सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
संग्रह पर लौटें

सम्पूर्ण सुन्दरकाण्ड (श्रीरामचरितमानस पंचम सोपान - गीताप्रेस गोरखपुर सविस्तार सटीक)

Sampoorna Sundarkand of Ramcharitmanas

गोस्वामी तुलसीदास (गीताप्रेस गोरखपुर) द्वारा

DevanagariHindipublished128 पृष्ठ
  • सुन्दरकाण्ड * १०३
    सुनि सुग्रीव बचन कपि धाए।
    बाँधि कटक चहु पास फिराए॥२॥
    सुग्रीवने कहा—सब वानरो! सुनो, राक्षसोंके अङ्ग-भङ्ग
    करके भेज दो। सुग्रीवके वचन सुनकर वानर दौड़े। दूतोंको
    बाँधकर उन्होंने सेनाके चारों ओर घुमाया॥२॥
    बहु प्रकार मारन कपि लागे।
    दीन पुकारत तदपि न त्यागे॥
    जो हमार हर नासा काना।
    तेहि कोसलाधीस कै आना॥३॥
    वानर उन्हें बहुत तरहसे मारने लगे। वे दीन होकर पुकारते
    थे, फिर भी वानरोंने उन्हें नहीं छोड़ा। [तब दूतोंने पुकारकर
    कहा—] जो हमारे नाक-कान काटेगा, उसे कोसलाधीश
    श्रीरामजीकी सौगंध है॥३॥
    सुनि लछिमन सब निकट बोलाए।
    दया लागि हँसि तुरत छोड़ाए॥
    रावन कर दीजहु यह पाती।
    लछिमन बचन बाचु कुलघाती॥४॥
    यह सुनकर लक्ष्मणजीने सबको निकट बुलाया। उन्हें बड़ी
    दया लगी, इससे हँसकर उन्होंने राक्षसोंको तुरंत ही छुड़ा दिया।
    [और उनसे कहा—] रावणके हाथमें यह चिट्ठी देना [और
    कहना—] हे कुलघातक! लक्ष्मणके शब्दों (सँदेसे)-को बाँचो॥४॥
    [दोहा ५२]
    कहेहु मुखागर मूढ़ सन मम संदेसु उदार।
    सीता देइ मिलहु न त आवा कालु तुम्हार॥

१०४ * श्रीरामचरितमानस *
फिर उस मूर्खसे जबानी यह मेरा उदार (कृपासे भरा हुआ)
सन्देश कहना कि सीताजीको देकर उनसे (श्रीरामजीसे) मिलो,
नहीं तो तुम्हारा काल आ गया [समझो] ॥ ५२ ॥
तुरत नाइ लछिमन पद माथा।
चले दूत बरनत गुन गाथा॥
कहत राम जसु लंकाँ आए।
रावन चरन सीस तिन्ह नाए॥ १ ॥
लक्ष्मणजीके चरणोंमें मस्तक नवाकर, श्रीरामजीके गुणोंकी
कथा वर्णन करते हुए दूत तुरंत ही चल दिये। श्रीरामजीका यश
कहते हुए वे लङ्कामें आये और उन्होंने रावणके चरणोंमें सिर
नवाये॥ १॥
बिहसि दसानन पूँछी बाता।
कहसि न सुक आपनि कुसलाता॥
पुनि कहु खबरि बिभीषन केरी।
जाहि मृत्यु आई अति नेरी॥ २ ॥
दशमुख रावणने हँसकर बात पूछी—अरे शुक! अपनी
कुशल क्यों नहीं कहता? फिर उस विभीषणका समाचार सुना,
मृत्यु जिसके अत्यन्त निकट आ गयी है॥ २॥
करत राज लंका सठ त्यागी।
होइहि जव कर कीट अभागी॥
पुनि कहु भालु कीस कटकाई।
कठिन काल प्रेरित चलि आई॥ ३ ॥

