श्रीमद् एकनाथी भागवत (सन्त एकनाथ - श्रीमद्भागवत एकादश स्कन्ध उद्धव गीता सविस्तार हिन्दी व्याख्या)
Shrimad Eknathi Bhagavat (Hindi) by N.V. Sapre
सन्त एकनाथ महाराज (अनुवादक: एन. वी. सप्रे) द्वारा
बारहवाँ अध्याय ३३९
प्रयत्न किया लेकिन उनके हाथों की गाँठ छूटती ही नहीं थी और उनकी साँस उनके देह में वापस लौट नहीं रही
थी। वे लाज-शर्म बिल्कुल भूल गयीं। ससुर, पति तथा पिता के सामने मेरे चरणों पर माथा रखकर जोर-जोर से
आक्रोश करने लगीं। उन्हें मेरे सिवा चारों ओर शून्य दिखायी देन लगा। वे बड़ी आशा से बार-बार मेरी ही राह
देखने लगीं और लम्बी साँस लेकर बिलख-बिलख कर रोते हुए कहने लगीं, ''यह दुष्ट हमारे प्रिय मित्र को ले
जा रहा है।'' अक्रूर को उसके ही सामने क्रूर कहने लगीं और अत्यन्त दीन होकर मेरे पास आयीं। मेरे सामने
खड़ी होकर उन्होंने मेरा सुन्दर मुख देखा, तभी उन्हें मेरे वियोग के दुःख का स्मरण हुआ और वे नीचे मुँह छिपा
कर विलाप करने लगीं। इतनी वे मुझ पर आसक्त हो गयी थीं। उन्होंने अपना हृदय अनन्य भाव से मुझे ही सौंप
रखा था। वे अपने सारे देहसुख भूल गयीं। मुझ पर उनका इतना अधिक प्रेम था। सचमुच ही उन्हें मेरे वियोग से
अत्यन्त दुःख हो रहा था। लेकिन उनके दुःख की अवस्था मैं शब्दों में नहीं व्यक्त कर सकता। मेरे सिवा जो
कुछ भी सुख था उसे वे गोपियाँ दुःख ही समझने लगीं। कितना अलौकिक था उनका मेरे प्रति प्रेम। वे अपने
अंतःकरण से मुझे निकाल ही नहीं पा रही थीं। मैं गोकुल में रहने आया तब से वे मुझ पर आसक्त हो गयी थीं।
उसी आसक्ति की साद्यंत कथा सुनो।
तास्ताः क्षपाः प्रेष्ठतमेन नीता मयैव वृन्दावनगोचरेण।
क्षणार्धवत्ताः पुनरङ्ग तासां हीना मया कल्पसमा बभूवुः ॥ ११॥
उन गोपियों का हर्ष कितना विस्मयकारी था। जरा देखो मुझे वृन्दावन जाते देख वे मेरा मुख देखकर
प्रातःकाल आनन्द का उपभोग करती थीं। दूसरे पहर मैं गौओं को पानी पिलाकर गोठों पर बिठाता था। वहाँ मुझे
देखने के लिये वे गोपियाँ पानी पीने के बहाने आती थीं। वहाँ नाना प्रकार के विनोद, अनेक प्रकार की लीलायें
तथा अनेक प्रकार के खेल खेलते समय तरह-तरह की मौज देखकर वे प्यारी गोपियाँ आनन्द से सुखी होती थीं।
शाम को मुझे गाँव में आते देख वे आरती और न्यौछावर लेकर मेरे सामने दौड़ी आती थीं और बड़ी प्रसन्नता से
मेरे चरणों पर मस्तक रखती थीं। इस प्रकार सुबह, दोपहर तथा सायंकाल मेरे दर्शन लेते हुए भी वे तृप्त नहीं
होती थीं। उससे भी परे एक अत्यन्त गुप्त तथा एकान्त में घटी एक बात है। उद्धव ! उस गुप्त बात का महत्त्व मैं
तुम्हें समझाऊँगा। वह महान सुख का भी सुखस्थान है। स्वयं श्रीकृष्ण होते हुए भी मैं उसमें नाचता रहा।
रासक्रीड़ा की रात हम सबको जिस सुख की प्राप्ति हुई, वह सुख या तो गोपियाँ ही जानती हैं या फिर मैं
श्रीकृष्ण। उस सुख की माधुरी बेचारी लक्ष्मी भी क्या जान पायेगी? ब्रह्मदेवादिदेव भी पागल हो गये किन्तु उस
सुख की माधुरी नहीं जान पाये। वह सुख प्राप्त करने के लिये शंकर ने योगाभ्यास किया फिर भी उसे उस सुख
की प्राप्ति नहीं हुई। मोहिनी को देखकर वह उस पर मोहित हो गया। पार्वती ने भीलनी का रूप लेकर शंकर को
वशीभूत किया। उस सुख की सुखकारी कथा हठयोगी और तपस्वी नहीं जानते। उद्धव ! महामूर्ति संकर्षण पास
में होते हुए भी उसे उस सुख की जरा भी प्राप्ति नहीं हुई। गोपियों के साथ जो यह रासक्रीड़ा हुई उसे कोई
कामासक्ति कहेगा लेकिन वहाँ काम की प्राप्ति कैसे हो? उद्धव ! ध्यान से सुनो। काम ने शंकर पर पूर्णतयः
विजय प्राप्त कर ली थी अतः वह कहने लगा, ''मैं बड़ा पराक्रमी हूँ।'' वह अपने धनुषबाण से सुसज्जित होकर
मेरी रासक्रीड़ा का भेद करने निकल पड़ा। लेकिन जहाँ मेरा स्वरूप ढाल बनकर सुरक्षा के लिये खड़ा हो वहाँ
काम का कोई प्रभाव नहीं होता। मेरे स्मरण की ढाल इतनी शक्तिशाली है कि मदन के बाण के टुकड़े-टुकड़े हो
गये। मदन की दृष्टि अत्यन्त चपल होती है। पराक्रमी मदन मौका देखकर कामीजनों को अपने प्रखर बाणों से
३४० श्रीमद् एकनाथी भागवत
विद्ध करता है लेकिन वह कामबाणवृष्टि श्रीहरि के रंग में बिलकुल नहीं ठहर पाती। जहाँ मैं स्वयं आत्माराम
क्रीड़ा करता रहता हूँ वहाँ बेचारा काम कैसे प्रवेश कर पायेगा ? मेरी प्राप्ति की इच्छा से ही गोपियाँ कामरहित हो
गयीं। उनमें कामवासना ही शेष नहीं रही। जो भी कोई मेरे नाम का स्मरण करता है उसकी ओर काम देख भी
नहीं सकता। जिस स्थान पर मैं पुरुषोत्तम रमण करता हूँ, वहाँ कामकर्म का प्रवेश नहीं हो सकता। काम कहता
है, "हाय हाय ! भाग्यवान होते हुए भी मैं अभागा हो गया। रासक्रीड़ा के अन्तिम क्षण तक मैं अभागा पहुँच ही
नहीं सकता।" मौज की वह रासलीला देखकर काम घण्टों तक लार चाटता रह गया लेकिन उसका अंश भी
प्राप्त नहीं हुआ। इसलिये वह सुख प्राप्त करने के लिये उसने मेरे ही पेट से जन्म लिया। उस मदन को मैंने
अपने अंक में लिया और निजभाव से उसे आनन्दित किया। गोपियों ने मेरा ऐसा आत्मसुख रासक्रीड़ा के बहाने
भोगा। रासक्रीड़ा की वह रात मैंने छह महीने की (मानव के ३६०००० महायुगों जितनी) बनायी थी। जहाँ मेरे
ही क्रीड़ासुख की लहरें उछल रही थीं वहाँ काल और समय का स्मरण किसे रहता है? गोपियों का भाग्य
अत्यन्त बलवान था तभी मेरा शुद्ध सुख उन्हें प्राप्त हुआ। मेरी ऐसी संगति में उन्होंने कितनी रातें व्यतीत कीं
इसको कोई गिनती ही नहीं है। फिर भी उनकी तृप्ति नहीं हुई। मुझ पर उनका प्रेम बढ़ता ही चला गया। गोपियों
ने मेरी भक्ति कर मुझ श्रीकृष्ण को प्रसन्न कर लिया और मेरी सुखप्राप्ति के लिये एकान्त में रासक्रीड़ा माँगी। वे
गोपियाँ वेद के उदर की श्रुति थी यह जान लो। श्रुति के रूप में उन्हें मेरी प्राप्ति नहीं हुई इसलिये वे 'नेति नेति'
(यहाँ परमेश्वर की प्राप्ति नहीं होगी) कहते हुए वहाँ से लौट गयीं। मेरे सुख की संगति उन्हें वहाँ प्राप्त नहीं
हुई। विषयबुद्धि यही मुख्य अज्ञान है। वह होने पर मैं कभी भी नहीं प्राप्त होता इसे ध्यान में रखो। वेदोक्तविधि
का ज्ञाता होने पर भी मैं पूर्णरूप से नहीं मिलता। ज्ञान-अज्ञान दोनों निःशेष होने पर ही मेरा आत्मसुख प्राप्त होता
है। श्रुति ने यह बात निश्चित रूप से जान ली इसलिये वे सुख के लिये गोकुल में आयीं। वही सारी श्रुतियाँ
गोपियों के रूप में गोकुल में आयीं थीं यह जान लो और रासक्रीड़ा के बहाने वे एकान्त में मेरी सुखप्राप्ति का
उपभोग करने लगीं। उद्धव ! इन बातों को भी एक ओर रहने दो। जिसकी जैसी भावना रहती है उसके लिये मैं
वैसा ही देवता बना रहता हूँ इसमें जरा भी सन्देह नहीं है। हे उद्धव! मैं भक्तों से किसी भी समय विन्मुख नहीं
होता। जो भक्त जैसी भावना रखता है उसके अनुसार मैं फलद्रूप होता हूँ। मैं लोगों से सन्मुख रहता हूँ लेकिन वे
ही मुझसे विन्मुख हो जाते हैं। इसका कोई इलाज नहीं है। वे जानबूझ कर दुःख भोगते हैं। मैं सकाम के लिये
संकाम रहता हूँ और निष्काम के लिये निष्काम बन जाता हूँ। नास्तिक के लिये तो मैं तीनों लोकों में होते हुए भी
नास्तिकता के कारण नहीं रहता हूँ। अस्तु ! इस उपपत्ति का कितना वर्णन करूँ? सुनो ! गोपियों को मेरे प्रति प्रेम
था इसलिये उन्होंने मेरी संगति में जितनी रातें भोगीं उन्हें उन्होंने निमिषार्ध की तरह माना। लेकिन उन्हें प्राकृतिक
रूप से जो रात्रियाँ उपलब्ध हुई थीं उन्हें वे अपने पति के सान्निध्य के होते हुए भी मेरे वियोग के कारण कल्प के
समान बड़ी लगने लगीं। उनके उस दुःख की स्थिति को शब्दों में बताना कठिन है। मेरे वियोग में मेरा स्मरण
करते हुए वे समाधिस्थ हो गयीं।
ता नाविदन् मय्यनुषङ्गबद्धधियः स्वमात्मानमदस्तथेदम्।
यथा समाधौ मुनयोऽब्धितोये नद्यः प्रविष्टा इव नामरूपे ॥ १२ ॥
मैं गोकुल में था तभी से वे गोपियाँ मेरे प्रति आसक्त हो गयी थीं यह पूरी कथा मैंने तुम्हें यथातथ्य रीति से
सुनायी। उन गोपियों को जब मैं अत्यन्त निष्ठुर होकर कृतघ्न की तरह छोड़कर जा रहा था उस समय मेरे वियोग
बारहवाँ अध्याय ३४१
काल के असह्य दुःख से पाषाण भी पिघल जाते। इस प्रकार मुझसे दूर होने पर भी मेरी ही कथा, मेरे ही
गुणानुवाद तथा सदैव मेरा ही स्मरण करते-करते वे मत्स्वरूप तक पहुँच गयीं। चक्की पर अनाज पीसते समय वे
जोर-जोर से मेरा ही गुणवर्णन करतीं अथवा दही मथते समय भी मेरा ही चरित्रगायन करतीं। छिड़काव समार्जन
करते समय उन गोपियों को मेरा ही ध्यान लगा रहता था। इतना ही नहीं बल्कि मेरा स्मरण करते हुए बालकों को
झूला झुलाती थीं। गाय का दूध निकालते समय भी मेरे ही स्मरण पर उनकी आसक्ति रहती थी। सारांश, सारा
काम करते समय मुझे भूलने की बात ही वे भूल गयी थीं। कहीं आते-जाते समय भी उनका मन अखण्ड मेरी
ही ओर लगा रहता था। बैठे रहने पर, खाना खाते समय, पीते समय उनका ध्यान मेरी ही ओर लगा रहता था।
सारांश मेरे जाने के बाद उन्हें मुझसे अधिक प्रेम हो गया था। उनकी आँखें एकटक मेरी ही ओर लगी हुई थीं। वे
हमेशा मेरी ही बातें किया करती थीं। इस प्रकार की अनन्य और सर्वत्र गोपियों और मेरे बीच प्रेम था। अपने
घरबार में विचरण करते हुए भी वे मुझ में ही तल्लीन रहती थीं। इस प्रकार उनकी बुद्धि ही मत्स्वरूप हो गयी
थी इसलिये वे अपना घरबार भी भूल गयीं। वे अपने पुत्र तथा पति को भूल गयीं और अपना कामधंधा भी वे
भूल गयीं। वे शीत-उष्ण आदि द्वंद्व दुःख भी भूल गयीं। वे भूख-प्यास भूल गयीं। जिस देह के कारण उन्होंने
पति और पुत्र को सगा मान लिया था उस देह को भूलकर उनका मन मुझ में ही रम गया। वे इहलोक और
परलोक भूल गयीं। वे पूरा कार्यकारण ही भूल गयीं। जरा देखो! मेरा ध्यान करते रहने के कारण होने वाले
