Skip to content
SarvaKosh
Back to the archive

सौन्दर्यलहरी (जगद्गुरु आदि शंकराचार्य - आनन्दलहरी एवं सविस्तार हिन्दी व्याख्या सटीक)

Saundaryalahari of Adi Shankaracharya with Hindi Commentary

by जगद्गुरु आदि शंकराचार्य

DevanagariHindipublished415 pages
Page 320Permalink

२७० सौन्दर्य लहरी
( ६५ )
रणे जित्वा दैत्यानपहृतशिरस्रैः कवचिभि—
र्निवृत्तैश्चण्डांशत्रिपुरहरनिर्माल्यविमुखैः ।
विशाखेन्द्रोपेन्द्रैः शशिविशदकर्पूरशकला
विलीयन्ते मातस्तव वदनताम्बूलकवलाः ॥
कठिन शब्द:— शिरस्र=शिर कवच, विशाख=षडानन
अर्थ:--हे मां ! दैत्यों को रण में जीतकर अपहृत शिरस्र
और कवचों को उतारकर, शिवजी के निर्माल्य से विमुख जो
चंड का भाग होता है, स्कन्द, इन्द्र और उपेन्द्र तीनों तेरे मुख
के पान के ग्रास को, जिसमें चन्द्रमा जैसे स्वच्छ कपूर के
टुकडे पड़े हैं, ग्रहण करते हैं ।
जैसे मां अपने छोटे २ बालकों को अपने मुख से निकालकर
बड़े प्रेम से आधे चबे पान के टुकड़े खिलाया करती है, वैसे ही
भगवती स्कन्द, इन्द्र और उपेन्द्र को, जो उसके बालक हैं, दैत्यों
पर जय प्राप्त करने पर प्रसन्न होकर पुरस्कार स्वरूप अपने मुख से
निकालकर तांबूल के टुकड़े खिलाती है । चण्ड शंकर के एक गण
का नाम है, उसका स्थान नन्दी के दक्षिण हाथ की ओर उसके
और जलहरी के बीच में होता है । शंकर का निर्माल्य चंड का ही
भाग होता है, दूसरा उसे ग्रहण नहीं कर सकता । इसलिये चण्ड
के पास खड़े होकर शंकर की पूजा नहीं की जाती, वह सब निष्फल

Page 321Permalink

सौंदर्य लहरी २७१
होती है। स्कन्द इन्द्र और उपेन्द्र तीनों, दैत्यों को हराकर जब
शंकर के पास गये तो वहां पर कोई पुरस्कार नहीं मिल सका
क्योंकि उनका निर्माल्य का अधिकारी चण्ड होता है इसलिये वे
भगवती के पास गये; और मां का सब से ऊंचा पुरस्कार उसका
वात्सल्य प्रेम प्रकट करने में ही होता है।
वाणी की प्रशंसा:—
( ६६ )
विपञ्च्या गायन्ती विविधमपदानं पशुपते-
स्त्वयाऽऽरब्धे वक्तुं चलितशिरसा साधुवचने ।
तदीयैर्माधुर्यैरपलपिततन्त्रीकलरवां
निजां वीणां वाणी निचुलयति चोलेन निभृतम् ॥
कठिन शब्दः— विपञ्ची=वीणा, अपदान=भले हुए लोकोपकार
अर्थः-- पशुपति के विविध अपदानों को वीणा पर
गाते समय, तेरे शिर हिलाकर सरस्वती की श्लाघा के वचन
कहना आरंभ करने पर, जो अपनी मधुरता से वीणा के
कलरव को फीका करते हैं, सरस्वती अपने वीणा को कपड़े में
लपेट कर रख देती है।
अर्थात् भगवती की वाणी के माधुर्य के सामने सरस्वती के
बीणा के सुर भी फीके पड जाते हैं।

Page 322Permalink

२७२ सौंदर्य लहरी
चिबुक का ध्यान:—
(६७)
कराग्रेण स्पृष्टं तुहिनगिरिणा वत्सलतया
गिरीशेनोदस्तं मुहुरधरपानाकुलतया ।
करग्राह्यं शंभोर्मुखमुकुरवृन्तं गिरिसुते
कथंकारं ब्रूमस्तव चिबुकमौपम्यरहितम् ॥
अर्थ:-- हे गिरीसुते ! उपमारहित तेरी चिबुक ( ठोडी )
का वर्णन हम कैसे करें ? जिसे हिमाचल ने अर्थात तेरे पिता
ने वात्सल्य प्रेम से अपनी अंगुलियों से स्पर्श किया है, और
गिरीश ने अधरपान करने की आकुलता से बार २ उठाया है,
और जो उस समय ऐसी प्रतीत होती हैं मानों वह शंभु के
हाथ में मुख देखने के लिये उठाए हुए दर्पण का दस्ता हो ।
प्रकृति का मुख दर्पण सदृश है, जिसमें शंकर का मुख प्रति-
भासित हो रहा है । यह भाव बिहारी सतसई में इस प्रकार
दिखाया गया है ।
मैं समझो निर्धार यह जग कांचों कांचसो ।
एक ही रूप अपार प्रतिबिंबित लखियत जगत ॥

