स्वदेशी और भारतीयता (धरमपाल एवं राजीव दीक्षित - स्वावलम्बी अर्थनीति एवं ग्राम-स्वराज्य दर्शन)
Swadeshi Aur Bhartiyata: Swavalambi Arthniti evam Gram Swarajya Darshan
धरमपाल एवं राजीव दीक्षित विचार पीठ द्वारा
[बायाँ पृष्ठ]
स्वाधीन भारत ही संसार के भले के लिए भी सहायक सिद्ध होगा। “स्वदेशी
और भारतीयता” इन्हीं बातों पर राष्ट्रीय बहस चलाने की दृष्टि से एक प्रयास
है। हम सबके लिये यह आवश्यक है कि हम भारतीय वर्तमान को भारतीय
अतीत की धारावाहिकता में देखें तथा उसमें से भारतीय भविष्य का प्रारूप बना
उसे साकार करने में जुट जायें। अपने अतीत एवं वर्तमान पर विश्वास रखते हुए
भारत की नई पीढ़ी भविष्य का जो नया प्रारूप बनायेगी, उसमें भारतीय समाज
अपने राज्यतंत्र के साथ भी स्वस्थ संबंध बना सकेगा।
– धर्मपाल
8
[दायाँ पृष्ठ]
स्वदेशी और भारतीयता
एक
स्वदेशी की पुनर्प्रतिष्ठा के द्वारा भारत वर्ष फिर से सबल-सशक्त
तेजस्वी राष्ट्र बन कर समकालीन विश्व में स्वधर्म को निभाये, यह आकांक्षा देश
के अधिकांश लोगों की है; ऐसा मैं मानता हूँ। यद्यपि पिछले 52-54 बरसों में हम
जिस रास्ते पर चले, वह तो हमें स्वदेशी से दूर ही ले गया। ऐसी स्थिति में
स्वदेशी शील, व्यवहार और स्वधर्म की पुनः प्रतिष्ठा कैसे संभव होगी; यह
विचारणीय है।
स्वदेशी और भारतीयता की प्रतिष्ठा के लिये जहाँ प्रबल भावना का
महत्व है, वहीं उसकी प्रतिष्ठा आज कैसे संभव है, इसकी समझ और उसे
प्रतिष्ठित कर सकने की शक्ति की भी साधना आवश्यक है।
दो
स्वदेशी अत्यंत प्राचीन अवधारणा है। शायद जब से धरती पर जीवन
है, तभी से स्वदेशी का भाव और व्यवहार भी है। शायद स्वदेशी ही जीवों के
व्यवहार की सहज प्रवृत्ति है। सभी मनुष्य-समाज तथा सभी प्राणी समाज
सहज ही स्वदेशी व्यवहार करते हैं। क्योंकि, जैसी कि महात्मा गांधी ने 14
फरवरी 1916 को मद्रास में ईसाई मिशनरियों के एक सम्मेलन में दिए गए अपने
भाषण में स्वदेशी की परिभाषा की थी – “स्वदेशी वह भावना है, जिससे कि
हम आसपास के परिवेश से ही अपनी अधिकतम आवश्यकतायें पूरी करते
हैं और उनसे ही अधिकाधिक व्यवहार सम्बन्ध रखते हैं तथा स्वयं को
उनका सहज अभिन्न समझते हैं, न कि दूरस्थ लोगों और वस्तुओं से स्वयं
को जोड़ने लगते हैं। स्वदेशी की यह भावना जब होगी तब हम अपने
पूर्वजों के धर्म को ही आगे बढ़ायेंगे, न कि किसी अन्य धर्म को अपनाने
लगेंगे। अपने धर्म में जो वास्तविक कमी आ जाएगी, उसे सुधारेंगे।
राजनीति में हम स्वदेशी संस्थाओं का ही उपयोग करेंगे और उनकी कोई
सुस्पष्ट कमियां होंगी तो उन्हें दूर करेंगे। आर्थिक क्षेत्र में हम आसपास
के लोगों तथा स्वदेशी परम्परा और कौशल द्वारा उत्पादित वस्तुओं का ही
उपयोग करेंगे और उन्हें ही सक्षम तथा श्रेष्ठ बनायेंगे।”
9
महात्मा गांधी द्वारा की गई स्वदेशी की इस परिभाषा को शायद आज
और अधिक स्पष्ट करना पड़े या शायद उसे कुछ परिवर्तित या परिमार्जित
परिष्कृत करना पड़े। जो भी हो, इस पर गहरे विचारपूर्वक निश्चय करने की
आवश्यकता है।
स्वदेशी की भावना का उपयोग 17 वीं 18 वीं शती ई. में इंग्लैंड में भी
किया गया। तब अंग्रेज व्यापारी बड़े व्यापारिक लाभ के लिए भारतीय वस्त्रों को
इंग्लैंड तथा यूरोप में ले जा रहे थे और वहाँ के बाजारों में भारतीय वस्त्र छा -
से गये थे। इंग्लैंड के बुनकरों और ऊनी तथा सन से बने वस्त्र उद्योग के अन्य
शिल्पियों ने इसका विरोध किया और अपने द्वारा स्वदेशी वस्त्रों का ही धंधा किए
जाने पर बल दिया और दबाव डाला।
भारत में 1905 ई. में स्वदेशी का एक सशक्त आंदोलन उभरा जो
बंगाल के विभाजन के विरोध में उठा था। इस स्वदेशी आंदोलन की प्रमुख
प्रेरणा स्वामी विवेकानन्द थे और इसके सर्वाधिक सक्रिय नेताओं में थे श्री
अरविंद घोष।
फिर कर्मवीर महात्मा गांधी जब जनवरी 1915 से भारतीय सार्वजनिक
जीवन में आये तब से स्वदेशी के भाव और विचार में पुनः वेग आया। लगभग
तीस-पैंतीस बरस तक स्वदेशी भारतीयों का मन्त्र बना रहा और स्वदेशी, स्वराज
तथा स्वधर्म की प्रतिष्ठा भारत के राष्ट्रीय जीवन का लक्ष्य-सा दिखने लगा।
आज यदि उस स्वदेशी के भाव और विचार को फिर जागृत करना,
संगठित करना और प्रबल बना कर राष्ट्रीय जीवन-व्यवहार का उसे स्वभाव
बनाना है तो स्वदेशी की परिभाषा और स्वरूप पर फिर से और अधिक विचार
विमर्श तथा गहराई से मनन करना होगा। समकालीन विश्व संदर्भों को जानते
तथा स्मरण रखते हुए उसकी संभावनायें देखनी समझनी तथा जाँचनी परखनी
होगी और उन शक्तियों को भी पहचानना होगा जो कि स्वदेशी और भारतीयता
की पुनर्प्रतिष्ठा कर सकेंगी या कि उसका माध्यम और वाहन बनेंगी।
तीन
बाहर से कहाँ से क्या-क्या और कहाँ तक सीखना और लेना है यह
विचार भी स्वदेशी का अभिन्न अंग है।
यों तो संसार भर में लोग एक दूसरे से सीखते ही रहते हैं। ऐसा कहा
जाता है कि यूरोप ने छपाई की कला और प्रयोग विधि, नाविकों का कम्पास
और उसकी प्रयोग-विधि, बारूद बनाने का शास्त्र और विधि तथा कागज बनाने
10
की विधि 13 वीं, 14 वीं शताब्दी में चीन से सीखी। इसी तरह चेचक का टीका
ब्रिटेन में पहली बार 1720 में तुर्की से सीख कर लाया गया। बाद में भारत से
उन्होंने चेचक के टीके की अधिक परिष्कृत और उन्नत विधि सीखी। आधुनिक
शल्य चिकित्सा का उद्गम भी भारतीय चिकित्सा विज्ञान से जुड़ा है।
1790-1810 के बीच, विशेषतः पुणे क्षेत्र से, अंग्रेजों व यूरोपियों ने यह विज्ञान
सीखा।
बढ़िया लोहा और इस्पात बनाने की तकनीक भारत में प्रचलित थी।
संभवतः उससे ब्रिटेन के लोहे और इस्पात उद्योग ने 19 वीं शताब्दी में बहुत कुछ
सीखा।
जापान ने 20 वीं शती ई. के आरंभ में पश्चिमी व्यवस्थाओं, तकनीकों
और उत्पादनों का अपने ढंग से गहराई से निरीक्षण किया। ऐसा कहा जाता है
कि 1910 के लगभग जापान ने अमेरिका से बीस रेलवे इंजन खरीदे। इसमें से
शायद एक का ही उपयोग कर जापान ने उसकी विधि को सीख समझ लिया।
बताते हैं कि जब ये 20 इंजन जापान पहुँचे तो जापानियों ने उसमें से एक इंजन
को पूरी तरह से खोल डाला और उसके सब कलपुर्जे भलीभांति देख-समझ
तथा जाँच लिये और फिर उसी रूप में उन्हें जोड़ दिया।
अतः एक बार हम यदि किसी तकनीक को, जो हमें अपने अनुकूल
लगती है, आत्मसात् कर लेते हैं और उसे अपने अनुकूल ढाल लेते हैं तो फिर
कोई भी बाहरी तकनीक शायद स्वदेशी - सी ही बन जाती है। क्या स्वदेशी की
धारणा में ऐसा कुछ समायोजन करने योग्य है? जो भी हो, इस विषय में बहुत
गहराई से और बड़ी सावधानी से छानबीन कर ही किसी निश्चय पर पहुँचना
होगा।
परन्तु हमारी समकालीन प्रवृत्तियाँ तो स्वदेशी और भारतीयता की
दिशा से विपरीत दिशा में ही चलती दिख रही हैं। यह तो है कि दिल्ली में बाबा
खड़कसिंह मार्ग में हमें देश में बनी कलाकृतियाँ व देसी शिल्प वाली वस्तुयें मिल
सकती हैं। बम्बई, मद्रास, कलकत्ता जैसे शहरों में भी ऐसी जगहें हैं।
लेकिन भारत के 5 लाख से भी अधिक गांवों, कस्बों और जिला केन्द्रों
के बाजारों में तो सामान्य देसी वस्तुएँ भी दुर्लभ ही हो चली हैं। भारतीय सामग्री
से बनी, भारतीय शिल्पियों द्वारा, भारतीय शिल्प परंपरा और भारतीय
रूपाकृतियों में बनी वस्तुएँ तो हमें प्रायः अपने बाजारों में नहीं दिखतीं !
आटे की हाथ चक्की, तेल पिराई की घानी, गन्ना पिराई की हाथ
वाली मशीनें, मिट्टी के घड़े और पत्तल-दोने आदि तो अब हमारे सामाजिक
11
जीवन में प्रतिष्ठा की चीजें नहीं रहे और उनका धीरे-धीरे लोप ही हो चला है।
1920 से चली खादी भी अब कम ही हो रही है। उसके लिए कपास मिलना ही
कठिन हो गया है। वैसे ही जैसे कि पिछले 100--150 वर्षों में लोहा बनाने वालों
के लिए लोहा बनाने के पत्थर (आग जलाने वाला कोयला) का मिलना असम्भव
कर दिया गया था। गौ-वंश के प्रति श्रद्धा भाव तो अब भी है, परन्तु गौ-वंश
निरंतर घट रहा है और उस पर हमारे सभ्य समाज में कोई बेचैनी या चिन्ता
नहीं दिखाई पड़ती। हमारे भोजन की सामग्री भी आज अधिकतर तो गैर भारतीय
विज्ञान, प्रौद्योगिकी और उत्पादन प्रक्रिया के द्वारा ही तैयार की जाती है। यहाँ
तक कि छाछ तक खाते-पीते घरों में भी दुर्लभ हो चली है।
तब ऐसी स्थिति में स्वदेशी की भावना का प्रसार किन शक्तियों के बल
पर होगा, यह प्रश्न स्वाभाविक है। यह विचार भी अपेक्षित है कि क्या स्वदेशी में
यह ह्रास अथवा स्वदेशी की यह उपेक्षा अंग्रेजी काल से शुरू हुई या पहले से?
