सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
संग्रह पर लौटें

श्रीमद् एकनाथी भागवत (सन्त एकनाथ - श्रीमद्भागवत एकादश स्कन्ध उद्धव गीता सविस्तार हिन्दी व्याख्या)

Shrimad Eknathi Bhagavat (Hindi) by N.V. Sapre

सन्त एकनाथ महाराज (अनुवादक: एन. वी. सप्रे) द्वारा

DevanagariHindipublished869 पृष्ठ

बाईसवाँ अध्याय ५९५
बात है, जिसे ध्यान में रखो। सूर्य जिस प्रकार मृगजल की सृष्टि करता है, उसी प्रकार आत्मा संसार करता है।
संसार केवल कल्पनामय है और आत्मा निर्विकार और ज्ञानरूप है। इस पर उद्धव ! तुम शायद यह कहोगे कि
जब संसार मिथ्या ही है तब साधन करने के फेर में क्यों पड़ें ? बाँझ स्त्री के लड़के के विवाह के लिये जैसे कोई
प्रयास नहीं करता या मृगजल पर बाँध बनाकर कोई नहर नहीं निकालता, उसी प्रकार यदि संसार बंधन मिथ्या है
तो फिर श्रवण, मनन, चिंतन, विवेक, वैराग्य, ध्यान आदि का व्यर्थ प्रयास लोग क्यों करते हैं ? उद्धव ! देखा
जाय तो बगुले का भय मिथ्या ही होता है, किन्तु बालक को यह सच ही लगता है। उसी प्रकार संसार के मिथ्या
संकट से ही जीव को बन्धन प्राप्त होता है। इसी अर्थ का सिद्धान्त श्रीकृष्ण स्वयं बता रहे हैं क्योंकि संसार के
सम्बन्ध में जो दुःख हैं, वे भ्रमिष्ट लोगों को भ्रम के ही कारण पीड़ा देते हैं।
अर्थे ह्यविद्यमानेऽपि संसृतिर्न निवर्तते।
ध्यायतो विषय्यनस्य स्वप्नेऽनर्थागमो यथा ॥ ५५ ॥
विचार किया जाय तो स्वप्न मिथ्या ही रहता है किन्तु उसमें के विषय सेवन से सुख-दुःख की अत्यन्त
बाधा होती है। स्वप्न में पुत्र प्राप्ति होती है, अथवा राजा के हाथों सत्कार होता है लेकिन उसी आनन्द में स्वप्न
देखने वाला मस्त होता रहता है अथवा स्वप्न में ही सारा धन चला गया इस दुःख से वह रोने लगता है।
इसलिये, उद्धव ! उसे यदि जागृत न किया जाय तो स्वप्न की सुख-दुःख की पीड़ा कभी समाप्त नहीं होती।
जो लोग विषयासक्त होते हैं जिन्हें निरन्तर विषय का ही ध्यान रहता है, देहाभिमान जिन्हें सदा विषय में ही
पिरोता रहता है, उनकी विषयासक्ति दूर करने के क्या उपाय हैं ? इसी अर्थ का सिद्धान्त श्रीकृष्ण उद्धव को बता
रहे हैं। यदि श्रवण और मनन न करें, विचारों का ज्ञान नहीं साधा, अथवा परिपूर्ण वैराग्य नहीं धारण किया तो
संसार का भय समाप्त नहीं होता। लेकिन संसार मिथ्या है इतना कह भर देने से सुख-दुःख का भय समाप्त
नहीं होता, जन्म-मरण का चक्र तथा अहंममता नहीं छूटती। ऐसे जो अज्ञानी लोग हैं, उन्हें अवश्य ही साधन
करने चाहिये। विवेक से परिपूर्ण वैराग्य धारण करने से संसार का बंधन नष्ट होता है। इसलिये उद्धव ! सभी
साधनों का मूल और जिससे ब्रह्मज्ञान हाथ लगता है उस वैराग्य को पूर्ण रूप से साध्य करें। अब विरक्ति के
मार्ग के बारे में सुनो। तो जिस प्रकार आग धधकती है, उसी प्रकार देह में वैराग्य दहकना चाहिये। तभी
ब्रह्मप्राप्ति का अधिकार प्राप्त होता है। ऐसे जो पूर्ण मुमुक्षु लोग होते हैं और जिनकी कृपा से सद्गुरु थपथपा
कर जागृत करते हैं, जो देहादिक के अभेद भाव से पुष्ट रहते हैं, माया के गुणों की त्रिपुटी जिन्हें मिथ्या लगती
है, ब्रह्मावंड से सृष्टि भर जाती है, ऐसा अप्रत्याशित लाभ जिस वैराग्य विवेक से हाथ लगता है, उसी वैराग्य
का वर्णन श्रीकृष्ण उद्धव से कर रहे हैं।
तस्मादुद्धव मा भुङ्क्ष्व विषयानसदिन्द्रियैः ।
आत्माग्रहणनिर्भातं पश्यवैकल्पिकं भ्रमम् ॥ ५६ ॥
विषय की आसक्ति ही परमार्थ के लिये बाधक होती है। इसलिये विषय को ही त्याग दो और पुनः उसे
स्पर्श न करो। वृत्ति आसक्त होने पर इन्द्रियों से चिपक जाती है और उसे अत्यन्त लुब्ध होने के कारण विषयों के
भोग भोगने की इच्छा होती है। यही संसार का बड़ा रोग है। इसलिये उसका त्याग करना चाहिये। उत्तम पकवान
हो लेकिन उसमें यदि विष पड़ा हो तो उसका एक ग्रास खाते ही प्राण निकल जाता है। लेकिन विष से प्राण एक
ही बार जाता है और विषय बार-बार प्राण लेते रहते हैं। अब तुम कहोगे कि प्रारब्ध के अनुसार भोग आते हैं,

५९६ श्रीमद् एकनाथी भागवत
फिर उनका त्याग कैसे होगा ? और विषय त्याग का उपाय खोजने से वैराग्य कैसे प्राप्त होगा ? प्रारब्ध से ही
विषयभोग आते हैं और वही साधक को दुःख देते हैं। दावानल में फँसे हिरन जिस प्रकार झुलस जाते हैं उसी
प्रकार उन्हें भी वह स्थिति भोगनी पड़ती है। बाघ के मुँह में गाय पड़ जाय, उसी प्रकार जब विषयों का भोग
करने वाला छटपटाता है तभी उस अनुताप से वैराग्य उत्पन्न होता है। सच्चा वैराग्य उत्पन्न होने पर सद्गुरु की
कृपा हाथ लगती है और गुरुकृपा के प्रभाव से ही द्वंद्व के साथ सारा संसार समाप्त हो जाता है। गुरुकृपा प्राप्त
होने पर चारों ओर परब्रह्म ही दिखायी देने लगता है। फिर वहाँ कर्म कैसा और जन्म-मरण भी कैसा ? संसार
भ्रम का नाम पता ही नहीं रह जाता। उस समय दीपक की सहायता से देखने पर भी संसार नहीं दिखाई देता
जिस प्रकार भ्रम नष्ट हो जाने के बाद रस्सी का सर्प नहीं दिखायी देता, अथवा लट्टू जब तक घूमता रहता है
तब तक वह सीधा ही दिखायी देता है, उसी प्रकार जब तक भ्रम का साम्राज्य रहता है, तब तक संसार सत्य ही
मालूम होता है। बिलकुल परिपूर्ण जो भ्रम है उसी का नाम संसार है। वैसे, परब्रह्म तो शुद्ध ही है। वहाँ जन्म भी
नहीं है और कर्म भी नहीं है। इस प्रकार का ब्रह्मज्ञान प्राप्त हो भी जाय तो भी चाक से मटका निकाल लेने पर
जिस प्रकार चाक घूमता ही रहता है, उसी प्रकार प्रारब्ध का भोग भोगना ही पड़ता है। वृक्ष को समूल उखाड़ा
जा सकता है लेकिन उसकी आर्द्रता को उखाड़ नहीं सकते। उसी प्रकार ब्रह्मज्ञान होने पर भी प्रारब्ध उसे नहीं
छोड़ता। उस प्रारब्ध के अनुसार यदि विषयभोग आ भी जाएँ तो उसका प्रतिकार करने का प्रयत्न नहीं करना
चाहिये। उसे शान्तिपूर्वक सहन करना चाहिये। जो विवेक सम्पन्न और क्षमाशील साधु होते हैं, वे विषयभोग आने
पर देह में परिपूर्ण शान्ति रख कर आनन्दपूर्वक आचरण करते हैं। उसी शान्ति का लक्षण श्रीकृष्ण स्वयं बताते हैं।
शान्ति से हमारा जो कल्याण होता है, जिसके कारण जीव को समाधान प्राप्त होता है, उसका सुमधुर निरूपण
श्रीकृष्ण दो श्लोकों में कर रहे हैं।
क्षिप्तोऽवमानितोऽसद्भिः प्रलब्धोऽसूयितोऽथवा।
ताडितः संन्निबद्धो वा वृत्त्या वा परिहापितः ॥५७॥
निष्ठितो मूत्रितो वाज्ञैर्बहुधैवं प्रकम्पितः।
श्रेयस्कामः कृच्छ्रगत आत्मनाऽऽत्मानमुद्धरेत् ॥५८॥
देहाभिमान रखने वाले जो तामसी, दुष्ट और दुर्जन होते हैं, वे यदि साधुओं का छल करते हैं तो साधु
शान्त होने के कारण कभी क्रोध के अधीन नहीं होते हैं। जो ज्ञानसम्पन्न होते हैं, वे छोटे-मोटे उपद्रव में क्रुद्ध
नहीं होते। अत्यधिक छल होने पर भी वे अति कोपायमान नहीं होते। कायिक, वाचिक और मानसिक आदि
तीन प्रकार की पीड़ायें हैं। किन्तु साधु पुरुष अपनी अटल शान्तवृत्ति के कारण अपने विवेक से सब कुछ सहन
करते हैं। साधु यदि युक्तिपूर्वक सरल ढंग से भाषण करता है लोग उस पर आक्षेप लेकर उसका उपहास करते
हैं, उसे झटक कर उसकी भर्त्सना करते हैं, इतना ही नहीं, अपितु भरी सभा में उसका अपमान करते हैं। शब्दों
का ही छल कर उसे दुष्ट, दुर्जन, दुःशील, अपवित्र और अमंगल चांडाल कहते हैं। ऐसे दुर्जन कितना ही दुष्ट
भाषण क्यों न करें, लेकिन अपनी शांत वृत्ति से वह सब सहन करता है। उस शान्ति के उत्पन्न होने के कारण
और विवेक के स्वरूप के बारे में सुनो। दूसरे की जीभ और होंठ जो हिलते हैं वे मेरे शरीर पर प्रहार नहीं
करते, ऐसी उसकी समझ होने के कारण उसके मन में क्रोध आता ही नहीं है। उसकी शान्ति भी नहीं ढलती।
सभा में मान के साथ उसकी पूजा की अथवा आसन के नीचे गिरा दिया, उसे लतियाया, उसका अपमान कर

