुषत्व है। माया उस पुरुष की अत्यन्त प्रिय है। इसीलिये
उसे प्रकृति कहते हैं। ब्रह्म से पुरुष भिन्न है, यह कहना गलत है। ब्रह्म और पुरुष एक ही के नाम हैं। माया और
प्रकृति ये जो दो नाम हैं, उन दोनों का अर्थ 'माया' ही समझना है। वह माया कुछ अलग ही प्रकार का
अविद्यात्मक कार्य प्रकट करती है, इसलिये उसे 'अविद्या' कहते हैं। यह ध्यान में रखो की माया ब्रह्म की शक्ति
है। लेकिन वह भी ब्रह्म से एकरूप हो चुकी है। वह क्षणार्ध के लिये भी उससे अलग नहीं रहती। वह सदा ब्रह्म
में ही लीन रहती है। शूरों का शौर्य जिस प्रकार शूरों से अलग नहीं होता, उसी प्रकार ब्रह्म में यह मायाशक्ति सदा
एकरूप रहती है। माया ब्रह्म में ही रहती है लेकिन जब तक उसका क्षोभ नहीं होता तब तक वह दृष्टिगोचर नहीं
होती। माया को क्षुब्ध करने वाला काल है। इस काल से ही लोगों की उत्पत्ति होती है। ब्रह्म की सत्ता ही काल
है। वह काल स्वयमेव प्रकृति को क्षुब्ध करता है और उत्पत्ति, स्थिति और लय का दर्शन कराता है। वह काल भी
ब्रह्म से एकरूप है। जिस प्रकार राजा के लड़के को राजा ही वश में रख सकता है उसी प्रकार प्रकृति से जो काल
जन्म लेता है उसे वह अपनी सत्ता से नष्ट करती है। वैचारिक दृष्टि से देखें तो काल और परमात्मा दोनों एकरूप
हैं। इसीलिये प्रकृति, पुरुष और काल में एकरूपता रहती है। ब्रह्म, काल और माया का सम्बन्ध ऐसा है कि ये
तीनों मूलरूप से ही एकरूप हैं। उनमें व्यावहारिक दृष्टि से जो भेद है, वह मिथ्यत्व के कारण असंबद्ध ही है।
ब्रह्म एक ही है। प्रकृति और पुरुष के स्वरूप कालरूप से अलग मालूम होते हैं। यदि उन्हें अखण्डत्व से देखें तो
मैं श्रीकृष्ण परमात्मा ही हूँ। उत्पत्ति से पूर्व पूर्ण ब्रह्म मैं हूँ, उत्पत्ति का आदिकारण जो ब्रह्म है वह मैं हूँ और
स्थिति काल में ब्रह्मरूप में मैं ही हूँ। इस प्रकार मैं स्वयं ही एक में अनेक रूप दिखाता हूँ। अपनी ही लीला से
सृष्टि के अन्त में, प्रलयके बाद मैं परिपूर्ण ब्रह्म ही शेष रहता हूँ। इसी अर्थ का निरूपण श्रीकृष्ण स्वयं करते हैं।
सर्गः प्रवर्तते पौर्वापर्यण नित्यशः।
महान् गुणविसर्गार्थः स्थित्यन्तो यावदीक्षणम्॥२०॥

६६६ श्रीमद् एकनाथी भागवत
पिता, पुत्र इस परम्परा से संसार अत्यन्त विशाल बन गया है। यह बिलकुल अखण्ड निरन्तर रहने वाला
तथा अत्यन्त असाध्य रूप में बढ़ा हुआ है। यह कैसे हुआ ? उसके सम्बन्ध में भी श्रीकृष्ण बता रहे हैं। विषयों
की आसक्ति से वृत्ति वासनानिष्ठ हो जाती है और वह देवभावना से अत्यन्त प्रेम से संसार का स्वरूप बढ़ाती है।
जो देहाभिमान उफन रहा होता है, वह उस परब्रह्म में जीवत्व उत्पन्न करता है और नाना प्रकार की योनियों में
जन्म-मरण मुख्य रूप से बढ़ाता रहता है। इस प्रकार ब्रह्मदेव की आयु तक ऐसे ही कायम रहता है और
महाप्रलय के समय सृष्टि का संहार होता है। एक नित्य प्रलय चल रहा है और एक दैनंदिन प्रलय है। उसी
प्रकार एक कर्मजन्य प्रलय होता रहता है और एक अन्य प्रलय होता है। लेकिन इन सारे प्रलयों से अधिक श्रेष्ठ
ब्रह्मप्रलय है। वह सारी सृष्टि का संहार करता है और संसार में कुछ भी शेष नहीं रहने देता। ब्रह्मप्रलय में सृष्टि
का विनाश करना और फिर नये कल्प के प्रारम्भ में सृष्टि की रचना के लिये ऊँच-नीच नाना प्रकार की योनियों
