स्वदेशी और भारतीयता (धरमपाल एवं राजीव दीक्षित - स्वावलम्बी अर्थनीति एवं ग्राम-स्वराज्य दर्शन)
Swadeshi Aur Bhartiyata: Swavalambi Arthniti evam Gram Swarajya Darshan
धरमपाल एवं राजीव दीक्षित विचार पीठ द्वारा
प्रथम खण्ड: भारतीय समाज एवं आर्थिक स्वावलम्बन का इतिहास
श्री धर्मपालजी (जन्म-काधला, मुजफ्फरनगर,
१९२२) ने लाहौर में शिक्षा पाने के साथ स्वाधीनता
आन्दोलन में भाग लिया। मीरा बेन द्वारा रुड़की एवं
ऋषिकेश के बीच स्थापित 'पशूलोक' एवं 'बापूग्राम'
से सम्बद्ध रहने के बाद 'एसोसिएशन ऑफ वालण्टरी
आर्गेनाइजेशन्स ऑफ रुरल डेवलपमेण्ट' (अवार्ड,
दिल्ली) के महासचिव और निदेशक (१९५८-
१९६४) रहे। फिर अखिल भारतीय पंचायत परिषद के शोध विभाग का कार्य
देखते (१९६४-६५) रहे। वर्तमान में धर्मपालजी भारतीय इतिहास अनुसंधान
परिषद के सदस्य और राष्ट्रीय गोपशु आयोग के अध्यक्ष हैं।
श्री धर्मपालजी ने गत पचीस-तीस वर्ष अठारहवीं-उन्नीसवीं सदी में
इतिहास द्वारा उपेक्षित भारतीय समाज की शक्तियों-कमियों की खोज करने में
लगाये हैं और देश-विदेश के अभिलेखागारों-ग्रंथागारों से प्रभूत प्रमाण एकत्र किये
हैं जिनसे अंग्रेजी शासन से पूर्व भारतीय समाज की एक ऐसी तस्वीर का पता चलता
है जो आज के भारतीय मन में अंकित तस्वीर के सर्वथा विपरीत है।
श्री धर्मपाल के प्रकाशित ग्रन्थ हैं-
सिविल डिसओबीडिएन्स एण्ड इन्डियन ट्रेडीशन
इण्डियन साइन्स एण्ड टेक्नोलॉजी इन द एटीन्थ सेन्चुरी
डेस्पोलियेशन एण्ड डिफेमिंग ऑफ इण्डिया
द मद्रास पंचायत सिस्टम
द ब्यूटीफुल ट्री
अंग्रेजों से पहले का भारत
भारतीय चित्त, मानस और काल
भारत का स्वधर्म
स्वदेशी और भारतीयता
अंग्रेजी की सभी पुस्तकें अभी हाल में अदर इण्डिया प्रेस, गोवा से पुनः
प्रकाशित हुई हैं। हिन्दी में भी शीघ्र ही प्रकाशित होने जा रही हैं।
: प्रकाशक :
स्वदेशी
और
भारतीयता
धर्मपाल
स्वदेशी और भारतीयता
धर्मपाल
संकलन एवं संपादन
शिवदत्त
भारत पीठम्
स्वदेशी और भारतीयता
कॉपीराईट : लेखक
पहला संस्करण : सितम्बर 2001 (3000 प्रतियां)
दूसरा संस्करण : जुलाई 2002 (5000 प्रतियां)
प्रकाशक :
भारत पीठम्
चांडक निवास, शास्त्री चौक
वर्धा (महाराष्ट्र) 442101
फोन नं. – (07152) 84441, 42851
मुद्रक : कॉन्फीसेक प्रिंटर्स, अहमदाबाद
मूल्य: 20 रुपये
विषय सूची
दो शब्द
प्रस्तावना
- स्वदेशी और भारतीयता – 9
- गांधी को गाली देना नया नहीं है –20
- जारी हैं गांधी पर नेहरू के हमले – 24
- हिंदुस्तानी तासीर दफनाने के लिये अंग्रेजों ने बनवाई कांग्रेस – 28
- अपना नियंत्रण खत्म हुआ तो न स्वायत्तता रहेगी न स्वावलंबन –31
- आम आदमी की ताकत पहचानने से ही बनेगा स्वदेशी मॉडल – 35
- पश्चिमीकरण को मानने वाले आज भी दो फीसदी – 39
- भारतीय मॉडल सम्पत्ति जोड़ने का नहीं बँटवारे का है – 43
- विकास का सवाल – 47
- भारतीय समाज बनाम पश्चिमी समाज व्यवस्था – प्रथम – 63
11.भारतीय समाज बनाम पश्चिमी समाज व्यवस्था – द्वितीय – 68 - भारत का पुनर्निर्माण – 72
- हमारे सपनों का भारत – 78
- अंग्रेजी शासन और तंत्र व्यवस्था – 88
- कहाँ हैं पश्चिमीकरण की जड़ें – 93
3
दो शब्द
प्रस्तुत पुस्तक धर्मपालजी द्वारा समय समय पर लिखे गये लेखों का
संकलन है। व्यापक संदर्भों में भारतीयता एवं स्वदेशी की समझ बनाने में यह
पुस्तक अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। साथ ही साथ यह पश्चिमी सभ्यता के
वास्तविक स्वरूप एवं उसके विकास पर एक मोटी रूपरेखा भी प्रस्तुत करती
है।
लेखों की मौलिकता एवं निरंतरता किसी भी रूप में प्रभावित न हो,
इस दृष्टि से इनमें संपादन की न्यूनतम कोशिश की गई है। अध्याय 2 से अध्याय
8 तक के लेख जनसत्ता (हिन्दी दैनिक) के वरिष्ठ पत्रकार राम बहादुर राय
द्वारा धर्मपालजी से की गई बातचीत पर आधारित हैं। जारी हैं गांधी पर नेहरू
के हमल शीर्षक लेख में उन्होंने गांधी और नेहरू का नाम विचारधारा के प्रतीक
के रूप में लिया है।
संपादन न्यूनतम करने के कारण पुस्तक में कहीं कहीं तथ्यों या विचारों
की पुनरावृत्ति स्वाभाविक है। इसलिये सुधी पाठकगण पुस्तक पढते समय इसे
सामान्य त्रुटि समझ कर क्षमा करेंगे, ऐसी अपेक्षा है।
आशा है यह पुस्तक विद्वान पाठकों में गुलामी की मानसिकता और
भारतीयता के बारे में एक अच्छी समझ विकसित करेगी।
28.9.2001
सेवाग्राम
शिवदत्त
4
प्रस्तावना
सन् 1946-47 में अंग्रेजों की राजनैतिक सत्ता जब भारत से समाप्त
होनी निश्चित हो गई, तब सभी को लगा था कि अब भारतीय समाज स्व-विवेक
से, स्व-शक्ति से, स्व-पथ पर फिर से चल सकेगा। भारतीय जन इसे एक नये
युग का आरम्भ मान रहे थे। परन्तु ऐसा लगता है कि वह नया युग आते-आते
रूक-सा गया।
वस्तुतः उन दिनों देश में कुछ ऐसी भावना बनी कि भारत का नया युग
तो दो सौ वर्ष पूर्व अंग्रेजों के आने के साथ ही आरम्भ हो चुका था। एक
अंतरराष्ट्रीयतावादी दृष्टि के अंतर्गत यह माना जाने लगा कि औद्योगिक क्रांति
के साथ एक ही बार में सारा संसार परिवर्तित हो चुका है। अब संपूर्ण विश्व की
नियति उसी औद्योगिक विकास की दिशा में बढ़ते जाना है। इस दिशा में बढ़ने
के लिए अंग्रेजों के राज्य के दौरान सुदृढ़ हुए राज्यतंत्र तथा अन्य संस्थागत
व्यवस्थाओं का मजबूत रहना आवश्यक दिखाई दिया। अंग्रेजी राज्य के समय
की पराधीनता एवं स्वतंत्रता आंदोलन के समय की असुरक्षा की यादों के रहते
ये संस्थाएं और भी अपरिहार्य लगने लगीं। अतः इन्हें बनाये रखने में ही देश की
प्रायः समस्त सृजनात्मक शक्ति खर्च होने लगी।
अब भारतीय राज्य के 54 वर्षों तक चलने के बाद, राज्यतंत्र एवं अन्य
संस्थागत व्यवस्थाएं पर्याप्त सुदृढ़ हो चुकी हैं। देश भर में नये-नये समूह विविध
स्थानों पर भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में कार्यप्रवृत्त हुए हैं। स्वतंत्रता संग्राम वाली पीढ़ी
की असुरक्षा की भावना के लिए अब कोई वस्तुगत कारण नहीं बचा है। वस्तुतः
वह सारी पीढ़ी अगली पीढ़ियों के लिए स्व-बुद्धि के अनुसार जीवन का आधार
जुटाकर एवं राज्य की सुदृढ़ता के पर्याप्त प्रबंध कर समाप्त हो गई है।
अब समय है कि असुरक्षा एवं असमर्थता की भावनाओं से पूर्णतः मुक्त
होकर हम देश एवं देश के भविष्य के बारे में अपनी बुद्धि से सोचें। 40-50 वर्ष
पहले भारतीय समाज का उत्तरदायित्व सम्भालने वाली पीढ़ी में गांधी जी से
भावनात्मक लगाव के बावजूद, अपनी स्मृतियों, बुद्धि-रूपों और इच्छाओं के
चलते ऐसी सामर्थ्य और ऐसे साहस का संकल्प नहीं जग सका।
देश के भविष्य के बारे में नवचिंतन करते हुए हमें यह याद रखना होगा