एक ओर ढकेल दिया तो वह कहता है कि जहाँ ले जाकर सम्मान के साथ मेरी पूजा करते हैं, वहाँ भी पृथ्वी
ही रहती है और अपमान करके जहाँ ढकेल देते हैं, वहाँ भी वही पृथ्वी रहती है। ऐसी स्थिति में मान हो या
अपमान हो, वह तो मन की कल्पना ही है। ऐसा विचार कर सज्जन पुरुष शान्त वृत्ति के कारण किसी का द्वेष
नहीं करता। अनेक प्रकार की युक्ति-प्रयुक्तियों से साधु को लोभ के पीछे लगाकर लोग उसे फँसाते हैं और
उसका धन छीनकर, उलटे उसकी भर्त्सना करते हैं। उनकी निन्दा करने से मुझे दोष लगेगा इसलिये उसके मन
में क्रोध नहीं आता और उसकी पूर्ण शान्ति में अन्तर नहीं पड़ता। साधु यह समझ लेता है कि 'अर्थ है वहाँ
अनर्थ' है यह तो शास्त्रवचन है फिर उस अनर्थ से जो साधु को निवृत्त करता है, उसका द्वेष करते हैं वे लोग
मूर्ख हैं। अज्ञानी लोग सद्गुणों पर दोषारोपण करते हैं, निन्दा करते हैं, इसमें ही हमारा हित है ऐसा समझते हैं।
वही सचमुच मेरे तारनहार हैं। माता के हाथ तो केवल बाहर का मल धोते हैं लेकिन ये तो मेरे बाप के समान
हैं क्योंकि ये मेरा भीतर का और बाहर का मल भी अपने जिह्वाग्र से धो देते हैं। ऐसे लोगों का छल करने से
तो मेरा ही अहित होगा। ऐसा विचार कर वह साधु के गुण अथवा दोषों का उच्चार नहीं करता। इसीलिये
उसके शरीर की शान्ति बढ़ जाती है। जिससे आजीविका चलती है, वह धन, अथवा जमीन छल या जबर्दस्ती
से कोई छीन लेता है, तो भी साधु को क्रोध नहीं आता। इस लोक में लाभ होना या न होना केवल दैव के
अधीन है, उन्हें देने वाला और लेने वाला वही है यह कह कर वह किसी का द्वेष नहीं करता और शान्ति का
गुण नहीं छोड़ता। दुष्ट लोग साधु की जमीन-जायदाद से ही संतोष नहीं करते। वह बहुत बड़ा अन्यायी है, यह
कह कर उसे बाँधते हैं, उसके मुँह पर थूकते हैं और जो अत्यन्त दुष्ट होते हैं वे उसके सिर पर मूतते हैं। कोई
मारता है, कोई गिराता है, कोई अनेक प्रकार का छल करता है लेकिन सज्जन पुरुष में विवेक होने के कारण
उसके मन की शान्ति नहीं ढलती। थूक और मूत दोनों देह से ही निकलते हैं और देह पर ही पड़ते हैं, उस पर
गुस्सा क्यों किया जाय ? साधु को कोई पकड़ता है या मारता है तो वह कहता है, "देखो ! देह पंचमहाभूतों से
ही उत्पन्न हुआ है अर्थात्, मारने वाला और मार खानेवाला दोनों एक ही हैं। तो कौन किसके लिये दुःख करे ?
ऐसे विचारों से जिसे शान्ति प्राप्त होती है, उसके पास चारों युक्तियाँ दासी बन कर रहती हैं। मैं श्रीकृष्ण भी
उसका चाकर बनता हूँ। इससे अधिक और क्या लाभ होगा ? उसमें भी जो मोक्षार्थी है उसे सभी प्रकार से
शान्ति का पालन करना चाहिये। वही दुःखरूपी समुद्र से सुरक्षित उस पार पहुँचायेगा। वैराग्य, योग, ज्ञान
अथवा ध्यान इनका जो फल है, वही शान्ति है। उस शान्ति को पूर्ण रूप से साध कर ही साधु अपना उद्धार
कर लेते हैं। इसलिये उद्धव ! शीत-ऊष्ण, सुख-दुःख आदि द्वंद्वों में जो कठोरता है उसे सहन कर परिपूर्ण
शान्ति साधनी चाहिये और पूर्ण ब्रह्मस्वरूप तक पहुँचना चाहिये। पूर्णब्रह्म तक पहुँचने के बाद जन्म-मरण की
बात ही समाप्त हो जाती है और परमानन्द के गले लगते ही संसारभय नष्ट हो जाता है। श्रीकृष्ण का यह
भाषण सुनकर उद्धव आश्चर्यचकित हो गया। उसने कहा, यह जो अभी सुख दुःखादि द्वंद्वों की पीड़ा सुनी वह
मुझे सहन नहीं होगी। ऐसी शान्ति की बातें हमने कभी सुनी भी नहीं है, देखने की कौन कहे ? ऐसी शान्ति
जिसके अंतःकरण में होगी, ऐसा पुरुष सारी पृथ्वी में भी नहीं होगा। हे कृष्ण! जो न कभी देखी और न सुनी
ऐसी शान्ति तुम कहाँ से ले आये ? तुम्हारा यह भाषण सुनकर मेरी बुद्धि तो भय से कुंठित हो गयी है। ऐसी
शान्ति जिसे प्राप्त हुई है ऐसा कोई न पहले कोई हुआ है और आगे भी नहीं होगा। भगवान ने जो निग्रह
बतलाया वह हमारे लिये असाध्य है जिन द्वंद्वों का तुमने वर्णन किया है वे योगियों के सहने लायक भी नहीं
हैं। फिर हम कैसे सहन करेंगे ? यही बात भगवान से पूछ रहे हैं।"

५९८ श्रीमद् एकनाथी भागवत
उद्धव उवाच
यथैवमनुबुध्येयं वद नो वदतां वर।
सुदुःसहमिमं मन्ये आत्मन्यसदतिक्रमम्॥५९॥
विदुषामपि विश्वात्मन् प्रकृतिर्हि बलीयसी।
ऋते त्वद्धर्मनिरतान् शान्तांस्ते चरणालयान्॥६०॥
जो लोग वेदशास्त्र का अर्थ पूर्णरूप से जान कर उसे बता सकते हैं वही सच्चे वक्ता हैं। उन वक्ताओं में
तुम श्रेष्ठ हो। क्योंकि वेदों का प्रमुख वक्ता तुम ही हो। तुम्हारी ही युक्ति ले कर शास्त्र तुम्हारा वर्णन करते हैं,
लेकिन परोक्षवाद से वे भी कुंठित हो जाते हैं। वेद तो 'वह नहीं, वह नहीं' कह कर पीछे हट जाते हैं। वह
तुम्हारे ही मुखसे तुम्हारे ही ज्ञान की उक्ति, हे कृपामूर्ति! तुम्हारी कृपा से सुनने को मिलती है। मैं अपने कानों का
भाग्य किन शब्दों में व्यक्त करूँ? जो सुनते हैं, वे धन्य हैं। इस प्रकार अनेक युक्तियों से उद्धव ने श्रीकृष्ण की
प्रार्थना और अत्यन्त प्रेम से हाथ जोड़ कर विनती की। भगवान ने जो भाषण दिया वह अत्यन्त गहन है। यह
भाषण अत्यन्त पवित्र है। लेकिन मेरे अंतःकरण में उसका बोध नहीं होता क्योंकि दूसरों के अपराध कौन सहन
करेगा? यह कर्म अत्यन्त कठिन और मानव स्वभाव के विरुद्ध है। इसलिये इस महान उपदेश पर आचरण करना
नितांत कठिन है क्योंकि कोई द्वंद्व किस उपाय से सहन कर सकता है? यदि कोई बड़ा आदमी कभी-कभार कोई
अपराध करता है तो करोड़ लोगों में से कोई तो उसका अपराध सहन करेगा। लेकिन किसी नीच द्वारा किया गया
छल कोई, कभी सहन नहीं करेगा। जिसका मुँह कभी न देखना पड़े उसे नमस्कार करना भी उचित नहीं है, फिर
उसकी लात कौन सहन करेगा? जिसके शरीर में प्राण जरा भी शेष न हो वही ऐसा अपमान सहन करेगा।
लेकिन जो जीवित है वह इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा। लेकिन जो सचमुच ज्ञानी होते हैं वे भी अपनी किसी
आज्ञा का उल्लंघन सहन नहीं करते, फिर अपमान कौन सहन करेगा? कपिल महामुनि को भी क्रोध हुआ था
इसलिये उन्होंने सगरों को शाप देकर उन्हें भस्म कर दिया। नारद ने कुबेर के लड़के को शाप देकर वृक्ष बनाकर
छोड़ा। दुर्वासा की कथा तो बहुत लम्बी है। शृंगी ऋषि के अंतःकरण में क्रोध हुआ और उसने पिता के गले में
मृतसर्प डालने वाले परीक्षित को शाप दिया। सनकादिक वस्तुतः शान्त थे लेकिन वैकुण्ठ पहुँचने पर जयविजय
ने उनका रास्ता रोका इसलिये उन्होंने क्रोध में आकर जय विजय को शाप दिया। जब ज्ञानसम्पन्न लोगों की यह
स्थिति है, तो औरों की क्या स्थिति होगी? गोविन्द दूसरों का अपराध सहन करने की शक्ति त्रिभुवन में भी दुर्लभ
है। प्रकृति अपने गुणों से प्रबल हुई है। वह जरा से कारण से भी गुणों को तत्काल क्षुब्ध करती है। जो पूर्ण साधु
और सज्जन होते हैं, उन्हें भी क्रोध विकल कर देता है। जिसे तुम्हारी परिपूर्ण भक्ति प्राप्त होती है जिसे तुम्हारी
कृपा का पूर्ण लाभ होता है, तुम्हारे चरणों में जो अत्यन्त लीन रहता है, उसे ही ऐसी शान्ति प्राप्त होती है। तुम तो
त्रिभुवन में विश्वात्मा हो। तुम्हारे सामने मैं कोई बात चुरा कर नहीं रख सकता। मैं सच कहता हूँ कि यह
दूजाभाव और द्वंद्व मैं सहन नहीं कर सकता। श्रीकृष्ण, यह तुम भी जानते हो। शान्ति अत्यन्त पवित्र वस्तु है और
क्रोध नितान्त निन्दनीय है इसका प्रतिपादन बुद्धिमान लोग भी करते हैं किन्तु उन्हें भी द्वंद्व सहन नहीं होते। द्वंद्व
वास्तव में दुःसह ही हैं। इसलिये हे कृपामूर्ति! द्वंद्व सहन करने का उपाय मुझे बताइये। अन्य साधनों को साध्य
किया जा सकता है लेकिन यह सहिष्णुता मेरे मन को नहीं भाती। इसीलिये मुझे भी वैसी शान्ति प्राप्त हो ऐसी
मुझ पर कृपा कीजिये। शान्ति के योग से प्राप्त होने वाले कल्याण का मुझे लाभ हो ऐसी पूर्ण कृपा मुझ पर करें।

बाईसवाँ अध्याय ५९९
कहकर उद्धव ने भक्तिभाव में श्रीकृष्ण के चरण पकड़ लिये। उद्धव की विनती सुनकर श्रीकृष्ण को बहुत सन्तोष
हुआ और चातक की तृषा के लिये मेघ जिस प्रकार गर्जना कर त्रिभुवन को पर्जन्यवृष्टि से तृप्त करता है, उसी
प्रकार भक्त की विनती सुनते ही प्रफुल्लित होने वाला श्रीकृष्ण उद्धव के अंतःकरण पर शान्ति का ठप्पा कैसे
लगायेंगे ? उदार, सुन्दर और गुण गम्भीर शार्ङ्गधर अब शान्ति का भण्डार खुला कर स्वयं उद्धव के प्रश्न का उत्तर
देंगे। श्रीकृष्ण की वर्णन करने की पद्धति आश्चर्यजनक होगी। युक्ति और चातुर्य के वैभव की वर्षा ही होगी।
जिससे शान्ति गले लग जाय ऐसी अपूर्व युक्ति वह बतायेगा। श्रीकृष्ण के मुख से ज्ञानपूर्ण शब्द सुनकर शान्ति
स्वयं ही साक्षात प्रकट होती है। इसलिये ऐसा भाषण सुनने के लिये उद्धव भी सावधान होकर बैठ गया। जिस
प्रकार हाथी को पकड़ने के लिये शेर सावधान होकर बैठता है उसी प्रकार शान्ति का लाभ लेने के लिये उद्धव
भी तैयार होकर बैठ गया। उसी 'भिक्षुगीता' का निरूपण श्रीकृष्ण अगले अध्याय में करेंगे और जिससे
अंतःकरण में परिपूर्ण शान्ति अंकित हो सके ऐसे लक्षण बतायेंगे। जिन्हें परमार्थ की इच्छा हो, उन्हें अन्य साधनों
के द्वार छोड़ कर इस शान्ति साधन पर ही दृढ़ श्रद्धा रखनी चाहिये। अब श्रीकृष्ण शान्ति का विस्तार वर्णन करेंगे
इसलिये उद्धव भी ध्यान लगाकर बैठेगा। इसलिये जनार्दनरूपी एकनाथ भी श्रोताओं से विनती करते हैं कि वे भी
मेरी ओर ध्यान दें।
इति श्रीमद्भागवते महापुराणे एकादश स्कंधे एकाकार टीकायां
श्रीकृष्ण उद्धव संवादे द्वाविंशतितमोध्यायः ॥ २२॥
श्रीकृष्णार्पणमस्तु।

