श्रीमद् एकनाथी भागवत (सन्त एकनाथ - श्रीमद्भागवत एकादश स्कन्ध उद्धव गीता सविस्तार हिन्दी व्याख्या)
Shrimad Eknathi Bhagavat (Hindi) by N.V. Sapre
सन्त एकनाथ महाराज (अनुवादक: एन. वी. सप्रे) द्वारा
४१८ श्रीमद् एकनाथी भागवत
बन गये हैं। चरणों में नूपुरों का गजर, हाथ में कंकणों की झंकार, मस्तक पर विपुल केश-संभार और पुष्पों से
गुंफित वे सुन्दर केश ! जिस मूर्ति की ओर ध्यान लगते ही भूख-प्यास का भी विस्मरण होता है और एक बार
ध्यान की पकड़ में आ जाये तो सुख का दिन उदित होता है। सुन्दर श्यामवर्ण से युक्त सर्वांग हो, मुद्रा अत्यंत
श्रेष्ठ, उदार और गम्भीर हो मुखकमल सुन्दर और सुप्रसन्न हो और ऐसी मूर्ति का ध्यान किया जाय।
सुकुमारमभिध्यायेत् सर्वाङ्गेषु मनो दधत्।
इन्द्रियाणीन्द्रियार्थेभ्यो मनसाऽऽकृष्य तन्मनः।
बुद्ध्या सारथिना धीरः प्रणयेन्मयि सर्वतः॥ ४२॥
तत् सर्वव्यापकं चित्तमाकृष्यैकत्र धारयेत्।
नान्यानि चिन्तयेद् भूयः सुस्मितं भावयेन्मुखम् ॥ ४३॥
शायद नेत्रों के कटाक्ष भी चुभें, चन्द्रकिरण भी चुभें ऐसी सुकुमार मूर्ति का ध्यान करना चाहिये ध्यान पर
भक्ति जमने के लिये मूर्ति जितनी कोमल हो उतना ही अच्छा। इन्द्रियजल विषयों पर लुब्ध रहने वाले मन को
काबू में रखकर बुद्धिमान लोग एकनिष्ठा से मेरा ही ध्यान करते रहते हैं। इस प्रकार विषयों पर नियंत्रण कर
अखण्ड मेरा ध्यान करने से हम स्वयं मत्स्वरूप हो जायेंगे इस प्रकार ध्यान लगाना चाहिये। चिन्तन करते समय
यदि मन विचलित होने लगे तो विचारों से तथा बुद्धि के सामर्थ्य से सन्देह रहित होकर मेरा स्मरण करने से
धारणा किये बिना ही ध्यान मन में बैठ जाता है। धारणा भले ही टूट जाय लेकिन ध्यान की छाप नहीं मिटती।
मन मूर्ति में ही रहता है और वही सर्वांग में जम जाता है। प्रत्येक अंग और उपांग पर ध्यान के बहाने जो चित्त
केन्द्रित हो जाता है उसे नियंत्रित कर केवल एकाग्र हास्यवसन पर केन्द्रित करना चाहिये। मूर्ति का सांगोपांग
ध्यान छोड़ कर श्रीहरि के स्वानंदघन हास्यवदन का ही चिन्तन करना चाहिये। "तुम्हारा ध्यान किस प्रकार का
होना चाहिये?" ऐसा उद्धव का प्रश्न था। उसका इस प्रकार उत्तर देकर आत्मस्वरूप के लक्षण भी भगवान
बताते हैं। ध्यान में जो हास्यमुख आयेगा, उसमें मुख को छोड़ कर केवल हास्य का ही ध्यान करना चाहिये।
फिर उस हास्य का भी ध्यान छोड़कर उस हास्य में जो गहरा आनन्द भरा हुआ है उसमें ही अपने मन को लीन
करना चाहिये और उसमें ही सावधान होकर निष्ठा रखनी चाहिये। उस आनन्द से अपना मन आनन्दयुक्त होने
पर साधकों को भी निश्चित रूप से आत्मानंद की प्राप्ति होगी
तत्र लब्धपदं चित्तमाकृष्य व्योम्नि धारयेत्।
तच्च त्यक्त्वा मदारोहो न किंचिदपि चिन्तयेत् ॥ ४४॥
उस आनन्दपद की प्राप्ति होने पर सर्वत्र चिदाकाश ही दिखायी देने लगता है। उस चिदाकाश में सावधान
होकर चित्त को एकाग्र करना चाहिये। फिर चिदाकाश, चित्त और चिन्तन ये ध्यान के तीनों भेद भूल कर
परमानन्द से परिपूर्ण और भेदशून्य चित्स्वरूप आत्मा जो मैं हूँ, उसमें ही अपनी वृत्ति निमग्न करनी चाहिये। तब
चिदाकाश का ज्ञान, अथवा ज्ञेय, दाता और ज्ञान इनमें से किसी की भी स्फूर्ति शेष नहीं रह जाती।
एवं समाहितमतिर्मामेवात्मानमात्मनि।
विचष्टे मयि सर्वात्मन् ज्योतिर्ज्योतिषि संयुतम् ॥ ४५ ॥
इस प्रकार साधकों की आत्मवृत्ति मेरे स्वरूप में एकरूप हो जाने पर जब वे मत्स्वरूप हो जाते हैं तब 'मैं'
चौदहवाँ अध्याय ४१९
पन की जो स्फूर्ति प्रकट होती रहती है वह भी अद्वैत में विलीन हो जाती है। इस प्रकार उस समय 'मैं' और 'तू'
का आभास भी निःशेष हो जाता है और मेरा परमानन्दात्मक आत्मसौख्य ही अद्वैत स्वरूप से भर जाता है। जिस
प्रकार एक ज्योति जब दूसरी ज्योति मिलती है तो दोनों का मिला कर एक ही तेज हो जाता है, उसी प्रकार जीव
और चैतन्य इन दोनों की स्फूर्ति अद्वैतसुख का लाभ होने से एकरूप हो जाती है। सहस्रों दीपकों में तेल और
बातियाँ डालकर जलाने से अलग-अलग सहस्र दीप जलते हैं लेकिन उन दीपकों में तेज एक ही होता है उसी
प्रकार अद्वैत में जीव ज्ञानरूप ही है। देह और इन्द्रियों की उपाधि के कारण जीव में निरालेपन का आभास होता
है लेकिन अद्वैत का बोध होते ही ऐक्य भाव के कारण जीव आत्मस्वरूप में लीन हो जाता है। तब एक परमसुख
ही शेष रहता है यह कहने वाला भी कोई नहीं रहता। एक अकेला आत्मसुख भर जाता है। जिस प्रकार शक्कर
से ही शक्कर खा कर देखनी चाहिये या पानी को ही पानी में स्नान करना चाहिये या जिस प्रकार निश्चित रूप
से सुगन्ध आने के लिये घृत को ही घृत में प्रवेश करना चाहिये, उसी प्रकार मेरी ध्यान की स्थिति साधकों के
लिये अत्यन्त लाभकारी है। यही बात श्रीकृष्ण उद्धव को बताते हैं।
ध्यानेनेत्थं सुतीव्रेण युञ्जतो योगिनो मनः।
संयास्यत्याशु निर्वाणं द्रव्यज्ञानक्रियाभ्रमः ॥ ४६ ॥
इस प्रकार तीव्र ध्यानस्थिति से समाधि तक यथाविधि ध्यान करने पर साधक को तत्काल मेरी प्राप्ति होती
है। मेरा यह ध्यान अत्यन्त उत्तम है। वह अगर सदा सर्वदा के लिये मन में अंकित हो जाय तो वह अधिभूत,
अधिदैव और अध्याय यह तीन प्रकार का भ्रम रहने ही नहीं देता। विषय सेवन करने वाला, विषय और विषय
का संभ्रम, ज्ञेय, ज्ञाता और ज्ञानोपक्रम; कर्म, कर्त्ता और क्रिया का भ्रम, इनका नामरूप भी शेष नहीं रहने देता।
उसी प्रकार ध्येय, ध्याता और ध्यान; दृश्य, द्रष्टा और दर्शन; मन, मननकर्त्ता और मनन इनका भान समूल नष्ट
कर देता है। देव, देवी और देवता, भज्य, भजन और भजन करने वाला; लक्ष्य, लक्षण और लक्षिता इनका पता
ही नहीं चल पाता। इससे योग्यता के साथ महायोग, अथवा समाधि सुख का सुखोपभोग अथवा जीव और शिव
का आत्मैक्य, यह बात भी शेष नहीं रह जाती। फिर बोध कैसा ? बोधकर्ता किसका ? बद्धता किसकी ? और
मुक्तता भी किसकी ? ब्रह्मा का नाम इस बात का भी पूरी तरह विलय हो जाता है। सत्, चित् और आनन्द इन
शब्दों का उच्चार, वह भी मुझे माया के ही कारण है। उसे भी स्पष्ट रूप से बताता हूँ, सुनो। असत् (मिथ्या) की
व्याप्ति हटाने के लिये श्रुति मुझे सत् कहती है। जड़ की मिथ्या स्थिति दिखाने के लिये मुझे ज्ञानस्वरूप कहते
हैं। उसी प्रकार दुःख के साथ मेरा सम्बन्ध न आये इसलिये मुझे 'परमानंद' कहते हैं। इस प्रकार मुझे
'सच्चिदानंद' कहना यह भी विद्या की दृष्टि से विपरीत बोध ही है। जहाँ असत् जरा भी नहीं है वहाँ 'सत्'
कहना कैसे सम्भव होगा ? जहाँ अज्ञान ही नहीं है वहाँ 'ज्ञानमय' भी कौन कहेगा ? जब दुःख का अंश भी नहीं
रहता वहाँ सुख किसे कहा जाय ? इसलिये मेरे लिये नामरूप रखना पूर्णतः असंगत है। त्रिपुटी का भान पूरी तरह
नष्ट होना इसी का नाम 'तीव्र ध्यान' है। उसी में मेरा भजन कर साधक आत्मानंद के पात्र बनते हैं। इस प्रकार
मेरी इस ध्यानपद्धति से बड़े चमत्कार से संसार का विलय होता हैं और उद्धव ! आत्मस्वरूप के निश्चय से मेरा
शुद्धस्वरूप ही शेष रह जाता है। उस स्वरूप में न सुख है, न दुःख है। सत् और असत् का उल्लेख भी नहीं है।
अथवा वहाँ ज्ञान और अज्ञान इन कल्पनाओं की बाधा भी नहीं है। उसमें नाम, रूप, गुण 'मैं तू' की पहचान,
विद्या-अविद्या का भान इनमें से कुछ भी नहीं है। सर्वत्र आनन्दघन आत्मस्वरूप ही व्याप्त रहता है। इस प्रकार
४२० श्रीमद् एकनाथी भागवत
भगवान ने अनेक प्रकार की युक्तियों से उद्धव को भक्तिसुख के झूले पर झुलाया और बोले, मेरी यह भक्ति
अंतःकरण में अंकित होने पर सभी सिद्धियों का लाभ होता है, इसमें कोई सन्देह नहीं है। भक्ति से सुख स्वरूपी
दुग्ध निकाल कर और उसका मंथन कर जो सार निकला उसे उन्होंने उद्धव को प्रदान किया। यह चौदहवाँ
अध्याय है। इसमें भगवान ने स्वमुख से कहा, “अहो! मैं केवल भक्ति के वश में हूँ। अन्य सभी उपाय गौण
हैं।'' समस्त योगों का योगसंग्रह स्थान, वेदान्त का प्रमुख भण्डार और सारी सिद्धियों का परम रहस्य यही
वास्तव में हरि की सच्ची भक्ति है। आत्मभाग्य का सच्चा लाभ, महत्सुख का सच्चा प्रेम और सभी बातों का
माधुर्य यही श्रीहरि की एकनिष्ठ भक्ति है। भक्तिपूर्वक भजन करने से चांडाल भी पावन हो गये। जिसने अपना
मन भक्ति पर न्योछावर कर दिया, उसके अधीन भगवान सदासर्वदा रहता है। एकनाथ ने भी मुक्ति की उपेक्षा
कर जनार्दन के प्रति एकनिष्ठ भक्ति समर्पित की है, इसलिये उसके ही प्रसाद से भगवत्प्राप्ति रात-दिन खिलौने
की तरह वश हुई है। वह भले ही उस भगवत्प्राप्ति को स्वीकार न करे लेकिन वह स्वयं ही घर में घुस आती है।
ऐसी गुरुभक्ति के कारण भगवान सर्वांग से खो गया है। जो भगवत्प्राप्ति चाहता हो उसे मेरी भक्ति की उपेक्षा नहीं