  • सुन्दरकाण्ड * १०५
    मूर्खने राज्य करते हुए लङ्काको त्याग दिया। अभागा अब
    जौका कीड़ा (घुन) बनेगा (जौके साथ जैसे घुन भी पिस जाता
    है, वैसे ही नर-वानरोंके साथ वह भी मारा जायगा); फिर भालु
    और वानरोंकी सेनाका हाल कह, जो कठिन कालकी प्रेरणासे
    यहाँ चली आयी है॥ ३॥
    जिन्ह के जीवन कर रखवारा।
    भयउ मृदुल चित सिंधु बिचारा॥
    कहु तपसिन्ह कै बात बहोरी।
    जिन्ह के हृदयँ त्रास अति मोरी॥ ४॥
    और जिनके जीवनका रक्षक कोमल चित्तवाला बेचारा समुद्र
    बन गया है (अर्थात् उनके और राक्षसोंके बीचमें यदि समुद्र न
    होता तो अबतक राक्षस उन्हें मारकर खा गये होते)। फिर उन
    तपस्वियोंकी बात बता, जिनके हृदयमें मेरा बड़ा डर है॥ ४॥
    [दोहा ५३]
    की भइ भेंट कि फिरि गए श्रवन सुजसु सुनि मोर।
    कहसि न रिपु दल तेज बल बहुत चकित चित तोर॥
    उनसे तेरी भेंट हुई या वे कानोंसे मेरा सुयश सुनकर ही लौट
    गये? शत्रुसेनाका तेज और बल बताता क्यों नहीं? तेरा चित्त
    बहुत ही चकित (भौंचक्का-सा) हो रहा है॥ ५३॥
    नाथ कृपा करि पूँछेहु जैसें।
    मानहु कहा क्रोध तजि तैसें॥
    मिला जाइ जब अनुज तुम्हारा।
    जातहिं राम तिलक तेहि सारा॥ १॥

१०६ * श्रीरामचरितमानस *
[दूतने कहा—] हे नाथ! आपने जैसे कृपा करके पूछा है,
वैसे ही क्रोध छोड़कर मेरा कहना मानिये (मेरी बातपर विश्वास
कीजिये)। जब आपका छोटा भाई श्रीरामजीसे जाकर मिला, तब
उसके पहुँचते ही श्रीरामजीने उसको राजतिलक कर दिया॥ १॥
रावन दूत हमहि सुनि काना।
कपिन्ह बाँधि दीन्हे दुख नाना॥
श्रवन नासिका काटैं लागे।
राम सपथ दीन्हें हम त्यागे॥ २॥
हम रावणके दूत हैं, यह कानोंसे सुनकर वानरोंने हमें
बाँधकर बहुत कष्ट दिये, यहाँतक कि वे हमारे कान-नाक काटने
लगे। श्रीरामजीकी शपथ दिलानेपर कहीं उन्होंने हमको छोड़ा॥ २॥
पूँछिहु नाथ राम कटकाई।
बदन कोटि सत बरनि न जाई॥
नाना बरन भालु कपि धारी।
बिकटानन बिसाल भयकारी॥ ३॥
हे नाथ! आपने श्रीरामजीकी सेना पूछी; सो वह तो सौ
करोड़ मुखोंसे भी वर्णन नहीं की जा सकती। अनेकों रंगोंके
भालु और वानरोंकी सेना है, जो भयंकर मुखवाले, विशाल
शरीरवाले और भयानक हैं॥ ३॥
जेहिं पुर दहेउ हतेउ सुत तोरा।
सकल कपिन्ह महँ तेहि बलु थोरा॥
अमित नाम भट कठिन कराला।
अमित नाग बल बिपुल बिसाला॥ ४॥
जिसने नगरको जलाया और आपके पुत्र अक्षयकुमारको