तेईसवाँ अध्याय
हे ओंकाररूप, विश्वरूपा सद्गुरु ! तुम्हें नमस्कार है। तुम ज्ञानस्वरूप हो और विश्व के भीतर-बाहर केवल
तुम ही हो। तुम्हारे स्वरूप का यदि विचार किया जाय तो तुम निर्गुण होते हुए अव्यय हो। यह जो साक्षात् चराचर
है, वह तुम्हारे निर्गुण स्वरूप के अवयव हैं। जीव और शिव तुम्हारी तुम्हारी माया है। अद्वैत यही तुम्हारा सच्चा
वैभव है। घृत की गुड़िया साकार दिखायी देती है लेकिन केवल घृत के रूप में ही उसे देखने पर वह निराकार
ही है। उसी प्रकार तुम अविनाशी और अविकारी होकर संसार के आकार में भासित होते हो। संसार का यह जो
रूप दिखायी देता है वह तुम्हारा ही स्वरूप है और तुम्हारे अंग को देखा जाय तो तुम अनंग हो। लेकिन उस
अनंग का (अर्थात् काम का) तुझमें स्पर्श भी नहीं है। जो कुछ दृष्टि को दिखायी देता है, वह तुम नहीं हो। जो
नहीं दिखायी देता वह तुम हो। होना न होना तुम्हारे पास नहीं है। तुम संसार के ऐसे जगद्गुरु हो। शब्द तुमसे दूर
है। लेकिन शब्द के अन्तर्बाह्य तुम ही हो। चराचर में बोलने वाले तुम हो और वेदशास्त्रों का वक्ता भी तुम ही
हो। ईख की मधुरता निकलती है। ईख के भीतर-बाहर मधुरता ही रहती है लेकिन मधुरता में ईख नहीं होती।
तुम्हारा और वेद का नाता वैसा ही है। वेदों के वक्ता तुम ही हो और वेदों में तुम्हारा ही प्रतिपादन किया हुआ है।
गुरुराया ! तुम निःशब्द में ही रहते हो, इसलिये अंत में वेदों को भी तुम्हारा आकलन नहीं हो पाता। जिस प्रकार
अनाहत ध्वनि निःशब्द होकर प्रत्येक ध्वनि से मिला हुआ रहता है लेकिन वही अनाहत (वाद्य पर बिना आघात
किये होने वाला ध्वनि) बजा सके ऐसा कोई वाद्ययंत्र संसार में नहीं है। उसी प्रकार तुम समस्त वेदों के वक्ता
हो, सारे शास्त्रों को युक्ति बताने वाले हो लेकिन वेदशास्त्रों से सम्मत तुम्हारा वर्णन नहीं किया जा सकता।
इसलिये यदि तुम्हें निःशब्द कहा जाय तो निःशब्द और 'सशब्द यह कहना भी मायिक ही है। सारांश, तुम्हारा
स्वरूप समझ में नहीं आता। लेकिन इस प्रकार तुम ज्ञाता हो यह सिद्ध करने जाओ तो फिर अज्ञान शेष ही नहीं
रहता। फिर, जहाँ अज्ञान है ही नहीं, वहाँ ज्ञाता कौन है और ज्ञातापन किस चीज का है? जहाँ शादी लायक
लड़की ही नहीं है, वहाँ उसके लिये दूल्हा खोजने के लिये कौन कहेगा ? तुम ज्ञानी हो और अज्ञानी भी नहीं हो।
तुम बोलने वाले भी नहीं हो और न बोलने वाले भी नहीं हो। तुम अनेक भी नहीं हो और एक भी नहीं हो।
तुम्हारे अतर्क्य स्वरूप के सम्बन्ध में कोई तर्क ही नहीं चलता। तुम शब्दातीत हो, विकारातीत हो, तुम निर्गुण हो,
तुम निरहंकार हो यह कहने में भी विचार करना पड़ता है। क्योंकि जगदाकार और जगदात्मा तो तुम ही हो। सारे
जगत के आकार में तुम प्रसिद्ध हो, अतः किसका द्वंद्व किसे बाधा पहुँचायेगा? जब दूसरा कोई है ही नहीं तो
फिर दूसरे के अपराध किसे विरुद्ध मालूम होंगे? हे सद्गुरुनाथा ! इस प्रकार तुम्हारे चरणों में द्वंद्वों की एकात्मता
हो जाने के कारण ही ऐक्य भावना से, अपनी ही कथा श्री भागवत सुनाते हो। उसी भागवत के बाईसवें अध्याय
के अन्त में, उद्धव ने आपसे शान्ति कैसे प्राप्त होगी और ये द्वंद्व कैसे टूटेंगे इसका उपाय पूछा था। जिसके योग
से ब्रह्मज्ञान की इच्छा पूर्ण हो ऐसा महत्त्वपूर्ण प्रश्न उद्धव ने पूछा था। श्री शुक्राचार्यजी को तो वह बहुत अच्छा
लगा और इससे राजा परीक्षित की इच्छा भी पूर्ण हुई। उद्धव का यह प्रश्न सुनकर शुक्राचार्य आनन्द से डोलने
लगे। वे परीक्षित से बोले, राजा ! सावधान हो जाओ। उद्धव पर श्रीभगवान प्रसन्न हो उठे हैं। ब्रह्मज्ञान की अन्तिम
स्थिति मुख्यरूप से शान्ति ही है। इसलिये शान्ति और निवृत्ति का ही निरूपण वह अब चार अध्याय में करेंगे।

तेईसवाँ अध्याय ६०१
हे राजा परीक्षित ! वही मैं तुम्हें बताता हूँ। हे पाण्डव कुलदीपक ! हे कौरव कुल तिलक ! सुनो। तुम आत्मसुख के
साधक हो इसलिये शान्ति के सच्चे अधिकारी तुम ही हो। ब्रह्मप्राप्ति साध्य करने के लिये तुम जलपान भी
छोड़कर भगवत्कथा श्रवण के लिये बैठे हो। इसलिये हे राजा ! श्रीकृष्ण की बतायी हुई शान्ति और निवृत्ति के
बारे में सुनो। तेईसवें अध्याय का विषय इस प्रकार है कि दुर्जन यदि मन को क्षुब्ध करे तो उस मन को पूर्ण क्षमा
करने का उपाय श्रीकृष्ण बतायेंगे। भिक्षुगीत का संरक्षण ही मनोजय का लक्षण है और प्रकृति पर किस प्रकार
विजय प्राप्त की जाय इसका निरूपण चौबीसवें अध्याय में हुआ है। तीन प्रकार के तीन गुण बताकर उसमें स्वयं
को निर्गुण बताकर, गुणजय का उत्तम निरूपण पच्चीसवें अध्याय में किया है। अब इसमें जो छब्बीसवाँ अध्याय
है वह ज्वलंत विरक्ति का है। उसमें ऐलगीत सुनाकर स्त्रियादिक सारे विषयों का त्याग करने को कहा गया है।
गुण, विषय, प्रकृति और मन इन चारों का समाधान श्रीकृष्ण अपने मुख से चार अध्यायों में बतायेंगे। इस प्रकार
राजा परीक्षित को सावधान कर श्री शुकयोगीन्द्र कथा का निरूपण करने लगे।
बादरायणिरुवाच
स एवमाशंसित उद्धवेन भागवतमुख्येन दाशार्हमुख्यः ।
सभाजयन् भृत्यवचो मुकुन्दस्तमाबभाषे श्रवणीयवीर्यः ॥ १ ॥
शुक्राचार्य बोले, हे परीक्षित! उद्धव की यह विनती सुनकर, उसके भाषण से श्रीकृष्ण को संतोष हुआ
और वह उद्धव को आगे उपदेश करने लगा। करोड़ों जन्मों के बाद ही अन्त में ब्राह्मण के उत्तम कुल में जन्म
प्राप्त होता है। वह महापुण्य का फल है। लेकिन यदि हरिभक्ति न हो तो वह भी निष्फल है। आम का
एकआध वृक्ष सदा फलद्रूप होने वाला होता है लेकिन यदि उस पर विष की बेल उग आये तो वह भी
निष्फल सिद्ध होता है। उसी प्रकार उत्तम लोग भी भजन के बिना व्यर्थ हो जाते हैं। लेकिन उद्धव की बात
वैसी नहीं थी। वह यादवों के उत्तम वंश में जन्म लेकर भी, श्रेष्ठता प्राप्त कर भी सम्पत्ति के मद में नहीं
भूला। हे महाराजा! राज्य-वैभव प्राप्त होने पर भी जो भगवद्गीता को नहीं छोड़ता उसे ही भगवद्भक्तों में
श्रेष्ठत्व का लाभ अवश्य मिलता है। सद्गुण वाली, सुन्दर और पतिव्रता स्त्री अनुकूल मिलने पर भी जो
भक्तिमार्ग नहीं छोड़ता वही है श्रेष्ठ भगवद्भक्त! उद्धव तो इन गुणों से परिपूर्ण था। विचारों से तो वह अत्यन्त
विरक्त था और श्रीकृष्ण के चरणों में तो अत्यन्त अनुरक्त था। इसीलिये उद्धव ही श्रेष्ठ भगवद्भक्त है। उम्र से
और सम्पत्ति से जो वरिष्ठता आती है, उसे गौण समझना चाहिये क्योंकि भगवद्भक्ति ही सब में श्रेष्ठ है। उसे
वैभव से उद्धव परिपूर्ण था। वह श्रीकृष्ण का अत्यन्त विश्वस्त था। श्रीकृष्ण जिसके साथ अंतरंग थे, जिसे
गुह्यज्ञान बताते थे उसके भाग्य का किस प्रकार वर्णन किया जाय ? साक्षात परब्रह्म ही उद्धव के हाथ लग गया
था। इतना ही नहीं, अपितु परब्रह्मरूपी श्रीकृष्ण उसके कहने के अनुसार चलता था। इसलिये सच्चा
भाग्यशाली तो वही है। इस प्रकार उद्धव के भाग्य का वर्णन करते-करते शुक्राचार्य भाव विह्वल हो गये।
उसके अंतःकरण में आनन्द की ऐसी बाढ़ आ गयी कि वह तटस्थ हो कर बैठ गया। यह देखकर राजा
परीक्षित को भी आश्चर्य लगा। उसने मन ही मन कहा, जिसके भाग्य का वर्णन कर श्रीशुक्राचार्य भी भाव
विह्वल हो गये, वह उद्धव वास्तव में भाग्यवान है। मेरे लिये भी वह सभी प्रकार से पूज्य है। इतने में
शुक्राचार्य ने राजा से कहा, राजा! उस उद्धव का भाग्य सचमुच अत्यन्त अलौकिक है। उसने विनती करते ही
श्रीकृष्ण सन्तुष्ट हो गया। उद्धव को शान्ति की ही इच्छा थी और वही, प्रश्न श्रीकृष्ण को भी बहुत अच्छा

६०२ श्रीमद् एकनाथी भागवत
लगा इसलिये उसका हेतु पूरा करने के लिये वह उसका विस्तृत निरूपण करेगा। सचमुच, उस श्रेष्ठ शान्ति के
अधिकारी एक तुम ही हो, ऐसा कह कर श्रीकृष्ण उद्धव को प्रेमपूर्वक सुनाने लगे।
श्री भगवानुवाच
बार्हस्पत्य स वै नात्र साधुर्वै दुर्जनेरितैः ।
दुरुक्तैर्भिन्नमात्मानं यः समाधातुमीश्वरः ॥ २॥
उद्धव! तुमने जो कुछ भी कहा उसे मैं सच ही मानता हूँ। दुर्जनों द्वारा अपमानित होने पर उसे सहन करने
लायक शान्ति किसी में भी नहीं होती। देव भी जिसकी पादुकाएँ मस्तक पर धारण करते हैं, मुख्य इन्द्र भी
जिसका चरण स्पर्श करते हैं, अष्ट महासिद्धि जिसकी बनकर रह गयी हैं और ब्रह्मज्ञान जिसका अंकित होकर
रह गया है ऐसे देवों के गुरु बृहस्पति के तुम शिष्य हो, साक्षात् विवेकमूर्ति हो। इसलिये शान्ति साध्य करने के
उपाय तुम्हारी समझ में आ सकेंगे। उद्धव को शान्ति का रहस्य समझ में आ जाय इसलिये श्रीकृष्ण ने उसे
गौरवान्वित किया और उसके ही भाषण का अनुमोदन करते हुए श्रीकृष्ण शुद्ध शान्ति का स्वरूप बताने लगे।
निन्दा, अवज्ञा, उपहास आदि मार्गों से दुर्जनों द्वारा किया गया अपमान जो सहन करेगा, वह साक्षात् ईश्वर ही है,
यह ध्यान में रखो। वह आत्मज्ञान से पूरी तरह मद्रूप ही हो जाता है। प्राणिमात्र में आत्मस्वरूप देखने की बात
जिसे स्वीकार है, वह दुर्जनों के आघात को भी आनन्दपूर्वक सहन करता है। जो स्वयं ही सारा जगत बनकर
रहता है उसे कितना ही उपद्रव क्यों न हो लेकिन क्रोध का उबाल नहीं आता। वह जरा भी उद्विग्न हुए बिना वे
उपद्रव आनन्दपूर्वक सहन करता है। अपना ही एक हाथ शरीर पर कहीं लग जाय तो जिस प्रकार हमारे मुख से
क्रोध या द्वेष का शब्द नहीं निकलता, उसी प्रकार चराचर को जो आत्मस्वरूप से ही देखता है, उसके घर में
शान्ति स्वयमेव प्रवेश करती है। उद्धव! जिसे ऐसा आत्मज्ञान हुआ है, उसे ही साधु समझा जाय। वही दूसरे का
अपराध सहन करता है। वही एक शान्ति के योग से पवित्र हुआ रहता है। यह आत्मज्ञान जिसकी समझ में नहीं
आता ऐसे जो अन्य ज्ञानसम्पन्न विद्वान हैं, वे भी द्वंद्व सहन नहीं कर सकते, यह भी तुम्हें कह देता हूँ।
न तथा तप्यते विद्धः पुमान् बाणैः सुमर्मगैः ।
यथा तुदन्ति मर्मस्था ह्यसतां परुषेषवः ॥ ३॥
लोहे के अत्यन्त प्रखर बाण होते हैं, जिनके प्रहार से प्राण विह्वल हो जाते हैं लेकिन दुर्जनों के वाग्बाण
शरीर में उससे भी अधिक गहरे धँस जाते हैं। लोहे के बाण शरीर पर जिस स्थान पर लगते हैं उसने ही अवयव
के जख्मी होने से मनुष्य विह्वल हो उठता है लेकिन वाग्बाण का सामर्थ्य उससे अधिक है। उनके प्रहार से पूर्वज
भी जख्मी होते हैं। लोहे के बाण का घाव पेड़-पौधों के पत्तों से ठीक हो जाता है लेकिन वाग्बाण का दर्द
जीवनपर्यन्त कष्ट देता है। दूसरों का मर्म निकालने के लिये विषैली भावना से सने हुए निन्दा के वाग्बाण जब
शरीर में घुसते ही अंतःकरण को चीर देते हैं तो शरीर में जैसे आग लग जाती है। ऐसे दुर्जनों के वचन और
अपमान का औद्धत्य सहन करने की शान्ति साधारण व्यक्ति में नहीं होती। इस प्रकार उद्धव का मनोगत ध्यान में
रखकर श्रीकृष्णनाथ शान्ति का निर्णय सुना रहे हैं। पूर्व में जिस शान्ति का वर्णन किया था, उसे शीघ्र साध्य करो,
ऐसा श्रीकृष्ण ने उद्धव से कहा। लेकिन उसे वह व्यर्थ लगेगा और उसके मन में संकोच होगा क्योंकि शान्ति
असाध्य है ऐसा उद्धव के मन में था। इसे ध्यान में रखकर श्रीकृष्ण भिक्षुगीत (एक संन्यासी द्वारा गाये हुए
विचार) उसके सम्पूर्ण इतिहास के साथ बता रहे हैं।

