सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
संग्रह पर लौटें

श्रीमद् एकनाथी भागवत (सन्त एकनाथ - श्रीमद्भागवत एकादश स्कन्ध उद्धव गीता सविस्तार हिन्दी व्याख्या)

Shrimad Eknathi Bhagavat (Hindi) by N.V. Sapre

सन्त एकनाथ महाराज (अनुवादक: एन. वी. सप्रे) द्वारा

DevanagariHindipublished869 पृष्ठ

दसवाँ अध्याय २५५
यज्ञकर्ता विघ्नों के समुद्र में ही डूब जाता है। स्वर्ग तो एक है और यज्ञ करने वाले अनेक। उस यज्ञ में देवता
विघ्न उत्पन्न करते हैं। पहले तो इन्द्र ही पूरे स्वर्ग का भोग करने को मिले इसलिये विघ्न उत्पन्न करता है। वेश्या
एक रहती है और रात्रि भी एक लेकिन भोग की इच्छा करने वाले अनेक रहते हैं। इसलिये वे परस्पर झगड़ा
करने लगते हैं। वही गति याज्ञिकों की होती है। जैसे कुतिया जब गरम होती है तो उसका भोग करने के लिये
अनेक कुत्ते तैयार हो जाते हैं और एक-दूसरे को देखकर गुर्राते हैं। उसी प्रकार स्वर्ग की अभिलाषा करने वाले
सकामों की गति होती है। वह कुतिया जिसे भोगने को मिलती है वह भोग करते समय ही गिर पड़ता है और
संसार में उसकी छीः थूः होती है। जिसे भोगने जाता है वह इन्द्रिय फँस कर विमुख हो जाती है। मैथुन द्वार में
फँसे रहने के कारण आने जाने वाले छीः थूः करते रहते हैं। उसी प्रकार यज्ञ करने वालों की स्वर्ग प्राप्ति है। उस
स्वर्ग के भोग से तप का क्षय होता है। स्वर्ग भोग पर आसक्त रहने के कारण वे पुनः उलटे मुँह इहलोक में लौट
आते हैं। सारांश, खेतिहर की ही तरह स्वर्गप्राप्ति में भी अनेक विघ्न हैं। वे किए हुए परिश्रम व्यर्थ कर देते हैं।
फिर भोग भी कैसे प्राप्त होंगे? स्वयं को कर्मकुशल कहने वाले कुछ लोग कहते हैं कि हम कर्म करने में किसी
प्रकार की कमी नहीं रहने देंगे। हम सब कुछ त्रुटिहीन कर स्वर्ग का फल भोगेंगे। लेकिन हे उद्धव! उनसे वह
भी नहीं हो पाता। वह कैसे? तो उसका निरूपण पाँच श्लोकों में करता हूँ।
अन्तरायैरविहतो यदि धर्मः स्वनुष्ठितः।
तेनापि निर्जितं स्थानं यथा गच्छति तच्छृणु ॥ २२॥
जिसमें कोई विघ्न न आये, ऐसे निर्विघ्न कर्म होते ही नहीं हैं और दैवयोग से हो भी गये तो उससे
होनेवाली स्थानप्राप्ति नश्वर होती है। कर्म से जिस पद पर पहुँचते हैं और वहाँ पहुँचने पर उन्हें जो भी प्राप्त
होता है उसके बारे में हे उद्धव, तुम्हें बताता हूँ।
इष्ट्वैव देवता यज्ञैः स्वर्लोकं याति याज्ञिकः।
भुञ्जीत देववत्तत्र भोगान् दिव्यान् निजार्जितान् ॥ २३ ॥
उत्तम कर्मभूमि प्राप्त होने पर तथा श्रेष्ठवर्ण ब्राह्मणकुल में जन्म लेने पर लोग सदा कामानिक
ज्योतिष्टोमादि यज्ञ अथवा अग्निहोत्र करते हैं। वे तीनों वेद जानते हैं, सभी कर्मों में कुशल रहते हैं लेकिन इस
प्रकार ज्ञानी होते हुए भी वे मूर्ख हैं क्योंकि वे नश्वर स्वर्गप्राप्ति की इच्छा मन में रखते हैं। जिस पुण्य से मुक्ति
प्राप्त न होती हो उसे 'पुण्य' कहने में रोना आता है। यज्ञकर्ता विषयासक्ति में लिप्त रहते हैं, इसीलिये वे स्वर्ग के
भोग के पीछे भागते हैं। इन्द्रादि देवताओं के लिये यज्ञ कर, जिनके कारण मैं दूर हो जाता हूँ ऐसे भोग भोगने के
लिये वे स्वर्गलोक में जाते हैं। जिसे अनेक लोग चूस चुके हैं ऐसी पुरानी हड्डी को लेकर कुत्ता अपनी लार से
चाट कर आनन्द लेता है उसी प्रकार यज्ञकर्त्ताओं को जिस स्वर्ग प्राप्ति की इच्छा रहती है उसे वे अपने पुण्य से
मधुर बना लेते हैं। अथवा जिस प्रकार श्मशान में बलि के लिये जो अन्न रखा रहता है उसके लिये कुत्ते आपस में
लड़-झगड़ कर वह जूठा खाना खाते हैं। उसी प्रकार स्वर्ग के भोग भी अनेक लोगों का जूठा खाद्य ही है। अपने
संग्रह का शुद्ध पुण्य खर्च कर लोग कितनों का ही जूठा भोग मोल लेते हैं और यज्ञकर्ता स्वयं को बहुत पवित्र
समझते हैं। मोल लेकर कितनों का जूठा खाद्य चाटते रहते हैं। वैसे भी कौवे का मांस, वह भी कुत्ते के मुख से
बचा हुआ, मोल लेने पर अधिक मिलेगा भी नहीं। स्वर्ग भोग में याज्ञिकों की स्थिति भी कुछ वैसी ही रहती है।
स्वर्ग अनेक लोगों का उच्छिष्ट है। ऐसा होते हुए भी उसके लिये अत्यन्त परिश्रम का मूल्य चुकाना पड़ता है

२५६ श्रीमद् एकनाथी भागवत
और वह भी पेट भर नहीं मिलता क्योंकि उसे रात-दिन पतन का भय रहता है। देवतागण स्वर्ग का भाग भोगते हैं
लेकिन वे भी दुर्भाग्य की बात करते हैं। लेकिन उसी स्वर्ग के भोग की प्राप्ति के लिये याज्ञिक लोग कितने बेचैन
रहते हैं। इस प्रकार एक बार स्वर्ग की प्राप्ति हो जाने के बाद कैसे-कैसे भोग भोगने पड़ते हैं उसका वर्णन करता
हूँ। उद्धव! ध्यान देकर सुनो। अरे स्वर्ग में भी सबको एक जैसे सुख भोगने को नहीं मिलते। जिसका जैसा पुण्य
रहता है, उसी के अनुसार उसे भोग प्राप्त होते रहते हैं।
स्वपुण्योपचिते शुभ्रे विमान उपगीयते।
गन्धर्वैर्विहरन् मध्ये देवीनां हृद्यवेषधृक्॥ २४ ॥
अपने पुण्य का मोल देकर मिले हुए चन्द्रप्रभा की तरह शुभ्र विमान में बैठ कर वे दिव्य भोग का आनन्द
लेने लगते हैं। वहाँ दिव्य देह प्राप्त होता है तो वहाँ वे पोशाक भी मनोहारी करते हैं। गन्धर्व मधुर गायन करते
रहते हैं और ऐसे आनन्दमय वातावरण में स्त्रियाँ क्रीड़ाएँ करती हैं। स्वर्ग की उन अप्सराओं को देखकर मन
भुलावे में आ जाता है और फिर उन्हीं के छंद में वे अनेक स्थानों पर क्रीड़ाएँ करने लगते हैं।
स्त्रीभिः कामगयानेन किङ्किणीजालमालिना।
क्रीडन् न वेदात्मपातं सुराक्रीडेषु निर्वृतः॥ २५॥
उन स्त्रियों के साथ वह जहाँ चाहे वहाँ विचरण करता रहता है। वह विमान कितना और कैसे सुशोभित
रहता है यह भी सुनो। उसमें अनेक छोटी-बड़ी घण्टियाँ लगी रहती हैं तथा उसमें रत्नजड़ित मेखला लपेटी रहती
है। पूरा विमान ही घुँघरुओं से वेष्टित रहता है और उसकी गति भी बड़ी मजेदार रहती है। उस विमान को वह
गन्धर्वों के वन में या नंदनवन में अपनी मनचाही जगह पर ले जाता है और वहाँ स्वर्गांगनों का उपभोग लेने में
आसक्त होकर पड़ा रहता है। उस वन में पुष्पों से लदी क्यारियाँ रहती हैं और उनका पराग चारों ओर बिखरा
रहता है। कोकिलाओं के सुमधुर स्वर तथा भ्रमरों के संगीत से वह स्थान भरा रहता है। मंद सुगन्ध तथा शीतल
समीर मलय पर्वत से बहता रहता है और स्वर्गांगनाओं के हँसी कल्लोल से कामुक के विलास पर यौवन छा
जाता है। अग्नि और कर्पूर का मिलन होते ही जिस प्रकार अग्नि की ज्वाला भड़क उठती है, उसी प्रकार उस
कामुक का पुण्य भोग भोगते-भोगते एकाएक समाप्त हो जाता है। लेकिन वह इतना अधिक कामसक्त हुआ रहता
है कि नहीं सोचता कि इसमें मेरा पतन होकर सारे भोग समाप्त हो जायेंगे। दीपक पर फड़फड़ाने वाले पतंगे को
इस बात का जरा भी स्मरण नहीं रहता कि इसमें मेरी मृत्यु निहित है। उसी प्रकार उसका मन भोग में इतना
अधिक लिप्त रहता है कि उसे अपने पतन का स्मरण नहीं होता।
तावत् प्रमोदेत स्वर्गे यावत् पुण्यं समाप्यते।
क्षीणपुण्यः पतत्यर्वागनिच्छन् कालचालितः॥ २६॥
जब तक पुण्य की सम्पत्ति रहती है तब तक वे स्वर्ग का भोग भोगते हैं और पुण्य की वह शक्ति क्षीण
होते ही उनका पतन हो जाता है। जब तक गाँठ में धन है तब तक वेश्या सौजन्य दिखाती है लेकिन धन समाप्त
होते ही वह उसका मुँह भी नहीं देखती। उसी प्रकार स्वर्ग की स्थिति होती है। अपने पुण्य से भोग भोगते हैं
किन्तु पुण्य का क्षय हो जाने पर उनका भी क्षय हो जाता है। इच्छा न होते हुए भी पतन हो जाता है। सुखी होने
के लिये याज्ञिक अत्यन्त परिश्रम कर स्वर्ग प्राप्त करते हैं। वे अन्त में अत्यन्त सुखी होकर सिर नीचा कर पतन
की ओर उन्मुख होते हैं। स्वर्ग के सारे सुखों का अस्त होकर भाग्य में गर्भवास आ जाता है। ऐसे उन कामियों

दसवाँ अध्याय २५७
के सुख को आग लगे। सुख की आशा में याज्ञिक व्यर्थ ही फँस जाते हैं। हे उद्धव! इस प्रकार जिसे 'स्वर्गसुख'
कहते हैं वे इस प्रकार दुःखी होते हैं। मूर्ख ही स्वर्ग को सुख मानते हैं लेकिन वह मार्ग दोषरहित नहीं है।
याज्ञिक लोग विधिपूर्वक कर्म करते तो भी उन्हें महादुःख प्राप्त होता है। लेकिन यह मत समझो कि अविधि से
कर्म करने से वे सुखी होंगे। यहाँ कर्ममार्ग की प्रवृत्ति दो प्रकार की होती है। एक में विधिपूर्वक आचरण होता
है तो दूसरी में अविधि से। अभी मैंने तुम्हें जो बातें बतलायीं वह वेद विधानोक्त स्थिति है। विधियुक्त कर्म के
आचरण से स्वर्ग की प्राप्ति होती है, यह उचित प्रवृत्ति है। पुण्य का क्षय हो जाने पर किस प्रकार स्वर्ग से पतन
होता है यह भी तुम्हें बतलाया। अब अविधि से किये हुए आचरण के सम्बन्ध में भी सुनो। वे मतिहीन लोग
वेदविधि का उल्लंघन कर खराब लोगों की संगत से किस प्रकार अप्रकृति से अधर्म करते हैं उसके सम्बन्ध में
भी सुनो।
यद्यधर्मरतः सङ्गादसतां वाजितेन्द्रियः।
कामात्मा कृपणो लुब्धः स्त्रैणो भूतविहिंसकः ॥ २७॥
जीव स्वभाव से ही कामासक्त होते हैं इसलिये उन्हें वांछित विषय प्राप्त होते ही वे उस पर लंपट हो जाते
हैं और इच्छित वस्तु प्राप्त न होने पर उनका मन व्याकुल हो जाता है, यह प्राणिमात्र का स्वभाव ही है। ऐसे
स्वभाव वाले मनुष्य का यदि दुष्ट पुरुष के साथ सम्बन्ध हो जाये तो उसे अधर्म पर ही श्रद्धा होने लगती है और
वह अकर्म के लिये प्रवृत्त होता है। चंचल होने के कारण मन भी वानर की तरह है। दुष्ट संगति से यदि वह
मदिरापान करे तथा उसे कामरूपी बिच्छू काट ले तो वह अटपटांग बातें कहने लगता है। इसमें आश्चर्य कैसा ?
पागल के हाथ में मशाल दे देने से वह जगह-जगह आग ही लगाता फिरेगा। उसी प्रकार वे भी दुष्टों की संगति
से होली जलाकर धर्म को समूल भस्म कर देते हैं। छोटे बच्चे के हाथ में शस्त्र देने पर वह यह नहीं देखता कि
जिस प्रकार वह प्रहार कर रहा है वह शरीर उसका है अथवा किसी और का। वह अपना शरीर भी काट लेता है।
वह अपने हित के बारे में नहीं सोचता। जिस प्रकार शरीर में देवता का संचार होने पर ढोंग करने वाली लड़की
के बोलने पर कोई प्रतिबन्ध नहीं होता या बहुरुपिया के संन्यास में जिस प्रकार वैराग्य तृणमात्र भी नहीं होता
उसी प्रकार वह भी कुसंगति से ही ढोंग रचाता है जिसके कारण विवेक के लिये कोई स्थान नहीं रह जाता और
वह कामशास्त्र की राह पकड़ लेता है। कामशास्त्र की लत से उसकी वासना बढ़ जाती है जिसके चलते वह
अधर्म की योजना बनाता है और अधर्म के कारण अकर्म करके निन्दनीय कर्मों का आचरण करता है। निन्दनीय
कर्मों की प्रवृत्ति के लिये भोग की लिप्सा मूल कारण है। भोग की लालच में ही अधर्म का विस्तार होता है।
अधर्म के बढ़ते ही वह परधन और परस्त्री के लिये अनेक प्रकार की युक्ति लड़ा कर शरीर का नाश करता है।
स्त्री के लिये तो उसकी व्याकुलता देखने लायक होती है। स्त्री के छंद में वह स्त्रैण बनता है और उस स्त्री को
प्राप्त करने के लिये प्राणी की हिंसा भी करता है।
पशूनविधिनाऽऽलभ्य प्रेतभूतगणान् यजन्।
नरकानवशो जन्तुर्गत्वा यात्युल्बणं तमः ॥ २८ ॥
विधि जो बताती है उसे नहीं कहना, वेद की बात नहीं सुनना, स्मृतिशास्त्र मन को स्वीकार्य नहीं है ऐसी
स्थिति में स्वेच्छा से कर्म करना। जारण, मारण, उच्चाटन, स्तंभन, मोहन, वशीकरण आदि के प्रयोग कर असाध्य
अंजन सिद्ध कर स्त्रियों को वश में करना। नमक, राई और भिलावा शहद में मिला कर तामसी व्यक्ति शाबरी मंत्र