आनन्दसुख का उपभोग लेते लेते वे अपना नाम और रूप भी भूल गयीं। चौबीस तत्त्वों के सारे विकार भूलकर
मुनिश्रेष्ठ समाधि लगाता है। वह जिस प्रकार उस समाधि में सारे संसार को भूलता है, उसी प्रकार गोपियाँ भी
सारा संसार भूलकर मत्स्वरूप ही हो गयीं या जिस प्रकार अनेक नदियाँ समुद्र में मिलते हुए उससे एकरूप
होकर अपना नाम और रूप भूल जाती हैं, उसी प्रकार गोपियाँ भी अनन्यप्रीति से मेरे स्वरूप में मिलने के कारण
नामरूप की भाषा ही भूल गयी। उन्हें इनमें से किसी भी बात की स्फूर्ति नहीं हो रही थी। सच्चिदानंद के स्वरूप
के प्रभाव का क्या वर्णन किया जाय? सचमुच, मेरा स्वभाव न जानते हुए भी उन गोपियों का अनन्यभाव मेरे ही
प्रति था। इसीलिये वे परब्रह्मस्वरूप तक पहुँच पायीं।
मत्कामा रमणं जारमस्वरूपविदोऽबलाः ।
ब्रह्म मां परमं प्रापुःसङ्गाच्छतसहस्रशः ॥ १३॥
वे गोपियाँ केवल अबला थीं लेकिन मेरी संगति से उन्हें अत्यन्त प्रेम था और वह संगति भी कामासक्ति
की अर्थात् शास्त्रप्रवृत्ति के विरुद्ध थी। शास्त्र के अनुसार मैं उनका पति नहीं था। लेकिन रूप के अनुसार देखा
जाय तो मैं साक्षात मदन को भी मोहित करने लायक सुन्दर था। जो स्त्रियाँ शास्त्र सम्मति के विरुद्ध जाट बुद्धि से
तथा व्यभिचार के लिये मुझसे रममाण हुई थीं वे चार प्रकार की स्त्रियाँ थीं—हस्तिणी, शंखिणी, चित्रिणी तथा
पद्मिनी। उन चारों को मैं चार मुक्ति के स्थानों पर काम के मोह में रमा रहा था। अन्य किसी पुरुष की संगति में
स्त्रियाँ क्षणभंगुर सुख भोगती हैं। लेकिन मेरी कामसक्ति से कभी विनष्ट न होने वाले निजसुख की प्राप्ति होती
है। अपने पति की संगति से क्षणभर का आनन्द प्राप्त होता था, लेकिन मेरे सुख का आनन्द प्राप्त होने के कारण
वे स्वानंदकंद परमानन्द का सर्वकाल उपभोग करती थीं। इसीलिये वे चंचल स्त्रियाँ अपने पति का सुख छोड़कर
पूरी तरह मुझसे ही रममाण हुईं। मेरी कामकला ऐसी अपूर्व है। नौ रसों का रस जानने वाला, नित्य नये रंग
उत्पन्न करने वाला एक मैं ही हूँ। इसीलिये गोपियाँ मुझ पर लुब्ध हुई थीं। उन गोपियों की भक्ति भी उतनी ही
३४२ श्रीमद् एकनाथी भागवत
अपूर्व थी। मन के अन्दर की भावना केवल मैं ही जानता हूँ। यही बात मन में लाकर वे जीवभाव से मुझे प्राप्त
कर सकीं। अंग-प्रत्यंग का उपभोक्ता मैं ही हूँ, अंतर्बाह्य सर्वांग को शान्त करने वाला मैं ही हूँ यह जानकर वे मेरे
साथ कामासक्त होती थीं। हावभाव, कटाक्ष आदि गुण तथा उसका गुप्त उद्देश्य मैं ही जानता हूँ। किस समय
कौन-सा लक्षण समझना चाहिये, किस समय कैसे और कहाँ मिलना चाहिये यह भी मैं भी जानता हूँ। जिस
समय वह अपने बिस्तर पर मेरी इच्छा करती रहती तभी मैं अपने सहवास से उसे सन्तुष्ट करता था। मुझे कभी
छिप कर नहीं जाना पड़ता था और न दरवाजे पर कोई गुप्त संकेत ही देना पड़ता था। वह जीवभाव से मुझे वश
हुई, उसे मैं उसकी शय्या पर ही तृप्त करता था। इस प्रकार सारे मनोरथों को पूरा करने वाले पुरुषों में एक मैं ही
हूँ यह जानकर गोपियों ने मेरे ही प्रति शुद्ध भक्ति की थी। जिस पर निष्काम तपस्वी भी मोहित हो गये हैं, जिस
पर योगी और संन्यासी भी अनुरक्त हुए हैं, उसी पर देह और घर-बार भूलकर गोपियाँ लुब्ध हुई थीं। अँधेरे में
गुड़ खाने पर वह कडुआ नहीं लगता उसी प्रकार मेरा सच्चिदानन्द स्वरूप जाने बिना भी मेरी सेवा करते-करते
वे मत्स्वरूप हो गयीं। पारस पत्थर है यह जानकर उसे लोहे के हथौड़े से तोड़ने का प्रयास करने पर लोहे का
हथौड़ा भी सुवर्ण का हो जाता है। वैसी ही अवस्था गोपियों की हुई। विष समझ कर अमृत ग्रहण करने से मृत्यु
टल कर अमरत्व प्राप्त होता है उसी प्रकार जार बुद्धि से मेरा भजन करने पर भी उन्होंने सायुज्यता प्राप्त की। मैंने
गोपियों से कामविलास किया था उनका काम नष्ट किया इस पर विचार करने से यही निष्कर्ष निकलता है कि
उन्हें मेरे प्रति कामवासना से मोक्ष की ही प्राप्ति हुई। जिनका मेरे साथ संग हुआ ऐसी एक नहीं, दो नहीं असंख्य
गोपियों ने आत्मपद प्राप्त कर लिया। वैरागर नाम के रत्न का यदि कंकड़ से स्पर्श होता है तो कंकड़ भी हीरा हो
जाता है। उसी प्रकार मेरी संगति से कितनी गोपियों का उद्धार हुआ उनकी संख्या भी मैं नहीं जानता। मैं परब्रह्म
की सुन्दर मूर्ति हूँ। मुझसे व्यभिचार करने के कारण गोपियों की अविद्या और पापों की राशि धुल गयी और उन्हें
प्रत्यक्ष मूर्ति प्राप्त हो गयी। मैं अथवा मेरे संत इनमें से जिसकी भी संगति प्राप्त होगी वे निश्चित रूप से मुझे
प्राप्त होंगे इसमें सन्देह नहीं है। कितने ही लोग विकल्प के कारण मेरे स्वरूप पर अनेक प्रकार के दोषारोपण
करते हैं। किन्तु मेरे संत निर्दोष होने के कारण, उनकी संगति से निर्मल सुख प्राप्त होता है। हे उद्धव ! तुम भी
अधिक विचार-विमर्श न करो और सत्संग करते हुए सांसारिक उलझनों से मुक्ति पा लो।
तस्मात्त्वमुद्धवोत्सृज्य चोदनां प्रतिचोदनाम्।
प्रवृत्तं च निवृत्तं च श्रोतव्यं श्रुतमेव च॥ १४॥
उद्धव ! मेरा स्वरूप शुद्ध निर्मल है। वेद त्रिगुण हैं इसलिये उन वेदों की जो प्रेरणा है वह मुझे प्राप्त करने
में असमर्थ है, यह जान लो। उन वेदों से श्रुति-स्मृति अनेक प्रकार के कर्म लोगों से कराते हैं। उस कर्म की
कर्मगति निश्चित रूप से किसी को भी नहीं मालूम होती। कर्म स्वरूप से अत्यन्त गूढ़ है। विधि और निषेध के
कारण वह और भी कठिन हो गया है। महान ज्ञानी भी शास्त्रों के आधार से सूक्ष्म विचार करते हुए कर्म का
निर्णय नहीं कर पाता। कोई कर्म प्रवृत्तिमूलक होता है तो कोई निवृत्तिमूलक। उसी प्रकार कोई सकाम रहता है तो
कोई निष्काम। कर्म का स्वरूप अद्भुत है। वह साधक के ही शरीर पर आ गिरता है। कर्म के नाम से जो भी
कुछ है वह सब अविद्यात्मक है और वेद त्रिगुणात्मक हैं। तत्संबंधी साधनरूप वेद में यही श्रवण करने योग्य है।
तमोगुण से कर्मकाण्ड उत्पन्न हुआ है, रजोगुण से उपासनाकाण्ड उत्पन्न हुआ है और सत्त्वगुण से ज्ञानकाण्ड
उत्पन्न हुआ है। इस प्रकार वेद त्रिकांडात्मक तथा त्रिगुणात्मक है। वेद, शास्त्र, विधान एवं विधि इनका मूल
बारहवाँ अध्याय ३४३
अविद्या ही है। उस अविद्या के कारण ही देहबुद्धि उत्पन्न होकर वह मनुष्य को विधि निषेध में भटका देती है।
इसलिये हे उद्धव ! तुम पहले अविद्या को त्याग दो और अविद्या का सम्बन्ध छोड़ देने से सहज ही वेद विधि का
त्याग हो जाता है। "लेकिन पहले 'अविद्या' क्या है यही हमारी समझ में नहीं आता। फिर उसका निराकरण
कैसे करें?" इसका उत्तर यही है कि हमारी कल्पना का जो बोध है, वही स्वतःसिद्ध अविद्या है। उसी कारण से
विधिनिषेध की बाधा होती है। उसका त्याग करने से वह शुद्ध ब्रह्म हो जाता है। समरांगण में सेनापति का पतन
होने पर सेना अपने आप ही भाग जाती है। उसी प्रकार अविद्या का त्याग करने से विधि और विधान से सहज
ही छुटकारा प्राप्त हो जाता है। यदि मूल धुरा ही तोड़ दी जाय तो घोड़े जुते होने पर भी रथ नहीं चल पाता। एक
ही घाव से जड़ काटने पर शाखाएँ और पल्लव अपने आप टूट जाते हैं। उसी प्रकार अविद्या को शीघ्रता से नष्ट
करने पर विधि-निषेध सहज ही अपनी जगह नष्ट हो जाते हैं। वेदों का सारांश यही है कि मुझ भगवान को
भजना चाहिये। शास्त्रों में वेदान्त श्रवण का वही अर्थ बताया गया है। उस वेदांत श्रवण का फल यही है कि
अविद्या को निर्मूल किया जाय। उस अविद्या को निरस्त कर देने से फिर श्रवण नहीं करना पड़ता। गंतव्य स्थान
तक पहुँचने पर जिस प्रकार आगे नहीं जाना पड़ता, उसी प्रकार अविद्या नष्ट होने के बाद श्रवण और मनन की
आवश्यकता नहीं रह जाती। अब तुम कहोगे कि यह अविद्या किस प्रकार नष्ट हो ? यह बहुत कठिन है। लेकिन
यह संकट भी कैसे दूर किया जाय यह मैं तुम्हें बताऊँगा। वेद, शास्त्र अथवा कर्म विधान का साधन अविद्यात्मक
ही है। उस अविद्या को दूर करने के लिये मेरी ही शरण में जाना चाहिये।
मामेकमेव शरणमात्मानं सर्वदेहिनाम्।
याहि सर्वात्मभावेन मया स्या ह्यकुतोभयः ॥ १५॥
स्त्री पुत्रादि विषयों का ध्यान छोड़ तथा योग, योग्यता, बुद्धि, कर्मठता तथा कर्म का अभिमान त्याग कर
मेरी शरण में आना चाहिये। वेदाध्ययन छोड़कर, शास्त्रश्रवण छोड़ कर, प्रवृत्ति और निवृत्ति को त्याग कर मेरी
शरण में आना चाहिये। धन और सम्मान के लिये परिश्रम करना छोड़, ज्ञान और प्रतिष्ठा को छोड़ अनेक प्रकार
की निष्ठाओं को छोड़ मुझ श्रेष्ठ ईश्वर की शरण में आना चाहिये। वैदिक और लौकिक आचार छोड़ कर,
पुराणोक्त तथा तांत्रिक आचार छोड़कर मेरी शरण में आने से मेरा आत्मसुख प्राप्त करोगे। कुल की श्रेष्ठता
छोड़कर, जाति का अभिमान छोड़कर, आश्रम की उच्चता का विचार छोड़ कर मेरी शरण में आओ। ज्ञान और
ध्यान छोड़ कर, विधि और विधान छोड़ कर, देह का अभिमान छोड़ कर मेरी शरण में आओ। मेरा नाम
अंतर्यामी है क्योंकि मैं मुख्यरूप से हृदय के भावों को जानता हूँ। शब्दों के योग से मैं कभी अलग नहीं होता।
लेकिन ममत्त्व छोड़ कर परब्रह्म के प्रति श्रद्धा अवश्य रखनी चाहिये। उद्धव ! त्याग को ही त्याग करने का लक्षण
तुम्हें बताता हूँ। सभी प्रकार के अभिमान को छोड़ना यही त्याग का प्रमुख लक्षण है। सारा अभिमान छोड़कर
मेरी शरण में आने पर फिर जन्म-मरण कैसा ? मेरे प्रताप से ही तुम तर पाओगे यह ध्यान में रखो। "तुम्हारी
शरण में आने के लिये क्या पहाड़ों और गुफाओं में जाकर बैठना चाहिये, या किसी झोपड़ी में रहना चाहिये या
दसों दिशाओं में भटकना चाहिये ? तुम्हारा रहने का कोई निश्चित गाँव नहीं है। तुम्हारे रहने का निश्चित स्थान
कौन सा है ? तुम्हारी शरण में आने के लिये कोई कहाँ जाये ?" इस प्रकार की कल्पना तुम अपने मन में करोगे ?