तेईसवाँ अध्याय ६०३
कथयन्ति महत्पुण्यमितिहासमिहोद्धव।
तमहं वर्णयिष्यामि निबोध सुसमाहितः ॥४॥
शान्ति भंग होकर क्षोभ से उत्पन्न होने वाले चित्त के मैल को तत्काल नष्ट करने के लिये योग्य जो इतिहास
गंगा है, वही अत्यन्त निर्मल और कृष्णोक्ति है। श्रीकृष्णमुखरूपी ब्रह्मगिरी पर्वत पर श्रीभागवतरूपी औदुंबर के
नीचे शान्ति गोदावरी का उद्गम हुआ, इसीलिये वह मूल से ही अत्यन्त निर्मल है। वही गुप्त प्रवाह से उद्धव
गंगाद्वार पर व्यासमुख से प्रकट हुई और वही शुक्राचार्य के मुखरूपी कुशावर्त्त में पवित्रता से सहसा प्रकट हुई।
उस पवित्र प्रवाह के साथ श्रद्धा, धृति और भक्ति इस क्रम में अरुणा, वरुणा और सरस्वती ये नदियाँ यहाँ
मिलकर उनका संगम हुआ है। इसलिये शान्तिरूपी गंगा में बाढ़ आकर वह अत्यन्त उत्कर्ष से बहती चली जा
रही है। उसमें जो श्रवणार्थी डुबकी लगाते हैं वे अपनी ही क्षमा से पवित्र हो जाते हैं। वह शान्तिरूपी अत्यन्त
प्रसिद्ध गंगा उद्धव को पुनीत करने के लिये श्रीकृष्ण ने भिक्षुगीत वर्णन से प्रकट की है।
केनचिद् भिक्षुणा गीतं परिभूतेन दुर्जनैः।
स्मरता धृतियुक्तेन विपाकं निजकर्मणाम् ॥५॥
उद्धव! एक संन्यासी था। उसे दुर्जनों ने अत्यन्त कष्ट दिया तो वह कहता था कि उनके उपद्रवों से मेरे
दुष्कर्मों का क्षय होगा। इसी आनन्द से वह अपने मन में दुर्जनों के प्रति क्षमाशील हो गया। हमारे शरीर का मल
कोई निकाल कर साफ कर रहा है इस पर जो क्रोध करता है वह मूर्ख और आत्मघाती है। जिन्हें लोग दुर्जन
कहते हैं उनके बारे में वह संन्यासी कहता है कि 'ये मेरे स्वजन हैं क्योंकि मेरे दोषों का नाश इनके ही धर्म के
कारण होता है।' कोई उसके सामने उसकी निन्दा करता है तो वह मन ही मन अत्यन्त प्रसन्न हो उठता है। वह
कहता है, श्रीकृष्ण मुझ पर प्रसन्न हो गया क्योंकि मेरे पापों का नाश अपने आप ही हो रहा है। सचमुच, इन
विचारों से वह शान्ति को कभी ढलने नहीं देता। अपने धैर्य की चोटी पर खड़े होकर उसने जो गाथा गायी उसे
सुनो। श्रीकृष्ण ने उद्धव से कहा, उद्धव! ध्यान देकर सुनो। जो नितांत लोभी था वह किस प्रकार विरक्त हो गया
उसकी कथा सुनो।
अवन्तिषु द्विजः कश्चिदासीदाढ्यतमः श्रिया।
वार्तावृत्तिः कदर्यस्तु कामी लुब्धोऽतिकोपनः ॥६॥
मालव देश की अवंती नामक नगरी में एक ब्राह्मण रहता था। वह अपने घर के ओसारे में बैठता था। खेती
और व्यापार से वह अपनी आजीविका चलाता था। उसके घर धन-धान्य की विपुलता थी। लेकिन बुद्धि से
कंजूस होने के कारण वह भरपेट खाता भी नहीं था। मोटा अनाज, वह भी अपर्याप्त। अर्थात् उसके बाल-बच्चे,
नौकर-चाकर भी पेटभर भोजन नहीं करते थे। वह कभी भी नित्य-नैमित्तिक कर्म नहीं करता था। धर्मकृत्य की
जानकारी तो उसे स्वप्न में भी नहीं थी। देव, ब्राह्मण और अतिथि उसके घर से विमुख ही लौटते थे। कहीं किसी
दिन एक आध कौड़ी की प्राप्ति होने वाली हो और उसी दिन माँ-बाप का श्राद्ध हो तो वह उसे छोड़कर, लाभ
के लिये महार के घर भी जाता था। छुआछूत का भय तो मन में आता ही नहीं था। धनलोभ के आगे वह ऊँच-
नीच की बात ही भूल जाता था। हाथ में पैसा आ रहा है यह देख कर वह हीन के हाथ का अन्न भी ग्रहण कर
लेता था। द्रव्य लोभ के आगे पाप अथवा महादोष की बात मन में भी नहीं लाता था। कौड़ी के लोभ ने उसे
इतना मूर्ख बना दिया था कि जिससे वह नरक अथवा अधःपतन की बात ही भूल गया था। इस प्रकार वह

६०४ श्रीमद् एकनाथी भागवत
क्रियानष्ट ब्राह्मण दुष्कर्म करता रहता था। वह महाठग, अत्यन्त कपटी, नीच और धन का लोभी था। इसके धन
लोभ में कोई रुकावट आती तो वह क्रोध से उबल उठता और गोहत्या, ब्रह्महत्या करने तक के लिये भी तत्पर हो
उठता था। धनलोभ के पीछे क्रोध की बस्ती रहती है—धन के पीछे पाप भी रहते हैं। धन के लोभ पर ही
जिसका मन रहता है उस वृत्ति का नाम है कृपणता। जिसने धन का ढेर इकट्ठा कर लिया हो उसे यदि खर्च
करने की नौबत आये तो उसके प्राण निकलने लगते हैं। बन्दर के गाल में जब तक चना छिपा हुआ है, तब तक
वह उसे हाथ नहीं लगाने देता, उसी प्रकार धन खर्च करने में ही कृपण की मृत्यु है।
ज्ञातयोऽतिथयस्तस्य वाङ्मात्रेणापि नार्चिताः।
शून्यावसथ आत्मापि काले कामैरनर्चितः॥७॥
घर का थोड़ा भात खर्च होगा, इसलिये वैश्वदेव भी नहीं करता, फिर अतिथि की कब और कौन पूजा
करेगा ? इतने पर भी यदि कोई अतिथि आ ही जाय तो उसके साथ वह ऐसा भाषण करेगा कि जिससे उसके प्राण
ही निकल जायें। फिर उसके पास दाना-पानी कौन माँगेगा? उसका घर देखकर ब्रह्मचारी उदास हो जाते।
संन्यासियों ने तो, जिस प्रकार राजहंस गोबर की आशा छोड़ देते हैं, उसी प्रकार उसके घर की आशा छोड़ दी थी।
भिखारियों ने तो उसका द्वार वर्जित कर दिया था। अतिथि उसके द्वार से आगे निकल जाते थे। कोई मेहमान आता
तो वह कहीं और आसरा लेता। पितर तो उससे हमेशा के लिये निराश हो गये थे। चूहे भी घर छोड़ कर चले गये।
कौवे, चिड़िया और चींटियों ने भी दूसरे घर में अपनी व्यवस्था कर ली थी। जो स्वयं भी पेटभर नहीं खाता था,
तो दूसरों की क्या बात करें? पत्नी और बच्चे भी भूख के आगे तड़प उठते। कुलगुरु का सम्मान करना, नाते-
रिश्तेदारों को खाने पर बुलाना या समधी और दामाद का सम्मान करने जैसी बातें धन का लोभी कभी नहीं करता।
मौसम में पर्याप्त फल पैदा होते हैं लेकिन वे केवल बाजार में दिखाई देते हैं लेकिन चाहे प्राण भी क्यों न जाये वह
उनमें से एक भी फल नहीं चखता। माँ का जो दूध पिया वही अंतिम था, उसके बाद उसने दूध वर्जित ही कर
दिया। रस सचमुच रसना का मायका है लेकिन रस के बिना वह बहुत दुःखी है क्योंकि उसका द्रव्यलोभ अत्यन्त
निष्ठुर था। उसकी जीभ कितना भी प्रयास क्यों न करे लेकिन वह उससे रस की भेंट नहीं होने देता था। शरीर पर
जो कपड़े पहनता वह भी अत्यन्त मैले-कुचैले और जगह-जगह फटे होते थे। मस्तक तो सदा गन्दा ही रहता था।
मुँह से बास आती थी लेकिन कभी पान नहीं खाता था। दीपावली, दशहरा जैसा कोई त्योहार आता तो घर में
पुरानी जोनरी ले आता। बाल-बच्चों को भी खाने-पीने से वंचित रखता था। इसी का नाम है सच्चा कृपण। इस
प्रकार उस द्रव्यलोभी को धर्महीन हुआ देख तथा उसका कृपण व्यवहार देखकर उसके स्वजन भी उसे छोड़ कर
चले गये। यही बात श्रीकृष्ण बताते हैं।
दुःशीलस्य कदर्यस्य द्रुह्यन्ते पुत्रबान्धवाः।
दारादुहितरो भृत्या विषण्णा नाचरन् प्रियम्॥८॥
स्वधर्माचरण में जिसका जरा भी मन नहीं है, जो दानधर्म बिलकुल बन्द कर देता है, जिसे केवल धन का
लोभ रहता है, उसे 'दुःशील' कहते हैं। अन्न वस्त्र के लिये जो अपने परिवारजनों को और स्वयं को कष्ट सहने के
लिये बाध्य करता है उसका नाम है 'कृपण'। ऐसे कृपण मनुष्य का साथ पहले उसकी स्त्री छोड़ती है और फिर
इष्ट मित्र, नौकर-चाकर और पुत्र भी उसके विरुद्ध हो जाते हैं। अपने सगे-सम्बन्धी भी विरोध करने लगते हैं
और धन के बँटवारे को लेकर विवाद और गृहकलह प्रारम्भ हो जाता है। पास में अकूत धन होते हुए भी वह