करनी चाहिये। जो निरन्तर श्रीहरि का स्मरण करता है, उसके पास भगवान निरन्तर खड़े रहते हैं। सकल भजन
में जिसकी वाणी 'राम' इस दो अक्षर के नाम की गर्जना करती रहती है, वह इस चराचर में धन्य है। एकनाथ
जनार्दन की शरण में जाकर नामस्मरण करते ही जन्म-मरण पीछे लौट गये और महासिद्धियाँ आँगन की दासी के
रूप में खटने लगीं।
इति श्रीमद्भागवते महापुराणे एकादशस्कंधे एकाकारटीकायां
श्रीकृष्णोद्धव संवादे भक्तिरहस्यावधारण नाम चतुर्दशोध्यायः ॥ १४ ॥
पन्द्रहवाँ अध्याय
ॐकार स्वरूप श्री जनार्दन को मेरा नमस्कार। तुम्हारे पवित्र चरण सभी सिद्धियों का मूलस्थान है, सभी
निधियों में श्रेष्ठ निधि है और चारों पुरुषार्थ प्रदान करने वाले हैं। जमीन में रखी हुई निधि दिखायी दे इसलिये
लोग आँखों में अंजन डालते हैं लेकिन उससे आँखें ही खराब हो जाती हैं और निधि दिखायी नहीं देती। लेकिन
तुम्हारे चरणों में वह बात नहीं है। तुम्हारे चरणों की रज का वन्दन करने से सारी कालिमा दूर हो जाती है और
निधि का पूर्ण रूप से दर्शन हो जाता है। अंजन डाल कर निधि निकालने जाओ तो वहाँ भी विघ्न उपस्थित हो
जाता है। बलि देकर निधि प्राप्त करने जाओ तो वह भी नश्वर ही रहता है। लेकिन तुम्हारे चरणों की वह बात
नहीं है। उनका सहज स्मरण करने से भी नित्य, सिद्ध, अव्यय आत्मस्वरूप का खजाना हाथ लगता है। यही
निधि साध्य कर सनकादिक भाग्यशाली बन गये। नारद की उदारता की प्रशंसा भी इसी कारण से होती है। प्रह्लाद
को सुरक्षा प्रदान करने वाला वज्रकवच भी इसी कारण प्राप्त हुआ। शुक वामदेव आदि को भी इसी कारण महत्त्व
प्राप्त हुआ है। व्यास वाल्मीकि ने हरिभक्ति का जो इतना बड़ा व्यवहार किया उसका कारण यही था कि वे इसी
पूँजी पर बलवान हुए थे और इसीलिये उनकी प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई। उन्होंने ही निर्माण की हुई पुराण आदि पूँजी
के आधार पर छोटे-बड़े लोग अपनी दरिद्रता मिटा कर सुख से जीवनयापन कर रहे हैं। उस सद्गुरु के पवित्र
चरण श्रेष्ठ निधियों की भी निधि है। एका उस जनार्दन की शरण में है यही हमारी परिपूर्ण पूँजी है। उसी पूँजी से
प्रस्तुत श्रीभागवत की प्राप्ति हुई है। उसी में श्रीकृष्ण उद्धव को ज्ञान का रहस्य बता रहे हैं। उन दोनों की यह
बात एकान्त में हुई थी लेकिन वह सारे संसार में प्रसिद्ध हो गयी। राजा परीक्षित ने लोगों पर यह बहुत बड़ा
उपकार किया है। उसी श्रद्धा के वश शुक्राचार्य शीघ्रता से आये और उन्होंने यह गुह्यज्ञान स्पष्ट करके दिखलाया।
शुक्राचार्यजी की यह महिमा विस्मयकारी है। यह गुह्यज्ञान केवल कान में न बताकर केवल श्रवण से ही संसार
बन्धन तोड़कर उन्होंने परीक्षित का उद्धार किया। श्रवणमाधुर्य को इतने प्रभावशाली ढंग से प्रसिद्ध किया फिर भी
अभागे दाँत भींच कर बैठे रहते हैं और बन्द कान खोल नहीं पाते। यदि प्रेमपूर्वक भगवत्कथा का सार उनके
कान में डालने का प्रयत्न करो तो कथा का सार बाहर ही गिर जाता है, कान में एक बूँद भी नहीं जा पाता।
इसीलिये विषय के लिये रोता रहता है। वह अपने अंतःकरण में कथामृत की एक घूँट भी नहीं जाने देता। किन्तु
कथा कहने वाला वक्ता भी वैसा ही रोता रहता है, वह भी अपने अंतःकरण में एक घूँट नहीं जाने देता। जैसे ईख
के रस का घाना ईख का रस निकालता रहता है और रस से बर्तन भरता जाता है, नीरस चीपड़े करकराते रहते हैं
वही स्थिति वक्ता के मुख की होती है। कथामृत की जो माधुरी है उसे सिवाए सद्गुरु के दूसरा कौन चख सकता
है? इसीलिये जिसने यह माधुर्य चखाया है उसी जनार्दन की शरण में मैं आया हूँ। लेकिन इस माधुर्य का स्वरूप
बड़ा विचित्र है, क्योंकि इस माधुर्य को चखते समय सद्गुरु स्वयं माधुर्य बनकर उसका स्वाद चखाता है। बालक
के हाथ में फल देने पर उसे कैसे खाया जाता है इसे बालक नहीं जानता। इसलिये उसका बाप स्वयं फल खाकर
उसका रस बच्चे के मुँह में डाल कर उसे माधुर्य का स्वाद चखाता है। बच्चे के मुँह को वह स्वाद लग जाने पर
वह स्वयं दिन रात वह फल चखता रहता है। उसी प्रकार हमें भी जनार्दन ने श्रीभागवत की माधुरी बता दी। वह
माधुरी अब मुँह में इतनी अधिक लग गयी है कि उसमें एक विशेष प्रकार का मजा आता है। वह मजा इस
४२२ श्रीमद् एकनाथी भागवत
प्रकार है कि अब भले ही मैं उस माधुर्य को छोड़ दूँ लेकिन वह माधुर्य मुझे नहीं छोड़ता। उस माधुरी ने मुझे
निगल लिया है। इससे मेरा 'मैं पन' भी उस माधुरी में समा गया है। वह मिठास इतनी अधिक बढ़ गयी है कि
उसने मेरे भीतर या बाहर कोई स्थान रीता नहीं रहने दिया है। यह शुक्राचार्य के मुख का श्रेष्ठ फल है। माधुर्य से
वह अत्यन्त रसाल बन गया है। ऊपर की छाल और भीतर की गुठली छोड़कर सारा माधुर्य फल के रूप में एकत्र
हो गया है। उस श्री भागवत का माधुर्य अर्थात् भक्ति का स्वाद श्रीकृष्ण ने प्रेमपूर्वक उद्धव के माध्यम से बार-
बार चखाया है। मेरा भजन करते समय, मेरी मूर्ति का ध्यान करते समय समाधि तक का सारा साधन श्रीकृष्ण ने
उद्धव को बतलाया। श्रीकृष्ण के मुख के चौदहवें अध्याय के वे शब्द श्रवण कर उद्धव को ऐसा विलक्षण आनन्द
हुआ और मेरा स्वार्थ मेरे हाथ लगा ऐसा उसे लगा। मेरा ध्यान सदासर्वदा श्रीकृष्ण मूर्ति की ओर लगा हुआ है।
उसी से समाधि का समाधान होता है। अब आगे कौन-सा प्रश्न पूछूं? चौदहवाँ अध्याय सुनकर उद्धव के मन
का यही दृढ़ निश्चय हुआ। यह देखकर भगवान ने स्वयं अभिप्राय सुझाया। दृढ़ विश्वास से मेरा भजन और
ध्यान करने से आगे सिद्धि का विघ्न उपस्थित होता है। उस सम्बन्ध में श्रीकृष्ण उपदेश देते हैं। पन्द्रहवें अध्याय
में ऐसा निरूपित किया गया है कि भक्तों द्वारा मेरा भजन करने से सिद्धियाँ अवश्य उत्पन्न होती हैं किन्तु वे
विघ्नकारक होती हैं इसलिये भगवान उनका त्याग करने के लिये कहते हैं।
श्री भगवानुवाच
जितेन्द्रियस्य युक्तस्य जितश्वासस्य योगिनः।
मयि धारयतश्चेत उपतिष्ठन्ति सिद्धयः ॥ १ ॥
जिसने प्राणापान सिद्ध कर लिया, जिसका इन्द्रियों पर नियंत्रण हो गया और जिसके मन में मेरी भक्ति के प्रति
उल्हास उत्पन्न होकर दिन-रात चित्त मेरे प्रति लग गया उसके प्रति अनेक सिद्धियाँ उत्पन्न होती हैं और वह जब भी
जिस चीज की भी इच्छा करता है, उसकी वह इच्छा पूर्ण होती है इसमें कोई सन्देह नहीं है। यह सुनते ही उद्धव के
मन में चमत्कार हुआ और उसने मन ही मन कहा कि उन सिद्धियों की साद्यंत कथा अब श्रीकृष्ण से पूछी जाय।
उद्धव उवाच
कया धारणया कास्वित् कथंस्वित् सिद्धिरच्युत।
कति वा सिद्धयो ब्रूहि योगिनां सिद्धि दो भवान् ॥ २ ॥
कौन-सी धारणा करने से कौन-सी सिद्धि प्राप्त होती है ? उसे पूरे विधि-विधान के साथ बतायें। हे
कृपानिधि ! उन सिद्धियों की संख्या क्या है इसका भी निवेदन करें क्योंकि हे अच्युत ! इन सारी सिद्धियों के बारे
में जानने वाले सचमुच एक तुम ही हो और योगियों को सिद्धि प्रदान करने वाले हो। इसलिये कृपया मुझे उनके
सम्बन्ध में बतायें।
श्रीभगवानुवाच
सिद्धयोऽष्टादश प्रोक्ता धारणा योगपारगैः ।
तासामष्टौ मत्प्रधाना दशैव गुणहेतवः ॥ ३ ॥
तब योगवेत्ता, योगसम्पन्न एवं महासिद्ध श्रीकृष्ण बोले- सिद्धियाँ अठारह हैं तथा उन्हें धारण करने की
विधियाँ भी भिन्न-भिन्न हैं। उनमें आठ सिद्धियाँ अत्यन्त श्रेष्ठ और प्रसिद्ध हैं और जो मेरे स्वरूप में स्थिर होता है
पन्द्रहवाँ अध्याय ४२३
उसे ही वे प्राप्त होती हैं। दूसरों को वे कभी भी प्राप्त नहीं होतीं। मन, वाणी अथवा कर्म से जो देह का देहपन
भूल कर मेरे ही स्वरूप में युक्त होकर ज्ञानस्वरूप होता है उसके पास ये सिद्धियाँ हाथ जोड़कर खड़ी रहती हैं
लेकिन वह उधर भूल कर भी नहीं देखता। अब यदि शेष इस सिद्धियों के बारे में पूछो तो वे सत्त्वगुण से सम्पन्न
होने के कारण साधक के शुद्धसत्त्व अत्यन्त सहजता से मेरे स्वरूप में रात-दिन विचरण करती रहती हैं उन आठ
महासिद्धियों की कथा अब तुम्हें सुनाऊँगा।
अणिमा महिमा मूर्तेर्लघिमा प्राप्तिरिन्द्रियैः।
प्राकाम्यं श्रुतदृष्टेषु शक्तिप्रेरणमोशिता ॥ ४ ॥
गुणेष्वसङ्गो वशिता यत्कामस्तदवस्यति।
एता मे सिद्धयः सौम्य अष्टावौत्पत्तिका मताः ॥ ५ ॥
अणिमा, महिमा और लघिमा ये तीनों सिद्धियाँ देहसिद्धि के योग से प्राप्त होती हैं। इन्द्रियों सहित उन
विषयों की प्राप्ति चौथी महासिद्धि होती है। परलोक के अदृश्य विषयों का ज्ञान अर्थात् प्राकाम्य श्रुतदृष्टा
पाँचवीं महासिद्धि है और शक्ति की प्रेरणा करने वाली असंग ईशिता सचमुच छठी महासिद्धि है। जिसमें मेरे ही
धर्म प्राप्त होते हैं उसे सिद्धान्ती लोक 'वशिता' इस नाम से जानते हैं। यह सातवीं महासिद्धि है। त्रैलोक्य में जो