के प्रभाव से होम करने जाता है। जारणमारणादि कर्म करने के लिये बकरी, लोमड़ी, बन्दर, गिरगिटांग, मेढ़क,
मछली, मगर, गिद्ध तथा चील जैसे पशु-पक्षियों का भी होम करते हैं। नग्न भैरव, वैताल, भूत, पिशाच, कंकाल,
मारको, मेसको, मैराल आदि प्रबल भूतों की उपासना करते हैं। काली चिड़िया, मालढोक, चील, कौंआ, बगुला,
उल्लू को मारकर तथा काली बिल्ली को समारोहपूर्वक लाकर शाबरी मंत्रों से होम करते हैं। चलती घानी से तेल
चुरा कर लाते हैं और शनिवार को प्रदोष के समय नहाते हैं तथा मध्यरात्रि में होम में डाकिनी तथा शाकिनी को
जागृत करते हैं। शराब का घड़ा भरकर रखते हैं, मातंगी की पूजा करते हैं और मोहिनी मंत्र का जप कर शव की
खोपड़ी में रुधिर भर कर रखते हैं। पूरे शरीर में हल्दी पोतते हैं, कपाल पर सिंदूर पोतते हैं और कामेच्छा पूरी
करने के लिये अत्यन्त परिश्रम से भजन साध्य करते हैं। होमपात्र उसी क्षण तैयार करने के लिये पीपल को जड़
के साथ उखाड़ते हैं और आसन के नीचे रखने के लिये फल और फूलयुक्त वनस्पतियों को उखाड़ते हैं। मंत्रबीज
का जाप करने के लिये मृग-भालू के शव का ताजा चमन मँगवाते हैं। पाप का भय नहीं मानते। इस प्रकार पशु,
पक्षी तथा जलचर आदि जीवों को भयंकर पीड़ा पहुँचाते हैं, इतना ही नहीं अपितु ब्राह्मण का रक्त लेकर भी
जारण-मारण की क्रिया करते हैं। गौ-ब्राह्मणों को नितांत कष्ट देते हैं, इतना ही नहीं बल्कि जमीन, सम्पत्ति तथा
स्त्री का अपहरण करने के लिये उनकी हत्या भी करते हैं। मन्दिर में भगवान के सामने एकत्र अथवा शिवालय में
शिवजी के सामने रखा हुआ द्रव्य अथवा पदार्थ उठाने में जरा भी सुस्ती नहीं दिखाते। अधर्म में उनकी वासना
इतनी अथाह रहती है। सारांश यह कि इस प्रकार का कर्म करने में वह अकर्म के कारण नरक में इस प्रकार
प्रवेश करता है जैसे चन्द्रमा अन्धकार में डूब जाता है क्योंकि अकर्म इतना प्रबल है कि वह जीव के ज्ञान का
विनाश करता है तथा उसे मूढ़ बनाकर उसे नरक के प्रवाह में बहाता है। उस नरक की स्थिति बड़ी विचित्र है।
करोड़ों वर्षों से वहाँ जाते हुए भी उसकी गहराई किसी को मालूम नहीं हुई। फिर कोई उससे कैसे उबर सकता
है? उसे ही 'अंधतम नरक' कहते हैं, उसे देखते ही वृत्ति अन्धी हो जाती है। मूर्खतावश बाहर आने का मार्ग
भूलकर वह नरक में ही लोटता रहता है और इस प्रकार कर्मभोग का जब तक अन्त नहीं हो जाता तब तक
आकल्प नरक ही भोगता रहता है और फिर उसे स्थावर अवस्था प्राप्त होती है, अर्थात् वह वृक्ष अथवा पाषाण
हो जाता है। इस प्रकार उसकी जड़ अवस्था होती है। उसे सुख स्वप्न भी नहीं दिखाई पड़ते। वह असहनीय
दुःख भोगता रहता है। इस प्रकार अधर्म प्रवृत्ति का आचरण करने से सुख का अंश भी नहीं प्राप्त होता। अनिवार
भोग भोगते हुए उसकी उससे मुक्ति नहीं होती।
कर्माणि दुःखोदर्काणि कुर्वन् देहेन तैः पुनः।
देहमाभजते तत्र किं सुखं मर्त्यधर्मिणः ॥ २९ ॥
हे उद्धव! भाई, सुनो मरण जीव का धर्म है। उसके हिस्से में सुख कभी आता ही नहीं है। वह सदा दुःखद
स्थिति में ही रहता है। नरदेह प्राप्त कर वे बड़े-बड़े क्रूर कर्म करते हैं जिससे उन्हें दुःख के ही फल प्राप्त होकर
वे जीव को बड़ी से बड़ी यातनायें भुगतने के लिये बाध्य करती हैं, जिससे वे दुःख के भँवरे में फँस कर स्वयं
ही अपने घातक बन जाते हैं। वे संतचरणों से विमुख हो जाते हैं, उन्हें स्वप्न में भी सुख नहीं प्राप्त होगा। कामी
लोग क्रूर कर्म ही करते रहते हैं जिससे उनका दुःख बढ़ता ही रहता है। सारांश, प्रवृत्ति में रहकर सकाम कर्म
करने पर भी, भले ही वे कर्म विधिपूर्वक ही क्यों न किये हों लेकिन उसे सदा अनिवार दुःख भोगना पड़ता है।
विधिपूर्वक सकाम कर्म करने पर स्वर्ग से पतन होता है और वही कर्म अविधि से करने पर नरक प्राप्त होता है।

दसवाँ अध्याय २५९
सारांश इस प्रवृत्ति में सकाम पुरुष को सुख कहाँ प्राप्त होता है? तुम विचार करोगे कि दिक्पाल सदा सुख में
रहते होंगे क्योंकि उन्हें जन्म-मरण नहीं है। बस उनकी ही तरह हम भी अमरत्व प्राप्त कर लें तो काम हो जाय
क्योंकि दिक्पाल नित्य अर्थात् शाश्वत होते हैं, लोकपाल भी शाश्वत ही हैं अर्थात् वहाँ का सुख भी शाश्वत ही
होगा। लेकिन जो ऐसी कल्पना करते हैं, वे मूर्ख हैं।
लोकानां लोकपालानां मद्भयं कल्पजीविनाम्।
ब्रह्मणोऽपि भयं मत्तो द्विपरार्धपरायुषः॥३०॥
लोकपालों में अमरेन्द्र अर्थात् इन्द्र ही श्रेष्ठ है क्योंकि वह मरुद्गणों का राजा है, उसे सूर्य, चन्द्रमा, वरुण,
कुबेर, यम आदि सभी सम्मान प्रदान करते हैं उसके लिये अमरावती में सिंहासन है, ऐरावत पर आरूढ़ होने का
सम्मान प्राप्त है, जिसके सामने उच्चैःश्रवा नाम का अश्व स्वयं ही आकर खड़ा है, उर्वशी जिसकी भोगपत्नी है,
रंभा प्रमुख विलासिनी है, तिलोत्तमा नर्तन करती है और पैर के पास चिंतामणि बिखरे रहते हैं, जहाँ अष्टसिद्धि के
भण्डार भरे हुए हैं, जहाँ के महल रत्नों से अलंकृत हैं, जहाँ मोतियों के झूले सुवर्ण की श्रृंखलाओं से बँधे झूल
रहे हैं, जहाँ बैदूर्य मणियों के विशाल वृक्ष हैं, कामधेनुओं के बाड़े हैं और जहाँ कल्पवृक्षों के मण्डप चारों ओर
अपनी शोभा बिखेर रहे हैं, जिसके आगे लोकपाल हाथ जोड़कर खड़े रहते हैं, देवताओं की सेना ही जिसकी
चतुरंगिणी सेना है और जो स्वर्ग के राज्य का उपभोग करता है उसे भी ब्रह्मदेव का दिन पूरा होने पर काल की
शक्ति ग्रस लेती है। ऐसे एक या दो नहीं बल्कि चौदह इन्द्रों का ब्रह्मदेव का एक दिन पूरा होने पर क्षय होता है।
कहते हैं ब्रह्मदेव की आयु सबसे अधिक लम्बी है। उसे दो परार्ध की आयु प्राप्त है। लेकिन जब तक मेरे काल
की उस पर दृष्टि नहीं पड़ी तभी तक उसकी आयु की श्रेष्ठता है। जिसकी अग्रपूजा सम्मान की योग्यता है जो
लोकों के लोकपालों का भी कर्त्ता है, उस ब्रह्मदेव को भी मेरे काल की सत्ता ग्रस लेती है। मैं कालात्मा
दण्डधारी, शास्त्र, नियंता, ईश्वर, अंतर्यामी सर्वेश्वर हूँ तथा अत्यन्त दुर्धर और सर्वव्यापी हूँ। मेरा काल क्षोभ
अत्यन्त भीषण है उसे कौन रोक सकता है? धर्म, अर्थ अथवा काम से उसका निवारण सम्भव नहीं है। उस
प्रलयंकारी महाकाल को भी मेरी कालसत्ता ग्रस लेती है। सभी मेरे महाभय से भयाक्रान्त हैं। फिर लोकपालों को
सुख कैसे प्राप्त होगा? मेरे ही भय से सूर्य लव-निमेष-पल-पल आगे बढ़ता रहता है। मेरे ही भय से प्राण
खेलता है, मेरे ही भय से वायु प्रवाहित होता है, मेरे ही भय से अग्नि पेट में जठराग्नि के रूप में रहकर पेट में
जो भी कुछ है उसे हजम करा देता है। मेरे ही भय से इन्द्र समय-समय पर पर्जन्य धाराओं की वृष्टि करता है।
मृत्यु भी समय आने पर प्रलय कर देता है क्योंकि वह भी मुझसे बहुत डरता है। मेरे ही भय से समय अपनी
सीमा का अतिक्रमण नहीं करता मेरे ही भय की आशंका से तीनों लोक काँपते रहते हैं। तीनों लोकों का शास्त्र
और नियंता ईश्वर मैं हूँ। इतना कह कर भगवान ने जड़बुद्धि कर्मवादियों की कर्मठता तथा अनीश्वरवादित्व को
पंगु बना दिया। प्रवृत्ति में कितना अनर्थ है इसका उल्लेख पहले ही कर दिया है। उसी प्रकार वैराग्य स्थापित कर
निवृत्ति ही सबमें श्रेष्ठ है इसे भी निरूपित किया। अपने ऐश्वर्य का आविष्कार कर अपना ईश्वरत्व सिद्ध कर
दिया। अब मीमांसकों के मत का खण्डन करने के लिये उसी निरूपण का विस्तार कर रहे हैं। मीमांसकों का मत
है कि जीवों में अनेकता है, जीव ही कर्त्ता और भोक्ता है आदि। इसी का अब पूरी तरह खण्डन करते हैं।
गुणाः सृजन्ति कर्माणि गुणोऽनुसृजते गुणान्।
जीवस्तु गुणसंयुक्तो भुङ्क्ते कर्मफलान्यसौ ॥ ३१॥