  • सुन्दरकाण्ड * १०७
    मारा, उसका बल तो सब वानरोंमें थोड़ा है। असंख्य नामोंवाले
    बड़े ही कठोर और भयंकर योद्धा हैं। उनमें असंख्य हाथियोंका
    बल है और वे बड़े ही विशाल हैं॥४॥
    [दोहा ५४]
    द्विबिद मयंद नील नल अंगद गद बिकटासि।
    दधिमुख केहरि निसठ सठ जामवंत बलरासि॥
    द्विविद, मयंद, नील, नल, अंगद, गद, विकटास्य, दधिमुख,
    केसरी, निशठ, शठ और जाम्बवान्—ये सभी बलकी राशि
    हैं॥५४॥
    ए कपि सब सुग्रीव समाना।
    इन्ह सम कोटिन्ह गनइ को नाना॥
    राम कृपाँ अतुलित बल तिन्हहीं।
    तृन समान त्रैलोकहि गनहीं॥१॥
    ये सब वानर बलमें सुग्रीवके समान हैं और इनके-जैसे
    [एक-दो नहीं] करोड़ों हैं, उन बहुत-सोंको गिन ही कौन
    सकता है? श्रीरामजीकी कृपासे उनमें अतुलनीय बल है। वे
    तीनों लोकोंको तृणके समान [तुच्छ] समझते हैं॥१॥
    अस मैं सुना श्रवन दसकंधर।
    पदुम अठारह जूथप बंदर॥
    नाथ कटक महँ सो कपि नाहीं।
    जो न तुम्हहि जीतै रन माहीं॥२॥
    हे दशग्रीव! मैंने कानोंसे ऐसा सुना है कि अठारह पद्म तो
    अकेले वानरोंके सेनापति हैं। हे नाथ! उस सेनामें ऐसा कोई
    वानर नहीं है, जो आपको रणमें न जीत सके॥२॥

१०८ * श्रीरामचरितमानस *
परम क्रोध मीजहिं सब हाथा।
आयसु पै न देहिं रघुनाथा॥
शोषहिं सिंधु सहित झष ब्याला।
पूरहिं न त भरि कुधर बिसाला॥ ३॥
सब-के-सब अत्यन्त क्रोधसे हाथ मीजते हैं। पर श्रीरघुनाथजी
उन्हें आज्ञा नहीं देते। हम मछलियों और साँपोंसहित समुद्रको
सोख लेंगे। नहीं तो बड़े-बड़े पर्वतोंसे उसे भरकर पूर (पाट)
देंगे॥ ३॥
मर्दि गर्द मिलवहिं दससीसा।
ऐसेइ बचन कहहिं सब कीसा॥
गर्जहिं तर्जहिं सहज असंका।
मानहुँ ग्रसन चहत हहिं लंका॥ ४॥
और रावणको मसलकर धूलमें मिला देंगे। सब वानर ऐसे
ही वचन कह रहे हैं। सब सहज ही निडर हैं; इस प्रकार गरजते
और डपटते हैं मानो लङ्काको निगल ही जाना चाहते हैं॥ ४॥
[दोहा ५५]
सहज सूर कपि भालु सब पुनि सिर पर प्रभु राम।
रावन काल कोटि कहुँ जीति सकहिं संग्राम॥
सब वानर-भालू सहज ही शूरवीर हैं फिर उनके सिरपर प्रभु
(सर्वेश्वर) श्रीरामजी हैं। हे रावण! वे संग्राममें करोड़ों कालोंको
जीत सकते हैं॥ ५५॥
राम तेज बल बुधि बिपुलाई।
सेष सहस सत सकहिं न गाई॥

  • सुन्दरकाण्ड * १०९
    सक सर एक सोषि सत सागर।
    तव भ्रातहि पूँछेउ नय नागर॥ १॥
    श्रीरामचन्द्रजीके तेज (सामर्थ्य), बल और बुद्धिकी अधिकताको
    लाखों शेष भी नहीं गा सकते। वे एक ही बाणसे सैकड़ों
    समुद्रोंको सोख सकते हैं, परन्तु नीतिनिपुण श्रीरामजीने [नीतिकी
    रक्षाके लिये] आपके भाईसे उपाय पूछा॥ १॥
    तासु बचन सुनि सागर पाहीं।
    मागत पंथ कृपा मन माहीं॥
    सुनत बचन बिहसा दससीसा।
    जौं असि मति सहाय कृत कीसा॥ २॥
    उनके (आपके भाईके) वचन सुनकर वे (श्रीरामजी) समुद्रसे
    राह माँग रहे हैं, उनके मनमें कृपा भरी है [इसलिये वे उसे सोखते
    नहीं]। दूतके ये वचन सुनते ही रावण खूब हँसा [और बोला—]
    जब ऐसी बुद्धि है, तभी तो वानरोंको सहायक बनाया है॥ २॥
    सहज भीरु कर बचन दृढ़ाई।
    सागर सन ठानी मचलाई॥
    मूढ़ मृषा का करसि बड़ाई।
    रिपु बल बुद्धि थाह मैं पाई॥ ३॥
    स्वाभाविक ही डरपोक विभीषणके वचनको प्रमाण करके
    उन्होंने समुद्रसे मचलना (बालहठ) ठाना है। अरे मूर्ख! झूठी
    बड़ाई क्या करता है! बस, मैंने शत्रु (राम)-के बल और
    बुद्धिकी थाह पा ली॥ ३॥
    सचिव सभीत बिभीषन जाकें।
    बिजय बिभूति कहाँ जग ताकें॥