भी अनुपम भोग हैं वे उत्तम भोग बिना परिश्रम किये केवल इच्छा करने मात्र से सुगम हो जाते हैं।
'यत्कामस्तहवस्यति' अर्थात् इच्छित सुख की प्राप्ति अथवा त्रैलोक्य की भोगसंपत्ति अकस्मात् एक ही समय
प्राप्त होना यही प्रसिद्ध आठवीं सिद्धि है। इन आठ महासिद्धियों का समुदाय स्वाभाविक रूप से मेरे पास रहता
है। साधक प्रयास करके जब थक जाता है तो उनमें से एकआध सिद्धि उसे प्राप्त होती है। तो ये महासिद्धियों के
रूप हैं। अब जो अन्य दस सिद्धियाँ हैं उनके सम्बन्ध में भी हे उद्धव ! तुम्हें साद्यंत बताता हूँ।
अनूर्मिमत्त्वं देहेऽस्मिन् दूरश्रवणदर्शनम्।
मनोजवः कामरूपं परकायप्रवेशनम् ॥ ६ ॥
स्वच्छन्दमृत्युर्देवानां सहक्रीडानुदर्शनम्।
यथासंकल्पसंसिद्धिराज्ञाऽप्रतिहतागतिः ॥ ७ ॥
क्षुधा, तृष्णा, शोक, मोह, जरा और मृत्यु ये छः ऊर्मियाँ देह को जरा भी पीड़ा नहीं देतीं यह पहली 'अनूर्मि
सिद्धि' है। एक ही जगह बैठ कर दूर का भाषण सुनायी पड़ना यह 'दूरश्रवण' नामक दूसरी अद्भुत सिद्धि है।
त्रैलोक्य में कहीं भी होने वाली हलचल मनुष्य एक स्थान पर बैठ कर देख सके यह तीसरी सिद्धि का चमत्कार
है। उसका नाम है दूरदर्शन कला। 'मनोजय' सिद्धि में मनुष्य जिधर की कल्पना करता है उधर मनोवेग से शरीर
जा सकता है। यह चौथी सिद्धि है। 'कायरूप' सिद्धि ऐसी है कि इसमें मनुष्य जिस स्वरूप की इच्छा करता है
उसे तत्काल धारण कर लेता है। यह सचमुच पाँचवीं 'कामनासिद्धि' है। अपना शरीर दूर रखकर मनुष्य दूसरे के
शरीर में प्रवेश करता है वह 'परकाया प्रवेश' सिद्धि है। यह छठीं उत्तम सिद्धि है। काल के वश में न रहकर
अपनी ही इच्छा से मरना यह सातवीं सिद्धि है। उसका नाम है 'स्वच्छंद महना'। स्वर्ग के देवताओं की क्रीड़ा
का दर्शन करना तथा शरीर में वैसी क्रीड़ाएँ करने का सामर्थ्य होना यह आठवीं सिद्धि है। निश्चित किया हुआ
उद्देश्य सिद्ध होना नौवीं सिद्धि है। जिसकी आज्ञा राजा भी शिरसावंद्य समझता है और जो कहीं भी आ जा सकता
४२४ श्रीमद् एकनाथी भागवत
है, जिसकी आज्ञा और गमन पर कहीं भी प्रतिबन्ध नहीं है यह दसवीं सिद्धि का लक्षण है। अब इनसे भी क्षुद्र
सिद्धियों के लक्षण बताता हूँ।
त्रिकालज्ञत्वमद्वन्द्वं परचित्ताद्यभिज्ञता।
अग्न्यर्काम्बुविषादीनां प्रतिष्टम्भोऽपराजयः ॥ ८ ॥
क्षुद्र सिद्धियाँ पाँच प्रकार की हैं। भूत, भविष्य और वर्तमान का जो ज्ञान होता है वह पहली सिद्धि है यह
जान लो। सुख-दुःख, शीत-उष्ण, मृदु और अत्यन्त कठोर इन छंदों के वशीभूत न होना यह दूसरी सिद्धि का
लक्षण है। दूसरे का स्वप्न बतलाना, दूसरे के मन की बात जानना इसे तीसरी सिद्धि कहते हैं। अब चौथी का
लक्षण सुनो। अग्नि, वायु, उदक, शस्त्र, विष तथा विष आदि का प्रभाव न होने देना यह चौथी सिद्धि है। किसी
से हार न मानना सदा विजयी होना, कहीं भी अकेले ही विजय प्राप्त करना यह पाँचवीं सिद्धि है।
एताश्चोद्देशतः प्रोक्ता योगधारणसिद्धयः।
यया धारणया यास्याद् यथा वा स्यान्निबोध मे ॥ ९॥
इस प्रकार मैंने सिद्धियों का स्वरूप उनके उद्देश्यों के साथ तुम्हें बतलाया। अब किस धारणा से और किस
स्थिति से कौन सी सिद्धि प्राप्त होती है यह भी सुनो। अष्ट महासिद्धियों की धारणा, दस सिद्धियों के गुण और
पाँच क्षुद्र सिद्धियों के लक्षण साध्य करने के लिये श्रीकृष्ण उपयुक्त साधनों का वर्णन करते हैं।
भूतसूक्ष्मात्मनि मयि तन्मात्रं धारयेन्मनः।
अणिमानमवाप्नोति तन्मात्रोपासको मम॥ १० ॥
देखो। अष्टमहासिद्धि स्वाभाविक रूप से मुझ में ही होती हैं किन्तु उन्हें साध्य करना कठिन है। लेकिन जो
उन्हें साध्य करना चाहता है उन्हें साधन बताते हैं। मैं अणु रेणु से भी अधिक सूक्ष्म हूँ। मैं प्रत्येक जीव के हृदय
में रहता हूँ। वहाँ जो भी हो उसे मन को अणुमात्र सूक्ष्म बनाकर मुझमें स्थिर रखना चाहिये और वे अणुरेणु जो
सदा मेरे ही स्वरूप का ध्यान करेंगे उसका देह भी अणु की तरह ही होता है और जिस प्रकार कीटक भ्रमर में
रहता है उसी प्रकार उसे 'अणिमा' सिद्धि प्राप्त होती है। जिस पदार्थ में छिद्र है उसमें से भी वह निकल जाता
है। संसार की आँखों में समाता है किन्तु किसी की आँखों को चुभता नहीं है। ऐसी स्थिति आ जाए तो समझ लो
कि 'अघिमा' सिद्धि प्राप्त हो गयी।
महत्यात्मन्मयि परे यथासंस्थं मनो दधत्।
महिमानमवाप्नोति भूतानां च पृथक् पृथक् ॥ ११ ॥
मेरा स्वरूप अनंत और अपार है। महत्त्व से भी अधिक बड़ा है और सच तो यह है कि महत्तत्त्व का भी
वास्तविक नियंता जो ईश्वर है वह मैं ही हूँ। उस सिद्धि को साध्य करने के लिये जो पुरुष मेरा ध्यान भी
अपरंपार-विशाल है यह मानकर धारणा करेगा उसका शरीर भी उसी प्रकार विशाल होगा। इसलिये इस सिद्धि
का महातम भी बहुत बड़ा है। देखो! रुई के तंतु भी सूक्ष्म होते हैं फिर भी उससे हमारी इच्छा के अनुरूप बड़ा
वस्त्र तैयार होता है। उसी प्रकार जो मेरे ध्यान की कल्पना भी विशाल समझ कर करता है उसे मेरी महासिद्धि ही
प्राप्त होती है। उसके भार की कल्पना करें तो समस्त पर्वतों के साथ धरा भी कम पड़ेगी। सिद्धि के कारण वह
इतनी ऊँचाई प्राप्त करता है।
पन्द्रहवाँ अध्याय ४२५
परमाणुमये चित्तं भूतानां मयि रञ्जयन्।
कालसूक्ष्मार्थतां योगी लघिमानमवाप्नुयात् ॥१२॥
वायु आदि प्राण की तरह सूक्ष्म तत्त्व हैं, जिनसे कालसूत्र का मापन किया जाता है वह परमाणुस्वरूप
भगवान ही है। जो सदा एकनिष्ठा से उसी का ध्यान करेगा, उस परमाणुस्वरूप ध्यान की ऐसी महिमा है कि
उसके कारण देह को हलकापन प्राप्त होता है। वह मशक पर चढ़ कर आकाश में भ्रमण करता है। अणिमादिक
जो तीनों धारणायें हैं वे इस देह की ही सिद्धियाँ हैं, यह ध्यान में रखो। वे ही इस देह में सूक्ष्मता, जड़ता और
हलकापन आदि लक्षण उत्पन्न करती हैं। हे बुद्धिमान उद्धव! अब जो शेष पाँच महासिद्धियाँ हैं उनकी धारणा
विधियाँ भी बताता हूँ। सुनो।
धारयन् मय्यहंतत्त्वे मनो वैकारिकेऽखिलम्।
सर्वेन्द्रियानामात्मत्वं प्राप्तिं प्राप्नोति मन्मनाः ॥ १३॥
मूल रूप से जो अहंकार रहता है जिससे इन्द्रियों के समस्त विकार उत्पन्न होते हैं और इन्द्रियों का आश्रय
भूत, उन्हें चेतना प्रदान करने वाला, ऐसा देवाधिदेव ईश्वर जो मैं हूँ उसका ध्यान करने से इन्द्रिय के अधिष्ठान में
जो देवता होते हैं उनसे एकात्मता होकर उसमें इन्द्रियप्रकाशक धर्म का उदय होता है। इस कारण से इन्द्रियों के
जो व्यापार चलते रहते हैं वे सब वह स्वयं वहां प्रकट होकर देखता रहता है। इन्द्रियप्राप्ति की सिद्धि का इतना
वैभव वह साध्य कर लेता है। इससे जिन-जिन इन्द्रियों का व्यापार वहाँ चलता रहता है वह सब उसने ही किया
है ऐसा उसे प्रतीत होता है। उसे 'इन्द्रियप्राप्ति' नामक सिद्धि कहते हैं।
महत्यात्मनि यः सूत्रे धारयेन्मयि मानसम्।
प्राकाम्यं पारमेष्ठ्यंमे विन्दतेऽव्यक्तजन्मनः ॥ १४॥
यह जो महत्तत्त्व है उसे ही माया का प्रथम स्फुरण समझ लो। इसी को 'सूत्रप्रधान क्रिया' कहते हैं। उसमें
मैं स्वयं जन्मरहित होते हुए भी उस सूत्र का सूत्रात्मा बन गया हूँ। मेरे उस स्वरूप का जो सावधान चित्त से ध्यान
करता है उसे उस सूत्र के प्रकाश के प्रवाह से ब्रह्माण्ड और हिरण्यगर्भ भी प्रकाशमान हो जाते हैं, वह प्रकाशकता
ही वश में हो जाती है। इस प्रकार के निदिध्यास से वह सूत्रात्मा को देखता रहता है। उस निदिध्यास में ही वह
कोटि ब्रह्माण्डों का निर्माण कर सकता है। इतनी उत्तम प्रकाश सिद्धि साधकों को मेरे सिवा प्राप्त नहीं होती।
विष्णौ त्र्यधीश्र्वरे चित्तं धारयेत् कालविग्रहे।
स ईशित्वमवाप्नोति क्षेत्रक्षेत्रज्ञचोदनाम् ॥ १५॥
माया आदि त्रिगुणों का नियंता, कलिकाल का आकलन करने वाला, उत्पत्ति, स्थिति तथा प्रलय करने
वाला और जो सचमुच अंतःकरण में वास करता है उस विष्णु का अर्थात् मेरा जो निरन्तर ध्यान करता है उसे
ईशत्व प्राप्त होने के कारण अदृश्य वस्तुओं को देखने का सामर्थ्य भी प्राप्त हो जाता है। शतरंज का मिथ्या खेल
खेलने वाला मोहरों की गति अच्छी तरह जान लेता है उसी प्रकार संसार का अनुभव मिथ्या होते हुए भी वह
जीवों की हलचल स्वयं समझ सकता है। वह जीव आदि शरीर की प्रेरणा स्वयं कर सकता है। इस प्रकार
अंतर्यामी नारायण का ध्यान करने से इतनी सिद्धि प्राप्त होती है इसे ध्यान में रखो। वह अपने प्रताप के सामर्थ्य
से मशक से पर्वत के टुकड़े करवा देता है। किसी दुर्बल के हाथों सृष्टि का विनाश करवा कर पुनः उसकी रचना
४२६ श्रीमद् एकनाथी भागवत
करवा सकता है अथवा मूशक के हाथों इन्द्र का विनाश करा सकता है। इस प्रकार वह किसी को मरवा देता है,