दिखता तो यह है कि अंग्रेजों से पराजय से पहले से भी हमारे शासक
समूहों और सम्पन्न जनों में स्वदेशी का महत्त्व स्थान-स्थान पर घटने लगा था।
दिल्ली और बहमनी के इस्लामी शासकों के आधिपत्य वाले भारतीय क्षेत्रों के
असर से सन् 1600 के आसपास, मराठा शासकों और मराठा कुलीनतंत्र में
फारसी भाषा और वेशभूषा तथा तौर-तरीकों का प्रभाव छा गया - सा दिखता
है। परन्तु फिर शिवाजी के समय मराठा क्षेत्र में स्वदेशी का उभार आ गया था,
ऐसा कहा जाता है। उस समय वहाँ फारसी मुहावरों आदि का प्रयोग भी घटा।
लगता है कि 1550 से 1750 के बीच देश के विभिन्न हिस्सों में भी इसी तरह
स्वदेशी में गिराव व उभार आता रहा।
1800 तक हम ब्रिटेन से हार चुके थे और ब्रिटेन का कब्जा पूरे भारत
पर होता चला गया। इस हार से ब्रिटेन और युरोप के प्रति अधीनता का भाव भी
बढ़ा। 1830 में ब्रिटिश गवर्नर जनरल बेंटिक इस पर संतोष व्यक्त करते हुए
कहते हैं कि "सम्पन्न और प्रतिष्ठित भारतीय अब पश्चिमी शिष्टाचार तथा
व्यवहार की विधियाँ अपनाने लगे हैं और भिक्षुकों, संन्यासियों और ब्राह्मणों
को दान देना छोड़ रहे हैं। अब उसकी जगह वह धन यूरोपियों का
आडम्बरपूर्ण ढंग से मनोरंजन करने में लगाया जाने लगा है।"
संभवतः बेंटिक का निरीक्षण ठीक ही था। संपन्न भारतीय जन तब
तक स्वदेशी तौर-तरीके छोड़ने लगे थे। यह सब क्रमशः बढ़ता गया।
उदाहरण के लिये कुछ वर्ष पहले मैं हरिद्वार के किसी पंडे की पुरानी
बही पलट रहा था। मैंने देखा कि उसमें अच्छी सुस्पष्ट अंग्रेजी में चार-पाँच
12
पंक्तियाँ लिखी हैं और 1895 की वह प्रविष्टि मेरे ही कस्बे के किसी निवासी की
थी। बाकी बही हिन्दी में थी।
1891 से 1931 के बीच के, भारतीय जनगणना के अंग्रेजों द्वारा तैयार
आँकड़े उपलब्ध हैं। उनमें शिक्षा के बारे में चार मुख्य श्रेणियाँ हैं :-
- कुल निरक्षर, 2) कुल साक्षर, 3) देसी भाषा में साक्षर और 4) अंग्रेजी में
साक्षर। जनगणना के ये आँकड़े दिखाते हैं कि तब भारत के बहुत से नगरों व
क्षेत्रों में देसी भाषाओं में साक्षरता का जो प्रतिशत है, वह अंग्रेजी में साक्षरता के
प्रतिशत से केवल चार गुना है। बाकी क्षेत्रों में यह प्रतिशत आठ गुना के लगभग
है। यह तो होगा कि देसी भाषाओं में किसी को साक्षर, इन जनगणनाओं में, तभी
लिखा गया हो, जब वह स्कूली प्रमाण-पत्र दिखाए, इसीलिए शायद देसी
भाषाओं में साक्षरता का प्रतिशत अंग्रेजी साक्षरता से केवल चौगुना या आठ गुना
दिखता है। भारतीय भाषाओं की पढ़ाई में कमी का मुख्य कारण पूरे देश में
चलाई जा रही ब्रिटिश नीति ही होगी।
प्रत्येक भाषा एक विशद अर्थ-परम्परा, दर्शन-परम्परा और विचार
परम्परा की अभिव्यक्ति होती है। जब हम विदेशी भाषा को अपनाते हैं तो प्रायः
स्वयं को और विश्व को, व्यक्ति, समाज, संस्थाओं, मान्यताओं तथा लक्ष्यों,
रुचियों, आदर्शों आदि को भी हम उसी भाषा-परंपरा और संस्कृति - परंपरा
से देखने लगते हैं।
इसलिए न केवल उत्पादन और वस्तु निर्माण के क्षेत्र में स्वदेशी का
ह्रास हमारे यहाँ हुआ है वरन् दर्शन, समाज चिंतन, विधि-विधान, राजनीतिशास्त्र,
आत्मचिंतन, शिक्षा, आर्थिक-चिन्तन आदि सभी क्षेत्रों में हम यूरोपीय बुद्धि से
शासित हो चले हैं। हमारी जो आत्मछवि है, वह भी यूरोपीय 'इंडोलॉजी" के
विद्वानों द्वारा गढ़ी गई छवि है, जो उन्होंने अपने ही प्रयोजन से रची थी। हमारे
जैसे पढ़े-लिखे आज अपने स्वभाव, धर्म, धर्मशास्त्र, शिल्पशास्त्र आदि को भी
यूरोप द्वारा सिखाई गई आत्मछवि के माध्यम से ही देखने लगे हैं।
चार
तो क्या स्वदेशी के संस्कार बचे ही नहीं हैं? ऐसा नहीं है। निजी
जीवन में और अपनों के प्रति व्यवहार में हमारे साधारण जन की स्वदेशी भावना
झलकती है। संभवतः इसे ही भारतीयता कहा जा सकता है।
भारतीयता हमारे निजी जीवन-व्यवहार और हमारी धार्मिक
व्यवस्थाओं में अभी भी, चाहे कुछ प्राणहीन रूप में ही सही, जीवित है। व्रत-उपवास
13
आदि में क्या खाएँ क्या न खाएँ, पूजा-अर्चना में किन वस्तुओं का, किस तरह के
पेड़ों-पत्तियों और फूलों का प्रयोग करें, किनका न करें, विवाह आदि में कैसी
व्यवस्था तथा व्यवहार करें, इन सबका विचार करते समय हमारे जो संस्कार
उभर आते हैं और व्यवहार में व्यक्त होते हैं, वे हमारे भीतर भारतीयता के
संस्कारों की गहराई के सूचक हैं। भोजन, वस्त्र, औषधि आदि में ऐसे भारतीय
संस्कार अभी पचास वर्ष पूर्व तक व्यापक और प्रबल दिखते थे। आज वे बहुत
कम हो चले हैं। तो इससे शायद यह निष्कर्ष भी निकल सकता है कि सुव्यवस्थित
प्रयास से वे संस्कार फिर से प्रबल बनाए जा सकते हैं।
भारतीयता पर अधिक कुछ कहने का अधिकारी तो मैं नहीं हूँ किन्तु
ऐसा स्पष्ट दिखता है कि भारतवर्ष में तथा उससे जुड़े उत्तरी, पूर्वी और
दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों में कुछ विशेष लक्षण और प्रवृत्तियाँ हैं। उन्हें हम
भारतीयता के रूप में पहचान सकते हैं। पश्चिम से उनका स्पष्ट भेद भी हम
भलीभांति देख सकते हैं। पश्चिम से मेरा आशय यूरोप, रूस और अमरीकी
महाद्वीप तथा अरब क्षेत्रों से है।
भातीयता के तथा भारत से जुड़े क्षेत्रों के मुख्य लक्षण समान हैं। एक
तो चराचर की पवित्रता का सिद्धांत है। सत्य और ऋत का अंग है। इसमें यह
दृष्टि है कि जीवमात्र पवित्र है और आदर-योग्य है। इनमें व्यावहारिक स्तर
पर कुछ घट-बढ़ या तारतम्य तो रहता है। पर जीवन का कोई भी रूप, जीवन
के दूसरे रूपों से इस अर्थ में श्रेष्ठ नहीं है कि एक रूप की रक्षा के लिए दूसरे
रूपों को समाप्त कर दिया जाय या पूर्ण अधीनता की दशा में ले आया जाय।
इसके साथ ही हमारे यहाँ जीवन को केवल मनुष्य में या कि कुछ
प्राणियों में ही सीमित कर के नहीं देखा गया। बल्कि उसे सर्वत्र देखा गया है।
समग्र सत्ता ही जीवन है। नदी-पर्वत, सागर, वृक्ष-वनस्पति सभी समग्र सत्ता के
महत्वपूर्ण अंग हैं। मनुष्य की अपनी सत्ता इसी समग्र सत्ता का अभिन्न अंश है।
मनुष्य अन्य जीव-सत्ताओं से कुछ नितान्त भिन्न या विरोधी या श्रेष्ठतम जीव
नहीं है।
मनुष्य की श्रेष्ठता का जहाँ कहीं महाभारत आदि में बखान है भी, तो
वह इसी अर्थ में कि मनुष्य को इस समग्र सत्ता का सम्मान करना है, इसके प्रति
अपना कर्तव्य निभाना है, उनका संरक्षण नहीं बल्कि उनके प्रति अपने कर्तव्य
का निर्वाह, उनसे मनुष्य जो लेता है उसे लौटाना, ऋण-शोधन करना है। यह
कहीं नहीं कहा गया है कि मनुष्य श्रेष्ठ है, इसलिए शेष सब उसके भोग साधन
हैं और वह उन सबके चाहे जैसे उपयोग का अधिकारी है। मनुष्य का गौरव
14
सबके प्रति मैत्री, प्रेम तथा करूणा की अभिव्यक्ति और अनुभूति में ही है। हमारी
चाक्रवर्त्य की धारणा तक में दूसरों के समक्ष वीरता के प्रदर्शन का भाव ही प्रधान
है। उनके गौरव को समाप्त करने का नहीं। दूसरों के अपने संस्कृति-रूपों को
समाप्त करना तो चाक्रवर्त्य में भी निहित नहीं है। हमारी जीवन दृष्टि और
हमारी सामाजिक सांस्कृतिक-राजनैतिक संस्थायें, सभी का मुख्य आधार
परस्परता, स्वभाव में प्रतिष्ठित स्वधर्म, स्वाधीनता तथा अभय रहा है। इसलिए
हमारे यहाँ पूरे सामाजिक संगठन में ऐसी ही व्यवस्थायें थीं।
भारत में भूमि हो, जल हो, या वन, उस पर वहाँ के निवासियों का ही
स्वामित्व रहा है। वनों पर वन के जानवरों, घूमन्तू जातियों तथा वनवासियों का
अधिकार भारत में परंपरा से मान्य रहा है। हमारे सामाजिक संगठन में यह
व्यवस्था रही कि एक कुल-समूह या जाति समूह के एक ही तरह के प्राकृतिक
साधन स्रोतों से विशेष सम्बन्ध रहे। किसी का भूमि से विशेषकर, किसी का
पशुओं से, किसी का पक्षियों से, किसी का वनों से, किसी का जल से। फिर
इनमें भी व्यवस्थित वर्गीकरण रहे। व्यापक सामाजिक विधि निषेध थे, जो
सर्वमान्य थे। हर समूह की सामाजिक उपभोग की मर्यादायें निश्चित थीं। वनों
के बारे में भी यह बात लागू होती है। चराई का समय, शिकार का समय,
वनस्पतियों, जड़ी-बूटियों को तोड़ने या प्राप्त करने का समय सदा प्राकृतिक
व्यवस्था, ऋतु-चक्र और प्रकृति के अपने नियमों की समझ द्वारा निर्धारित
मर्यादायें थीं। पवित्र माने जाने वाले पेड़ों और प्राणियों का शिकार भी निषिद्ध
था। उनके जलाशय पवित्र घोषित होते थे उनमें न शिकार संभव था, न ही
उनका कोई निजी उपयोग। हर गांव के पास अपना सार्वजनिक चारागाह और
अपना सामुदायिक वन-क्षेत्र या वृक्ष-क्षेत्र होता था। इन सामाजिक विधि
निषेधों का उल्लंघन राज्य-तंत्र के लिए असंभव था। ऐसा राज्य तंत्र अधममय
मानकर बहिष्कृत और समाप्त कर दिया जाता था। मर्यादा का महत्व और
व्यापक धर्म से अनुशासित स्वधर्म की प्रतिष्ठा भारतीय जीवन दृष्टि का केन्द्रीय
भाव है। राजधर्म लोकधर्म का एक अंग है। लोक और लोकधर्म व्यापक है।
राज्य लोक से अनुशासित होता है। मनुष्य समेत सभी जीव सत्तायें लोक से ही
अनुशासित रहती हैं। लोक का अर्थ मानव समाज मात्र नहीं है। वस्तुतः
"मैनकाइंड के अर्थ में मानव समाज भारतीय जीवन दृष्टि की कभी धारणा ही
नहीं रहा। क्योंकि प्रत्येक मानव समूह अपने जनपद और अपने परिवेश का ही
सहज तथा अभिन्न अंग है। इसलिए किसी भी जनपद के मनुष्य का उस जनपद
के अन्य जीवों, पशु-पक्षियों, जलचर-थलचर-नभचर सभी जीव जन्तुओं,
15
वृक्ष-वनस्पतियों, आकाश, नदी-पर्वत, तालाब-झरने, कुएं-बावड़ी, फल-फूल,
अनाज आदि से अधिक घनिष्ठ संबंध और आत्मीयता है, बनिस्पत बहुत दूरवर्ती
किसी अन्य मानव समूह से। इस प्रकार मध्य देश के निवासी मनुष्यों के सहज
आत्मीय तो मध्य देश के ही जीव-जंतु तथा चराचर जगत हैं न कि संयुक्त राज्य
अमरीका या और किसी अतिदूरवर्ती देश के मनुष्य। कुछ अंश तक तो यह
रिश्ता आज के संसार के दूसरे देशों में भी व्यावहारिक रूप में चलता ही है।
चराचर जीवों और जीवन से आत्मीयता के ये संस्कार अभी भी व्यवहार में
प्रकट होते हैं। चीटियों, कौवों, कुत्तों के लिए अंश निकालने, बंदरों को चने आदि
खिलाने, गायों की सेवा करने, सांड़ आदि को मुक्त छोड़ने, मछलियों को खिलाने,
नदियों के प्रति आदर और श्रद्धा का भाव, तालाब, कुएं, बावड़ियां बनवाने को
पुण्य कर्म मानना, चिड़ियों तथा विविध पक्षियों को चुगने के लिए दाने डालना;
शेर, मगर जैसे भयंकर माने जाने वाले जीवों के लिए भी गहरी आत्मीयता तथा
परस्परता का भाव रखना और उनसे किसी अतिरंजित भय को न पालना, सांप
को दूध पिलाना, शादी-विवाह में नदियों-बावड़ियों-कुओं आदि को पूजना
और न्यौतना- ये सब इसी भारतीय जीवन दृष्टि के अभिन्न अवयव हैं।
इस भारतीयता में मनुष्य कोई सृष्टि का केन्द्र नहीं है। सहज अंश है।
समस्त जीवन-रूप पूज्य है, पवित्र है और जीवन रूपों की विविधता सहज है,
रक्षणीय है तथा सम्मान योग्य है। मानवीय स्वभाव का वैविध्य जीवों की ही
तरह सहज और अनिवार्य है। जनपदों और कुलों के आधार पर मनुष्यों की
सामाजिक पहचान ही स्वाभाविक है और अपने परिवेश से अभिन्नता की अनुभूति
भी उतनी ही स्वाभाविक है। इसी कारण हमारे यहाँ ऐसी कोई परंपरा कभी
नहीं रही कि समस्त मनुष्य किसी एक मानव-जाति के केन्द्रीय संगठन से
अनुशासित और संचालित होने योग्य हैं, और मानव का संगठन हमारे यहाँ इस
दृष्टि से तो कभी सोचा ही नहीं गया कि प्रकृति और प्राणिमात्र उसके शत्रु हैं
और उनसे उसे अपनी रक्षा करनी है।
पाँच
इसके विपरीत यूरोप की, ईसाईयत की विश्वदृष्टि में मनुष्य ही केन्द्रीय
सत्ता है। इस्लाम की दृष्टि भी ऐसी ही है। वही समस्त सृष्टि का केन्द्र है। यह
सम्पूर्ण जगत, जीव-जन्तु और वृक्ष वनस्पतियाँ उसी के भोग के लिये और उसी
की सेवा में हैं। और मनुष्य सम्पूर्ण प्रकृति का तथा समस्त जीवों का स्वामी और