२६० श्रीमद् एकनाथी भागवत
श्रीकृष्ण ने उद्धव से कहा, ये सभी ग्यारह इन्द्रिय अनेक प्रकार के कर्म करते हैं और आत्मा इन सबका
साक्षी रहता है। घर में दीपक जलते ही लोग अपना-अपना काम प्रारम्भ कर देते हैं। दीपक किसी को जलने के
लिये भी नहीं कहता और न जलने के लिये ही कहता है। उसी प्रकार यहाँ जीव की स्थिति है। अब आप कहेंगे
कि जिस प्रकार किसान कुल्हाड़ी लेकर पेड़ काटता है उसी प्रकार जीव इन्द्रियों को प्रेरणा देकर उनसे कर्म
करवाता है। लेकिन उसे इन्द्रियों की प्रेरकता बिलकुल सम्भव नहीं है। उसका वास्तविक कारण तुम्हें बताता हूँ,
सुनो। जो सत्त्वादिक गुण हैं वे ही इन्द्रियों को प्रेरणा देते हैं। जीव, गुण और इन्द्रिय इन दोनों का साक्षी है। उसे
कर्म की प्रेरकता नहीं होती। स्वयं प्रत्यक्ष स्पर्श न कर भी लौह चुम्बक अचेतन लोहे को गतिशील बनाता है उसी
प्रकार यहाँ जीव की स्थिति है अथवा सूर्य का उदय होते ही लोग अपने अच्छे-बुरे काम करने लगते हैं लेकिन
इसका प्रेरणास्रोत सूर्य नहीं होता। वह केवल कर्म के लिये साक्षी रहता है। उसी प्रकार जीव में वास्तव में कर्तृत्व
नहीं होता। ऊपर से जो भी कुछ दिखायी देता है वह केवल भ्रम है। पीलिया से जिसकी आँख प्रभावित रहती है
उसे चन्द्रमा भी पीला दिखायी देता है, उसी प्रकार जो मन्दबुद्धि हैं उन्हें ही आत्मा कर्त्ता होने का आभास होता
है। उनकी समझ में यह नहीं आता कि वह बिलकुल निश्चल है। बादल तीव्र गति से चलते हैं तो बच्चे कहते हैं
कि 'चन्द्रमा दौड़' रहा है। उसी प्रकार जो मंद बुद्धि होते हैं वे ही आत्मा को कर्त्ता मानते हैं। उपाधि के कारण
उन्हें यह भ्रम होता है। 'देह मैं हूँ' और 'कर्म मेरा है' यह बात आत्मा को स्वप्न में भी मालूम नहीं होती। यह
वैसा ही सत्य मानने की तरह है कि राजा मृगजल में डूब गया। सारांश आत्मा में किसी भी प्रकार की कर्तव्यता
नहीं होती यही सत्य है। अब यह भी असत्य है कि वह फल का भोक्ता है। स्वप्न में एक हजार गायें भी
दिखायी दें तो जागृत होने पर उनका दूध प्राप्त नहीं होता उसी प्रकार उपाधि के कारण आत्मा भी मिथ्या भोक्ता
है। गढ़े में प्रतिबिंबित सूर्य यदि उसके कीचड़ का सेवन करे तभी समझना चाहिये कि आत्मा भी देहरूप भोक्ता
है। प्रतिबिंबित होने वाले चन्द्रमा को यदि मृगजल की मछलियाँ निगलने लगें तो यह माना जा सकता है कि
आत्मा भी देह के कारण भोग भोगता है। सारांश, आत्मा को जो भोक्ता कहते हैं वह उपाधि के कारण है। लेकिन
उपाधि तो मिथ्या है, फिर आत्मा भोक्ता कैसे होगा? इससे सिद्ध होता है कि आत्मा भोक्ता भी नहीं है और कर्ता
भी नहीं है। अब जीव की अनेकता की जो बात कही जाती है वह भी मिथ्या है इसे अब सिद्ध करते हैं।
यावत् स्याद् गुणवैषम्यं तावन्नानात्वमात्मनः।
नानात्वमात्मनो यावत्पारतन्त्र्यं तदैव हि॥३२॥
जब तक जीव में सत्त्व रज तम का कोलाहल मचा रहता है तब तक जीव में अनेकता का भ्रम सच ही
मालूम होता है, अहंकार के कारण जब तब जीव को 'मैं' का आभास होता है, तब तक जीव अनेकता को सत्य
मानता है। लेकिन हे उद्धव, वह वास्तव में मिथ्या है। जिस प्रकार दर्पण हमें अपना ही चेहरा दिखाता है और दो
चेहरों का आभास कराता है, उसी प्रकार माया अविद्या के सहयोग से द्वैत का दर्शन कराती है। दर्पण में जो हमें
द्वैतप्रभाव दिखाई देता है वह आभास मिथ्या ही रहता है। वही आभास सामने रहने पर त्रिगुणों के विकार एक
होते हुए भी अनेक दिखायी देते हैं और वे गुणों के क्षोभ से सत्य मालूम होते हैं। हमें अपना एक ही चेहरा
चमचमाती तलवार में, दर्पण में तथा जल में क्रमशः लम्बोतरा, निश्चल तथा चंचल उस उपाधि के कारण मालूम
होता है। सारांश जिस प्रकार तीन प्रकार के कार्य विशेष के कारण हमें अपना चेहरा तीन प्रकार का दिखायी देता
है, उसी प्रकार गुणक्षोभ के कारण विविधता का होने वाला आभास झूठा है। वस्त्र में सूत ही बुना रहता है और
उस पर सूत की आड़ी-तिरछी पंक्तियाँ भी दिखायी देती हैं उसी प्रकार इस चराचर सृष्टि में अनेक आकारों में

दसवाँ अध्याय २६१
एक ही वस्तु भरी होती है। शर्करा का ईंख बना दिया जाय ऊपर का कठिन छिलका और भीतर सूखा और गन्ने
को निचोड़ कर रस निकाल लिया जाय इस प्रकार का त्रिगुण दोष उसमें नहीं होता। उसी प्रकार परमात्मा श्रीहरि
इस चराचर सृष्टि में अद्वितीय रूप में भरा हुआ है, सत्त्वादिगुणों के क्षोभ से ही उसमें अनेकत्व का आभास होता
है। जिस प्रकार बहुरूपिया अपने एक ही देह के अनेक रूप बनाता है उसी प्रकार सच्चिदानंद श्रीहरि आत्मरूप में
चराचर में एक ही होते हुए भी अनेक रूपों में दिखायी देता है। यही द्वैत का अद्वैत है। कुछ लोगों के मन में एक
शंका उपस्थित होती है, 'जीव अद्वैतरूपी है' यह तो हमें स्वीकार है लेकिन एक तरफ तुम ही कहते हो कि जीव
'पराधीन' है और अब कहते हो कि अद्वैत होने के कारण वह स्वतंत्र है। ये दोनों विचार परस्पर विरोधी हैं, उन्हें
सच कैसे माना जाय ? एक और अद्वैत का प्रतिपादन करते हो और उधर लोकपालों को भी मेरा भय है ऐसी बात
करते हो, यह बात हमारी समझ से परे है। अद्वैत को किसका भय है ? हे उद्धव ! यदि तुम्हारे मन में इस प्रकार
की शंका उपस्थित होती है तो उसे तुम्हारे मन का स्पर्श न होने दो। उसका रहस्य तुम्हें बताता हूँ, सुनो। जैसे-
जैसे जीव उपाधि से तादात्म्य प्राप्त करता है वैसे-वैसे उसे अनेकता का भास होने लगता है और जहाँ अनेकत्व
का आभास होता है वहाँ पराधीनता पहले ही उपस्थित हो जाती है। वहाँ फिर ईश्वर की सत्ता का नियंत्रण होता
है। प्रचण्ड सेना एकत्र होने पर भी वह सेनापति के बिना व्यर्थ है, रसीला आम कितना ही क्यों न पक जाय
लेकिन उसकी अच्छी सुरक्षा आवश्यक है, उसी प्रकार जब तक जीव को अनेकता का आभास होता है तब तक
सृष्टि के लिये उत्पत्तिकर्त्ता, संहारकर्त्ता तथा नियंता के रूप में ईश्वर सदैव रहता है और इस प्रकार जीव पराधीन
रहता ही है। अनेकता के कारण पराधीनता प्राप्त होती है इसीलिये नियंता ईश्वर रहता है। ईश्वर की ऐसी सत्ता
देखने पर जीवों को भय लगने लगता है। मेरी ईश्वरी सत्ता के भय से यम भी थर-थर काँपता है। फिर इन्द्रादि
देवताओं की क्या बात की जाय ? ब्रह्मदेव भी मुझसे डरते हैं। मेरी अंत प्रलय की सत्ता का प्रभाव हरिहर के
मस्तक पर भी पड़ता है। अनेकता का संहारक महाकाल मैं ही हूँ। इसीलिये जब तक अनेकत्व है तब तक काल
का भय भी दुःसह है और जब यह अनेकत्व ही समाप्त हो जाता है तो फिर काल किसका विनाश करेगा ?
सारांश अनेकत्व के माथे पर ईश्वरभय की काल सत्ता हैं। हे उद्धव ! उस अनेकत्व के कारण ही जीव को सदा
पराधीनता है। अनेकत्व जब समाप्त होता है तभी काल समाप्त होता है। फिर भय किसका रहेगा ? एकत्व में ही
स्वानंद होता है। जब द्वैत का मल न उठे तब सारी सृष्टि उसे ऐक्य रूप में ही दिखायी देती है। तब आत्मज्ञान से
स्वानंद की अगणित राशियाँ उपभोग के लिये प्राप्त होती हैं। निजात्म ज्ञान का अलौकिक और द्वैतभाव से रहित
अद्वैत सुख को छोड़ परममूर्ख कर्मवादी अनेक प्रकार के लोकों की इच्छा करते हैं। कर्मवादी अर्थात् लोकप्रवृत्त
ही अत्यन्त श्रेष्ठ है इसलिये कर्म करके ही उत्तम भोग भोगने चाहिये ऐसा पहले कहा गया था। इसी का खण्डन
कर उद्धव के मन में अद्वैत भावना दृढ़ करने के लिये भगवान उसी निरूपण को आगे बढ़ा रहे हैं।
यावदस्यास्वतन्त्रत्वं तावदीश्वरतो भयम्।
य एतत् समुपासीरंस्ते मुह्यन्ति शुचर्पिताः ॥ ३३ ॥
जिनमें गुण विषमता होती है वही नर भोगों के प्रति आसक्त होते हैं ऐसा समझ लो। वे ही नर यागादिक
कर्म कर भोग का स्थान भी प्राप्त करते हैं। लेकिन जिस लोक को भी वे प्राप्त करते हैं वहाँ से याज्ञिकों को पतन
होने का भय रहता ही है इसलिये वह लोक भी अशाश्वत है यह जान कर उस लोक का अधिपति भी दुःखी ही
दिखायी देता है। वह पद भी जाता है, वह लोक भी जाता है और भोगकर्म से भोग भी नष्ट होते हैं और किये
हुए कर्म तो व्यर्थ होकर वे अधःपतन से दुःखी होते हैं। घायल हुए व्यक्ति को चाबुक से मारने पर जैसी वेदना

२६२ श्रीमद् एकनाथी भागवत
होती है उसी प्रकार उसे जीवन-मरण के चक्र में घूमते समय अत्यन्त दुःख होता है और वह अघोर गर्भवास
भोगता है। रहट के कलशों के फेरे लगते रहते हैं, एक भरता है, एक खाली होता है उसी प्रकार यह भी जन्म से
लेकर मृत्यु तक इसी प्रकार चक्कर लगाता रहता है। बिच्छू के काटने से छटपटाने वाले की दाढ़ी में जैसे आग
लग जाय उसी प्रकार भोगक्षय से पतित होने वाले को गर्भ की पीड़ा भी सताती है। स्वर्गादि लोकों की अनित्यता
मालूम नहीं होती इसीलिये उन्हें अधिक दुःख भोगना होता है। संसार के भँवरजाल में फँसने के कारण ही उन्हें
कष्टों का फल दुःखों के रूप में प्राप्त होता है। जिन लोकों में भोगने के लिये भाग मिलते हैं उन लोकों को और
भोगों को अनित्य कहा जाय तो वह भी उचित, नहीं है क्योंकि भोगलोक यदि सत्य होते तो उन्हें 'अनित्य' कहा
जाता। जिस प्रकार रस्सी से सर्प का भ्रम होता है उसी प्रकार इन चौदह लोकों की स्थिति है। वह सारा माया का
ही खेल होने के कारण उसमें सुख का अंश कैसे होगा ? जो केवल मायामय है वहाँ भोगसुख कैसा ? कर्मठ लोग
मूर्ख होते हैं इसीलिये मायिक वस्तुओं की इच्छा करते हैं। मृगजल के तालाब में यदि चावल और केले की खेती
होती तो विषयभोग से सुख प्राप्त हुआ होता। लेकिन जो भ्रांत हैं उनकी समझ में यह बात नहीं आती। संसार तो
सारा भरा पूरा दिखायी देता है, उसे मायामय कैसे कहा जाय ? यदि तुम ऐसा समझते हो तो तुम्हें सहज भाषा में
बताता हूँ, सुनो !
कालआत्माऽऽगमो लोकः स्वभावो धर्म एव च।
इति मां बहुधा प्राहुर्गुणव्यतिकरे सति॥ ३४॥
यह संसार पूरी तरह मायामय एवं काल्पनिक है क्योंकि उसकी उत्पत्ति अज्ञान से ही है। मन में विकल्प
आने के कारण ही वह एक को अनेक कहता है। धतूरे का बीज खाने से बुद्धिमान व्यक्ति भी पागल हो जाता है
और उसे जो हैं ही नहीं ऐसे खरगोश, मछली, गौ, सर्प आदि का भास होने लगता है। उसी प्रकार माया के पाश
में फँसने के कारण उसे भ्रमवश अनेकत्त्व का भास होने लगता है। आकाश के बादलों को देखकर सुशोभित
नगर और किले दिखायी देने लगते हैं। अँधेरे में रस्सी देखकर वह कहने लगता है कि यह साँप है, यह लाठी है
या फूलों की माला हैं या कोई मोतियों का हार भूल गया है। उसी प्रकार मैं निजात्मा पुरुषोत्तम सर्वत्र होते हुए
मुझे नाना प्रकार के रूप देकर मुझे काल, आत्मा, वेद, स्वभाव, धर्म आदि के नाम से पुकारते हैं। प्रकृति क्षोभक
होने के कारण मुझे 'काल' कहते हैं। प्रकृति का नियामक होने के कारण मुझे 'आत्मा' कहते हैं, कर्म का प्रबोध
होने के कारण मुझे 'वेद' कहा जाता है और अदृष्ट का द्योतक होने के कारण मुझे 'धर्म' के नाम से पुकारा जाता
है। अदृष्ट को दृष्ट कर उसका भोग कराने के कारण उसे 'धर्म' कहते हैं। अब जिस कारण से उसे 'स्वभाव'
कहते हैं उसे भी जान लो। 'आत्मा-भोक्ता' इसी का नाम स्वभाव है। जिस परिणाम के कारण आत्मा, भोक्ता,
स्वभाव आदि का कारण बनता है, उसे स्वभाव कहते हैं। अनेक प्रकार के लोगों की प्राप्ति अदृष्ट का फल है।
मुझे 'लोक' कहने का भी यही कारण है। सारांश, मुझ अकेले को मूर्ख लोग व्यर्थ ही अनेक मानते हैं। दीवार
पर अनेक रंगों से यथातथ्य चित्र चित्रित रहता है जिससे दीवार नाना रूपों में दिखायी देती है, लेकिन वह
एकरूप ही रहती है। उसके अनुसार नाना प्रकार के रूप, नाना प्रकार के 'धर्म, 'नाना प्रकार के नाम तथा नाना
प्रकार के कर्म इन सबमें सदा सर्वोत्तम आत्माराम मैं हूँ। मेरे सिवा खाली जगह एक अणु के लिये भी नहीं है।
सारे देहों में सदासर्वदा मैं सर्वोत्तम आत्माराम ही हूँ। जिस प्रकार समुद्र में लहरें रहती हैं उसी प्रकार मुझमें सारा
जगत दिखायी देता है, लेकिन वह जगत नहीं स्वयं मैं ही हूँ और अव्यंग्य सुख मुझमें ही है। मैं शुद्ध बुद्ध मुक्त