तो उसका उत्तर है, "मैं तुम्हारे हृदय में हूँ। उस हृदय में रहने वाले की ही शरण में जाना चाहिये। सम्पूर्ण भाव
से और अपने सर्वस्व सहित मुझ हृदयस्थ की शरण में आओगे, तभी समस्त प्रणिमात्र में तथा हृदय में रहने
३४४ श्रीमद् एकनाथी भागवत
वाला मैं तथा मेरी सर्वव्यापकता तुम्हें प्राप्त होगी। मन में तिलमात्र भी अभिमान रखकर मेरी शरण में आओगे तो
मेरी प्राप्ति नहीं होगी क्योंकि अभिमान ही मेरी प्राप्ति में आने वाली बाधा है। कुत्ता जब पकवान को स्पर्श करता
है तो ब्राह्मण जिस प्रकार उसे स्पर्श नहीं करता, उसी प्रकार मन में अभिमान रहने पर मैं भी साधक को स्पर्श
नहीं करता। रजस्वला स्त्री की आवाज सुनकर जिस प्रकार पुरश्चरण करने वाला दूर भाग जाता है, उसी प्रकार
अहंकार पास रहने पर मैं पास होते हुए भी दूर चला जाता हूँ। धोबी का स्पर्श किया जल जिस प्रकार सज्जन
ग्रहण नहीं करते उसी प्रकार हे उद्धव ! हृदय में अभिमान होने पर मैं उससे नहीं मिलता। आँख कंकड़ को नहीं
सहती, घाव पर शूल अधिक चुभता है, मोती में जोड़ नहीं लगता या खीर में इमली नहीं जँचती, उसी प्रकार हे
उद्धव ! मुझमें अभिमान प्रवेश नहीं करता यह ध्यान में रखो। त्याग का यह लक्षण मैंने तुम्हें पूरी तरह बताया।
अपनी पत्नी को परपुरुष के साथ सहवास करते देख जिस प्रकार पति उसे त्याग देता है, उसी प्रकार अभिमान में
लिपटे हुए भक्तों को यह श्रीकृष्ण स्वीकार नहीं करता। इसलिये यदि अभिमान छोड़ कर तुम मुझ हृदयस्थ की
शरण में आओगे तो देवकी की सौगन्ध मैं तुम्हारा उद्धार करूँगा। इस पर तुम कहोगे "तुम्हारी तो दो माताएँ हैं तो
किस माता की शपथ को सच माना जाय ?'' तो मुझे सचमुच तुम्हारी ही शपथ है। तुम्हें मेरे ही कारण निर्भयता
प्राप्त होगी। "लेकिन तुम शब्दों में तो फँसते नहीं और तुम्हारे लिये क्रिया कुछ भी नहीं है। तो तुम्हारी शपथ को
सच कैसे माना जाय ?'' यदि तुम्हारे मन में ऐसी कल्पना आ रही हो और तुम सोचो कि तुम्हारे शब्दों पर
विश्वास करके कोई अपना स्वधर्म छोड़ दे और कहीं तुम्हारी शपथ झूठ सिद्ध हुई तो तुम्हारे जैसे समर्थ से कौन
झगड़ा करेगा ? तो हे उद्धव ! ऐसा मत कहो। मैंने तुम्हें जो शपथ दी है वह परमात्मा की शपथ है। उसे पूरी तरह
सच समझो। उद्धव ! तुम मेरी परिपूर्ण आत्मा हो। मुझ में और तुम में द्वैतभाव नहीं है। तो तुम्हारे सामने मैंने जो
शपथ ली उसका साक्षी परमात्म तत्त्व ही है। लेकिन मैंने बताये सिद्धान्त का प्रमाण जब साक्षात् वस्तुस्थिति ही है
तो इसमें शपथ की क्या आवश्यकता है ? सर्वभाव से तुम मेरी शरण में आये हो तो तुम अभी के अभी तर
जाओगे। प्रेम से मेरी शरण आने पर कलिकाल भी तुम्हारे चरण छुएगा। फिर संसार का भय कैसा ? तुम्हारी ओर
वक्रदृष्टि से देखने का किसमें साहस है ? मेरी शरण में आते ही तुम्हें तत्काल मेरा सामर्थ्य प्राप्त होगा। तब
संसार का सारा भय समाप्त हो जाएगा और कलिकाल तुम से काँपने लगेगा। घास में आग की चिनगारी गिरते
ही वह सुलग उठती है और वह अग्नि अनेक जंगलों के वृक्ष जला देता है, उसी प्रकार यदि तुम शुद्ध अंतःकरण
से मेरी शरण में आओगे तो संसार का जंगल तुम जला डालोगे। "हृदयस्थ की शरण में जाना चाहिये यह ठीक
है लेकिन वह हृदयस्थ हमारी समझ में नहीं आता।'" ऐसा यदि तुम कहोगे तो उद्धव ! उसका भी स्वरूप तुम्हें
बताता हूँ, सुनो। नाम, रूप आदि का अभिमान छोड़ कर उद्धव का रूप शेष रहता है वही मुझ हृदयस्थ का
स्वरूप है। इस प्रकार हृदयस्थ प्राप्त हो जाने के बाद सभी प्राणिमात्र में ईश्वर ही दिखायी देने लगता है। वहाँ
उद्धव के रहने के लिये कोई अलग स्थान दिखायी ही नहीं देता। उस समय सभी प्राणियों में मैं ही दिखायी देता
हूँ। आँखों से अनेक लोग देखने पर भी उन सब में अकेला मैं ही दिखायी देता हूँ। इस प्रकार हृदयस्थ से एकता
प्राप्त कर लेने पर तुम मद्रूप हो कर मुझे प्राप्त करोगे। उद्धव ! इस प्रकार मेरी प्राप्ति निर्भय तथा अटल है। यह
गुप्त बात बताकर जब भगवान उद्धव की पीठ थपथपाने लगे तो उसने भी भगवान के चरण पकड़ लिये। कृष्ण
उसे उठाने लगे लेकिन वह उठ नहीं रहा था। उसने कहा, "तुमने अपनी जो गुप्त बात बतायी वह मैंने सहज ही
मान्य कर ली। अब केवल एक ही बात का सन्देह है, उसे मैं तुमसे अवश्य पूछूँगा।'"
बारहवाँ अध्याय ३४५
उद्धव उवाच
संशयः शृण्वतो वाचं तव योगेश्वरेश्वर।
न निवर्तत आत्मस्थो येन भ्राम्यति मे मनः ॥ १६ ॥
हे कृष्ण ! तुमने वेदों का और शास्त्रों का मंथन कर उसका सार अथवा योगरूप किले का भंजन अथवा
रसमय सुख का सुखसमुद्र ही मुझे उपदेश के रूप में प्रदान किया। तुम योगियों के योगीश्वर हो। तुम सारे
संसार के ईश्वर हो। तुम्हारा भाषण सत्य ही होगा लेकिन मुझे वह संदेहास्पद लगता है। तुमने ही पहले
अत्यन्त दयापूर्वक बताया था कि स्वधर्म का आचरण करना चाहिये और उसे सच मानकर मैंने उस पर
विश्वास कर लिया। जो स्वधर्माचरण करना है वही मेरा भजन है ऐसा तुमने बताया और अब अंत में उसे भी
छोड़ कर शरण में आने की बात करते हो। तो अब आत्मा कर्त्ता है या अकर्त्ता है यही समझ में नहीं आता।
हमें अब सब प्रकार के कर्म करने चाहिये या छोड़ देने चाहिये ? हे श्रीकृष्ण ! तुम्हारा उपदेश करने का ढंग
ही कुछ अव्यवस्थित है। इससे हम दुर्बल लोगों के मन में सन्देह अवश्य उत्पन्न हो जाता है। हे कृष्ण ! अब
क्या किया जाय ? आत्मा यदि अकर्त्ता है तो फिर कर्म का कर्त्ता कौन है ? और आत्मा यदि अकर्त्ता है तो फिर
त्याग की कोई सम्भावना ही नहीं है। उद्धव का यह प्रश्न सुनकर कमलनयन श्रीकृष्ण ने हंस कर क्या कहा
उसे ध्यानपूर्वक श्रवण करें।
श्रीभगवानुवाच
स एष जीवो विवरप्रसूतिः प्राणेन घोषेण गुहां प्रविष्टः।
मनोमयं सूक्ष्ममुपेत्य रूपं मात्रा स्वरो वर्ण इति स्थविष्ठ ॥ १७ ॥
भैया, उद्धव ! सुनो। मैं माया के स्वभाव के अनुसार ही जीवदशा में हूँ इसलिये जीव को जीवधर्म से ही
कर्तृत्व प्राप्त होता है। जल में सूर्य प्रतिबिम्बित होता है और वह प्रतिबिम्ब जब हिलता है तो सूर्य के हिलने का
आभास होता है। उसी प्रकार अकर्त्ता होते हुए भी जीव के अहंता स्वभाव से मैं कर्त्ता दिखायी देता हूँ। राजा निद्रा
के वश में कभी स्वप्न में भिखारी बन जाता है उसी प्रकार प्रकृति के कारण ही मुझमें जीवभाव प्रतीत होता है।
वास्तव में वह स्वयं राजा है लेकिन स्वप्न में वही अन्न की भीख माँगता है। उस समय जो कोई उसे मुट्ठीभर
अनाज देता है उसकी स्तुति करते हुए वह राजा कहता है, "अरे ! तुम राजा हो।" वास्तव में वह स्वयं ही राजा
है लेकिन उस समय उसे यह बात मालूम नहीं रहती। उसी प्रकार जीव की स्थिति रहती है। उसका अपना
पूर्णत्त्व उसकी ही समझ में नहीं आता। जिस प्रकार स्वप्न की अवस्था में राजा भिखारी हो जाता है, उसी प्रकार
अविद्या के कारण मैं कर्मकर्त्ता बन गया हूँ। ऐसी ही अवस्था में हमें वेदोक्त विधि विधान करना आवश्यक हो
जाता है। इसीलिये जब तक ब्रह्मज्ञान प्राप्त नहीं होता तब तक स्वधर्म का आचरण करना चाहिये। राजा जब तक
नींद से जग कर राजवैभव पर नहीं आता तब तक उसके हाथ से भिखारी का काम होता है। राजा जब जागृत
होकर राजपद पर आता है तो उसे 'भीक' शब्द कहने में लज्जा होने लगती है। उसी प्रकार ब्रह्मज्ञान प्राप्त होने
पर वह 'मैं कर्त्ता' इन शब्दों का उच्चार कभी नहीं करता। राजा को जिस प्रकार झूठा भिखारीपन प्राप्त हुआ था
उसी प्रकार परमात्मा का जीवभाव भी मिथ्या है यह ध्यान में रखो। अब उस जीव को शरीर में संचार करना
पड़ता है उसका भी लक्षण सुनो। जीव जड़ को सजीव करता है इसलिये उसे 'जीव' कहा जाता है। सहज ही
उसके स्वभाव धर्म के अनुसार जीव को चैतन्य रूप प्राप्त होता है। गागर में दीपक रखने पर उसका प्रकाश गागर
३४६ श्रीमद् एकनाथी भागवत
में फैलता है, वही दीपक घर में रखने पर प्रकाश घर भर में फैलता है। उसी प्रकार जब तक शरीर में है तभी
तक यह जीव है अन्यथा यह साक्षात् सदाशिव ही है। अब इस सम्बन्ध में अधिक कुछ कहने की आवश्यकता
नहीं है। जीव का और शिव का अनुभव इस प्रकार का है। दर्पण का सूर्य मानों हाथ में दिखायी देता है, उसी
प्रकार शरीर में भी जीव की प्रसूति (जन्म) हुई है। उस जीव की स्थिति उत्कर्ष के कारण रहती है इसलिये उसे
'प्रसूति' कहते हैं। दर्पण बहुत छोटा रहता है लेकिन उसमें सूर्य का पूरा प्रतिबिम्ब दिखायी देता है। उसी प्रकार
विदेह को देह धारण करना पड़ता है। उसे 'विवरप्रवेशन' अर्थात् बिल में प्रवेश करना कहते हैं। कुण्ड में चन्द्र
की स्थिति आकाश के चन्द्र की अधोगति मालूम होती है। उसी प्रकार शरीर में जीव की प्रसूति होती है। अर्थात्
जो अव्यक्त है वह व्यक्त में प्रवेश करता है। जल में प्रतिबिम्बित होने पर भी सूर्य गीला नहीं होता। उसी प्रकार
देह में कार्य करते हुए भी आत्मा अलिप्त ही रहता है। जल का प्रतिबिम्ब जिस प्रकार जल के हिलने से हिलता
है उसी प्रकार जीव को जन्म और मरण प्राप्त होता है। कुण्ड में जिस प्रकार पूर्ण चन्द्र प्रतिबिम्ब के रूप में फँस
जाता है उसी प्रकार जीव को भी कर्म का बन्धन प्राप्त होता है। कुण्ड का पानी सूख जाने पर और प्रतिबिम्ब
अदृश्य हो जाने पर क्या चन्द्रबिम्ब अदृश्य हो जाता है ? चन्द्र का बिम्ब जैसा था, वैसा ही वह रहा। कुण्ड के
पानी में जो उत्पन्न हुआ और पानी सूख जाने पर अदृश्य हो गया वे दोनों मिथ्या थे। कुण्ड से बाहर निकालने
का प्रयत्न करने पर भी वे हाथ नहीं आते। उसी प्रकार देह में जीवत्व मिथ्या ही रहता है। उसे सच मान लेने पर