११० * श्रीरामचरितमानस *
सुनि खल बचन दूत रिस बाढ़ी।
समय बिचारि पत्रिका काढ़ी॥४॥
जिसके विभीषण-जैसा डरपोक मन्त्री हो, उसे जगत्में विजय
और विभूति (ऐश्वर्य) कहाँ ? दुष्ट रावणके वचन सुनकर दूतको
क्रोध बढ़ आया। उसने मौका समझकर पत्रिका निकाली ॥ ४ ॥
रामानुज दीन्ही यह पाती।
नाथ बचाइ जुड़ावहु छाती॥
बिहसि बाम कर लीन्ही रावन।
सचिव बोलि सठ लाग बचावन॥५॥
[और कहा—] श्रीरामजीके छोटे भाई लक्ष्मणने यह पत्रिका
दी है। हे नाथ! इसे बचवाकर छाती ठंडी कीजिये। रावणने
हँसकर उसे बायें हाथसे लिया और मन्त्रीको बुलवाकर वह मूर्ख
उसे बँचाने लगा॥ ५॥
[दोहा ५६ (क)]
बातन्ह मनहि रिझाइ सठ जनि घालसि कुल खीस।
राम बिरोध न उबरसि सरन बिष्नु अज ईस॥
[पत्रिकामें लिखा था—] अरे मूर्ख! केवल बातोंसे ही
मनको रिझाकर अपने कुलको नष्ट-भ्रष्ट न कर! श्रीरामजीसे
विरोध करके तू विष्णु, ब्रह्मा और महेशकी शरण जानेपर भी
नहीं बचेगा॥ ५६ (क)॥
[दोहा ५६ (ख)]
की तजि मान अनुज इव प्रभु पद पंकज भृंग।
होहि कि राम सरानल खल कुल सहित पतंग॥
या तो अभिमान छोड़कर अपने छोटे भाई विभीषणकी भाँति

  • सुन्दरकाण्ड * १११
    प्रभुके चरण-कमलोंका भ्रमर बन जा। अथवा रे दुष्ट! श्रीरामजीके
    बाणरूपी अग्निमें परिवारसहित पतंगा हो जा (दोनोंमेंसे जो
    अच्छा लगे सो कर)॥ ५६ (ख)॥
    सुनत सभय मन मुख मुसुकाई।
    कहत दसानन सबहि सुनाई॥
    भूमि परा कर गहत अकासा।
    लघु तापस कर बाग बिलासा॥ १॥
    पत्रिका सुनते ही रावण मनमें भयभीत हो गया, परन्तु मुखसे
    (ऊपरसे) मुसकराता हुआ वह सबको सुनाकर कहने लगा—
    जैसे कोई पृथ्वीपर पड़ा हुआ हाथसे आकाशको पकड़नेकी चेष्टा
    करता हो, वैसे ही यह छोटा तपस्वी (लक्ष्मण) वाग्विलास
    करता है (डींग हाँकता है)॥ १॥
    कह सुक नाथ सत्य सब बानी।
    समुझहु छाड़ि प्रकृति अभिमानी॥
    सुनहु बचन मम परिहरि क्रोधा।
    नाथ राम सन तजहु बिरोधा॥ २॥
    शुक (दूत)-ने कहा—हे नाथ! अभिमानी स्वभावको छोड़कर
    [इस पत्रमें लिखी] सब बातोंको सत्य समझिये। क्रोध छोड़कर
    मेरा वचन सुनिये। हे नाथ! श्रीरामजीसे वैर त्याग दीजिये॥ २॥
    अति कोमल रघुबीर सुभाऊ।
    जद्यपि अखिल लोक कर राऊ॥
    मिलत कृपा तुम्ह पर प्रभु करिही।
    उर अपराध न एकउ धरिही॥ ३॥