दसवाँ अध्याय २६३
स्वभाव हूँ। फिर भी मुझे नाना प्रकार के सम्बोधन दिये जाते हैं। हे उद्धव ! जिसमें जैसा भाव होता है उसी के
अनुसार मैं उसका देवता बनता हूँ। जिसमें नास्तिक भाव रहता है, उसके लिये मैं कहीं नहीं रहता और जिसके
मन में आस्तिक्य बुद्धि होती है उसके लिये मैं सभी जगह उपस्थित रहता हूँ। भक्तिभाव से मुझे जो जहाँ देखता
है उसके लिये मैं वहीं उपस्थित रहता हूँ। देखो, मुझे प्राप्त करने के लिये विशेष प्रयास की आवश्यकता नहीं है।
सर्वात्मा, सर्वव्यापी एक मैं ही हूँ ऐसा जिसका निश्चयी भाव रहता है वही एक मेरा भक्त तथा मेरे ज्ञान का
तिलक है। वह यदि 'आत्मा' है तो मैं उसकी देह हूँ, मैं ध्याता हूँ और वह मेरा ध्येय है, मैं ज्ञाता हूँ और वह मेरा
शुद्ध ज्ञेय है, इतना वह मुझे प्रिय है। हे उद्धव ! जिसे 'एकात्मभक्ति' कहा जाता है, वह यही है। ज्ञानसम्पन्न ज्ञाता
इसी भक्ति से मेरा भजन करते हैं। उनमें और मुझमें अभेद प्रेम रहता है। इसलिये तुम भी इसी ढंग से भजन
करो। परमात्मा एक, नित्य और शुद्ध है, उसे मायामय संसार का बन्धन नहीं है और देहसम्बन्ध भी मिथ्या है इसे
ध्यान में रखो। यही मेरा सच्चा 'आत्मबोध' है। मिथ्या सम्बन्ध में ही जीव फँसता है और 'आत्मज्ञान' से उसकी
मुक्ति होती है। यह मैं तुमसे पहले ही कह चुका हूँ। वही बात अन्य मतों का खण्डन कर दृढ़ की। चौहदवें
श्लोक से चौंतीसवें श्लोक तक मीमांसकों के मतों का विस्तार से खण्डन किया। इस प्रकार विरुद्ध मत का
खण्डन कर अद्वैत मत की दृढ़ स्थापना की। चराचर में श्रेष्ठ यही सच्चा आत्मज्ञान है। यह शुद्ध और पवित्र अद्वैत
ज्ञान श्रवण कर उद्धव को बहुत प्रसन्नता हुई। उसके अंतःकरण में हर्ष की तरंगें एकत्र होने लगीं। उसने श्रीकृष्ण
की ओर देखा। वह प्रेम से विह्वल हो गया। वह चिंतन भूल गया, उसकी आँखों से प्रेमाश्रु बहने लगे। वह अपने
ही अस्तित्व को भूल गया। उद्धव क्षण भर के लिये अपना होश खो बैठा। इतने में अपने पर नियन्त्रण पाकर वह
श्रीकृष्ण के सामने आ गया। जो अद्वैत भजन करते हैं वही कृष्ण के प्यारे होते हैं इसलिये ऐसा अद्वैत भजन मुझे
कैसे प्राप्त होगा इस सम्बन्ध में वह श्रीकृष्ण से पूछने लगा।
उद्धव उवाच
गुणेषु वर्तमानोऽपि देहेष्वनपावृतः ।
गुणैर्न बद्ध्यते देही बद्ध्यते वा कथं विभो ॥ ३५ ॥
उद्धव ने कहा, हे कृष्णनाथ ! आत्मा जब शरीर में रहता है तो क्या वह वास्तव में बन्धन में रहता है या
नहीं रहता ? गुण रहते मुक्ति मिलती है या गुण जाने पर मुक्ति मिलती है? यही बात मुझे निश्चयपूर्वक और मुक्त
मन से बताओ। गुण रहते मुक्ति मिलती है यह बात बिलकुल असंगत है क्योंकि ज्वर के रहते कभी स्वास्थ्य
ठीक रहना सम्भव नहीं है या कीड़ा लगने पर पेड़ नहीं बढ़ सकता। शरीर में पत्थर बाँधकर समुद्र में कौन तैर
पायेगा? उसी प्रकार जब तक शरीर में तीन गुण हैं तब तक मुक्ति कैसे मिलेगी? रज तम आदि जो गुण हैं उनका
कार्यक्षेत्र देह है इसलिये वह बिना हिचक गुणों जैसे ही कर्म करता है। इसलिये उन कर्मों का जो फल है, जो
सुख-दुःख है उसे भोगना आवश्यक हो जाता है और ज्ञानी लोग तो कहते हैं कि गुणों को मुक्ति नहीं है। हे
कृष्ण ! यदि यह कहें कि गुण जाने पर मुक्ति मिलेगी तो वह भी सम्भव नहीं है। हे करुणानिधि ! इस सम्बन्ध में
मैं आपसे विनती करता हूँ उसे सुनो। गुणों का कार्य है देह के इन्द्रिय, गुण जाने पर देह का रहना वैसे ही है जैसे
भूमि विहीन वृक्ष। कारण समाप्त हो जाय और कार्य शेष रह जाय, क्या यह सम्भव है ? गुण जाने पर देह जायेगा
ही फिर मुक्त नर कैसे आचरण करेगा ? सारांश, गुण रहें या न रहें तो भी मुक्ति कभी प्राप्त नहीं होगी ऐसा मेरा
विचार है। इसलिये हे कृष्णनाथ ! इसी के सम्बन्ध में मैं तुम्हारा विचार पूछता हूँ। हे जगन्नाथ ! मैं पुनः आपसे

२६४ श्रीमद् एकनाथी भागवत
ऐसी विनती करता हूँ कि गुण और आत्मा कभी एक साथ नहीं रह सकते। जिस प्रकार मृगजल से भरे तालाब में
चन्द्रमा का प्रतिबिम्ब नहीं पड़ेगा उसी प्रकार आत्मा कभी गुणों से बँध नहीं सकता क्योंकि गुणों का स्पर्श भी न
करना उसका स्वभाव धर्म है। गुण है अज्ञान की रात्रि और आत्मा स्वयंप्रकाश सूर्य है। उसके सामने वे आयें भी
तो कैसे ? और उसे बाँधें भी तो कैसे ? अन्धकार यदि सूर्य को निगल सकेगा, कौआ यदि कैलाश पर्वत पर
पहुँचेगा, बगुला यदि मारुति को जर्जर कर पायेगा या मच्छर हाथी को खायेगा मक्खी के पंखों से यदि आकाश
उड़ जायेगा, मेरु पर्वत यदि जलकुण्ड में डूब जायेगा या मृगजल में जहाज डूबेगा तभी आत्मा गुणों के बन्धन में
बद्ध होगा। जिस प्रकार आकाश जाल में नहीं फँसता उसी प्रकार आत्मा भी गुणसमुदाय में नहीं फँसता। फिर
सुख-दुःख का अनुभव गुणों के कोलाहल में वह कैसे भोगेगा ? इस प्रकार विचार करें तो आत्मा किसी बन्धन में
नहीं पड़ता फिर मुक्ति की बात क्यों की जाय ? अतः हे श्रीकृष्णनाथ बद्ध-मुक्त अवस्था किसे प्राप्त होती है
बतायें। सारांश, यहाँ बन्धन होने का क्या कारण है ? और मुक्त नर का क्या लक्षण है ? तात्पर्य बद्ध और मुक्त का
सविस्तार लक्षण मुझे बतायें।
कथं वर्तेत विहरेत् कैर्वा ज्ञायेत लक्षणैः।
किं भुञ्जीतोत विसृजेच्छयीतासीत याति वा ॥ ३६॥
हे श्रीपति ! अब मुझे बद्ध और मुक्त की स्थिति बतायें। वे दोनों किन लक्षणों से और कैसे पहचाने जायेंगे ?
उसी प्रकार विदेह स्थिति प्राप्त होने के बाद वे देह में किस प्रकार विचरण करते हैं ? मुक्तता प्राप्त करने के बाद
वे देह से भोग कैसे भोगते हैं ? उनके त्याग की छाप कैसी रहती है यह भी बतायें ? हे श्रीकृष्ण ! इसे भी बतायें
कि उनकी निद्रा का क्या लक्षण है ? उनका आसन कैसा रहता है ? पूर्ण परब्रह्म जानने के बाद उनका विचरण
किस प्रकार का होता है ? ऐसे जो मुक्तों के लक्षण होंगे और बद्धों के उनसे अलग दीखने वाले लक्षण क्या हैं वह
भी कृपा करके मुझे बतायें।
एतदच्युत मे ब्रूहि प्रश्नं प्रश्नविदां वर।
नित्यमुक्तो नित्यबद्ध एक एवेति मे भ्रमः ॥ ३७॥
हे सर्वश्रेष्ठ वैकुंठाधिपति गोविन्द ! इन प्रश्नों के उत्तरों की मुझे बड़ी उत्कंठा लगी हुई है, आप उनके
समुचित उत्तर देने में समर्थ एवं श्रेष्ठ हैं। यह गुणों का सम्बन्ध अनादि काल से चलता चला आ रहा है इसलिये
आत्मा 'नित्यबद्ध' हो गया है। इसलिये 'नित्यमुक्त' यह शब्द बिलकुल असंगत लगता है। आत्मा को यदि
नित्यमुक्तता प्राप्त हो तो 'बंधन' शब्द का उच्चार ही नहीं करना चाहिये। एक ही को 'बद्ध' और 'मुक्त' कहें तो
हे श्रीकृष्ण ? मुझे इसमें भ्रम लगता है। हे श्रीकृष्ण, आत्मा तो सचमुच एक है। उस एक की ही बन्धन और मुक्ति
ये दो अवस्थायें कैसी होंगी ? जो तृप्त हुआ है वही भूखा, जो जागृत है वही सोया हुआ, जो जीवित है वही मृत
इस बात को कैसे सच माना जाय ? जो काला है वही सफेद, जो आँख वाला है वही अन्धा, जो आधा है उसे
पूरा कैसे कहा जाय ? कैरैले की बेल में केला कैसे उत्पन्न होगा ? नमकीन नमक बिना, सूखा पानी, शीतल और
भीषण अग्नि, गूँगा हो उसे वाचाल कैसे कहा जाय ? साड़ी ही नग्न होने के कारण लज्जा करे, अन्न ही भूख के
कारण व्याकुल हो, मुक्त को ही मुक्ति का अकाल, कर्पूर को ही सुगन्ध नहीं है यह कैसे कहा जाय ? उसी प्रकार
संत को ही असंत, अद्वैत को ही द्वैत, हित ही अनहित है ऐसा अब हमें लगने लगा है। आत्मा नित्यमुक्त हैं तथा
वह शुद्ध और ज्ञानस्वरूप है, यह आपने ही बोध कराया था और वही गुणों की संगति से बद्ध होता है ऐसा