अत्यन्त दुःख सहना पड़ता है। दर्पण बड़ा हो या छोटा हो लेकिन उसमें सूर्य का पूर्ण प्रतिबिम्ब दिखायी पड़ता
है। उसी प्रकार अंतःकरण में रहने वाला मैं समस्त प्राणिमात्र में समान रूप से और सम्पूर्णता से व्याप्त रहता हूँ।
सूर्य कुण्ड में फँसा हुआ दिखाई देता है, उसी प्रकार मूर्ख लोग जीव के लिये कर्म का बन्धन मानते हैं। आकाश
के सूर्य को नहीं देखते और वह कुण्ड में फँसा हुआ है यही मानते हैं। उसी प्रकार जिन्हें निर्गुणों का अनुभव
नहीं है वे ही जीव को बद्ध समझते हैं। आग की ज्वालाओं को जाल में फँसाने का प्रयत्न करने में, जाल ही जल
जाता है। उसी प्रकार आत्मा को कर्म में बांधने के प्रयास में कर्म ही निःसत्त्व हो जाता है। आवाज उत्पन्न होने के
लिये आवश्यक है वायु और प्रत्याघात। लेकिन इन दोनों के विना ही जो आवाज सदा घूमती रहती है वह है
'अनाहतध्वनि'। उस अनाहत ध्वनि का मूल शब्द जिसे परा और अपरा वाणी में 'परा का नाद' कहते हैं और
योगी जिसे बहुत चाहते हैं उसका अनुवाद शब्दों में व्यक्त होने वाला नहीं है। जिस ध्वनि की आनन्ददायक
माधुरी शंकर ही जानते हैं अथवा उस सुन्दर मिठास को सनकादिक ने ही यथेच्छ चखा है। वायु का सत्त्व खोजने
पर तथा शब्दतत्त्व को उससे मिलाने पर उन दोनों के चैतन्य से जो सजीवता उत्पन्न होती है, उसी को मन का
स्वरूप प्राप्त होता है। जो चेतना का चैतन्य है वही वायु का शुद्ध सत्त्व है। शब्द का मूलतत्त्व वही है और उसी
के योग से जीव मनोरूप होता है। जीव का शरीर के साथ संयोग किस प्रकार होता है इसे श्रीकृष्ण स्वयं बताने
लगे तो आधारादि चक्र से घटने वाले सभी संस्कारों का क्रमानुसार वर्णन किया। 'मैं' इस पहले ही भ्रम से जीव
को जीवत्व का आभास होने लगता है और वह जिस भी तत्त्व में प्रवेश करता है, उस तत्त्व को वह 'स्वयं' ही
कहने लगता है। 'मैं देह' उसने कहते ही तत्काल उसकी पूर्णता होकर उसी समय उसे एकदेशीय तथा अंशभूत
देहात्मबुद्धि प्राप्त होती है। वह सूक्ष्म नाद और अतिसूक्ष्म प्राण मिलकर प्रथमतः आधारचक्र में प्रवेश कर प्रारम्भ
में ही अत्यन्त सूक्ष्म स्फुरण पाकर परा नामक वाचा उत्पन्न होती है। आधारचक्र में प्राण का निवास रहता है और
परा नाम की वाणी वहीं रहती है। इसीलिये मन में अत्यन्त सूक्ष्म एवं कोमल स्फुरण उत्पन्न होता है और
स्वाधिष्ठान चक्र में मन का पोषण होने लगता है। वहाँ पश्यंति वाचा बोलने का प्रयत्न करती रहती है किन्तु वह
बोल नहीं सकती। इस चक्र में प्राणवायु भी एकत्र रहता है किन्तु वह उसके आगे नहीं जा पाता। वहाँ प्राण और
अपान का झगड़ा होकर दोनों ही रूठ जाते हैं। वहीं बहुत बड़ा गृहकलह मच जाता है और दोनों में अलगाव
होने लगता है। इस प्रकार प्राण, अपान, व्यान, उदान तथा समान ये पाँच प्राण अलग-अलग रहने लगते हैं। जो
पहले रूठ गया था उसे 'अपान' कहते हैं। गुस्से में जो आगे बढ़ा आता है उसे 'प्राण' कहते हैं। दोनों में जो
समानरूप से नाभि में रहता है, उसे 'समान' कहते हैं। जो कंठ में रहता है, उसका नाम 'उदान' है। लेकिन व्यान
को रहने का स्थान ही नहीं है इसलिये वह पूरे शरीर में परिभ्रमण करता रहता है। इनसे भी सूक्ष्म पंचप्राण होते हैं
जो भिन्न-भिन्न स्थानों में रहते हैं। उन्होंने स्वयं ही अपने रहने के लिए अलग-अलग स्थान निश्चित कर लिया
है। नाग, कूर्म, कृकल, देवदत्त तथा पाँचवाँ धनंजय यही वे पंचप्राण हैं। इनकी शरीर में जहाँ बस्ती रहती है वे
स्थान तुम्हें निश्चित रूप से बताता हूँ। छींकर नाग का घर है, जम्हाई कूर्म का घर है और डकार कृकल का घर
है। हिचकी देवदत्त का निवास है। लेकिन धनंजय को कहीं भी बसेरा नहीं मिलता इसीलिये जीव और देह का
संगम होने के स्थान पर (अर्थात् चिज्जडग्रंथि में) धनंजय रहता है। इससे जीव शरीर को छोड़ देता है तो भी
कुछ समय के लिये यह शरीर को बचाकर रखता है। स्वाधिष्ठान नामक चक्र से प्रारम्भ कर क्रमानुसार प्राण के
दस भाग होते हैं। उनका स्थान, मान और लक्षण ये सारी बातें मैंने तुम्हें बतायीं। मैंने तुम्हें पहले ही यह बात
बता दी है कि प्राण और अपान ये दोनों रूठे हुए हैं। इसके बाद उन दोनों का कभी मिलन नहीं हुआ क्योंकि वे
दोनों ही बहुत हठी तथा सनकी हैं। उन दोनों में जो मेल करा दे वही प्यारा दुलारा है, यह जान लो। उसे मैं स्वयं
ही अपना सर्वस्व अर्पण करता हूँ। इसी का नाम योगसाधना है। हे उद्धव! प्राण के लक्षण बताते-बताते सहसा
प्राण और अपान की साम्यास्थिति बताने का प्रसंग आया। इसलिये तुम भी उसे सुन लो। स्वाधिष्ठान चक्र से
मणिपुर चक्र में आते समय जीव और मन की एकता होती है। वहीं सूक्ष्मप्राण का निवास होने के कारण पश्यंती
परावाणी की एकता प्राप्त करती है। तब मन में खिलाड़ी प्रवृत्ति उत्पन्न होकर बाल्यदशा प्राप्त होती है, यह समझ
लो। इसके बाद प्राण आराम से आगे बढ़ता है और अनाहत स्थान तक पहुँच जाता है। तब पश्यंती वाणी की
कृपा से मध्यमा नाम की वाची उत्पन्न होती है। वह मौन का दामन छोड़े बिना अपने से ही गुनगुनाने लगती है।
यहाँ मन को मुग्धावस्था (सोलह वर्ष के लगभग की अवस्था) प्राप्त होकर वह अनेक प्रकार के उपभोगों और
सुखास्थिति की कामना करती है। लेकिन लज्जा के कारण कुछ कह नहीं पाती। फिर प्राण अत्यन्त तत्परता से
विशुद्धि स्थान पर पहुँचता है और उच्छृंखल उदान का रूप धारण करता है। तब मन को भी परिपूर्ण यौवन प्राप्त
होता है। उस विशुद्धि चक्र में भीतर से परावाणी भी आ मिलती है और पश्यंती और मध्यमा भी एक हो जाती
हैं। इस प्रकार वे सब बड़ी शान से विचरण करने लगती हैं। उनके इस झटके के पीछे-पीछे तत्काल मुँह से
वाणी प्रकट होती है। वह यौवन से उन्मत्त रहती है और मुँह से स्वर और वर्णों की व्यर्थ की बड़बड़ करती रहती
है। आज्ञाचक्र की स्थिति भौंहों में होती है और वह उनसे अलग है। वहाँ वाणी का प्रवेश नहीं होता। योगियों का
हंस लक्षण यही है। ये क्रमानुसार छह चक्र हैं। चार मातृका, अट्ठाईस वर्ण तथा सोलहों सम्पूर्ण स्वर प्राप्त हो
जाएँ तो यही योगियों का हंसलक्षण होता है। अब किस चक्र में कौन से वर्ण उत्पन्न होते हैं मातृका का क्या
स्थान है सारे स्वर कहाँ उत्पन्न होते हैं उनके भी लक्षण सुनो। आधारचक्र में चार पंखुड़ियों की आकृति होती है
और उन आकृतियों में चार मात्राएँ छूटी रहती हैं। व, श, ष तथा स इन अक्षरों को शास्त्रज्ञों ने मात्रा कहा है।
स्वाधिष्ठान छह पंखुड़ियों का चक्र है। वहाँ छह वर्ण स्थापित हैं। 'ब' कार से 'ल' कार तक (ब, भ, म, य, र,
ल) ये जो छह वर्ण हैं वे उन स्थानों पर निश्चित रूप से रहते हैं। मणिपुर चक्र में दस पंखुड़ियाँ हैं, जहाँ दस
३४८ श्रीमद् एकनाथी भागवत
वर्ण स्थापित हैं। 'उ' कार से 'फ' कार तक (ब, ढ, ण, त, थ, द, ध, न, प, फ) ये दस वर्ण उस चक्र में रहते
हैं। अनाहतचक्र बारह पंखुड़ियों का है। वहाँ 'क' कार से 'ठ' कार तक (क, ख, ग, घ, ङ, च, छ, ज, झ, ञ,
ट, ठ) बारह वर्ण रखे हुए हैं। वे उस चक्र की शोभा बढ़ाते हैं। विशुद्ध चक्र सोलह पंखुड़ियों का होता है और
उसमें अ, इ, उ, ऋ, लृ मिलाकर कुल सोलह स्वर हैं। उन सभी स्वरों की जमघट कंठस्थान में होती है। वेदों में
उनका अगाध सामर्थ्य दिखाई देता है। लेकिन आज्ञाचक्र बहुत कठिन है। वहाँ काकीमुख नाम का जो द्वार है वह
खुलता ही नहीं है। वहाँ प्राणों की छटपटाहट नहीं चलती। वहाँ का मार्ग अत्यन्त विकट होने के कारण वह उन्हें
नहीं मिल पाता। वह आज्ञाचक्र दो पंखुड़ियों का होता है और वह शुद्ध रूप से हंस का मन्दिर है। वहाँ पहुँचने
के लिये महान योगसामर्थ्य की आवश्यकता होती है। इस स्थान तक पहुँचने के लिये योगी अनेक प्रकार के
हठयोग करते हैं लेकिन अनेक संकटों का सामना कर योगाभ्यास करते पर भी वे वहाँ तक नहीं पहुँच पाते। मेरा
यह स्थान प्राप्त करने के लिये एक अत्यन्त गूढ़ अनुष्ठान है। 'सोहं हंसा' की साधना जो कोई अत्यन्त सावधानी
से करेगा वही उस स्थान तक पहुँचेगा। प्राणायाम का निरोध और त्याग कर 'सोहं हंसा' का स्मरण कर जो
सावधानी से यह अनुष्ठान करेगा वही यह स्थान प्राप्त करेगा। वही वायु का निरोध करने में सक्षम होता है और
वही आज्ञाचक्र में प्रवेश करता है। इतना ही नहीं वह उससे भी आगे का मार्ग अचूक खोज निकालता है। वहाँ
ऋद्धि सिद्धि के समुदाय उसे अनेक सुखसमृद्धि के फल उपलब्ध कराते हैं लेकिन वह उन सब को पीछे छोड़
अपने पवित्र मार्ग पर अग्रसर होता है। जो ऋद्धिसिद्धियों के भुलावे में आ गया या जिसमें सिद्ध होने का
अभिमान जाग उठा वह उस आज्ञाचक्र से च्युत हुआ और उसके सारे परिश्रम व्यर्थ गये ऐसा समझना चाहिये।
लेकिन जिसमें पूर्ण वैराग्य रहता है वह सिद्धियों के भुलावे में नहीं आता। सुखोपभोग तथा मानसम्मान पर लात
मार कर वह मेरी प्राप्ति के लिये अपने मार्ग पर चलता रहता है। इसके उपरान्त औटपीठ (आज्ञाचक्र के बाद का
स्थान) तथा गोल्हाट (औटपीठ के आगे का स्थान) पार कर भ्रमर गुफा के संकट को पार कर सहस्रदल कमल
का प्रवाह सोख कर वे धैर्यवान पुरुष मत्स्वरूप होते हैं। आज्ञाचक्र की स्थिति बताते समय योगमार्ग का वर्णन
रुचिकर लगा इसमें पिछली कथा सुनाना भूल गया। इसके लिये श्रोतागण क्षमा करें। आप कहेंगे कि मछली जब
प्रवाह के साथ बहती है तो वह पीछे मुड़ कर नहीं देखती, उसी प्रकार तुम भी बिना पीछे मुड़े ग्रन्थनिरूपण में
आगे बढ़ते चलो। व्यर्थ की बकवास क्यों करते हो? बच्चा गलती करता है तो माँ उसे सिखलाती है, उसी प्रकार
आपका यह भाषण मेरे कल्याण का ही द्योतक है। चक्रों का निरूपण करते हुए मन योग की ओर मुड़ गया और