नियन्त्रक है तथा वह नियन्त्रक बने, यही वहाँ स्वाभाविक माना गया है। यूरोपीय
16
सम्पर्क जब विश्व के भिन्न-भिन्न देशों से बढ़ा और जब वह धीरे-धीरे प्रकृति का
स्वामी स्वयं को मानने लगा, तब से ही आधुनिक पश्चिमी मनुष्य ने मानव जाति
की धारणा रची है। मानव जाति की यह धारणा मनुष्य को प्रकृति के विरूद्ध
तथा अन्य सभी जीवों के विरूद्ध रखकर देखती है। इस धारणा को मान लेने के
बाद यही स्वाभाविक है कि भिन्न-भिन्न कसौटियों के आधार पर मानव-जाति
की विविध श्रेणियाँ बनाई जायें और इस श्रेणी-क्रम में जो लोग ऊँचे सोपान पर
हैं, उन्हें शेष सबके जीवन को नियन्त्रित करने का स्वाभाविक अधिकार मान्य
किया जाये। इसे ही साकार करने के लिये दर्शन, साहित्य, विज्ञान और
प्रौद्योगिकी की ऐसी दिशाएँ और ऐसे संस्थान विकसित किये गये और उन्हें
ऐसी दिशाओं में नियोजित किया गया तथा उनकी ऐसी व्याख्याएँ की गई,
जिससे कि इस मानव-केन्द्रित दृष्टि की निर्विवाद प्रतिष्ठा हो और अन्ततः
विकसित उच्च श्रेणी के यूरोपीय या पश्चिमी मनुष्य के लक्ष्यों की रक्षा और
पोषण हो सके।
यूरोपीय सफलता के चकाचौंध के कारण भारतीय शासक-समूहों,
भारतीय राज्य की सेवा के इच्छुक प्रतिस्पर्धी समूहों तथा सम्पन्न लोगों में भी
यूरोपीय मानव-केन्द्रित मान्यताएँ आज एक सीमा तक पैठ चुकी हैं। हम इस
रास्ते पर कहाँ तक, कितना और कैसे चल पायेंगे, यह पूरी तरह सोचने समझने
का समय निकाले बिना ये मान्यताएँ अपना ली गई हैं। इसी के प्रभाव से भय की
और दूसरे को शत्रुभाव से देखने की मनोवृत्तियाँ भी इन समूहों में बढ़ती जा रही
हैं। हमारा पुलिस बल भी समाज को भयभीत रखकर ही व्यवस्था की रक्षा कर
पाना सम्भव समझने लगा है। इसलिए अपने संस्कारों के कारण वह अपने
समाज का प्रत्यक्ष दमन-उत्पीड़न शायद उतना अधिक नहीं भी कर पाता हो,
परन्तु उसके किस्से हवा में फैलें और समाज के सर्वसाधारण लोग उससे
आतंकित/भयभीत रहें, उसका यह प्रयास प्रायः दिखता है। राज्य-संस्था की
दंड-शक्ति का लक्ष्य केवल दुष्टता को त्रास देना होता है जिससे समाज में
स्वधर्म-पालन के लिए अभय और आत्मीयता का परिवेश सुदृढ़ बने। समाज में
भय का संचार करने वाला या उसमें फूट और भेद-भाव बढ़ाने वाला राज्य तो
हमारे यहाँ कुराज ही कहा गया है। आततायी राज्य को तो समाज आत्मीय
भाव से देख नहीं पायेगा। इसलिए भारतीय राज्य के सेवकों तथा सेवा के
इच्छुक प्रतिस्पर्धियों को भी राज्य और समाज के रिश्तों में परस्पर भय, अलगाव,
अविश्वास तथा विरोध भाव को बढ़ावा देना त्यागना चाहिए।
हमें कौन सी दिशा अपनानी है, यह निश्चय तो हमें ही करना पड़ेगा।
17
स्व भा -3
प्रमाद और संवेदन शून्यता की अभी की स्थिति तो हमें आत्मक्षय और आत्मविलोप
की ओर ही ले जाएगी।
दुविधाग्रस्त मनोदशा में रहकर तो हम कहीं भी नहीं पहुंच पायेंगे।
गहराई से आत्म-स्मरण और मनन करना होगा और स्पष्ट निर्णय लेना होगा।
अगर स्वयं को यूरोपीय सांचे में ही ढालने का हमारा मन बन चुका है, तो उसी
दिशा में सुनियोजित प्रयास करें। हो सकता है, हम उसमें सफल होकर सशक्त
और उन्नत समाज तथा राष्ट्र बना सकें।
लेकिन यह अधिक सम्भव है कि इस दिशा में बढ़ने पर पश्चिम और
शेष विश्व पर हमारी निर्भरता आज जैसी ही बनी रहे या बढ़ती जाये तथा हम
पश्चिमी जीवन शैली के एक तीसरे दर्जे के अनुयायी ही बने रहें। अपने देश के
80 से 90 प्रतिशत लोगों के प्रति हम अभी की तरह उदासीन बने रहें और उन
सब लोगों को घुटघुटकर जीने के लिये विवश करने वाली अपनी वर्तमान
जीवनशैली जारी रखें। इससे उनकी घुटन और बढ़ती चली जायेगी तथा हम
अपनी लालसाओं में एवं अपने अपेक्षाकृत छोटे पड़ोसियों के साथ अन्तहीन
झगड़ों में और भी अधिक उलझते चले जायेंगे।
परन्तु मुझे तो आशा यही है कि भारत के करोड़ों युवा जन ऐसी
हीनता, अधीनता तथा उस पर निर्भरता को उचित नहीं मानते और यह जीवन
शैली उन्हें प्रिय नहीं है। और इसलिए मेरा विश्वास है कि, वे भारत की पुनर्रचना
के बारे में विचार, मंथन तथा मनन प्रारम्भ करेंगे जिससे कि भारतीय जीवन की
समृद्धि, विशेषता और समस्त जीवन जगत के प्रति आत्मीयता तथा सामंजस्यपूर्ण
सम्बन्धों वाली जीवन-शैली फिर से साकार हो सके और नये-नये रूपों में
अभिव्यक्त हो सके।
छः
भारत की प्राचीनता और विविधता भारत के लिये एक बड़ा वरदान ही
रही। काल के बहाव में यह अवश्य हुआ होगा कि इस विविधता से भारत में कुछ
उलझनें भी पैदा हुई होंगी। कुछ विविधताएँ तो काल के प्रभाव से मृतप्राय ही रह
गयी होंगी, अवशेषों जैसी।
भारतीय साहित्य मात्रा में तो विराट है ही, इसकी रचना की
कालावधि भी सुदीर्घ है। विश्व के और साहित्यों की तरह इसमें भी नयी-नयी
कृतियाँ, विचार, व्यवस्थाएँ जुड़ती रहीं और समय-समय पर पहले कही गयी
बातें नये-नये ढंगों से कही जाती रहीं। इस प्रकार के बदलाव सभी क्षेत्रों में
18
मिलेंगे चाहे वह ज्योतिषशास्त्र हो, या आयुर्वेद या राज्य और अर्थनीति या रामायण
ही। महर्षि बाल्मीकि रामायण के बाद अनेकों रामायण रचे गये और उन सबमें
अलग-अलग तरह से पुराना कुछ-कुछ बदलता गया और नया कुछ-कुछ
जुड़ता गया। भारत की सनातनता एक तरह से भारतीय प्रवाह में रही, उसके
ग्रन्थों व स्थिरता में नहीं।
इस्लाम के शासकों ने, जहाँ-जहाँ उनका कुछ प्रभुत्व रहा, वहाँ भारतीय
सनातनता को बांधकर देखने की कोशिश की, जैसा कि विदेशियों को अपरिचित
स्थानों, विचारों व सामग्रियों के साथ, अपनी समझ के लिये करना पड़ता है।
उन्होंने भारतीयता को जहां-तहां बांधना चाहा, उसमें स्थिरता और शिथिलता
लानी चाही। लेकिन उनसे यह अधिक नहीं हो सका।
यूरोप और विशेषतः अंग्रेज, इस दिशा में और कार्य में, अधिक तीव्रता
से आगे बढ़े। अंग्रेज पूरे भारत को राजनीतिक और आर्थिक तौर पर अपने
अधीनस्थ भी कर पाये। अपने राज्य को पक्का करने के लिये उन्होंने भारतीय
ग्रन्थों में से वह सब छांट-छांटकर इकट्ठा किया, जो उनके काम का था और
उसे ही ऊपर उछाला। उसी में से एक तरह का भारतीय इतिहास रचा गया
और भारत की व्याख्याएं बनाई गईं। ऐसे इतिहासों और व्याख्याओं में सब
असत्य या काल्पनिक ही हो, ऐसी बात नहीं है। लेकिन यह सब जो चित्रण
किया गया, यह सन्दर्भ रहित हो गया। इसमें भारतीय चित्त, आत्मा और
मानसिकता एकदम किनारे रख दी गई। यह चित्रण जो अंग्रेजों द्वारा किया
गया, इससे 1860-1870 के बाद भारत में एक बड़ी टूटन हुई। धीरे-धीरे
सन्दर्भ अदृश्य जैसे हो गया और टूटा एवं बिखरा भारत हमारे पास रह गया।
स्वराज आने का लक्ष्य यह था कि हम भारत के अपने सन्दर्भ को फिर
से पायें तथा बिखरे और रौंदे हुए भारतीयता के लाखों टुकड़ों को भारत के
सन्दर्भ से, फिर से जोड़ें। यह काम हम अभी तक नहीं कर पाये हैं। शायद अभी
तक हमें यह सूझा भी नहीं है कि इस तरह का सन्दर्भ खोजना और बिखरे
टुकड़ों को इससे जोड़ना भी हमारा काम है।
पुराने अवशेषों के अलावा, अब हमारे यहाँ बहुत ही अधिक, पिछले
200-400 बरस में बनी, व्यवस्थाओं, कानूनों, तन्त्रों, बीमार मानसिकताओं का
ढेर का ढेर कबाड़ इकट्ठा हो गया है। हमें जीवित रहना है तो इन सब को
हटाकर कहीं जलाना व दफनाना ही पड़ेगा। तब ही ठीक तरह से सन्दर्भ
मिलेगा और जैसा भी जुड़ाव हम आज चाहते हैं, वह बन सकेगा।
19
गाँधी को गाली देना नया नहीं है
स्वदेशी की परिकल्पना क्यों एक खोए हुए सपने सी लगने लगी
है ? क्यों इस देश के लोग महात्मा की 'मूर्ति' तोड़ने की मानसिकता से
बच नहीं पाते ? किसी के मुंह से महमूद गजनवी की जयकार कैसे
निकलने लगती है ? और क्या ये सब उत्पात के लक्षण हैं ? और हैं तो उन
उत्पातों से बचने और देश को बचाने का कोई रास्ता भी है क्या ?
आम लोगों की तरह गांधीवादियों को भी ये सवाल मथ रहे हैं। पर
उनमें कोई खुदबुदी या सनसनी नहीं है। बहुत सारी बातें चक्रीयगति में चलती
हैं। शुरू होती हैं। उभरती हैं। गिर जाती हैं। और फिर नए सिरे से उठ जाती
हैं। न उनकी आम स्वीकृति बनती है, और न खारिज ही हो पाती है। गांधी और
गांधीवाद को 1920 के बाद से लगातार ऐसे हमलों का शिकार होना पड़ा है।
पश्चिमपरक जवाहरलाल नेहरू और अंतरराष्ट्रीय ताकतों ने मिलकर 1944
आते-आते ही महात्मा को किनारे कर दिया था। 1920 से संजोई स्वदेशी की
कड़ी तो उसी घड़ी टूट गई। पर उतने से ही संतोष नहीं हुआ। उसके बाद तो
गांधी पर बदले की कार्यवाही के तौर पर हमला किया गया। गांधी के बचाव में
उनके जन भी नहीं आ सकते थे क्योंकि गांधी खुद स्वदेशी का वैकल्पिक मॉडल
नहीं दे सके थे। ढांचा बनाने का वक्त ही नहीं मिला था उन्हें। जो बना भी था
वह ताश के महल जैसा था। और कांग्रेस ? अंग्रेजीदाँ भारतीयों की सत्ता में
भागीदारी की इच्छा और अंग्रेजों के विरुद्ध आम जनता के गुस्से को सोखता देने
की मिली-जुली रणनीति से जन्मी इस संस्था का ढाँचा कभी इस बात का रहा
ही नहीं कि यह पश्चिमीकरण का विरोध कर सकती। स्वदेशी और स्वालंबन-
गांधी की 20 साला कमान को छोड़ दें तो कभी इसके काँग्रेस के गुणधर्म नहीं
रहे। उसका ढांचा ही पश्चिमी मॉडल पर बना है। और उसकी बुनियाद में ही
पश्चिम का श्रेष्ठ होना लिखा है।
कांशीराम का महमूद गजनवी को दलितों का उद्धारक कहना कुछ
नया नहीं है। 1951 में लुधियाना में चुनावी सभा में डा. आंबेडकर ने अंग्रेजों पर
धोखेबाजी का आरोप लगाया। कहा कि, अंग्रेज हिंदुस्तान में बिना सेना के आए
थे। हमारे लोगों ने उनकी सेना बनवाई। उनका राज कायम किया। पर हम वैसे
20
के वैसे ही रहे। कांशीराम जैसे लोग चक्रीय गति के तहत वही आंबेडकर की ही
बात दोहरा रहे हैं। देश में 1947-48 से जो चला आ रहा है, वही चलता चला
जा देते हैं। आर. के. पाटिल कहते थे कि शिकायत क्या? अंग्रेजों से जो चढ़ती
कंपनी (ग्रोइंग कन्सर्न) हाथ में लिया था, उसे चला रहे हैं। कुछ भूलें हुई होंगी,
पर कुछ खास तो नहीं। 1933 में वर्णाश्रम स्वराज्य संघ के लोग ब्रिटेन गए। वहां
एम.ए. जयकर कहते हैं कि आजादी इसलिए जरूरी है कि जब तक हम अपना
राज्य कायम नहीं करते तब तक तरक्की नहीं कर सकते। अपने समाज की
कुरीतियाँ दूर नहीं कर सकते। जयकर के पहले भी बहुत से लोगों ने यही बात
कही होगी। तो यह मॉडल तो पश्चिमीकरण का ही है। आजाद भारत के
कर्णधारों ने यही मॉडल तो चुना। जयकर ने संस्मरण लिखा है 1926 तक का।
वे महाराष्ट्र के एक गांव में जाते हैं और लिखते हैं कि यह गांव उतना ही सुंदर
है जैसे कि स्कॉटलैंड का कोई गांव हो। तो उपमा के लिए उन्हें स्कॉटलैंड ही
मिलता है। यह मानसिकता ही कुछ ऐसी बन गई है। इस मानसिकता में जिस
भावना को हम भारतीयता कहते हैं, वह कुछ जमती नहीं। ठीक-ठीक परिभाषित
नहीं है यह, पर भावना तो है और खत्म नहीं होती। जबकि यूरोप में इस किस्म
की भावना खत्म हुई। वहां मार-काट बहुत हुई। नए-नए आक्रमणकारी आते
रहे, बसते रहे, पिटते रहे। समूह नहीं बने। ऑटोमेशन हुआ। प्लेटो ने तो यहाँ
तक कहा कि बच्चे को अपने पिता का पता नहीं लगना चाहिए। नहीं तो परिवार
समूह ही बन जाएगा। अरस्तू कहते हैं कि गुलाम काम करने के लिए रखे जाते
हैं। काम करने वाली कोई मशीन हो तो फिर गुलामों की जरूरत नहीं रहेगी। तो
मशीन का विचार उनके दिमाग में तभी आ गया। तो पश्चिमी समाज का तरीका,
उनकी विचार पद्धति कुछ और है। वह एक अलग मॉडल है। हमारा अंग्रेजीदाँ
वर्ग उसी पर लट्टू रहा है।
कांशीराम जैसे लोगों को लेकर देश के एक हिस्से में जो चिंताएं
जाहिर की जा रही हैं, उनका क्या ? चंद्रशेखर इशारा करते हैं कि वे
भारत को तोड़नेवाली ताकतों से मिलीभगत में हैं। अशोक सिंघल ईसाई
मिशनरियों की मिलीभगत की बात करते रहे हैं। यह इतना बड़ा संशय
क्यों ?