दसवाँ अध्याय २६५
आपने बोध कराया। इससे मैं बड़ी असमंजस में पड़ गया हूँ। भगवन्! एक ही को एक ही समय बन्धन और
मुक्ति कैसे होगी? हे अनंत! आप कृपालु हैं। इसलिये इसमें सत्य क्या है यह बतायें। मुक्ति को आप आगंतुक
कहें तो मोक्ष अनित्य हुआ और बन्धन को आगंतुक कहें तो उसका आदि भी हुआ। पहले बन्धन था ही नहीं वह
आज से उत्पन्न हुआ इस प्रकार यदि कहा जाय तो वह शास्त्रार्थ के विरुद्ध होगा। श्रुति, स्मृति और शास्त्रों के
अनुसार मुक्ति और बन्ध अनादि सिद्ध हैं और आत्मा एक होते हुए उसकी ये दो अवस्थाएँ? और वे भी एक
दूसरे के विपरीत? यह बात कितनी विचित्र है? यदि बद्धता बढ़ती है तो वह मुक्ति का छल करेगी और मुक्ति
बिफर जाय तो वह बन्धन को को भी निगल लेगी। ये परस्पर विरोधी स्थितियाँ आत्मा के पास किस तरह रह
पाती हैं? यदि शाम को भोर होगी तभी विद्या और अविद्या एक होगी, सूर्य यदि अन्धकार की गठरी बाँध दे तंभी
ये अवस्थायें आत्मा के साथ रहेंगी। हींग को यदि कर्पूर की गन्ध आने लगे, यदि अविद्या विद्या के बीच आये,
खरगोश यदि शेर पर टूट पड़े तभी ये अवस्थाएँ आत्मा के साथ रहेंगी। उद्धव ने कहा, "हे कृष्णनाथ! ये दो
अवस्थाएँ कैसी हैं यह समझ में आ जाय तो समझो मुक्ति भी हाथ लग गयी, ऐसा मैं निःसन्देह समझता हूँ।"
उसने पुनः कहा, भगवन्! तुम ही मोक्षदाता हो, इसलिये मुझे वे अवस्थाएँ स्पष्ट करके बतायें। इतना कह कर
उसने उनके चरणों पर मस्तक रख दिया। उद्धव का यह मार्मिक प्रश्न सुनकर नारायण परम संतुष्ट हुए। मेरा
उद्धव अब ज्ञानी हो गया इस विचार के मन में आते ही वे आनन्द से डोलने लगे। परमार्थ के प्रति उसकी
छटपटाहट तथा उसके प्रश्न का महत्त्व ध्यान में लाकर वे अपनी काया उद्धव पर न्यौछावर करने के लिये तैयार
हो गये। भगवान् भक्तों के वचन का कभी उल्लंघन नहीं करते। इसके लिये उन्होंने अपने गुप्त ज्ञान का भण्डार
खोल दिया। सचमुच, जब परमेश्वर प्रसन्न होता है तो वह भक्तों पर अपार कृपा ही करता है। उद्धव का प्रश्न
गहरा होने के कारण जगजीवन कृष्ण कृपा से द्रवित हो उठा। एका जनार्दन (एकनाथ) विनयपूर्वक बताता है
कि वह आनन्द का मेघ ही बन कर आया। उसकी वृष्टि से अब शिष्यरूप नदी में आनन्द की बाढ़ आयेगी
जिसके फलस्वरूप शिष्य ज्ञानगंगा के समुद्र से जा मिलेगा। संसार की आस्था छोड़कर जो भक्तिमार्ग पर चल
पड़ा वही इस भागवत का सच्चा अधिकारी है और वही परमार्थ का वास्तविक ग्राहक है और जिसके पेट में
संसार की ही चिन्ता है, उसके मन में यह कथा सुनकर विपरीत भावनाएँ उत्पन्न होंगी क्योंकि चित्त जिस चीज
का चिन्तन करता है वैसे ही होता है। जब तक चित्त सावधान और स्थिर नहीं है तब तक भागवत समझ में नहीं
आयेगा। उसी प्रकार गुरु के बिना भागवत का अर्थ प्राणियों की समझ में नहीं आयेगा। जो संसार से विरक्त होगा,
जो गुरु-चरणों के प्रति अनुरक्त होगा उसे ही परमार्थ प्राप्त होगा और उसे ही भागवत की फलप्राप्ति होगी।
श्रीकृष्ण का मुख देखकर ही उद्धव को नित नया समाधि सुख प्राप्त होता था, फिर भी और अधिक सुनने की
उसे इच्छा थी, इतनी महान थी उसकी श्रद्धा। जिसका वेदों ने भी प्रतिपादन किया है ऐसा वह ज्ञानस्वरूप
परमात्मा श्रीकृष्ण, जिसका गुह्यज्ञान बार-बार सुनने को मिले इसलिये उसने नितांत योग्य प्रश्न ही पूछा था। अब
भगवान श्रीकृष्ण विद्या और अविद्या का निराकरण करेंगे। यह अगला अध्याय बहुत सरस है। श्रोतागण मेरी ओर
ध्यान दें। श्रीकृष्ण और उद्धव के बीच हुए संवाद की कथा अत्यन्त आह्लाद देने वाली है। इससे एका जनार्दन
(एकनाथ) में भी महाज्ञान और परमानंद प्रकट होगा।
इति श्रीमद्भागवते महापुराणे श्रीकृष्ण उद्धव संवादे
परमहंस संहितायां एकाकार टीकायां दशमोध्यायः ॥ १० ॥
श्री कृष्णार्पणमस्तु ।

ग्यारहवाँ अध्याय
श्री गणेशाय नमः! श्री कृष्णाय नमः! हे ओंकाररूप श्री गुरु! तुम्हें नमस्कार है। तुम सत् और चित् के मेघ
हो। तुम स्वानंद जीवन की वृष्टि करते हो जिससे मुमुक्षुरूपी मयूरों को आनन्द होता है और वे हर्ष से नाचने
लगते हैं। उन सजल मेघों को देखकर वे 'सोऽहं' अर्थात् 'मैं ब्रह्म हूँ' का आर्तनाद करने लगते हैं और
रोमांचरूपी पंख खोलकर अत्यन्त तीव्र गति से सत्त्व का नृत्य करने लगते हैं। स्वानंद के आवेग में नृत्य करने के
कारण उनके सारे शरीर में बड़ी-बड़ी आँखें उभर आती हैं और वे सारे पंख शोभित हो जाते हैं, इसीलिये
श्रीकृष्ण उन पंखों को मस्तक पर धारण करते हैं। वह मेघ सामने देखकर आर्त (भक्त मुमुक्षु) रूपी चातक मुँह
खोलते हैं। मुँह में एक बूँद पड़ते ही वे सुखी तथा नित्य निर्दोष हो जाते हैं। आर्त की तृष्णा तत्काल दूर होती है।
वे स्वानंदजल से तृप्त होकर हर्षोल्लास के साथ सुख का उपभोग करते हैं। उत्तम और निर्मल भूमि देखकर,
उचित समय पर वे मेघवृष्टि करते हैं। उनकी वह सतत और प्रचण्ड वृष्टि शुरू होने पर जल की अनगिनत लहरें
उठने लगती हैं। उस कृपारूपी वर्षा की शुरुआत होते ही शिष्यरूप नदी में बाढ़ आ जाती है। विकल्परूपी कूड़ा
वह बाढ़ अपने प्रवाह में बहा ले जाती है। अनन्तर वह निर्मल प्रवाहयुक्त नदी चिदैक्‍य सागर में जा मिलती है
और उससे समरस होकर आत्मस्वरूप में स्थिर हो जाती है। फिर वैराग्य से शुद्ध की हुई भूमि अपनी ही आर्द्रता
से गीली हो जाती है और मृदु हो जाती है। लेकिन उसमें बीज अंकुरित नहीं हुए होते ऐसी उस भूमि पर जब
जल की निरन्तर वर्षा होने लगती है तो वासनारूपी ढेले गलने लगते हैं और सद्भाव की आर्द्रता मिलने से ज्ञान
की वाष्प निकलने लगती है। तब वहाँ आत्मबीज बोये बिना ही अपने आप परिपूर्ण अंकुर निकल कर खेत में
फसल स्वयमेव तैयार हो जाती है। बालों में दाने स्वाभाविक रूप से ही स्वस्थ्य एवं पुष्ट रहते हैं। परमकूपा से
पोषण से पुष्ट होकर समदृष्टि के बाल पकने लगते हैं। परमानन्द से सृष्टि भर जाती है। जीव और शिव एकरूप
हो जाते हैं। दुःखरूपी अकाल समाप्त होकर सुख के सुकाल का उदय होता है। कृपाधन सद्गुरु जब कृपा की
वर्षा करने लगते हैं तो सच्छिष्यों में हर्ष का कोलाहल शुरू हो जाता है। आत्मज्ञानरूपी पर्जन्य की जब वर्षा होने
लगती है तो साथ ही अवताररूपी ओलों की भी वर्षा होती है। वे ओले कार्य के अनुरूप आकार प्राप्त कर अन्त
में निराकार में विलीन हो जाते हैं। उस पर्जन्य के तुषार यदि दैवयोग से जड़मूढ़ पर पड़ जाएँ और उसका एक
बूँद भी सहसा उसके मुँह में पड़ जाय तो वह संतों की सभा में सम्मान पाता है। श्री हरिरूपी सद्गुरु महामेघ की
जिस पर कृपा हो जाय वही चराचर में धन्य होकर देवताओं में तथा मानवों में भी पूजनीय बन जाता है। 'गुरु'
शब्द का अर्थ भारी (वजनी) है। लेकिन वह इतना हलका है कि भवसागर में स्वयं तैर कर शिष्य को भी पार
कराता है। उसका आदि, मध्य और अन्त वेद भी नहीं जान पाये। यह वही सद्गुरु आनन्दघन जनार्दन है जिसने
मेरा एकाकीपन दूर कर इस एक एका को (एकनाथ) को पावन कर दिया और देखो! आत्मज्ञान का बोध
कराकर जो एक है वही अनेक है और जो अनेक है वही एक है यह निश्चित कर दिया। निजआत्मैक्य का ज्ञान
कराकर उसी ऐक्य से भक्ति मार्ग पर लगा दिया और अपनी ही कथा सुनाने के लिये मुझे श्रीभागवत सुनाने के
लिये खड़ा कर दिया। भागवत की कथा यही है कि दशम अध्याय के अन्त में उद्धव ने श्रीकृष्ण को बद्धों की
और मुक्तों की व्यवस्था के बारे में पूछा। उद्धव का प्रश्न अत्यन्त जटिल था। उसे सुनने के बाद अब श्रीकृष्ण
अपने अंतःकरण का गुह्य ज्ञान उद्धव को बताने वाले हैं। वे प्रश्नोत्तर श्रवण करने से जन्ममरण के फेरे समाप्त हो

जायेंगे, संसार की छत टूट जायेगी और विषयों का लेनदेन भी समाप्त हो जायेगा। मोक्षमार्ग के यात्री जो बेचारे
अनेक साधन अपना कर थक गये, उन्हें भी बंधमोक्ष की प्रतियोगिता जीतने के लिये शीघ्र यहाँ आना चाहिये
और भी जो जप-तप आदि साधन कर अथवा ध्येयध्यानादि अनुष्ठान करके हैरान हुए हों उन्हें भी शीघ्र यहाँ
आकर इस साधन से ज्ञान-अज्ञान पर विजय प्राप्त करनी चाहिये। ऐसी यह कथा नितांत जटिल है। इसलिये
श्रोताओं को सावधान होना चाहिये। एकनाथ विनती करता है कि आज स्वानंदघन जनार्दन प्रसन्न हो गये हैं। इस
ग्यारहवें अध्याय में बद्ध और मुक्त का भेद तथा साधु का लक्षण इसके बारे में श्रीकृष्ण बतायेंगे। इसी क्रम में
प्रसंग के अनुसार भक्ति का लक्षण तथा ग्यारह पूजा के अधिष्ठान का श्रीहरि निरूपण करेंगे।
श्री भगवानुवाच
बद्धो मुक्त इति व्याख्या गुणतो मे न वस्तुतः।
गुणस्य मायामूलत्वान्न मे मोक्षो न बन्धनम् ॥१॥
हे उद्धव! यदि तुम बद्ध और मुक्त अवस्थाओं को सच मानते हो तो यह सच नहीं है। सुनो, मैं तुम्हें
बताता हूँ। सच पूछो तो मेरे स्वरूप में बद्ध और मुक्त ऐसी अवस्थाएँ हैं ही नहीं। वह सब गुणों के कार्य का
परिणाम है। उनका सम्बन्ध मुझ से नहीं है। मेरे आत्मस्वरूप में न बद्धता है न मुक्तता है। गुणों के कार्यों से ही
गुणों में बद्धता का और मुक्तता का भास होता है। गुण समूल मायावी हैं। मैं माया से विरत, गुणातीत हूँ। सत्य
पर यदि असत्य की बाधा हो जाय तो सारे लोग मृगजल में भी डूबेंगे। चित्त में बनी हुई आग से गाँव जल कर
भस्म होंगे, या स्वप्न के सिक्कों से सांसारिक लेन-देन होगा अथवा जब सूर्य को उसका प्रतिबिम्ब निगल
जायेगा, पुरुष को उसकी छाया बाँध देगी, समुद्र यदि मृगजल में डूब जायगा तभी मैं गुणों की त्रिगुट मुझे बाँध
पायेगी। जीभ पर यदि केश उग आयें, हथेली पर यदि पेड़ उग जायें, आँख में यदि पर्वत घुस जाये, तभी मैं
गुणों के मेल से जकड़ा जाऊँगा। आकाश को यदि कुदाल खरोंच सके अथवा वायु के ललाट पर काजल चढ़े
या बिजली के मस्तक पर लोग सेहरा बाँधे या आकाश टूट कर समुद्र में गिर पड़े पर्वत के साथ सारी पृथ्वी हवा
से उड़ जाये, सूर्य अन्धकार में लड़खड़ाकर गिर पड़े तभी मैं गुणों में दिखाई पडूँगा। अधर में लटकते आकाश
में सरोवर हो, उसमें अनेक प्रकार के मनोहारी कमल खिल उठें और उनका मकरंद भ्रमर सेवन करें ऐसा यदि
सम्भव होगा तभी मैं आत्म गुणों के मेल से नाना प्रकार के विषयों का भोग कर फिर उन विषयों के लालच से
स्वयमेव उन गुणों से बँध जाऊँगा। तीन गुणों के अधीन रहकर कार्य करने से गुणकार्यों से तादात्म्य हो जाता है।
उससे भ्रान्तों को बद्ध और मुक्त इन अवस्थाओं का व्यर्थ ही आभास होता है। तुम कहोगे कि यदि गुण और
आत्मा ये अलग हैं इसे सच मान भी लें तो गुणों के साथ रहने से आत्मा अवश्य ही विकारग्रस्त हो जायेगा।
लेकिन भाई! जिस प्रकार अग्नि के कारण बर्तन गरम होता है, उसके कारण पानी गरम होता है और पानी गरम
होने से खाना पकता है, उसी प्रकार आत्मा विकार मुक्त होता है। अग्नि के ताप से आकाश गरम नहीं होता उसी
प्रकार आत्मा गुणों के साथ रहने पर भी विकार मुक्त रहता है। बहुरुपिया अन्धा दिखाई देने पर भी अन्धा नहीं
होता उसी प्रकार आत्मा गुणों के साथ विचरता दिखाई देने पर भी अपनी निर्गुण अवस्था में ही अवस्थित रहता
है। बहुरूपिया अन्धेपन के अपने अभिनय से सचमुच का अन्धा नहीं बन जाता, उसी प्रकार आत्मा भी गुणों के
मेल से बद्ध नहीं हो जाता क्योंकि ये गुण मायावी हैं और आत्मा शुद्ध है। उनका और इसका किसी भी अर्थ में
कोई सम्बन्ध नहीं है। आत्मा व्यापक है और गुण सीमित। इस दृष्टि से भी उसे कोई बन्धन सम्भव नहीं है