इसीलिये पिछला निरूपण भूलकर आगे बढ़ गया। यह सुनकर श्रोतागण हँस पड़े और बोले, तुम इस ग्रन्थ के
कर्त्ता नहीं हो यह हमें मालूम हो चुका है इसलिये उसका निराकरण करने के लिये व्यर्थ का प्रतिपाद मत करो।
करोड़ों ग्रन्थों का अध्ययन करने पर भी योगज्ञान का माधुर्य समझ में नहीं आता। उसे तुमने अपनी ही रुचि से
स्पष्ट करके बतलाया। श्रीमद्भागवत समझने में कठिन था उसे श्रीकृष्ण ने तुम्हारे ही मुख से स्पष्ट करके
सुनाया। वह सचमुच हमें बहुत अच्छा लगा। यह बारहवाँ अध्याय अत्यन्त गूढ़ है। यह बात देवाधिदेव ने ही
कही है। लेकिन तुमने तो उसका अर्थ भी स्पष्ट करके बतलाया। इस प्रकार संतों ने आदरभाव व्यक्त कर
अभयदान दिया। यह देखकर एकाजनार्दन को भी अत्यन्त हर्ष हुआ और उसने संतों को नमस्कार किया। वैखरी,
मात्रा, स्वर और वर्ण आदि पदों का व्याख्यान हुआ। उसका ही निरूपण श्रीकृष्ण दृष्टांत देकर उद्धव से कर रहे
हैं। जीव और शिव का जो सूक्ष्म मूल है, वही आदिपुरुष वाणी के रूप में स्थूल आकार धारण करता है। इसी
का सरल विवेचन करके बताता हूँ।
बारहवाँ अध्याय ३४९
यथानलः खेऽनिलबन्धुरूष्मा बलेन दारुण्यधिमथ्यमानः।
अणुः प्रजातो हविषा समिध्यते तथैव मे व्यक्तिरियं हि वाणी॥ १८॥
आकाश में ऊष्मा अदृश्य रूप में विद्यमान रहती है क्योंकि अग्नि सर्वत्र व्याप्त रहता है। वही मथनी से मंथन
करने पर अत्यन्त सूक्ष्म रूप में प्रकट होता है। वायु अग्नि का घनिष्ट मित्र है। इसीलिये अग्नि पर महीन रुई रखकर
फूँकने से वह चमकने लगता है और उसकी नाजुक और कोमल ज्वालाएँ चारों ओर फैलने लगती हैं। इस प्रकार
अग्नि मध्यम स्थिति में पहुँचने पर उसमें हवनसामग्री से होम करने पर उसकी ज्वाला भड़क उठती है और आकाश
तक पहुँचती है। उसी प्रकार सूक्ष्म नाद शिव के संसर्ग से, प्राण की संगति से तथा षट्चक्रादि संस्कारों के योग से
वाणी के रूप में प्रकट होता है। 'मरा' यह शब्द सुनने पर वह वाणी अमंगल मालूम होती है लेकिन उन्हीं अक्षरों
को उलटा करने पर 'राम' के नाम से पवित्र हुई वाचा संतोष प्रदान करती है। अच्छा या बुरा उच्चार करने से वर्ण
नष्ट नहीं हो जाते। वे कायम ही रहते हैं। इसीलिये वर्णों को 'अक्षर' (अविनाशी) कहते हैं। इस प्रकार वह वाणी
पवित्र होती रहती है। जिस प्रकार वाणी वर्णोच्चारों से स्पष्ट रूप से प्रकट होती है, उसी प्रकार अन्य इन्द्रियों की भी
प्रवृत्ति है। उन इन्द्रियों की स्थिति भी श्रीकृष्ण उद्धव से संक्षेप में बता रहे हैं।
एवं गदिः कर्म गतिर्विसर्गो घ्राणो रसो दृक् स्पर्शः श्रुतिश्च।
संकल्पविज्ञानमथाभिमानः सूत्रं रजःसत्त्वतमोविकारः॥ १९॥
जिस प्रकार वाणी प्रकट होने का यह ढंग है, उसी प्रकार कर्म इन्द्रियों की प्रवृत्ति प्रकट होने का प्रकार है।
चरणों की गति तथा हाथों की ग्रहणशक्ति (किसी वस्तु को पकड़ने का सामर्थ्य) स्पष्ट प्रतीत होती है। विसर्ग
गुण है वायु का और आत्यंतिक सुखोपभोग लिंग के गुण के रूप में प्रकट होता है। कर्मेन्द्रियों में पाँचवीं जो
वाणी है उसका विस्तारपूर्वक वर्णन पीछे आ चुका है। उसी प्रकार ज्ञानेन्द्रिय होते हैं। दृष्टि देखने में व्यक्त होती
है, उसी प्रकार जिह्वा रसों का चखना जानती है और कान को अपने विशिष्ट गुण के कारण सुनने का अधिकार
प्राप्त हुआ है। शीत, उष्ण, मुलायम, कठोर यह ज्ञान त्वचा नामक इन्द्रिय द्वारा व्यक्त होता है। सुगन्ध अथवा
दुर्गन्ध का ज्ञान होने के मामले में नाक ही चतुर इन्द्रिय है। मन का संकल्प अथवा विकल्प, उसी प्रकार निश्चय
यह बुद्धि का कर्म है। चिन्तन चित्त का कर्म है और 'मैं' अहंकार का कर्म है। रजतम सत्त्वों के विकार तो मूल
काया के विकार हैं। उन तीनों का विवरण मैं बिलकुल संक्षेप में सुनाऊँगा। आधिदैव, आधिभौत तथा जिसे
अध्यात्म कहते हैं, उसके कारण जो बड़ा प्रपंच दिखायी देता है वह ईश्वर का दृश्य स्वरूप है। ईश्वर स्वयं ही
संसार का प्रमुख कारण है। इस कारण से भिन्न कोई कारण नहीं होता। घी यदि जम कर उसकी पुतली बन जाय
तो वह घृत से भिन्न कभी नहीं दिखायी देती। अथवा यदि लकड़ी का घोड़ा बनाया जाय, उसकी रचना, उसकी
खड़े रहने की शान आदि बातों के कारण वह कितना ही सुन्दर क्यों न लगे लेकिन उसने लकड़ी का गुण नहीं
छोड़ा होता। उसके अवयव, टांगे, कन्धे आदि सब काष्ठ के ही होते हैं। उसी प्रकार तीन गुणों से उत्पन्न
पंचमहाभूत शिव का ही मूर्तिमंत स्वरूप हैं। सुवर्ण का अलंकार अंततः सुवर्ण के ही रूप में शोभा पाता है, उसी
प्रकार महाभूत तथा विषयेन्द्रिय भी अभिन्न रूप से शिवस्वरूप ही हैं। सुवर्ण का नाग तैयार करने पर उसका फन,
पूँछ और मुड़ी हुई गर्दन के कारण उसे 'नाग' कहते हैं लेकिन वह सचमुच का नाग नहीं होता, वह अच्छे किस्म
का सुवर्ण ही होता है। उसी प्रकार यह संसार भी मद्रूप ही है। प्रपंच ईश्वर से अलग नहीं है। इसी अर्थ से
श्रीकृष्ण उद्धव से जीव-शिव की अभिन्नता का वर्णन कर रहे हैं।
३५० श्रीमद् एकनाथी भागवत
अयं हि जीवस्त्रिवृदब्जयोनिरव्यक्त एको वयसा स आद्यः ।
विश्लिष्टशक्तिर्बहुधैव भाति बीजानि योनिं प्रतिपद्य यद्वत् ॥ २० ॥
शिव स्वयं जीवों का जीव है इसलिये उसका शिवत्व भिन्न है ऐसा कहा जाता है। जीव और शिव इन रूपों
से यह भिन्न लगता है इसीलिये जीवत्त्व भिन्न लगता है। समुद्र अपने शरीर पर अनेक वर्त्तुल भँवर बनाता है उसी
प्रकार श्रीहरि ने ब्रह्माण्ड कमल उत्पन्न कर उसे अपनी नाभि में धारण किया है। इसीलिये उसे 'त्रिवृदब्ज' (तीन
लोकों को धारण करने वाला) कहते हैं। उस नाभिकाल में ही अपनी लीला से त्रैलोक्य धारण करता है इसलिये
श्रीहरि को पद्मनाभ कहते हैं। सोने के सिंहासन पर सोने की मूर्ति स्थापित कर उसकी सोने के ही फूलों से पूजा
की जाय तो वे तीनों एकरूप ही भासित होते हैं। उसी प्रकार नाभिकाल में त्रैलोक्य धारण करने पर तीनों लोकों
में एकता का ही भास होता है। इसीलिये श्रुति के मुख से 'पद्मनाभ' यही शब्द बाहर आया। सुगन्ध और मृदुता
के कारण पीली चंपा की कली अकेली दिखाई देती है लेकिन वही अनेक पंखुड़ियों से प्रफुल्लित होती है, उसी
प्रकार मैं श्रीकृष्ण अनेक लोकों के रूपों से विकसित हुआ हूँ। जब तक यह कार्य कारण सम्बन्ध नहीं था तब
तक मैं अव्यक्त ही था। मैं सत्य का भी सत्य हूँ और मुझमें भेद जरा भी नहीं है क्योंकि शब्द और दृष्टांत इनमें
से कोई भी जहाँ प्रवेश नहीं कर सकते ऐसा मैं अपार, अनादि, अनंत, आद्य और अव्यक्त हूँ। इस प्रकार जो
अभेदस्वरूप है उसमें तीन प्रकार के भेद किस प्रकार होंगे ? जिस स्वरूप का विचार करते-करते वेद भी लज्जित
होकर वापस लौटे वही मेरा शुद्ध स्वरूप है। मैं सहायक समुदाय एकत्र न कर स्वयं के लीलाक्षोभ से ही क्षुब्ध
काल बन जाता हूँ। मैं अपने ही सामर्थ्य से प्रबल हुआ हूँ और मेरी ही शक्ति का प्रबल विस्तार सर्वत्र व्याप्त है।
अपनी उस शक्ति के विभाग भी मैंने ही ठीक तरह से बना रखे हैं। उन विभागों के बारे में मैं बताऊँगा, सुनो।
गुणों की शक्ति, देवताओं की शक्ति, मन की शक्ति, इन्द्रियों की शक्ति, महाभूतों की भूतशक्ति इन सब में
क्रियाशक्ति ही प्रमुख रहती है। जीव से जो अदृष्ट शक्ति उत्पन्न हुई वह त्रैलोक्य में अटल है। हरिहर भी जिसे
नियंत्रित नहीं कर सकते ऐसी यह अदृष्ट शक्ति असीम है। जिस अदृष्टशक्ति ने जीव को बद्ध कर अपना लिया है
उस पर नियंत्रण करना मेरे सामर्थ्य के बाहर है। जिस प्रकार स्वयं राजा भी राजाज्ञा का पालन करता है उसी
प्रकार मैं भी अदृष्ट शक्ति का उल्लंघन नहीं करता। जीभ काट कर भगवान को अर्पित की जाती है लेकिन नाक
नहीं काटी जाती। उसी प्रकार मैं कर्म की स्थिति नष्ट करता हूँ लेकिन अदृष्ट की गति को नहीं तोड़ता अथवा
विशेष रूप से यह जान लो कि मेरी ही शक्ति माया, उसे आलिंगन देकर बैठा हुआ मैं अकेला त्रैलोक्य में अनेक
व्यक्त रूपों में भासमान होता हूँ। जो जीवन्मुक्त हुआ वह मत्स्वरूप तक आकर पहुँचता है लेकिन वह भी अदृष्ट
से ही बँधा होने के कारण देहरूपी गृह में नाना प्रकार से विचरण करता रहता है। राजा जनक राज्यपद पर
सुशोभित था। शुक्राचार्य अपने प्रारब्ध के अनुसार नग्नावस्था में रहता था। नारद तो हर जगह कलह ही लगाता
फिरता था और प्रारब्धगति से विनोदी बन गया था। वसिष्ठ को पुरोहितत्व करना पड़ा। भीष्म को शरपंजर पर
सोना पड़ा। याज्ञवल्क्य को दो पत्नियाँ थीं किन्तु प्रारब्ध के चक्कर में फँसकर उसे उसके ही अनुसार आचरण
करना पड़ता था। हे उद्धव ! इस प्रकार प्रारब्ध की शक्ति त्रैलोक्य में अनिवार रूप से बढ़ गयी है। जिस प्रकार
मदारी के हाथ में बन्दर रहता है उसी प्रकार जीव अदृष्ट गति से बँधे रहते हैं। इस त्रैलोक्य में मैं अकेला हूँ
किन्तु उन जीवों की प्रारब्ध गति से अनेक व्यक्तिरूपों में भासमान होता हूँ। 'विश्वतश्चक्षु' यह श्रुतिवचन है इससे
इन सारे व्यक्तियों में मैं ही एक हूँ यह स्पष्ट होता है। मिट्टी के अनेक गोकुल बनाकर उन्हें अलग-अलग नाम
और आकार देकर भले ही पूजा करें लेकिन उन सब में मिट्टी ही रहती है। उसी प्रकार यह संसार मेरे ही रूप में
बारहवाँ अध्याय ३५१
अभिव्यक्त हुआ है। जिस प्रकार एक होने पर निद्रा के वश में होने पर हम अपने अनेक रूप देखते हैं, उसी
प्रकार मैं भी विश्वात्मा हूँ ऐसा समझ लो। वट का बीज बहुत छोटा होता है और उसे उपयुक्त जमीन और पानी
मिलने पर उसका अंकुर बढ़कर अत्यन्त मजबूत और असीम विस्तार वाला वृक्ष खड़ा दिखायी देता है। उस
समय उसका नाम, रूप, पुष्प इन सारे रूपों में वह मूल बीज ही वास्तविक लगने लगता है, उसी प्रकार विश्व के