हो सकता है कि कोई वैसी साजिश हो। पर इन बातों की शुरुआत
विदेशी साजिश से नहीं होती। शुरुआत तो अपने समाज की जो शक्तियां हैं,
जो ऐतिहासिक कारण हैं, उनके संघर्ष से होती है। बाद में उसका चाहे जो
इस्तेमाल करे। अगर आंबेडकर की बात ही कांशीराम भी कहते हैं और कई
21
दूसरे इतिहासकार भी, तो शायद समाज के एक हिस्से के मन में यह बैठा है कि
जिस समाज में अपनी हिस्सेदारी नहीं है, वह टूटे भी तो क्या ? भीतर से तो नहीं,
तो शायद कोई बाहर से ही आकर उद्धार करे। मुद्दा कोई व्यक्ति नहीं है। मुद्दा
बहुत गहरा है। कई प्रतीकों, बिंबों, मान्यताओं में समाज में एका है। पर कइयों
पर समझौता नहीं है। समाज कहीं से जुड़ा है तो कहीं से बंटा है। और जो
आदमी का रचा विधान है, वह छोटे-बड़े चक्र में घूम रहा है। एक अपरिहार्यता
की तरह। हमने इतिहास से सबक नहीं लिया है। पहले हर बात को भगवान की
लीला मान कर संतोष कर लिया जाता रहा होगा। अब सब कुछ रेखीय दृष्टि से
देखने की बात है। पर हमने उस हिसाब की संरचना नहीं बनाई है।
अंबेडकर और कांशीराम इसलिए एक ही बात करते हैं कि रिश्ते नहीं
बदलते। या रिश्ते बदले हैं, इसे नहीं दिखलाया जाता। आजाद इंडिया कम्पनी
में आर्थिक बदलाव तो हुए हैं पर सामाजिक रिश्ते जस के तस हैं। अंबेडकर
1915-16 में हिंदुस्तान आते हैं। बड़ौदा में नौकरी मिलती है। पर रहने को घर
नहीं मिलता। पहले दिन से ही कठिनाइयां शुरू हो जाती हैं। बहुत बार वे अपने
समाज की कठिनाइयों को प्रतीक के तौर पर अपनी निजी कठिनाइयां बनाकर
बताते हैं। अपने बचपन की दिक्कतें तो शायद उन्हें याद भी नहीं। पर वे अपने
समाज के लिये खड़े होते हैं। 1940 तक तो बखूबी। और शायद 1946 तक भी।
अपने समाज के साथ जुड़े होने की बात वे छिपाते नहीं। उन्होंने कहा कि बाकी
भारत का वे क्या करेंगे ? काहे को सोचें उसकी ? उन्हें तो अपने लोगों को
बचाना है। तो अपने लोगों को बचाने में उन्हें अगर मोहम्मद तुगलक की बजाय
जापान की मदद लेनी हो तो लेंगे। क्यों नहीं लेंगे ?
कांशीराम जैसों के भारत के मान्य प्रतीकों को गिराने से क्या
देश टूट की ओर नहीं बढ़ेगा ? मुझे लगता है कि यह व्यवस्था टूट रही है,
संरचना टूट रही है, इसलिए कुछ लोगों को देश टूटने का वहम हो सकता है।
व्यवस्था की टूट को वे देश की टूट मान लेते हैं। इस तरह के हर चक्र की सीमा
भी होती है। गांधी अंबेडकर के दायरे और उनकी मजबूरियों को भी जानते थे।
इतिहास की धारा से दोनों ही अनजान नहीं थे। पर उनकी बुनियादी चिंताएं
अलग थीं। 1946 में गांधी पटेल को अंबेडकर के बारे में लिखते हैं कि अंबेडकर
सत्य-असत्य का फर्क नहीं मानते। पर यह भी कहते हैं कि उनसे बात जारी
रखना। बातचीत तोड़ना नहीं। अंबेडकर के पत्ता (राजनैतिक) बनने के प्रति भी
वे सतर्क हैं। और उसकी काट करते रहते हैं। राजनीतिक और समाजिक दोनों
धरातल पर। अंबेडकर के 1942 तक के जो बयान हैं या उन्होंने सेक्रेटरी आफ
22
स्टेट को जो 40-50 पेज का ज्ञापन भेजा, उस पर सेक्रेटरी आफ स्टेट ने
वाइसराय को लिखा कि अब तक हमारे पास मुस्लिम पत्ता था। अब यह एक
और पत्ता है। हालांकि हाशिए में अंडर सेक्रेटरी ने गोद दिया कि यह पत्ता बहुत
कमजोर है। गांधी ने इसे पहले ही काट दिया है। यह जरूर है कि हाशिए में
लिखी बात वाइसराय तक नहीं पहुंचाई गई। सीमाएं थीं। दो महीने बाद ही
सेक्रेटरी आफ स्टेट फिर नोट भेजते हैं कि अंबेडकर खुद तो काबिल आदमी हैं।
पर उनके साथ के लोग बस यूं ही हैं। ये लोग मुसलमान या ईसाई बन गए होते
हो इनकी कुछ मदद की जा सकती थी।
तो क्या जो काम तब नहीं हो सका, वह काम आज दूसरों की
नजर में नहीं होगा ? ऐसी सामाजिक कमजोरियों पर बाहरी ताकतों की
नजर तो होती ही है। पर नजर होना भर एक बात है। असली बात समाज की
अंदरूनी मनःस्थिति की है। जिस तरह कांशीराम अपने समाज के उद्धार के
लिए महमूद गजनवी को याद कर सकते हैं, उस तरह का काम समाज के दूसरे
हिस्से भी कर सकते हैं। सामाजिक संरचना ने एक खास किस्म की मानसिकता
बना दी है। यह मानसिकता खाली अंबेडकर की नहीं है। ब्राह्मणों और दूसरे
लोगों ने भी ऐसा किया है। मद्रास और बंगाल में तो जरूर ही। 18 वीं शती
आते-आते उन्हें जब लगा कि हम हार गए तो फिर अंग्रेजों के साथ कोलेबोरेशन
(सहयोग) तय किया गया।
यह सहयोग बहुत भिन्न नहीं था। कांशीराम जैसों के कहने का तरीका
भोंड़ा है। उनका सलीकेदार रहा। कांशीराम सार्वजनिक जीवन में ज्यादा नहीं
रहे न, इसलिए भोंडेपन से बोल देते हैं। कुछ वर्षों में वे भी बोलने और करने की
चालाकी सीख जाएंगे।
23
जारी हैं गांधी पर नेहरू के हमले
क्या अंग्रेजों ने भारत के बौद्धिक वर्ग के पश्चिमीकरण को अपने
सुरक्षा कवच की तरह इस्तेमाल किया और जब सत्ता देने की बारी भी आई
तो सत्ता उन हाथों में ही सौंपी गई जो पश्चिमपरस्त थे और जिनको
अपने देश के विकास के लिए स्वदेशी मॉडल बनाने में कोई रुचि नहीं
थी? क्या सत्ता हस्तांतरण को भी औजार के रूप में इस्तेमाल किया गया
और नेहरू इस काम में अंग्रेजों के नजदीकी मददगार बने, पर सत्ता और
सत्ता को संभाल सकने की जो बुनियादी चतुराई उनमें थी, उसने उनको
बेनकाब नहीं होने दिया ?
अंग्रेजों ने भारत के बौद्धिक वर्ग का राजनैतिक इस्तेमाल किया। 1920
में 'सेक्रेटरी आफ स्टेट्स' ने वाइसराय को लिखा कि जमींदार वर्ग पर बचाव का
भरोसा मत रखो। इस काम में बौद्धिक वर्ग को लगाओ। बौद्धिक वर्ग से यह
काम 18 वीं सदी के उत्तरार्ध से ही लिया गया होगा। इस देश की आम जनता
का जो रुख था, उसे देखते हुए अंग्रेज इस देश में अपने निजाम की सुरक्षा के
बारे में कभी आश्वस्त नहीं थे। मेटकाफ भारत में इंग्लैंड से अंग्रेजों को बड़ी
संख्या में लाने की सिफारिश करते हुए ये कहता है कि “यह ठीक है कि यहां के
लोग स्वामिभक्त हैं। पर भरोसे में मत रहिए। हवा का रुख बदला तो स्वामिभक्ति
का चोला उतर जाएगा और हमारी खैर नहीं"। 1920 के बाद तो ऐसा हुआ कि
जितने राजनैतिक वर्ग और धाराएं थीं, अंग्रेजों की कोशिश उन सबमें अंग्रेजियत
माननेवाले लोगों को दाखिल कराने और जमाने की रही। जिनको जरूरत
पड़ने पर पीटा भी जा सके, पर जिनके साथ बैठकर चाय भी पी जा सके।
आखिर मोतीलाल नेहरू गवर्नर के साथ टेनिस खेलते थे न। कुछ उसी तरह का
मामला। जरा 1942 में भी देख लीजिए। अगस्त 1942 में ब्रिटेन सरकार के एक
मंत्री को रूजवेल्ट समझाते हैं कि सत्ता हस्तांतरण का वक्त तो ब्रिटेन को ही तय
करना है। पर उसे यह भी तय करना चाहिए कि आजादी के बाद भारत पश्चिम
के असर में रहे। चीन के विदेश मंत्री ने भारत को एशियाई राष्ट्र कहा है।
रूजवेल्ट उसे चुनौती देते हैं कि नहीं, भारत के लोग यूरोपीय समुदाय के हैं।
हमारे कजिन (चचेरे भाई) हैं। यह रिश्तेदारी हमारे पढ़े-लिखे लोगों के मन में
बहुत दिनों से समाई थी। जिनकी संख्या लगातार बढ़ी थी। नीरद चौधरी
24
वगैरह यही चचेरे भाई हैं न।
लेकिन स्वदेशी और भारतीयता को प्रतिष्ठित करने में महात्मा
गांधी कहां मात खा गए ? उनसे चूक कहां हुई ? इसके बारे में मुझे लगता
है कि 18 वीं शती के उत्तरार्ध में देश के अंग्रेजीदां पांच फीसदी लोगों ने जो
राजनीति शुरू की, उसके केंद्र में सत्ता में भागीदारी की मांग तो थी ही, साथ ही
अंग्रेज और अंग्रेजियत को अपने से बड़ा माना गया था। मान लिया गया था कि
हम लोग तो हजार साल से ज्यादा समय से गुलाम ही हैं। दूसरों पर निर्भर ही
रहे हैं। भागीदारी की मांग में कमतर होने की स्वीकृति भी थी। इस वर्ग को
महात्मा गांधी ने 1920 में राजनीति की मुख्यधारा से बाहर कर दिया। कुछ
अंडरग्राउंड हो गए। कुछ सार्वजनिक जीवन से हट गए। कुछ उदारतावादी हो
गए। पर ज्यादातर लोग कांग्रेस में ही बने रहे। गांधी की शक्ति और चमक से
वह डरे। कुछ ने यह भी सोचा होगा कि चलो, कुछ देर तक चलने दो यह चमक।
कुछ में भक्तिभाव भी पैदा हुआ होगा कि शायद गांधी ही सही सोच रहे हों।
1940 तक वे किनारे पर रहे। पर उसके बाद उन्होंने गांधी को अलग ठेल दिया।
इन तत्त्वों के सामने गांधी की मजबूरी का जरा अंदाज लगाइए। सुशीला नायर
की डायरी में है। 1943 में गांधी जी जेल गए तो कहते थे कि जल्दी ही छूट कर
बाहर जाऊंगा। फिर वे कहने लगे कि नहीं, अब सात साल जेल में ही रहूंगा।
1944 में तो वे बाहर आने के लिए तैयार नहीं थे। आगे का फैसला लेने में उन्हें
दो-तीन महीने लग गए। गांधी की ऐसी प्रोग्रामिंग भी थी। वे ऐसा करते थे।
और अहमदनगर जेल में नेहरू उनके लिये क्या सोच रहे थे। यही कि अब एक
और उपवास हो जायेगा। नेहरू के दिमाग में पिछले को देख-देख कर यही
बना था गांधी का मॉडल। 1943-44 में अपने अलग-थलग पड़ जाने का आभास
केवल गांधी को ही नहीं रहा, दूसरों को भी हो गया। अंग्रेजीदाँ लोग गांधी को
उनकी महानता से तो बेदखल नहीं कर सके, पर वास्तविक अर्थों में गांधी की
बेदखली हो गई।
इसी के साथ स्वदेशी की कड़ी भी शक्तिहीन हो गई। पर क्यों ?
महात्मा गांधी का अपना खड़ा किया कांग्रेस का ढांचा भी इस काम के लिए
माकूल नहीं था। 1920 में कांग्रेस के ढांचे का ड्राफ्ट गांधीजी ने खुद बनाया।
ढांचा यह है कि नीचे मेंबरशिप है। फिर जिला, फिर प्रदेश, फिर अखिल भारतीय
समिति है। फिर अध्यक्ष है। अंतिम फैसले की ताकत ऊपर है। उसी में नीचे
वालों की राय भी मान ली जाती है। देश नीचे है और उसकी लीडरशिप ऊपर।
सरकार का मॉडल ही कांग्रेस का भी मॉडल हो गया। वही कलेक्टर, कमिश्नर,
25
स्व भा -4
गवर्नर मॉडल। गांधीजी को शायद लगा कि अंग्रेजों से लड़ाई उनके जैसा
केंद्रित मॉडल बनाकर ही लड़ी जा सकती है। तो वैसा ही मॉडल बना तो उसे
चलाने के लिए वैसे ही लोग भी आगे रखने थे।
इस युद्ध में नेहरू पश्चिमी मॉडल के प्रतीक हैं। गांधी भी उन्हें ऐसा ही
मानते हैं। पर यह भी मानते हैं कि नेहरू को मोड़ा जा सकता है। वे सोचते हैं कि
पश्चिमी मॉडल को हराने के लिए इस नेहरू को जीतना है। इसे जीत लिया तो
फिर सबको जीत लिया। उन्हें अपनी जीत का भरोसा भी होता है। पर यह जीत
वे हासिल नहीं कर पाते। गांधी अंतरराष्ट्रीय ताकतों के दखल को भी ठीक से
समझ नहीं पाए। यह मान कर चलते रहे कि उनकी कोई दखलंदाजी नहीं होगी
और सब कुछ आपस में सुलटने के लिए जस का तस स्थिर रहेगा। पर 1944 के
बाद तो इन ताकतों ने गांधीजी को हाशिए पर ठेल दिया।
नेहरू? 1945 में तो नेहरू ने साफ कहा कि गांधी के स्वदेशी राग को
उन्होंने कभी विचार के लायक भी नहीं माना। कांग्रेस ने भी स्वदेशी की बातचीत
1937 में ही छोड़ दी थी। नेहरू तब तक बड़े नेता बन चुके थे। गांधी मूल में
सभ्यता का संघर्ष तो लड़ रहे थे, पर उनका मूल प्रश्न पहले आजादी हासिल
करने का था। उन्हें समझौते करके चलना पड़ता था। उनकी मजबूरी उस
सेनापति की मजबूरी थी, जो अपनी सेना की टूट नहीं चाहता। वे सोचते थे कि
युद्ध में सबको साथ लेकर चलो। आजादी मिली तो फिर सब कुछ संभल
जाएगा। उन्होंने पश्चिमपरस्त लोगों और उनके नेता नेहरू को संतुलित करने
के लिए कोशिशें कम नहीं कीं। गांधी सेवा संघ बनाया गया। संघ पश्चिमपरस्त
तबके के खिलाफ दबाव बनाने का साधन था। 1938 में नेहरू जब विदेश जा
रहे थे तो उन्होंने संघ के खिलाफ हमले का बिगुल बजाया कि संघ राजनीति
कर रहा है। फिर सुभाष चंद्र बोस लाबी मजबूत बनी तो महात्मा गांधी को 1940
में संघ को सस्पेंड करना पड़ा। विसर्जित उन्होंने नहीं किया। कहा कि फिर
जिंदा करने की जरूरत पड़ सकती है। गांधी पर सबसे बड़ा दबाव तो टैगोर का
पड़ता था। सुभाष नेशनल प्लानिंग कमेटी गठित करना और नेहरू को उसका
अध्यक्ष बनाना चाहते थे। तो मेघनाद साहा जुटे। टैगोर से बात हुई। टैगोर ने
गांधी को मनाया। नेहरू अध्यक्ष बने। नतीजतन विकास का पश्चिमी मॉडल
कांग्रेस के नीति मॉडल में हावी हो गया। और गांधीजी ने नेहरू को अपना
उत्तराधिकारी ही कौन-सा घोषित किया। 1940 की कांग्रेस कार्यसमिति में
गांधी बोस वगैरह के खिलाफ अपने लोगों की एकतरफा जीत चाहते हैं। नेहरू
समर्थक एक तिहाई हैं। तो समर्थन लेने के लिए बातचीत में कह देते हैं कि मेरा
26
उत्तराधिकार तो नेहरू को ही मिलेगा। असली खेल बाद में हुआ। कुछ दिनों
बाद अखबारवाले गांधी के पास पहुंचते हैं। और उनसे सवाल पूछ-पूछ कर मुंह
से निकली बात को कबूलवाया जाता है। बात रिकार्ड में ला दी जाती है। नेहरू
इसे गांठ में बांध लेते हैं। और जब वक्त पड़ता है तब यह बात 1944 में उछालकर
सामने ला दी जाती है।
महात्मा गांधी जब ताकत में रहते हैं, उनके सामने सब कुछ दबा रहता
है। पर ताकत कम होते ही मामला उलट जाता है। 1927 में नेहरू विदेश प्रवास
से लौटकर आते हैं तो उनको आगे कर आजादी का प्रस्ताव पास किया जाता
है। आजाद रूप से। इसमें गांधीजी के स्वदेशी, स्वराज आदि के संदर्भों में
उन्होंने 1920 से जो कुछ किया, उसको चुनौती है। गांधी चौंकते हैं। और फिर
जनवरी 1928 में एक-दूसरे को चिट्ठियां लिखी जाती हैं। गांधी आर-पार
लड़ाई की चुनौती दे डालते हैं। आजादी बनाम स्वराज का लेख लिखते हैं।
जानते हैं कि आज कौन लड़ेगा। सबक सिखा रहे हैं। और मामला वहीं खत्म
कर देते हैं। पर दूसरे ? दो टूक शब्दों में कहूं तो नेहरू और उनके लोगों ने
पिछले 50 साल में गांधी के साथ चौतरफा बदला लिया है। उन पर गिन-गिन
कर अनगिनत हमले किए हैं। उन्हें अपमानित करने की कोई चेष्टा नहीं छोड़ी
है। गांधी से उनका युद्ध अभी भी जारी है।
27
द्वितीय खण्ड: विदेशी आर्थिक शोषण बनाम स्वदेशी विकेन्द्रीकरण
हिंदुस्तानी तासीर दफनाने के लिए
अंग्रेजों ने बनवाई कांग्रेस
स्वदेशी और स्वदेश को जानने-समझने के लिए क्या पिछली
दो-तीन सदियों के इतिहास को उघाड़ने की फौरी जरूरत है? लेकिन
अगर इस काम से एक से एक मूर्धन्य महापुरुषों का मानभंजन हो गया
तो?