२६८ श्रीमद् एकनाथी भागवत

क्योंकि कलश में समुद्र कैसे समा सकेगा ? राई में पर्वत कैसे रह पायेगा ? अंजुली में यदि पृथ्वी समा सकेगी
चिऊँटी यदि हाथी को निगल पायेगी, जुगनू यदि सूर्य को अपना ग्रास बना पायेगा, मक्खी यदि ब्रह्माण्ड को
अपनी बगल में दबा सकेगी, पतंगा प्रलयानल को स्वाहा कर पायेगा तो आत्मा को गुण एकत्र होकर अपने पाश
में बाँध सकेंगे। इस प्रकार बद्धता प्राप्त होना यही असम्भव बात है। बद्धता जाते ही उसके साथ मुक्तता भी
गयी। लेकिन मैं आत्मा के रूप में जो हूँ वह सचमुच बद्ध-मुक्त अवस्थाओं से परे हूँ। स्वप्न का पुण्यात्मा
अथवा महापापी दुष्ट ये दोनों ही जागृत होने पर जिस प्रकार मिथ्या मालूम होते हैं उसी प्रकार आत्मा में भी
बद्धता और मुक्तता ये दोनों मिथ्या हैं। इसलिये जीवात्म पर बद्धता का जो आरोप किया जाता है वह सच नहीं
है। फिर मुझ परमात्मा को बद्ध-मुक्त अवस्था कैसी ? बिम्ब अथवा प्रतिबिम्ब में मल नहीं है लेकिन वह दर्पण
की काँच पर लगा होने के कारण वह देह पर ही लगा है ऐसा लगता है। यदि उसे साफ करना हो तो दर्पण को
ही रगड़ना होगा। ऐसा न कर प्रतिबिम्ब को साफ करने का प्रयत्न करना उचित नहीं होगा। उसी प्रकार जीव
और शिव में दोष नहीं होता वह अंतःकरण में होता है। अंतःकरण को ही शुद्ध करने से बन्ध और मोक्ष दोनों
की ही छुट्टी हो जाती है। उसी प्रकार गुणों के कारण उत्पन्न होने वाले जो अनेक प्रकार के दोष हैं वे सब
अविद्यात्मक हैं। मूर्ख लोग अपनी स्थूल बुद्धि से उन्हें जीव की देह के साथ जोड़ते हैं। प्रबल हो गये गुण जब
सद्बुद्धि से झड़ जाते हैं तभी अविद्या के कारण लगे हुए दोष नष्ट होते हैं और अविद्या ही निर्मल सविद्या हो
जाती है, जीव शिव होकर रहता है। जीव और शिव ये दोनों जब मुझमें एकरूप हो जाते हैं तब मुझ अकेले के
सिवा इस जन में या वन में कुछ शेष नहीं रह जाता। जीवभावना से देखें तो मैं ही जीव हूँ और शिवभावना से
देखें तो मैं ही शिव हूँ। मैं एक भी नहीं हूँ और अनेक भी नहीं हूँ।, मेरा अनुभव मैं ही जानता हूँ। अब यहाँ तुम
ऐसी शंका करोगे कि यदि जीव और शिव दोनों तुम ही हो तो फिर केवल शुकवामदेव ही क्यों मुक्त हैं? और
दूसरों को जड़ जीव क्यों कहते हैं ? जीव के रूप में भी जब सचमुच तुम ही हो तो फिर यह भेदभाव क्यों है ?
शुकवामदेवों की यह अवस्था वेदशास्त्र सम्मत है। वेदवाक्य की तो तीनों लोकों में मान्यता है, इसलिये यह बात
कुछ विचित्र-सी लगती है और इसलिये असत्य है ऐसा यदि तुम कहोगे तो वह ठीक ही है। वेद कहता है वही
सच है। वेद का वचन मेरा श्वासोच्छ्वास है लेकिन जो मैं अपने मुँह से कहता हूँ उसे तुम झूठ क्यों कहते हो ?
वेदों को भी वाणी देने वाला, सभी शास्त्रों का रचयिता मैं उसके भाषण की तुम असत्य कहते हो और स्वयं को
बड़ा बुद्धिमान समझते हो। वेदों के तीन खण्ड हैं, कर्मकाण्ड, उपासना काण्ड और ज्ञानकाण्ड ! पाखण्डी नर उसे
वेदवाक्य के बल पर ही मुँह बजाता है। वेद के कारण ही अनेक मतभेद तथा विवाद उत्पन्न होते हैं। लेकिन वेद
केवल मेरा परोक्षवाद है। उससे तत्त्वज्ञान का बोध कैसे प्राप्त होगा ? शब्दज्ञान और ब्रह्मज्ञान बाह्य दृष्टि से एक
से लगते हैं। जिस प्रकार एक तोला और एक तोला सुवर्ण भार एक से होते हैं लेकिन दोनों के मूल्य में कभी
बराबरी नहीं हो सकती उसी प्रकार वेदवाक्य और ब्रह्मस्वरूप का अनुभव ये दोनों एक से नहीं हैं। जिसे हरिहर
भी स्वीकार करते हैं, उसकी बात को तुम प्रमाण नहीं मानते हो यह केवल तुम्हारा ज्ञानाभिमान है। इस अभिमान
का त्याग करो। मेरा भाषण सत्य का भी सत्य है इसे निश्चित रूप से जान लो। तभी परमार्थ सिद्ध होगा। मेरे
इस वचन को ब्रह्म का लेख समझो। हे उद्धव ! मेरे विचार से वसिष्ठ वामदेव की. बातों में बद्ध और मुक्त का
कोई भेद नहीं है। यही मेरा सच्चा आत्मानुभव है। मुक्तों की दृष्टि से देखें तो सारी सृष्टि मुक्त दिखाई देगी
इसलिये शुक और वामदेव की बात अलग कैसे होगी ? बद्धमुक्त से भिन्न मैं चिद्धन परमात्मा हूँ। अगर तुम यह
कहते हो कि जीव को भी बन्धन है तो वह भी सच नहीं है।

ग्यारहवाँ अध्याय २६९
शोकमोहौ सुखं दुःखं देहापत्तिश्च मायया।
स्वप्नोयथाऽऽत्मनः ख्यातिः संसृतिर्न तु वास्तवी ॥ २ ॥
स्वप्न की स्थिति दो मुहूर्त ही रहती है लेकिन उतने समय में अनेक जन्मों तथा अनेक जातियों के लोग
दिखायी पड़ते हैं। उसी प्रकार संसार तथा उसके अनुभव मिथ्या हैं। व्यर्थ का आभास वहीं विलीन हो जाता है
जिससे देह में भीषण हाहाकार मच जाता है। इसी को शोक कहते हैं। टूटे हुए बर्तन में पानी भरने पर उसमें
चन्द्रमा का प्रतिबिम्ब दिखाई देने लगता है तो बालक उसे अपने सीने से चपका लेता है लेकिन शीघ्र ही पानी
बह जाता है और प्रतिबिम्ब लुप्त हो जाता है। इससे बालक छटपटाने लगता है। इसी का नाम है 'शोक'। अथवा
गागर में चन्द्रमा का बिम्ब जब बालक के हाथ में नहीं आता तो वह जो दुःख प्रकट करता है उसका ही नाम है
'शोक'। जो नहीं है उसी के प्रति वह 'मैं' और 'मेरा' का भाव प्रकट करता है वही 'मोह' का कारण है। उसी
अवसर पर भीषण ममता उत्पन्न होती है। मृगजल का तालाब देखकर उसमें केले की फसल तैयार होगी इस
आशा से मृगतृष्णा के उस जल की आठों पहर रखवाली करता है। कोई उधर से गुजरता है तो उससे झगड़ा
करने लगता है। इस मोह में अन्धा होने के कारण उससे सत्य का विवेक नहीं हो पाता। उसी प्रकार माँ-बाप
कहते हैं कि पुत्रप्राप्ति से सुख लाभ होगा इस भ्रम से वह उनके मोह में पड़ा रहता है क्योंकि अन्त में लड़के
उन्हें अँगूठा ही दिखाते हैं। गन्धर्वनगरी की रचना देखकर उसके मन में अभिलाषा उत्पन्न होती है और उसे प्राप्त
करने के लिये वह बड़ी शीघ्रता से सेना तैयार करता है। उसी प्रकार देह का अभिमान मिथ्या है। देहसम्बन्धी
ममता बहुत कठिन होती है। प्राणियों में ममता का अभिमान लगा रहता है, वही मोह का मूल कारण है। सारांश
'अहं' और 'ममता' ही मोह के माता-पिता हैं। उन्हीं के मेल से जागृत 'मोह' बढ़करु लोगों को भुलावे में
डालता है। कोई विष स्वाद में मधुर रहता है इसलिये अपने प्रिय विषयों के प्रति आसक्ति रखते हैं और, जब
अनेक बार उसकी प्राप्ति होती है तो उसे 'सुख' इस नाम सम्बोधन करते हैं। विषयलाभ से जो हर्ष होता है उसे
ही वे 'सुख' कहते हैं और विषय का नाश होते ही उसे 'दुःख' और 'असुख' कहने लगते हैं। शोक, मोह, सुख,
दुःख आदि से ही 'देह की प्राप्ति' होती है। देहाभिमान के कारण ही अनेक दुःखदायी देह धारण करने पड़ते हैं।
वह जिस तीव्र ध्यान से मरता है उसी रूप में जन्म लेता है अथवा जो अत्यन्त द्वेष के कारण करता है वह द्वेषरूप
में ही जन्म लेता है। सर्प और नेवले की पूर्वजन्म की वृत्ति बैर की ही होती है इसलिये वे बैरी के ही रूप में
जन्म लेते हैं। मृत्यु के समय जो वासना शेष रहती है वही गति प्राणी को प्राप्त होती है। इसलिये अन्तःकरण में
अन्त समय जो प्रबल वासना उत्पन्न होती है वही गति उस प्राणी को प्राप्त होती है ऐसा वेद और पुराण भी बताते
हैं। पुरुष के साथ जिस प्रकार छाया मिथ्या है, उसी प्रकार ब्रह्म में माया भी मिथ्या है। वही गुणकार्यों को उत्पन्न
करती है और देह का आभास उत्पन्न करने का मूल भी वही है। जिस प्रकार स्वप्न में मन अकेला होने पर भी
वह अनेक प्रकार के रूप धारण करता है उसी प्रकार चैतन्य का जो अन्यथा आभास है वही चराचर है। सारांश
संसार का सचमुच ही कोई अस्तित्व नहीं है। फिर सुख और दुःख कैसा ? जरा देखो। बिना देह के छाया
किसकी रहेगी ? जिसने जन्म ही नहीं लिया वह काला है या गोरा कैसे कहा जाय ? सारा कुछ स्वप्न की तरह है,
संसार का वास्तविक अस्तित्व नहीं है। इस प्रकार इन दो श्लोकों में वस्तुविरोध का अच्छे ढंग से निरूपण किया।
अब प्रतीती से जो अनुभव प्राप्त होता है वृह सत्य में बाधक नहीं होता। आँख पर उँगली रखने से दो चन्द्रमा
दिखाई देते हैं लेकिन आकाश में दो चन्द्रमा नहीं होते, उसी प्रकार निराकार में मिथ्या आभास होता है।