कि विश्व के सभी समूहों के लिए कोई एक सही निर्धारित दिशा नहीं होती है।
5
दुनिया किन नियमों से चलती है, यह अंतिम तौर पर तो नहीं कहा जा सकता,
परन्तु यह निश्चित है कि हर समाज की अपनी विश्वदृष्टि होती है। इनमें कोई
एक सही है, शेष सब गलत हैं, यह मान पाने का कोई साक्ष्य नहीं है। अंग्रेजों की
पराधीनता को भोग चुकी पीढ़ी को यूरोप की दिशा ही शायद अकेली ठीक
दिशा लगी हो, परन्तु आज ऐसा कोई बोझ नहीं होना चाहिए।
संपूर्ण मानवीय समाज एक है, उनकी नियति एक है, यह प्रतिपादन
अपने में शायद ठीक हो। परन्तु इस प्रतिपादन के अर्थ भी हर समाज में
अलग-अलग होते हैं। आधुनिक पश्चिमी समाज के मुताबिक मानवीय समाज
की एकता का अर्थ मानव-समूहों की एवं उनकी क्रियाशीलताओं पुरुषार्थों की
एकरूपता से लिया जाता है। भारतीय परम्परा के अनुसार एकता की इस
मान्यता का रूप यह रहा है कि यह जगत-धर्म में प्रतिष्ठित है। जो व्यक्ति और
समाज धर्ममय आचरण करेंगे, वे श्रेयस को प्राप्त होंगे। जो धर्म-च्युत होंगे,
सत्य, ऋत तथा आत्मसंयम का उल्लंघन करेंगे, वे तत्काल प्रबल दिखाई देने
पर भी व्यापक कालप्रवाह में शीघ्र ही क्षय के शिकार हो जायेंगे। इस स्तर पर
मानवीय समाज और संपूर्ण विश्व एक है। एकता की इस मान्यता में आधुनिक
एकरूपता का कोई स्थान नहीं है। वस्तुतः नामों और रूपों की विविधता मानव
समाज की एकता की परम्परागत भारतीय मान्यता का अभिन्न अंग है।
एकता के प्रति भारतीय परम्परागत मान्यताओं को देखते हुए तथा
देश के भविष्य के बारे में नवचिंतन करते हुए हमें देश को विकसित विश्व के
साथ एकरूप कर देने के मोह को छोड़ना होगा। हम अपने देश के उस रूप के
बारे में ही सोचें, जो हमारे लिए श्रेयस्कर हो। अपने इतिहास को, अपने
लोक-मानस और अपनी परम्परा को जानना, उसकी स्मृतियां जीवंत रखना
आवश्यक है। अपनी परम्परा, अपनी संस्कृति के स्वरूप, आधार तथा व्यवहार
को हम सदा स्मरण रखें। भारतीय दृष्टि से संसार के विभिन्न समाजों के बारे में
भी आवश्यक जानकारी जुटायें, उन समाजों के स्वरूप-आधार तथा व्यवहार
के बारे में अपने लिए आवश्यक ज्ञान प्राप्त करें। अपने बारे में और संसार के
बारे में इस दृष्टि से जानकारियों - खोजों को समेट कर ही हम अपने लिए
रास्ता, सोच और बना पायेंगे तथा उस पर चल सकेंगे।
नई पीढ़ी अपने में नया विश्वास रखते हुए पिछली पीढ़ी के भारतीय
परम्पराओं के प्रति संकोच से भी उबर पायेगी और भारतीय इतिहास, परम्पराओं,
भारतीय समाज के स्वरूप, आधार और व्यवहार- रूपों का समुचित विवेचन
कर विकास की धारा को जनमानस के साथ जोड़ पायेगी, ऐसी आशा की जा
6
सकती है।
अपनी विश्व दृष्टि के अनुरूप परम्परा से, हजारों वर्षों से भारतीय
लोक-मानस गतिशील रहा है। हर समाज के जीवन में उत्तार-चढ़ाव आते हैं।
कुछ शताब्दियों पहले शायद हमारे समाज में भी कुछ बिगाड़ आया। शायद
समाज की विविध संस्थाओं के आपसी रिश्ते कुछ कमजोर हुए और
परिणामस्वरूप यह समाज भी कमजोर हुआ। इसी बीच भारत में अंग्रेज आये
और उनके आने से भारतीय समाज की विविध संरचनाएँ टूटीं। समाज का
राजनैतिक संस्थाओं से रिश्ता टूटा। राज्यतंत्र का एक दूषित रूप समाज पर
थोपा गया; जो समाज से शक्ति प्राप्त करने वाला और उसे शक्तिशाली बनाने
में अपना योगदान देने वाला नहीं रहा। अपितु जो समाज को अस्वस्थ, कमजोर
बनाने वाला रहा और इस तरह यह राज्यतंत्र स्वयं भी अस्वस्थ रहा।
ऐसे अस्वस्थ राज्यतंत्र की प्रतिष्ठा भारतीय समाज की तात्कालिक
पराजय का फल थी। भारतीय समाज की इस हार के चलते हुए हम शायद
अपने पूर्ण अतीत के बारे में संकुचित हो गये। हमें ऐसा लगने लगा कि सुरक्षा के
लिए सभी परम्परागत बुद्धि-रूपों को त्यागना होगा, लोकमानस पर उनका
प्रभाव समाप्त करना होगा। परन्तु किसी समाज की कोई भी हार की स्थिति
स्थायी तो नहीं हो सकती। आशा की जा सकती है कि नई पीढ़ी अतीत का
समुचित विवेचन कर पायेगी। अतीत की स्मृति के बिना तो कोई सर्जना नहीं
होती है। स्मृति-भ्रंश का अर्थ है बुद्धिनाश।
अब जब देश समुचित सुरक्षित है, देश में आधुनिकतावाद की तरफ
बढ़ने या अपनी कोई नई दिशा निर्धारित कर उस तरफ चलने, दोनों के लिए ही
पर्याप्त साधन एवं क्षमताएं हैं, तब हम मिलकर सोच सकते हैं कि हमारा स्वधर्म
क्या है? हमारे पूर्वजों का शील और सौंदर्य क्या रहा है? हमारी शक्ति तथा
निर्बलता का स्वरूप क्या है?
अपने देश के समस्त नागरिकों के भले के लिए और भारत के पड़ोसियों,
बंधु देशों के भले के लिए हमें श्रेयस्कर पथ को जानना-पहचानना और अपनाना
है। भारतीय संस्कृति एक बड़ी संस्कृति है। स्थिति और आकार की दृष्टि से भी
भारत बड़ा देश, बड़ा समाज है। हमें इन सभी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का
विचार करते हुए अपना मार्ग खोजना-बनाना है। हम स्वयं अभयपूर्वक स्वधर्म
को पहचानेंगे और अपनायेंगे तो हमारे बंधु देशों में भी इसका प्रतिसंवेदन होगा।
स्व-विवेक से खोजे-पहचाने-बनाये गए स्व-पथ पर स्व-शक्ति से
चल रहा और इस प्रकार अपने पड़ोसियों में अभय का सहज संचार कर रहा
7
[बायाँ पृष्ठ]
स्वाधीन भारत ही संसार के भले के लिए भी सहायक सिद्ध होगा। “स्वदेशी
और भारतीयता” इन्हीं बातों पर राष्ट्रीय बहस चलाने की दृष्टि से एक प्रयास
है। हम सबके लिये यह आवश्यक है कि हम भारतीय वर्तमान को भारतीय
अतीत की धारावाहिकता में देखें तथा उसमें से भारतीय भविष्य का प्रारूप बना
उसे साकार करने में जुट जायें। अपने अतीत एवं वर्तमान पर विश्वास रखते हुए
भारत की नई पीढ़ी भविष्य का जो नया प्रारूप बनायेगी, उसमें भारतीय समाज
अपने राज्यतंत्र के साथ भी स्वस्थ संबंध बना सकेगा।
– धर्मपाल
8
[दायाँ पृष्ठ]
स्वदेशी और भारतीयता
एक
स्वदेशी की पुनर्प्रतिष्ठा के द्वारा भारत वर्ष फिर से सबल-सशक्त
तेजस्वी राष्ट्र बन कर समकालीन विश्व में स्वधर्म को निभाये, यह आकांक्षा देश
के अधिकांश लोगों की है; ऐसा मैं मानता हूँ। यद्यपि पिछले 52-54 बरसों में हम
जिस रास्ते पर चले, वह तो हमें स्वदेशी से दूर ही ले गया। ऐसी स्थिति में
स्वदेशी शील, व्यवहार और स्वधर्म की पुनः प्रतिष्ठा कैसे संभव होगी; यह
विचारणीय है।
स्वदेशी और भारतीयता की प्रतिष्ठा के लिये जहाँ प्रबल भावना का
महत्व है, वहीं उसकी प्रतिष्ठा आज कैसे संभव है, इसकी समझ और उसे
प्रतिष्ठित कर सकने की शक्ति की भी साधना आवश्यक है।
दो
स्वदेशी अत्यंत प्राचीन अवधारणा है। शायद जब से धरती पर जीवन
है, तभी से स्वदेशी का भाव और व्यवहार भी है। शायद स्वदेशी ही जीवों के
व्यवहार की सहज प्रवृत्ति है। सभी मनुष्य-समाज तथा सभी प्राणी समाज
