सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
श्रीमद् एकनाथी भागवत (सन्त एकनाथ - श्रीमद्भागवत एकादश स्कन्ध उद्धव गीता सविस्तार हिन्दी व्याख्या)

श्रीमद् एकनाथी भागवत (सन्त एकनाथ - श्रीमद्भागवत एकादश स्कन्ध उद्धव गीता सविस्तार हिन्दी व्याख्या)

Shrimad Eknathi Bhagavat (Hindi) by N.V. Sapre

सन्त एकनाथ महाराज (अनुवादक: एन. वी. सप्रे) द्वारा

DevanagariHindipublished869 पृष्ठ

पृष्ठ 615, कुल 869 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 615

बाईसवाँ अध्याय ५९९
कहकर उद्धव ने भक्तिभाव में श्रीकृष्ण के चरण पकड़ लिये। उद्धव की विनती सुनकर श्रीकृष्ण को बहुत सन्तोष
हुआ और चातक की तृषा के लिये मेघ जिस प्रकार गर्जना कर त्रिभुवन को पर्जन्यवृष्टि से तृप्त करता है, उसी
प्रकार भक्त की विनती सुनते ही प्रफुल्लित होने वाला श्रीकृष्ण उद्धव के अंतःकरण पर शान्ति का ठप्पा कैसे
लगायेंगे ? उदार, सुन्दर और गुण गम्भीर शार्ङ्गधर अब शान्ति का भण्डार खुला कर स्वयं उद्धव के प्रश्न का उत्तर
देंगे। श्रीकृष्ण की वर्णन करने की पद्धति आश्चर्यजनक होगी। युक्ति और चातुर्य के वैभव की वर्षा ही होगी।
जिससे शान्ति गले लग जाय ऐसी अपूर्व युक्ति वह बतायेगा। श्रीकृष्ण के मुख से ज्ञानपूर्ण शब्द सुनकर शान्ति
स्वयं ही साक्षात प्रकट होती है। इसलिये ऐसा भाषण सुनने के लिये उद्धव भी सावधान होकर बैठ गया। जिस
प्रकार हाथी को पकड़ने के लिये शेर सावधान होकर बैठता है उसी प्रकार शान्ति का लाभ लेने के लिये उद्धव
भी तैयार होकर बैठ गया। उसी 'भिक्षुगीता' का निरूपण श्रीकृष्ण अगले अध्याय में करेंगे और जिससे
अंतःकरण में परिपूर्ण शान्ति अंकित हो सके ऐसे लक्षण बतायेंगे। जिन्हें परमार्थ की इच्छा हो, उन्हें अन्य साधनों
के द्वार छोड़ कर इस शान्ति साधन पर ही दृढ़ श्रद्धा रखनी चाहिये। अब श्रीकृष्ण शान्ति का विस्तार वर्णन करेंगे
इसलिये उद्धव भी ध्यान लगाकर बैठेगा। इसलिये जनार्दनरूपी एकनाथ भी श्रोताओं से विनती करते हैं कि वे भी
मेरी ओर ध्यान दें।
इति श्रीमद्भागवते महापुराणे एकादश स्कंधे एकाकार टीकायां
श्रीकृष्ण उद्धव संवादे द्वाविंशतितमोध्यायः ॥ २२॥
श्रीकृष्णार्पणमस्तु।