तेईसवाँ अध्याय ६०५
लड़कियों को मैके नहीं बुलाता। तीज-त्योहार मनाना आदि नहीं करता इसलिये लड़कियाँ भी उसे शाप देती हैं।
भाई तो सदा यही मनाते हैं कि एक बार यह मर जाये तो उसके नाम से मिठाई खायें। सब लोग उसके बुरे की ही
कामना करते हैं। जिसके धन को धर्म का संरक्षण नहीं प्राप्त होता उसका धन थोड़े ही समय में क्षयग्रस्त हो जाता
है। यही बात श्रीकृष्ण बताते हैं।
तस्यैवं यक्षवित्तस्य च्युतस्योभयलोकतः।
धर्मकामविहीनस्य चुक्रुधुः पञ्चभागिनः॥९॥
न खाता है, न भोजन करता है और न धन को स्पर्श ही करता है, इस प्रकार जैसे कोष के पास भूत
बैठता है, उसी प्रकार यह भी अपने यक्षवित्त की किसी ग्रह की तरह रक्षा करता है। ऐसे धर्मेच्छा विरहित,
केवल भूत की तरह धन की रक्षा करने वाला द्रव्यलोभी को 'यक्ष वित्त' कहते हैं। धन उसे प्राणों से भी अधिक
प्रिय लगता है। शरीर का सुखोपभोग नहीं करता इसलिये इहलोक शून्य हो जाता है और स्वधर्म कर्म, पंचमहायज्ञ
नहीं करता इसलिये परलोक भी शून्य हो जाता है। यज्ञ का हविर्भाग लेने वाले पाँच लोग रहते हैं, उन्हें उनका
हिस्सा नहीं मिलता इसलिये वे पाँचों क्षुब्ध होकर उसके द्रव्यनाश के लिये उद्यत हो जाते हैं। श्रेष्ठ ब्राह्मण जन्म
लेकर जो धन के लोभ में स्वधर्म से भ्रष्ट होता है वह दोनों लोकों से च्युत होता है और कृपणता के कारण कष्ट
अवश्य भोगता है। अत्यन्त कष्ट कर काफी धन प्राप्त करने पर भी अधर्म से उसका नाश होता है। उसके बारे में
भी श्रीकृष्ण बताते हैं।
तदवध्यानविस्रस्तपुण्यस्कन्धस्य भूरिद।
अर्थोऽप्यगच्छन्निधनं बह्वायासापरिश्रमः ॥१०॥
पंचमहायज्ञ के जो देवता हैं, उनकी वह पूर्ण उपेक्षा करता है। इसलिये द्रव्यलाभ का मूल जो पुण्य है,
उसका देवता ने ही क्षय कर दिया ऐसा समझ लो। द्रव्य प्राप्ति का पुण्यरूप सूर्य ही जब अस्त हो जाता है, तो
द्रव्यक्षय का ही अन्धकार छाने लगता है। जहाँ प्रयास से सम्पत्ति एकत्र की जाती है, वहाँ जब अधर्मरूप अँधेरी
रात आती है तो पाँचों यज्ञमूर्ति क्षुब्ध होकर पाँच प्रकार के महानाश होते हैं। जो परिवार को भी सुख नहीं देता
अथवा स्वयं भी सुखों का उपभोग नहीं करता, जो धर्म पर धन नहीं खर्च करता, उस पर ये पाँचों हिस्सेदार
नाराज हो जाते हैं। भाई, चोर, राजा, अग्नि और अधर्म से शरीर में रोग होता है और इन पाँच रूपों में वे पाँच
हिस्सेदार धन का विनाश करने के लिये प्रवृत्त हो जाते हैं। जहाँ श्रद्धा से ब्राह्मण की पूजा नहीं होती जहाँ उचित
लौकिक कर्म नहीं होता, जहाँ वेदों में कहे अनुसार दानादि धर्म नहीं होते, वहाँ निश्चित रूप से धन का नाश
होता है। जहाँ बड़ों का सम्मान नहीं होता, जहाँ पंचमहायज्ञ नहीं होते, जहाँ गुरु से ही अहंकार किया जाता है
वहाँ उद्धव ! धन का नाश तो होना ही है यह ध्यान में रखो। जो निरन्तर दूसरों का द्वेष करते हैं, जो दूसरे की
निन्दा करते हैं, सम्पत्ति के अहंकार से मदोन्मत्त होते हैं, वहाँ हे उद्धव ! धन का क्षय तो होना ही है। श्रीकृष्ण
भक्तों के प्रति पूर्ण दयालु होने के कारण वे धन के क्षय का लक्षण ग्रन्थों के आधार पर बता रहे हैं।
ज्ञातयो जगृहुः किंचित् किंचिद् दस्यव उद्धव।
दैवतः कालतः किंचिद् ब्रह्मबन्धोर्नृपार्थिवात् ॥ ११ ॥
पत्नी और लड़कों ने मिलकर काफी धन गायब कर दिया। भाईयों ने जबर्दस्ती से अपना हिस्सा ले लिया।
चोरों ने सेंध मारकर भण्डार लूट लिया। घर में आग लग जाने से अनगिनत वस्तुएँ जल गयीं। खेत में, फसल में

६०६ श्रीमद् एकनाथी भागवत
रोग लगने से सारा सत्यानाश हो गया। व्यापार भी जहाँ का तहाँ डूब गया। जो विश्वासपात्र थे उन्होंने ही चीजें
हड़प लीं और नकदी कागज पुर्जे खो गये। बर्तन में रखा हुआ कपूर उड़ जाता है, समुद्र में जाने वाला जहाज
डूब जाता है; उसी प्रकार व्यापार में सहयोगियों पर भी आपदा आयी और चारों ओर से विनाश हो गया। ठग
आये और एकान्त में खोटे सिक्के दे गये और ब्याज के लालच में इसने अपनी सम्पत्ति उसे दे दी। तभी लड़ाई
शुरू हुई और अफरातफरी में कुदाल से पूरा मकान खन डाला गया और उसमें जो भी धन छिपाकर रखा था उसे
लोग टोकरी भर-भर कर ले गये। जहाँ बीज रखा था वहाँ पानी घुस गया और बीज सड़ गये। किसी जबर्दस्त ने
खेत भी छीन लिये। इस प्रकार वह कंगाल हो गया। गाय-भैंस के बाड़े में रोग फैल गया और कितने ही जानवर
मर गये, जो लोग माँगकर घोड़े ले गये थे वे सभी युद्ध में मारे गये। जो लोग जमीन में धन गाड़कर रखते हैं,
उनके भाग्य में मिट्टी ही आती है। कितना ही गुप्त धन जमीन स्वयं ही निगल लेती है क्योंकि जब भाग्य पलट
जाता है तो जहाँ धन रखा था वह स्थान ही भूल जाता है। अधर्म से प्रारब्ध का नाश हुआ और देह पर भी
निस्तेजता आ गयी। वह देखने में ब्राह्मण भी नहीं लगता था। कोई उससे जाति पूछता तो वह अपने को ब्राह्मण
बताता था लेकिन किसी को उसकी बात पर विश्वास नहीं होता था क्योंकि उसके ब्रह्मतेज का ही अस्त हो गया
था। इस प्रकार उसका धन भी पूरी तरह नष्ट हो गया और उसका ब्राह्मण होने का तेज भी समाप्त हो गया। तब
वह निस्तेज चेहरा लिये, दुःख से खिन्न होकर हाय-हाय करने लगा।
स एवं द्रविणे नष्टे धर्मकामवर्जितः।
उपेक्षितश्च स्वजनैश्चिन्तामाप दुरत्ययाम्॥ १२॥
खेत गये तो खेती चली गयी, परचक्र में घर चला गया, सारा धन चला गया, एक कौड़ी भी नहीं बची।
यह दशा केवल अधर्म के कारण हुई। स्वधर्म नहीं किया, दान नहीं दिया, आवश्यक सुख का भी उपभोग नहीं
किया इसलिये उस धन के लोभी का धन स्वप्न में भिखारी होने वाले की तरह धूल में मिल गया। भाग्य फिरने
से उस अभागे पुरुष की क्या स्थिति हो गयी। स्त्री और बच्चे दूर हो गये और उन्होंने उसे घर से बाहर कर दिया
और सुनो। धन के लोभी के इष्टमित्र पहले से ही नहीं होते और भाइयों को भी उससे क्या सुख था? इसलिये
उन्होंने उसकी उपेक्षा कर उसे त्याग दिया। लोग सरेआम मुँह पर ही उसका निन्दा करने लगे। विधवा, बच्चे
उसके मुँह पर थूकने लगे। खाने के लिये तो कुछ भी नहीं रहा। कोई भीख भी नहीं दे रहा था। जहाँ कहीं भी
वह भीख माँगने जाता तो लोग कहते, यह कलमुँहा यहाँ क्यों आया? धन के लोभ में वह किस प्रकार पागल
था। ईश्वर ने उसे पूरा कंगाल बना दिया। इन शब्दों में लोग उसकी भर्त्सना करने लगे और वह तो शुद्ध भिखारी
बन गया और चिन्ता सागर में डूबने-उतराने लगा।
तस्यैवं ध्यायतो दीर्घं नष्टरायस्तपस्विनः।
खिद्यतो बाष्पकण्ठस्य निर्वेदः सुमहानभूत्॥ १३॥
धनलोभी का धन भले ही चला जाय लेकिन उसकी याद नहीं जाती। धन की याद आते ही उसका मन
उद्विग्न हो जाता है और असह्य दुःख से वह छटपटाने लगता है। सर्प के मस्तक में काँटा घुस जाय या सँपोले की
पूँछ कट जाय अथवा मछली को पानी से बाहर किया जाय तो वह जिस असह्य दुःख से छटपटाती है, उसी
प्रकार पूर्व के धन का स्मरण होते ही वह मन ही मन सुबकने लगता है। आँखों से अविरल आँसुओं की बरसात
होने लगती है और हर क्षण वह मूर्च्छित होकर गिरने लगता है। धरती पर लोटने लगता है और चीखने लगता है।

तेईसवाँ अध्याय ६०७
कहता है, "हाय रे मेरा भाग्य ! आखिर, मुझे भिखारी बना दिया। हे दुष्ट ब्रह्मदेव ! मेरे भाग्य में यह क्या लिख
दिया ? मुझे कहीं ठौर नहीं और क्या किया जाय यह भी समझ में नहीं आता।" इस प्रकार जो बड़ा दुःख सामने
आ गया है, उसके विचार से वह महादुःखी होकर रोने लगता है। "यह दुःख तो कम है लेकिन मुझे आगे बहुत
बड़ा दुःख भोगना है। यम जब निर्दयता से मुझे प्रताड़ित करेगा, उस समय मुझे वहाँ कौन छुड़ाएगा ? मैंने कभी
दानधर्म नहीं किया, नारायण का स्मरण भी नहीं किया, इसलिये मेरे भाग्य में नरक ही आयेगा वहाँ मुझे कौन
छुड़ायेगा? मैंने पंचमहायज्ञ नहीं किये, अतिथियों को अन्न नहीं दिया, पितरों का तर्पण नहीं किया, अब मेरे
दुःखों का निवारण कौन करेगा ? मैंने ब्राह्मण की पूजा नहीं की, परमेश्वर का भजन नहीं किया, भगवद्भक्तों की
चरणधूलि का वंदन नहीं किया, अब मेरे दुःखों का नाश कौन करेगा ? सदा अकर्म करने के कारण मैं अघोर
नरक में डूब रहा हूँ। हे श्रीहरि ! दौड़कर मेरे पास आओ और मेरा उद्धार करो। हे कृष्ण ! हे माधव, हे मुरारी ! हे
अच्युत ! हे अनंत ! हे श्रीहरि ! हे गरुड़ध्वज ! हे गोवर्धनधारी ! मुझ गरीब का उद्धार करो। तुमने प्रह्लाद की रक्षा
की, अम्बरीष को गर्भवास से मुक्त किया, उदर में परीक्षित का संरक्षण किया, उसी प्रकार मुझ गरीब का उद्धार
करो। तुमने अहिल्या को तारा, पातकी अजामिल का उद्धार किया और गजेन्द्र को संकट से बचाया, उतनी ही
शीघ्रता से मुझे उबारो। सारे पापों की खान, उस वेश्या को भी तुमने नामस्मरण से मुक्त किया। हे चक्रपाणि !
उतने ही चातुर्य से मुझ दुष्ट का भी उद्धार करो। इस धनेच्छा को आग लगे जिसके कारण मेरा जन्म व्यर्थ गया।
मुझ जैसे अधम ने राम का नाम भी नहीं लिया जिसके लिये धन की आवश्यकता नहीं होती। रामनाम के प्रभाव
से महान पापों की राशियाँ जल जाती हैं। फिर भी मैं मुख से राम का नाम नहीं लेता।" इस प्रकार जब वह
अपने अपराधों का स्मरण कर पश्चात्ताप कर रहा था, तभी उसके अंतःकरण में तीव्र वैराग्य उत्पन्न हुआ। उसी
का वर्णन श्रीकृष्ण कर रहे हैं।
स चाहेदमहो कष्टं वृथाऽऽत्मा मेऽनुतापितः।
न धर्माय न कामाय यस्यार्थायास् ईदृशः ॥ १४॥
वह ब्राह्मण हाथ मल कर कहता है—"हाय ! ब्राह्मण देह तो मोक्ष प्राप्ति का ही साधन है। वह प्राप्त होने
पर भी मैं कैसा कंगाल रह गया और धन लोभ के कारण व्यर्थ नष्ट हो गया। जिस देह के योग से मोक्ष का सुख
मिलता है उसी देह को मैंने दुःख दिया। मैं धन का लोभी अत्यन्त मूर्ख आदमी हूँ। मुझ जैसा मूर्ख और कोई नहीं
होगा। धर्म के नाम पर धन न खर्च कर मैंने बड़े प्रयास से धन जमा कर रखा, और उस धन की तो ऐसी अवस्था
हुई कि उसने मुझे दुःख का फल दिया। द्रव्य लोभ का आश्चर्य बड़ा विलक्षण है। उसके आगे न इहलोक है न
परलोक है। जो सुलभ मोक्षसुख था, उससे भी हाथ धो बैठा। वह लोभ मुझे नरक तक पहुँचा गया। जहाँ नरक
में कल्प तक डूबने पर भी ठौर नहीं मिलता वहाँ यह धनलोभ जीव को ले जाता है। वही मैंने इस नरदेह में
पाया। जो ब्राह्मणदेह में जन्म लेता है, वह तीनों लोकों में पूज्य होता है। मोक्ष उसके चरणों पर होता है। ऐसा
ब्राह्मणदेह का मैंने दुर्भाग्य से नाश कर दिया। लोभ से मैंने जिस धन का संग्रह किया, वह सब तो नष्ट हुआ ही
लेकिन उसने मुझे अत्यन्त दुःखी किया और मुझे घोर नरक में डाल दिया। धीरे-धीरे जीवन बीतता गया और मैं
पश्चात्ताप से संतप्त हो गया। धन लोभ में मेरे सारे प्रयास व्यर्थ गये लेकिन विवेक के साथ मुझमें अत्यन्त पवित्र
वैराग्य उत्पन्न हुआ। द्रव्यलोभी व्यक्ति दुःख का भण्डार ही है।" जो धन के बन्धन में रहता है, वह पापी है। इस
प्रकार वह अपने ही मुँह से अपनी निन्दा करने लगा।