किसी को पुनः जीवित करता है और अचेतन को भी सचेतन कर देता है। इस प्रकार का ईशत्व (ईश्वरत्व) प्राप्त
होना यह इस सिद्धि का माहात्म्य है।
नारायणे तुरीयाख्ये भगवच्छब्दशब्दिते।
मनो मय्यादधद् योगी मद्धर्मा वशितामियात् ॥ १६॥
जीव, शिव और प्रकृति इससे परे जो चौथी स्थिति है जिसे ज्ञानी लोग 'नारायण' कहते हैं, उसी प्रकार
जागृति, स्वप्न और सुषुप्ति इनसे भिन्न जो तुरीयावस्था है उसे भी ज्ञानी 'नारायण' ही कहते हैं। दृश्य, द्रष्टा और
दर्शन इनसे परे जो चौथा पुरुष है उसे भी लोग स्वानुभव से 'नारायण' ही कहते हैं। जो वस्तु त्रिपुटी के अन्दर
होते हुए भी त्रिपुटी से भिन्न है और जो त्रिपुटी से अलिप्त रहने वाला है वह मैं सुप्रसिद्ध नारायण हूँ। यश, श्री,
वैराग्य, ज्ञान, ऐश्वर्य और औदार्य ये छह गुण जिसमें पूर्ण रूप से निवास करते हैं वह नारायण भगवान मैं हूँ।
नारायणरूपी मेरा ध्यान करने से मेरी 'वशिता' नामक सिद्धि प्राप्त होती है। सारे कर्मों में रहते हुए वह अलिप्त
रहता है और सारे भोग भोग कर भी अभोक्ता रहता है।
निर्गुणे ब्रह्मणि मयि धारयन् विशदं मनः।
परमानन्दमाप्नोति यत्र कामोऽवसीयते ॥ १७॥
सत्त्वगुण चित्त की देवता है, इन्द्रियाँ रजोगुण हैं और विषय केवल तमोगुण है जो परमानन्द को आवृत्त कर
देते हैं। ये ही तीन गुण परमानन्द पर आवरण बन कर छा गये हैं। उन्हें छोड़कर मेरे निर्गुण और परिपूर्ण ब्रह्म का
जो ध्यान करता है उसे परमानन्द की ऐसी प्राप्ति होती है जिसमें समस्त इच्छाओं का लोप हो जाता है। परमानन्द
की प्राप्ति होने पर सारी इच्छाएँ लुप्त हो जाती हैं। सूर्योदय होते ही जिस प्रकार चन्द्रमा के साथ सभी नक्षत्र लुप्त
हो जाते हैं उसी प्रकार परमानन्द के उदर में इच्छाओं की शशियाँ लुप्त हो जाती हैं। उस समय इन्द्रिय सुख की
बातें लजा कर वहीं विलुप्त हो जाती हैं। हे उद्धव! सुनो। परमानन्द प्राप्ति के बिना कैसी भी युक्तियाँ क्यों न की
जाएँ लेकिन उससे काम की निवृत्ति कभी नहीं होगी। इन अष्टमहासिद्धियों की धारणा मैंने तुम्हें बता दी। इन
सिद्धियों को साध्य करने का सामर्थ्य देवता, मनुष्य आदि के पास नहीं है। इस प्रकार इन आठ महासिद्धियों की
धारणाविधि मैंने तुम्हें बता दी। अब गुणहेतु का प्रबोध सावधानी से सुनो।
श्वेतद्वीपपतौ चित्तं शुद्धे धर्ममये मयि।
धारयञ्श्वेततां याति षडूर्मिरहितो नरः ॥ १८॥
रजतम कार्यों से दूर होकर सत्त्वगुण का अभिमानी मैं श्रीहरि उसकी जो विश्वव्यापकता से धारणा करेगा वह
मेरे ही सत्त्व से सम्पन्न होकर षडूर्मिरहित होगा और उसे शोक, मोह, जरा, मृत्यु, क्षुधा, तृषा आदि स्पर्श नहीं करेंगे।
मय्याकाशात्मनि प्राणे मनसा घोषमुद्वहन्।
तत्रोपलब्ध्वा भूतानां हंसो वाचः शृणोत्यसौ ॥ १९॥
नाद के साथ शब्दों का माहात्म्य विश्रांति के लिये आकाश में अवश्य आना ही चाहिये। उस आकाश का
भी आत्मा मैं हूँ। आकाश का वास भी मुझमें ही है। हे उद्धव! सचमुच ही मैं नाद के साथ प्राणों का भी प्राण,
वाणी की भी वाणी, सरस्वती का जीवन हूँ यह जान लो। मेरा जो दृढ़तापूर्वक ध्यान अपने हृदय में करेगा वह
पन्द्रहवाँ अध्याय ४२७
स्वयं विचित्र वाचाओं का श्रवण करेगा। अंतकरण में मेरी सनाद धारणा करने से संसार की गुप्त बातें भी उसके
कर्णपटल पर आती हैं। उस समय दूरश्रवण सिद्धि साद्य होती है।
चक्षुस्त्वष्टरि संयोज्य त्वष्टारमपि चक्षुषि।
मां तत्र मनसा ध्यायन् विश्वं पश्यति सूक्ष्मदृक् ॥ २०॥
मैं ही सूर्य हूँ यह जान कर जो आँखों में मेरा ध्यान करता है तब आँख ही मद्रूप होकर स्वयं सूर्यस्वरूप हो
जाती है। इस प्रकार नेत्र, सूर्य और मैं इन तीनों की एकात्मता होते ही वह स्वयं वहाँ सूक्ष्म द्रष्टा बन जाता है
और सारे संसार को देखने लगता है। अपने ही स्थान पर बैठकर वह चौदह लोकों का दर्शन एक ही समय ले
सकता है। यही 'दूरदर्शन' सिद्धि है।
मनो मयि सुसंयोज्य देहं तदनु वायुना।
मद्धारणानुभावेन तत्रात्मा यत्र वै मनः॥ २१॥
मन अत्यन्त गतिमान है। उस मन का भी मन मैं हूँ यह ध्यान में रखो। उस मन को प्राणायाम के साथ
ध्यानधारणा द्वारा मुझमें एकरूप करना चाहिये उस ध्यान धारणा के प्रभाव से देह को मनोवेग से इधर-उधर गमन
करने की शक्ति प्राप्त होती है। संकल्प से ही जिधर मन जाता है वहाँ देह का भी गमन होता है। यही मनोजव
सिद्धि है यह जान लो। उसकी ध्यान धारणा का ढंग इस प्रकार है।
यदा मन उपादाय यद् यद् रूपं बुभूषति।
तत्तद् भवेन्मनोरूपं मद्योगबलमाश्रयः ॥ २२॥
पहले मनोजवसिद्धि की धारणा कर बाद में मेरी धारणा करनी चाहिये। उस भावना में मेरा अतर्क्य सामर्थ्य
है। वह भी मेरे शरीर में है, इसकी जो कल्पना करता है उसे मेरी अनेक रूप धारण करने की तथा बाद में उन्हें
विसर्जन करने की सत्ता प्राप्त होती है। इस प्रकार मेरी ध्यान धारणा करने से मेरा सामर्थ्य उसके मन को प्राप्त
होता है। फिर वह जिस स्वरूप की कल्पना करता है उसे वह स्वयं प्राप्त कर लेता है। देव, मनुष्य अथवा नाग
इनमें से जिसका भी स्वरूप धारण करने का संकल्प करता है, वह रूप उसे तत्काल प्राप्त हो जाता है। यह मेरी
कामरूपसिद्धि है।
परकायं विशन् सिद्ध आत्मानं तत्र भावयेत्।
पिण्डं हित्वा विशेत् प्राणो वायुभूतः षडङ्घ्रिवत् ॥ २३॥
परकाया प्रवेश करते समय देह के सभी प्राणों को नियंत्रित कर जिस देह में प्रवेश करना हो उसमें अपनी
भावना धारण करनी चाहिये। उस समय लिंगदेह में जीव और प्राण की एकात्मता होकर देहांतर की अहंता
बाह्यवायु के मार्ग से मिल जाती है। वह इस देह का अभिमान छोड़कर उसमें जाकर मिलते ही उस देह में प्रवेश
कर 'मैं' कह कर उठ खड़ी होती है। जिस प्रकार भ्रमर वायु के वेग से एक कमल से दूसरे कमल में प्रवेश
करता है उसी प्रकार जीव भी अपना शरीर छोड़ कर दूसरे शरीर में प्रवेश करता है। अब मेरे स्वरूप की
ध्यानधारणा कैसी होती है, उसका भी श्रवण करो। मेरे स्वरूप का दृढ़ ध्यान करने से पूरे शरीर में तू ही है ऐसा
आभास होता है। अपने पहले देह को छोड़े बिना दूसरे देह में इस प्रकार प्रवेश होता है। अब अपनी ही इच्छा से
किस प्रकार देह का त्याग किया जाय इसके लक्षण नारायण ने अगले श्लोक में निरूपित किये हैं।
४२८ श्रीमद् एकनाथी भागवत
पार्ष्याऽऽपीड्य गुदं प्राणं हृदुरःकण्ठमूर्धसु ।
आरोप्य ब्रह्मरन्ध्रेण ब्रह्म नीत्वोत्सृजेत्तनुम् ॥ २४॥
देहत्याग करने के लिये योगमार्ग से प्राण धारण करना यही स्वच्छंद मृत्यु का लक्षण है। इसके लिये प्राणों का
ब्रह्मरंध्रतक जो मार्गक्रमण कराना है उसकी योगधारणा सुनो। गुह्यद्वार के स्थान पर बायें पैर की एडी जोर से दबाकर
बैठाओ और इस प्रकार गुह्यद्वार बन्द कर अपानवायु का अधोगमन बन्द कर दो। हृदय में विचरण करने वाले प्राण
का सदा ऊर्ध्वगमन होता है उसे प्राणायाम से नियंत्रित कर अधोमुख करो। इस प्रकार अपानवायु का नीचे जाना बन्द
होकर वह ऊपर चढ़ कर स्वाधिष्ठान चक्र तक पहुँचेगा और प्राण भी अधोमुख होकर नीचे आते-आते उसी चक्र
तक पहुँचेगा। वहाँ प्राण अपान का समाधान होकर उनका ऐक्य हो जाता है और उन दोनों का मिलन होने से वे
दोनों एकरूप होकर ही आगे के मार्ग का उल्लंघन करते हैं। अपान का अधोमार्ग भी छूट जाता है, प्राण हृदय से
गले की ओर जाता रहता है वह भी नहीं जा पाता और दोनों सुषुम्ना का द्वार खोलकर उसके बिल में से सीधे ऊपर
जाने लगते हैं। इस प्रकार सुषुम्ना को जीत कर वे आगे घुस कर मार्ग में आने वाले छहों चक्रों के परदों को दूर कर
काकीमुख का द्वार खोलकर उसमें से ब्रह्मरन्ध्र में पहुँच जाते हैं।`लेकिन वहाँ ठीक तरह से पहुँच जाने पर वर्तमान
देह को छोड़कर जिस देह को धारण करने की उसकी इच्छा रहती है वह देह योगी को प्राप्त होता है। वैकुण्ठ,
कैलास अथवा अमरावती जाने की अथवा सार्वभौम चक्रवर्ती होने की जो इच्छा उसके मन में होती है उस स्थिति
को वह तत्काल प्राप्त कर लेता है। यदि वह ब्रह्मस्वरूप की इच्छा करेगा तो पूर्वदेह का मोह छोड़ कर शुद्ध ब्रह्म के
ध्यान में निमग्न हो जायगा और स्वतः सिद्ध ब्रह्म हो जायगा। इस प्रकार प्राण धारण कर जो प्राण छोड़ता है वही
उसका स्वच्छंद मृत्यु का लक्षण है। कलिकाल भी उसके अधीन रहता है।
विहरिष्यन् सुराक्रीडे मत्स्थं सत्त्वं विभावयेत् ।
विमानेनोपतिष्ठन्ति सत्त्ववृत्तीः सुरस्त्रियः ॥ २५॥
अथवा यदि देवताओं के दिव्य उपभोगों में योगी का चित्र आसक्त हुआ हो तो उसे उन उपभोगों को प्राप्त
करने के लिए मेरे सत्व की ही धारणा करनी चाहिये। जिस सत्व के योग से मैंने स्वर्ग में देवताओं की स्थापना की
है उस सत्त्वगुण की धारणा वह अपने हृदय में करता है। यदि वह देवांगनाओं की कामना करता है तो उसे स्वर्ग के
