सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
संग्रह पर लौटें

वेदान्त दर्शन: ब्रह्मसूत्र (शाङ्करभाष्य व हिन्दी अनुवाद सहित)

Vedanta Darshana: Brahma Sutra with Shankara Bhashya

भगवान् बादरायण व्यास व आदि शङ्कराचार्य द्वारा

स्रोत: Gita Press Gorakhpur · Gita Press Gorakhpur (उद्गम)

DevanagariSanskritpublished486 पृष्ठ

सूत्र ५८-५९ ] अध्याय ३ ३६५

सूत्र ५८-५९ ] अध्याय ३ ३६५
उपासनाका अधिक फल बताया गया है। इसलिये यही सिद्ध होता है कि
एक-एक अंगकी उपासनाकी अपेक्षा पूर्ण उपासना श्रेष्ठ है। अतः पूर्ण
उपासनाका ही अनुष्ठान करना चाहिये।
सम्बन्ध — नाना प्रकारसे बतायी हुई ब्रह्मविद्या भिन्न-भिन्न है कि एक
ही है? इस जिज्ञासापर कहते हैं—
नाना शब्दादिभेदात् ॥ ३।३।५८ ॥
शब्दादिभेदात् = शब्द आदिका भेद होनेके कारण; नाना = सब
विद्याएँ अलग-अलग हैं।
व्याख्या — सद्विद्या, भूमविद्या, दहरविद्या, उपकोसलविद्या, शाण्डिल्यविद्या,
वैश्वानरविद्या, आनन्दमयविद्या, अक्षरविद्या इत्यादि भिन्न-भिन्न नाम और
विधि-विधानवाली इन विद्याओंमें नाम और प्रकार आदिका भेद है।
किसी अधिकारीके लिये एक विद्या उपयुक्त होती है, तो अन्यके लिये
दूसरी ही उपयुक्त होती है; इसलिये सबका फल एक ब्रह्मकी प्राप्ति
होनेपर भी एक नहीं है, भिन्न-भिन्न है।
सम्बन्ध — इन सबके समुच्चयका विधान है या विकल्पका अर्थात् इन
सबको मिलाकर अनुष्ठान करना चाहिये या एक-एकका अलग-अलग ?
इस जिज्ञासापर कहते हैं—
विकल्पोऽविशिष्टफलत्वात् ॥ ३।३।५९ ॥
अविशिष्टफलत्वात् = सब विद्याओंका एक ही फल है, फलमें भेद
नहीं है, इसलिये; विकल्पः = अलग-अलग अनुष्ठान करना ही उचित है।
व्याख्या — जिस प्रकार स्वर्गादिकी प्राप्तिके साधनभूत जो भिन्न-
भिन्न यज्ञ-याग आदि बताये गये हैं, उनमेंसे जिन-जिनका फल एक है,
उनका समुच्चय नहीं होता। यजमान अपने इच्छानुसार उनमेंसे किसी भी
एक यज्ञका अनुष्ठान कर सकता है। इसी प्रकार उपर्युक्त विद्याओंका
ब्रह्मसाक्षात्काररूप एक ही फल होनेके कारण उनके समुच्चयकी

आवश्यकता नहीं है। साधक अपनी रुचिके अनुकूल किसी एक विद्याके
अनुसार ही साधन कर सकता है।
सम्बन्ध— जो सकाम उपासनाएँ अलग-अलग फलके लिये बतायी
गयी हैं; उनका अनुष्ठान किस प्रकार करना चाहिये? इस जिज्ञासापर
कहते हैं—
काम्यास्तु यथाकामं समुच्चीयेरन्न वा पूर्व-
हेत्वभावात् ॥ ३।३।६० ॥
काम्याः=सकाम उपासनाओंका अनुष्ठान; तु=तो; यथाकामम्=अपनी-
अपनी कामनाके अनुसार; समुच्चीयेरन्=समुच्चय करके किया करें;
वा=अथवा; न=समुच्चय न करके अलग-अलग करें; पूर्वहेत्वभावात्=
क्योंकि इनमें पूर्वोक्त हेतु (फलकी समानता)-का अभाव है।
व्याख्या—सकाम उपासनाओंमें सबका एक फल नहीं बताया
गया है, भिन्न-भिन्न उपासनाका भिन्न-भिन्न फल कहा गया है, इस
प्रकार पूर्वोक्त हेतु न होनेके कारण सकाम उपासनाका अनुष्ठान
अधिकारी अपनी कामनाके अनुसार जिस प्रकार आवश्यक समझे,
कर सकता है। जिन-जिन भोगोंकी कामना हो, उन-उनके लिये
बतायी हुई सब उपासनाओंका समुच्चय करके भी कर सकता है और
अलग-अलग भी कर सकता है, इसमें कोई अड़चन नहीं है।
सम्बन्ध— अब उद्गीथ आदि अंगोंमें की जानेवाली उपासनाके विषयमें
विचार करनेके लिये अगला प्रकरण आरम्भ किया जाता है। पहले चार
सूत्रोंद्वारा पूर्वपक्षकी उत्थापना की जाती है—
अङ्गेषु यथाश्रयभावः ॥ ३।३।६१॥
अङ्गेषु=भिन्न-भिन्न अंगोंमें (की जानेवाली उपासनाओंका); यथाश्रय-
भावः=यथाश्रयभाव है अर्थात् जो उपासना जिस अंगके आश्रित है, उस
अंगके अनुसार ही उस उपासनाका भी भाव समझ लेना चाहिये।