सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
संग्रह पर लौटें

भारत में अंग्रेजी राज (पण्डित सुन्दरलाल - ब्रिटिश औपनिवेशिक लूट व षड्यन्त्रों का प्रामाणिक इतिहास)

Bharat Mein Angreji Raj by Pandit Sunderlal

पण्डित सुन्दरलाल (प्रस्तावना: महात्मा गाँधी) द्वारा

DevanagariHindipublished727 पृष्ठ

लॉर्ड कॉर्नवालिस ३७५
जितना इलाक़ा टीपू से विजय किया जावेगा वह सब कम्पनी,
निज़ाम और मराठों में बराबर बराबर बाँट दिया जावेगा। कॉर्न-
वालिस का दिया हुआ लोभ अपना काम कर गया। निज़ाम का
चरित्र कभी भी अधिक विश्वास के योग्य न रहा था। किन्तु इस
समय पेशवा दरबार का हैदर के बेटे के ख़िलाफ़ बिदेशियों के
हाथों में खेल जाना निस्सन्देह अत्यन्त अफ़सोसनाक था। टीपू के
विरुद्ध अंगरेज़ों, मराठों और निज़ाम में सन्धि हो गई। इस सन्धि
के बारे में उस समय के प्रसिद्ध अंगरेज़ नीतिज्ञ फ़ॉक्स ने कहा था
कि वह वास्तव में—"एक न्याय्य नरेश को मिटा देने के उद्देश से
डकैतों की साज़िश थी ।’*
इंगलिस्तान के मन्त्रियों ने समाचार पाते ही फ़ौरन कुछ गोरी
फ़ौज और पाँच लाख पाउण्ड नक़द बतौर क़र्ज़ कॉर्नवालिस की
मदद के लिए इंगलिस्तान से रवाना किए।
तमाम तैयारी पूरी हो गई, कॉर्नवालिस के लिए अब केवल
कोई बहाना ढूंढ़ना बाक़ी था। कहते हैं कि
[टीपू के साथ युद्ध] त्रिवानकुर के राजा और टीपू में कुछ झगड़ा
[का बहाना] चला आता था। त्रिवानकुर के राजा को यह
कह कर भड़काया गया कि टीपू तुम पर हमला करने का इरादा
कर रहा है। उस समय के तमाम पत्रों और उल्लेखों से साबित है
कि टीपू का त्रिवानकुर पर हमला करने का क़तई कोई इरादा न

  • "A plundering confederacy for the purpose of extirpating a lawful
    prince. "-Fox.

[३७६] भारत में अंगरेज़ी राज

था। मद्रास के गवरनर हॉलैण्ड के एक पत्र में यह भी लिखा है
कि—"कम्पनी से लड़ने का टीपू का बिलकुल इरादा न था और
यदि कोई बातें शिकायत की थीं भी तो वह उन्हें आपस में पत्र
व्यवहार द्वारा तय करने को राज़ी था।" टीपू ने खुद अंगरेज़ों
को यक़ीन दिलाया कि मेरा इरादा न हरगिज़ शान्ति भंग करने
का है और न त्रिषानकुर की प्राचीन रियासत पर हमला करने का।
कर्नल विल्क्स लिखता है कि टीपू "लड़ाई के लिए तैयार न था"
किन्तु कॉर्नवालिस को अपने मालिकों की आज्ञा मिल चुकी थी।
वह सन् १७८४ की सन्धि को पैरों तले रौंद कर, जिस तरह हो,
टीपू को मिटाने और भारतीय ब्रिटिश राज की सीमाओं को बढ़ाने
का सङ्कल्प कर चुका था। उसने मद्रास के गवरनर को उत्तर में
लिखा कि—"टीपू का तैयार न होना ही कम्पनी के लिए सब से
अच्छा मौक़ा है।" टीपू को बदनाम करने और अपने अन्याय को
लोगों की नज़रों में जायज़ क़रार देने के लिए टीपू के अन्यायों और
अत्याचारों के अनेक झूठे क़िस्से गढ़कर चारों ओर फैलाए गए,
जिनमें से अनेक अभी तक भारतीय स्कूलों की पाठ्य पुस्तकों में
पाए जाते हैं।
त्रिबानकुर की सहायता के नाम पर युद्ध छेड़ा गया, किन्तु
इसके बाद की तमाम काररवाइयों में त्रिबानकुर के राजा का कहीं
नाम भी नहीं आता।
सब से पहले जून सन् १७६० में मद्रास से एक फ़ौज जनरल
मीडोज़ के अधीन मैसूर पर हमला करने के लिए रवाना हुई।