देवताओं का सम्मान भी प्राप्त होता है। वह विमान में बैठकर अप्सराओं के साथ पर्याप्त कामविलास करता है।
यथा संकल्पयेद् बुद्ध्या यदा वा मत्परः पुमान्।
मयि सत्ये मनो युञ्जंस्तथा तत् समुपाश्नुते ॥ २६॥
संकल्पमात्र से सारे कार्य करने वाले मुझ सत्य संकल्प भगवान में जो अत्यन्त विश्वासपूर्वक अपना चित्त
स्थिर करता है वह जब भी, जहाँ भी, जिस भी काम में और जिस स्थिति में भी जो इच्छा मन में करेगा उसके वे
सारे मनोरथ सफल होते हैं। जो ध्यानधारणा से मुझ सत्यसंकल्प भगवान को हृदय में स्थापित करेगा वह मन में
जो भी इच्छा करेगा उसे वह प्राप्त करेगा।
यो वै मद्भावमापन्न ईशितुर्वशितुः पुमान्।
कुतश्चिन्न विहन्येत तस्य चाज्ञा यथा मम ॥ २७॥
अथवा सबका नियंता तथा स्वतंत्र मेरा ध्यान करने से योगी को मत्स्वरूप ही प्राप्त होता है। सचमुच का
भगवान् मैं हूँ यह जिसने मान लिया उसकी आज्ञा को श्रेष्ठ देवता भी शिरसांवद्य मानते हैं। अर्थात् पशु-पक्षी भी
उस आज्ञा का उल्लंघन नहीं करेंगे। जिस प्रकार मेरी आज्ञा सब पर चलती है उसी प्रकार उसकी आज्ञा भी पूरे
चराचर पर चलती है। उसकी आज्ञा का कोई रत्तीभर भी उल्लंघन नहीं करता। ऐसी वास्तविक 'आज्ञासिद्धि' उसे
प्राप्त होती है। अब जो पाँच क्षुद्र सिद्धियाँ हैं उसके बारे में भी तुम्हें बताता हूँ।
मद्भक्त्या शुद्धसत्त्वस्य योगिनो धारणाविदः।
तस्य त्रैकालिकी बुद्धिर्जन्ममृत्युपबृंहिता ॥ २८॥
संसार की उत्पत्ति, स्थिति और लय सचमुच मेरे ही अधीन है। मेरा भजन करने से अन्तःकरण अत्यन्त शुद्ध
हो जाता है। शुद्ध हुए उस अन्तःकरण में भूत, भविष्य और वर्तमान तथा सांसारिक जन्मभोग और मृत्यु आदि का
त्रिकालज्ञान होने की सिद्धि प्राप्त होती है।
अग्न्यादिभिर्न हन्येत मुनेर्योगमयं वपुः।
मद्योगश्रान्तचित्तस्य यादसामुदकं यथा॥ २९॥
चित्त जब अत्यन्त प्रयास करता है तब कहीं मेरा उससे संयोग होता है। चित्त का मेरे साथ योग होने पर
शरीर भी योगयुक्त हो जाता है और उस शरीर को बड़े-बड़े द्वंद्वों से भी बाधा नहीं होती। उसे शीत अथवा ऊष्मा,
मुलायम अथवा कठोर की बाधा नहीं होती। देह में अग्नि का स्पर्श होने पर भी वह नहीं जलता। जिस प्रकार
जलचर जल में निश्चिंत होकर विचरण करते हैं उसी प्रकार वह भी अग्नि में विश्राम करता रहता है। उसे
'अद्वंद्वता' नाम की यह सिद्धि प्राप्त होती है। इसी.सिद्धि की धारणा से 'प्रतिष्ठभं' नामक सिद्धि उत्पन्न होती है।
सारी बाधाओं से मुक्त करने का व्रत जिसने लिया है उस 'प्रतिष्ठभं' नामक सिद्धि का लक्षण सुनो। उसे बाहर के
वायु के झंझावात से कभी पीड़ा नहीं होती। वह प्राणों को भी जीत कर उसे दासी बना लेता है। डंठल निकाले
हुए फूलों की शय्या पर जैसे कोई शयन करता है उसी प्रकार वह धधकते अंगारों पर सोता है। उसे उस अग्नि से
पीड़ा नहीं होती। जाड़े के दिनों में सिद्ध को ठंडे पानी में डुबोने से भी वह बाहर निकलने के लिये नहीं
छटपटाता। जिस प्रकार मछली जल में खेलती है उसी प्रकार वह मौज से क्रीड़ा करता रहता है अथवा ग्रीष्मऋतु
में तपती धूप में यदि सिद्ध को रख दिया जाय तो जिस प्रकार सूर्यकिरणों से कमल प्रफुल्लित होता है उसी प्रकार
धूप लगने से वह अधिक ताजा हो जाता है। सूर्य के ताप से उसे जरा भी बाधा नहीं होती। उसी प्रकार सिद्ध को
शस्त्र के घाव से भी पीड़ा नहीं होती। शस्त्र यदि आकाश पर घाव करने का प्रयास करे तो वह प्रयास व्यर्थ जाता
है उसी प्रकार सिद्ध को शस्त्र के प्रहार से घाव नहीं लगता। सिद्ध को विष देने पर वह विष भी उसे बाधक नहीं
होता। जिस प्रकार विष के कीड़े उसमें सुख से रहते हैं उसी प्रकार वह भी उसमें सुख से रहता है। छाया पर्वत
के नीचे दबी होने पर भी उसे उससे कष्ट नहीं होता उसी प्रकार अग्नि, सूर्य, विष, जल अथवा वायु इनमें से
किसी से भी सिद्ध को बाधा नहीं होती। सिद्धियों की ये बातें सुनकर मन भले ही उल्लसित हो जाय लेकिन मुझे
प्राप्त करने में ये सिद्धियाँ सचमुच ही बाधक हैं। मेरा स्वरूप शुद्ध होते हुए अद्वैत है। उसमें सिद्धि के जो मनोरथ
हैं वे केवल लोकरंजन के लिये हैं। सिद्धियों में परमार्थ नहीं है। पिछले श्लोक के अन्त में 'परचित्ताभिज्ञता'
नामक एक सिद्धि का उल्लेख ध्वनितार्थ में हुआ है, उसका भी लक्षण सुनो। उसी श्लोक में बतलाया गया है कि
भगवान् का ध्यान करते समय प्रकृति का नियंत्रण करने वाला और सबका साक्षी वह स्वयं बन जाता है। ऐसे
ईश्वर का ध्यान करने से चित्त की चालकता ही उसे प्राप्त हो जाती है। तब चित्त की भिज्ञता (ज्ञान) उसे सहज
४३० श्रीमद् एकनाथी भागवत
ही प्राप्त हो जाती है। तब चित्त की भिज्ञता (ज्ञान) उसे सहज ही प्राप्त हो जाती है। जिस समय जीव की
स्वप्नावस्था वह साक्षी होकर देखता रहता है उस समय उसके मन में जो भी संकल्प चलता रहता है उसे वह
जानता रहता है। उसके अंतःकरण में चल रही गुप्त चाह के सम्बन्ध में भी वह सहजता से बात कर सकता है।
इस सिद्धि का लाभ उसे तत्काल प्राप्त होता है।
मद्दिभूतीरभिध्यायन् श्रीवत्सास्त्रविभूषिताः ।
ध्वजातपत्रव्यजनैः स भवेदपराजितः ॥ ३० ॥
'अपराज' सिद्धि प्राप्त करनी हो तो मेरी मूर्ति का ध्यान करें। जिसका नाम लेकर बड़े-बड़े देवतागण भी
निश्चित रूप से विजय प्राप्त करते हैं- चतुर्भुज, मेघ जैसा श्यामवर्ण, शंख, चक्र, गदा, पद्म, छत्र, चामर,
अबदागीर, ध्वज पर उत्तम गरुड़ शोभायमान रत्नजड़ित डंडे की खनकार से पंखा झल रहा है, पैरों में पैंजनियाँ
बज रही हं और असंख्य शत्रु पैरों तले शरणागत आये हुए हैं। मेरी ऐसी मूर्ति का ध्यान जो दक्षतापूर्वक करेगा
वह सर्वत्र विजयी होगा और मेरे प्रताप से वह कहीं भी पराजित नहीं होगा। देखो! मेरे ही ध्यान से वह बिना
किसी की सहायता लिये अकेले ही विजय प्राप्त करता है। केवल इतनी निष्ठा से ही यह सिद्धि प्राप्त होती है।
मुझ जैसे अजीत को जो अपने हृदय में धारण करता है वह सर्वत्र अजेय रहता है। इतना कह कर भगवान ने
सिद्धियों के वर्णन का उपसंहार किया।
उपासकस्य मामेवं योगधारणया मुनेः।
सिद्धयः पूर्वकथिता उपतिष्ठन्त्यशेषतः ॥ ३१॥
मैंने जिन-जिन योगधारणाओं के सम्बन्ध में बताया उनका उन भावनाओं के साथ जो भजन करेगा, उसे
उन सिद्धियों की प्राप्ति पूर्वकथित लक्षणों के अनुसार होगी। अथवा चित्त में अनेक स्वरूपों का ध्यान करने से
उन-उन धारणाओं के अनुसार हे उद्धव ! उसे भी अनेक सिद्धियों की प्राप्ति होगी। इस प्रकार जिससे एक ही
धारणा से अनेक धारणाओं की सिद्धि प्राप्त हो ऐसी धारणा के बारे में तुम्हें बताता हूँ।
जितेन्द्रियस्य दान्तस्य जितश्वासात्मनो मुनेः ।
मद्दारणां धारयतः का सा सिद्धिः सुदुर्लभा ॥ ३२॥
पाँच-पाँच इन्द्रियों की जो जोड़ी है, उसे शमदम के बल से जीत कर, वैराग्य की पताका फहरा कर प्राण
अपान पर विजय प्राप्त की और विवेक के बल से वृत्ती को संयत रख कर सदा मेरा भजन करने से मन को भी
जीता जाता है। इस प्रकार साधक को अपने मन में धारणा कर रात दिन केवल मेरा ध्यान करने से समस्त
सिद्धियाँ उसकी दासी बन जाती हैं। सारे उपाय छोड़कर केवल मेरा ही ध्यान करने से उस साधक के पास किस
चीज की कमी होगी ? और सिद्धियों की दुर्लभता भी कहाँ रह जाती है ? मेरा भजन करने से साधक को सिद्धियाँ
अवश्य प्राप्त होती हैं किन्तु उनका उपभोग करना उचित नहीं है। यही बात श्रीकृष्ण बताते हैं।
अन्तरायान् वदन्त्येता युञ्जतो योगमुत्तमम्।
मया सम्पद्यमानस्य कालक्षेपणहेतवः ॥ ३३ ॥
मेरी प्राप्ति शीघ्र हो जाती है। लेकिन उस समय यदि सिद्धि पर मन आ जाय तो मेरी प्राप्ति में बाधा
उपस्थित होगी। जिसकी विषयभोग में आसक्ति होती है वही सिद्धि का लोभ करता है। लेकिन जिसे मेरी प्राप्ति
में रुचि रहती है वह ऋद्धि-सिद्धि की कामना नहीं करता। जिसे लोगों में मान-सम्मान पाने में बड़प्पन मालूम
होता है वही सिद्धियों के लिये प्रयास करता है। जिसे मेरी प्राप्ति की ही चाह रहती है वह सिद्धि के पीछे नहीं
भागता। काशी जाते समय कोई किसी वेश्या के घर ठहर जाता है और उसके भोग विलास पर लुब्ध होकर
अपना सारा धन उसे अर्पण कर देता है। अब जब तक प्राण है तब तक इसे नहीं छोड़ूँगा ऐसा निश्चय कर वह
उस वेश्या का लंपट हो जाता है। जब तक उसके पास धन है तब तक वह वेश्या उसके आगे-पीछे करती रहती
है लेकिन जब उसके पास एक कौड़ी भी नहीं रह जाती तब उसे घर से निकाल देती है। अगर इतने पर भी वह
घर नहीं छोड़ता तो वह स्वयं उसे छोड़कर चली जाती है। उसी प्रकार महासिद्धियों की स्थिति है। सारे पापों का
क्षालन करने, सारे कुलों का उद्धार करने के लिये काशी जाना तो दूर रहा, उलटे कामलोलुप होने के कारण