सहज ही स्वदेशी व्यवहार करते हैं। क्योंकि, जैसी कि महात्मा गांधी ने 14
फरवरी 1916 को मद्रास में ईसाई मिशनरियों के एक सम्मेलन में दिए गए अपने
भाषण में स्वदेशी की परिभाषा की थी – “स्वदेशी वह भावना है, जिससे कि
हम आसपास के परिवेश से ही अपनी अधिकतम आवश्यकतायें पूरी करते
हैं और उनसे ही अधिकाधिक व्यवहार सम्बन्ध रखते हैं तथा स्वयं को
उनका सहज अभिन्न समझते हैं, न कि दूरस्थ लोगों और वस्तुओं से स्वयं
को जोड़ने लगते हैं। स्वदेशी की यह भावना जब होगी तब हम अपने
पूर्वजों के धर्म को ही आगे बढ़ायेंगे, न कि किसी अन्य धर्म को अपनाने
लगेंगे। अपने धर्म में जो वास्तविक कमी आ जाएगी, उसे सुधारेंगे।
राजनीति में हम स्वदेशी संस्थाओं का ही उपयोग करेंगे और उनकी कोई
सुस्पष्ट कमियां होंगी तो उन्हें दूर करेंगे। आर्थिक क्षेत्र में हम आसपास
के लोगों तथा स्वदेशी परम्परा और कौशल द्वारा उत्पादित वस्तुओं का ही
उपयोग करेंगे और उन्हें ही सक्षम तथा श्रेष्ठ बनायेंगे।”
9
महात्मा गांधी द्वारा की गई स्वदेशी की इस परिभाषा को शायद आज
और अधिक स्पष्ट करना पड़े या शायद उसे कुछ परिवर्तित या परिमार्जित
परिष्कृत करना पड़े। जो भी हो, इस पर गहरे विचारपूर्वक निश्चय करने की
आवश्यकता है।
स्वदेशी की भावना का उपयोग 17 वीं 18 वीं शती ई. में इंग्लैंड में भी
किया गया। तब अंग्रेज व्यापारी बड़े व्यापारिक लाभ के लिए भारतीय वस्त्रों को
इंग्लैंड तथा यूरोप में ले जा रहे थे और वहाँ के बाजारों में भारतीय वस्त्र छा -
से गये थे। इंग्लैंड के बुनकरों और ऊनी तथा सन से बने वस्त्र उद्योग के अन्य
शिल्पियों ने इसका विरोध किया और अपने द्वारा स्वदेशी वस्त्रों का ही धंधा किए
जाने पर बल दिया और दबाव डाला।
भारत में 1905 ई. में स्वदेशी का एक सशक्त आंदोलन उभरा जो
बंगाल के विभाजन के विरोध में उठा था। इस स्वदेशी आंदोलन की प्रमुख
प्रेरणा स्वामी विवेकानन्द थे और इसके सर्वाधिक सक्रिय नेताओं में थे श्री
अरविंद घोष।
फिर कर्मवीर महात्मा गांधी जब जनवरी 1915 से भारतीय सार्वजनिक
जीवन में आये तब से स्वदेशी के भाव और विचार में पुनः वेग आया। लगभग
तीस-पैंतीस बरस तक स्वदेशी भारतीयों का मन्त्र बना रहा और स्वदेशी, स्वराज
तथा स्वधर्म की प्रतिष्ठा भारत के राष्ट्रीय जीवन का लक्ष्य-सा दिखने लगा।
आज यदि उस स्वदेशी के भाव और विचार को फिर जागृत करना,
संगठित करना और प्रबल बना कर राष्ट्रीय जीवन-व्यवहार का उसे स्वभाव
बनाना है तो स्वदेशी की परिभाषा और स्वरूप पर फिर से और अधिक विचार
विमर्श तथा गहराई से मनन करना होगा। समकालीन विश्व संदर्भों को जानते
तथा स्मरण रखते हुए उसकी संभावनायें देखनी समझनी तथा जाँचनी परखनी
होगी और उन शक्तियों को भी पहचानना होगा जो कि स्वदेशी और भारतीयता
की पुनर्प्रतिष्ठा कर सकेंगी या कि उसका माध्यम और वाहन बनेंगी।
तीन
बाहर से कहाँ से क्या-क्या और कहाँ तक सीखना और लेना है यह
विचार भी स्वदेशी का अभिन्न अंग है।
यों तो संसार भर में लोग एक दूसरे से सीखते ही रहते हैं। ऐसा कहा
जाता है कि यूरोप ने छपाई की कला और प्रयोग विधि, नाविकों का कम्पास
और उसकी प्रयोग-विधि, बारूद बनाने का शास्त्र और विधि तथा कागज बनाने
10
की विधि 13 वीं, 14 वीं शताब्दी में चीन से सीखी। इसी तरह चेचक का टीका
ब्रिटेन में पहली बार 1720 में तुर्की से सीख कर लाया गया। बाद में भारत से
उन्होंने चेचक के टीके की अधिक परिष्कृत और उन्नत विधि सीखी। आधुनिक
शल्य चिकित्सा का उद्गम भी भारतीय चिकित्सा विज्ञान से जुड़ा है।
1790-1810 के बीच, विशेषतः पुणे क्षेत्र से, अंग्रेजों व यूरोपियों ने यह विज्ञान
सीखा।
बढ़िया लोहा और इस्पात बनाने की तकनीक भारत में प्रचलित थी।
संभवतः उससे ब्रिटेन के लोहे और इस्पात उद्योग ने 19 वीं शताब्दी में बहुत कुछ
सीखा।
जापान ने 20 वीं शती ई. के आरंभ में पश्चिमी व्यवस्थाओं, तकनीकों
और उत्पादनों का अपने ढंग से गहराई से निरीक्षण किया। ऐसा कहा जाता है
कि 1910 के लगभग जापान ने अमेरिका से बीस रेलवे इंजन खरीदे। इसमें से
शायद एक का ही उपयोग कर जापान ने उसकी विधि को सीख समझ लिया।
बताते हैं कि जब ये 20 इंजन जापान पहुँचे तो जापानियों ने उसमें से एक इंजन
को पूरी तरह से खोल डाला और उसके सब कलपुर्जे भलीभांति देख-समझ
तथा जाँच लिये और फिर उसी रूप में उन्हें जोड़ दिया।
अतः एक बार हम यदि किसी तकनीक को, जो हमें अपने अनुकूल
लगती है, आत्मसात् कर लेते हैं और उसे अपने अनुकूल ढाल लेते हैं तो फिर
कोई भी बाहरी तकनीक शायद स्वदेशी - सी ही बन जाती है। क्या स्वदेशी की
धारणा में ऐसा कुछ समायोजन करने योग्य है? जो भी हो, इस विषय में बहुत
गहराई से और बड़ी सावधानी से छानबीन कर ही किसी निश्चय पर पहुँचना
होगा।
परन्तु हमारी समकालीन प्रवृत्तियाँ तो स्वदेशी और भारतीयता की
दिशा से विपरीत दिशा में ही चलती दिख रही हैं। यह तो है कि दिल्ली में बाबा
खड़कसिंह मार्ग में हमें देश में बनी कलाकृतियाँ व देसी शिल्प वाली वस्तुयें मिल
सकती हैं। बम्बई, मद्रास, कलकत्ता जैसे शहरों में भी ऐसी जगहें हैं।
लेकिन भारत के 5 लाख से भी अधिक गांवों, कस्बों और जिला केन्द्रों
के बाजारों में तो सामान्य देसी वस्तुएँ भी दुर्लभ ही हो चली हैं। भारतीय सामग्री
से बनी, भारतीय शिल्पियों द्वारा, भारतीय शिल्प परंपरा और भारतीय
रूपाकृतियों में बनी वस्तुएँ तो हमें प्रायः अपने बाजारों में नहीं दिखतीं !
आटे की हाथ चक्की, तेल पिराई की घानी, गन्ना पिराई की हाथ
वाली मशीनें, मिट्टी के घड़े और पत्तल-दोने आदि तो अब हमारे सामाजिक
11
जीवन में प्रतिष्ठा की चीजें नहीं रहे और उनका धीरे-धीरे लोप ही हो चला है।
1920 से चली खादी भी अब कम ही हो रही है। उसके लिए कपास मिलना ही
कठिन हो गया है। वैसे ही जैसे कि पिछले 100--150 वर्षों में लोहा बनाने वालों
के लिए लोहा बनाने के पत्थर (आग जलाने वाला कोयला) का मिलना असम्भव
कर दिया गया था। गौ-वंश के प्रति श्रद्धा भाव तो अब भी है, परन्तु गौ-वंश
निरंतर घट रहा है और उस पर हमारे सभ्य समाज में कोई बेचैनी या चिन्ता
नहीं दिखाई पड़ती। हमारे भोजन की सामग्री भी आज अधिकतर तो गैर भारतीय
विज्ञान, प्रौद्योगिकी और उत्पादन प्रक्रिया के द्वारा ही तैयार की जाती है। यहाँ
तक कि छाछ तक खाते-पीते घरों में भी दुर्लभ हो चली है।
तब ऐसी स्थिति में स्वदेशी की भावना का प्रसार किन शक्तियों के बल
पर होगा, यह प्रश्न स्वाभाविक है। यह विचार भी अपेक्षित है कि क्या स्वदेशी में
यह ह्रास अथवा स्वदेशी की यह उपेक्षा अंग्रेजी काल से शुरू हुई या पहले से?