के लिये तैयार करना, इसका क्या तात्पर्य है ? ब्रह्म प्रलय में सृष्टि का विलय अवश्य होता हे लेकिन पूरी तरह
विनाश नहीं होता। वासनारूप बीज कुछ शेष रह जाता है जो अविद्या के अंग में पूर्ण रूप से रच-बस गया होता
है। उसी वासनारूप बीज से कल्प का प्रारम्भ होता है। ब्रह्मदेव के रूप में मैंने स्वयं ही मुझसे अनुग्रह कर वह
सूक्ष्म कारण दिखलाने को बाध्य किया। जिस प्रकार वर्षारृतु में नानाप्रकार की घास बढ़कर शरद ऋतु में अपने
पूर्णत्व पर पहुँचती है और उसके ही बीजकण गर्मियों में पृथ्वी से मिल जाते हैं। वे चारों ओर बिखरे रहते हैं
लेकिन किसी को दिखायी नहीं देते उसी प्रकार प्रलय के अन्त में संसार वासना बीज के रूप में अव्यक्त शेष
रहता है। जिस प्रकार गर्मियों में इधर-उधर बिखरे हुए बीज वर्षाकाल में बारिश होते ही जोर से बढ़ते हैं और
नाना प्रकार की घास पहले की ही तरह बढ़ती रहती है। उसी प्रकार उत्पत्ति काल में सूक्ष्म वासनारूप बीजांकुरों
से अनेक योनियों में चराचर और स्थावर-जंगमात्मक संसार बढ़ता जाता है। ब्रह्मदेव के प्रलय में भी सृष्टि का
पूर्ण रूप से विनाश नहीं होता। इसीलिये संसार अनंत है ऐसा वेदशास्त्रों ने प्रतिपादन किया है। लेकिन इस प्रकार
संसार अनंत होते हुए भी इसका निःशेष विनाश हो सकता है इसी अर्थ का श्लोक का शब्दार्थ श्रीकृष्ण ने
सुनाया। 'ईक्षण' का अर्थ 'सद्गुरु की पूर्ण कृपादृष्टि' है। जिनके योग से ब्रह्मज्ञान प्रकट होता है, वही मेरा
कृपावलोकन है। यदि ब्रह्मज्ञान पूर्ण प्रकट हो जाय तो संसार का अस्तित्व ही मानो समाप्त हो जाता है। फिर ब्रह्म
ही ब्रह्मरूप से, पूर्ण स्वरूप से रहता है। 'मैं' 'तू' की बात समाप्त हो जाती है। फिर ध्रुव मण्डल की बात ही
समाप्त हो जाती है। 'मैं' 'तू' पन खो जाता है, देवता, भक्त और भजन यह भेद नष्ट हो जाता है। सगुण भक्ति
का भान उड़ जाता है और सदा सर्वदा ब्रह्म ही शेष रहता है। प्रपंच नाम की कोई बात भी मिथ्या लगने लगती
है। या आगे कभी होगा ऐसा कल्पांत में भी नहीं घट सकता। यह अत्यन्त प्रलय का लक्षण है, वह भाग्य के
बिना कभी समझ में नहीं आएगा। जिन्हें सचमुच ही सद्गुरुचरणों का लाभ हुआ है, वे भाग्यवान लोग ही उसे
समझ सकते हैं। अत्यन्त प्रलय की गति सबकी समझ में नहीं आती क्योंकि, उद्धव ! वह वास्तव में परमनिर्वाण
की ही गति है। जिसका अहंकार समाप्त हो जाता है, उसकी कल्पना भी निःशेष होती है और उसी को
आत्मस्वरूप का बोध होने के कारण अत्यन्त प्रलय का लाभ होता है। देहावसान होते ही प्रलय हुआ यह कहना
बिलकुल असत्य है। यदि आत्मनिष्ठा हो तो जीवित अवस्था में ही यह प्रलय प्राप्त हो सकता है। जीवित
अवस्था में यह प्रलय हो जाय तो उसके कारण संसार का बीज ही जल जाता है। अब ब्रह्मप्रलय के सम्पूर्ण
लक्षण बताता हूँ, सुनो। ब्रह्माण्ड प्रलय का जो क्रम है, उसमें अन्त में पूर्ण ब्रह्म शेष रहता ही है। उद्धव को जानने
के लिये पुरुषोत्तम यह मर्म बतलाते हैं।

चौबीसवाँ अध्याय ६६७
विराण्मयाऽऽसाद्यमानो लोककल्पविकल्पकः।
पञ्चत्वाय विशेषाय कल्पते भुवनैः सह॥ २१॥
चौदह लोकों के साथ इस प्रचण्ड ब्रह्माण्ड की रचना काल ने कल्पना से की है। उसके अस्तित्व के समय