लॉर्ड कॉर्नवालिस ३७७
इस फ़ौज के साथ बहुत सी फ़ौज करनल मेक्सवेल के अधीन बंगाल
को थी । टीपू अपनी सेना सहित मुक़ाबले के
[मार्जिन: युद्ध का प्रारम्भ] लिए आगे बढ़ा । मीडोज़ ने टीपू के कई सामन्तों
[मार्जिन: और टीपू की] को लोभ देकर अपनी तरफ़ फोड़ लिया । अनेक
[मार्जिन: विजय] स्थानों पर दोनों ओर की सेनाओं में संग्राम हुए,
जिनके विस्तार में पड़ने की ज़रूरत नहीं है। अन्त में टीपू की
वीरता और उसके बढ़े हुए युद्ध कौशल की वजह से बजाय इसके
कि अंगरेज़ी सेना मैसूर का कोई हिस्सा विजय कर सकती, टीपू
की सेना ने कम्पनी की सेना को पीछे भगाते भगाते मद्रास के
निकट तक पहुँचा दिया । टीपू ने फिर कर्नाटक के काफ़ी इलाक़े
पर क़ब्ज़ा कर लिया और जनरल मीडोज़ को जगह जगह ज़बरदस्त
हार खाकर, जान और माल का बेहद नुक़सान उठाकर, नाकाम
मद्रास लौट आना पड़ा ।
मीडोज़ की लज्जाजनक हार का हाल सुन कर कॉर्नवालिस ने
सेना की बाग ख़ुद अपने हाथों में ली । १२
[मार्जिन: तीन तीन शत्रुओं] दिसम्बर सन् १७६० को वह एक बहुत बड़ी
[मार्जिन: का एक साथ] फ़ौज लेकर कलकत्ते से मद्रास के लिए रवाना
[मार्जिन: मुक़ाबला] हुआ । मुमकिन है कि कॉर्नवालिस और उसकी
यह नई सेना भी टीपू को वश में करने के लिए काफ़ी न होती ।
किन्तु इस बीच निज़ाम और मराठों की सेनाएँ अंगरेज़ों की मदद
के लिए पहुँच चुकी थीं । मालूम नहीं नाना फड़नवीस उस समय
पूना में मौजूद था या नहीं और यदि था तो दरबार में उसका

३७८ भारत में अंगरेज़ी राज
कहाँ तक प्रभाव था। जो हो, पेशवा दरबार का उस समय
अंगरेज़ों के हाथों में खेल कर उन्हें उस घोर अन्याय में मदद देना
न केवल टीपू, बल्कि तमाम भारतीय राजशक्तियों के भविष्य के
लिए अत्यन्त अशुभ सूचक था। इस सब के अलावा हैदर की
अदूरदर्शिता का नतीजा भी इस समय टीपू को भोगना पड़ा। टीपू
के तमाम यूरोपियन नौकर यानी उसकी सेना के यूरोपियन अफ़सर
और सिपाही ऐन मौक़े पर शत्रु से जा मिले। कॉर्नवालिस ने गुप्त
पत्र व्यवहार द्वारा इन तमाम लोगों को, जिन्हें हैदर ने नौकर रक्खा
था, धन का लोभ देकर अपनी ओर कर लिया। पाँच लाख पाउंड
नक़द कॉर्नवालिस को इस तरह के कामों के लिए विलायत से क़र्ज़
मिल चुके थे। इतिहास लेखक थॉर्नटन लिखता है:—
"टीपू सुलतान के यूरोपियन नौकर जिस तरह पहले अपनी विद्या और
अपने कौशल को टीपू की रक्षा करने के लिए काम में लाते थे उसी तरह
अब वे अपनी उन्हीं ताक़तों को टीपू के नाश के लिए काम में लाने को हर
तरह तैयार हो गए।"*
मीर हुसेनअली ख़ाँ किरमानी लिखता है कि टीपू के कुछ
[हाशिया: टीपू की सेना में विश्वासघातक] अमीरों और सरदारों को भी अंगरेज़ों ने अपनी
ओर फोड़ लिया था। टीपू जो इस युद्ध के
लिए पहले से तैयार न था, एक ओर अंगरेज़ों,


  • "Tipu's European servants were now quite as ready to exercise their
    skill and knowledge for his destruction as they had previously been assiduous
    in using them for his defence."—History of British India, by Thornton.