दिखता तो यह है कि अंग्रेजों से पराजय से पहले से भी हमारे शासक
समूहों और सम्पन्न जनों में स्वदेशी का महत्त्व स्थान-स्थान पर घटने लगा था।
दिल्ली और बहमनी के इस्लामी शासकों के आधिपत्य वाले भारतीय क्षेत्रों के
असर से सन् 1600 के आसपास, मराठा शासकों और मराठा कुलीनतंत्र में
फारसी भाषा और वेशभूषा तथा तौर-तरीकों का प्रभाव छा गया - सा दिखता
है। परन्तु फिर शिवाजी के समय मराठा क्षेत्र में स्वदेशी का उभार आ गया था,
ऐसा कहा जाता है। उस समय वहाँ फारसी मुहावरों आदि का प्रयोग भी घटा।
लगता है कि 1550 से 1750 के बीच देश के विभिन्न हिस्सों में भी इसी तरह
स्वदेशी में गिराव व उभार आता रहा।
1800 तक हम ब्रिटेन से हार चुके थे और ब्रिटेन का कब्जा पूरे भारत
पर होता चला गया। इस हार से ब्रिटेन और युरोप के प्रति अधीनता का भाव भी
बढ़ा। 1830 में ब्रिटिश गवर्नर जनरल बेंटिक इस पर संतोष व्यक्त करते हुए
कहते हैं कि "सम्पन्न और प्रतिष्ठित भारतीय अब पश्चिमी शिष्टाचार तथा
व्यवहार की विधियाँ अपनाने लगे हैं और भिक्षुकों, संन्यासियों और ब्राह्मणों
को दान देना छोड़ रहे हैं। अब उसकी जगह वह धन यूरोपियों का
आडम्बरपूर्ण ढंग से मनोरंजन करने में लगाया जाने लगा है।"
संभवतः बेंटिक का निरीक्षण ठीक ही था। संपन्न भारतीय जन तब
तक स्वदेशी तौर-तरीके छोड़ने लगे थे। यह सब क्रमशः बढ़ता गया।
उदाहरण के लिये कुछ वर्ष पहले मैं हरिद्वार के किसी पंडे की पुरानी
बही पलट रहा था। मैंने देखा कि उसमें अच्छी सुस्पष्ट अंग्रेजी में चार-पाँच
12
पंक्तियाँ लिखी हैं और 1895 की वह प्रविष्टि मेरे ही कस्बे के किसी निवासी की
थी। बाकी बही हिन्दी में थी।
1891 से 1931 के बीच के, भारतीय जनगणना के अंग्रेजों द्वारा तैयार
आँकड़े उपलब्ध हैं। उनमें शिक्षा के बारे में चार मुख्य श्रेणियाँ हैं :-
- कुल निरक्षर, 2) कुल साक्षर, 3) देसी भाषा में साक्षर और 4) अंग्रेजी में
साक्षर। जनगणना के ये आँकड़े दिखाते हैं कि तब भारत के बहुत से नगरों व
क्षेत्रों में देसी भाषाओं में साक्षरता का जो प्रतिशत है, वह अंग्रेजी में साक्षरता के
प्रतिशत से केवल चार गुना है। बाकी क्षेत्रों में यह प्रतिशत आठ गुना के लगभग
है। यह तो होगा कि देसी भाषाओं में किसी को साक्षर, इन जनगणनाओं में, तभी
लिखा गया हो, जब वह स्कूली प्रमाण-पत्र दिखाए, इसीलिए शायद देसी
भाषाओं में साक्षरता का प्रतिशत अंग्रेजी साक्षरता से केवल चौगुना या आठ गुना
दिखता है। भारतीय भाषाओं की पढ़ाई में कमी का मुख्य कारण पूरे देश में
चलाई जा रही ब्रिटिश नीति ही होगी।
प्रत्येक भाषा एक विशद अर्थ-परम्परा, दर्शन-परम्परा और विचार
परम्परा की अभिव्यक्ति होती है। जब हम विदेशी भाषा को अपनाते हैं तो प्रायः
स्वयं को और विश्व को, व्यक्ति, समाज, संस्थाओं, मान्यताओं तथा लक्ष्यों,
रुचियों, आदर्शों आदि को भी हम उसी भाषा-परंपरा और संस्कृति - परंपरा
से देखने लगते हैं।
इसलिए न केवल उत्पादन और वस्तु निर्माण के क्षेत्र में स्वदेशी का
ह्रास हमारे यहाँ हुआ है वरन् दर्शन, समाज चिंतन, विधि-विधान, राजनीतिशास्त्र,
आत्मचिंतन, शिक्षा, आर्थिक-चिन्तन आदि सभी क्षेत्रों में हम यूरोपीय बुद्धि से
शासित हो चले हैं। हमारी जो आत्मछवि है, वह भी यूरोपीय 'इंडोलॉजी" के
विद्वानों द्वारा गढ़ी गई छवि है, जो उन्होंने अपने ही प्रयोजन से रची थी। हमारे
जैसे पढ़े-लिखे आज अपने स्वभाव, धर्म, धर्मशास्त्र, शिल्पशास्त्र आदि को भी
यूरोप द्वारा सिखाई गई आत्मछवि के माध्यम से ही देखने लगे हैं।
चार
तो क्या स्वदेशी के संस्कार बचे ही नहीं हैं? ऐसा नहीं है। निजी
जीवन में और अपनों के प्रति व्यवहार में हमारे साधारण जन की स्वदेशी भावना
झलकती है। संभवतः इसे ही भारतीयता कहा जा सकता है।
भारतीयता हमारे निजी जीवन-व्यवहार और हमारी धार्मिक
व्यवस्थाओं में अभी भी, चाहे कुछ प्राणहीन रूप में ही सही, जीवित है। व्रत-उपवास
13
आदि में क्या खाएँ क्या न खाएँ, पूजा-अर्चना में किन वस्तुओं का, किस तरह के
पेड़ों-पत्तियों और फूलों का प्रयोग करें, किनका न करें, विवाह आदि में कैसी
व्यवस्था तथा व्यवहार करें, इन सबका विचार करते समय हमारे जो संस्कार
उभर आते हैं और व्यवहार में व्यक्त होते हैं, वे हमारे भीतर भारतीयता के
संस्कारों की गहराई के सूचक हैं। भोजन, वस्त्र, औषधि आदि में ऐसे भारतीय
संस्कार अभी पचास वर्ष पूर्व तक व्यापक और प्रबल दिखते थे। आज वे बहुत
कम हो चले हैं। तो इससे शायद यह निष्कर्ष भी निकल सकता है कि सुव्यवस्थित
प्रयास से वे संस्कार फिर से प्रबल बनाए जा सकते हैं।
भारतीयता पर अधिक कुछ कहने का अधिकारी तो मैं नहीं हूँ किन्तु
ऐसा स्पष्ट दिखता है कि भारतवर्ष में तथा उससे जुड़े उत्तरी, पूर्वी और
दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों में कुछ विशेष लक्षण और प्रवृत्तियाँ हैं। उन्हें हम
भारतीयता के रूप में पहचान सकते हैं। पश्चिम से उनका स्पष्ट भेद भी हम
भलीभांति देख सकते हैं। पश्चिम से मेरा आशय यूरोप, रूस और अमरीकी
महाद्वीप तथा अरब क्षेत्रों से है।
भातीयता के तथा भारत से जुड़े क्षेत्रों के मुख्य लक्षण समान हैं। एक
तो चराचर की पवित्रता का सिद्धांत है। सत्य और ऋत का अंग है। इसमें यह
दृष्टि है कि जीवमात्र पवित्र है और आदर-योग्य है। इनमें व्यावहारिक स्तर
पर कुछ घट-बढ़ या तारतम्य तो रहता है। पर जीवन का कोई भी रूप, जीवन
के दूसरे रूपों से इस अर्थ में श्रेष्ठ नहीं है कि एक रूप की रक्षा के लिए दूसरे
रूपों को समाप्त कर दिया जाय या पूर्ण अधीनता की दशा में ले आया जाय।
इसके साथ ही हमारे यहाँ जीवन को केवल मनुष्य में या कि कुछ
प्राणियों में ही सीमित कर के नहीं देखा गया। बल्कि उसे सर्वत्र देखा गया है।
समग्र सत्ता ही जीवन है। नदी-पर्वत, सागर, वृक्ष-वनस्पति सभी समग्र सत्ता के
महत्वपूर्ण अंग हैं। मनुष्य की अपनी सत्ता इसी समग्र सत्ता का अभिन्न अंश है।
मनुष्य अन्य जीव-सत्ताओं से कुछ नितान्त भिन्न या विरोधी या श्रेष्ठतम जीव
नहीं है।
मनुष्य की श्रेष्ठता का जहाँ कहीं महाभारत आदि में बखान है भी, तो
वह इसी अर्थ में कि मनुष्य को इस समग्र सत्ता का सम्मान करना है, इसके प्रति
अपना कर्तव्य निभाना है, उनका संरक्षण नहीं बल्कि उनके प्रति अपने कर्तव्य
का निर्वाह, उनसे मनुष्य जो लेता है उसे लौटाना, ऋण-शोधन करना है। यह
कहीं नहीं कहा गया है कि मनुष्य श्रेष्ठ है, इसलिए शेष सब उसके भोग साधन
हैं और वह उन सबके चाहे जैसे उपयोग का अधिकारी है। मनुष्य का गौरव
14
सबके प्रति मैत्री, प्रेम तथा करूणा की अभिव्यक्ति और अनुभूति में ही है। हमारी
चाक्रवर्त्य की धारणा तक में दूसरों के समक्ष वीरता के प्रदर्शन का भाव ही प्रधान
है। उनके गौरव को समाप्त करने का नहीं। दूसरों के अपने संस्कृति-रूपों को
समाप्त करना तो चाक्रवर्त्य में भी निहित नहीं है। हमारी जीवन दृष्टि और
हमारी सामाजिक सांस्कृतिक-राजनैतिक संस्थायें, सभी का मुख्य आधार
परस्परता, स्वभाव में प्रतिष्ठित स्वधर्म, स्वाधीनता तथा अभय रहा है। इसलिए
हमारे यहाँ पूरे सामाजिक संगठन में ऐसी ही व्यवस्थायें थीं।
भारत में भूमि हो, जल हो, या वन, उस पर वहाँ के निवासियों का ही
स्वामित्व रहा है। वनों पर वन के जानवरों, घूमन्तू जातियों तथा वनवासियों का
अधिकार भारत में परंपरा से मान्य रहा है। हमारे सामाजिक संगठन में यह
व्यवस्था रही कि एक कुल-समूह या जाति समूह के एक ही तरह के प्राकृतिक
साधन स्रोतों से विशेष सम्बन्ध रहे। किसी का भूमि से विशेषकर, किसी का
पशुओं से, किसी का पक्षियों से, किसी का वनों से, किसी का जल से। फिर
इनमें भी व्यवस्थित वर्गीकरण रहे। व्यापक सामाजिक विधि निषेध थे, जो