मुझे इस काम से कोई एतराज नहीं है। बल्कि देश में बेहतर मानवीय,
सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक संबंध कायम करने के लिए मैं इसे जरूरी
मानता हूं। कहाँ थी कुचाल ? लॉर्ड विलियम 1830 में कहता है कि हमारे
प्रयासों का भारतीयों पर असर तो पड़ा है। लोगों ने अंग्रेजियत अपनाई है।
उनकी परंपराएं टूटी हैं। अंग्रेजीदाँ वर्ग में पैसा यूरोपीय तर्ज के मनोरंजनों पर
बहाया जा रहा है। 1870 आते-आते यह अंग्रेजीदाँ वर्ग इस बात के लिए
अकुलाने लगा कि जब हम अंग्रेजों की तरह रहना जानते हैं, उन्हीं की तरह
अंग्रेजी बोल लेते हैं, राजनीति और दर्शन वगैरह पर भी बात कर लेते हैं, तो फिर
वे हमें थोड़ा बराबरी का दर्जा क्यों नहीं देते? रिचर्ड टेंपुल 1880-82 में कहता
है कि इन लोगों को कानून वगैरह पढ़ा देने से ऐसा हुआ है। थोड़े होशियार हुए
हैं तो होशियारी दिखा रहे हैं और बराबरी की मांग करते हैं। अब इन्हें जरा
विज्ञान की झलक दिखानी चाहिये, जिससे यह लोग हमारी बौद्धिक दासता
स्वीकार करें।
भारतीय तासीर का अंग्रेजी शासन और अंग्रेजियत के खिलाफ मौलिक
विरोध के रूप में 1870 के आसपास उत्तर प्रदेश और बिहार में गौहत्या के
खिलाफ जबरदस्त जन आंदोलन उठ खड़ा हुआ। तत्कालीन वायसराय के
मुताबिक इसकी ताकत 1857 के स्वाधीनता संग्राम जैसी ही थी। रानी उसे
चिट्ठी भेज कर सावधान रहने को कहती हैं कि आंदोलन हमारे ही खिलाफ है,
मुसलमानों के खिलाफ नहीं। गोमांस हम अंग्रेज ही ज्यादा खाते हैं। देश के
दूसरे हिस्सों में भी इस तरह के दूसरे देशी विरोध उठ रहे थे। इसे मोड़ कर नष्ट
करने और अंग्रेजीदाँ वर्ग में उठी बराबरी की मांग को संतोष देने के लिए ही
कांग्रेस का जन्म हुआ। स्वदेशी को खत्म करना तो कांग्रेस के गर्भनाल में है।
28
अंग्रेजों की श्रेष्ठता मान लेने से बौद्धिक वर्ग ने अंग्रेजों का काम ही
आसान किया। अंग्रेजों ने अपने राज्य को वैधता देने के सिलसिले में भारत के
हजार साल से गुलाम रहने का रट्टा खड़ा कर दिया। कब था भारत हजार साल
से गुलाम ? गजनवी वगैरह तो लूट के लिए आए। मुसलमानों का कब्जा तो
1200 से शुरू हुआ। लेकिन कितनी दूर ? उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में। वह
भी पाकेट्स में। ऐसा नहीं था कि साग-बथुए की तरह यहां के लोग दब गए थे
और मुस्लिम निजाम चारों ओर पसर गया था। मुसलमानों को अंग्रेजों की तरह
जिला-जिला पहुँच कर प्रशासन की सीढ़ी बनाना नहीं आता था। इसे अंत तक
देखें। हिंदुस्तान कोई मुसलमानों के हाथ से अंग्रेजों के हाथ में नहीं गया।
हिंदुओं के हाथ से गया। मराठों ने दिया। बंगाल के राजाओं ने दिया। सिराजुद्दौला
वगैरह की तो नाम मात्र की सत्ता थी।
फिर अंग्रेजों ने हमें अपने नजदीकी समयबोध से भी काट दिया। जैसे
हिंदुस्तान में 2000-3000 साल की अवधि में सामाजिक संरचनाओं का समय
के मुताबिक कोई विकास ही नहीं हुआ। पुराणों, उपनिषदों और संहिताओं से
उदाहरण ढूंढ कर हमारी अठारहवीं सदी का फैसला होने लगा। भारतीय
धर्मशास्त्रों के कमाल-कमाल के विशेषज्ञ निकल आये। यह साबित किया जाने
लगा कि मनुस्मृति में वर्णित वर्णाश्रम धर्म ही समाज का मानक है। मनु उभार कर
सामने लाए गए तो दलित आशंकाएं भी उभरीं। अठारहवीं सदी के हिंदुस्तानी
समाज की क्या कोई तस्वीर नहीं थी ? थी। शोध साबित करते हैं कि उन बुरे
दिनों में भी हिंदुस्तानी मजदूर की मजदूरी इंग्लैंड में दी जा रही मजदूरी से
ज्यादा थी। बंगाल पर पूरे कब्जे के बाद 1765 में सवाल उठा कि किसानों से
मालगुजारी क्या ली जाए ? ये किसान तब छटा-आठवां हिस्सा ही देते थे।
जबकि इंग्लैंड में तब के बंटाईदार जमींदार को आधा हिस्सा देते थे। अब
अंग्रेजों को वसूलना आधा है तो फिर उसके लिए चलो पुराने टैक्स्ट (TEXT)
ढूंढ़ो। तो अलाउद्दीन खिलजी के जमाने में पहुंचते हैं। वहां सवाल-जवाब में
सलाहकार खिलजी को बता रहे हैं कि गैरमुसलमान से राजा उत्पाद का 50
फीसदी हिस्सा भी कर में ले लें तो गलत नहीं है। खिलजी का यह सवाल-जवाब
प्रमाण बना दिया गया। यह कह कर के कि जब अच्छा प्रशासन होता है तो लोग
50 फीसदी कर देते हैं। अब तक छठा-आठवां हिस्सा इसलिए देते थे कि अब
तक अच्छा प्रशासन नहीं था। 1780-85 में बनारस में एक ब्राह्मण पर हत्या का
इलजाम लगा। यह कुछ धरने वगैरह में हुई मौत थी। काफी पहले से हमारे यहाँ
इस प्रकार के दण्डों के लिये काला टीका करके देश निकाला देने का रिवाज
था। मामला कलकत्ता जाता है। विलियम जोन्स के पास। वे भारतीय धर्मशास्त्र
के विशेषज्ञ हैं न ! वे वह सब जानते हैं जो इस देश के धर्मशास्त्री नहीं जानते ! तो
29
वे बताते हैं कि नहीं, इनके यहां तो ऐसे मामले में तप्त लोहे से दागे जाने का
रिवाज है। काले टीके की बात उन्हें इसलिए नहीं जमती कि उस समय इंग्लैंड
में गरम लोहे से दाग कर सजा देने का आम रिवाज था। वे उसकी बराबरी की
सजा ढूंढ रहे हैं। तो अपने हिसाब से करने के लिए पीछे, और पीछे, और पीछे
चलने का मॉडल बना दिया गया। बहुत मजबूत था यह मॉडल। जे पी और
लोहिया से मेरी कई बार इस सिलसिले में बातें हुईं। अंग्रेजों के इस खेल को
भांपते थे वे। पर जब मंच पर चढ़ जाते थे तो फिर पहले ही वाक्य से वहीं शुरू
हो जाते थे- हजारों साल पुरानी सभ्यता है हमारी। और फिर वहीं हजारों
साल पहले ठहर कर रह जाते थे हम।
क्या था अंग्रेजों के जमाने के अठारहवीं सदी के भारत का नक्शा?
यह दलित (डिप्रेस्ड) समाज तो अंग्रेजों का किया वर्गीकरण है। हमारे यहां तो
अलग-अलग जातियां थीं और उनके अलग-अलग रीति-रिवाज थे। दलित
वर्ग कहां से निकला, इस बारे में आंबेडकर लिखते हैं कि मुसलमानों का एक
प्रतिनिधिमंडल अंग्रेजों से मिला था। उसने कहा कि हिंदू अछूत, दलित और
सवर्ण-तीन खाने में है। इसलिये मुसलमान को आबादी के गणित में हिंदुओं के
बराबर ही माना जाना चाहिए। 1911 की जनगणना में अंग्रेजों ने इस वर्गीकरण
को ठूंस दिया। 1916-17 में शिक्षा पर हुए किसी सम्मेलन में सामाजिक-शैक्षणिक
पिछड़ेपन की चर्चा उठी। तो बाद की जनगणना में अछूतों और कुछ दलितों को
मिलाकर अनुसूचित जाति का एक वर्ग बना दिया गया। जबकि 18 वीं सदी के
भारत में 5-7 से ज्यादा जातियां अछूत नहीं थीं। चमार तो अछूत नहीं ही थे।
1931 की जनगणना में उनकी आबादी ब्राह्मणों के बराबर है। और जातिवार
यही दोनों सबसे बड़े आबादी समूह हैं। कुछ चांडाल, भंगी, मेहतर ही अछूत थे।
फिर 1800 तक जातियों में परस्पर पिछड़ापन कोई ज्यादा नहीं था। शादी-ब्याह
के दायरे सबके अपने-अपने थे। पर समाज में सबकी स्थिति तकरीबन बराबर
की थी और व्यवस्था में हरेक की हिस्सेदारी थी। दक्षिण भारत में तो गांव के
झगड़े तय करने का काम पेरियार का ही था। उसके न्याय को चुनौती नहीं दी
जा सकती थी। गांव की सुरक्षा का जिम्मा महार्रों का था। 18 वीं सदी में इनके
घरों का घेरा देखिए तो वह किसी और हिंदू के घर से कम नहीं है। बल्कि
कहीं-कहीं ज्यादा भी है। खेती भी है उनके पास। इसे कहिए तो लोगों को बड़ा
झटका लगता है। मैंने जाँचा कि दक्षिण में 18 वीं सदी में कुल शिक्षितों में 80
फीसदी गैरब्राह्मण हैं। इस पर नानाजी देशमुख को यकीन नहीं हुआ। वे कहने
लगे कि ऐसा कैसे हो सकता है? और दलित नेता भी इसे कैसे मानेंगे? उन्हें
किसी ने यह बताया ही नहीं।
30
अपना नियंत्रण खत्म हुआ तो न
स्वायत्तता रहेगी न स्वावलंबन
क्या राजनीति और सबको साथ लेकर चलने की मजबूरियों के
अलावा भी गांधी किसी ऐसे कारण से मजबूर थे कि स्वदेशी वृक्ष के लिए
कोई ऐसा थाला नहीं बन सका, जिसे नेहरू जैसे लोग मिटा न पाते, और
वृक्ष पनपता-बढ़ता चला जाता? जिसे उनके बाद सर्वोदयी, गांधीवादी,
समतावादी, समाजवादी, मानवतावादी, राष्ट्रवादी आदि-आदि सब मिलकर
संभाल लेते, और आज भारत की एक नई तस्वीर बनी होती ?