[लॉर्ड कॉर्नवालिस ३७६]

मराठों और निज़ाम तीन तीन ताक़तों की सेनाओं द्वारा कई तरफ़
से घिर गया और दूसरी ओर उसकी अपनी सेना में विश्वासघातक
पैदा होगए ।
इस पर भी कॉर्नवालिस का काम इतना आसान न था । टीपू
[पार्श्व-शीर्षक: “शोकजनक] ने वीरता के साथ अपने तीनों शत्रुओं का
संहार”] मुक़ाबला किया । कई महीने युद्ध जारी रहा ।
उस युद्ध की अनेक लड़ाइयों को विस्तार के
साथ बयान करने की आवश्यकता नहीं है । किन्तु अकेला टीपू
इस तरह के तीन शत्रुओं का मुक़ाबला और इन हालतों में कब तक
कर सकता था ? अन्त में टीपू को पीछे हटना पड़ा, यहाँ तक कि
बंगलोर का नगर अंगरेज़ों के हाथों में आ गया । बंगलोर विजय के
बाद कॉर्नवालिस की आज्ञा से उसकी सेना ने बंगलोर निवासियों
के साथ जो व्यवहार किया उसे इतिहास लेखक मिल “शोकजनक
संहार” * कह कर बयान करता है । बंगलोर के नगर को जी भर
के लूटा गया ।
बंगलोर लेने के बाद कॉर्नवालिस ने मैसूर की राजधानी
श्रीरंगपट्टन पर चढ़ाई की । जिस समय अंगरेज़ी
[पार्श्व-शीर्षक: श्रीरंगपट्टन पर] सेना राजधानी के निकट पहुँची, टीपू ने अपने
[पार्श्व-शीर्षक: अंगरेज़ों की चढ़ाई] एक दूत के हाथ अनेक ऊँट फलों से लदवा कर
सुलह की इच्छा के चिह्न रूप कॉर्नवालिस की सेवा में भेजे, किन्तु


  • "Deplorable carnage."—Mill.

३८० भारत में अंगरेज़ी राज
कॉर्नवालिस ने उन फलों को बिना हाथ लगाए लौटा दिया। टीपू
के दूत से उसने सुलह की बातचीत करने तक से इनकार कर
दिया। इतिहास लेखक मिल लिखता है कि लूट के लोभ और यश
की इच्छा ने इस समय अंगरेज़ी सेना को अन्धा कर रक्खा था
और वह मैसूर निवासियों के साथ उस अमानुषिक व्यवहार पर
कटिबद्ध थी, जिसका कोई सभ्य क़ौम अपने बुरे से बुरे शत्रु के
साथ विचार तक नहीं कर सकती।*
टीपू ने अपनी शक्ति भर युद्ध जारी रक्खा। साथ ही उसने
मीडोज़ की हार फिर कॉर्नवालिस के साथ सुलह की बातचीत
करने की कोशिश की। वह अपनी उस समय
की अवस्था खूब समझ रहा था। किन्तु कॉर्नवालिस ने इस बार
टीपू के दूत को अपने सामने तक आने न दिया। आखिरकार
श्रीरंगपट्टन का मोहासरा शुरू हुआ। टीपू ने फिर अंगरेज़ों और
मराठों दोनों से सुलह की बातचीत शुरू की। इस बीच जनरल
मीडोज़ ने कॉर्नबालिस की इजाज़त से सोमरपीठ के प्रसिद्ध बुर्ज
पर हमला किया। सोमरपीठ उस समय 'श्रीरंगपट्टन के क़िले की
नाक' कहलाता था। सय्यद ग़फ़्फ़ार इस मोरचे का रक्षक था।
सय्यद ग़फ़्फ़ार ने खूब वीरता के साथ जनरल मीडोज़ का मुक़ाबला

  • “ . . . . the fact is, that the English in India, at that time, had
    been worked up into a mixture of fury and rage against Tipoo more
    resembling the passion of savages against their enemy, . . . . than the
    feelings with which a civilized nation regards the worst of its foes.”—Mill,
    vol. v, p. 278.

[Header]
लॉर्ड कॉर्नवालिस ३८१

किया। घमासान संग्राम हुआ जिसमें मीर किरमानी के अनुसार
दो हज़ार अंगरेज़ सिपाही मैदान में काम आए। पराजित अंगरेज़
सेनापति को अपने बचे हुए आदमियों सहित पीछे लौट आना
पड़ा। लिखा है कि जनरल मीडोज़ को इस पराजय पर इतनी
लज्जा आई कि उसने अपने खेमे में जाकर आत्महत्या करना चाहा,
उसने अपनी पिस्तौल का उपयोग किया। पहली गोली उसकी
बगल को छीलते हुए निकल गई, उसने दोबारा पिस्तौल चलाना
चाहा, इतने में कर्नल मैलकम ने जो आवाज़ सुनकर खेमे में घुस
आया था, मीडोज़ के हाथ से पिस्तौल छीन ली। कॉर्नवालिस को
इस घटना की सूचना दी गई। उसने आकर मीडोज़ को सान्त्वना
दी और इस अवसर पर टीपू के साथ सुलह की इच्छा प्रकट की।
श्रीरंगपट्टन से पूरब की ओर लालबाग़ नाम का एक बड़ा
[हाशिया: हैदरअली की समाधि का अपमान] सुन्दर बाग़ है, जिसमें हैदरअली की समाधि
बनी हुई है। टीपू सुलतान ने अपने पिता की
याद में इस बाग़ और समाधि के सौन्दर्य को
बढ़ाने में काफ़ी धन खर्च किया था। लॉर्ड कॉर्नवालिस ने इस
बाग़ पर क़ब्ज़ा कर लिया। वहाँ के लम्बे 'सर्व' और अन्य सुन्दर
वृक्षों को कटवा डाला और हैदरअली की समाधि का अपमान
किया। टीपू को यह देखकर बड़ा दुख हुआ।
टीपू और मराठों के बीच भी इस समय सुलह के लिए पत्र
[हाशिया: श्रीरंगपट्टन की संधि] व्यवहार हो रहा था। अब तक अंगरेज़ों ने टीपू
पर जो विजय प्राप्त की थी वह अधिकतर मराठों