सर्वमान्य थे। हर समूह की सामाजिक उपभोग की मर्यादायें निश्चित थीं। वनों
के बारे में भी यह बात लागू होती है। चराई का समय, शिकार का समय,
वनस्पतियों, जड़ी-बूटियों को तोड़ने या प्राप्त करने का समय सदा प्राकृतिक
व्यवस्था, ऋतु-चक्र और प्रकृति के अपने नियमों की समझ द्वारा निर्धारित
मर्यादायें थीं। पवित्र माने जाने वाले पेड़ों और प्राणियों का शिकार भी निषिद्ध
था। उनके जलाशय पवित्र घोषित होते थे उनमें न शिकार संभव था, न ही
उनका कोई निजी उपयोग। हर गांव के पास अपना सार्वजनिक चारागाह और
अपना सामुदायिक वन-क्षेत्र या वृक्ष-क्षेत्र होता था। इन सामाजिक विधि
निषेधों का उल्लंघन राज्य-तंत्र के लिए असंभव था। ऐसा राज्य तंत्र अधममय
मानकर बहिष्कृत और समाप्त कर दिया जाता था। मर्यादा का महत्व और
व्यापक धर्म से अनुशासित स्वधर्म की प्रतिष्ठा भारतीय जीवन दृष्टि का केन्द्रीय
भाव है। राजधर्म लोकधर्म का एक अंग है। लोक और लोकधर्म व्यापक है।
राज्य लोक से अनुशासित होता है। मनुष्य समेत सभी जीव सत्तायें लोक से ही
अनुशासित रहती हैं। लोक का अर्थ मानव समाज मात्र नहीं है। वस्तुतः
"मैनकाइंड के अर्थ में मानव समाज भारतीय जीवन दृष्टि की कभी धारणा ही
नहीं रहा। क्योंकि प्रत्येक मानव समूह अपने जनपद और अपने परिवेश का ही
सहज तथा अभिन्न अंग है। इसलिए किसी भी जनपद के मनुष्य का उस जनपद
के अन्य जीवों, पशु-पक्षियों, जलचर-थलचर-नभचर सभी जीव जन्तुओं,
15
वृक्ष-वनस्पतियों, आकाश, नदी-पर्वत, तालाब-झरने, कुएं-बावड़ी, फल-फूल,
अनाज आदि से अधिक घनिष्ठ संबंध और आत्मीयता है, बनिस्पत बहुत दूरवर्ती
किसी अन्य मानव समूह से। इस प्रकार मध्य देश के निवासी मनुष्यों के सहज
आत्मीय तो मध्य देश के ही जीव-जंतु तथा चराचर जगत हैं न कि संयुक्त राज्य
अमरीका या और किसी अतिदूरवर्ती देश के मनुष्य। कुछ अंश तक तो यह
रिश्ता आज के संसार के दूसरे देशों में भी व्यावहारिक रूप में चलता ही है।
चराचर जीवों और जीवन से आत्मीयता के ये संस्कार अभी भी व्यवहार में
प्रकट होते हैं। चीटियों, कौवों, कुत्तों के लिए अंश निकालने, बंदरों को चने आदि
खिलाने, गायों की सेवा करने, सांड़ आदि को मुक्त छोड़ने, मछलियों को खिलाने,
नदियों के प्रति आदर और श्रद्धा का भाव, तालाब, कुएं, बावड़ियां बनवाने को
पुण्य कर्म मानना, चिड़ियों तथा विविध पक्षियों को चुगने के लिए दाने डालना;
शेर, मगर जैसे भयंकर माने जाने वाले जीवों के लिए भी गहरी आत्मीयता तथा
परस्परता का भाव रखना और उनसे किसी अतिरंजित भय को न पालना, सांप
को दूध पिलाना, शादी-विवाह में नदियों-बावड़ियों-कुओं आदि को पूजना
और न्यौतना- ये सब इसी भारतीय जीवन दृष्टि के अभिन्न अवयव हैं।
इस भारतीयता में मनुष्य कोई सृष्टि का केन्द्र नहीं है। सहज अंश है।
समस्त जीवन-रूप पूज्य है, पवित्र है और जीवन रूपों की विविधता सहज है,
रक्षणीय है तथा सम्मान योग्य है। मानवीय स्वभाव का वैविध्य जीवों की ही
तरह सहज और अनिवार्य है। जनपदों और कुलों के आधार पर मनुष्यों की
सामाजिक पहचान ही स्वाभाविक है और अपने परिवेश से अभिन्नता की अनुभूति
भी उतनी ही स्वाभाविक है। इसी कारण हमारे यहाँ ऐसी कोई परंपरा कभी
नहीं रही कि समस्त मनुष्य किसी एक मानव-जाति के केन्द्रीय संगठन से
अनुशासित और संचालित होने योग्य हैं, और मानव का संगठन हमारे यहाँ इस
दृष्टि से तो कभी सोचा ही नहीं गया कि प्रकृति और प्राणिमात्र उसके शत्रु हैं
और उनसे उसे अपनी रक्षा करनी है।
पाँच
इसके विपरीत यूरोप की, ईसाईयत की विश्वदृष्टि में मनुष्य ही केन्द्रीय
सत्ता है। इस्लाम की दृष्टि भी ऐसी ही है। वही समस्त सृष्टि का केन्द्र है। यह
सम्पूर्ण जगत, जीव-जन्तु और वृक्ष वनस्पतियाँ उसी के भोग के लिये और उसी
की सेवा में हैं। और मनुष्य सम्पूर्ण प्रकृति का तथा समस्त जीवों का स्वामी और
नियन्त्रक है तथा वह नियन्त्रक बने, यही वहाँ स्वाभाविक माना गया है। यूरोपीय
16
सम्पर्क जब विश्व के भिन्न-भिन्न देशों से बढ़ा और जब वह धीरे-धीरे प्रकृति का
स्वामी स्वयं को मानने लगा, तब से ही आधुनिक पश्चिमी मनुष्य ने मानव जाति
की धारणा रची है। मानव जाति की यह धारणा मनुष्य को प्रकृति के विरूद्ध
तथा अन्य सभी जीवों के विरूद्ध रखकर देखती है। इस धारणा को मान लेने के
बाद यही स्वाभाविक है कि भिन्न-भिन्न कसौटियों के आधार पर मानव-जाति
की विविध श्रेणियाँ बनाई जायें और इस श्रेणी-क्रम में जो लोग ऊँचे सोपान पर
हैं, उन्हें शेष सबके जीवन को नियन्त्रित करने का स्वाभाविक अधिकार मान्य
किया जाये। इसे ही साकार करने के लिये दर्शन, साहित्य, विज्ञान और
प्रौद्योगिकी की ऐसी दिशाएँ और ऐसे संस्थान विकसित किये गये और उन्हें
ऐसी दिशाओं में नियोजित किया गया तथा उनकी ऐसी व्याख्याएँ की गई,
जिससे कि इस मानव-केन्द्रित दृष्टि की निर्विवाद प्रतिष्ठा हो और अन्ततः
विकसित उच्च श्रेणी के यूरोपीय या पश्चिमी मनुष्य के लक्ष्यों की रक्षा और
पोषण हो सके।
यूरोपीय सफलता के चकाचौंध के कारण भारतीय शासक-समूहों,
भारतीय राज्य की सेवा के इच्छुक प्रतिस्पर्धी समूहों तथा सम्पन्न लोगों में भी
यूरोपीय मानव-केन्द्रित मान्यताएँ आज एक सीमा तक पैठ चुकी हैं। हम इस
रास्ते पर कहाँ तक, कितना और कैसे चल पायेंगे, यह पूरी तरह सोचने समझने
का समय निकाले बिना ये मान्यताएँ अपना ली गई हैं। इसी के प्रभाव से भय की
और दूसरे को शत्रुभाव से देखने की मनोवृत्तियाँ भी इन समूहों में बढ़ती जा रही
हैं। हमारा पुलिस बल भी समाज को भयभीत रखकर ही व्यवस्था की रक्षा कर
पाना सम्भव समझने लगा है। इसलिए अपने संस्कारों के कारण वह अपने
समाज का प्रत्यक्ष दमन-उत्पीड़न शायद उतना अधिक नहीं भी कर पाता हो,
परन्तु उसके किस्से हवा में फैलें और समाज के सर्वसाधारण लोग उससे
आतंकित/भयभीत रहें, उसका यह प्रयास प्रायः दिखता है। राज्य-संस्था की
दंड-शक्ति का लक्ष्य केवल दुष्टता को त्रास देना होता है जिससे समाज में
स्वधर्म-पालन के लिए अभय और आत्मीयता का परिवेश सुदृढ़ बने। समाज में
भय का संचार करने वाला या उसमें फूट और भेद-भाव बढ़ाने वाला राज्य तो
हमारे यहाँ कुराज ही कहा गया है। आततायी राज्य को तो समाज आत्मीय
भाव से देख नहीं पायेगा। इसलिए भारतीय राज्य के सेवकों तथा सेवा के
इच्छुक प्रतिस्पर्धियों को भी राज्य और समाज के रिश्तों में परस्पर भय, अलगाव,
अविश्वास तथा विरोध भाव को बढ़ावा देना त्यागना चाहिए।
हमें कौन सी दिशा अपनानी है, यह निश्चय तो हमें ही करना पड़ेगा।
17
स्व भा -3
प्रमाद और संवेदन शून्यता की अभी की स्थिति तो हमें आत्मक्षय और आत्मविलोप
की ओर ही ले जाएगी।
दुविधाग्रस्त मनोदशा में रहकर तो हम कहीं भी नहीं पहुंच पायेंगे।
गहराई से आत्म-स्मरण और मनन करना होगा और स्पष्ट निर्णय लेना होगा।
अगर स्वयं को यूरोपीय सांचे में ही ढालने का हमारा मन बन चुका है, तो उसी
दिशा में सुनियोजित प्रयास करें। हो सकता है, हम उसमें सफल होकर सशक्त
और उन्नत समाज तथा राष्ट्र बना सकें।
लेकिन यह अधिक सम्भव है कि इस दिशा में बढ़ने पर पश्चिम और
शेष विश्व पर हमारी निर्भरता आज जैसी ही बनी रहे या बढ़ती जाये तथा हम
पश्चिमी जीवन शैली के एक तीसरे दर्जे के अनुयायी ही बने रहें। अपने देश के
80 से 90 प्रतिशत लोगों के प्रति हम अभी की तरह उदासीन बने रहें और उन
सब लोगों को घुटघुटकर जीने के लिये विवश करने वाली अपनी वर्तमान
जीवनशैली जारी रखें। इससे उनकी घुटन और बढ़ती चली जायेगी तथा हम
अपनी लालसाओं में एवं अपने अपेक्षाकृत छोटे पड़ोसियों के साथ अन्तहीन
झगड़ों में और भी अधिक उलझते चले जायेंगे।
परन्तु मुझे तो आशा यही है कि भारत के करोड़ों युवा जन ऐसी
हीनता, अधीनता तथा उस पर निर्भरता को उचित नहीं मानते और यह जीवन