११२ * श्रीरामचरितमानस *
यद्यपि श्रीरघुवीर समस्त लोकोंके स्वामी हैं, पर उनका
स्वभाव अत्यन्त ही कोमल है। मिलते ही प्रभु आपपर कृपा
करेंगे और आपका एक भी अपराध वे हृदयमें नहीं रखेंगे॥ ३॥
जनकसुता रघुनाथहि दीजे।
इतना कहा मोर प्रभु कीजे॥
जब तेहिं कहा देन बैदेही।
चरन प्रहार कीन्ह सठ तेही॥ ४॥
जानकीजी श्रीरघुनाथजीको दे दीजिये। हे प्रभु! इतना कहना
मेरा कीजिये। जब उस (दूत)-ने जानकीजीको देनेके लिये
कहा, तब दुष्ट रावणने उसको लात मारी॥ ४॥
नाइ चरन सिरु चला सो तहाँ।
कृपासिंधु रघुनायक जहाँ॥
करि प्रनामु निज कथा सुनाई।
राम कृपाँ आपनि गति पाई॥ ५॥
वह भी [विभीषणकी भाँति] चरणोंमें सिर नवाकर वहीं
चला, जहाँ कृपासागर श्रीरघुनाथजी थे। प्रणाम करके उसने
अपनी कथा सुनायी और श्रीरामजीकी कृपासे अपनी गति
(मुनिका स्वरूप) पायी॥ ५॥
रिषि अगस्ति कीं साप भवानी।
राछस भयउ रहा मुनि ग्यानी॥
बंदि राम पद बारहिं बारा।
मुनि निज आश्रम कहुँ पगु धारा॥ ६॥

  • सुन्दरकाण्ड * ११३
    (शिवजी कहते हैं—) हे भवानी! वह ज्ञानी मुनि था,
    अगस्त्य ऋषिके शापसे राक्षस हो गया था। बार-बार श्रीरामजीके
    चरणोंकी वन्दना करके वह मुनि अपने आश्रमको चला
    गया॥ ६॥
    [दोहा ५७]
    बिनय न मानत जलधि जड़ गए तीनि दिन बीति।
    बोले राम सकोप तब भय बिनु होइ न प्रीति॥
    इधर तीन दिन बीत गये, किन्तु जड़ समुद्र विनय नहीं
    मानता। तब श्रीरामजी क्रोधसहित बोले—बिना भयके प्रीति नहीं
    होती!॥ ५७॥
    लछिमन बान सरासन आनू।
    सोषौं बारिधि बिसिख कृसानू॥
    सठ सन बिनय कुटिल सन प्रीती।
    सहज कृपन सन सुंदर नीती॥ १॥
    हे लक्ष्मण! धनुष-बाण लाओ, मैं अग्निबाणसे समुद्रको सोख
    डालूँ। मूर्खसे विनय, कुटिलके साथ प्रीति, स्वाभाविक ही
    कंजूससे सुन्दर नीति (उदारताका उपदेश), ॥ १॥
    ममता रत सन ग्यान कहानी।
    अति लोभी सन बिरति बखानी॥
    क्रोधिहि सम कामिहि हरिकथा।
    ऊसर बीज बएँ फल जथा॥ २॥
    ममतामें फँसे हुए मनुष्यसे ज्ञानकी कथा, अत्यन्त लोभीसे

११४ * श्रीरामचरितमानस *
वैराग्यका वर्णन, क्रोधीसे शम (शान्ति)-की बात और कामीसे
भगवान्‌की कथा, इनका वैसा ही फल होता है जैसा ऊसरमें बीज
बोनेसे होता है (अर्थात् ऊसरमें बीज बोनेकी भाँति यह सब
व्यर्थ जाता है) ॥ २ ॥
अस कहि रघुपति चाप चढ़ावा।
यह मत लछिमन के मन भावा॥
संधानेउ प्रभु बिसिख कराला।
उठी उदधि उर अंतर ज्वाला॥ ३ ॥
ऐसा कहकर श्रीरघुनाथजीने धनुष चढ़ाया। यह मत लक्ष्मणजीके
मनको बहुत अच्छा लगा। प्रभुने भयानक [अग्नि] बाण सन्धान
किया, जिससे समुद्रके हृदयके अंदर अग्निकी ज्वाला उठी ॥ ३ ॥
मकर उरग झष गन अकुलाने।
जरत जंतु जलनिधि जब जाने॥
कनक थार भरि मनि गन नाना।
बिप्र रूप आयउ तजि माना॥ ४ ॥
मगर, साँप तथा मछलियोंके समूह व्याकुल हो गये। जब
समुद्रने जीवोंको जलते जाना, तब सोनेके थालमें अनेक मणियों
(रत्नों)-को भरकर अभिमान छोड़कर वह ब्राह्मणके रूपमें
आया ॥ ४ ॥
[दोहा ५८]
काटेहिं पइ कदरी फरइ कोटि जतन कोउ सींच।
बिनय न मान खगेस सुनु डाटेहिं पइ नव नीच॥
[काकभुशुण्डिजी कहते हैं—] हे गरुड़जी! सुनिये, चाहे