३८२ भारत में अंगरेज़ी राज
और निज़ाम ही के बल पर की थी । कहा जाता है कि इस अवसर
पर मराठों और ख़ास कर नाना फड़नवीस ने कॉर्नवालिस को
सुलह के लिए मजबूर किया । अंगरेज़ मराठों की इच्छा के विरोध
का साहस न कर सकते थे । अन्त में २३ फ़रवरी सन १७९२ को
श्रीरंगपट्टन में दोनों दलों के बीच संधि होगई, जिसके अनुसार
टीपू का ठीक आधा राज उससे लेकर कम्पनी, निज़ाम और
मराठों ने आपस में बराबर बराबर बाँट लिया ।
इसके अलावा असहाय टीपू ने, तीन सालाना क़िस्तों में, तीन
करोड़, तीस हज़ार रुपए दण्ड स्वरूप देने का वादा किया ।
और इस दण्ड की अदायगी के समय तक के लिए अपने दो बेटे
जिनमें शहज़ादे अब्दुल ख़ालिक़ की आयु दस साल की और
शहज़ादे मुईजुद्दीन की आयु आठ साल की थी, बतौर बन्धकों के
अंगरेज़ों के हवाले कर दिए ।
इस तरह दूसरे मैसूर युद्ध का अन्त हुआ । टीपू के दिल पर
टीपू की प्रतिज्ञा इस युद्ध का इतना ज़बरदस्त असर हुआ कि
मीर हुसेनअली ख़ाँ किरमानी लिखता है कि
सन्धि के दिन से टीपू ने पलँग और बिस्तर पर सोना छोड़ दिया ।
उस दिन से मृत्यु के समय तक वह केवल चन्द टुकड़े 'खादी' के
ज़मीन पर डाल कर उनके ऊपर सोया करता था । यों तो उस
समय तक भारत का बना तमाम कपड़ा ही हाथ का कता और
हाथ का बुना होता था, किन्तु किरमानी लिखता है कि 'खादी'

लार्ड कार्नवालिस टीपू सुल्तान के दो बेटों को बतौर बन्धक ले रहा है।
[ By the courtesy of the Trustees, Victoria Memorial, Calcutta.

The provided image is completely blank and contains no text to transcribe.

लॉर्ड कॉर्नवालिस ३८३

उस समय एक मोटी क़िस्म के कपड़े को कहते थे जो ख़ेमे बनाने
के काम में आता था।
अगले साल यानी सन् १७६३ ईसवी में कॉर्नवालिस ने
फ़्रांसीसियों के तमाम भारतीय इलाक़ों पर हमला करके उन्हें
अंगरेज़ कम्पनी के अधीन कर लिया।
इसके बाद भारत के अन्य नरेशों के साथ कॉर्नवालिस के
कॉर्नवालिस और व्यवहार को बयान करना बाक़ी है। दिल्ली का
दिल्ली सम्राट सम्राट अभी तक कहने के लिए समस्त भारत
का अधिराज था। अंगरेज़ क़ायदे के अनुसार
उसकी प्रजा थे। वारन हेस्टिंग्स के समय तक बंगाल, बिहार और
उड़ीसा की दीवानी के लिए वे दिल्ली दरबार को सालाना खिराज
भेजा करते थे। हेस्टिंग्स ने माधोराव सींधिया के साथ मिलकर
दिल्ली सम्राट को मराठों के हवाले करवा दिया, और कलकत्ते से
दिल्ली खिराज जाना रुक गया। उसके बाद सर जॉन मैकफ़रसन
केवल अस्थायी गवर्नर जनरल था। इस दरमियान दिल्ली से
खिराज की माँग बराबर आती रही। कॉर्नवालिस के समय में
सम्राट की ओर से फिर माँग आई। कॉर्नवालिस ने अब सदा के
लिए खिराज देने से इनकार कर दिया। इसलिए नहीं कि दिल्ली
सम्राट ने इस बीच अंगरेज़ों का कोई अहित किया हो, बल्कि केवल
इसलिए क्योंकि दिल्ली का सम्राट अब काफ़ी बलहीन हो चुका था
और अंगरेज़ अपना बल काफ़ी बढ़ा चुके थे। सम्राट दरबार में
इतनी हिम्मत न थी कि सेना भेजकर कलकत्ते से खिराज वसूल