आकार से केवल चिदात्मा का ही आभास होता है। मूल बीज में जो मिठास होती है वही बढ़ते-बढ़ते बड़े
आकार में आ गयी। गन्ने के हर कांड में जो मिठास होती है, वही गन्ने की मूल अधिकृत मिठास है। उसी प्रकार
मूल कारण चिदात्मा ही है। उससे जो भी तत्त्व निकलते हैं वे सब शुद्ध चैतन्य से भरे हुए हैं। सारा संसार
चित्स्वरूप ही है। ईश सर्वांग से पूरा का पूरा बीजरूप रहता है। बीजरूप में ही ईख सफल होता है। उसी प्रकार
चिन्मात्र ही संसार का मूल है और सारा संसार चित्स्वरूप है। बीज और ईख दोनों एकरूप रहते हैं, उसी प्रकार
प्रपंच चित्स्वरूप है। यही बात श्रीकृष्ण अत्यन्त आग्रह और कृपापूर्वक बता रहे हैं।
यस्मिन्निदं प्रोतमशेषमोतं पटो यथा तन्तुवितानसंस्थः।
य एष संसारतरुः पुराणः कर्मात्मकः पुष्पफले प्रसूते ॥ २१ ॥
इसलिये संसार नाम से जो भी कुछ है वह सब मुझ में ही भरा हुआ है। मुझसे अलग अणुमात्र भी कुछ
नहीं है। इसी अर्थ का दृष्टांत भगवान् उद्धव को बताते हैं। जिस प्रकार रुई के महीन धागे कात कर उनसे वस्त्र
तैयार किया जाता है अर्थात् उसमें आड़े-तिरछे बुने हुए तन्तु ही होते हैं, उन्हें वस्त्र यह नाम भी व्यर्थ है, उसी
प्रकार संसार यह नाम भी व्यर्थ ही है। वास्तव में देखा जाय तो उसके रूप में मैं भगवान ही स्फुटद्रूप होता रहता
हूँ। सूत स्पष्ट दिखाई देता है फिर भी उसे 'साड़ी' कहा जाता है। इस प्रकार हमारे सामने साक्षात चैतन्य दिखायी
देते हुए भी पागल लोग उसे संसार कहते हैं। जिस प्रकार सूत के बिना वस्त्र नहीं होता उसी प्रकार मेरे बिना
प्रपंच दिखाई नहीं देता। ऐसा होते हुए हे उद्धव! जिन्हें मैं प्राप्त नहीं हुआ उनका जरा भाग्य तो देखो! वे मुझे ही
नकारते हैं। इस प्रकार मैं सर्वव्यापी विश्वात्मा हूँ और विश्व में भरा हुआ हूँ यह बात मैंने वृक्ष का दृष्टांत देकर
तुम्हें बतायी। मुझे देखने का जिसका निश्चय हो चुका है उसके लिये मैं सर्वेश्वर हूँ। जो मनुष्य मुझे प्राप्त नहीं
कर पाता उसे संसार का ही आभास होता है। भ्रम में पड़ा हुआ व्यक्ति मुझ सर्वात्मा, सर्वेश्वर को ही संसाररूपी
विशाल वृक्ष समझ लेता है। उसी संसार वृक्ष का विस्तार भगवान बताते हैं।
भ्रान्ति के कारण ही संसारवृक्ष उत्पन्न होकर कर्माकर्मरूपी जल से फला फूला है। वह जीर्ण, पुराना तथा
अत्यन्त विस्तीर्ण होकर फल और पुष्पों से लदा हुआ है। उसका बीज क्या है, मूल क्या है, रस क्या है? फल
क्या है? आदि प्रश्नों से योगी आदि सभी भ्रम में पड़े हुए हैं उनके बारे में विस्तार से बताऊँगा।
द्वे अस्य बीजे शतमूलस्त्रिनालः पञ्चस्कन्धः पञ्चरसप्रसूतिः ।
दशैकशाखो द्विसुपर्णनीडस्त्रिवल्कलो द्विफलोऽर्कं प्रविष्टः ॥ २२ ॥
भ्रमरूपी उर्वर भूमि में पाप पुण्य का बीज पड़ते ही यह वृक्ष उत्पन्न होता है और उसके सीरे पर कल्पना
का विस्तार होता है। जिस प्रकार पत्ते, फूल अथवा फल न दीखने पर भी डोरे में पिरोये बेल की तरह केवल तंतु
ही भरे रहते हैं और उन तंतुओं से ही बेल की बाढ़ होती है, उसी प्रकार कल्पना मात्र से संसार इतना शक्तिशाली
हुआ है। कर्माकर्म रूपी बाँध के जल से अविद्यारूपी क्यारी भरती है और अनंत वासनाओं के मूल जमीन में धँस
कर मजबूत हो जाते हैं जिससे इस वृक्ष का आधार ठोस हो जाता है और वह अपनी जगह से नहीं हिलता। सूक्ष्म
३५२ श्रीमद् एकनाथी भागवत
वासनारूपी करोड़ों पतली जड़ें जमीन में प्रवेश कर जम जाती हैं। वे संकल्प विकल्पों के रूप में चारों ओर फैल
कर उनके नीचे जाल फैला रहता है। संचित क्रियमाणों की अनेक क्यारियाँ जल से पहले से ही भरी रहती हैं,
इसके बाद भी अन्य प्रवाह आकर उन क्यारियों को बार-बार भरते रहते हैं जिससे यह संसारवृक्ष अत्यन्त मजबूत
होकर नित नयी बाढ़ ढूँढ़ता रहता है। सगुण गुण की बाढ़ पर त्रिगुणात्मक अहंकार का त्रिदल फूट कर बाहर
निकलता है। त्रिगुणों के गुणों का क्या कहना। वे एक-दूसरे में गुँथे रहते हैं। वे एक-दूसरे के शरीर पर गिरकर
मिल जाते हैं और एक साथ मिलकर बढ़ते हैं। पंचभूतों की विशाल शाखाएँ तो प्रपंच के बाहर चली जाती हैं
और एक-दूसरे पर फैल जाती हैं तथा एक-दूसरे में मिलकर बढ़ने लगती हैं। इस वृक्ष की शाखाएँ मूल से ही
बढ़ी रहती हैं। उन शाखाओं के गाँव में दसों दिशाओं के रास्ते निकले हुए हैं। वे उस शाखा के हिलने से हौले-
हौले डोलते रहते हैं। उन प्रत्येक शाखाओं में सुखपूर्वक रहने के लिये देवतागण भी आते हैं। वे कर्म का आधार
लेकर अपनी-अपनी शाखा पर बैठते हैं। दस प्रकार की वायु का तूफान उठता है जिससे मालूम होता है कि वह
वृक्ष हिलडुल रहा है। उसमें दो पक्षियों का अत्यन्त गूढ़ एक घोंसला है। इसी घोंसले से आत्मज्ञान उत्पन्न होता
है। वही हृदय मन्दिर है। उसमें जीव और परमात्मा ये दोनों पूर्णतयः अतर्क्य स्थिति में निवास करते हैं।
देहाभिमानी जीव और निरभिमानी परमात्मा ने मिलकर इस हृदय मन्दिर के घोंसले का निर्माण किया है। जीव
संकल्प-विकल्प प्राप्त कराता है और परमात्मा निर्विकल्प स्थिति प्रदान करने वाला है। इन दोनों का वास हृदय
में ही होता है इसलिये वास्तव में यह उनका ही घर है। वात, पित्त तथा कफ ये संसाररूपी वृक्ष की भीतरी छाल
है। हे भक्तोत्तम उद्धव! इसी कारण से उन्हें वल्कल कहलाने का महत्त्व प्राप्त हो गया है। यह वृक्ष आकाश से
भी ऊँचा है और शून्य से भी नीचे काफी दूर तक फैला हुआ है। उसी प्रकार वह चारों ओर सभी दिशाओं की
सीमाएँ तोड़ कर फैला हुआ है। इस प्रकार विस्तार में फैला हुआ वह वृक्ष अपने मद की मस्ती में उखड़ कर
नीचे आ गया है और वह पंचरसात्मक विषयों की अत्यन्त मधुर धाराओं की वर्षा करने लगता है। श्रुति और
स्मृति यही उस वृक्ष के पत्ते हैं और उनमें स्वर्गरूपी पुष्प खिले हुए हैं जिसके लिये याज्ञिकरूपी भ्रमर अत्यन्त
वेग से मँडराते रहते हैं। सुख और दुःख ये उस वृक्ष के जुड़वाँ फल हैं जो सदा एक साथ मिले रहते हैं। उसके
सीरे से नीचे तक उसे सदा वही फल आते हैं। जितनी दूर तक सूर्यमण्डल दिखायी देते हैं उतनी ही दूरी तक इस
वृक्ष का विस्तार है और उन सबको कर्मप्राप्ति सुख-दुःख के फल देती रहती है। सूर्यमण्डल तक इस वृक्ष का
विस्तार है इसका अर्थ यह नहीं कि चन्द्रमण्डल आदि में संसार का भय नहीं है। हे उद्धव! मैं सूर्यमण्डल के
मध्य में हूँ। लेकिन मेरे सिवा जहाँ तक स्फूर्ति का स्फुरण होता है वहाँ तक संसार का भय अवश्य है इसे ध्यान
में रखो। सूर्य का जो मण्डल हे वह भी संसार में ही इसलिये जो उस वृक्ष का फल नहीं खाता वही रविमण्डल
को भेद कर चला जाता है। इस वृक्ष के यहाँ दो ही फल हैं और उन दो फलों के भोक्ता भी दो ही हैं। वे दोनों
इस संसार में रहते हैं। उनके बारे में बताता हूँ, सुनो!
अदन्ति चैकं फलमस्य गृध्रा ग्रामेचरा एकमरण्यवासाः।
हंसा य एकं बहुरूपमिज्यैर्मायामयं वेद स वेद वेदम्॥ २३॥
दुःखरूपी फल के जो भोक्ता होते हैं वे मन से अत्यन्त विषयासक्त होते हैं। गिद्ध की तरह वे विधि बाह्य
रीति से विषयों का सेवन करते हैं। वे ग्राम्य विषयों में अत्यन्त तत्पर होते हैं इसलिये उन्हें 'ग्रामचर' कहा जाता
है। गाँव के गिद्ध अर्थात् चील की तरह ये विषयों को लपकने में तत्पर रहते हैं। जिस प्रकार चील आकाश में
बारहवाँ अध्याय ३५३
ऊँची उड़ान भरती है और वहाँ से एकाएक अपने शिकार पर टूट पड़ती है उसी प्रकार उत्तम नरदेह प्राप्त होने पर
भी ये विषयों से नोच-खसोट करते रहते हैं। ये मन से विषयासक्त रहते हैं और अधोगति प्राप्त करने योग्य होते
हैं वे वास्तव में दुःख फल के ही भोक्ता होते हैं। उद्धव ! जो पुरुष गृहस्थाश्रम का त्याग कर वानप्रस्थाश्रमी हो
जाते हैं उन्हें ही सुखफल प्राप्त होता है। उस सुखफल के विभागी, यथाशास्त्र कर्म करने के कारण ही जो उस
राह पर चल पाते हैं, ऐसे ब्रह्मस्थान के अन्त तक और भी अनेक स्वर्ग हैं। ब्रह्मचर्याश्रम में वेदाध्ययन करना
चाहिये, गृहस्थाश्रम में अग्नि की तथा ब्राह्मणों की पूजा करनी चाहिये और वानप्रस्थ में वन में रहकर वहाँ के
फलभक्षण कर रहना चाहिये। इस क्रम से आचरण करने से क्रमानुसार मुक्तिस्थान अर्थात् ब्रह्मस्थान जिन्होंने
प्राप्त कर लिया है वे लोग सुख के फल के भोक्ता हैं यह जान लो। अन्य स्वर्गों में सुख की प्राप्ति होती है
लेकिन वहाँ से पुनः जन्म लेना होता है। ब्रह्मस्थान प्राप्त होने पर उन्हें मुक्ति ही प्राप्त होगी। मूलरूप में
'अरण्यवासी' यही पद है। उस पद से 'वानप्रस्थ' का ही बोध होता है। यहाँ 'संन्यासी' यह अर्थ नहीं लिया गया
है। संन्यासी को वनवासी नहीं कहा जा सकता। वेदों में संन्यासियों के रहने के स्थान का कोई उल्लेख नहीं है।
उन्होंने स्वदेह का हवन किया रहता है इसलिये उनके रहने का कोई निश्चित स्थान नहीं है। जो विरजा होम में
अविद्या आदि कर्म प्रवृत्तियों को ही जला देते हैं वे संसाररूपी वृक्ष के फल खायेंगे यह सम्भव नहीं लगता।
जागृत अवस्था के मेहमान को स्वप्न के घर में भोजन के लिये भेजना जिस प्रकार सम्भव नहीं है उसी प्रकार
मनोवासना शून्य संन्यासी संसारसुख के भोक्ता किस प्रकार होंगे ? जिन्होंने विरजाहोम में अपना कर्म जलाकर
'ब्रह्म मैं ही हूँ' यह सूत्र साध लिया उनके लिये जंगल में अथवा गाँव में नियमित निवासस्थान कौन देगा?
आकाश के निवास के लिये कौन-सा घर निश्चित किया जाय ? उसी प्रकार जो संकल्प त्याग संन्यासी हैं उन्हें
रहने के लिए कौन जगह देगा ? जो संकल्प त्याग करने वाले संन्यासी होते हैं उन्हें वनवासी कौन कहेगा?