वेश्या के हाथों सारी कमाई भी चली गयी। सिद्धियों की कथा भी वैसी ही है। वे मेरी प्राप्ति में बाधक होती हैं
और साधक को मेरे ध्यान, ज्ञान और वैराग्य से वंचित कर उसे कंगाल बना देती हैं। मेरी प्राप्ति के पास ही
उनकी लूट-खसोट जारी रहती है। उसे सुखोपभोग का लालच देकर छलने के लिए उसके मन में मोह उत्पन्न
करती हैं। मेरी प्राप्ति में विलम्ब होने का यही कारण रहता है। हे उद्धव ! मेरा स्वरूप अद्वैत है और उसमें सिद्धि
के जो अनेक रूप दिखायी देते हैं वह सचमुच माया का भुलावा है। मेरी प्राप्ति में सिद्धियों का विघ्न आड़े आता
है इसलिये मैंने सभी सिद्धियों का स्वरूप तुम्हें सविस्तार बताया। मेरा ध्यान कर उसमें मन की एकाग्रता होने पर
यदि साधक सुखोपभोगों के चक्कर में फँस गया तो सिद्धियाँ उसे लूट लेती हैं।
जन्मौषधितपोमन्त्रैर्य्यावतीरिह सिद्धयः।
योगेनाप्नोति ताः सर्व्वानान्यैर्य्योगगतिं व्रजेत्॥ ३४॥
जन्म, औषधि, मंत्र, तप आदि से भी सिद्धियाँ प्राप्त होती हैं अथवा योगाभ्यास करते समय प्राणापान साध्य
होने पर भी सारी सिद्धियाँ प्राप्त होती हैं। कुछ को जन्म से ही सारी सिद्धियाँ प्राप्त रहती हैं तो कोई दिव्य
वनस्पतियों की सहायता से सिद्धियाँ प्राप्त कर लेते हैं। कुछ लोग तप आदि महान साधनों से सिद्धि प्राप्त करते हैं
तो कुछ उन्हें मंत्रों द्वारा साध्य करते हैं। सर्प को वायु भक्षण, मत्स्य के लिये जल में तैरना, पक्षी के लिये आकाश
में उड़ना ये सिद्धियाँ जन्म से ही प्राप्त रहती हैं। हंस पानी और दूध को अलग करता है, कोकिला मधुर स्वर में
गायन करती है, चकोर चंद्रामृत का सेवन करता है ये सिद्धियाँ भी उन्हें जन्म से ही प्राप्त रहती हैं। इस प्रकार
जन्म से ही जो सिद्धियाँ प्राकृतिक रूप में प्राप्त होती रहती हैं उनके सम्बन्ध में तुम्हें भली-भाँति बतलाया। अब
कुछ दिव्योषधियों का सेवन करने से भी सिद्धियाँ प्राप्त होती हैं, उनके सम्बन्ध में बताता हूँ, सुनो। श्वेत मदार
के पेड़ के नीचे गजानन की पूजा कर अंगार की चतुर्थी का व्रत करने से सारी विद्याओं का ज्ञान हो जाता है और
धनधान्य की समृद्धि होती है। अजान वृक्ष की पहचान यही है कि उसके फल कुत्ते के मुँह जैसे होते हैं। उस
वृक्ष का दूध पीने को मिल जाय तो वह व्यक्ति अजर-अमर हो जाता है। नीम का सेवन करने से विष का प्रभाव
नहीं होता। पाताल गरुड़ी नामक वृक्ष विशेष का मुख प्राशन करने से कोई शारीरिक पीड़ा नहीं होती। पूतिका
वृक्ष का मूल तो महाशक्ति का पुतला है। उसे साध्य करने पर साधक तत्काल अप्सराओं के साथ क्रीड़ा करने
लगता है। इस प्रकार औषधियाँ भी अनेक हैं और सिद्धियाँ भी अनंत हैं। लेकिन उन्हें साध्य करना भी बहुत
कठिन है। हे बुद्धिमान उद्धव ! तपादि सिद्धियों का विधि कैसा होता है यह भी सुनो। कृच्छ्र, पराक, चांद्रायण
आदि व्रत करना, पर्जन्य की धाराओं में बैठना, पानी में खड़े रहना, धूम्रपानादि साधन आदि जो भी तप हैं,
४३२ श्रीमद् एकनाथी भागवत
उनकी मन में भावना कर जैसा आचरण किया जाता है उसके अनुसार उसे सिद्धि प्राप्त होती है। अब मंत्रसिद्धि
का लक्षण सुनो। एक रात प्रेत पर बैठ कर अनुष्ठान करने से प्रेतदेवता पूर्णरूप से प्रसन्न हो जाते हैं जिससे भूत,
भविष्य, वर्तमान आदि सभी ज्ञान की प्राप्ति होती है यह ध्यान में रखो। सूर्यमंत्र का अनुष्ठान करने से दूरदर्शन
सिद्धि प्राप्त होती है। जैसा मंत्र और इच्छा रहती है उसी के अनुसार उसे सिद्धि प्राप्त होती है। किन्तु इन सारी
सिद्धियों की समृद्धि एक योगधारणा में ही होती है। दृढ़ आसन लगा कर प्राणापान में ऐक्य साध कर जो
योगधारणा करेगा उसे सभी सिद्धियाँ प्राप्त होती हैं। मैंने तुम्हें सिद्धियों के सम्बन्ध में यह बताया ही है कि
प्राणापान सम होने पर तथा योगधारणा सिद्ध हो जाने पर सारी सिद्धियाँ प्रकट होती हैं अथवा प्राणापान को सम
किये बिना, योगधारणा भी किये बिना, मुझ अकेले को हृदय में रखने से सारी सिद्धियाँ दासी हो जाती हैं। यदि
सचमुच ही मुझे प्राप्त करना है, तो मेरा अकेले का स्मरण करने से, मुझ अकेले का ध्यान करने से चारों मुक्तियाँ
अपने आप दासी बन जाती हैं। अनेक प्रकार की सिद्धियों का विचार करते रहें तो मेरी सलोकता, सामीप्य अथवा
स्वरूपता प्राप्त नहीं होती, फिर सायुज्यता की क्या बात करें? मेरे जो अत्यन्त शुद्ध भक्त हैं वे मुक्ति को भी धता
बता देते हैं। वे मेरी भक्ति में ही सदा सन्तुष्ट रहते हैं और वही मुझे पूज्य हैं। सभी सिद्धियों का ईश्वर मैं हूँ,
लेकिन मैं भी उनकी पूजा करने लगता हूँ। इसलिये वहाँ जो सिद्धियों का मेला लगा रहता है वह अपना साज-
सामान उठा कर भागने लगता है। सभी सिद्धियों के साथ मैं भगवान भक्तों के पास रहता हूँ। यही बात श्लोक के
रूप में श्रीकृष्ण उद्धव को बता रहे हैं।
सर्वासामपि सिद्धीनां हेतुः पतिरहं प्रभुः।
अहंयोगस्य सांख्यस्य धर्मस्य ब्रह्मवादिनाम्॥ ३५॥
मैं सारी सिद्धियों का जन्मस्थान हूँ। मेरे ही कारण सिद्धियों को महत्त्व प्राप्त हुआ और मुझमें ही सारी
सिद्धियों का अन्त होता है। इस तरह मैं उनका स्वामी हूँ। जीवात्मा की जो एकता है उस योग का सच्चा स्वामी मैं
हूँ और जिसमें जीवात्मा की वार्ता व्यर्थ है उस ज्ञान का स्वामी भी मैं हूँ। ज्ञानोपदेश करने वाले जो साधु हैं उनका
स्वामी भी मैं हूँ यह प्रसिद्ध ही है। ज्ञानीजनों को मेरे ही उपदेश से ज्ञान का स्पष्ट बोध होता है। वेद उपनिषद्भाग से
उपदेश करता है। मैं गोविंद उस वेद का भी स्वामी हूँ। मेरे बिना उस वेद के उच्चार से एक शब्द का भी उच्चार नहीं
हो सकता। धर्म का अर्थ है ज्ञान का साधन। उसका स्वामी भी मैं हूँ इसे ध्यान में रखो। भीतर और बाहर पूर्णतयः
रहने वाला ज्ञानमय सर्वात्मा मैं हूँ। सर्वात्मा होकर मैं सर्वत्र व्याप्त हूँ। उद्धव! भीतर और बाहर पूर्णत्व से भरा हुआ
मैं ही हूँ! यह स्थिति मुझमें अपने आप ही किस प्रकार रह गयी है उसे ध्यान से सुनो।
अहमात्माऽन्तरो बाह्योऽनावृतः सर्वदेहिनाम्।
यथा भूतानि भूतेषु बहिरन्तः स्वयं तथा॥ ३६॥
जीवों के जीव में मेरा ही वास है और जीव भी मुझमें खुशी से रह गये हैं। मेरा स्वरूप गुण और माया से
बिलकुल भिन्न तथा असीम है। जिस प्रकार घट आकाश में ही रहता है और उसके भीतर-बाहर आकाश ही
रहता है उसी प्रकार प्रत्येक जीव के भीतर और बाहर परिपूर्ण भरा हुआ श्रीकृष्ण मैं ही हूँ। समस्त भौतिक
वस्तुओं को जिस प्रकार पंचमहाभूत भीतर और बाहर से घेरते हैं, उसी प्रकार मैं श्रीकृष्ण ने भी सारे संसार को
भीतर और बाहर से घेर रखा है। लहरों को जैसे पानी और गुड़ को माधुर्य घेरे रहता है उसी प्रकार इस अनंत
कोटि ब्रह्माण्डों को भी मैंने परिपूर्णता से व्याप रखा है। मुझ जैसे परिपूर्ण की प्राप्ति का प्रसंग निकट आता है
पन्द्रहवाँ अध्याय ४३३
तभी भोगविलास और सम्पत्ति के प्रयास सिद्धियों को नग्न कर देते हैं। राजा के साथ जिसका मेलजोल रहता है
उसे रिश्वत लेना सरल रहता है लेकिन सम्भवतः इसी में उनकी मृत्यु हो जाती है। उसी प्रकार साधक के लिये
सिद्धि घातक ही है। इस अध्याय के विषय का प्रतिपादन करने का यही कारण है कि उद्धव ! मेरी प्राप्ति में
सिद्धि ही सबसे बड़ा विघ्न है। एकाग्र भजन से मेरी प्राप्ति का प्रसंग निकट आते ही सिद्धियाँ आ जाती हैं और
उन भोगों की आसक्ति से साधकों को भुलावा देकर उन्हें कंगाल बना देती हैं। जो मेरे आत्मसुख के विषय में
नहीं जानते वे मूर्ख रहते हैं, उन्हें अत्यन्त विषय वासना के कारण इस सिद्धि का अत्यन्त कौतुक मालूम होता है।
वेश्या के जैसे हावभाव रहते हैं वैसे ही सिद्धि का वैभव होता है। उस सबका त्याग करने के लिये भगवान ने इस
अध्याय का निरूपण किया। जिसे मेरा आत्मसुख प्राप्त होता है वह इन सिद्धियों को तुच्छ मानता है। वे जन्म-
मरण की चिन्ता भी नहीं करते। उनके अंतःकरण में मेरे प्रति परिपूर्ण आनन्द भरा रहता है। सद्गुरु चरणों की
सेवा करने से सर्वत्र परिपूर्ण ब्रह्म ही भर जाता है। फिर सिद्धियों को कौन पूछे ? यह बात हरिभक्त जानते हैं।
हरिभक्ति पर भक्त बिक जाता है, भजन से अहंभाव नष्ट होता है, ऐसे समय सिद्धियों के उपयोग की कल्पना भी
मन में नहीं आती। भुक्ति, मुक्ति, ऋद्धि, सिद्धि ये सब सद्गुरु के चरणों में ही हैं। जो मंदबुद्धि यह बात नहीं
जानते वे अनेक प्रकार की सिद्धियों की इच्छा करते हैं। निरपेक्षता यही सचमुच सभी सिद्धियों का साधन है इसे
पक्का ध्यान में रखो। निरपेक्ष व्यक्ति के आँगन में सभी सिद्धियाँ सेवारत रहती हैं जिनके मन में सिद्धियों की