शैली उन्हें प्रिय नहीं है। और इसलिए मेरा विश्वास है कि, वे भारत की पुनर्रचना
के बारे में विचार, मंथन तथा मनन प्रारम्भ करेंगे जिससे कि भारतीय जीवन की
समृद्धि, विशेषता और समस्त जीवन जगत के प्रति आत्मीयता तथा सामंजस्यपूर्ण
सम्बन्धों वाली जीवन-शैली फिर से साकार हो सके और नये-नये रूपों में
अभिव्यक्त हो सके।
छः
भारत की प्राचीनता और विविधता भारत के लिये एक बड़ा वरदान ही
रही। काल के बहाव में यह अवश्य हुआ होगा कि इस विविधता से भारत में कुछ
उलझनें भी पैदा हुई होंगी। कुछ विविधताएँ तो काल के प्रभाव से मृतप्राय ही रह
गयी होंगी, अवशेषों जैसी।
भारतीय साहित्य मात्रा में तो विराट है ही, इसकी रचना की
कालावधि भी सुदीर्घ है। विश्व के और साहित्यों की तरह इसमें भी नयी-नयी
कृतियाँ, विचार, व्यवस्थाएँ जुड़ती रहीं और समय-समय पर पहले कही गयी
बातें नये-नये ढंगों से कही जाती रहीं। इस प्रकार के बदलाव सभी क्षेत्रों में
18
मिलेंगे चाहे वह ज्योतिषशास्त्र हो, या आयुर्वेद या राज्य और अर्थनीति या रामायण
ही। महर्षि बाल्मीकि रामायण के बाद अनेकों रामायण रचे गये और उन सबमें
अलग-अलग तरह से पुराना कुछ-कुछ बदलता गया और नया कुछ-कुछ
जुड़ता गया। भारत की सनातनता एक तरह से भारतीय प्रवाह में रही, उसके
ग्रन्थों व स्थिरता में नहीं।
इस्लाम के शासकों ने, जहाँ-जहाँ उनका कुछ प्रभुत्व रहा, वहाँ भारतीय
सनातनता को बांधकर देखने की कोशिश की, जैसा कि विदेशियों को अपरिचित
स्थानों, विचारों व सामग्रियों के साथ, अपनी समझ के लिये करना पड़ता है।
उन्होंने भारतीयता को जहां-तहां बांधना चाहा, उसमें स्थिरता और शिथिलता
लानी चाही। लेकिन उनसे यह अधिक नहीं हो सका।
यूरोप और विशेषतः अंग्रेज, इस दिशा में और कार्य में, अधिक तीव्रता
से आगे बढ़े। अंग्रेज पूरे भारत को राजनीतिक और आर्थिक तौर पर अपने
अधीनस्थ भी कर पाये। अपने राज्य को पक्का करने के लिये उन्होंने भारतीय
ग्रन्थों में से वह सब छांट-छांटकर इकट्ठा किया, जो उनके काम का था और
उसे ही ऊपर उछाला। उसी में से एक तरह का भारतीय इतिहास रचा गया
और भारत की व्याख्याएं बनाई गईं। ऐसे इतिहासों और व्याख्याओं में सब
असत्य या काल्पनिक ही हो, ऐसी बात नहीं है। लेकिन यह सब जो चित्रण
किया गया, यह सन्दर्भ रहित हो गया। इसमें भारतीय चित्त, आत्मा और
मानसिकता एकदम किनारे रख दी गई। यह चित्रण जो अंग्रेजों द्वारा किया
गया, इससे 1860-1870 के बाद भारत में एक बड़ी टूटन हुई। धीरे-धीरे
सन्दर्भ अदृश्य जैसे हो गया और टूटा एवं बिखरा भारत हमारे पास रह गया।
स्वराज आने का लक्ष्य यह था कि हम भारत के अपने सन्दर्भ को फिर
से पायें तथा बिखरे और रौंदे हुए भारतीयता के लाखों टुकड़ों को भारत के
सन्दर्भ से, फिर से जोड़ें। यह काम हम अभी तक नहीं कर पाये हैं। शायद अभी
तक हमें यह सूझा भी नहीं है कि इस तरह का सन्दर्भ खोजना और बिखरे
टुकड़ों को इससे जोड़ना भी हमारा काम है।
पुराने अवशेषों के अलावा, अब हमारे यहाँ बहुत ही अधिक, पिछले
200-400 बरस में बनी, व्यवस्थाओं, कानूनों, तन्त्रों, बीमार मानसिकताओं का
ढेर का ढेर कबाड़ इकट्ठा हो गया है। हमें जीवित रहना है तो इन सब को
हटाकर कहीं जलाना व दफनाना ही पड़ेगा। तब ही ठीक तरह से सन्दर्भ
मिलेगा और जैसा भी जुड़ाव हम आज चाहते हैं, वह बन सकेगा।
19
गाँधी को गाली देना नया नहीं है
स्वदेशी की परिकल्पना क्यों एक खोए हुए सपने सी लगने लगी
है ? क्यों इस देश के लोग महात्मा की 'मूर्ति' तोड़ने की मानसिकता से
बच नहीं पाते ? किसी के मुंह से महमूद गजनवी की जयकार कैसे
निकलने लगती है ? और क्या ये सब उत्पात के लक्षण हैं ? और हैं तो उन
उत्पातों से बचने और देश को बचाने का कोई रास्ता भी है क्या ?
आम लोगों की तरह गांधीवादियों को भी ये सवाल मथ रहे हैं। पर
उनमें कोई खुदबुदी या सनसनी नहीं है। बहुत सारी बातें चक्रीयगति में चलती
हैं। शुरू होती हैं। उभरती हैं। गिर जाती हैं। और फिर नए सिरे से उठ जाती
हैं। न उनकी आम स्वीकृति बनती है, और न खारिज ही हो पाती है। गांधी और
गांधीवाद को 1920 के बाद से लगातार ऐसे हमलों का शिकार होना पड़ा है।
पश्चिमपरक जवाहरलाल नेहरू और अंतरराष्ट्रीय ताकतों ने मिलकर 1944
आते-आते ही महात्मा को किनारे कर दिया था। 1920 से संजोई स्वदेशी की
कड़ी तो उसी घड़ी टूट गई। पर उतने से ही संतोष नहीं हुआ। उसके बाद तो
गांधी पर बदले की कार्यवाही के तौर पर हमला किया गया। गांधी के बचाव में
उनके जन भी नहीं आ सकते थे क्योंकि गांधी खुद स्वदेशी का वैकल्पिक मॉडल
नहीं दे सके थे। ढांचा बनाने का वक्त ही नहीं मिला था उन्हें। जो बना भी था
वह ताश के महल जैसा था। और कांग्रेस ? अंग्रेजीदाँ भारतीयों की सत्ता में
भागीदारी की इच्छा और अंग्रेजों के विरुद्ध आम जनता के गुस्से को सोखता देने
की मिली-जुली रणनीति से जन्मी इस संस्था का ढाँचा कभी इस बात का रहा
ही नहीं कि यह पश्चिमीकरण का विरोध कर सकती। स्वदेशी और स्वालंबन-
गांधी की 20 साला कमान को छोड़ दें तो कभी इसके काँग्रेस के गुणधर्म नहीं
रहे। उसका ढांचा ही पश्चिमी मॉडल पर बना है। और उसकी बुनियाद में ही
पश्चिम का श्रेष्ठ होना लिखा है।
कांशीराम का महमूद गजनवी को दलितों का उद्धारक कहना कुछ
नया नहीं है। 1951 में लुधियाना में चुनावी सभा में डा. आंबेडकर ने अंग्रेजों पर
धोखेबाजी का आरोप लगाया। कहा कि, अंग्रेज हिंदुस्तान में बिना सेना के आए
थे। हमारे लोगों ने उनकी सेना बनवाई। उनका राज कायम किया। पर हम वैसे
20
के वैसे ही रहे। कांशीराम जैसे लोग चक्रीय गति के तहत वही आंबेडकर की ही
बात दोहरा रहे हैं। देश में 1947-48 से जो चला आ रहा है, वही चलता चला
जा देते हैं। आर. के. पाटिल कहते थे कि शिकायत क्या? अंग्रेजों से जो चढ़ती
कंपनी (ग्रोइंग कन्सर्न) हाथ में लिया था, उसे चला रहे हैं। कुछ भूलें हुई होंगी,
पर कुछ खास तो नहीं। 1933 में वर्णाश्रम स्वराज्य संघ के लोग ब्रिटेन गए। वहां
एम.ए. जयकर कहते हैं कि आजादी इसलिए जरूरी है कि जब तक हम अपना
राज्य कायम नहीं करते तब तक तरक्की नहीं कर सकते। अपने समाज की
कुरीतियाँ दूर नहीं कर सकते। जयकर के पहले भी बहुत से लोगों ने यही बात
कही होगी। तो यह मॉडल तो पश्चिमीकरण का ही है। आजाद भारत के
कर्णधारों ने यही मॉडल तो चुना। जयकर ने संस्मरण लिखा है 1926 तक का।
वे महाराष्ट्र के एक गांव में जाते हैं और लिखते हैं कि यह गांव उतना ही सुंदर
है जैसे कि स्कॉटलैंड का कोई गांव हो। तो उपमा के लिए उन्हें स्कॉटलैंड ही
मिलता है। यह मानसिकता ही कुछ ऐसी बन गई है। इस मानसिकता में जिस
भावना को हम भारतीयता कहते हैं, वह कुछ जमती नहीं। ठीक-ठीक परिभाषित
नहीं है यह, पर भावना तो है और खत्म नहीं होती। जबकि यूरोप में इस किस्म
की भावना खत्म हुई। वहां मार-काट बहुत हुई। नए-नए आक्रमणकारी आते
रहे, बसते रहे, पिटते रहे। समूह नहीं बने। ऑटोमेशन हुआ। प्लेटो ने तो यहाँ
तक कहा कि बच्चे को अपने पिता का पता नहीं लगना चाहिए। नहीं तो परिवार
समूह ही बन जाएगा। अरस्तू कहते हैं कि गुलाम काम करने के लिए रखे जाते
हैं। काम करने वाली कोई मशीन हो तो फिर गुलामों की जरूरत नहीं रहेगी। तो
मशीन का विचार उनके दिमाग में तभी आ गया। तो पश्चिमी समाज का तरीका,
उनकी विचार पद्धति कुछ और है। वह एक अलग मॉडल है। हमारा अंग्रेजीदाँ
वर्ग उसी पर लट्टू रहा है।
कांशीराम जैसे लोगों को लेकर देश के एक हिस्से में जो चिंताएं
जाहिर की जा रही हैं, उनका क्या ? चंद्रशेखर इशारा करते हैं कि वे
भारत को तोड़नेवाली ताकतों से मिलीभगत में हैं। अशोक सिंघल ईसाई
मिशनरियों की मिलीभगत की बात करते रहे हैं। यह इतना बड़ा संशय
क्यों ?