६०८ श्रीमद् एकनाथी भागवत
प्रायेणार्थं कदर्याणां न सुखाय कदाचन।
इह चात्मोपतापाय मृतस्य नरकाय च॥ १५॥
सम्भवतः जो धन के लोभी होते हैं, उन्हें इहलोक का सुख रहता ही नहीं है क्योंकि उस धन का संरक्षण
करने में ही उन्हें अत्यधिक दुःख होता है और वह धन चले जाने पर मरणान्त दुःख ही आ जाता है। धन अर्जित
करने में नितांत कष्ट होते हैं, उसे सँभालने में कलह हो जाते हैं और उस धन का नाश होने पर सीना फट जाता
है। इहलोक में इस प्रकार का दुःख होता है और अधर्म होता है इसलिये परलोक भी दूर हो जाता है। इसलिये
मरते समय धन के लोभी को नरक का सामना करना पड़ता है। जो धर्म नहीं करता और स्वयं भी कुछ नहीं
खाता और जो मुझ जैसा कृपण हो जाता है उसे सर्वाधिक दुःख होता है। जहाँ लोभ की बस्ती रहती है वहाँ
स्वप्न में भी सुख का निवास नहीं होता। देखो! लोभ अत्यन्त निंद्य है। वह ब्राह्मण ही अपने मुख से यह कह
रहा है।
यशो यशस्विनां शुद्धं श्लाघ्या ये गुणिनां गुणाः।
लोभः स्वल्पोऽपि तान् हन्तिश्वित्रो रूपमिवेप्सितम् ॥ १६ ॥
समरभूमि में आगे का योद्धा धराशायी होने पर जो योद्धा स्वयं आगे बढ़कर शत्रु का सामना करता है और
शत्रु के घेरे में फँसे राजा को कन्धे पर डाल कर ले आता है, ऐसा यश प्राप्त करने के बाद यदि उसके अन्तःकरण
में उस वीरता के बदले कुछ पुरस्कार का लोभ होता है तो इससे उसका अपयश होता है और सारा संसार उसकी
मूर्खता का उपहास करता है क्योंकि राजा उसके कुछ कहे बिना ही उसे अपने समकक्ष लाने का विचार करता
रहता है। राजा के इस विचार में इस लोभ के कारण रुकावट आ गयी और उस लोभ के कारण उसकी मूर्खता
प्रस्थापित हो गयी। स्वयं कन्यादान करने से सारा कुल पवित्र हो जाता है लेकिन यदि उस कन्या के ऐवज में
उसने धन लिया तो उस धन के लोभी का अधःपतन हो जाता है। इस प्रकार लोभ दान में भी लांछनास्पद है।
वेदशास्त्रों का अध्ययन कर जो बड़े ज्ञान सम्पन्न हो गये उनका भी धन के लोभ के कारण बहुत छल होता है
क्योंकि उनमें ज्ञान का दृढ़ अभिमान रहता है। देह की सत्यता सिद्ध करने के लिये पण्डितों में विवाद शुरू हो
जाता है और उनमें विरोध होने पर वे छलवादी भाषण करने लगते हैं। इस प्रकार ज्ञाता भी लोभ के चक्कर में आ
जाते हैं। विचारसम्पन्न एवं ज्ञानसम्पन्न पण्डित को भी लोभ निन्दा का पात्र बना देता है फिर औरों की क्या
बिसात ? लोभ पवित्र मनुष्य को भी अपवित्र बना देता है। जहाँ लोभ रहता है वहीं निंदा का बसेरा रहता है। वही
प्रसिद्ध दृष्टांत इस ब्राह्मण ने स्पष्ट करके बतलाया। कन्या कुलवान हो, सुशील हो, सुकुमार हो, स्वरूप से सर्वांग
मनोहर हो और फिर यदि उसके नाक पर कोढ़ का हल्का-सा भी दाग हो तो इतनी सुन्दर होने पर भी वह निंद्य
है। उसी प्रकार मन में जरा सी भी लोभ की बस्ती हो तो वह सारे गुण, औदार्य, यश, कीर्ति आदि सबका नाश
करती है। इसलिये लोभ जैसा अपयश देने वाला, त्रिभुवन में और कोई नहीं है। धन के लोभ के कारण सदा
एक-दूसरे में विरोध रहता है। धन का लोभ इष्टमित्रों में भी दूरी उत्पन्न करता है। इतना बाधक और ऐसा
अमंगल दूसरा कोई भी नहीं है।
अर्थस्य साधने सिद्धे उत्कर्षे रक्षणे व्यये।
नाशोपभोग आयासस्त्रासश्चिन्ता भ्रमो नृणाम् ॥ १७ ॥
पहले धन प्राप्त करने के लिये प्रयास करो, फिर उसे बढ़ाने के लिये परिश्रम करो और इतना करके वह

तेईसवाँ अध्याय ६०९
धन कितना ही क्यों न बढ़ जाए लेकिन लोभ उसे 'अब बस' कहने के लिये नहीं कहता। धन के लिये जिस
मनोयोग से लोग परिश्रम करते हैं, वैसा ही प्रयास यदि कोई परमार्थ के लिये करे तो सचमुच ब्रह्म उसके हाथ
का खिलौना बन जाएगा। इतने कष्ट से धन का सम्पादन किया किन्तु उसे सँभालने में कितनी चिन्ता लगी रहती
है। इसके कारण दिन-रात प्राणों का भी भय लगा रहता है। चाहे स्त्री हो, पुत्र हो या माता-पिता हों लेकिन
किसी पर विश्वास नहीं करता। धन के सम्बन्ध में वह अपने से अधिक किसी पर भी विश्वास नहीं करता।
अपने प्राणों की चिन्ता न कर चोर से अपने धन की रक्षा करता है। धन की रक्षा के सम्बन्ध में जब उसे चिन्ता
होती है तो जागृति, स्वप्न और सुषुप्ति इन तीनों अवस्थाओं में वह उसी चिन्ता को एकाग्र करके बैठ जाता है।
ऐसी एकाग्रता यदि उसने भगवद्भजन में लगायी होती तो एक क्षण में भगवान उसके वश में हो गया होता।
शादी में योग्य-अयोग्य कोई खर्च हो जाय या खाने-पीने में अधिक खर्च हो जाय तो वह घबरा उठता है। इस
प्रकार धन का खर्च होने से उसे कष्ट होता है। धन के लोभी इस प्रकार धन के पागलपन में बँध जाते हैं। धन
प्राप्त करने में प्रयास करने पड़ते हैं। उसे सुरक्षित रखने की चिन्ता लगी रहती है और वह खर्च हो जाने पर भ्रम
की स्थिति हो जाती है। देखो! पहले, मध्य में और अन्त में भी धन पूरी तरह नुकसान देह है। उसका रत्तीभर
भी सुख नहीं है। मेरा यही अनुभव है। प्रयास, कष्ट और चिन्ता इनके साथ-साथ भ्रम भी इस धन के पास
भटकता रहता है। इसलिये धन में जितना अर्थ है उतना ही अनर्थ भी है। इसी बात का वर्णन वह ब्राह्मण स्वयं
करने लगा।
स्तेयं हिंसानृतं दम्भः कामः क्रोधः स्मयो मदः।
भेदो वैरमविश्वासः संस्पर्धा व्यसनानि च॥ १८॥
अर्थ सभी दृष्टियों से अनर्थकारी ही है। मेरा यह कहना त्रिवार सत्य है। पृथ्वी पर जो भी अनर्थ हैं, वे सब
अर्थ से ही उत्पन्न होते हैं। उनकी संख्या असंख्य और अनंत है। फिर भी अर्थ से उत्पन्न होने वाले पन्द्रह अनर्थ
यहाँ संक्षेप में बताऊँगा। पहला अर्थ यह है कि अर्थ के पास चोरी रहती है। जिसके पास धन नहीं है, उसे चोरों
से भय नहीं है। जिसके हाथ में पैसा नहीं है, उससे चोर ही भय खाते हैं। कहीं यह कुछ माँग न ले इस भय से
उससे छिप कर बैठते हैं। किसी का धन या वस्तु उसकी आँख बचाकर अचानक ले जाना, या जादू के नाम
धोखा देना, भोलेपन का लाभ उठाना या जंगल में सर्वस्व लूट लेना, या रास्ते में पड़ा हुआ धन उठाना और वह
किसका है यह जानने पर भी उसे न देना, यह भी चोरी का लक्षण है। सुवर्ण चुराने वाले को नरक प्राप्ति होती है
यह जानने वाले भी सुवर्ण की चोरी करते हैं। फिर औरों की क्या बात की जाय? सारांश, धन की बात आते ही
चोरी जो रहेगी ही। संसार में चोरी करना पाप है। उसे कोई अपने द्वार तक लाना नहीं चाहता, इसलिये वह
सुवर्ण के पास रहती है। धन देखते ही संन्यासी के मन में भी विकल्प आता है। सारांश, धन से होने वाले पहले
अनर्थ का लक्षण यह है कि धन के पास चोरी रहती है और धन हिंसा का स्थान क्यों है, यह भी सुनो। धन के
लिये कई बार मारपीट होती है। पुत्र, पौत्र भी धन के लिये अपने बड़ों को मारते हैं। सम्बन्धों का विचार न कर
लोग धन के लिये एक-दूसरे के प्राण ले लेते हैं। धन के लोभ का यह चमत्कार है कि उस लोभ से कन्या भी
पिता को विष खिलाती है। पितृघात का उसे दुःख नहीं होता, धन का लोभ इतना निष्ठुर है। धन का लोभी
व्यक्ति अपने माँ-बाप को छोड़ देता है। अपनी पत्नी को लेकर अलग रहता है लेकिन वहाँ भी धन का लोभ
रहता ही है। धनलोभ का प्रभाव इतना विचित्र है कि पुत्र पिता को जान से मारता है। द्रव्यलोभ महाकठिन है।