  • सुन्दरकाण्ड * ११५
    कोई करोड़ों उपाय करके सींचे, पर केला तो काटनेपर ही
    फलता है। नीच विनयसे नहीं मानता, वह डाँटनेपर ही झुकता
    है (रास्तेपर आता है) ॥ ५८ ॥
    सभय सिंधु गहि पद प्रभु केरे।
    छमहु नाथ सब अवगुन मेरे॥
    गगन समीर अनल जल धरनी।
    इन्ह कइ नाथ सहज जड़ करनी॥ १ ॥
    समुद्रने भयभीत होकर प्रभुके चरण पकड़कर कहा—हे
    नाथ! मेरे सब अवगुण (दोष) क्षमा कीजिये। हे नाथ! आकाश,
    वायु, अग्नि, जल और पृथ्वी—इन सबकी करनी स्वभावसे ही
    जड़ है॥ १ ॥
    तव प्रेरित मायाँ उपजाए।
    सृष्टि हेतु सब ग्रंथनि गाए॥
    प्रभु आयसु जेहि कहँ जस अहई।
    सो तेहि भाँति रहें सुख लहई॥ २ ॥
    आपकी प्रेरणासे मायाने इन्हें सृष्टिके लिये उत्पन्न किया है,
    सब ग्रन्थोंने यही गाया है। जिसके लिये स्वामीकी जैसी आज्ञा
    है, वह उसी प्रकारसे रहनेमें सुख पाता है॥ २ ॥
    प्रभु भल कीन्ह मोहि सिख दीन्ही।
    मरजादा पुनि तुम्हरी कीन्ही॥
    ढोल गवाँर सूद्र पसु नारी।
    सकल ताड़ना के अधिकारी॥ ३ ॥
    प्रभुने अच्छा किया जो मुझे शिक्षा (दण्ड) दी; किन्तु मर्यादा
    (जीवोंका स्वभाव) भी आपकी ही बनायी हुई है। ढोल, गँवार,

११६ * श्रीरामचरितमानस *
शूद्र, पशु और स्त्री—ये सब शिक्षाके अधिकारी हैं॥ ३॥
प्रभु प्रताप मैं जाब सुखाई।
उतरिहि कटकु न मोरि बड़ाई॥
प्रभु अग्या अपेल श्रुति गाई।
करौं सो बेगि जो तुम्हहि सोहाई॥ ४॥
प्रभुके प्रतापसे मैं सूख जाऊँगा और सेना पार उतर जायगी,
इसमें मेरी बड़ाई नहीं है (मेरी मर्यादा नहीं रहेगी)। तथापि
प्रभुकी आज्ञा अपेल है (अर्थात् आपकी आज्ञाका उल्लङ्घन नहीं
हो सकता) ऐसा वेद गाते हैं। अब आपको जो अच्छा लगे, मैं
तुरंत वही करूँ॥ ४॥
[दोहा ५९]
सुनत बिनीत बचन अति कह कृपाल मुसुकाइ।
जेहि बिधि उतरै कपि कटकु तात सो कहहु उपाइ॥
समुद्रके अत्यन्त विनीत वचन सुनकर कृपालु श्रीरामजीने
मुसकराकर कहा—हे तात! जिस प्रकार वानरोंकी सेना पार उतर
जाय, वह उपाय बताओ॥ ५९॥
नाथ नील नल कपि द्वौ भाई।
लरिकाईं रिषि आसिष पाई॥
तिन्ह कें परस किएँ गिरि भारे।
तरिहहिं जलधि प्रताप तुम्हारे॥ १॥
[समुद्रने कहा—] हे नाथ! नील और नल दो वानर भाई
हैं। उन्होंने लड़कपनमें ऋषिसे आशीर्वाद पाया था। उनके स्पर्श
कर लेनेसे ही भारी-भारी पहाड़ भी आपके प्रतापसे समुद्रपर
तैर जायँगे॥ १॥