हो सकता है कि कोई वैसी साजिश हो। पर इन बातों की शुरुआत
विदेशी साजिश से नहीं होती। शुरुआत तो अपने समाज की जो शक्तियां हैं,
जो ऐतिहासिक कारण हैं, उनके संघर्ष से होती है। बाद में उसका चाहे जो
इस्तेमाल करे। अगर आंबेडकर की बात ही कांशीराम भी कहते हैं और कई
21
दूसरे इतिहासकार भी, तो शायद समाज के एक हिस्से के मन में यह बैठा है कि
जिस समाज में अपनी हिस्सेदारी नहीं है, वह टूटे भी तो क्या ? भीतर से तो नहीं,
तो शायद कोई बाहर से ही आकर उद्धार करे। मुद्दा कोई व्यक्ति नहीं है। मुद्दा
बहुत गहरा है। कई प्रतीकों, बिंबों, मान्यताओं में समाज में एका है। पर कइयों
पर समझौता नहीं है। समाज कहीं से जुड़ा है तो कहीं से बंटा है। और जो
आदमी का रचा विधान है, वह छोटे-बड़े चक्र में घूम रहा है। एक अपरिहार्यता
की तरह। हमने इतिहास से सबक नहीं लिया है। पहले हर बात को भगवान की
लीला मान कर संतोष कर लिया जाता रहा होगा। अब सब कुछ रेखीय दृष्टि से
देखने की बात है। पर हमने उस हिसाब की संरचना नहीं बनाई है।
अंबेडकर और कांशीराम इसलिए एक ही बात करते हैं कि रिश्ते नहीं
बदलते। या रिश्ते बदले हैं, इसे नहीं दिखलाया जाता। आजाद इंडिया कम्पनी
में आर्थिक बदलाव तो हुए हैं पर सामाजिक रिश्ते जस के तस हैं। अंबेडकर
1915-16 में हिंदुस्तान आते हैं। बड़ौदा में नौकरी मिलती है। पर रहने को घर
नहीं मिलता। पहले दिन से ही कठिनाइयां शुरू हो जाती हैं। बहुत बार वे अपने
समाज की कठिनाइयों को प्रतीक के तौर पर अपनी निजी कठिनाइयां बनाकर
बताते हैं। अपने बचपन की दिक्कतें तो शायद उन्हें याद भी नहीं। पर वे अपने
समाज के लिये खड़े होते हैं। 1940 तक तो बखूबी। और शायद 1946 तक भी।
अपने समाज के साथ जुड़े होने की बात वे छिपाते नहीं। उन्होंने कहा कि बाकी
भारत का वे क्या करेंगे ? काहे को सोचें उसकी ? उन्हें तो अपने लोगों को
बचाना है। तो अपने लोगों को बचाने में उन्हें अगर मोहम्मद तुगलक की बजाय
जापान की मदद लेनी हो तो लेंगे। क्यों नहीं लेंगे ?
कांशीराम जैसों के भारत के मान्य प्रतीकों को गिराने से क्या
देश टूट की ओर नहीं बढ़ेगा ? मुझे लगता है कि यह व्यवस्था टूट रही है,
संरचना टूट रही है, इसलिए कुछ लोगों को देश टूटने का वहम हो सकता है।
व्यवस्था की टूट को वे देश की टूट मान लेते हैं। इस तरह के हर चक्र की सीमा
भी होती है। गांधी अंबेडकर के दायरे और उनकी मजबूरियों को भी जानते थे।
इतिहास की धारा से दोनों ही अनजान नहीं थे। पर उनकी बुनियादी चिंताएं
अलग थीं। 1946 में गांधी पटेल को अंबेडकर के बारे में लिखते हैं कि अंबेडकर
सत्य-असत्य का फर्क नहीं मानते। पर यह भी कहते हैं कि उनसे बात जारी
रखना। बातचीत तोड़ना नहीं। अंबेडकर के पत्ता (राजनैतिक) बनने के प्रति भी
वे सतर्क हैं। और उसकी काट करते रहते हैं। राजनीतिक और समाजिक दोनों
धरातल पर। अंबेडकर के 1942 तक के जो बयान हैं या उन्होंने सेक्रेटरी आफ
22
स्टेट को जो 40-50 पेज का ज्ञापन भेजा, उस पर सेक्रेटरी आफ स्टेट ने
वाइसराय को लिखा कि अब तक हमारे पास मुस्लिम पत्ता था। अब यह एक
और पत्ता है। हालांकि हाशिए में अंडर सेक्रेटरी ने गोद दिया कि यह पत्ता बहुत
कमजोर है। गांधी ने इसे पहले ही काट दिया है। यह जरूर है कि हाशिए में
लिखी बात वाइसराय तक नहीं पहुंचाई गई। सीमाएं थीं। दो महीने बाद ही
सेक्रेटरी आफ स्टेट फिर नोट भेजते हैं कि अंबेडकर खुद तो काबिल आदमी हैं।
पर उनके साथ के लोग बस यूं ही हैं। ये लोग मुसलमान या ईसाई बन गए होते
हो इनकी कुछ मदद की जा सकती थी।
तो क्या जो काम तब नहीं हो सका, वह काम आज दूसरों की
नजर में नहीं होगा ? ऐसी सामाजिक कमजोरियों पर बाहरी ताकतों की
नजर तो होती ही है। पर नजर होना भर एक बात है। असली बात समाज की
अंदरूनी मनःस्थिति की है। जिस तरह कांशीराम अपने समाज के उद्धार के
लिए महमूद गजनवी को याद कर सकते हैं, उस तरह का काम समाज के दूसरे
हिस्से भी कर सकते हैं। सामाजिक संरचना ने एक खास किस्म की मानसिकता
बना दी है। यह मानसिकता खाली अंबेडकर की नहीं है। ब्राह्मणों और दूसरे
लोगों ने भी ऐसा किया है। मद्रास और बंगाल में तो जरूर ही। 18 वीं शती
आते-आते उन्हें जब लगा कि हम हार गए तो फिर अंग्रेजों के साथ कोलेबोरेशन
(सहयोग) तय किया गया।
यह सहयोग बहुत भिन्न नहीं था। कांशीराम जैसों के कहने का तरीका
भोंड़ा है। उनका सलीकेदार रहा। कांशीराम सार्वजनिक जीवन में ज्यादा नहीं
रहे न, इसलिए भोंडेपन से बोल देते हैं। कुछ वर्षों में वे भी बोलने और करने की
चालाकी सीख जाएंगे।
23
जारी हैं गांधी पर नेहरू के हमले
क्या अंग्रेजों ने भारत के बौद्धिक वर्ग के पश्चिमीकरण को अपने
सुरक्षा कवच की तरह इस्तेमाल किया और जब सत्ता देने की बारी भी आई
तो सत्ता उन हाथों में ही सौंपी गई जो पश्चिमपरस्त थे और जिनको
अपने देश के विकास के लिए स्वदेशी मॉडल बनाने में कोई रुचि नहीं
थी? क्या सत्ता हस्तांतरण को भी औजार के रूप में इस्तेमाल किया गया
और नेहरू इस काम में अंग्रेजों के नजदीकी मददगार बने, पर सत्ता और
सत्ता को संभाल सकने की जो बुनियादी चतुराई उनमें थी, उसने उनको
बेनकाब नहीं होने दिया ?