इच्छा रहती है :उन्हें सिद्धियाँ सीधे मुँह देखती भी नहीं और निरपेक्ष व्यक्ति के चरणों की धूल को वे शिरसावंद्य
करती हैं। ज्ञान, वैराग्य और भक्ति से भी अधिक निरपेक्षता ही श्रेष्ठ है। यह निरपेक्षता हाथ लगने पर सायुज्यता
मुक्ति भी चरणों पर गिर पड़ती है। निरपेक्षता के पास ही सारी सिद्धियाँ रहती हैं, सारे विधि रहते हैं और समृद्धि
वहाँ दिन-रात चरणों का वन्दन करती रहती है। जहाँ निरपेक्षता होती है वहीं योगक्षेम रहता है और वहीं सद्भाव
रहता है और निरपेक्षता के पास ही भगवान का स्वरूप खड़ा रहता है। निरपेक्षता के पास ही वेदान्त होता है,
निरपेक्षता के पास ही सच्चा योग होता है, निरपेक्षता ही स्वानंद का उपभोग है और निरपेक्ष को ही भगवान प्राप्त
होते हैं। एका (एकनाथ) ने जनार्दन की शरण में जाकर उनके पवित्र चरणों का वंदन करते ही उसे सदा बढ़ती
रहने वाली निरपेक्षता प्राप्त हुई इसलिये वह सदा आनन्द से परिपूर्ण रहता है। हमें स्वानंद का आत्मबोध हुआ
यह केवल सद्गुरु चरणों का प्रसाद है। श्रीगुरुचरणों में ही महासुख का लीलाविलास तथा आनन्द का मूल बीज
होता है। गुरुचरणों की भक्ति करने से अनायास ही चारों मुक्ति प्राप्त हो जाती हैं। इसीलिये विरक्ति गुरुभक्त की
आत्मशांति के साथ सेवा करने लगती है। एका जनार्दन की शरण में गया इसलिये उनकी कृपा से श्रीमद्भागवत
के निरूपण का पन्द्रहवाँ अध्याय पूर्ण हुआ।
इति श्रीमद्भागवते एकादशस्कंधे श्रीकृष्ण उद्धव संवादे
एकाकार टीकायां सिद्धि निरूपण स्तोत्र नाम पंचदशोध्यायः ॥ १५ ॥
श्रीकृष्णार्पणमस्तु
सोलहवाँ अध्याय
ओंकारस्वरूप सद्गुरु श्रीमूर्त्ति को मेरा नमस्कार। हे श्रीगुरुराया! यह सारा चराचर तुम्हारा ही स्वरूप है।
विश्व की आत्मा तुम हो, विश्व का स्फुरण भी तुम ही हो और निराकार तथा साकार मूर्ति तुम ही हो। तुम्हारे
रूप की महिमा शास्त्रज्ञों की समझ से परे है। उसके वर्णन के प्रति श्रुति मौन है और वर्णन करने में शब्दों ने भी
हार मान ली है। तुम्हारे स्वरूप के बारे में कोई दृष्टांत भी नहीं दिया जा सकता। तुम्हारे सादृश जो भी खोजने की
कोशिश करें वह तुम्हारा ही स्वरूप रहता है। तुम्हारे प्रभाव की यह विशेषता है कि वहाँ दूजेपन की जड़ ही कट
जाती है। फिर चारों ओर जब एक ही बात हो तो उसमें दूसरे प्रकार का दृष्टांत कहाँ मिलेगा? तुम्हारी महिमा
अगाध है तो तुम्हारा ध्यान भी कैसे किया जाय? उद्देश्य, शब्द और दृष्टांत ये जिसके वर्णन के क्षेत्र में ही नहीं
आते वह श्रीमद्भागवत का अर्थ तुम ओवी के रूप में कहलाते हो। वह मेरे मराठी के आर्त बोल लेकिन सद्गुरु
ने उन्हें गहन बना दिया है। उसमें प्रेम की जो आर्द्रता है वह केवल गुरुभक्त ही जानते हैं। जिनकी गुरुचरणों पर
भक्ति नहीं है उन्होंने भले ही वेदशास्त्र का पठन किया हो शास्त्रव्युत्पत्ति का अध्ययन किया हो लेकिन उनमें
विरक्ति कैसे उत्पन्न होगी? वे भले ही कोटि प्रयास क्यों न करें लेकिन उनसे उन्हें समाधान नहीं होगा। किन्तु
सद्गुरु की कृपादृष्टि होने पर गुरुभक्तों को ब्रह्मत्व से ही पुष्टि प्राप्त होती है। हे सद्गुरु जनार्दन! आप समस्त
संसार के अधिष्ठान हैं। स्वाभाविक ऐक्य रूप से आप स्वयं ही समस्त प्राणिमात्र की आत्मा हैं। जिनसे सारे
प्राणिमात्र से ऐक्य होता है, जिन्हें सद्गुरु की भक्ति प्राप्त होती है वही इस श्रीमद्भागवत के अर्थ को जान
सकता है। सद्गुरु की पूर्ण कृपा होने पर शास्त्र की व्युत्पत्ति सीखने का कष्ट किये बिना ही उत्तम भावार्थी भक्त
भागवत का अर्थ सहज ही जान सकता है। अंतःकरण में एकनिष्ठ भक्ति उत्पन्न होते ही उस भक्ति के योग से
देवाधिदेव प्रकट होते हैं। तभी भागवत का वास्तविक रहस्य मन पर अंकित होता है। इसलिये गुरुभक्ति करने से
भागवत का अर्थ अच्छी तरह समझ में आता है। फिर काव्य आदि अथवा व्युत्पत्ति आदि उपायों की क्या
आवश्यकता है? शास्त्रज्ञान भी क्यों किया जाय? और व्यर्थ का ध्यान भी क्यों धारण किया जाय? साधकों के
लिये सद्गुरु के चरण यही चलता-फिरता पूर्ण ब्रह्म है। गुरुभजन के बिना शिष्य का समाधान नहीं होता क्योंकि
उससे श्रेष्ठ साधन है ही नहीं। उसी सद्गुरुकृपा के अभ्यास से ग्यारहवें स्कंध के पूर्वार्ध का ज्ञान देशी भाषा में
यथामति आत्मबोध से वर्णन किया। ईख पेरने से उसका रस निकलता है। उसे यदि वैसे ही रख दिया जाय तो
वह अधिक समय तक नहीं टिकता। उसे आँच पर पका कर उसका गुड़ बनाकर रखना पड़ता है। गुड़ भी
अधिक समय तक रखने पर पसीजने लगता है इसलिये उसकी शक्कर बनाकर रखना पड़ता है। चतुर लोग उस
चीनी को भी स्वच्छ और सूखी ताड़ मिश्री बनाकर रखते हैं। श्री भागवत की भी वैसी ही कथा है। सर्वप्रथम
श्रीनारायण ने ही इसका वर्णन किया जिसका श्रीव्यास ने दस लक्षणों में वर्णन किया। शुक्राचार्यजी के मुख से
उस दस लक्षणयुक्त कथा का वर्णन होने से उसमें और भी मिठास आ गयी। उसमें से कठिन शब्दों को स्पष्ट कर
श्रीधर ने उस पर उत्तम टीका प्रस्तुत की। उसी श्रीहरि टीका को 'भावार्थ दीपिका' कहते हैं। उसी भावार्थ का
निरूपण मैंने देशी भाषा में किया। मूल वक्ता नारायण ही है और उस पर व्यास, शुक तथा श्रीधर ने व्याख्यान
प्रस्तुत किया है। उनमें मूल भाष्य की मिठास पर ध्यान देते हुए एकाजनार्दन इस काव्य का कर्त्ता बन गया है।
सोलहवाँ अध्याय ४३५
श्रीनारायण ने मूल बीज ब्रह्मदेव में स्थापित किया जो नारदरूपी भावभूमि में सशक्त रूप से अंकुरित हुआ। उसी
के दश लक्षण-भागवतरूपी बालों का श्रीव्यास ने संकलन किया और शुक्राचार्य ने परीक्षित के लिये बालों में से
दाने मलकर एकत्र किये और उसकी राशियाँ बनायीं। उन दानों को शास्त्र रीति से आत्मबुद्धि के सूप में पछोर
कर श्रीधर ने उनमें से बड़े-बड़े दाने छाँट लिये। फिर एका जनार्दन ने उनके उत्तम पकवान तैयार कर मराठी
शब्दरूपों से उन्हें भक्तजनों को परोसा। जो आत्मभक्त होंगे वही उसका माधुर्य जान पायेंगे। श्रोताओं के ध्यान देने
से और जनार्दन की कृपा के कारण एका जनार्दन ने देशी भाषा में यह पूर्वार्ध पूर्ण किया। उसका क्रम इस प्रकार
है—पहले अध्याय में वैराग्य की उत्पत्ति का प्रसंग लाते हुए श्रीकृष्ण ने अपने कुल का क्षय करने के लिये
ब्राह्मणों के शाप रूप से प्रारम्भ किया। दूसरे अध्याय से चौथे अध्याय तक नारदजी ने वसुदेव के घर जाकर
निमिजयंती के प्रश्नोत्तर के रूप में पंचाध्याई समाप्त की। छठवें अध्याय में श्रीकृष्णमूर्ति का दर्शन करने के लिये
देवताओं की भीड़ उमड़ती है। वे श्रीकृष्ण को निजधाम चलने की प्रार्थना करते हैं। सुरश्रेष्ठों की विनती सुनकर
और द्वारका पर छायी विपत्ति को सुनकर उद्धव श्रीकृष्ण से मुझे भी निजधाम ले चलने की प्रार्थना करते हैं।
उसके प्रश्नों के उत्तर में श्रीकृष्ण ने सातवें अध्याय में ज्ञानमय तथा त्यागयुक्त छोटा-सा भाषण किया। उस समय
त्यागसंग्रह के लक्षण के प्रसंग में यदू और अवधूत के संवाद रूप में चौबीस गुरुओं का परिच्छेद आठवें और
नौवें अध्याय में पूरा किया। श्रद्धा किस प्रकार रखनी चाहिये और ज्ञान पर किस तरह विश्वास करना चाहिये इस
सम्बन्ध में बताकर उसमें अनेक मतों का समावेश करने की दृष्टि से श्रीकृष्ण ने दसवें अध्याय में ज्ञान का
चमत्कार समझाया। ग्यारहवें अध्याय में बद्ध-मुक्त का अन्तर बताकर साधु का लक्षण और भक्ति का पूर्ण स्वरूप
स्पष्ट किया। भागवत के बारहवें अध्याय में भगवान ने अत्यन्त गूढ़ ज्ञान प्रकट किया है। उसका रहस्य स्पष्ट
करने में बड़े-बड़े ज्ञाता भी सन्देह में पड़ जाते हैं। बारहवें अध्याय की चाभी केवल युक्ति-प्रयुक्ति से समझ में
नहीं आयेगी किन्तु जनार्दन की कृपारूप माँ साथ में थी इसलिये उसने ग्रन्थ का मार्ग दिखाया। उस बारहवें
अध्याय में सत्संग की अगाध महिमा, कर्म का कर्त्ता कौन, त्यागबुद्धि यही कर्म का लक्षण है आदि विषय हैं।
उस बारहवें अध्याय का श्रवण करने से चित्त पर ज्ञान का संस्कार होता है। लेकिन उसमें विषय-वासना बाधक
होती है जिससे साधकों को पीड़ा होती है। गुणभेदों का लक्षण, और उससे होनेवाली विषय की आसक्ति,
सत्वशुद्धि के प्रकार आदि का निरूपण तेरहवें अध्याय में किया। फिर उसी प्रसंग में विषयों का और चित्त का
समन्वय कैसे होता है और उसे कैसे सुलझाया जाता है यह समझने के लिये उत्तम निर्णयात्मक हंसगीत का
कथन किया। हंसगीत में जो ज्ञान दिया गया है और समाधि तक जो समाधान किया गया है उसे साधने का मार्ग
भगवान ने स्वयं चौदहवें अध्याय में निरूपित किया है। साधनों में भक्ति ही श्रेष्ठ है, सगुण स्वरूप ही मेरी निर्गुण
मूर्ति है तथा योगयुक्त ध्यानावस्थिति कैसी होती है इसके सम्बन्ध में भी श्रीकृष्ण ने चौदहवें अध्याय में बतलाया