३८४ भारत में अंगरेज़ी राज
कर सके। इस तरह बङ्गाल, बिहार और उड़ीसा के प्रान्त अब
साफ़ साफ़ दिल्ली साम्राज्य से कटकर अंगरेज़ कम्पनी के स्वायत्त
शासन में आ गए ।
अवध के नवाब के साथ भी कॉर्नवालिस का सलूक इसी
तरह का था। कम्पनी की एक विशाल सेना
[पार्श्व टिप्पणी: कॉर्नवालिस और नवाब अवध] जिसके सब अफ़सर अंगरेज़ थे, ज़बरदस्ती
अवध के ऊपर मढ़ दी गई थी। नवाब को
उसका ख़र्च देना पड़ता था। वारन हेस्टिंग्स ने नवाब से वादा
किया था कि भविष्य में जब ज़रूरत न रहेगी तो यह सेना अवध
से वापस बुला ली जायगी। नवाब ने अब उस वादे को पूरा करने
के लिए कॉर्नवालिस से प्रार्थना की। किन्तु इतिहास लेखक मिल
लिखता है :—
"गोकि उस समय अवध के सामने कोई ख़ास ख़तरा न था, और
जितने रुपए नवाब से कम्पनी को लेने का हक़ था उससे ज़्यादा फ़तहगढ़
की इस सेना पर नवाब का ख़र्च होता था, फिर भी कॉर्नवालिस अपने इस
निश्चय पर क़ायम रहा कि सेना फ़तहगढ़ से न हटाई जावे।"*
इस प्रकार ब्रिटिश साम्राज्य पिपासा को भविष्य में शान्त
करने के वास्तविक उद्देश से पचास लाख रुपए सालाना से ऊपर
का दण्ड ज़बरदस्ती कम्पनी के मित्र अवध के नवाब से वसूल
किया जाता रहा।

  • Mill, vol. V. p. 222.

लॉर्ड कॉर्नवालिस ३८५
कम्पनी के दूसरे मित्र निज़ाम के साथ कॉर्नवालिस का सलूक
इससे बेहतर न था। इंगलिस्तान से चलते
कॉर्नवालिस और समय डाइरेक्टरों ने उसे हिदायत कर दी थी
निज़ाम कि 'गुण्टूर का इलाक़ा' किसी तरह निज़ाम से
ले लिया जाय। कॉर्नवालिस जानता था कि यदि मैसूर युद्ध से
पहले निज़ाम पर यह बात ज़ाहिर हो गई तो निज़ाम के टीपू से
मिल जाने का डर है। वह मौक़े की ताक में रहा। युद्ध के बाद
जब उसने निज़ाम को निर्बल पाया तो अपने एक अफ़सर कप्तान
केन्नावे को इस काम के लिए निज़ाम के दरबार में भेजा। इतिहास
लेखक मिल लिखता है :—
“तय हो गया था कि जब तक कप्तान केन्नावे दरबार में पहुँच न जावे
तब तक निज़ाम को यह ख़बर न होने पावे कि उससे गुण्टूर माँगे जाने की
तजवीज़ की जा रही है x x x मद्रास की गवरमेण्ट ने इधर उधर के बहाने
लेकर एक सेना गुण्टूर के आस पास पहुँचा दी, और इससे पहले कि कोई
दूसरी शक्ति लड़ने के लिए या एतराज़ करने के लिए पहुँच सके, खुद उस
इलाक़े पर क़ब्ज़ा करने की तैयारी कर ली।”*
निज़ाम पहले ही कायर और कमज़ोर था। युद्ध की ज़रूरत

  • "No intimation was to be given to the Nizam of the proposed
    demand, till after the arrival of Captain Kennaway at his Court . . . .
    the Government of Madras, under spacious pretences, conveyed a body of
    troops to the neighbourhood of the Sircar; and held themselves in readiness
    to seize the territory before any other power could interpose, either with
    arms or remonstrance."—Mill, vol. v, p. 225.
    २५