Page 323Permalink

सौंदर्य लहरी २७३
(६८)
ग्रीवा का ध्यान
भुजाश्लेषान्नित्य पुरदमयितुः कण्टकवती
तव ग्रीवा धत्ते मुखकमलनालश्रियमियम् ।
स्वतः श्वेता कालागुरुबहुलजम्बालमलिना
मृणालीलालित्यं वहति यदधो हारलतिका ॥
कठिन शब्द— कालागुरु=अगर, एक सुगंधित द्रव्य, जम्बाल=
कीचड, लेप ।
अर्थ — तेरी ग्रीवा जो पुरारि की भुजा के नित्य स्पर्श से
खरदरी हो रही है, तेरे मुखकमल को धारण करती हुई
कमलनाल (मृणाली) जैसी सुन्दर लगती है, जो स्वतः तो
गौर वर्ण है परन्तु अधिक समय तक अगरु के गाढे लेप से
कीचड में सनी हुई सी मलीन दिखती है, और जिसके नीचे
हार पहना हुआ है ।
गले का ध्यान
(६९)
गले रेखास्तिस्रो गतिगमकगीतैकनिपुणे
विवाहव्य'नद्धप्रगुणगुणसंख्याप्रतिभुवः ।
विराजन्ते नानाविधमधुररागाकरभुवां
त्रयाणां ग्रामाणां स्थितिनियमसीमान इव ते ॥
अर्थः— हे गति, गमक और गीत में निपुणे ! तेरे गले
में पडी हुई तीन रेखायें जो विवाह के समय बांधी गई तीन

Page 324Permalink

२७४ सौंदर्य लहरी
सौभाग्यसूत्रों की लडियों से पड गई हैं, ऐसी प्रतीत हो रही हैं
मानो वे नानाविध मधुर राग रागिनियों के तीनों ग्रामों पर गाने
से उनके स्थिति नियम की सीमा के चिन्ह हों ।
गान विद्या के अनुसार प्रत्येक राग में गति, गमक और गीत
तीन अंग होते हैं । गतिचाल को कहते है, गमक सुरों के आरोह
अवरोह को कहते हैं और गीत तीनों सप्तकों के सुरों के क्रम को
कहते हैं । संगीत तीन ग्रामों वाला होता है, उनके नाम षडज,
मध्यम और गांधार ग्राम हैं । जिस ग्राम पर कोई राग गाया जाता
है, उसका आरम्भ और अन्त उस ही ग्राम के सुर से होता है ।
अर्थात् षडज ग्राम पर गाने वाला अपने राग का आरम्भ षडज से
करेगा और षडज पर ही समाप्त करेगा, इसी तरह मध्यम और
गांधार ग्रामों पर गाने वाले के राग मध्यम अथवा गांधार सुर से
ही उठाये जाकर उस ही सुर पर समाप्त किये जायंगे । प्रचलित
पद्धति में केवल षडज ग्राम पर ही सब गाने गाये जाते हैं, और
अन्य दो ग्रामों का प्रचलन नहीं रहा । इसलिये उनका संगीत शास्त्र
में उल्लेख मात्र मिलता है । प्राचीन काल में उनका प्रचलन होगा ।
भगवती तीनों ग्रामों पर गा सकती है, इसलिये उनके गले की
तीन रेखाएँ, ऐसी प्रतीत होती हैं, मानों प्रत्येक ग्राम पर गाने से
उनके सुरों की पृथक २ सीमा बन गई है ।

Page 325Permalink

सौंदर्य लहरी १७५
चारों भुजाओं का ध्यान
( ७० )
मृणालो मृद्वीनां तव भुजलतानांच तसृणां
चतुर्भिः सौन्दर्यं सरसिजभवः स्तौति वदनैः ।
नखेभ्यः संत्रस्यन्प्रथममथनादन्धकरिपो–
श्चतुर्णां शीर्षाणां सममभयहस्तार्पणधिया ॥
कठिन शब्द—अंधकरिपु=शिवजी ।
अर्थ — शिवजी के नखों के द्वारा पहिले पुराकाल में कभी
( पांचवा शिर ) मथन किया जाने की स्मृति से संत्रस्त होकर,
चारों शिरों की एक समान रक्षा के लिये, तेरे अभयदान देने
वाले हाथ की शरण में समर्पण बुद्धि रखकर, मृणाली सदृश
कोमल तेरी चारों लता जैसी भुजाओं के सौंदर्य की, ब्रह्मा चारों
मुखों से स्तुति किया करते हैं ।
पौराणिक एक गाथा के अनुसार ब्रह्मा के भी ५ शिर थे,
जिससे उन्हें बडा अभिमान था, इसलिये शिवजी ने रुष्ट होकर
उनका एक शिर अपने नखों से तोड डाला था । उस समय की
स्मृति से वे सदा भगवती के चारों हाथों की चारों मुखों से स्तुति
किया करते हैं । इस आख्यायिका का अभिप्राय यह प्रतीत होता