६१० श्रीमद् एकनाथी भागवत
जो माँ नौ महीने अपने उदर में रखती है, सदा नरकमूत्र का कष्ट सहती है, उस माँ की भी उसके पुत्र धन के
लिये हत्या कर देते हैं। इस द्रव्यलोभ का प्रहार बड़ा विचित्र है। उसका मैं कहाँ तक वर्णन करूँ ? माँ भी अपनी
कोख से जन्म को मार डालती है। सारांश, यह जो सारी हिंसा है, वह धन से होने वाले अनर्थ का दूसरा लक्षण
है। अब द्रव्य असत्य का कारण कैसे बनता है, उसका निरूपण स्वयं कर रहे हैं। असत्य धन के ही पेट से जन्मा
है और वह धन के बल पर ही संसार में इतना प्रबल हो गया है। द्रव्य के साथ ही असत्य उत्पन्न होता है।
असत्य का और द्रव्य का हमेशा का साथ है। वह द्रव्य जिसके पास होता है अथवा जिसे द्रव्य की अपेक्षा रहती
है, उसके पास असत्य सपरिवार रहता है। द्रव्य, असत्य की पैतृक सम्पत्ति है। असत्य को द्रव्य का बहुत बड़ा
सहारा रहता है। वह बाप से भी झूठ बोलता है। द्रव्य के लोभ से माँ को भी फँसाता है क्योंकि सत्य द्रव्य के
पास रहता ही नहीं है। धन के लोभ से साधारण लोग क्रय, विक्रय करते समय तो झूठ बोलते ही हैं, लेकिन
वेदशास्त्र सम्पन्न और विद्वान लोग भी द्रव्य के लिये झूठ बोलते हैं। जिसने वेद पूरा पढ़ा भी नहीं है, वह मनुष्य
धन के लालच में नीच व्यक्ति के घर अपने को चारों शास्त्रों में पारंगत पण्डित बताकर, जो वास्तव में पण्डित हैं
उनका छल करता है। जो परमार्थी हैं वे अपने को विरक्त कहते हैं लेकिन वहाँ भी असत्य का ही बसेरा रहता
है। वहाँ भी लोग द्रव्यप्राप्ति के लिये झूठी सिद्धि का ढोंग करते हैं। द्रव्य के पास असत्य का बड़ा महत्त्व होता
है। भक्तिभाव से जिसे सद्गुरु माना है उसे ही वह अकेले में नास्तिकता के विचार प्रतिपादित करता है। लेकिन
जिसके पास धन नहीं है या जिसे धन की कल्पना ही नहीं है उसे कल्पांत में भी असत्य स्पर्श नहीं कर सकता।
अब द्रव्य के पास दंभ (ढोंग) रहता है, उसका भी वर्णन सुनो। अंतःकरण में परमार्थ न होते हुए भी, केवल
द्रव्यलोभ के कारण स्वयं को हरिभक्त कहते हैं। इसी का नाम है भजन का ढोंग। द्रव्य प्राप्त करने के लिये
टीका, माला, मुद्रा आदि धारण कर उपदेश देने का ही नाम है दीक्षा का ढोंग। कोई गुरु किसी बड़े सज्जन व्यक्ति
को उपदेश करने में आदर अनुभव करता है तो कोई गुरुपूजा के लिये इतना धन लगेगा ऐसा करार कर उसे मंत्र
देता है, वह ढोंगी है। जिनसे द्रव्य प्राप्ति होती है, ऐसे धनी शिष्य अच्छे लगते हैं और जो गरीब शिष्य होते हैं,
उनका वह धिःकार करता है। यह भी गुरु का नाम लेकर ढोंग ही करना है। तन, मन, धन गुरु को ही अर्पण
करना चाहिये, ऐसा शिष्य को उपदेश देकर जो गुरु स्वयं धन का संग्रह करता है, वह गुरु के नाम पर ढोंग ही
है। जो गुरु स्वयं ही धन का लोभी है, वह शिष्य को कैसे तारेगा ? द्रव्यलोभ चीज ही ऐसी है कि जो गुरु को
ढोंगी बनाती है जो बदमाश शिष्य व्यक्ति गुरु का धन लूटने के लिये अपनी गरीबी का बहाना कर उपदेश लेने
जाता है, वह शिष्य भी ढोंगी और शठ है। गुरु के उपदेश से जिसे ज्ञान प्राप्त होता है, उस अहंकार से जो गुरु
को क्षुद्र मानने लगता है और उसका उपहास करता है, वह भी ढोंग का ही लक्षण है। 'ब्रह्मरूप' की सच्ची प्राप्ति
होने पर 'अहं ब्रह्म' 'मैं ही ब्रह्मस्वरूप हूँ', यह स्फूर्ति भी सहन नहीं होती। फिर वहाँ 'मैं ज्ञाता हूँ' यह कहना
भी कपट की बात है। वह अलंकरण के गुप्त दंभ से ही उत्पन्न होती है। जीव का स्थान देह के मध्यभाग में है,
जहाँ दंभ का अधिष्ठान रहता है। मन उसमें सहायक होकर ज्ञान का अभिमान उत्पन्न करता है। इस दंभ का
जितना कौतुक किया जाता है, वह आश्चर्यजनक है। जो स्वयं को अग्निहोत्री और याज्ञिक कह कर घूमते हैं, वे
ही भिक्षा माँग कर निर्वाह करते हैं। इस प्रकार द्रव्यलोभ में वेदपाठ करने वाले भी फँस गये हैं। परमार्थ की पोथी
छोड़ कर जो नाना प्रकार से ब्रह्मज्ञान पढ़ाते हैं, वे ज्ञाता भी दंभ के कारण द्रव्य की आसक्ति तथा धनलोभ में फँसे
हुए हैं। मंत्र-तंत्र की कथा का क्या वर्णन करें ? मुख्य जो गायत्री मंत्र है उसका भी ब्राह्मण विक्रय करते हैं और
स्वयं को स्वधर्म निष्ठा के कारण पावन कहते हैं। उन्हें ढोंगी समझो। ढोंग के कारण संन्यासी भी चक्कर में आ

तेईसवाँ अध्याय ६११
जाते हैं क्योंकि उन्हें भी लौकिक व्यवहार का पालन करना पड़ता है। जिस उद्देश्य से उन्होंने मस्तक का मुण्डन
किया है, उस (ब्रह्मचिंतन) को वे भूल ही जाते हैं। मिष्ठान्न तथा सुस्वादु भोजन और मानसम्मान को ध्यान में
रखकर संन्यासी स्नान आदि की पवित्रता का पालन करते हैं किन्तु अपने मन को शुद्ध कर ही नहीं पाते।
दांभिकता के चलते वाद-विवाद युक्त व्याख्यान भी देते हैं। दूसरे का द्रव्य और अन्न प्राप्त करने के लिये अथवा
अपने देह की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिये झूठी सात्विकता का प्रदर्शन करते हैं। अर्थ के कारण होने वाले चौथे अनर्थ
दंभ का यह लक्षण है। द्रव्य के पास काम भी बस्ती करके रहता है। वह अत्यन्त प्रबल होने के कारण उसे
जीतना बहुत कठिन है। जहाँ द्रव्य रहता है, वहाँ उसके साथ अत्यन्त कष्टकारी कामासक्ति रहती है। जब पास में
द्रव्य नहीं रहता तब अपेक्षाकाम (द्रव्य प्राप्त करने की इच्छा) रहता है, वह अंतर्बाह्य अत्यन्त कष्ट देता है और
अनेक दुःसह भोग भोगने के लिये बाध्य करता है। द्रव्य प्राप्त होने पर उन्मादकाम (मदोन्मत्तता) आता है और
वह मनचाही स्त्री से समागम कराकर नाना प्रकार के अधर्म उत्पन्न करता है। धनी लोगों से ऐसे प्रकार के निंद्य
कर्म होते हैं। काम द्रव्य के पास बिलकुल चिपका रहता है इसलिये वह सदा धनवानों का छल करता रहता है।
जहाँ द्रव्य रहता है वहाँ काम उफनता रहता है और रात-दिन विषय की इच्छा जोर मारती रहती है। इस प्रकार
द्रव्य से होने वाला पाँचवाँ अनर्थ उद्दाम काम है जो सदा द्रव्य के पास रहता है। जहाँ काम हो वहाँ क्रोध का
अपनी फौज के साथ रहना आवश्यक बात है। इच्छित वस्तु प्राप्त होने के मार्ग में कोई अड़चन हो तो वहाँ क्रोध
कूद पड़ता है। वह पगलाकर ऐसा तांडव करता है कि तपों की राशियाँ स्वाहा हो जाती हैं। जप, तप, नियम, धर्म
आदि कर जो भी अलभ्य साधन किया रहता है वह सब क्रोध एक बार बिफरने पर क्षणार्ध में स्वाहा हो जाता
है। धन का उल्लेख करने की देर है कि तत्काल प्रचण्ड क्रोध उत्पन्न हो जाता है जो जान की नौबत ले आता है।
इस प्रकार द्रव्य के साथ यह अतिक्रोध रहता है। द्रव्य प्राप्ति में कोई प्रतिबन्ध लग जाय या द्रव्य खर्च करने की
बात आ जाय तो उस समय क्रोध संतप्त हो जाता है और उन्मत्त होकर बैर रखता है। द्रव्य के पास प्रबल क्रोध
रहता है यही छठवाँ अनर्थ है। द्रव्य के पास अहंकार भी विचित्र परिस्थिति में रहता है। उसके बारे में भी बताता
हूँ। द्रव्य के कारण जब मनुष्य अहंकार से फूल जाता है तो उसे अपना बाप भी नहीं दिखाई देता। माँ को भी
बदनसीब कहता है। सिद्ध, साधक अथवा तपस्वी को देखकर उनका उपहास करता है और कहता है, "जो
दरिद्र होते हैं, वही संन्यासी बन जाते हैं। हरि भजन करने वालों का मखौल उड़ाता है। वैसे भी अमीरी का बल,
तिस पर यदि ज्ञान भी प्राप्त हो जाय तो फिर उसमें ऐसा अहंकार चढ़ जाता है मानों अजगर ने बच्चा निगल लिया
हो। द्रव्य और ज्ञान के अहंकार का यह लक्षण ही है कि वह सद्गुरु से ही द्वेष करने लगता है, उसके भाषण की
अवहेलना करता है और अन्त में उसका धिःकार कर उसकी अवहेलना करता है। वह गुरु के दोष देखता है,
उसे मूर्ख सिद्ध करता है और स्वयं को ज्ञानी मानता है। वह सद्गुरु को भ्रान्त कहता है और जो उसका सम्मान
करता है उससे वह द्वेष करता है। यह अहंकार कैसा विचित्र है। वह सबके गुणदोष ही देखता है। वह किसी
गुण को सही नहीं मानता। दोष सुनते ही उसे वह सच मान लेता है। अहंकारी व्यक्ति सामने यदि कोई सात्त्विक
पुरुष आता है तो उसे वह बिलकुल खराब मानता है और उस वृत्ति के मनुष्य को पागल और आर्ष मानता है।
चक्कर आकर जमीन पर गिरने से भले ही सिर झुक जाय अन्यथा अहंकारी पुरुष किसी व्यक्ति को उसके सामने
सिर झुकाने के योग्य नहीं समझता। फिर लोगों को सम्मान देने की बात कौन करे? और पिता की क्या प्रतिष्ठा
है? धन का उसे इतना अधिक अहंकार रहता है कि सारे ब्रह्माण्ड में वह अपने को ही बड़ा आदमी मानता है।
कोई गुरु की सेवा करने में ही एकनिष्ठ रहता है लेकिन उसे भी अपनी गुरु सेवा के बारे में अहंकार रहता है।

६१२ श्रीमद् एकनाथी भागवत
वही अहंकार उसके लिये बाधक होता है। इस प्रकार मनुष्य का अति अहंकार से उन्मत्त होना, द्रव्य के कारण
होने वाला सातवाँ अनर्थ है। अब द्रव्य के पास मद रहता है, उसका भी सम्बन्ध ब्राह्मण बता रहा है। जिसकी
आँखों में धन का नशा चढ़ता है वह खुली आँखों से ही अन्धा हो जाता है। वह शब्दों का उपदेश कानों से नहीं
सुनता। हमेशा द्रव्य के ही नशे में रहता है। द्रव्य के मद से अहंता बढ़ती है, द्रव्य के मद से औद्धत्य आता है
और द्रव्य के मद से मनुष्य चाहे जैसे अधर्म करता रहता है। धन का मद अत्यन्त अमंगल है। वह चढ़ने पर
उतरने में कष्टकारी हो जाता है। ऐसा मनुष्य योग्य-अयोग्य का विचार न कर विचित्र योनि में विहार करता रहता
है। जो द्रव्य के मद के वश में होता है, किसी से नहीं डरता। जहाँ नहीं जाना चाहिये वहाँ स्वयं जाता है, जो
नहीं खाना चाहिये वह खूब खाता है। जिसकी संगत नहीं करनी चाहिये, उसकी संगत करता है, जो कर्म नहीं
करना चाहिये वह करता है, जो नहीं बोलना चाहिये वह बोलता है और लोगों में उन्मत्त बनकर आचरण करता
है। स्वयं क्या कर रहा है, इसे नहीं देखता और दूसरों के दोष गिनाता है। बाप की बात भी नहीं सुनता। द्रव्य के
मद ने उसे इतना पागल कर दिया होता है। जो सिखलाओ वह नहीं सुनता और जिसे नहीं करने के लिये कहा
जाय वह अवश्य करता है। उसी प्रकार अपने मुँह से साधु की चाहे जैसी निन्दा करता रहता है। अपनी जाति का
आचार भी नहीं करता। दोषपूर्ण आचरण और अनाचार नहीं मानता और बड़ों का विचार भी नहीं सुनता। यौवन
के जोर से वैसे ही बलवान रहता है तिस पर धन का मद, इससे वह अत्यधिक उन्मत्त हो जाता है और सीधे
रास्ते पर नहीं चलता। वह स्त्री की इच्छा से व्याकुल हो जाता है, कुल और शील का विचार ही नहीं करता,
सुबह और शाम का विचार नहीं करता और गधे जैसा आचरण करने लगता है। परस्त्री की अभिलाषा कर दिन
में ही उसके साथ रममाण होता है। विकेशा स्त्री का भी अंगीकार करता है। पाप से जरा भी नहीं डरता। मद्य का
नशा शीघ्र उतर जाता है लेकिन धन का नशा उससे भी भयंकर है। मृत्यु आने पर भी वह नहीं उतरता। धन का
नशा अत्यन्त अनर्थकारी है। यही आठवें अनर्थ का लक्षण है। अब द्रव्य के पास भेद भी किस पूर्णता के साथ
रहता है, इसका वर्णन ब्राह्मण स्वयं कर रहा है। भेद द्रव्य की कोख से ही पैदा हुआ है। जहाँ धन रहता है वहाँ
मानों भेद का ही शासन रहता है। वह धन के पास दिन-रात पहरा देता है। हाथ में काफी धन आने के बाद वह
माँ से अलग रखता है, बाप को फँसाता है और पत्नी को भी मालूम नहीं होने देता। बाप के पास कितना धन है
इसका अन्दाजा लड़के को भी नहीं होने पाता, फिर औरों की क्या बात की जाय? द्रव्य के पास जो भेद है वह
संसार में अन्य कहीं भी नहीं होता। शस्त्र का प्रहार सहन कर भाई रणभूमि में अपने भाई की सहायता करता है
लेकिन वही भाई जब प्राप्त द्रव्य को बाँटने लगते हैं तो भाई-भाई का नाता ही मानों भूल जाते हैं। मित्र अपने
मित्र के लिये प्राण दे देता है लेकिन द्रव्य उसमें प्रवेश कर मैत्री को ही संशयास्पद बना देता है। ऐसे द्रव्य में
भयंकर भेद है। जो धन गाँठ में बाँध कर रखा है उसे भी वह बार-बार देखता रहता है। इस प्रकार द्रव्य के पास
भेद रहता है, वही नौवे अनर्थ का लक्षण है। द्रव्य के साथ कमाल का बैर भी रहता है। ब्राह्मण अपने अनुभव से
उस बैर का लक्षण बता रहा है। द्रव्य का सम्बन्ध पिता-पुत्र में विरोध उत्पन्न करता है। सगे भाइयों को भी बैरी
बनाता है। अपने निकट के इष्ट मित्रों में भी द्रव्य लोभ कलह उत्पन्न करता है। प्राणों से भी प्रिय मित्रों को भी
द्रव्यलोभ शत्रु बना देता है। द्रव्यलोभ अत्यन्त अमंगल और दुस्तर शत्रु है। भाई-भाई में कलह उत्पन्न हो जाने के
कारण, धन के बँटवारे में उसे अधिक राशि नहीं मिलती इसलिये जो लोग न्यायपूर्वक बँटवारा करते हैं उनसे बैर
करता है। जिस माँ के गर्भ से जन्म लिया, जिसका स्तनपान किया उसी माँ से धन के लोभ में बैर करता है।
द्रव्य माँ को ही वैरन बना देता है। उसे घर से बाहर निकाल देता है और फिर कभी उसका मुँह नहीं देखता।