  • सुन्दरकाण्ड * ११७
    मैं पुनि उर धरि प्रभु प्रभुताई।
    करिहउँ बल अनुमान सहाई॥
    एहि बिधि नाथ पयोधि बँधाइअ।
    जेहिं यह सुजसु लोक तिहुँ गाइअ॥ २ ॥
    मैं भी प्रभुकी प्रभुताको हृदयमें धारण कर अपने बलके
    अनुसार (जहाँतक मुझसे बन पड़ेगा) सहायता करूँगा। हे नाथ!
    इस प्रकार समुद्रको बँधाइये, जिससे तीनों लोकोंमें आपका
    सुन्दर यश गाया जाय॥ २ ॥
    एहिं सर मम उत्तर तट बासी।
    हतहु नाथ खल नर अघ रासी॥
    सुनि कृपाल सागर मन पीरा।
    तुरतहिं हरी राम रनधीरा॥ ३ ॥
    इस बाणसे मेरे उत्तर तटपर रहनेवाले पापके राशि दुष्ट
    मनुष्योंका वध कीजिये। कृपालु और रणधीर श्रीरामजीने समुद्रके
    मनकी पीड़ा सुनकर उसे तुरंत ही हर लिया (अर्थात् बाणसे उन
    दुष्टोंका वध कर दिया)॥ ३ ॥
    देखि राम बल पौरुष भारी।
    हरषि पयोनिधि भयउ सुखारी॥
    सकल चरित कहि प्रभुहि सुनावा।
    चरन बंदि पाथोधि सिधावा॥ ४ ॥
    श्रीरामजीका भारी बल और पौरुष देखकर समुद्र हर्षित
    होकर सुखी हो गया। उसने उन दुष्टोंका सारा चरित्र प्रभुको कह
    सुनाया। फिर चरणोंकी वन्दना करके समुद्र चला गया॥ ४ ॥

११८ * श्रीरामचरितमानस *
[छन्द]
निज भवन गवनेउ सिंधु श्रीरघुपतिहि यह मत भायऊ।
यह चरित कलि मलहर जथामति दास तुलसी गायऊ॥
सुख भवन संसय समन दवन बिषाद रघुपति गुन गना।
तजि सकल आस भरोस गावहि सुनहि संतत सठ मना॥
समुद्र अपने घर चला गया, श्रीरघुनाथजीको यह मत
(उसकी सलाह) अच्छा लगा। यह चरित्र कलियुगके पापोंको
हरनेवाला है, इसे तुलसीदासने अपनी बुद्धिके अनुसार गाया है।
श्रीरघुनाथजीके गुणसमूह सुखके धाम, सन्देहका नाश करनेवाले
और विषादका दमन करनेवाले हैं। अरे मूर्ख मन! तू संसारका
सब आशा-भरोसा त्यागकर निरन्तर इन्हें गा और सुन।
[दोहा ६०]
सकल सुमंगल दायक रघुनायक गुन गान।
सादर सुनहिं ते तरहिं भव सिंधु बिना जलजान॥
श्रीरघुनाथजीका गुणगान सम्पूर्ण सुन्दर मङ्गलोंका देनेवाला
है। जो इसे आदरसहित सुनेंगे, वे बिना किसी जहाज (अन्य
साधन)-के ही भवसागरको तर जायँगे॥ ६०॥
मासपारायण, चौबीसवाँ विश्राम
इति श्रीमद्रामचरितमानसे सकलकलिकलुषविध्वंसने पञ्चमः सोपानः समाप्तः।
कलियुगके समस्त पापोंका नाश करनेवाले श्रीरामचरितमानसका
यह पाँचवाँ सोपान समाप्त हुआ।
(सुन्दरकाण्ड समाप्त)