२७० श्रीमद् एकनाथी भागवत
विद्याविद्ये मम तनू विद्ध्युद्धवशरीरिणाम्।
मोक्षबन्धकरी आद्ये मायया मे विनिर्मिते ॥ ३॥
जिसका आत्मज्ञान की तरह अनुभव होता है, 'अहं ब्रह्मास्मि' की निरन्तर भावना रहती है, वही 'शुद्ध
विद्या' है और वही अविद्या का नाश करने वाली है ऐसा समझ लो। मैं 'पापी', 'अभागा' यही भावना जहाँ
प्रस्फुटित होती रहती है, वही भावना 'अविद्या' है जो अनेक प्रकार के सन्देह उत्पन्न करती है। एक जीव को
बन्धन में डालती है तो दूसरी उसे मुक्त करती है। हे उद्धव ! ये दोनों मेरी ही अनादि शक्तियाँ हैं। तुम चिन्मात्र
चैतन्यधन हो, चित्स्वरूप होने के कारण वृत्तिशून्य हो, सदा निर्धर्म होकर रहते आये हो, तुम्हारी शक्तियाँ कैसे
माने ? ऐसा व्यर्थ सन्देह करने का कारण नहीं है, सुरनरों के भी वश में जो नहीं आ पाती वह मेरी माया ही इन
शक्तियों को जन्म देती है। उसे 'सत्' कहें तो वह तत्काल नष्ट होती है, असत् कहें तो उसका आभास होता है।
उसी ने संसार को नाम और रूप की आसक्ति दी है। उसे न सच कह सकते हैं, न झूठ ही कह सकते हैं।
इसीलिये उसे 'अनिर्वचनीय' अर्थात् शब्दों में व्यक्त न करने लायक कहा जाता है। उसी ने अविद्यारूपी पिल्लों
को अपने पंखों के नीचे पाल-पोस कर बड़ा किया है। विद्या और अविद्या कोई आज की वस्तु नहीं हैं, वे
अनादि शक्तियाँ हैं। ये माया की दो वृत्तियाँ हैं। इनके कारण ही बन्धन और मोक्ष का आभास होता है। तुम
कहोगे ऐसी यह माया कौन है ? तो तुम्हारी जो कल्पना है वही माया है, उसी में बद्धता और मुक्तता प्रस्फुटित
होती रहती है इसे ध्यान में रखो। अब तुम्हें बन्ध मोक्ष की स्थिति के बारे में यथातथ्य रीति से बताता हूँ, उसे
ध्यान से सुनो। जो स्वप्न में भी मेरी आराधना नहीं करता, मेरा भजन नहीं करता उसी में सारी अविद्या की वृद्धि
होती रहती है और जो मेरे प्रति अत्यन्त तत्पर रहता है, आठों पहर भजन में लीन रहता है वह ब्रह्मविद्या का
निवासस्थान है। वहीं उसकी सतत वृद्धि होती रहती है। जहाँ मेरे भजन का उल्हास रहता है वहाँ अविद्या का
नाश होता है। वहीं ब्रह्मविद्या का प्रवेश होता है ऐसा भक्तों को पक्का विश्वास रहता है। अब तक मैंने शक्ति की
दृढ़ स्थापना की दृष्टि से बन्ध का कारण और मोक्ष के साधन के बारे में बतलाया। इस पर उद्धव ने कहा,
"बन्ध और मोक्ष इन वृत्तियों को तुम माया की शक्ति कहते हो, अर्थात् माया ही मोक्षदायिनी हो गयी। लेकिन हे
कृष्ण, यह कैसे होगा ? क्योंकि यदि माया मोक्षदात्री हुई तो फिर तुम्हारी भक्ति क्यों की जाय ? तो इसमें सत्य
क्या है, इसे बतायें।" इस पर कृष्ण ने उद्धव से कहा, "छाया स्वयं चल फिर नहीं सकती, वैसे ही माया को भी
अपना सामर्थ्य नहीं है। फिर वह मोक्ष कैसे प्रदान करेगी? माया का नियंता विष्णु है और वही मोक्ष का दाता है।
वही जीव का बन्धन तोड़कर सायुज्यता देता है। इस पर तुम कहोगे कि अविद्या और काम्य कर्म से जीव को जो
बद्धता प्राप्त होती है वह ब्रह्मविद्या तथा निष्कर्म से टूटती है। यही बोध गुरु भी श्रुतियों के माध्यम से
निश्चयपूर्वक करते हैं। क्या इसमें विष्णु कर्त्ता है? नहीं। फिर वह मोक्षदाता कैसे होगा ?" लेकिन उद्धव ! तुम
ऐसे विकल्प की बात भी न सोचो क्योंकि गुरु के रूप में विष्णु ही रहते हैं। श्रुति का अर्थ भी साक्षात विष्णु ही
हैं और शमदमादिक जो साधन हैं वह भी विष्णु ही हैं। शिष्य की बुद्धि को जो ज्ञान प्राप्त होता है वह भी
विष्णुरूप है यह ध्यान में रखो। इस प्रकार श्रीविष्णु ही अपने भक्तों को मोक्ष प्रदान करने वाला है। उस मोक्ष का
परिपाक जो समाधि है वह भी श्रीविष्णु ही हैं, समाधि का सुख भी श्रीविष्णु ही हैं। सनातन ब्रह्म, परिपूर्ण
परमात्मा जो विष्णु है वह मैं ही हूँ। मैं अपनी कृपा से भक्तों को भवपाश से मुक्त करता हूँ। अब तीसरे श्लोक में
आये पद 'शरीरिणां' से जीव को बन्धन होता है ऐसा अर्थ ध्वनित होता है। उसका भी बड़ी कुशलता से निवारण
करते हैं। एक को ही बन्ध मोक्ष होता है या नहीं, इस प्रश्न के उत्तर अब उद्धव को स्पष्ट रूप से दे रहे हैं।

ग्यारहवाँ अध्याय २७१
एकस्यैव ममांशस्य जीवस्यैव महामते।
बन्धोऽस्याविद्ययानादिर्विद्यया च तथेतरः ॥४॥
लकड़ियाँ कम या अधिक करने से अग्नि कम या अधिक होती है। उसी अग्नि में से एकआध चिनगारी
उड़ कर आकाश की ओर चली जाती है किन्तु आत्मस्वरूप में कम और अधिक होना नहीं है। फिर उसका
'अंश' मालूम हाने के लिये अवकाश कहाँ है ? जिससे आत्मज्ञान प्राप्त हो ऐसी बुद्धि उद्धव के पास थी। लेकिन
इसलिये श्रीकृष्ण ने उसे बड़े प्रेम से 'महामते !' कहकर सम्बोधित किया। फिर बोले, "जरा ध्यान देकर सुनो।
इस श्लोक का अर्थ अत्यन्त गूढ़ है। उस धारणा को धारण करो। कहकर जगजेठी कृष्ण ने उद्धव की पीठ
थपथपायी और बोले, यह अत्यन्त गूढ़ बात तुझ पर कृपा होने के ही कारण बताता हूँ। पीठ थपथपाने के बहाने
अपनी शक्ति उसे प्रदान की और इस प्रकार उद्धव के अंतःकरण में अद्वैत ज्ञान का लक्षण प्रकट किया। हे उद्धव !
जिस प्रकार दीपक अनेक होने पर भी प्रकाश एक अभिन्न रहता है उसी प्रकार त्रिभुवन में जीव सब जगह एक
है। दीपक की ज्योतियाँ एक होती हैं किन्तु दीपक एक नहीं होते। भेद जड़ में उत्पन्न होता है किन्तु अजड़ में
ऐक्यवृत्ति होती है। चन्दन के टुकड़े अनेक होते हैं किन्तु उनमें सुगन्ध एक ही होता है। उसी प्रकार जीवरूप में
मैं अविनाश परमात्मा प्रतीत होता हूँ। अब जीव के रूप में तुम श्रीकृष्ण ही हो इसे यदि सच मान लें तो संसार
पाश आदि का जो बन्धन है वह तुम पर ही लागू होता है ऐसा कहना पड़ेगा'' ऐसी यदि तुम कल्पना करते हो तो
वह सच नहीं होगी। जिस प्रकार शरीर को चलाने के लिये प्राण की आवश्यकता होती है लेकिन उस पर शरीर
की अवस्थाएँ लागू नहीं होतीं। सूक्ष्मदेह में स्वयंभू रहने वाला जीव मेरे ही अंश के रूप में प्रतिबिम्बित हुआ है।
उसे बन्धन की भावना केवल मिथ्या आभासित होती है। घट में आकाश रहता है जिसे 'घटाकाश' कहते हैं
लेकिन वह घट नष्ट होने पर भी आकाश नष्ट नहीं होता उसी प्रकार मैं भी जीवतत्व में अविनाश रूप में रहता
हूँ। जैसे जलकुण्ड में सूर्य का प्रतिबिम्ब दिखायी देने पर भी सूर्य वास्तव में आकाश से जलकुण्ड में नहीं उतरता
उसी प्रकार मैं भी जीवत्व से अलिप्त रहता हूँ। सूर्य जिस प्रकार जलकुण्ड में प्रतिबिम्बित होता है उसी प्रकार
सूक्ष्म देह में मेरा आभास होता है। वहाँ मिथ्या भोग के पागलपन का बन्धन मुझ पर कैसे लागू होगा.? अब
विस्तार में जाने की आवश्यकता नहीं है। प्रतिबिम्ब का नाम 'जीव' और मुख्य बिम्ब मैं 'शिव' यही 'जीव
शिव' का बृहत् अर्थ है। तालाब, कुएँ, जगह-जगह दिखायी देने वाले जलकुण्ड इन सभी में सूर्य के बिम्ब
दिखायी देते हैं किन्तु आकाश में देखें तो सूर्य के इतने बिम्ब नहीं दिखाई देते। उसी प्रकार एक को अनेकत्व देने
वाला जो जीवत्व है वह मिथ्या है यह ध्यान में रखो। भागवत का मुख्य तत्त्व और ज्ञान का शुद्ध सत्त्व यही है।
जलकुण्ड में सूर्य का प्रतिबिम्ब हिलता-डुलता है, वह निश्चल है, वह मटमैला होता है आदि जो जलकुण्ड के
गुण हैं वे सब उस प्रतिबिम्ब पर मढ़े जाते हैं। वैसे देखा जाय तो शिव को कभी बाधकता नहीं होती। वास्तव में
यह कार्य अविद्या का है जो जीव के मत्थे थोपा जाता है। इसलिये जीवभेद बिलकुल मिथ्या है। उसे विद्या और
अविद्या अपने कर्म और गुण के अनुसार मुक्तता और बद्धता प्रदान करते हैं। उस एक जीवभाव को ये नित्यमुक्त
और नित्यबद्ध अवस्थायें दिखाने के लिये विद्या और अविद्या कारणीभूत होती हैं। जिस प्रकार जल में सूर्य का
प्रतिबिम्ब हिलता है तो पानी की चंचलता या स्थिरता ये अवस्थाएँ केवल प्रतिबिम्ब के लिये होती हैं, उसका
पता सूर्य को नहीं होता या जिस प्रकार अँधेरे के जुगनू को कल्पांत में भी सूर्य का दर्शन नहीं होता उसी प्रकार
जीव की बद्धता अथवा मुक्तता परमात्मा पर लागू नहीं होती। पानी में आकाश डूबा दिखाई देता है लेकिन वह
गीला नहीं हो जाता. उसी प्रकार आत्मस्वरूप भी अविद्या से अलिप्त रह कर जैसा का तैसा रहता है। एक बद्ध