इसलिये उन्हें संसारवृक्ष के फल का भोक्ता नहीं कहा जा सकता। मूल पद अरण्यवासी है लेकिन वह वानप्रस्थ
के हिस्से में आया है क्योंकि वानप्रस्थमाश्रमी सदा वन में रहता है इसलिये दूसरे फल (सुखफल) का भोक्ता
वही है। अब संन्यासी की सुखप्राप्ति के बारे में सुनो। वे भी दोनों फलों को मिथ्या ही समझते हैं। त्रिभुवन में
सर्वत्र एक मैं ही हूँ यह अनुभव उन्हें निश्चयपूर्वक हुआ रहता है। अनेक रूपों में फैला हुआ जो यह विस्तार है,
वह सचमुच मैं चिदात्मा ही हूँ, यह निश्चय गुरुमुख से जानकर वे मेरा सच्चा सुख प्राप्त कर चुके हैं। वे
मत्स्वरूप होकर मेरे हो गये, मेरे ही सुख से सुखरूप हो गये, सुख-दुःख फलों से वंचित हो गये और संसार में
आने से भी मुक्त हो गये। मायामय होने के कारण संसार मिथ्या भासरूप है यह जो जानता है वही वेदवेत्ता और
विद्वान है। उसे ही परमहंस कहते हैं। वह सारे विश्व को अपना घर समझ कर ही रहता है। ऐसा पद प्राप्त करने
के लिये अनन्यभाव से गुरुभक्ति करनी चाहिये। उसी से संसार की निवृत्ति होगी। यही बात श्रीकृष्ण बता रहे हैं।
पहले सत्संगति के बारे में बताया। उससे मेरे पद की प्राप्ति होती है। उसी अध्याय के अन्त में गुरुभक्ति के बारे
में बताते हैं।
एवं गुरुपासनयैकभक्त्या विद्याकुठारेण शितेन धीरः।
विवृश्च्य जीवाशयमप्रमत्तः सम्पद्य चात्मानमथ त्यजास्त्रम् ॥ २४॥
भिन्न-भिन्न प्रकार के अनेक साधन करने पर भी यदि सद्गुरु का भजन नहीं किया तो संसारवृक्ष का भेदन
नहीं हो सकता। जिस प्रकार वीरों की स्वयं की ही शक्ति शत्रु का नाश करती है, उसी प्रकार संसारवृक्ष का
३५४ श्रीमद् एकनाथी भागवत
विनाश करने वाली केवल एक गुरुभक्ति ही है यह जान लो। पापों का नाश करने में जिस प्रकार गंगाजल समर्थ
है उसी प्रकार गुरुभक्ति ही संसारभय को भस्म करती है इसे निश्चयपूर्वक ध्यान में रखो। सत्यव्रत ग्रहण करने से
पाप अपने आप भाग जाते हैं, उसी प्रकार गुरु का भजन करने से संसार का अपने आप क्षय हो जाता है। मारुति
दिखायी देते ही भूत चारों दिशाओं में भागने लगते हैं, उसी प्रकार गुरुभजन शुरु होते ही संसार का भय अपने
आप भागने लगता है। मरते समय अमृतपान करने से मरण की ही मृत्यु हो जाती है, उसी प्रकार गुरुभजन करने
से जन्ममरण की ही मृत्यु हो जाती है। अंतकाल में अकस्मात् 'हरि' कहने से यमदूत भी भाग जाते हैं, उसी
प्रकार सद्गुरु का भजन करने से संसार भय भी भाग जाता है। गुरुभक्त अत्यन्त भाग्यवान होता है। सद्गुरु कौन
है? भक्ति कैसे की जाय ? यदि तुम्हारे मन में इस प्रकार का विचार आ रहा है तो उसके सम्बन्ध में यथार्थ रूप
से बता ही चुका हूँ। हे उद्धव ! तो जो वेद और ब्रह्मज्ञान में निष्णात होते हुए शिष्य को ज्ञान देने में समर्थ हो,
वही सद्गुरु है। जो स्वस्वरूप में ही समाधान करता है, वही सचमुच सद्गुरु है। सद्गुरु बनने के लिये इसके
सिवा कोई कारण नहीं है। उस सद्गुरु के भजन का ढंग मैं तुम्हें बताता हूँ। जो गुरुभजन करता है वह सभी
कर्मों और धर्मों से भी महान है। गुरु को पिता के समान मानना चाहिये, पिता एक ही जन्म के लिये होता है
किन्तु सद्गुरु सनातन माता-पिता है। वह समस्त संसार का पिता है। गुरु को माता के समान मानना चाहिये। गर्भ
में रहने के कारण माता का उससे प्रेम रहता है किन्तु गुरुराज गर्भवास का ही निवारण करता है और पुत्र से भी
अधिक प्रेम करता है। गर्भ से बाहर आने पर माता पुत्रस्नेह के कारण उससे प्रेम करती है लेकिन गुरुमाता बाह्य
सारी बातों को पेट में छिपा कर स्नेह से अधिक प्रेम करती है। गुरु को स्वामी की तरह मानना चाहिये, स्वामी
जन्म-मरण से छुटकारा नहीं दिला पाता, लेकिन सद्गुरु जन्म-मरण से छुटकारा दिलाता है इसलिये सद्गुरु ही
सबसे बड़ा स्वामी है। गुरु को यदि कुलदेवता कहें तो कुलदेवता की पूजा केवल कुलधर्म में होती है किन्तु गुरु
कुलदेवता का भी देवता है। अपने प्रत्येक कर्म में वह पूजनीय है। गुरु को यदि कल्पतरु मानें तो कल्पतरु
कल्पना करने पर ही दान देता है किन्तु सद्गुरु निर्विकल्पता का ही दान देता है। वह निर्लोभता किसी बड़े दान
की तरह होती है। चिन्तामणि जिस बात की चिन्ता करो वही वस्तु देता है लेकिन सद्गुरु चिन्ता का ही नाश
करता है और मन को मार कर शाश्वत का निजदान करता है। कामधेनु दूध देती है लेकिन केवल इच्छा के
अनुसार लेकिन सद्गुरु स्वानन्द का ही रस देता है और इच्छा का नाश करता है। समुद्र को गुरु जैसा कहें तो वह
है तो गम्भीर किन्तु स्वभाव से गुस्सैल। किन्तु गुरु सदा स्वानंद से ओत-प्रोत होने के कारण आत्मबोध से अत्यन्त
मधुर रहता है। गुरु के लिये ब्रह्मा की उपमा भी कम है क्योंकि गुरु के उपदेश से ही ब्रह्मा को सत्यत्त्व प्राप्त
होता है। अन्यथा ब्रह्म तो केवल शाब्दिक ही है। शब्दार्थ को शब्दों में ही नष्ट कर गुरु ज्ञानमय अर्थ का बोध
कराता है इसलिये त्रैलोक्य में उससे अधिक श्रेष्ठ कुछ भी नहीं है। इसलिये गुरु ही माता, गुरु ही पिता, गुरु ही
स्वामी तथा गुरु ही कुलदेवता है। गुरु के सिवा किसी अन्य देवता का स्मरण ही नहीं होता। अत्यन्त कठिन
संकट आने पर अथवा जब आसमान टूट पड़ा हो उस समय भी जो अन्य कहीं झाँक कर नहीं देखता, केवल गुरु
का ही नामस्मरण करता रहता है, शरीर, वाणी, मन और प्राण से जो गुरु के सिवा किसी को नहीं जानता और
उसी प्रकार जो अनन्यभाव से गुरु का भजन करता है, उसकी उस भक्ति को गुरुभक्ति कहते हैं। चिड़िया के बच्चे
जिसके पंख भी नहीं निकले होते वे सदा उसी का ध्यान करते हैं। उसी प्रकार वह जागृति में, स्वप्न में अथवा
सुषुप्तावस्था में भी गुरु के सिवा किसी का स्मरण नहीं करता। पहले तुमने भगवद्भजन की बात की और अब
गुरु सेवा की बात करते हो। तुम्हारे इस निरूपण में सुसंगति नहीं है। ''ऐसी बात न सोचो। जो वास्तव में सद्गुरु
बारहवाँ अध्याय ३५५
है वही मेरी मूर्ति है यह निश्चयपूर्वक ध्यान में रखो। इसके सम्बन्ध में सन्देह न करो। इसी का नाम है
अनन्यभक्ति। एकाग्र होकर गुरु का जो भजन किया जाता है वही मेरी पूजा है। गुरु और मैं इन दो में कल्पांत में
भी कभी बिलगाव नहीं होता। गुरु और भगवान दोनों एक ही हैं इस भावना से जो भजन करता है वही गुरु का
सेवक है। इसके अतिरिक्त कोई और होगा तो उसके बारे में सन्देह है। मुझसे एकत्व प्राप्त करने के लिये जिसने
अत्यन्त प्रेम से गुरुभक्ति को स्वीकार किया वह त्रैलोक्य में धन्य है। अब भजन के स्वरूप के बारे में सुनो। गुरु
की सेवा करने के लिये उसका देह मन से भी आगे रहता है और सारी सेवा मैं अकेला ही करूँ इस महत्त्वाकांक्षा
से वह तैयार रहता है। सेवा का क्रम जैसे-जैसे बढ़ता जाता है वैसे-वैसे यह अधिक उत्साह से सेवा के लिये
तैयार रहता है। पूरी देह वह सेवा के लिये अर्पित कर देता है। गुरुसेवा में ही उसे विश्राम मिलता है। सेवा की
चाह के कारण वह घड़ी भर के लिये भी विश्राम नहीं करता। जैसे-जैसे चाह बढ़ती जाती है वैसे-वैसे गुरुभजन
की माधुरी बढ़ने लगती है। नित्य गुरु की सेवा करते हुए प्रेम का नया दौर ही शुरू हो जाता है। सद्भक्ति की
इच्छा से उसने गुरु के चरणों में स्वयं को समर्पित किया रहता है। आलस्य उसके पास आना ही भूल जाता है,
विश्राम का स्थान ही नष्ट हो जाता है। गुरुसेवा के संभ्रम में भूलने के कारण वह अन्य विषयों का सेवन ही भूल
जाता है। प्यास जल को भूल जाती है, क्षुधा पकवान भूल जाती है और गुरु चरणों की सेवा में वह निद्रा भी भूल
जाता है। जम्हाई लेने की भी फुर्सत नहीं मिलती, वहाँ निद्रा को कहाँ स्थान मिलेगा? मुख में सद्गुरु का नाम,
हृदय में सद्गुरु का प्रेम और देह में सद्गुरु का कर्म यही रात-दिन अविश्रांत चलते रहना चाहिये। मन गुरुसेवा
में व्यस्त रहने के कारण उसे पत्नी बच्चे तथा धन का भी विस्मरण होता है। मन का भी विस्मरण होता है और
वह अपने अस्तित्व का भी स्फुरण भूल जाता है। उसके भजन का उत्साह आश्चर्यजनक होता है। भजन करते
समय देह का भी स्मरण नहीं रह जाता। इस प्रकार गुरुसेवा की महिमा विलक्षण है क्योंकि सारा आत्मभाव
गुरुचरणों में ही लगा रहता है। ऐसा होते हुए भी यदाकदा किसी समय गुरु से बिछोह भी हो जाय तो प्रेम का
बन्धन नहीं टूटता, उलटे भजन में भक्ति बढ़ जाती है। जहाँ गुरु का गाँव है वहीं सारा मनोधर्म बस जाता है। गुरु
के ध्यान को ही धर्म कर्म समझ कर वह सेवा का प्रयास नहीं छोड़ता। गुरु के मूर्ति की ही आदत हो जाने के
कारण वह उसी मूर्ति को हृदयाकाश में स्थापित करता है और फिर अनेक प्रकार के भजनरंग में उसके भजन प्रेम
का क्या वर्णन किया जाय? चित्स्वरूप यही उसकी पूर्णिमा और गुरु यही उसका पूर्णचन्द्र है और वह स्वयं
उसके नीचे तृषित चकोर बनकर बैठ जाता है। फिर वह स्वयं स्वानंद बोधरूपी चन्द्रकिरणों का निरन्तर सेवन
करता रहता है अथवा चिदाकाश में सद्गुरु को सूर्य बनाकर स्वयं सूर्यकांतमणि बन जाता है और उसके दिव्य
तेज से देदीप्यमान होकर वह अपने प्रभाव से मायारूपी वन की होली जलाता है अथवा सद्गुरु के कृपामृतरूपी
सागर में लहर बन जाता है और अंतर्बाह्य गुरु का ही स्वरूप है यह मानकर हृदय में वही भावना धारण करता
है। अपना वास्तविक स्वामी जो सद्गुरु है वह सचमुच निर्विकल्प कल्पतरु ही है यह मानता है और उसकी
छाया में बैठकर गुरुभक्ति का ही वर माँगता है अथवा सद्गुरु को कामधेनु बनाकर स्वयं उसके बछड़े की
कल्पना करता है और ज्ञानरूप जिह्वा से स्वानंद का दुग्ध सेवन करता है। हे गुरुदेव तुम्हारी सभी वृत्तियों की
सेवा मैं ही करूँ इस सद्भक्ति से मैं उसकी प्रार्थना करता हूँ और कहता हूँ, हे कृपानिधे! मुझे यही वर दीजिये।
तब गुरुनाथ ने प्रसन्न होकर मस्तक पर वरदहस्त रखकर वैसा वर देते ही उसका मन आनन्द से मचल उठता है
और वह कहता है, "मुझे वर मिल गया, मैं धन्य हो गया।'' ऐसा वर प्राप्त कर वह वही सेवा प्रेम और आदर
से करने लगता है। गुरुभजन के असंख्य प्रकार हैं। सद्गुरु का मन, बुद्धि, अंतःकरण आदि जो दशेन्द्रिय हैं उन
३५६ श्रीमद् एकनाथी भागवत
सबकी क्रिया मैं स्वयं बन जाऊँ ऐसी वह मन ही मन इच्छा करता है। सद्गुरु के सारे भोग मैं ही बनूँगा। इस
प्रकार मैं ही गुरुभक्तिस्वरूप बनकर रहूँगा। सद्गुरु जहाँ खड़े रहेंगे वहाँ उनके पैरों के नीचे की जमीन मैं बनूँगा,
सद्गुरु जहाँ-जहाँ चलते जायेंगे उस मार्ग की मिट्टी मैं ही बनूँगा। उनके पैर धोने का पानी मैं ही बनूँगा और
चरण धोने वाला मैं ही रहूँगा और उनके चरणों के तीर्थ को सेवन करने वाला मैं ही बनूँगा। सद्गुरु के चरणों की
धूल मैं स्वयं बनूँगा। सद्गुरु जिस पर बैठते हैं, वह सिंहासन भी मैं ही बनूँगा। उस पर रखा जाने वाला आसन
भी मैं ही बनूँगा इसे ध्यान में रखो। सद्गुरु के शरीर में जो तेल लगाया जाता है, वह भी सर्वांग से मैं ही बनूँगा।
गुरु को टेकने के लिये आगे-पीछे रखे जाने वाले तकिये मैं बनूँगा। यहाँ तक कि सद्गुरु की सिद्ध पादुकाएं भी
मैं ही बनूँगा। दूसरों को उन्हें हाथ भी नहीं लगाने दूँगा। गुरु का श्वासोच्छ्वास भी मैं ही बनूँगा और उनके नाम
से मैं ही तीव्र गति से बाहर आऊँगा। गुरु जिस सुगन्ध का सेवन करेंगे वह सुगन्ध मैं बनूँगा। गुरु कृपादृष्टि से
जिधर देखेंगे वह दृश्य मैं ही बनूँगा। अथवा जो कीर्तन गुरु को पसन्द है उसका गायक मैं रहूँगा। सद्गुरु के मुख