गांधी की गांव की कल्पना उधार की है और किताबी है। मेटकाफ
जैसे का लिखा पढ़ कर ही उन्होंने भारत के गांव जाने हैं। और यह जो पढ़ा-लिखा
है, वह बहुत महत्व का नहीं है। पर उनकी अंतर्दृष्टि विलक्षण है और हर
पढ़े-लिखे-देखे को जोड़-जाड़कर चमका देती है। 1891 में वे लंदन की एक
गोष्ठी में जाते हैं तो हिंदुस्तान के लिए नमक के महत्व का मुद्दा उठाते हैं। फिर
बताते हैं कि गाय की वहां पूजा होती है। उसका मारा जाना ठीक नहीं। यह
बात अंतर्दृष्टि से ही उठ रही है। बाद में वे इन्हीं बातों का विस्तार करते हैं।
नेटाल कांग्रेस की ओर से दिए गए ज्ञापन में वे दक्षिण अफ्रीका के हिंदुस्तानियों
की बाबत कहते हैं कि ये महान लोग हैं। हजारों साल पुरानी सभ्यता के हिस्से।
वही हजारों साल पुरानी सभ्यता। तो तुरंत का बीता तो यहाँ भी लोप हो जाता
है। लिहाजा स्वदेशी की जो अवधारणा या कार्य रेखा बनती है, ढेर सारी चीजों
को बटोर कर अंग्रेजों के सामने तो, वह एक बड़ी ताकतवर चीज के रूप में रख
दी जाती है, उसका एक ढाँचा भी खड़ा कर दिया जाता है, पर मामला ऊपर ही
ऊपर है, जड़ें नदारद हैं। ताश के पत्तों का एक ऐसा महल बनता है, जिसे तो
गिरना ही था।
नतीजा-स्वदेशी की अवधारणा को गांधी के वे अनुयाई भी नहीं चला
पाए, जिनके पास सतही लिबास भी था और गांधी का बनाया ढाँचा भी। बस
रूटीन में मंत्र की तरह स्वदेशी का जाप होता रहा। स्वदेशी की चेतना भूत,
भविष्य और वर्तमान से ठीक से जोड़ी नहीं गई। विनोबा ने समुदाय की,
ग्रामदान की बात की। तो पहले क्या होता था? अपने यहाँ तो समुदाय के कुछ
31
गांव होते ही थे। 1964 में तंजोर में लोगों ने बताया कि उनके यहाँ 100 समुदाय
गांव तो आज भी हैं। स्वदेशी की अभिव्यक्ति तो राजनीति में होनी थी। हम लोग
तो उसकी आर्थिक अभिव्यक्ति करने में ही लग गए और मारे गए। स्वदेशी यानी
वही कुछ कपड़ा-वपड़ा। कुछ तेल-वेल, खाने-वाने की बातें। इसमें तंत्र,
व्यवस्था, मर्यादा पर-प्राथमिकताओं पर बात नहीं थी। स्वदेशी तो प्राथमिकताएं
होती हैं। वे तय होंगी, तो उन्हें कैसे पूरा करना है, इसका रास्ता बनेगा। इस
काम के लिए कुछ उधार भी लेना होता तो लेकर उसे अपने में मिला लेते।
उसका स्वदेशीकरण हो जाता। 1905 की स्वदेशी की बंगाल वाली विचारधारा
सतह पर ही थी। नीचे धँसती तो बहस होती। अरविंद जैसे लोग कुछ सैद्धांतिक
व्याख्या कर गए। बस।
स्वदेशी क्या हो, इसे तय करने के लिए राज्य और समाज कैसे
व्यवस्थित हो, इस सवाल पर जाना होगा। इनके आपसी रिश्ते क्या हों, और
इनके मूलाधार क्या हों, यह तय करना होगा। अपने यहाँ जातियां ही नहीं रहीं,
उनमें अंदरूनी विभाजन भी जोर का रहा है। 1911 की जनगणना में पंजाब में
1700 खानों में जाट बँटे हैं। ये शायद 1700 कुल रहे होंगे। यह कुल प्राथमिक
इकाई रही है परिवार नहीं, कुल। फैसले इसी इकाई में होते हैं। ये कुल इकट्ठा
होते हैं तो कुछ संघीय-सा संयोजक ढांचा बनता है। इस ढांचे में फैसलों की
प्रक्रिया कई स्तरों में रही होगी। 100-200-500 साल पहले के कुलों की रक्षा,
विदेशी नीति आदि की जरूरतें दूसरी थीं। आज हमारी जरूरतें दूसरी हैं। पर
इस बात की सोच नहीं बढ़ी। यह मानने की आदत से कि भारत ऐसा रहा है और
ऐसा ही रहेगा। फिर छोटे समूह में रहने की आदत थी। ढेर सारे कुल थे। गुरू
की चेलहाई के आधार पर। पंथ के आधार पर। पर यह नहीं कि इन कुलों का
आपस में कोई संबंध नहीं है। आपस में शादी, ब्याह और खान-पान नहीं हैं पर
इसका अर्थ यह नहीं कि वे एक-दूसरे को छोटा मानते हैं। भिन्नता वहीं तक है।
बाकी सब बातों के लिए लोग इकट्ठे होते होंगे और व्यवस्था का संचालन होता
होगा।
फिर यह विभाजन कि लड़ने का काम केवल क्षत्रिय का है, आदि-आदि,
तो यह बात मूल में नहीं रही होगी। मूल में तो लड़ाई के तंत्र में तमाम लोग लगे
थे। इस बात को समझकर ही ढांचा बनाया जाना था। 1800 का भारत ऐसा ही
था और वही अपने हिसाब की संरचनाएं बनाई गई होतीं तो दो-चार पीढ़ियों में
स्वदेशीकरण हो जाता। यह आज भी हो सकता है। पर यह समझकर कि
ज्यादातर लोगों का वास्ता भौतिक उन्नति से ही है। उन्हें वह चाहिए। और यह
32
दिया जा सकता है। दूसरे यह कि दुश्मन तो कभी खत्म होते नहीं। इनसे बचाव
तो करना ही होगा। इस खाके में भौतिक ढांचे (उत्पादन वगैरह) की बात चलती
तो कहीं पहुंचा जा सकता था। स्वदेशी का वह जो ठेठ अर्थ है कि इलाके में बना
सामान ही खरीदना चाहिए आदि-आदि, वह गिर जाता है। राजनीति और
व्यवस्था उससे नहीं मिलती तो उसे सहारा नहीं मिलता। 1915-16 में महात्मा
गांधी ने यह जो चरखे की बात पकड़ी तो गुजरात में उस वक्त चरखे का चलन
नहीं रहा होगा। पर पंजाब वगैरह में तो 1850-60 तक चर्खा खूब चलता ही
था। भारतीय कपड़ा उद्योग पर जो शोध हुए हैं, वे यह नहीं कहते कि आर्थिक
चुनौती से कपड़ा उद्योग हारा। हारा वह राजनैतिक पराजय से। उसकी वजह
से लगे शुल्क (कर) से।
आज का उदारीकरण यदि देश के विकास की सुविचारित रणनीति
के तौर पर हो रहा हो, पूरे मन से हो रहा हो तो इससे भी बेहतरी हो सकती है।
1950-60 में जापान इस रास्ते चला तो 5-10 साल बड़ी खलबली रही। पर
उन्होंने सैन्यीकरण भी किया। आज उसने कई मायनों में अमेरिका को पछाड़
रखा है। विश्व बाजार की प्रक्रिया पर उसने महारत हासिल कर ली। यह
महारत हमारा इरादा हो तो इस नई आर्थिक नीति के भी फल निकल सकते हैं।
पर हम लोगों ने अपने लोगों को रद्दी मान लिया है, उसकी वजह से यह मानसिकता
होगी, इसका भरोसा नहीं होता।
नई आर्थिक नीति के खिलाफ उठने वाली आवाजें बज नहीं रहीं।
कारण विरोधियों के पास मुकम्मिल सोच नहीं है। अपना मॉडल नहीं है। लोग
बहुराष्ट्रीय कंपनियों का विरोध कर रहे हैं। जैसे आजादी बचाओ आंदोलन है।
जार्ज फर्नांडीज हैं, चंद्रशेखर हैं। तो ईस्ट इंडिया कंपनी क्या थी ? बहुराष्ट्रीय
ही थी न ! यूरोप और पश्चिम तो ऐसी कंपनियों से ही चलता है। यही वहां का
चलन है। क्या इसे नहीं समझना चाहिए ? यदि चंद्रशेखर, जार्ज आदि-आदि के
पास स्वदेशी की परिभाषा होती, उसका मॉडल होता तो बहस हो जाती और
लोग सोचते। पर वह नहीं होगा। इसलिए कि व्यवस्था और तंत्र के स्वदेशीकरण
की नहीं सोची गयी है। तय तो पहले प्राथमिकताएं की जानी चाहिए। फिर कुछ
उधार भी लेना होता तो लेकर ढाला जाता। स्विच अपने हाथ में होगा तो उधार
का भी स्वदेशीकरण हो जाएगा। अभी तो पश्चिम से हम सब कुछ पैकेज में ले
रहे हैं।
इस बात की अनदेखी किए हुए कि उधार में लाई जा रही तकनीक
और सिद्धांत की अपनी भी स्वायत्तता होती है। हमें तो अपनी जरूरत की चीजों
33
स्व भा - 5
से ही सरोकार रखना था। चौथे दशक की नेशनल प्लानिंग की उपसमिति की
वर्धा बैठक में गांधी जी ने कहा कि पहले उत्पादन का लक्ष्य तय किया जाए।
फिर यह आपस में तय हो जाएगा कि कितना उत्पादन देशी तरीके से होना है
और कितना औद्योगिक तरीके से। मामला बस इतना होगा कि संसाधन बाहर
से नहीं आएंगे। दोनों क्षेत्र भीतर के ही संसाधन बरतेंगे। तो व्यवहार को मानक
बनाएं तो कहीं कोई दिक्कत नहीं है। पर नियंत्रण अपना होना चाहिए। अपना
नियंत्रण खत्म हुआ तो न स्वायत्तता रहेगी और न स्वावलंबन।
34
आम आदमी की ताकत
पहचानने से ही बनेगा स्वदेशी माडल
गांधीजी खुद स्वदेशी का एक कच्चा-सा मॉडल बना पाये थे। पश्चिमी
रंग में रंगे नेहरू के लिए तो इस कच्चे मॉडल को आगे बढ़ाने का सवाल ही नहीं
था। इसलिए कांग्रेस में नेहरू के शक्तिशाली होते ही गांधीजी का यह कच्चा
मॉडल भी धराशायी हो गया।
देश न स्वदेशी मॉडल पर दृढ़ रह सका और न विदेशी मॉडल अपना
सका। और उसके हाथ में भीख का कटोरा ही है। इसके पीछे क्या कोई और
कारण हैं? आजादी के बाद जवाहरलाल नेहरू और उन जैसे लोगों ने देश की
आम जनता को फिर से उसी आत्महीनता की ओर ठेल दिया, जिस ओर विदेशी
शासन उन्हें पहले ही ठेल चुका था। लोगों को बार-बार इस बात का अहसास
कराया गया कि आप तो 200 साल पिछड़े हो। दरिद्र हो। कमजोर हो। बेकार
हो। जो अच्छा है, और अच्छा हुआ है, वह तो पश्चिम में है। विदेशी शासन के
दौरान देश को बचाए रखने के लिए अपने लोगों की तारीफ करने का तो सवाल
ही नहीं रहा। नेहरू और उन जैसे लोग कभी इस बात के शुक्रगुजार नहीं रहे
कि इन्हीं भुखे और दरिद्र लोगों ने अपनी हड्डियों को निचोड़-निचोड़ कर इस
देश को बचाया है। इन्हीं की कुर्बानी के कारण गुलामी की जंजीरों के बीच भी
यह देश बचा रहा है।
इतना ही नहीं, आजादी की लड़ाई में उमड़े जनसमुदाय को भी यह
कह दिया गया कि जाइए, आपका काम पूरा हुआ। जाकर अपनी खेती-किसानी
करिए। देश हमारे ऊपर छोड़ दीजिए। देश हम संभाल लेंगे। इस बात की कोई
भावना नहीं रही कि आप सबने मिल कर बड़ा काम किया। कुछ विकृतियाँ आई
हैं। आइए, उन्हें हम और आप मिल कर दूर कर लें। लोगों को अहसास कराया
गया कि न्याय तो दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ, पटना, भोपाल से
ही हो सकता है। देश सेंट स्टीफेंस में पढ़े लोग ही चला सकते हैं। आम हिंदुस्तानी
में वह माद्दा कहाँ। वह तो ड्राइंग रूम में ठीक से फर्नीचर रखना भी नहीं जानता।
देश बनाने में उसकी चली तो वह तो देश को बरबाद करके ही रख देगा। 1920
तक तो इस देश के आम आदमी को हीन कहा ही जा रहा था। नेहरू ने लोगों में
35
वह हीनता फिर से भर दी। उनका यह सबसे बड़ा योगदान है कि उन्होंने लोगों
के मन में यह बिठा दिया कि तुम दरिद्र हो। बेकार हो। नतीजा? गाँव में पंचायत
भी बनेंगी तो उसे वह सुपरवाइजर चाहिए जो सब कुछ सरकारी जुबान में
बदल कर रख दे।
जब तक हम इस खोए हुए आत्मविश्वास को फिर से वापस नहीं लाते
तब तक न देश स्वदेशी चल सकता है और न विदेशी। चीजों को देखने का पूरा
नजरिया ही बदल गया है। आज बहुत से लोग यह कहने में संकोच नहीं करते
कि हिंदुस्तानी तो फेंकी हुई पालीथीन की थैली से भी नई थैली बना लेता है।
यह कहने वालों की भी कमी नहीं है कि इसमें लगे लोग अच्छी तरह कमाई भी
कर लेते हैं। पर वे यह नहीं देखते कि यह तो कंगाली का ही आलम है। ऐसा
काम कोई प्रेम से नहीं किया जा रहा है। ये भंगार (कूड़ा–करकट) बीनने–बटोरने
वाले कैसी जिंदगी जी रहे हैं, यह भी आंखों से ओझल कर दिया जाता है। हम
यह भूल जाते हैं कि इससे जो चीज साबित होती है, वह यह है कि हमारे लोगों
में जीवट अदम्य है। आम लोगों को हिकारत से देखने का नजरिया कलेक्टरों,
ऊँचे वर्गों और राजनीतिज्ञों में ही नहीं है, सेवाग्राम और पवनार जैसी ऊंची
जगहों में भी आए नवयुवकों को यही सिखाया जाता है कि गांव वालों से ज्यादा
संपर्क न करो। ये अच्छे लोग नहीं हैं। जरूरी नहीं कि यह मानसिकता अंग्रेजों
की ही दी हुई हो। यह मानसिकता हमारी वर्णव्यवस्था और मनुवाद से भी
निकली हुई हो सकती है। पर जब तक यह मानसिकता बरकरार है, तब तक
देश का आम आदमी खड़ा नहीं हो सकता। और जब तक वह नहीं खड़ा होता,
तब तक न तो स्वदेशी चल सकता है न विदेशी।
अपने को हीन देखने और अपनेपन को छोड़ने की यह बुराई क्रमशः
विकसित हुई है। दरअसल, यह 500–600 साल पुरानी ही है। कमजोरी पहले
भी रही होगी। पर जब तक अपने तरीके से काम चलता रहा, आक्रमणकारी
आते रहे और इसी व्यवस्था में जातियों आदि के खाने में खपते रहे, मूल्यों पर
कोई बड़ा आक्रमण नहीं हुआ, तब तक शिथिलता सामने नहीं आई। मुसलमानों
का प्रभावी राज्य तो 1700 के आसपास ही खत्म हो गया। इसके बाद तो
राजे–रजवाड़े जगह–जगह खड़े हो गए। देश को पुनर्जीवित करने की कोशिशें
भी हुईं। इस प्रकार की कोशिशें विजयनगर साम्राज्य ने की। मराठों ने भी की।