२७२ श्रीमद् एकनाथी भागवत
और एक मुक्त यह जीव का ही भास है। इसे भी मैं तुम्हें सिद्ध करके दिखाता हूँ। ध्यान देकर सुनो। हज़ार घड़ों
में पानी भरा जाय तो एक ही सूर्य हजार घड़ों में हजार रूपों में दिखाई देता है लेकिन एक घड़े की अवस्था दूसरे
पर लागू नहीं होती। उनमें से जो घड़ा हिल रहा है उसमें का प्रतिबिम्ब हिलता हुआ दिखायी देता है लेकिन दूसरे
घड़े में वह निश्चल रहता है। यदि संयोग से उनमें से एक घड़े में छेद हो जाय तो घड़े का पानी चूकर उसमें का
प्रतिबिम्ब अपने बिम्ब में मिल जाता है। बाकी प्रतिबिम्ब वैसे के वैसे रहते हैं। उसी प्रकार गुरुकृपा होने पर
सूक्ष्म देह विलीन हो जाता है, उसका परमात्मा से मिलन हो जाता है। बाकी सब देह के बन्दीगृह में फँसे रहते
हैं। इसी का निरूपण मैं लोगों के अनुरोध पर आनन्दपूर्वक, स्वरुचि से तथा विशद रूप में करने वाला हूँ।
अथ बद्धस्य मुक्तस्य वैलक्षण्यं वदामि ते।
विरुद्ध धर्मिणोस्तात स्थितयोरेकधर्मिणि ॥५॥
इसी प्रसंग में बद्ध-मुक्त लक्षण के सम्बन्ध में तुम्हारे जो प्रश्न हैं, उनका भी निरूपण करता हूँ। ये दोनों
देह में ही रहते हैं और उनका स्वभाव एक-दूसरे के विपरीत होता है। एक सदा सुखी रहता है तो दूसरा रात-
दिन दुःख उठाता रहता है। इस प्रकार इनके दो प्रकार के भेद हैं—एक जीव ईश्वरभेद और दूसरा जीव-जीव में
परस्पर भेद। इस प्रकार बद्धमुक्त में भी भेद है। पहले तुम्हें जीवेश्वर की कथा तथा उनमें का भेद बताता हूँ और
फिर जीव की बद्धमुक्तता की व्यवस्था स्पष्ट करके बताऊँगा। इस प्रकार जीवेश्वर में भेद स्वयं नारायण ढाई
श्लोकों में वर्णन करने लगे यह उद्धव का अहोभाग्य है।
सुपर्णावेतौ सदृशौ सखायौ यदृच्छयैतौ कृतनीडौ च वृक्षे।
एकस्तयोः खादति पिप्पलान्नमन्यो निरन्नोऽपि बलेन भूयान्॥६॥
सुपर्ण का अर्थ है पक्षी। वह एक वृक्ष से दूसरे वृक्ष पर जाता है उसी प्रकार देह धारण करने वाला जीव
भी इस एक देह से दूसरे देह में जाता रहता है इसीलिये उसे भी पक्षी कहते हैं। पक्षी की ही तरह उसकी भी
गति रहती है। एक देह को छोड़कर वे दूसरे देह में जाते हैं इसीलिये उन्हें पक्षी कहते हैं। इस प्रकार आत्मा देह
से भिन्न है। इसे उदाहरण देकर समझाया तथा उसी क्रम में देहात्मवाद का खण्डन भी किया। आत्मा कभी देह
धारण नहीं करेगा। देहबुद्धि धारण करना तो और भी खराब है। इसे भगवान् उद्धव को अत्यन्त प्रेम और निश्चय
से समझा रहे हैं। देहबुद्धि के उदर में जन्म-मरण का असंख्य भण्डार रहता है। ये सदा देहबुद्धि के साथ रहते
हैं। चित्स्वरूप में दोनों ही समान हैं। वे कभी भी जड़ देह की तरह नहीं होते। ये दोनों अनादि मित्र हैं तथा
परस्पर जीवश्वकंठश्च हैं। काल, अकाल वे कभी एक-दूसरे से अलग नहीं होते। सखा की तरह, हँसते, खेलते
सीधे सादे रूप में साथ-साथ रहते हैं। प्रकाश दीपक से अलग नहीं रहता और दीपक भी प्रकाश को छोड़कर
नहीं जाता उसी प्रकार जीवशिव का मिलन अपनी ही लीला से एक साथ चलता रहता है। जरा देखो! जीव
जिस चीज की भी इच्छा करता है वह सब उसकी वासना के अनुसार ईश्वर उसे प्रदान करता रहता है। कभी
उसे ना नहीं करता। अंतकाल में तो जीव जो भी कुछ माँगता है वह सब ईश्वर उसे देने लगता है और ईश्वर
की आज्ञा के अनुसार ही जीव आचरण करता रहता है। सचमुच ईश्वर की आज्ञा जीव मनोभाव से स्वीकार
करता है। कभी 'हाँ' या 'ना' नहीं करता। उनकी इस प्रकार की मित्रता की बात अपूर्व है। उनकी मैत्री
आश्चर्यजनक है। ईश्वर जैसी भी प्रेरणा करता है वैसे-वैसे जीव उसका पालन करता रहता है, उससे जरा भी
विचलित नहीं होता। जन्म के क्षण से लेकर जीव ईश्वर की आज्ञा को शिरोधार्य करता है। परस्पर मित्रता होने

ग्यारहवाँ अध्याय २७३
के कारण ईश्वर जीव का सहायक होता है। संकट के समय जब जीव ईश्वर की रट लगाता है तो वह तत्काल
आकर उसे संकट से छुड़ाता है। इस प्रकार शिव की आज्ञा में जीव रहता है। जीवत्व समाप्त होने पर वह शिव
में ही एकरूप हो जाता है। वह भी जीव के ही लिये शिवत्व स्वीकार करता है अन्यथा वह भी अलग ही रहता
है। ऐसी उनकी मित्रता है उसका वर्णन वाणी से कैसे सम्भव है। उद्धव ! उनकी मैत्री का सौजन्य सचमुच जानने
वाला एक मैं ही हूँ। इस प्रकार जीव ईश्वर के अधीन रहता है यह बात सिद्ध हो गयी और साथ ही साथ
अनीश्वरवाद का खण्डन भी हो गया। अनीश्वरवाद का खण्डन करते समय पाखण्ड कर्म का भी खण्डन किया।
कर्मपाखण्ड के मतवादी ईश्वर के अस्तित्व को स्वीकार नहीं करते। वे ईश्वर के स्थान पर चित्त धर्म को
स्वीकार करते हैं। ईश्वर सहज चित्स्वरूप है यह कहकर चित्त धर्म का निराकरण किया। अनेक प्रकार के
चिन्तन का नाम है 'चित्त' और हे उद्धव ! चित्त के बिना जो निश्चलता होती है उसे 'चैतन्य' या 'शुद्धचित्त
स्वरूप' कहते हैं। कुछ लोग धर्म का विचार न कर ईश्वर को मोक्षदाता कहते हैं। यह पाखण्डी भक्तों की बात
है। उसकी चिद्रूपता स्थापित कर चित्तधर्म का निराकरण किया। तिलक-माला-मुद्रा आदि धारण कर जो संतों
की निन्दा करता है, भक्ति का ढोंग रचा कर पाप का आचरण करता है, उसका नारायण कभी उद्धार नहीं करते।
अंतःकरण की बातें जानने वाला मैं हूँ इसीलिये मुझे 'अंतर्यामी' कहते हैं। वही मैं शाब्दिक वचनधर्मी अधर्म पर
कैसे चलूँगा ? मैं सचमुच ज्ञानस्वरूप हूँ, मैं सर्वसाक्षी और सर्वज्ञ हूँ। बिना धर्म-अधर्म का विचार किये मैं मोक्ष
प्रदान कर दूँ यह नहीं होगा। जो स्वयं भक्त का स्वांग बनाकर पाप का आचरण करता है उसे 'दंभी' कहते हैं।
उसका उद्धार भगवान नहीं करते। सदृशौ (समान) और सखायों (मित्र) इन दो शब्दों से भगवान ने पाखण्डियों
का खण्डन कर दिया। विभिन्न मतों का खण्डन कर अपना मत स्थापित करने के लिये भगवान श्रीकृष्ण ने बड़ा
विचार कर इन दो पदों की योजना की है। उन दोनों पक्षियों ने मिलकर देहरूपी वृक्ष पर अपना घोंसला बनाया।
अब देह को वृक्ष किस उद्देश्य से कहा इसका कारण सुनो। माता का उदर क्यारी है और पिता का रेत बीज है,
गर्भादान, बुआई और उसे बढ़ने के लिये वासना का जल है। 'सोहं' अर्थात् 'ब्रह्म मैं ही हूँ' इस भाव का गुप्त
अंकुर त्रिगुणरूप भूमि में त्रिदल रूप से ऊपर आता है और 'कोहं' अर्थात् 'मैं कौन हूँ' इस भाव से बड़ा होकर
वृक्ष का आकार लेता है। उसमें हस्तपादादि अनेक शाखायें फूट कर वे बढ़ने लगती हैं। उसी में नीचे नाखून
तथा ऊपर शिखा फूट कर वृक्ष का पूर्ण विस्तार होता है। उसमें देह बुद्धि के दृढ़ मूल निकलते हैं और उसमें
विकल्प की कलियाँ फलने लगती है। कर्म-अकर्म के पर्ण उसमें निकलते हैं जिससे मोह ममता के सुन्दर फलों
के गुच्छे लटकते हैं। बड़ी-बड़ी ऊँची शाखाओं में सुख-दुःख के फल लटकते हैं और उसके भार से लटक कर
वे शाखाएँ जमीन पर पसर जाती हैं। ऐसे वृक्षों में गुप्त एवं कठिन स्थान पर हृदय में जीवशिव अपने बसेरे के
लिये घोंसला बनाते हैं। यदि कोई उसे देह की सत्यप्राप्ति हुई ऐसा कहे तो श्रीकृष्ण उस मत का खण्डन करते
हैं। पुरुष के साथ ही छाया मिथ्या होती है। वह तोड़ने-मोड़ने से दूर नहीं होती। उसी प्रकार मेरी माया
अवर्णनीय है। वही अपनी इच्छा से वहाँ अपना घोंसला बनाती है। शान्त सोये हुए मनुष्य की तरह जीवात्मा
नीड में रहता है। वैसे, सह सब माया है उसमें सत्य का अंश नहीं है। इस प्रकार देह सम्बन्धों के मिथ्यत्व के
निरूपण से श्रीकृष्ण ने नैयायिक मत का जो मुख्य सिद्धान्त है उसी का उच्छेद कर दिया। ऐसे इस वृक्ष को
काल जन्म से ही क्षण-क्षण तोड़ता रहता है और उसकी बाल्यावस्थादि अवस्थाओं पर प्रहार करता रहता है।
इस वृक्ष के फल कच्चे, पके, तीते, कसैले होते हैं जिन्हें 'पिघले' कहते हैं। उन दो पक्षियों में जिसे 'जीव'
कहते हैं वह अनेक प्रकार के दुःखदायक कर्मफलों का भोक्ता होता है। उन फलों के खाने से पेट नहीं भरता,

२७४ श्रीमद् एकनाथी भागवत
खाने से पचता नहीं इसलिये संसार चक्र में फँसकर चक्कर लगाने पड़ते हैं। फिर भी वह बड़े चाव से खाता
रहता है। वह एक फल खाता रहता है तो दूसरा उसे न खाने का इशारा करता है लेकिन जीव को उस फल की
बहुत चाह रहती है इसलिये वह लगातार उन फलों को खाता रहता है। शिवा की बात नहीं मानता और रात-
दिन फल खाता रहता है। फिर भी उसमें शक्ति नहीं होती। उसे अशक्त पाकर काल उसे अपने पाश में बाँध
लेता है। दूसरा कर्मफल को स्पर्श नहीं करता। उसे देखकर कलिकाल भी भागने लगता है। जो कर्मफल का
सेवन नहीं करता वह अपनी ज्ञानशक्ति से और भी अधिक प्रबल होता है, वह सदा परमानन्द से तृप्त रहता है
और स्वानन्द से डोलता रहता है। उद्धव को आत्मबोध हो इसलिये श्रीकृष्ण ने जीवशिव का भेद तथा आत्मज्ञान
का बोध प्रांजलता से तथा अत्यन्त प्रेम से निरूपित किया।
आत्मानमन्यं च स वेद विद्वानपिप्पलादो न तु पिप्पलादः।
योऽविद्यया युक् स तु नित्यबद्धो विद्यामयो यः स तु नित्यमुक्तः ॥ ७ ॥
जो कर्मफलों का सेवन नहीं करता, जो आत्मस्वरूप का जानकार होते हुए सचमुच ही जीव और प्रपंच का
द्रष्टा होता है वही आत्मज्ञान के कारण अलिप्त रहता है। जीव प्रपंच का ज्ञाता है लेकिन परमात्मा को नहीं
जानता इसलिये कर्मफल खाते समय बद्ध होकर व्यथा भोगता रहता है। बेचारा कर्मफलों का सेवन करता है और
अन्धा, विकलांग तथा पागल बन जाता है। वह अपने को ठीक से नहीं पहचान पाता और देह की बेड़ी में फँस
जाता है। देह सम्बन्ध में तो पग-पग पर आत्मघात होता रहता है और जन्म-मरण का अन्त न होने के कारण वह
दुःख से छटपटाता रहता है। नश्वर विषयों की लत पड़ जाने के कारण जीव उनमें बद्ध हो जाता है। अविद्या का
यह सम्बन्ध बुद्धिमान देहधारी को भी लग जाता है। जीव को विषय में जितनी रुचि रहती है, उतनी ही उसे
नित्यबद्धता होती है और जो विषय से अलिप्त रहता है उसमें नित्यमुक्तता का वास रहता है। जो विद्या की
प्रधानता से नित्यमुक्त रहता है, जो ज्ञानशक्ति से शक्तिमान रहता है, जो सर्वव्यापी होकर सबसे अलिप्त रहता है
उसे ही 'नित्यमुक्त' कहते हैं। इस प्रकार जीव की नित्यवद्धता के बारे में बताया और शिव की मुक्तता भी व्यक्त
की। अब जीव की बद्ध-मुक्तता के सम्बन्ध में भी बताते हैं। अब श्रीकृष्ण उद्धव से बद्धमुक्तों के लक्षण और
दोनों की पहचान बतायेंगे।
देहस्थोऽपि न देहस्थो विद्वान् स्वप्नाद् यथास्थितः।
अदेहस्थाऽपि देहस्थः कुमतिः स्वप्नदृग् यथा ॥ ८ ॥
अब तीन श्लोकों में बद्धमुक्तों का मिश्र लक्षण बतायेंगे और केवल मुक्तों का उत्तम लक्षण सात श्लोकों में
निरूपित करेंगे। देह में रहकर भी विदेही होना यही मुक्त का लक्षण है। इसी कारण देह में रहते हुए भी उसे
'विदेह' कहते हैं। जिस प्रकार स्वप्न का राज्य और भिक्षा, जागने पर मिथ्या ही हैं, उसी प्रकार देहादि सुख-
दुःख भी मुक्तों के लिये मिथ्या है। जो स्वप्न में मर कर अग्नि को समर्पित भी कर दिया गया वह जागने पर राख
नहीं हो जाता उसी प्रकार प्रपंच मिथ्या है यह जिसने जान लिया उसी को 'मुक्त' कहते हैं। स्वप्न की अनुकूल,
प्रतिकूल बातें का जागृति में स्मरण होता है लेकिन उनके सुख-दुःख की बाधा नहीं होती, उसी प्रकार संसार के
सम्बन्ध में जो भी बातों हैं उनकी मुक्त को बाधा नहीं होती। अब बद्ध की स्थिति सुनो। वह वास्तव में देहातीत
ही होता है किन्तु दुर्बुद्धि के कारण स्वयं को 'देह' मानता है और इसी कारण से उसे दुःख होता है। पानी में पड़े
प्रतिबिम्ब को देखकर 'मैं डूबा' कहकर काँखने लगता है और 'मुझे बचाओ, तुम्हें पुण्य मिलेगा' कहकर