से ही उसका पालन-पोषण कर उसके विनाश का प्रयत्न भी काल ही करता है। ऐसा वह काल कौन है? यदि
तुम यह प्रश्न पूछते हो तो समझ लो कि उस काल का आत्मा मैं ही हूँ। उसी कालस्वरूप से मैं सृष्टि की ओर
संहार की दृष्टि से देखता हूँ। पंचमहाभूतों के जो भिन्न-भिन्न विभाग हैं, उनकी रक्षा काल ने ही की है। उस सत्ता
को जब मैं समेट लेता हूँ तो पंचमहाभूतों में अफरातफरी व्याप्त हो जाती है। जिस प्रकार उत्पत्ति का क्रम है,
उसी प्रकार प्रलय का भी क्रम है। भूतों में ही भूतों का सहज विलय हो जाता है। यही बात श्रीकृष्ण बताते हैं।
अन्ने प्रलीयते मर्त्यमन्नं धानासु लीयते।
धाना भूमौ प्रलीयन्ते भूमिर्गन्धे प्रलीयते॥ २२॥
प्रलय की दृष्टि से देखें तो अनावृष्टि छा जाती है और सृष्टि में अन्न की कमी हो जाती है, अन्न क्षीण होने
से शरीर भी क्षीण होता है। यहाँ 'अन्नमय प्राण' होता है यह वचन प्रत्यक्ष है ही। अन्न कम होने पर प्राणियों के
प्राण भी निकल जाते हैं। अन्न की बाढ़ रुक जाने से वह स्वयं बीज रूप में ही रहता है। किन्तु उद्धव! वह
तत्काल पृथ्वी में ही एकरूप हो जाता है। इतने में बारह सूर्यों का समुदाय सूर्यमण्डल में एकत्र होता है। वह
पर्वत, पत्थर आदि को भी भस्म कर देता है और घास को भी शेष नहीं रहने देता। उसके कारण सप्त पाताल
तप्त हो जाते हैं और शेष का मस्तक झुलसने लगता है। वह विषाग्नि की ज्वाला उगलने लगता है और उसकी
ज्वाला भड़कने लगती है। शेष के मुख से निकली उस अग्नि से पृथ्वी पर की सभी वस्तुएँ जल जाती हैं।
तत्काल सारा ब्रह्माण्ड जल जाता है और पृथ्वी पूरी तरह भस्म हो जाती है। उस समय पृथ्वी का अस्तित्व समाप्त
हो जाता है और वह केवल गन्धस्वरूप से शेष रहती है। फिर वह गन्ध भी पानी में घुल जाता है, यही बात
श्रीकृष्ण बताते हैं।
अप्सु प्रलीयते गन्ध आपश्च स्वगुणे रसे।
लीयते ज्योतिषि रसो ज्योती रूपे प्रलीयते॥ २३॥
उस समय प्रलय मेघों के विराट समुदाय सूँड़ जैसे विशाल धाराओं से भयानक वृष्टि करते हैं। इस प्रकार
सौ वर्ष तक अखण्ड वर्षा होने के कारण सात समुद्रों का समुदाय एकत्र होता है। चारों ओर जल ही जल एकत्र
हो जाता है और उसमें पृथ्वी का बचा-खुचा अंश गन्ध में घुल जाता है। उस समय चारों ओर एकत्र जल प्रलय
की सार्थकता को सिद्ध करता है। सांवर्तक मेघों की पहचान यह है कि वे प्रलयकाल में सभी समुद्र एकत्र करते
हैं और पृथ्वी को उसमें घोलकर स्वयं भी घुल जाते हैं। उस समय अत्यन्त भीषण सांवर्त अग्नि क्षुब्ध होता है
और वह सभी जगह का पानी सुखाकर केवल रस शेष रखता है। फिर रस के रूप में जो पानी शेष रहता है, वह
भी तेज में विलीन हो जाता है और फिर वही तेज दसों दिशाओं में व्याप्त हो जाता है। उस सांवर्ताग्नि का क्या
वर्णन किया जाय? वह केवल पृथ्वी के जल का शोषण कर शान्त नहीं बैठता, अपितु वह अपनी दाहक शक्ति
को स्वयं जलाता है, जिसके कारण उसे सांवर्ताग्नि यह नाम प्राप्त हुआ है। इतना होने के बाद उसी काल के योग
से जोर की हवा चलती है और वह उस तेज को सोख लेती है। उस तेज का पूरी तरह शोषण हो जाने के बाद,
केवल रूप शेष रह जाता है।

६६८ श्रीमद् एकनाथी भागवत
रूपं वायौ स च स्पर्शे लीयते सोऽपि चाम्बरे।
अम्बरं शब्दतन्मात्र इन्द्रियाणि स्वयोनिषु ॥ २४ ॥