में जो कथा होगी वह आदरपूर्वक मैं ही रहूँगा और उसका प्रत्येक अक्षर और उसका अर्थ भी मैं ही रहूँगा।
सद्गुरु जहाँ स्नान करेंगे वहाँ भी स्नान से उड़ने वाला पानी मैं बनूँगा। गुरु जो आचमन करेंगे वह भी मैं ही
बनूँगा। गुरु जो वस्त्र परिधान करेंगे वह उत्तम वस्त्र मैं ही रहूँगा। गुरु के पैर पोंछने के लिये जो धूतवस्त्र होता है,
वह मैं ही रहूँगा। गुरु के शरीर पर उबटन लगाया जाता है, वह उबटन मैं बनूँगा। गुरु के चरणों पर अर्पण किया
जाने वाला फूल मैं ही रहूँगा। सद्गुरु जिसमें भोजन करेंगे वह थाली और अन्न मैं ही रहूँगा। उसमें रस का
माधुर्य, पकवान, पंगत में साथ में बैठने वाला सब कुछ मैं ही रहूँगा। दही मथ कर जो मक्खन निकलता है उसे
वैराग्यरूपी अग्नि पर पका कर भोजन का प्रमुख व्यंजन घृत मैं ही बनूँगा। भोजन में स्वाद लाने वाला लवण मैं
बनूँगा और इसके बाद भी यदि कोई कमी रह जाएगी तो उसे वे गुरु पूरा करेंगे। जो पानी गुरु प्राशन करेंगे वह
पानी मैं बनूँगा और सद्गुरु तृप्ति की जो डकार देंगे वह भी मैं ही बनूँगा। गुरु को जो फल अर्पण किया जाता है
वह फल तत्काल मैं बनूँगा। गुरु को अर्पण करने के कारण सफल होने वाले फल की सफलता मैं बनूँगा। गुरु
की जूठन ग्रहण करने की मुझे आदत-सी पड़ गयी है। इसके लिये मैं बिल्ली बनकर उनकी थाली चाट कर
साफ करूँगा। गुरु जब सुगन्धित चूर्ण से हस्तशुद्धि करेंगे तो मैं सुगन्धी चन्दन बन जाऊँगा और मुख में सुगन्ध
लाने वाली गन्ध भी बन जाऊँगा। फलाशा तोड़ कर उसके टुकड़े तथा वासना की रेशाएँ तोड़ कर उसका बीड़ा
सद्गुरु के मुख में रखने से आने वाली ताम्बूल की रुचि मैं बनूँगा। 'अहंता' का अभिमान छोड़कर मैं 'सोहं' का
शुद्ध चूना बन जाऊँगा और शान्ति रूप पके पान में लग कर सद्गुरु के मुख में प्रवेश करूँगा। सभी सारों का
शुद्ध कत्था मैं बनूँगा। सद्गुरु के मुख में रंग के रूप में मैं ही शोभा बढ़ाऊँगा। सद्गुरु के मुख का पवित्र थूक मैं
लपकूँगा और पीकदानी का मुँह मैं ही बनूँगा। गुरु ने चबाया हुआ बीड़ा और थूकी हुई पीक के साथ पीकदान मैं
ही बनूँगा। मक्खियाँ भगाने की चँवर मैं ही बनूँगा। गुरु के मुख का बीड़ा लेने के लिये मैं अत्यन्त आस्था से
सेवक बनूँगा। अन्यथा गुरु की गोद में मैं प्यारा बच्चा बनकर लेटूँगा। मेरे गुणरूपी पुष्पों की माला मैं बड़े प्यार से
गुरु के गले में डालूँगा। गुरु कमल के फूल के साथ खेलने लगेंगे तो उनका करकमल मैं ही बनूँगा। गुरु की
नीरांजन से आरती करते समय उस नीरांजन की ज्योति मैं अपने ही तेज से प्रकाशित करूँगा और गुरु जिस
प्रकाश से चलेंगे उस दीपक की प्रभा मैं बनूँगा। मैं श्रीगुरु पर अपने प्राण न्योछावर कर दूँगा। उनके सारे कष्ट मैं
अपने ऊपर ले लूँगा। वह शाप लक्षण मुझे लगे। मैं छत्र भी हूँ और छत्रधारी भी। चँवर भी मैं हूँ और चँवरधारी
भी मैं ही हूँ। पंखा भी मैं हूँ और पंखा झलने वाला भी मैं ही हूँ। इस प्रकार गुरु का सारा परिवार मैं ही रहूँगा।
बारहवाँ अध्याय ३५७
गुरु जिस पर बैठेंगे वह घोड़ा मैं ही बनूँगा। गुरु का बोझ उठाने के लिये मैं घोड़े के रूप में वाहन बनूँगा। गुरु के
आगे-आगे मैं मार्गरक्षक योद्धा रहूँगा, गुरु के गुणों का वर्णन करने के लिये मैं उनका भाट बनूँगा और गुरु के घर
शान्तिपाठ करने वाला भिक्षुक बनूँगा। गुरु के सिर पर छत्र धारण करने वाला, उन पर चँवर झुलाने वाला, उन्हें
बीड़ा देने वाला, फूल देने वाला, झाड़ लगाने वाला, दूध देने वाला और द्वारपाल मैं ही बनूँगा। गुरु जिधर-जिधर
ध्यान देंगे वहाँ का अवधान मैं ही रहूँगा, भले ही प्राण चले जाएँ लेकिन गुरु को छोड़कर एक क्षण के लिये भी
मैं कहीं नहीं जाऊँगा। गुरु जो कथा कहेंगे उसे आग्रहपूर्वक सुनने वाला मैं श्रोता बनूँगा। गुरुकृपा से अध्यात्मज्ञान
सुनाने वाला वक्ता मैं बनूँगा। गुरु उदारतापूर्वक दान देने लगें तो मैं गरीब याचक बन जाऊँगा। गुरु अपने मन की
बात कहने लगें तो मैं ही एकान्तस्वरूप हो जाऊँगा। गुरु विश्राम करने बैठें तो मैं अवकाश बन जाऊँगा और गुरु
के हृदयस्थ अवकाशरहित जो चिदाकाश है वह मैं बनूँगा। गुरु जिस पर बैठेंगे वह सुखकारी आसन मैं ही बनूँगा
और डोली उठाने वाला कहार मैं ही बनूँगा। स्वामी का ख्याल रखते हुए, बड़े संयम से तेज कदम उठाकर तथा
गुरु की पालकी का डंडा कन्धे पर उठा कर स्वामी से बातें करते हुए मैं तेज कदमों से चलता जाऊँगा। वाहन में
बैठे हुए गुरु का ध्यान रखते हुए कहीं पैर परस्पर टकरा न जाय इसलिये पैर उठाकर चलूँगा। जमीन के गड्ढों
तथा ऊँचाइयों को बचाकर ठीक तरह से चलूँगा। संकल्प और विकल्प के झटकों से शरीर के दायें-बायें अंग को
बचाते हुए श्रीगुरु के मुख की ओर देखते हुए मैं चलूँगा। रास्ता बिना भूले, पालकी का डंडा न हिले इसका ध्यान
रखते हुए, दूसरों की आस किये बिना मैं उत्तम कहार बनूँगा। उस सुखद वाहन में बैठकर चलने से सुख बढ़ता
ही जाएगा। चढ़ना, गिरना, लड़खड़ाना, डरना, दौड़ना, अटकना आदि का ध्यान रखते हुए ध्यानपूर्वक पूरी
उम्मीद से चलूँगा। पालकी में बैठने में गुरुजी को कष्ट न हो इसलिये पालकी का डंडा कन्धे पर, मस्तक पर,
कोहनी पर, इस प्रकार रखकर पैर का ध्यान रखते हुए चुपचाप चलूँगा। सामने चढ़ाई आ जाय, मोड़ आये, साँस
फूलने से शरीर थक जाय लेकिन सीना तान कर, धैर्यपूर्वक चढ़ाई चढ़ता चलूँगा। काम का प्रवाह लाँघ कर,
क्रोध के आवेग से बच कर तथा गड्ढों से बच कर पालकी का अगला डंडा कन्धे पर लेकर मैं चलूँगा। ममता
की दलदल विचित्र होती है। उसमें मनुष्य पूरी तरह फँस जाता है लेकिन मैं पैर में जरा भी कीचड़ लगे बिना
उस दलदल को पार कर जाऊँगा। मोहरूपी नदी की खोह बहुत भयंकर है। पानी के तेज बहाव के कारण वह
बड़ी तेजी से नीचे की ओर खींचता है। लेकिन मैं स्वामी को पानी का एक भी बूँद लगे बिना एक किनारे से
दूसरे किनारे तक ले जाऊँगा। सामने दृष्टि रख कर तेजी से आगे चलते समय दोनों ओर का कहार मैं बन
जाऊँगा और रास्ता चलता जाऊँगा। इस प्रकार आगे और पीछे मैं स्वयं सुखासन के आनन्द में कहीं स्वामी की
नींद न टूटे इसका ध्यान रखते हुए उन्हें ले जाऊँगा। जूठे अन्न पर पलने वाला, आठों पहर जागता रहने वाला
तथा गुरु के द्वार पर 'गुरु' 'गेरु' कहने वाला मैं कुत्ता बन कर रहूँगा। कोई अपरिचित दिखाई देते ही मैं 'सोहं'
भावना से भूकने लगूँगा और भजनरूप कुण्ड में बैठने वाले गुरु के द्वार का कुत्ता बनूँगा। ऐसी अनेक कल्पनाएँ
कर गुरु की सेवा के सम्बन्ध में शिष्य विचार करता रहता है। दैवयोग से वह भले ही दूर चला जाए किन्तु
भक्तियोग से वह पास ही रहता है। गुरु सेवा के लिए जो इस प्रकार अपने आप को न्योछावर कर देता है वह
सद्विद्या शास्त्र में सहज ही पारंगत हो जाता है। वह गुरु के पास रहे अथवा दूर रहे लेकिन उसे गुरुभक्ति से प्रेम
ही रहता है। वह अपने प्राण गुरु की सेवा के लिये और भजन के लिये गुरु के द्वार पर ही रखे रहते हैं। गुरुभक्ति
के प्रति ऐसी तत्परता के कारण तथा स्वरुचि से अधिकाधिक एकाग्रता साधने के कारण वही गुरुकृपाकुठार रूप
सद्विद्यालक्षणशस्त्र उसके हाथ में आता है। उस शस्त्र को वैराग्य की सील पर घिसने और स्वस्वरूपाकार वृत्ति ने
३५८ श्रीमद् एकनाथी भागवत
सान लगाकर चमकाने से अत्यन्त तेज शस्त्र तैयार हो जाता है। अपने सामने शस्त्र तैयार कर उसे ऐक्यभाव की
मुट्ठी में इस प्रकार पकड़ना चाहिये कि शस्त्र और शस्त्रधर दोनों एकजुट हो जाएँ। तब वह संसार पर प्रहार
करने के लिये सिद्ध हो जाता है। ठीक से निशाना साध कर प्रबल प्रहार करने से के लिये तत्पर होते ही
संसारवृक्ष का नाश होता है और प्रहार करने पहले ही टूट जाता है। लिंग वासना निज कल्पना का नाश करती है
उसे धैर्यपूर्वक तथा सावधान होकर नष्ट करने से संसाररूपी वृक्ष का नाश होता है। आत्मसाक्षात्कार होने पर सभी
साधन अपने आप नष्ट हो जाते हैं। भोजन से परितृप्ति हो जाने के बाद शेष पकवान वैसे ही रह जाते हैं। जिस
प्रकार क्षुधा शान्त हो जाने के बाद कोई अमृत भी मुँह से नहीं लगाता, उसी प्रकार ब्रह्मपद की प्राप्ति के बाद इन
साधनों का प्रयास नहीं करना चाहिये। यही भाव मन में रख कर मैंने तुम्हें पहले भी बताया था कि साधनों का
प्रयास प्रवृत्ति निवृत्ति के साथ छोड़ देना चाहिये। परब्रह्म तक पहुँचने के बाद सारे वेदोक्त कर्म भी मिथ्या हो जाते
हैं और आश्रमादि वर्णधर्म भी मिथ्या हो जाते हैं। यह कर्मत्याग का मर्म है। स्वप्न में गड़बड़ी में चलते समय
लड़खड़ा कर जो कुएँ में गिर पड़ता है वह जागृत होने पर खुद को उसमें से निकालता है। उसी प्रकार साधन का
अट्टहास व्यर्थ है। खेत जब फसल से भर जाता है तो उसे कौन जीतेगा? जब गजान्तलक्ष्मी ही घर में आयी तो
दरवाजे दरवाजे भीख कौन माँगेगा? जब निधि ही हाथ लग जाये तो आँख में अंजन कौन डालेगा? उसी प्रकार
आत्मज्ञान प्राप्त हो जाने पर साधनों का बोझ कौन ढोयेगा? हे उद्धव! ज्ञानसामर्थ्य को स्वीकार करने के बाद
सचमुच अपनी वृत्ति का ही त्याग करना चाहिये। अग्नि से अन्न पक कर तैयार होता है, लेकिन जब तक उसकी
भाप निकल नहीं जाती तो उसकी जो गरमी शेष रह जाती है, उससे खानेवाले का मुँह जलता है और खाना
बनाने वाले को भी उसका स्वाद समझ में नहीं आता। पेड़ से आम गिरता है, फिर भी उसमें खटास रहती है।
उसी आम को पाल में डाल दिया जाय तो पक जाने पर उसकी सुगन्ध से ही उसकी मिठास का पता चल जाता
है। लेकिन आम को पाल में रखने में भी खूबी है और वह यह कि एक आम का दूसरे से सम्पर्क नहीं होना
चाहिये क्योंकि ऐसा होने से दोनों में दाग लग जाता है और उनके संसर्ग से अन्य आम भी खराब हो जाते हैं।
समरभूमि में विजयध्वज फहराने से भी, जब तक शरीर के कवच नहीं उतारे जाते तब तक सच्चा विश्राम नहीं
मिल पाता। गर्भवती स्त्री प्रसूत होती है और पुत्र की प्राप्ति से आनन्दित होती है लेकिन जब उसका बारहवें दिन
नामकरण होता है तभी उसे पुत्र होने का सच्चा सुख प्राप्त होता है। कोई पुरुष मर जाता है तो उसके शरीर का
दहन होता है लेकिन सुतक तो रहता ही है। वह जब समाप्त हो जाता है तभी देह की शुद्धि होती है। उसी प्रकार
अज्ञान जाकर जो ज्ञानाभिमान बच रहता है उसका भी त्याग करने पर स्वानंद से आत्म समाधान होता है। खैर का
शूल सचमुच मारता है तो चन्दन का क्या कुछ अलग करता है? उसी प्रकार ज्ञान अथवा अज्ञान दोनों ही प्रकार
का अभिमान बाधक ही होता है। लोहे की बेड़ी तोड़ कर शौक से सोने की बेड़ी पहनने से पीड़ा कम नहीं
होती। 'ब्रह्मादिक' 'ब्रह्म मैं ही हूँ' यह अभिमान कोई शुद्ध ब्रह्म नहीं है। अहंता के कारण वह भी कठिन है।
उसका लक्षण भी सुनो। पानी से नमक तैयार होता है और वह पानी में ही मिल जाता है। लेकिन मोती पानी से
ही तैयार होता है किन्तु वह कठिन रहता है इसलिये वह पानी में घुल नहीं जाता। मोती होने से उसका मोल भले
ही बढ़ जाय लेकिन वह स्त्री के होठों के पास सोने की तार में फँस जाता है। मुक्त होते हुए भी वह नाक के
पास आ गया, यह कठिन प्रसंग अभिमान के कारण उपस्थित हुआ। उसी प्रकार अज्ञान का अभिमान तत्काल
नष्ट हो जाता है लेकिन ज्ञानाभिमान बहुत कठिन है। मिट्टी की गागर कच्ची रहती है वह तत्काल गलने लगती है
और मिट्टी में मिल जाती है। लेकिन वही भट्टी में सेंका हुआ खपरैल कठोर होने के कारण कितने ही दिन क्यों न