३८६ भारत में अंगरेज़ी राज
भी न पड़ी और गुण्टूर का इलाक़ा कम्पनी के हाथों में आ गया ।
कहा जाता है कि किसी डाकू की माँ ने सिकन्दर के सामने
विजेताओं और डाकुओं की परस्पर समानता दर्शाई थी। निस्संदेह
उसे इससे बढ़कर मिसाल न मिल सकती ।
अन्त में लॉर्ड कॉर्नवालिस के शासनकाल की और कुछ
कम्पनी के मुलाज़िमों काररवाइयों और उसके 'शासन सुधारों' पर
की नियुक्ति नज़र डालना ज़रूरी है। सब से पहले उसके
समय के कम्पनी के नौकरों की नियुक्ति का
ढङ्ग । इतिहास में दर्ज है कि उस समय के इंग्लिस्तान के युवराज
(प्रिन्स ऑफ़ वेल्स) ने अनेक बार अपने अनेक मित्रों या आश्रितों
की भारत की ख़ास ख़ास नौकरियों के लिए सिफ़ारिश की और
कॉर्नवालिस बराबर युवराज की इच्छा को पूरा करता रहा। एक
बार युवराज ने कॉर्नवालिस को लिखा कि आप "एलीकान नामक
एक काले" को बनारस की फ़ौजदारी की चीफ़ जजी से हटा कर
पैल्लेग्राइन ट्रीव्ज़ नामक एक अंगरेज़ को उसकी जगह नियुक्त कर
दें। पैल्लेग्राइन ट्रीव्ज़ इंग्लिस्तान के एक बदनाम महाजन का बेटा
था और युवराज को उस महाजन का कुछ क़र्ज़ा अदा करना था ।
कॉर्नवालिस इस बार युवराज की इच्छा पूरी न कर सका। उसने
युवराज को लिखा कि अली इब्राहीम ख़ाँ (जिसे युवराज ने 'काला
एलीकान' लिखा था) गोकि हिन्दोस्तानी है फिर भी "भारत के
सब से अधिक योग्य और सब से अधिक सम्मानित सरकारी
अफ़सरों में से है।" जब कि ट्रीव्ज़ नौजवान और बिलकुल नातजरु

बेकार है; और एक इतने ज़िम्मेवारी के ओहदे पर उसे नियुक्त करना
केवल मज़ाक़ उड़वाना होगा, इत्यादि ।
कॉर्नवालिस ने भारत आकर देखा कि उस समय ऊँचे ऊँचे
ओहदों पर कम्पनी के ज़्यादातर यूरोपियन नौकर अयोग्य और
रिश्वतख़ोर थे। कॉर्नवालिस ने इसे महसूस किया और इसके दो
इलाज किए। एक यह कि उसने नियम कर दिया कि आइन्दा
सिवाय छोटी से छोटी नौकरियों के कम्पनी के इलाक़े में कोई बड़ी
नौकरी किसी हिन्दोस्तानी को न दी जाय। दूसरे उसने कम्पनी के
यूरोपियन मुलाज़िमों की तनख़्वाहें बढ़ा दीं।
अत्यन्त प्राचीन काल से भारत की ८६ फ़ीसदी जन संख्या
[हाशिया: भारत की ग्राम] ग्रामों में रहती रही है। हर गाँव में सदा से एक
[हाशिया: पंचायतें] ग्राम पंचायत होती थी। इतिहास लेखक टॉरेन्स
के शब्दों में “भारतवासियों का सारा सामाजिक,
औद्योगिक और राजनैतिक जीवन इन्हीं ग्रामों और ग्राम पंचायतों के
आधार पर क़ायम था और इन्हीं का बना हुआ था।”* इन ग्राम
पञ्चायतों के सङ्गठन और उनके कार्यों के विषय में हम उस समय
के केवल एक दो अंगरेज़ इतिहास लेखकों की गवाही पेश करते हैं।
टॉरेन्स लिखता है :—
“उस प्राचीन काल से लेकर, जिसकी कि कोई याद तक बाक़ी नहीं रही,
हर गाँव के बड़े बूढ़ों की एक पञ्चायत गाँव पर शासन करती रही है, गाँव के

  • “... the village Community was, as it is still, the unit of
    social, industrial and political existence.”—Torrens' Empire in Asia, p. 100.

३८८ भारत में अंगरेज़ी राज
पंचायती कामों को चलाती रही है और गाँव भर के हितों की रक्षा करती रही
है। पञ्चों की तादाद् पहले पाँच हुआ करती थी, अब अक्सर पाँच से अधिक
होती है। किन्तु पञ्चों में सदा सब बिरादरियों के चुने हुए लोग शामिल रहे
हैं। जब कभी कोई झगड़ा होता है पञ्च ही प्राचीन मर्यादा के अनुसार उसका
फ़ैसला करते हैं, और जब कभी कोई नए ढङ्ग का प्रश्न आ खड़ा होता है
तो पञ्च ही नए नियम बनाकर आइन्दा के लिए मर्यादा क़ायम करते हैं।"*
सर जॉन मैलकम लिखता है :—
"भारत की म्युनिसिपल और ग्राम पंचायतों को छोटे बड़े तमाम लोगों
ने मिल कर जो अधिकार दे रक्खे थे उनके बल पर ये पंचायतें अपने अपने
दायरे के अन्दर पूरी तरह शान्ति और व्यवस्था क़ायम रख सकती थीं। मध्य
भारत में अन्यायी शासकों ने भी कभी इन पंचायतों के स्वत्वों और उनके
अधिकारों पर हमला नहीं किया, जब कि तमाम न्यायशील नरेशों की कीर्ति
और सर्वप्रियता का ख़ास सबब यही होता था कि वे इन पंचायतों का पूरा
ख़याल रखते थे।"†