चैतन्य जैसे लोगों ने किया। पर समय नहीं मिला। 1748 में तो यूरोप का बड़ा
हमला ही देश पर हो गया। इस बीच 100 साल भी मिल गया होता तो भारत
पश्चिम को उसी तरह समझ लेता जैसे जापान ने समझा। लोग बिलकुल ही सो
36
नहीं रहे थे। 1754–55 में बंगाल के नवाब अलीवर्दी खां कहते हैं कि ये यूरोपियन
कहते तो यह हैं कि वे लड़ आपस में रहे हैं। पर कब्जा हमारी जमीन पर करते
जा रहे हैं। और अंग्रेज तो इनमें सबसे खतरनाक हैं। तो हमारे लोगों में समझनेवालों
की कमी नहीं थी पर उन्हें कुछ करने का वक्त नहीं मिल पाया।
अंग्रेजों ने राज्य मुसलमानों से नहीं छीना। राज उन्होंने इन हिंदू
राजे–रजवाड़ों से ही छीना। पर उन्हें मुसलमानों से राज छीना दिखा कर अपने
शासन के लिए वैधता कायम करनी थी। राजनीति में मुसलमान कोण घुसाना
था। इसलिए बार–बार दिल्ली से राज लेने की बात कही गई; 1756 से पहले
फारसी बंगाल की भाषा नहीं थी। कर वसूली में फारसी लिपि अंग्रेज लाए।
मुस्लिम प्रतीकों को दक्षिण में मुसलमान भी नहीं ले जा सके थे। अंग्रेजों ने इन
प्रतीकों को दक्षिण में भी कायम कर दिया। सर थामस रों जहांगीर के दरबार में
आता है। और जहांगीर उससे कहता है कि सूरत वगैरह से पश्चिम में व्यापार
के लिए जाने वाले हमारे जहाजों की आप रक्षा कीजिए। तो दिल्ली की बादशाहत
तो उसी दिन खत्म हो गई। ऐसा इसलिए किया गया कि जहांगीर का भारत से
लगाव नहीं था। तुम भी विदेशी और हम भी विदेशी। अकेले जहांगीर ही नहीं,
ऐसे लोग और भी रहे हो सकते हैं। हमें समय मिलता तो हम भी सुधर जाते।
1855 में जापान को समर्पण करने का अमेरिकी अल्टीमेटम मिलता है। समर्पण
करना पड़ता है। 10–15 साल वहां भी समाज में तूफान चलता है पर जापान
पश्चिम के तरीके से सैन्यीकरण के रास्ते पर चलने का फैसला करता है। अपने
लोगों को सीखने के लिए बाहर भेजता है। थोड़े समय के लिए प्रशिक्षण देने को
बाहर के लोग बुलाए जाते हैं। और आज कई मामलों में वह अमेरिका से आगे
है। जापान की जीत पर गांधीजी बहुत खुश होते हैं। हिंसा–अहिंसा का सवाल
नहीं उठाते। उसांस भरकर यही कहते हैं कि पर हिंदुस्तान में ऐसा नहीं हो
सकता।
अंग्रेजों ने हमारी मानसिकता को पश्चिमीकरण की ओर सायास मोड़ा।
मानसिकता बदलने का काम उन्होंने 100–150 साल में किया। इसके लिए
आधार भी हमारी पोथियों में ही जुटाए गए। हर पुराने समाज में हर तरह के
विचार पड़े रहते हैं। जो हित के होते हैं, वे उभर कर रहते हैं। बाकी कोने में पड़े
रहते हैं। उन कोने में पड़े विचारों की पोथियां भी बनी हो सकती हैं। विदेशी
शासन अपनी वैधता ढूंढने के सिलसिले में उस समाज के भीतर से ही अपने हित
के मूल्य इस तरह से ढूंढता है कि वे विदेशी और थोपे हुए न लगें। इस कोशिश
में उन्होंने मनु को हमारे समाज के मानक के तौर पर उठा कर सामने रख दिया।
37
1750 के पहले मनुस्मृति हमारे लिए कोई बड़ी बात नहीं थी। 1784 में मनुस्मृति
का पहली बार अंग्रेजी अनुवाद हुआ। 10-12 और भी ग्रंथ छापे गए। 1812 में
सवाल उठा कि इस काम को आगे जारी रखना है क्या ? तो लंदन से हुक्म आया
कि इसे ज्यादा करने की जरूरत नहीं है पर मनुस्मृति को रीप्रिंट किया जा
सकता है। भारतीय समाज की परिभाषा के लिए मनुस्मृति उनके माकूल बैठती
थी। जबकि अपना ढांचा दूसरा था। भारतीय समाज की वर्णव्यवस्था मनुस्मृति
की वर्णव्यवस्था नहीं थी। पर अंग्रेजों ने 18 वीं सदी के अपने समाज की
अवधारणाओं को हमारे समाज पर लाद दिया। हमारे गांवों में आमदनी की
विषमता एक और तीन के अनुपात से अधिक नहीं थी। अंग्रेजों ने जो समाज
बनाया उसमें 1840-50 के बाद कारीगरों आदि के रहने की गुंजाइश गांवों में
बची ही नहीं। उनके अधिकारों में कटौती कर दी गई। आमदनी में एक और दस
का फर्क हो गया। जमीनें छीन ली गई। लोगों को दास बनाने की कोशिश हुई
तो वे गांवों से भागे। अब हमारे सर्वोदयी रोते हैं कि गांवों से तेल की घानी गायब
हो गई। जुलाहे गायब हो गए। चमड़े का काम करने वाले गायब हो गए। तो
100 साल से जब हमारी मानसिकता लोगों को गुलाम बनाने वाली हो गई और
उसमें मनुस्मृति भिड़ा दी गई तो कारीगर गायब क्यों नहीं होंगे ? स्वदेशी मॉडल
तो तभी बन सकता है जब आर्थिक और सामाजिक बराबरी बने। इसके बगैर
इस बात की कल्पना करना बेमानी है।
38
पश्चिमीकरण को मानने वाले आज
भी दो फीसदी
स्वदेशी और पश्चिम की पूरी अवधारणा को समझने के लिए 18 वीं
सदी के अंग्रेजी समाज को समझना जरूरी है। पश्चिम का विकास का मॉडल
केंद्रीकृत रहा है। अधिकार और धन के केंद्रीयकरण का। जिनके पास इनका
केंद्रीयकरण रहा, उन्हीं के पास ज्ञान और व्यापार का भी केंद्रीकरण हुआ।
उनके सामंती समाज के उन्हीं 10-12 प्रतिशत बड़े लोगों की वहां के व्यापार में
भी हिस्सेदारी रही। दुनिया भर से दौलत निचोड़ कर आई तो 1750 के आसपास
यहां व्यापारी वर्ग का विस्तार हुआ। पर हुकूमत सामंतशाही के हाथ में ही रही।
1830 तक तो इंग्लैंड में दसियों चुनाव क्षेत्र ऐसे थे जिनमें मतदाता 10-12 से
ज्यादा नहीं थे। 5000 से ज्यादा मतदाता तो किसी भी क्षेत्र में नहीं थे। चुनाव
स्थानीय लार्ड्स की जेब में ही रहते। कुल मिलाकर पूरी राजनीति, समाज और
व्यापार उन अभिजात्य परिवारों के ही हाथ में था, जो 5-500 साल से स्थापित
थे। अपने यहां 30-40 साल के सर्वोदय के काम पर हरिवल्लभ पारीख जिस
तरह कई चुनाव क्षेत्रों में अपने लोगों को जिताकर लाते थे, इसी तरह से अंग्रेजों
के ये सामंती परिवार करते थे। तो इसी तरह जब ज्ञान का भी केंद्रीकरण हो
जाता है तो उसमें से लाइब्रेरी बनती होगी, रिफरेंस कार्ड बनता होगा। ज्ञान का
और इजाफा होता होगा। एक व्यवस्था बनती है। और उसमें से प्रयोगशालाएं
निकलती हैं।
इसी मानस ने मनु को हमारे समाज पर थोपा। पश्चिमीकरण की
अवधारणा सिलसिलेवार उतारी गई। शुरू में हजार में एक ने माना होगा।
विद्वता और सत्ता से जुड़े समाज ने इसे अंगीकार करना शुरू किया। शुरू में
सोचा होगा मानसिकता ले लें, जीवन पद्धति छोड़ दें। पर जीवनपद्धति के साथ
मानसिकता तो अपने-आप उतरने लगती है। इसलिए यह ताज्जुब की बात
नहीं कि हमारे समाज का एक बड़ा हिस्सा आज जीन्स और स्कर्ट पर जीने लगा
है। इस प्रक्रिया में तो अभेद्य किले भी टूट जाते हैं। मारवाड़ियों को, जैनियों को,
दक्षिण के ब्राह्मणों के वे तबके जिनके बारे में माना जाता था कि वे नहीं टूटेंगे,
उनकी भी जीवनपद्धति बदली है।
39
पर आज भी पश्चिमीकरण को मानने वालों की संख्या हमारे समाज में
दो फीसदी से ज्यादा नहीं है। ऊपरी तबके के कुछ लोगों के अलावा ये सरकारी
और गैरसरकारी संगठित क्षेत्र में केंद्रीकृत व्यवस्था में जी रहे जो तीन करोड़
लोग हैं, उनकी तनख्वाह दूसरों से तिगुनी है, पश्चिमीकरण का व्यामोह उनमें ही
है। उनमें निचले स्तर पर तो देखादेखी का ही मामला है। फिर विदेशों में गए
हमारे कुछ व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े लोग हैं। और उनके यहाँ के नाते-रिश्तेदार
हैं, जो उनकी उपलब्धियां बखानते जी रहे हैं। हमारे यहां विदेश रिटर्न होना भी
उपलब्धि माना जाता है न इसलिए ! गांधीवादी आश्रमों में भी विदेश आते-जाते
हिंदुस्तानी को सफल हिंदुस्तानी कहा जाता है न ! बीच में 1954 में यह होने
लगा था कि विनोबा के बारे में पश्चिम क्या सोचता है ? इस विसंगति पर पूछने
पर अंदरखाने बताया जाता था कि पश्चिम में आदर मिल जाता है तो इसलिये
यहां दिल्ली में भी सुनवाई होने लगती है। अपनी बात के समर्थन में किसी
पश्चिम के व्यक्ति की बात न आए तो फिर क्या। आजकल तो भाजपा वालों के
भी भाषण विदेशियों के दो दर्जन उद्धरणों के बगैर पूरे नहीं होते। लेकिन इन
सबमें से कुल मिलाकर पश्चिमीकरण के असली हिमायतियों की संख्या दो
फीसदी के भीतर ही है।
पर पश्चिमी मॉडल हमारी व्यवस्था में बैठ गया है। यह व्यवस्था तो
ऊपर के स्तर पर अफसरों से बात करने के लिए बनी थी। पर वही चली आ रही
है। कांग्रेस ने ही नहीं, समाजवादियों, भाजपा आदि सबने वही मॉडल लिया।
वकीलों, डॉक्टरों आदि की भी संस्थाएं उसी मॉडल पर बनीं। 70-80 साल में
जिन लोगों ने मॉडल बनाया वे हिंदुस्तानी मॉडल को समझ ही नहीं सके। बनाने
वाले लोग थे तो वही विद्वान लोग। सेंट स्टीफेंस वाले। पर इनका नाता अपने
समाज से टूट गया था। हमारे यहाँ यह जो अति पर न जाने की बात है, चीजों
को जो नाशवान देखा जाता है, जो संयम बरतने की बात है, वह तुलसीदास का
बरसात की रात में ससुराल पहुंच जाना जो उनकी पत्नी को भी नहीं भाया न,
उसे देखते हुए यह परखने की कोशिश ही नहीं हुई कि इस व्यवस्था में भी
शक्ति और सत्य का शिखर बनाया जा सकता है ? कोशिश होती तो शायद
कोई संभावना उसके भीतर से भी निकलती। पर बात तो ऐसी बैठी है कि अब
सहकारी संस्थाओं का जो साल फसलों से जुड़ा था, 30 जून को पूरा होता था,
वह भी अब 31 मार्च को पूरा होने लगा है। तमिलनाडु सरकार लोगों को पानी
पीने के लिए जो मटके बांटती है, वे भी प्लास्टिक के ही होते हैं। देहातों तक में
आज 90 फीसदी माल हिंदुस्तानी नहीं रहा है।
40
यह स्वदेशी वाले अब रोते हैं कि गाँव उजड़ गए। दस्तकार उजड़
गए। 30-40 साल पहले कोई बहुत बड़ी गलती हो गई। लेकिन सबसे बड़ी
गलती जो हुई कि गांधी जी को उनके ही लोगों ने जकड़ लिया। गांधी को बहते
व्यक्ति के बदले एक बंद व्यक्ति में तब्दील कर दिया गया। गांधी समय के
हिसाब से चीजों को ढालते हैं, यह भुला दिया गया।
लड़ाई के दौरान कांग्रेस का ढाँचा ब्रिटिश साम्राज्य के ढांचे पर बना।
जिससे लड़ना था, उससे लड़ने के लिए समानता ढूंढ़ी गई। पश्चिमी तरीके के
लोग उसमें रखे गए। माना गया होगा कि समय इन्हें बदल देगा। जो गांधी खादी
को आंदोलन का प्रतीक बनाते हैं, वे ही 1944 में खादी के सम्मेलन में कहते हैं
कि मैं तो कृषि को प्रतीक चाहता था पर दिक्कत देखते हुए खादी को प्रतीक
बनाया। खादी जो बनाए, वही पहनें। बाकी न पहनें। फिर कहते हैं कि गांव में
एक ऐसा आदमी होना चाहिए जिसके पूछे वग़ैर बाहरी व्यक्ति वहां हस्तक्षेप न
कर सके। फिर नई तालीम में 1946 में वे हिंदुस्तान की व्यवस्था के लिए
ओसियानिक सर्कल्स (Oceanic Circles) की बात करते हैं जिसमें सबसे
महत्वपूर्ण समूह इलाका होगा। फिर 1947 में वे काँग्रेस को खत्म करने की बात
करते हैं। इसलिए नहीं कि उसमें बहुत दोष आ गया था। दोष तो 1924 की
बेलगांव काँग्रेस के जमाने में भी था। काँग्रेस को खत्म करने की बात वे इसलिए
करते हैं कि जिस काम के लिए उसका ढांचा बना था, वह काम पूरा हुआ। अब
आजादी के बाद के काम के लिए दूसरे ढाँचे की जरूरत है। उनके करीबी लोगों
ने लोकसेवक संघ आदि बनाकर यह काम करने की कोशिश भी की। गांधी
1946 में जब नोआखाली जाते हैं तो निर्मल बोस उनके साथ रहते हैं। तब गांधी
जी का रोज का कहा या तो रिकार्ड किया जाता है या फिर गांधी जी उसे खुद
लिखते हैं। उस समय के कहे को देखें तो जैसा दुखी उस समय उन्हें हम लोग
मानते हैं, वैसे दुखी वे दिखते नहीं। हिंदू-मुसलमान की कोई बात नहीं। वे तो
इस बात की चर्चा में लगे हैं कि आने वाले भारत को किस तरह का बनाया जाना
चाहिए। फिर 47 में विदेशियों से मिलते हैं। वहां भी यही पुनर्रचना की बात। वे
जो पाकिस्तान जाने की बात करते हैं वह भी वही पुनर्रचना की ही बात है। कोई
मरे हुए लोगों को जिंदा करने नहीं जा रहे हैं वे। जरूरी नहीं कि उससे कुछ
निकलता। पर क्रिया थी। लेकिन उनकी उन्हीं हिंदू-मुसलमान की बातों को
उभार दिया गया और उनकी पुनर्रचना की बात पीछे छोड़ दी गई। इन सबको