॥ श्रीहनूमते नमः ॥
श्रीहनुमानचालीसा
[दोहा]
श्रीगुरु चरन सरोज रज निज मनु मुकुरु सुधारि।
बरनउँ रघुबर बिमल जसु जो दायकु फल चारि॥
बुद्धिहीन तनु जानिके, सुमिरौं पवन-कुमार।
बल बुधि बिद्या देहु मोहिं, हरहु कलेस बिकार॥
[चौपाई]
जय हनुमान ज्ञान गुन सागर।
जय कपीस तिहुँ लोक उजागर॥
राम दूत अतुलित बल धामा।
अंजनि-पुत्र पवनसुत नामा॥
महाबीर बिक्रम बजरंगी।
कुमति निवार सुमति के संगी॥
कंचन बरन बिराज सुबेसा।
कानन कुंडल कुंचित केसा॥
हाथ बज्र औ ध्वजा बिराजै।
काँधे मूँज जनेऊ साजै॥
संकर सुवन केसरीनंदन।
तेज प्रताप महा जग बंदन॥
बिद्यावान गुनी अति चतुर।
राम काज करिबे को आतुर॥

१२० * श्रीरामचरितमानस *
प्रभु चरित्र सुनिबे को रसिया।
राम लखन सीता मन बसिया॥
सूक्ष्म रूप धरि सियहिं दिखावा।
बिकट रूप धरि लंक जरावा॥
भीम रूप धरि असुर सँहारे।
रामचंद्र के काज सँवारे॥
लाय सजीवन लखन जियाये।
श्रीरघुबीर हरषि उर लाये॥
रघुपति कीन्ही बहुत बड़ाई।
तुम मम प्रिय भरतहि सम भाई॥
सहस बदन तुम्हरो जस गावैं।
अस कहि श्रीपति कंठ लगावैं॥
सनकादिक ब्रह्मादि मुनीसा।
नारद सारद सहित अहीसा॥
जम कुबेर दिगपाल जहाँ ते।
कबि कोबिद कहि सके कहाँ ते॥
तुम उपकार सुग्रीवहिं कीन्हा।
राम मिलाय राज पद दीन्हा॥
तुम्हरो मंत्र बिभीषन माना।
लंकेस्वर भए सब जग जाना॥

  • श्रीहनुमानचालीसा * १२१
    जुग सहस्त्र जोजन पर भानू।
    लील्यो ताहि मधुर फल जानू॥
    प्रभु मुद्रिका मेलि मुख माहीं।
    जलधि लाँघि गये अचरज नाहीं॥
    दुर्गम काज जगत के जेते।
    सुगम अनुग्रह तुम्हरे तेते॥
    राम दुआरे तुम रखवारे।
    होत न आज्ञा बिनु पैसारे॥
    सब सुख लहै तुम्हारी सरना।
    तुम रच्छक काहू को डर ना॥
    आपन तेज सम्हारो आपै।
    तीनों लोक हाँक तें काँपै॥
    भूत पिसाच निकट नहिं आवै।
    महाबीर जब नाम सुनावै॥
    नासै रोग हरै सब पीरा।
    जपत निरंतर हनुमत बीरा॥
    संकट तें हनुमान छुड़ावै।
    मन क्रम बचन ध्यान जो लावै॥
    सब पर राम तपस्वी राजा।
    तिन के काज सकल तुम साजा॥
    और मनोरथ जो कोइ लावै।
    सोइ अमित जीवन फल पावै॥

१२२ * श्रीरामचरितमानस *
चारों जुग परताप तुम्हारा।
है परसिद्ध जगत उजियारा॥
साधु संत के तुम रखवारे।
असुर निकंदन राम दुलारे॥
अष्ट सिद्धि नौ निधि के दाता।
अस बर दीन जानकी माता॥
राम रसायन तुम्हरे पासा।
सदा रहो रघुपति के दासा॥
तुम्हरे भजन राम को पावै।
जनम जनम के दुख बिसरावै॥
अंत काल रघुबर पुर जाई।
जहाँ जन्म हरि-भक्त कहाई॥
और देवता चित्त न धरई।
हनुमत सेइ सर्ब सुख करई॥
संकट कटै मिटै सब पीरा।
जो सुमिरै हनुमत बलबीरा॥
जै जै जै हनुमान गोसाईं।
कृपा करहु गुरु देव की नाईं॥
जो सत बार पाठ कर कोई।
छूटहि बंदि महा सुख होई॥