  • "Time out of mind, the village and its common interests and affairs
    have been ruled over by a council of elders, anciently five in number, now
    frequently more numerous, but always representative in character, who,
    -when any dispute arises, declare what is the customary law, and who, when
    any new or unprecedented case occurs, occasionally legislate,"—Ibid p. 101.
    † "The Municipal and village institutions of India were competent,
    from the power given them by the common assent of all ranks, to maintain
    order and peace within their respective circles. In Central India, their rights
    and privileges never were contested even by tyrants, while all just princes
    founded their chief reputation and claim to popularity on attention to them."
    alcolm vol. i. Chap. xii. Ibid, p. 101.

लॉर्ड कॉर्नवालिस ३८६
सर टामस मनरो, जो हिन्दोस्तान के दूसरे हिस्सों से भी
अच्छी तरह परिचित था, लिखता है :—
“हिन्दोस्तान के हर गाँव में एक बाक़ायदा पंचायत ( म्युनिसिपैल्टी )
होती थी, जो गाँव की मालगुज़ारी और पुलिस दोनों का इन्तज़ाम करती थी
और जो बहुत बड़े दरजे तक, मुजरिमों को सज़ा देने और मुक़दमों के फ़ैसला
करने का भी काम करती थी ।”*
सर टॉमस मनरो ने बड़े विस्तार के साथ बयान किया है कि
इन सुसङ्गठित ग्राम पञ्चायतों में कौन कौन कर्मचारी होते थे, उनके
क्या क्या अधिकार और क्या क्या कर्त्तव्य होते थे, गाँव की
मालगुज़ारी वसूल करने वाले ( कलक्टर ) और गाँव में अमन
श्रामान क़ायम रखने वाले ( मैजिस्ट्रेट ) दो अलग अलग अफ़सर
एक दूसरे से बिल्कुल स्वतन्त्र होते थे । ग्राम निवासियों के जान
माल की रक्षा के लिए हर पञ्चायत के अधीन 'तहारों' (?) यानी
काँस्टेबलों का एक दल होता था, इत्यादि ।
टॉरेन्स लिखता है कि भारत की इन ग्राम पंचायतों में सबसे
विचित्र व्यवस्था जूरियों की थी। दीवानी और फ़ौजदारी हर
मुक़दमे के लिए अलग अलग जूरी या अस्थाई पञ्च चुने जाते थे।
इनका फ़ैसला सबके लिए मान्य होता था। इन्हें जनता चुनती
थी। उच्च से उच्च चरित्र, साहस और त्याग वाले मनुष्य इन

  • "In all Indian villages there was a regularly constituted municipality,
    by which its affairs, both of revenue and police, were administered, and
    which exercised, to a very great extent, Magisterial and Judicial authority."
    —Sir Thomas Munro, Ibid, p. 101.

३६० भारत में अंग्रेज़ी राज
के मुखिया चुने जाते थे। मैलकम लिखता है कि ये मुखिया
आम तौर पर ऐसे लोग होते थे जो हर न्यायशील नरेश की
सहायता करते थे और हर अन्यायी नरेश का साहस के साथ
विरोध करते थे और गाँव के जीवन की अन्याय से रक्षा
करते थे। हर श्रेणी और हर बिरादरी के लोगों में से ये पञ्च
चुने जाते थे। मुद्दई और मुद्दालै दोनों को इनके चुनाव पर
एतराज़ करने का हक़ होता था। ये पञ्चायतें ही अत्यन्त प्राचीन
समय से लेकर ईस्ट इण्डिया कम्पनी के आने के समय तक
भारतीय न्याय पद्धति के रग पट्ठे थीं। भारतवासियों के चरित्र पर
इनका प्रभाव बड़ा गहरा पड़ता था। मैलकम लिखता है कि—
“यदि कभी किसी आपत्ति के समय कोई मनुष्य अपना घर या
खेत छोड़ कर कहीं चला जाता था तो वह या उसकी औलाद जब
चाहे अपने झोपड़े या अपने खेत पर फिर से आकर क़ब्ज़ा कर
लेती थी, न किसी दीवार के लिए कोई झगड़ा होता था और न
किसी खेत के लिए मुक़दमेबाज़ी।।”* हर किसान अपनी ज़मीन का
पूरा मालिक समझा जाता था। मनरो लिखता है कि उस समय के
भारतवासी “सरल, निष्पाप और ईमानदार होते थे और इतने सच्चे
थे जितने संसार के किसी भी दूसरे देश के लोग हो सकते थे।”†
* "Every wall of a house, every field, was taken possession of by the
owner or cultivator without dispute or litigation."--Malcolm, vol. ii,
Chap. i Ibid., p. 100.
† "Simple, harmless, honest and having as much truth in them as any
people in the world."--Munro, vol. i, p. 280. Ibid, p. 100.