समझने की कोशिश होती तो गांधीवादियों की समझ में भी यह आ सकता था
कि पिछले 20-25 सालों में गांधी ने एक कच्चा मॉडल ही बनाया था। और
41
स्व भा -6
इसके कच्चेपन को वे बखूबी जानते थे। पर गांधी को तो 'सीज' कर दिया गया।
यह भी भुला दिया गया कि हिंदुस्तानी समाज जमा हुआ समाज नहीं है। उसकी
गति अलग किस्म की है पर गति है। लेकिन चूंकि गति की परिभाषा बदल गई,
आधुनिकीकरण ही उसका पैमाना हो गया, इसलिए अपने समाज के ऐडवेंचर्स,
उसके खूंटे, उसका बहाव नहीं दिखाई पड़ा। तो इसमें तो फिर दरिद्रता ही
दिखाई देती है।
गांधीजी खुद जानते थे कि जो ढांचा लड़ाई के दौरान वे बना रहे हैं
वह कच्चा है। और इसे बदलना है। लोगों ने जब कहा कि अंत्यज शब्द खराब
है इसे बदल देना चाहिए। तो गांधी जी ने कहा कि पहले तो ठीक ही रहा होगा।
फिर लोगों के सुझाव पर हरिजन शब्द लाते हैं। इसलिए नहीं कि यह शब्द
हजारों साल चलने वाला है। इस शब्द से उन्हें कोई विशेष लगाव नहीं है। वे तो
समय के हिसाब से व्यवस्थाएं बना रहे हैं। और हरिजन शब्द समय के मुताबिक
सही लगता है, तो मान लेते हैं।
42
भारतीय मॉडल सपत्ति जाडने
का नहीं बंटवारे का है
विकास के स्वदेशी और पश्चिमी मॉडल के बीच का असली फर्क
क्या है? यह फर्क केंद्रीकृत और विकेंद्रीकृत मॉडल का है। फर्क संपन्नता का
नहीं है। केदारनाथ मंदिर की संपत्ति के कागजात लंदन में पड़े हैं। नेपाल के
राजा ने कुछ जमीन मंदिर के नाम की थी। मंदिर का मुख्य खर्च यात्रियों को
खाना खिलाना था। संपत्ति पत्र में इस बात का भी निर्देश है कि हर यात्री को
खाने का खर्च कितना देना है। वहाँ आय जोड़ने का प्रावधान नहीं है। कुछ बच
जाए तो फिर उसे 12 साल में जो कुंभ होता, उसमें खर्च ही कर देना है।
सम्राट हर्ष वर्धन का मामला भी सामने ही है। हर साल की आय वे
खर्च कर देते हैं। और स्थिति यह रहती है कि यमुना में नहाकर बाहर निकलने
पर बहन राजश्री की ओर से भेंट में दिया वस्त्र ही उनकी कुल पूंजी होता है।
भारतीय मॉडल इन सबसे निकलता है या ये सब उस मॉडल के प्रतीक हैं।
भारतीय मॉडल संपत्ति जोड़ने का नहीं है, उसके बंटवारे का है।
मुगल बादशाहों के खर्चे के हिसाब देखने के लिए पड़े हैं। बादशाह का
खर्च उसके निजी खर्च, कुछ बनवा रहे हों तो उसके खर्च और लोगों को खाना
खिलाने के खर्च तक का ही था। औरंगजेब ने राज्य के आय-व्यय के हिसाब में
लिखा है कि अकबर कुछ धन छोड़ गए थे। जहांगीर आए तो आय 60 लाख
रुपये हुई। खर्च डेढ़ करोड़ रुपये का रहा। अकबर के बचाए धन में से खर्च
होता रहा। शाहजहां ने खर्च थोड़ा घटाया और आय डेढ़ करोड़ पर पहुंची।
अब पहली नजर में लगता है कि औरंगजेब यह क्या लिख रहे हैं? बादशाहत
की आय तो 10-12 करोड़ रुपए की थी। पर गौर से देखें तो औरंगजेब हकीकत
बखान रहे हैं। बादशाहत की आय में से नीचे के स्तरों पर क्रमिक तौर पर खर्च
चलता था। ऊपर बादशाह के पास 6 से 15 फीसदी के बीच ही कोई रकम
पहुंचती थी। औरंगजेब ने इसे 15 फीसदी पर पहुंचाया होगा। उनके अलोकप्रिय
होने का एक बड़ा कारण यह भी है। यह ऊपर से नीचे पहुँचाना भारतीय
अवधारणा नहीं है। यह ऊपर से नीचे पहुँचाना पश्चिमी मॉडल है। अब राजाओं
के पास कुछ सुरक्षा तामझाम को छोड़ दें तो कोई स्थायी सेना नहीं होती थी।
43
जो राजा जितना लोकप्रिय हुआ, जरूरत पड़ने पर आम जनता के बीच से
लड़ने के लिए उतने लोग खड़े हो जाते थे। वही सेना बन जाती थी। स्थायी
सेना तो यूरोप में भी 1700 के आसपास ही खड़ी होती है।
भारतीय समाज की मूल इकाई 'कुल' हैं। कुल रक्त संबंधों या फिर
कर्मकांड के प्रतीकों से जुड़े थे। दूसरी मूल इकाई इलाका रही होगी। 1891 की
जनगणना में अंग्रेज बड़े पैमाने पर जातिगत वर्गीकरण करते हैं। प्रारम्भ में
50,000 जातियों की गिनती है। जाटों में 11,000 जातियों की और राजपूतों में
8500 की। लगता है कुलों की गणना जाति के बतौर की गई है। शुरू में दो लाख
के आसपास कुल रहे होंगे जो बाद में 5-7 लाख तक पहुंचे होंगे। पर यह कुल
सात पीढ़ी तक ही स्थिर रहता है। श्राद्ध में तो तीन पीढ़ियों तक ही नाम स्मरण
चलता है। फिर बाकी के लिए अनाम श्रद्धांजलि दे दी जाती है। अब रघु के कुल
की बात चलती है। लेकिन वह बड़ी इकाई है। आपसी पहचान के लिए बीच में
से किसी दादा-परदादा का नाम निकलेगा। तो इस इलाके और कुल के योग से
स्थानीय राजनीतिक इकाई बनती होगी। वही बढ़ कर राज्य बनता होगा।
राज्य भारत बनता होगा। और उसमें से चक्रवर्ती निकलता रहा होगा। अगर
रघु दिग्विजय के लिए निकलते हैं तो कोई विशेष लड़ाई नहीं हुई होगी। जैसे
तूफान के आगे पौधे झुक जाते हैं, फिर खड़े हो जाते हैं, वैसे ही होता होगा।
दिग्विजयी कोई अपने गवर्नर-कलेक्टर तय नहीं करता। केवल आधिपत्य जम
जाने और साल में कुछ भेंट वगैरह आने की बात थी। इस भारतीय मॉडल में
किसी को मिटाने की बात नहीं है। उसे चूस कर कोष भरने की भी बात नहीं है।
कुल और इलाका जुड़े हैं। एक गांव में एक ही कुल के लोग हो सकते हैं। और
कई कुलों के लोग भी। बसावट अक्सर स्वपूरक समूह के रूप में होती थी।
कभी-कभी किसी इलाके में जो प्रभावी कुल रहा, दूसरे भी उसी कुल के कहलाने
लगे। अब जाटों की जहाँ मजबूत खापें हैं, वहाँ गैर जाट भी उसी खाप के मान
लिए जाते हैं। 1891 की जनगणना में अग्रवाल नाम बीसों जातियों में मिलता है।
जातियां बंधी नहीं थीं। बढ़ई का लड़का 20 पीढ़ी बढ़ई ही नहीं रहता
होगा। ब्राह्मण के लिए भी तो मुख्य काम न कर सके तो 20 और काम गिनाए गए
हैं। ऐसे ही काम दूसरी जातियों के लिए भी बताए गए हैं। अंतरजातीय बहाव
कम नहीं रहा होगा। गांधीजी ही जब हरिजन शब्द निकालने लगे तो हरिजनों में
से बहुतों ने कहा कि हम जब बाहर जाते हैं और टीका वगैरह लगाते हैं तो हमें
कोई दिक्कत नहीं होती। गांधी जी ने कहा कि यह भी एक रास्ता है। यह नहीं
कहा कि यह तो धोखा देना हुआ। यह जो चांडाल के अपने को चांडाल कहते
44
चलने के किस्से हैं, वे सही नहीं होंगे। ऐसा कहने की जरूरत नहीं थी। इलाके
में हर आदमी जानता है कि कौन क्या है। कोई 500 मील दूर जाकर बसे तो
अपने पिछले को बताना उसके लिए जरूरी नहीं है।
तो जो नया राजनीतिक-सामाजिक उभार आया है, लोगों में
आत्मविश्वास झलका है, वह - या यह मंदिरों के इर्द-गिर्द युवा लोगों
की त्योहारों पर जो भीड़ बढ़ रही है वह - क्या यह वर्ग देश के अपनेपन
की ओर ले जाएगा? मुझे लगता है कि इसमें अपनेपन की और वापसी का
कोई रास्ता बन रहा है। इस समूह की दिशा को जांचा जाना चाहिए। इसे युवा
वर्ग को यदि लगता है कि हमारे बाप-दादा जो कर रहे थे, वह आज के लिए
ठीक नहीं है और इसे यह जो कुछ नया हो रहा है, वह करना चाहिए, तो वह
उसी ओर आगे बढ़ेगा। उदाहरण के लिए यह मद्रास का पीपीएसटी समूह
देखें। एक अमेरिकन महिला उन्हें देखने के बाद लिखती है कि लेकिन ये लोग
क्या कर सकते हैं, ये तो ब्राह्मण हैं। इनकी सुनेगा कौन ? जिस बात को वह
महिला समझी, उसे हम लोग नहीं समझे। तो हम जैसे द्विज मानसिकता के कुछ
लोगों की प्राथमिकता स्वदेशी हो सकती है। पर यदि नए उभरते हुए लोग
अमेरिकी तर्ज पर चलना चाहें तो उनकी बात चलनी चाहिए। और यह जो
बढ़ती धार्मिकता की बात है तो यूरोप में भी विज्ञान के साथ जन्मकुंडली चल
रही है। ये युवा ऐडवेंचर के तौर पर मंदिरों में जाते हों तो उससे स्वदेशी ही नहीं,
दूसरी चीजें भी निकल सकती हैं। नवरात्रि जागरण और फैक्स मशीन बनाने के
गणित में वे शायद मेल बिठा ले रहे होंगे। अभी यह दोनों तरह का दिमाग चल
सकता है। पर समस्या अंत में 100-50 साल बाद आ सकती है। यह
आत्मविश्वास पश्चिमीकरण की गति को तेज भी कर सकता है। अब ये पंजाब
के कारीगर जो छोटी मशीनें जोड़ लेते हैं, वे सिखाने पर हवाई जहाज भी जोड़
सकते हैं। उनकी ओर से नई खोजें भी सामने आ सकती हैं।
यह फैसले का वक्त है। मॉडल पर जनमत संग्रह हो जाना चाहिए।
अगर ज्यादातर लोगों को लगता है कि प्लास्टिक युग में ही जाने में भलाई है,
पिछले पर लौटने में फजीहत है, बाहरी ताकतें पिछले पर साबुत नहीं लौटने
देंगी तो दूसरों को समाज को इस दिशा में जाने में रोड़ा नहीं बनना चाहिए।
ताकि यह काम 10-20 साल में ही पूरा हो जाय। बल्कि कोशिश इस दिशा में
जाने की गति बढ़ाने की होनी चाहिये। वैसे भी समाज उस दिशा में चलना
चाहेगा तो न उसे सर्वोदयी रोक पाएंगे और न समाजवादी। और न संघी।
समाज आगे बढ़कर उसमें से भी रास्ता निकाल लेगा। अब पश्चिम में भी कोई
45
मॉडल बनाकर विकास थोड़े ही हुआ था। शुरूआत तो मूल से हुई। भौतिकी
आदि के वैज्ञानिक तो उसमें से बाद में निकले। ढांचा टूटा। जाम तो वह बाद में
हुआ। और यही हमें मिला। ढांचा टूटता है तो बड़ी मार-काट होती है। हमारे
लोग पीपीएसटी जैसे समूह को उठाकर फेंक देंगे। जाम मॉडल भी तोड़ देंगे।
इन सबके बीच में यह गाब-दाब भी चलता रहेगा।
आज कांशीराम और मायावती गांधी जी के खिलाफ बोलते हैं, फिर
उनके विरोध में हम लोग बोलने लगते हैं। हमारा यह विरोध इसलिए है कि
कांशीराम और मायावती हम लोगों से ऊंची बात कर रहे हैं। वे पूरे भारतीय
समाज को गाली दें तो हम लोगों को और भी अच्छा लगेगा। यूरोप के लोग जब
हमें गाली देते हैं तो वह हम लोगों को आखिर अच्छा ही लगता है न। यह वक्त
इस हीनता से निजात पाने का है। फैसले का वक्त है।
46
विकास का सवाल
(1)
तिरुपति में हाल ही में सम्पन्न भारतीय विज्ञान काँग्रेस में अनेक विशिष्ट
वैज्ञानिकों ने भारत-सरकार के, प्रौद्योगिकी नीति संबंधी ताजे वक्तव्य पर बहुत
बेचैनी प्रदर्शित की। उनमें से एक के अनुसार "हमारे यहाँ पुराने विज्ञान की ही
पढ़ाई की जाती है (स्नातक उपाधिधारियों के लिये), कई मामलों में 40 बरस
पुराने प्रयोग ही पढ़ाये जाते रहते हैं।" एक अन्य वैज्ञानिक का कहना था कि
पिछले 33 बरस में उसने वैज्ञानिक नीति पर अनेक वक्तव्य पढ़े-देखे हैं, किंतु
उनमें से एक पर भी अमल होते नहीं देखा। उनका कहना था कि "मेरी रूचि
और मेरा लगाव अपने देश के लोगों के लिये विज्ञान की प्रगति में है। पर यहाँ
फाईलें (आधिकारिक) और माध्यम हमें वहाँ ले जाते हैं जहाँ और अधिक फाईलों
के सिवाय कुछ नहीं।" एक अन्य वैज्ञानिक के अनुसार "आधिकारिक पदों पर
बैठे ज्यादातर लोगों का किसी भी ताजे शोध के प्रति रवैया यह होता है कि
"क्या और कहीं ऐसा हुआ है ? "नई सूझों, नये विचारों को कोई प्रोत्साहन नहीं
दिया जाता। यदि पश्चिम में वैसा हुआ है तो वे उसका समर्थन करेंगे। अन्यथा
नहीं। भारतीय विज्ञान समाचार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि नई नीति
"इच्छाजनित विश्वास" का वक्तव्य मात्र है। (देखें इंडियन एक्सप्रेस, मद्रास के
10 जनवरी, 1983 के अंक में छपी रिपोर्ट)
डॉ. नायदम्मा (जवाहरलाल नेहरू विश्व विद्यालय के पूर्व उप कुलपति)
के अनुसार "पश्चिमी ढांचे पर आधारित मौजूदा शिक्षा पद्धति ने न तो सही
किस्म की मानवीय शक्ति उत्पन्न की, और न ही जनता की शिक्षा के स्तर को
उन्नत बनाया। पारंपरिक तकनीकी और स्थानीय मेधा की अवहेलना से अपने
लोगों का आत्मविश्वास घटा है और स्थानीय प्रौद्योगिकी द्वारा बुनियादी स्तर
पर समस्याओं के समाधान की क्षमता पर भी असर पड़ा है"। (देखें हिंदू, मद्रास
10 जनवरी, 1983)
इसी अवधि में अन्यत्र सम्पन्न एक सभा में एक विशिष्ट और राजनैतिक
तथा प्रशासनिक सत्ता के बहुत करीब रहे व्यक्ति ने यह अभिमत व्यक्त किया
कि मौजूदा न्यायिक पद्धति "नागरिकों के हित संरक्षण की दृष्टि से बहुत
47