है। सिद्धियों के लिये ध्यानधारणा करने के प्रकार भिन्न-भिन्न हैं। उनके बारे में भी श्रीकृष्ण ने उद्धव को बताया
और ईश्वर प्राप्ति में सिद्धियाँ किस प्रकार बाधक हैं इस बारे में उन्होंने पन्द्रहवें अध्याय में बतलाया है। इस
प्रकार पन्द्रह अध्यायों में पूर्वार्ध का अत्यन्त निर्मल निरूपण हुआ। अब उत्तरार्ध शेष है उसके सम्बन्ध की कथा
के बारे में सुनिये। सोलहवें अध्याय में भगवान की विभूति का निरूपण है तथा अठारहवें अध्याय में वर्णाश्रम
कर्म की जानकारी तथा विधान प्रकारों का निरूपण है। उन्नीसवाँ अध्याय गहन है। उसमें ज्ञान माहात्म्य है तथा
उद्धव के प्रश्नों का ज्ञानात्मक उत्तर दिया गया है। उस ज्ञान का योग, अज्ञान, ज्ञान तथा मध्यावस्था इन तीन
प्रकारों से श्रीकृष्ण ने बीसवें अध्याय में बतलाया है। आगे उद्धव ने गुणदोषों की अवस्था जब वेदों के मत्थे रख
४३६ श्रीमद् एकनाथी भागवत
दी तो उस वेदवाद का सच्चा सात्त्विक निरूपण इक्कीसवें अध्याय में किया। उसी वेदवाद निरूपण के प्रसंग में
तत्त्वों की कुल संख्या कितनी है यह प्रश्न सामने आया। तब श्रीकृष्ण ने उस तत्वसंख्या का यथार्थ निरूपण
किया। सभी तत्त्वों का विवेचन, प्रकृति और पुरुष का लक्षण तथा जन्म-मरण आदि का निरूपण बाईसवें
अध्याय में किया। दूसरों के अपराध सह कर स्वयं निर्द्वंद्व रहना चाहिये इस आशय का भिक्षुगीत संवाद तेईसवें
अध्याय में स्पष्ट किया गया है। अद्वैत में स्थिर होने के लिये चौबीसवें अध्याय में सांख्यशास्त्र का वर्णन है।
निर्गुण से ही गुणों की उत्पत्ति होती है और गुणों का क्षय होने पर निर्गुण ही शेष रहता है। प्रारम्भ में निर्गुण रहता
है और अन्त में भी निर्गुण ही रहता है। इस बीच मिथ्या ही गुणों का आभास होता है। ऐसे इस अद्वैत प्राप्ति के
लिये सांख्यशास्त्र का निरूपण किया। वे मिथ्या गुण प्रवृत्तियुक्त होते हैं, उन तीन गुणों का परस्पर सम्बन्ध रहता
है और निर्गुण के सम्बन्ध से किस प्रकार आत्मनिष्ठा कायम रखी जाय इसे पचीसवें अध्याय में बताया गया है।
छब्बीसवें अध्याय में अनुताप की असीम शक्ति प्रदर्शित करने के लिये पुरूरवा ने कामपाश में फँस कर उर्वशी का
उपभोग करते हुए भी किस प्रकार विरक्ति प्राप्त की इसका वर्णन है। भजन की विधि, मूर्ति का लक्षण, वैदिक,
तांत्रिक तथा मिश्र भजन क्या होता है इस उद्धव के प्रश्न का निरूपण सत्ताईसवें अध्याय में है। बड़े-बड़े योगियों
का योगमंजर, गहन ज्ञान से परिपूर्ण, आत्मसुख का निचोड़ ऐसा अट्ठाईसवाँ अध्याय केवल ज्ञानविषयों से भरा
हुआ है। उसी अध्याय में 'संसार असम्भवनीय है' ऐसा गहन प्रश्न उद्धव ने किया था, उसका उत्तर भगवान ने
दिया है। ग्यारहवें स्कंध का कलश तथा भक्तिप्रेम का अत्यन्त मनोहर स्वरूप ऐसा अत्यन्त रसाल और भक्तियुक्त
ज्ञानोपदेश उन्तीसवें अध्याय में है। उसके अगले दो अध्यायों में स्त्रीपुत्रादि सारे कुल का संहार प्रत्यक्ष अपनी
आँखों के सामने होते हुए भी ज्ञान से समर्थ व्यक्ति का चित्त नहीं डगमगाता यह बात श्रीकृष्ण ने ही प्रत्यक्ष
दिखला दी है। ब्राह्मणों का शाप अत्यन्त कठोर होता है। उस शाप ने श्रीकृष्ण को भी पीड़ा पहुँचायी फिर औरों
की क्या बिसात ? ब्रह्मशाप से सारे कुल का भी विनाश होता है। ब्राह्मण का क्रोध अत्यन्त सामर्थ्यवान होता है,
उसने सारे समुद्र को मूत्रमय कर दिया। ब्राह्मण के क्षोभ से एक क्षण में शिव का भी लिंगपात हुआ। इसलिये
चाहे सज्ञान हो या अज्ञान हो उसे ब्राह्मण से वैर नहीं करना चाहिये। यही दिखलाने के लिये श्रीकृष्ण ने प्रसिद्ध
कुलक्षय का दिग्दर्शन किया। जिसने श्रीकृष्ण के देह पर प्रहार किया उस व्याध को भी श्रीकृष्ण ने जीवन से मुक्त
किया। यहाँ तक यह दिखा दिया कि ज्ञाता किस प्रकार देहातीत और क्षमाशील होता है। उन्तीसवें अध्याय तक
श्रीकृष्ण ने ज्ञान का उपदेश किया। उसके अगले दो अध्यायों में अपनी ही विदेह स्थिति के बारे में बतलाया।
राम अयोध्या आकर गये और कृष्ण ने भी अपना देह त्याग दिया, इन बातों से उन्होंने भावी मुमुक्षुओं को तरने के
लिये देहाभिमान के मिथ्या होने का महत्त्व स्थापित किया। पन्द्रहवें अध्याय तक इस स्कन्ध के पूर्वार्ध का
समापन हुआ। उनमें अत्यन्त पवित्र बातों का कथन हुआ है, साथ ही सूत्र के रूप में उत्तरार्ध के प्रत्येक अध्याय
का तात्पर्य भी स्पष्ट रूप से बतला दिया है। सद्गुरु जनार्दन सहायता के लिये हैं अतः श्रोतागण ध्यान दें। अगले
उत्तरार्ध का व्याख्यान भी जनार्दन एकनाथ के मुख से कहलवायेंगे। वसन्त के आगमन के साथ वृक्षों पर फूल
और फलों की बहार आ जाती है। उसी प्रकार जनार्दन के कृपाकटाक्ष के कारण कविता के शब्द भी पुष्पित
पल्लवित होते हैं। जिस प्रकार आकाश में सूर्य का उदय होते ही नये कमल खिल उठते हैं उसी प्रकार जनार्दन
की कृपा से कविता में नूतनता का विकास होता है। हाथ में मुरली लेकर श्रीकृष्ण ने सारे संसार को समाहित कर
दिया उसी प्रकार मुझे कवीश्वर बनाकर मेरा हाथ थामा और सब कुछ जनार्दन ही बोल रहे हैं। उस जनार्दन की
कृपा साक्षात् क्षीर सागर की तरह है। उसके कृपा की कोई सीमा नहीं है। उस जनार्दन की कृपा से उत्तरार्ध में
सोलहवाँ अध्याय ४३७
अर्थसिद्धि बुद्धि का प्रवेश हो रहा है। पिछली कथा में पन्द्रहवें अध्याय के अन्त में श्रीकृष्ण ने बताया था कि मेरी
प्राप्ति में सिद्धियाँ बाधक होती हैं। अर्थात् सिद्धियों पर से ध्यान हटा कर मेरे स्वरूप में मन लगाना चाहिये।
श्रीकृष्ण का यह भाषण सुनकर उद्धव ने प्रश्न किया। "हे श्रीकृष्णनाथ! समर्थ, मेरी एक विनती सुनो। तुम
अपनी समस्त विभूतियों के बारे में मुझे बताओ।"
उद्धव उवाच
त्वं ब्रह्म परमं साक्षादनाद्यन्तमपावृतम्।
सर्वेषामपि भावानां त्राणस्थित्यप्ययोद्भवः ॥ १॥
भूत और भौतिक का कारण तुम हो, जन्म, स्थिति और लय तुम्हारे ही कारण होते हैं, फिर भी तुम अकर्ता
हो इसीलिये तुम परब्रह्म हो। इस पर तुम कहोगे कि प्राणियों की उत्पत्ति स्थिति और लय प्रकृति ही करती है।
लेकिन वह प्रकृति अर्थात् माया तुम्हारे ही अधीन है। तुम्हारे ही कारण प्रकृति में चालन की क्षमता आती है।
इसलिये प्रकृति परतंत्र है। तुम परमात्मा स्वतंत्र हो। तुम अनादि, अव्यय और अथाह हो। वेदों को भी तुम्हारी
थाह नहीं लगती। प्रकृति पर तुम्हारा आवरण है। तुम स्वयं जीव का स्वरूप हो लेकिन जीव नहीं हो। जीव
जितना अज्ञान से युक्त है और तुम सचमुच ही ज्ञान और अज्ञान से बिलकुल परे हो, इसलिये तुम अविनाशी
और अपरोक्ष साक्षात परब्रह्म हो। तो तुम कैसे अपरोक्ष हो ? इसका कारण यह है कि तुम सबमें सर्वत्र अंतर्बाह्य
व्याप्त हो और तिस पर भी तुम अतर्क्य हो। उसके सम्बन्ध में सुनो।
उच्चावचेषु भूतेषु दुर्ज्ञेयमकृतात्मभिः ।
उपास्ते त्वां भगवन् याथातथ्येन ब्राह्मणाः ॥ २॥
मछली से लेकर हिरण्यगर्भ तक समस्त प्राणियों में निरन्तर अंतर्बाह्य व्याप्त रहने वाले तुम्हें ब्राह्मण वेद के
अर्थ से निश्चित रूप से जानते हैं अथवा जो उपनिषदों का यथार्थ रहस्य जानकर तुम्हारे प्रति भजनयुक्त रहते हैं,
वे तुम्हें निश्चित अर्थ में सर्वव्यापी सर्वात्मा जानते हैं। उस सर्वात्मा का पार जानना चाहे तो तुम अचिंत्य और
अनन्त ऐश्वर्यमुक्त हो। जो साधारण लोग तुम्हें नहीं जानते उनके विचार सुनो। इनका मन बिका होता है, वे
कामेन्द्रियों के दास बन जाते हैं वे केवल जिह्वा का पोषण करते हैं और निद्रा के गरजमाई बन जाते हैं। ऐसे लोगों
को तुम्हारे स्वयंसिद्ध तथा सर्वव्यापी स्वरूप की कल्पना भी नहीं होती। हमारे शरीर में ही आत्मस्वरूप है इसकी
उन्हें कल्पना ही नहीं होती। वे सदा विषयों में लिप्त रहते हैं। विषयों के प्रति उनका अंतःकरण चंचल बना रहता
है। उन्हें सगुण स्वरूप का ध्यान नहीं होता और मन निर्गुण स्वरूप में प्रवेश ही नहीं करता। ऐसे अज्ञानी लोग
किस प्रकार तर पायेंगे ? इसलिये शास्त्रों की खोजबीन करने तथा ध्यानधारणा के झंझट में न पड़ उन्हें केवल
भजन करना पड़े ऐसे प्रकार के उत्तम उपाय जो आपके पास हों उन्हें बतायें।
येषु येषु च भावेषु भक्त्या त्वां परमर्षयः।
उपासीनाः प्रपद्यन्ते संसिद्धिं तद् वदस्व मे ॥ ३॥
तुम्हारी जिन विभूतियों की संतों ने दृढ़ भावना से भक्ति कर उपासना की और तुम्हारे स्वरूप तक पहुँचे, वे
सारी विभूतियाँ उनके स्वरूप, उनकी भक्ति और उनसे कौन-सी गति प्राप्त होती है इसके सम्बन्ध में मुझे
निश्चयपूर्वक बतायें। इस पर यदि तुम सभी वस्तुओं में अपनी विभूतियों को ढूँढ़ने के लिये कहोगे तो हे
श्रीकृष्ण! तुम अतर्क्य हो। वह सब हमारे ध्यान में नहीं आयेगा।