लॉर्ड कॉर्नवालिस ३६१
इन हज़ारों बरसों की ग्राम पंचायतों पर सबसे पहला हमला
[हाशिया: ग्राम पंचायतों का] उस समय हुआ जब कि बंगाल के अन्दर मीर
[हाशिया: नाश] जाफ़र और मीर क़ासिम के शासन काल में
ईस्ट इंडिया कम्पनी की भयंकर तिजारती तथा
कारबारी लूट और अनेक मौक़ों पर बेपरदा और खुली लूट का
दौर शुरू हुआ। दूसरा बाक़ायदा हमला भारत की ग्राम पंचायतों
पर सन् १७७३ में हुआ जबकि वारन हेस्टिंग्स के शासन काल में
इंग्लिस्तान के अन्दर 'रेगुलेशन ऐक्ट' नाम का क़ानून पास हुआ,
जिसके अनुसार वारन हेस्टिंग्स के मशहूर दोस्त सर एलाइज़ाह
इम्पे के अधीन कलकत्ते में पहली अंग्रेज़ी हाईकोर्ट क़ायम हुई।
उस समय से ही, टॉरेन्स लिखता है :—
"इससे पहले के तमाम राजकुलों के परिवर्तनों में मुसलमान या मराठे
सब भारतीय नरेश जिन (म्यूनिसिपल) पंचायतों का पूरा पूरा लिहाज़ रखते
थे और जिन्हें उन लोगों ने निस्सन्देह बिलकुल ज्यों का त्यों क़ायम रखा था,
अब नए विदेशी शासकों ने उन प्राचीन पंचायतों का पूरी तरह निरादर
किया और उनमें से अधिकांश को निर्दयता के साथ उखाड़ कर फेंक दिया।
देशी पंचों की अदालत की जगह अब एक स्वेच्छाचारी विदेशी जज बैठा
दिया गया।"*

  • "Yet these Municipal institutions, which confessedly had been
    scrupulously respected in all former changes of dynasty, whether Moham-
    madan or Maratha, were henceforth to be disregarded, and many of them
    to be rudely uprooted by the new system of foreign administration. Instead
    of the native Panchayat, there was established an arbitrary judge."-- Ibid,
    p. 102, 103.

३६२ भारत में अंगरेज़ी राज
आगे चल कर टॉरेन्स लिखता है :—
“कोई भी समझदार और न्यायशील इतिहास लेखक इन कामों पर
बिना आश्चर्य प्रकट किए और उन्हें निन्दनीय ठहराए उनका उल्लेख नहीं
कर सकता ।”*
कॉर्नवालिस ने देश भर में नई अंगरेज़ी अदालतें क़ायम करके
नई अंगरेज़ी इन भारतीय ग्राम पंचायतों के रहे सहे चिन्हों
अदालतें का अब सदा के लिए अन्त कर दिया ।
कॉर्नवालिस की इन करतूतों को 'शासन सुधारों'
का नाम दिया जाता है। इतिहास लेखक मिल ने बड़ी योग्यता
और विस्तार के साथ दर्शाया है कि किस प्रकार कॉर्नवालिस के
इन 'शासन सुधारों' (?) ने—“भारत की प्राचीन ग्राम पंचायतों
का सत्यानाश कर दिया, नई अंगरेज़ी कचहरियों की तमाम
कार्रवाइयों को जान बूझ कर लम्बा और पेचीदा बना दिया,
वकीलों को जन्म दिया और इस तरह के क़ानून बना दिए कि
बिना वकील की मदद के किसी मुक़दमे का चल सकना क़रीब
क़रीब नामुमकिन हो गया, ग़रीबों के लिए न्याय प्राप्त कर सकना
नामुमकिन कर दिया, सरकार के लिए एक तरह के नियम और
मामूली प्रजा के लिए दूसरी तरह के नियम रख कर सरकार के लिए
अपनी मालगुज़ारी वसूल कर सकना सस्ता और आसान कर
दिया, इंगलिस्तान के हज़ारों निकम्मे लड़कों की जीविका का

  • “ No wise or just historian will note these things without expressions
    of wonder and condemnation.”— Ibid p 103.