तेईसवाँ अध्याय ६१३

जिसके योग से सांसारिक बन्धन से मुक्त होता है और जिसके शब्दों के योग से पावन होता है उस सद्गुरु के
साथ भी द्रव्यलोभ बांतचीत बन्द करा देता है। उस द्रव्य के अभिमान का महत्त्व जरा देखिये। वह सद्गुरु में भी
बैर उत्पन्न कर देता है। जो द्रव्य का अभिमानी है वह किसी के साथ भी निर्वैर नहीं रहता। यही निरूपण दसवें
अनर्थ का लक्षण है। अब द्रव्य अविश्वासी कैसे होता है, सुनो। द्रव्य के अभिमान का ऐसा प्रताप है कि जिसके
कारण पुत्र अपने पिता पर भी विश्वास नहीं करता। भाई के प्रति भी पूर्ण अविश्वास रहता है, फिर औरों के प्रति
विश्वास की क्या बात की जाय ? 'आत्मा वै पुत्रनामासि', पुत्र अपना आत्मा ही है, ऐसा श्रुतिवचन है। ऐसा पुत्र
जो मेरे सर्वस्व का मालिक है, उस पर भी जो विश्वास नहीं करता ऐसा द्रव्यलोभ अत्यन्त अविश्वासी है। धर्म,
अर्थ और काम में पूर्णरूप से साथ देने की जो शपथ विवाह के समय ली थी और जिसका विश्वास सम्पादन
करने के लिये पूर्वजों की प्रतिष्ठा का विश्वास दिला कर जिससे विवाह किया था और जिसने अपना तन-मन
अपने पति को ही अर्पण किया था, ऐसी धर्मपत्नी के साथ भी यह द्रव्यलोभ अविश्वास करता है। नौ महीना जो
अपने उदर में सँभालती है, सदासर्वदा विष्ठामूत्र साफ करती है, उस माँ पर भी वह विश्वास नहीं करता। जिसे
द्रव्य का अहंकार होता है वह सद्गुरु पर भी विश्वास नहीं करता। द्रव्य को सम्मान देने वाला मनुष्य पूर्ण
अविश्वासी रहता है। अविश्वास का मुख्य कारण एक द्रव्य है और दूसरी स्त्री, इसे स्मरण रखो। इनमें जिसका
मन लिप्त रहता है वह पूर्णरूप से अविश्वास से भरा रहता है। जो द्रव्य को ही सम्मान देने वाला तथा पत्नी के
पीछे पागल रहता है उसके हृदय में रहने वाला आत्मा विन्मुख होता है। सद्गुरु भी उसकी उपेक्षा करते हैं।
अविश्वास से ऐसा अनर्थ होता है। पुराणों में भी अविश्वास को सारे दोषों का मुकुटमणि कहा गया है। वह
अविश्वास प्रकट होते ही तत्काल वृत्ति का नाश कर देता है। अविश्वास से जब अभिमान की भेंट होती है तो
मुक्त की मुक्तता समाप्त होती है। फिर वह अविश्वास विकल्प की प्रेरणा से उसे उलटे देह के बन्धन में डालता
है। अविश्वास जब चित्त में भरा हुआ है और उसी समय वह बड़े अभिमान से 'मैं ज्ञाता' हूँ, कहता है तब
आस्तिवृत्ति देखते ही पलायन कर जाती है और चारों ओर नास्तिकता ही नास्तिकता दिखायी देती है। अविश्वास
के आगमन के साथ ही सद्भाव सपरिवार भाग जाता है और सारे त्रिभुवन में सद्भाव का अभाव हो जाता है।
फिर अविश्वास विकल्प के सहारे ही सारे व्यवहार चलाता है। अविश्वास के साथ विकल्प रात-दिन
आनन्दपूर्वक रहता है और जहाँ अविश्वास को प्रवेश मिलता है, वहाँ विकल्प ही उसे लूट कर नष्ट कर देता है।
यह अविश्वास एक बार मन में घर करते ही परमार्थ के राज्य को उजाड़ कर देता है और सद्गुरु के भी दोष
दिखाता है। साक्षात ब्रह्मदेव का भी विश्वास नहीं करता। इसलिये सारे दोषों का राजा अविश्वास के अतिरिक्त
अन्य कोई नहीं है। वह स्वयं महासिद्धियों को पूरी तरह नष्ट कर देता है और जहाँ अविश्वास हमला करता है
वहाँ से परमार्थ भाग गया ऐसा समझ लो। विकल्प का हमला होते ही, वह समय व्यर्थ ही हो जाता है। सिद्ध की
सिद्धियाँ नष्ट हो गयीं, साधक तो बेचारे बड़ी सफाई से मारे गये और जो साधारण होश में थे वे भी जंगल की
ओर भाग गये क्योंकि अविश्वास ने श्रद्धा का उद्यान ही नष्ट कर दिया। क्रोध यमनियमों के शहर ध्वस्त कर देता
है और तपस्वी लोगों की होली जला देता है। मोहरूपी हाथी मोक्षरूपी फलों से लदी बेलों को उखाड़ देता है
और शमदम का झोंपड़ा खन कर चौराहे पर फेंक देता है। विचारों के रास्ते सूने हो जाते हैं, उस रास्ते पर कोई
पैर नहीं रखता। व्रत, उपवास आदि के जो नन्हे कोमल उपवन थे उन्हें विकल्प ने देखते-देखते जला कर स्वाहा
कर दिया। ज्ञान के अभिमानी जब ऐसे अविश्वास से मिलने गये तो विकल्प ने उन्हें अभय देकर अपने पास रख
लिया। ऐसे विकल्प के आगे परमार्थ की क्या हस्ती है ? विकल्प का बल बड़ा होता है, वह तत्काल अनर्थ कर

६१४ श्रीमद् एकनाथी भागवत
छोड़ता है। जो हृदय से ही अविश्वासी रहता है वह सदा गुणदोषों का ही विचार करता रहता है और सदा परमार्थ
से द्वेष करता है। उसका यह स्वभाव ही है। इस प्रकार अविश्वासी पुरुष परमार्थ से दृढ़ बैर रखकर रहता है।
इसलिए जो अंतःकरण से अविश्वासी ही है, वह यदि हँस कर भी सामने आ जाय तो गरीब को उसके पास नहीं
जाना चाहिये। सारे दोषों में प्रबल, सारे दोषों का राज्य जिसे प्राप्त है, वह यह 'अविश्वास' नाम का ग्यारहवाँ
अनर्थ द्रव्य के साथ रहता है। यह अविश्वास ग्यारहों इन्द्रियों पर पूरी तरह अविश्वास करता है इसलिये उसे
ग्यारहवाँ स्थान दिया गया है। इस अविश्वास को मन में स्थान रहता है। मुख्य रूप से स्पर्धा का स्थान, अर्थात्
अधिक विद्या या अधिक धन ! स्पर्धा का जन्मस्थान यही है। यहीं से वह आगे बढ़ती है। विद्या प्राप्त होने पर
पण्डितों में एक-दूसरे की निन्दा शुरू हो जाती है, वह मुख्य गुरु से ही स्पर्धा करता है, यही विद्या का स्पर्धा
लक्षण है। पास में द्रव्य हो तो स्पर्धा और भी जोर मारती है। वह कहता है "कुबेर दूसरे के धन से अमीर हुआ
है। लेकिन मैं अपने सत्ता के बल पर ही धनी हुआ हूँ। मेरे धन के आगे गिनती में गंगा नदी के कंकड़ भी कम
पड़ेंगे। मेरी सम्पत्ति के सामने भला कौन खड़ा रह पायेगा?" फिर जिन-जिन अमीरों को वहाँ देखता है उन
सबकी वहाँ अप्रतिष्ठा कर देता है। इस प्रकार द्रव्य का आश्रय पा कर 'स्पर्धा' यह बारहवाँ अनर्थ उस द्रव्य में
सदा रहता है। अब एक शब्द में ('व्यसनानि' इस पद में) तीन अर्थों का मेला एकत्र हुआ है, वह भी द्रव्य के
पास ही रहता है। उसके भी विविध प्रकार सुनो। स्त्री, द्यूत और मद्यपान इन तीनों को द्रव्य बढ़ाता है। ये तीन
अनर्थ अमीर व्यक्ति पर एक साथ गहराते हैं। निर्धन पुरुष को पत्नी भी पत्थर के समान समझती है। ऐसे पुरुष
का मुँह देखकर उसकी स्त्री भी मुँह पर थूकती है। निर्धन पुरुष के घर में स्त्री-पुरुषों में सदा कलह रहता है।
उसकी स्त्री अनेक प्रकार से उसकी भर्त्सना कर उस पुरुष को घर से बाहर निकाल देती है। धनवान पुरुष के
पास उसकी स्त्री कैसे आगे-पीछे घूमती है ? उसी प्रकार जैसे कुतिया भाकरी का टुकड़ा देखकर 'कूँकूँ' करते
हुए दुम हिलाती है। लेकिन वह धन नष्ट होते ही वह स्त्री गुस्से में पति पर बरसती है, "मुझे आपकी बातें नहीं
सुहातीं। दिन-रात बच्चों से परेशान रहती हूँ और रात को आप अपने पास खींचते हैं। मुझसे नहीं सहन होता।
हाथ में फूटी कौड़ी भी नहीं है। क्या सुख रखा है, ऐसे जीने में?" इस प्रकार जोर-जोर से उसकी भर्त्सना कर
पति को दूर धकेल देती है। इस प्रकार निर्धन पुरुष को उसकी स्त्री भी अनुकूल नहीं होती, किन्तु अमीर व्यक्ति
को स्त्री की पीड़ा दिन-रात होती रहती है। अमीर व्यक्ति को देखकर वेश्या उसके आगे-पीछे घूमती है। उसके
हावभाव से लोग फँस जाते हैं। एक बार वेश्या से कामसंग होने के बाद उनमें निरन्तर काम-लिप्सा जगती है
और उसके नशे में वे सेठ-साहुकार मद्यपान करने लगते हैं। जो मद्यपान से उन्मत्त हो जाता है, वह स्वेच्छा से
जुआ खेलने लगता है। इस प्रकार ये तीनों अनर्थ द्रव्य के पास ही रहते हैं, इसे निश्चित जान लो। इस प्रकार
द्रव्य के पन्द्रह अनर्थों का साद्यंत वर्णन किया। इस प्रकार अमीर व्यक्ति को धन के पास नाममात्र का भी सुख
नहीं मिलता।
एते पञ्चदशानर्था ह्यर्थमूला मता नृणाम्।
तस्मादनर्थमर्थाख्यं श्रेयोऽर्थी दूरतस्त्यजेत् ॥ १९॥
सारांश, मूर्ख हो या पण्डित हो, जो भी धनसंचय करते हैं उनमें ये पन्द्रहों अनर्थ उत्पन्न होते हैं। पैसा
अथवा द्रव्य केवल नाम के लिये 'अर्थ' है अन्यथा वह साक्षात अनर्थ है। इसलिये जो स्वहितेच्छु हरिभक्त हों,
उन्हें निश्चित रूप से 'अर्थ' का त्याग करना चाहिये। जिस प्रकार मक्खी मकड़ी को नहीं सूँघती, या जैसे