तेज का जो रूप शेष रह जाता है उसका वायु शोषण कर उसे निराकार बना देता है, उस समय चारों ओर
केवल वायु ही भर जाता है। फिर उस चारों ओर भरे हुए वायु को आकाश वहीं निगल लेता है, तब वायु स्पर्श
के रूप में प्रवेश कर केवल स्पर्श के ही रूप में शेष रहता है। वायु के उस शेष बचे हुए स्पर्श स्वरूप का लय
आकाश में तत्काल हो जाता है। फिर आकाश शब्द में प्रवेश करता है और वह शब्दतन्मात्र शेष रहता है। मुट्ठी
बन्द करने पर जिस प्रकार पाँचों उँगलियाँ उसमें लीन हो जाती हैं, उसी प्रकार दस इन्द्रियों का यह समुदाय जो
राजसगुण से उत्पन्न होता है, वह अपने गुण में जाकर लुप्त हो जाता है।
योनिवैकारिके सौम्य लीयते मनसीश्वरे।
शब्दो भूतादिमप्येति भूतादिर्महति प्रभुः ॥ २५ ॥
जो वैकारिक सत्त्वगुण है, वह देवता तथा अंतःकरण भी उत्पन्न करता है। वह भी प्रलय के स्वभाव धर्म
के अनुसार स्वयं मन में प्रवेश करता है। मन सभी इन्द्रियों का राजा है। 'जीवत्व' और 'शिवत्व' भी मन की ही
कल्पना है। श्लोक में वर्णित 'मनसीश्वर' शब्द से श्रीकृष्ण पूर्ण रूप से मन के ही विषय में बोल रहे हैं।
मनोदेवता अंतःकरण के साथ सत्वगुण में प्रविष्ट होती है। कार्य-विशेष का जो कारण होता है वहीं वे जाते हैं।
फिर पहले से बचे हुए शब्दतन्मात्र, तामस में जाकर एकरूप होते हैं। उद्धव! वास्तव में कारण में ही कार्य का
विलय होता है, इसे ध्यान में रखो। तीन गुणों से युक्त अहंकार एकत्र होकर अत्यन्त प्रबल हुआ रहता है। उसकी
महत्ता भी सुन लो। संसार में वह महाकठिन है। वह शिव का महत्त्व बढ़ाता है। जीव को देहात्मा में उलझा देता
है और अहंता से सारे संसार पर मोहिनी डालता है। उसके इस सामर्थ्य के कारण ही उसका महत्त्व है। ऐसा है
अहंकार! वह यदि परमार्थ में सहायक बन जाय तो सोहंभाव (ब्रह्म मैं ही हूँ उस भावना के) के योग से तत्काल
संसार का विनाश कर दे। चोर ही जब विश्वासपात्र मित्र बन जाता है तो वह चोर ही अन्य चोरों का निवारण
करता है। उसी प्रकार जब अभिमान ही सहायक बनता है तो संसारभय की बाधा नहीं होती। उद्धव! इस प्रकार
अभिमान सामर्थ्य सम्पन्न होने के कारण ही मैंने उसकी महत्ता का वर्णन किया। तीन गुणों से उत्पन्न यह
गुणाभिमान, पूर्णरूप से एकत्र होकर महत्तत्त्व में विलीन होता है और उससे एकात्मता प्राप्त करता है।
स लीयते महान् स्वेषु गुणेषु गुणवत्तमः।
तेऽव्यक्तेसम्प्रलीयन्ते तत् काले लीयतेऽव्यये ॥ २६ ॥
इस समय वह महत्तत्त्व भी कारणगुणों में लीन था और गुण साम्य के कारण सचमुच ही अव्यक्त में (मूल
माया में) लीन था। उस समय जब समस्त आकार-विकार नष्ट हो जाते हैं, तब केवल बीज शेष रह जाता है।
उसे ही 'अव्यक्त' कहते हैं। वट का न आकार है न विकार है, न अग्र है, न मूल है, न पत्र है न पुष्प है, अवशेष
केवल बीज रहता है, उसी प्रकार यह संसार अव्यक्त में ही रहता है। वट का यह बीज आँखों को दिखायी भी
नहीं देता। उसी प्रकार संसार का बीज भी अव्यक्त ही रहता है, वह जीव को सरलता से दिखायी नहीं देता।
अनेक प्रकार के तृण के बीज गर्मी में काल जमींदोज कर देता है, उसी प्रकार अव्यक्त रहने वाला संसार बीज
भी काल से एकरूप हो जाता है। देखिये इसी को अव्यक्त का काल में विलय कहते हैं। काल को ही महाबाहु
कहते हैं। उसका विलय पुरुष में होता है।