अंग्रेजों ने भारत के बौद्धिक वर्ग का राजनैतिक इस्तेमाल किया। 1920
में 'सेक्रेटरी आफ स्टेट्स' ने वाइसराय को लिखा कि जमींदार वर्ग पर बचाव का
भरोसा मत रखो। इस काम में बौद्धिक वर्ग को लगाओ। बौद्धिक वर्ग से यह
काम 18 वीं सदी के उत्तरार्ध से ही लिया गया होगा। इस देश की आम जनता
का जो रुख था, उसे देखते हुए अंग्रेज इस देश में अपने निजाम की सुरक्षा के
बारे में कभी आश्वस्त नहीं थे। मेटकाफ भारत में इंग्लैंड से अंग्रेजों को बड़ी
संख्या में लाने की सिफारिश करते हुए ये कहता है कि “यह ठीक है कि यहां के
लोग स्वामिभक्त हैं। पर भरोसे में मत रहिए। हवा का रुख बदला तो स्वामिभक्ति
का चोला उतर जाएगा और हमारी खैर नहीं"। 1920 के बाद तो ऐसा हुआ कि
जितने राजनैतिक वर्ग और धाराएं थीं, अंग्रेजों की कोशिश उन सबमें अंग्रेजियत
माननेवाले लोगों को दाखिल कराने और जमाने की रही। जिनको जरूरत
पड़ने पर पीटा भी जा सके, पर जिनके साथ बैठकर चाय भी पी जा सके।
आखिर मोतीलाल नेहरू गवर्नर के साथ टेनिस खेलते थे न। कुछ उसी तरह का
मामला। जरा 1942 में भी देख लीजिए। अगस्त 1942 में ब्रिटेन सरकार के एक
मंत्री को रूजवेल्ट समझाते हैं कि सत्ता हस्तांतरण का वक्त तो ब्रिटेन को ही तय
करना है। पर उसे यह भी तय करना चाहिए कि आजादी के बाद भारत पश्चिम
के असर में रहे। चीन के विदेश मंत्री ने भारत को एशियाई राष्ट्र कहा है।
रूजवेल्ट उसे चुनौती देते हैं कि नहीं, भारत के लोग यूरोपीय समुदाय के हैं।
हमारे कजिन (चचेरे भाई) हैं। यह रिश्तेदारी हमारे पढ़े-लिखे लोगों के मन में
बहुत दिनों से समाई थी। जिनकी संख्या लगातार बढ़ी थी। नीरद चौधरी
24
वगैरह यही चचेरे भाई हैं न।
लेकिन स्वदेशी और भारतीयता को प्रतिष्ठित करने में महात्मा
गांधी कहां मात खा गए ? उनसे चूक कहां हुई ? इसके बारे में मुझे लगता
है कि 18 वीं शती के उत्तरार्ध में देश के अंग्रेजीदां पांच फीसदी लोगों ने जो
राजनीति शुरू की, उसके केंद्र में सत्ता में भागीदारी की मांग तो थी ही, साथ ही
अंग्रेज और अंग्रेजियत को अपने से बड़ा माना गया था। मान लिया गया था कि
हम लोग तो हजार साल से ज्यादा समय से गुलाम ही हैं। दूसरों पर निर्भर ही
रहे हैं। भागीदारी की मांग में कमतर होने की स्वीकृति भी थी। इस वर्ग को
महात्मा गांधी ने 1920 में राजनीति की मुख्यधारा से बाहर कर दिया। कुछ
अंडरग्राउंड हो गए। कुछ सार्वजनिक जीवन से हट गए। कुछ उदारतावादी हो
गए। पर ज्यादातर लोग कांग्रेस में ही बने रहे। गांधी की शक्ति और चमक से
वह डरे। कुछ ने यह भी सोचा होगा कि चलो, कुछ देर तक चलने दो यह चमक।
कुछ में भक्तिभाव भी पैदा हुआ होगा कि शायद गांधी ही सही सोच रहे हों।
1940 तक वे किनारे पर रहे। पर उसके बाद उन्होंने गांधी को अलग ठेल दिया।
इन तत्त्वों के सामने गांधी की मजबूरी का जरा अंदाज लगाइए। सुशीला नायर
की डायरी में है। 1943 में गांधी जी जेल गए तो कहते थे कि जल्दी ही छूट कर
बाहर जाऊंगा। फिर वे कहने लगे कि नहीं, अब सात साल जेल में ही रहूंगा।
1944 में तो वे बाहर आने के लिए तैयार नहीं थे। आगे का फैसला लेने में उन्हें
दो-तीन महीने लग गए। गांधी की ऐसी प्रोग्रामिंग भी थी। वे ऐसा करते थे।
और अहमदनगर जेल में नेहरू उनके लिये क्या सोच रहे थे। यही कि अब एक
और उपवास हो जायेगा। नेहरू के दिमाग में पिछले को देख-देख कर यही
बना था गांधी का मॉडल। 1943-44 में अपने अलग-थलग पड़ जाने का आभास
केवल गांधी को ही नहीं रहा, दूसरों को भी हो गया। अंग्रेजीदाँ लोग गांधी को
उनकी महानता से तो बेदखल नहीं कर सके, पर वास्तविक अर्थों में गांधी की
बेदखली हो गई।
इसी के साथ स्वदेशी की कड़ी भी शक्तिहीन हो गई। पर क्यों ?
महात्मा गांधी का अपना खड़ा किया कांग्रेस का ढांचा भी इस काम के लिए
माकूल नहीं था। 1920 में कांग्रेस के ढांचे का ड्राफ्ट गांधीजी ने खुद बनाया।
ढांचा यह है कि नीचे मेंबरशिप है। फिर जिला, फिर प्रदेश, फिर अखिल भारतीय
समिति है। फिर अध्यक्ष है। अंतिम फैसले की ताकत ऊपर है। उसी में नीचे
वालों की राय भी मान ली जाती है। देश नीचे है और उसकी लीडरशिप ऊपर।
सरकार का मॉडल ही कांग्रेस का भी मॉडल हो गया। वही कलेक्टर, कमिश्नर,
25
स्व भा -4
गवर्नर मॉडल। गांधीजी को शायद लगा कि अंग्रेजों से लड़ाई उनके जैसा
केंद्रित मॉडल बनाकर ही लड़ी जा सकती है। तो वैसा ही मॉडल बना तो उसे
चलाने के लिए वैसे ही लोग भी आगे रखने थे।
इस युद्ध में नेहरू पश्चिमी मॉडल के प्रतीक हैं। गांधी भी उन्हें ऐसा ही
मानते हैं। पर यह भी मानते हैं कि नेहरू को मोड़ा जा सकता है। वे सोचते हैं कि
पश्चिमी मॉडल को हराने के लिए इस नेहरू को जीतना है। इसे जीत लिया तो
फिर सबको जीत लिया। उन्हें अपनी जीत का भरोसा भी होता है। पर यह जीत
वे हासिल नहीं कर पाते। गांधी अंतरराष्ट्रीय ताकतों के दखल को भी ठीक से
समझ नहीं पाए। यह मान कर चलते रहे कि उनकी कोई दखलंदाजी नहीं होगी
और सब कुछ आपस में सुलटने के लिए जस का तस स्थिर रहेगा। पर 1944 के
बाद तो इन ताकतों ने गांधीजी को हाशिए पर ठेल दिया।
नेहरू? 1945 में तो नेहरू ने साफ कहा कि गांधी के स्वदेशी राग को
उन्होंने कभी विचार के लायक भी नहीं माना। कांग्रेस ने भी स्वदेशी की बातचीत
1937 में ही छोड़ दी थी। नेहरू तब तक बड़े नेता बन चुके थे। गांधी मूल में
सभ्यता का संघर्ष तो लड़ रहे थे, पर उनका मूल प्रश्न पहले आजादी हासिल
करने का था। उन्हें समझौते करके चलना पड़ता था। उनकी मजबूरी उस
सेनापति की मजबूरी थी, जो अपनी सेना की टूट नहीं चाहता। वे सोचते थे कि
युद्ध में सबको साथ लेकर चलो। आजादी मिली तो फिर सब कुछ संभल
जाएगा। उन्होंने पश्चिमपरस्त लोगों और उनके नेता नेहरू को संतुलित करने
के लिए कोशिशें कम नहीं कीं। गांधी सेवा संघ बनाया गया। संघ पश्चिमपरस्त
तबके के खिलाफ दबाव बनाने का साधन था। 1938 में नेहरू जब विदेश जा
रहे थे तो उन्होंने संघ के खिलाफ हमले का बिगुल बजाया कि संघ राजनीति
कर रहा है। फिर सुभाष चंद्र बोस लाबी मजबूत बनी तो महात्मा गांधी को 1940
में संघ को सस्पेंड करना पड़ा। विसर्जित उन्होंने नहीं किया। कहा कि फिर
जिंदा करने की जरूरत पड़ सकती है। गांधी पर सबसे बड़ा दबाव तो टैगोर का
पड़ता था। सुभाष नेशनल प्लानिंग कमेटी गठित करना और नेहरू को उसका
अध्यक्ष बनाना चाहते थे। तो मेघनाद साहा जुटे। टैगोर से बात हुई। टैगोर ने
गांधी को मनाया। नेहरू अध्यक्ष बने। नतीजतन विकास का पश्चिमी मॉडल
कांग्रेस के नीति मॉडल में हावी हो गया। और गांधीजी ने नेहरू को अपना
उत्तराधिकारी ही कौन-सा घोषित किया। 1940 की कांग्रेस कार्यसमिति में
गांधी बोस वगैरह के खिलाफ अपने लोगों की एकतरफा जीत चाहते हैं। नेहरू
समर्थक एक तिहाई हैं। तो समर्थन लेने के लिए बातचीत में कह देते हैं कि मेरा
26
उत्तराधिकार तो नेहरू को ही मिलेगा। असली खेल बाद में हुआ। कुछ दिनों
बाद अखबारवाले गांधी के पास पहुंचते हैं। और उनसे सवाल पूछ-पूछ कर मुंह
से निकली बात को कबूलवाया जाता है। बात रिकार्ड में ला दी जाती है। नेहरू
इसे गांठ में बांध लेते हैं। और जब वक्त पड़ता है तब यह बात 1944 में उछालकर
सामने ला दी जाती है।
महात्मा गांधी जब ताकत में रहते हैं, उनके सामने सब कुछ दबा रहता
है। पर ताकत कम होते ही मामला उलट जाता है। 1927 में नेहरू विदेश प्रवास
से लौटकर आते हैं तो उनको आगे कर आजादी का प्रस्ताव पास किया जाता
है। आजाद रूप से। इसमें गांधीजी के स्वदेशी, स्वराज आदि के संदर्भों में
उन्होंने 1920 से जो कुछ किया, उसको चुनौती है। गांधी चौंकते हैं। और फिर
जनवरी 1928 में एक-दूसरे को चिट्ठियां लिखी जाती हैं। गांधी आर-पार
लड़ाई की चुनौती दे डालते हैं। आजादी बनाम स्वराज का लेख लिखते हैं।
जानते हैं कि आज कौन लड़ेगा। सबक सिखा रहे हैं। और मामला वहीं खत्म
कर देते हैं। पर दूसरे ? दो टूक शब्दों में कहूं तो नेहरू और उनके लोगों ने
पिछले 50 साल में गांधी के साथ चौतरफा बदला लिया है। उन पर गिन-गिन
कर अनगिनत हमले किए हैं। उन्हें अपमानित करने की कोई चेष्टा नहीं छोड़ी
है। गांधी से उनका युद्ध अभी भी जारी है।
27