Page 326Permalink

२७६ सौंदर्य लहरी
है कि ब्रह्मा के चारों मुख चार वेदों से प्रकृति के हाथों की कृति
का व्याख्यान करते हैं । ब्रह्मा को सृष्टि बनाने का जब अहंकार
उत्पन्न हुआ तो उनका अहंकार शिवजी ने तोड दिया । वह अहंकार
ही पांचवा शिर था ।
हाथों का ध्यानः—
( ७१ )
नखानामुद्योतै र्नवनलिनरागं विहसतां
कराणां ते कान्ति कथय कथयामः कथमुमे ।
कयाचिद्वा साम्यं भवतु कलया हन्त कमलं
यदि क्रीडलक्ष्मी चरणतल लाक्षाऽरुण दलम् ॥
अथः— हे उमे ! तेरे हाथों की कांति का कहो कैसे
वर्णन करूं, जिनके नखों की द्युति नवविकसित कमल की
अरुणिमा का परिहास करती है । यदि किसी अंश में किसीं
प्रकार कमळ के दलों की अरुणिमा से सामान्यता की जाय,
तो अरे ! वह तो लक्ष्मी के क्रीडा करते समय चरणों में लगी
लाक्षा के कारण है ।
अर्थात् कमलों की अरुणिमा उनकी स्वाभाविक नहीं है,
लक्ष्मी के चरणों में लगी लाख के कारण है, परन्तु भगवती के
नखों की अरुणिमा स्वाभाविक है ।

Page 327Permalink

सौन्दर्य लहरी २७७
दोनों स्तनों का ध्यान:—
( ७२ )
समं देवि स्कन्दद्विपवदनपीतं स्तनयुगं
तवेदं नः खेदं हरतु सततं प्रस्रुतमुखम् ।
यदालोक्याशङ्काऽऽकुलितहृदयो हासजनकः
स्वकुम्भौ हेरम्बः परिमृशति हस्तेन झटिति ॥
कठिन शब्द:— द्विप=हाथी, हेरम्ब=गणेशजी
अर्थ: — हे देवि ! स्कन्द और गणेशजी के पान किये
हुए तेरे दोनों स्तन, जिनके मुख से दूध टपक रहा है, सदा हमारे
खेद का हरण करें पीते समय जिन स्तनों को देखकर गणेशजी
शंका से आकुलित हृदय होकर झट अपने ही सिर के कुंभवत्
भागों को टटोलकर हास्यजनक चेष्टा करते हैं ।
अर्थात् गणेशजी को अपने शिर के कुंभ सदृश उभरे हुए
मस्तक और मां के स्तनों में भेद न दिखने के कारण शंका हो
जाने से वे तुरन्त अपने सिर को टटोलने लगे । बालक दूध पीते
समय माता के स्तनों को हाथ में थामकर दूध पीया करता है,
परन्तु गणेशजी गलती से अपने ही सिर को पकडने लगे, जिसको
देखकर मां हंस पडी ।

Page 328Permalink

२७८ सौंदर्य लहरी
( ७३ )
अमू ते वक्षोजावमृतरसमाणिक्यकुतुपौ (कलशौ)
न संदेहस्पन्दो नगपतिपताके मनसि नः ।
पिबन्तौ तौ यस्मादविदितवधूसंगमरसौ
कुमारावद्यापि द्विरदवदनक्रौञ्चदलनौ ॥
कठिन शब्दः—वक्षोज=स्तन, कुतुप=कुप्पा, नग=पर्वत, द्विरद
=हाथी
अर्थः—हे हिमाचल पर्वतराज की पताका सदृश्य पुत्रि !
अमृत रस से भरे माणिक्य के बने कुप्पों अथवा कलशों के
सदृश तेरे स्तनों को देखकर हमारे मन में संदेह का स्पन्द
भी नहीं होता (जैसा कि स्त्रियों के स्तनों से होना संभव हैं)
क्योंकि (उनका ऐसा प्रभाव है कि) उनके दुग्ध पान करने
से गणेशजी और स्कन्द दोनों आज भी कुमार ही हैं और
उनको स्त्री संगम का रस विदित नहीं है ।
दोनों के पास पत्नियां होते हुए भी वे श्रृंगार रस से परिचित
नहीं हैं, यह भगवती के स्तन पाने का फल है । गणेशजी के
साथ ऋद्धि सिद्धि दोनों पत्नियों के समान हैं और देवताओं के
सेनापति स्कन्द के पास देवताओं की सेना (देवसेना) रूपी पत्नि है ।
अर्थात् ऋद्धि सिद्धि और देवसेना स्त्रीवाचक शब्द मात्र हैं, और
वे शक्तियां हैं न कि पत्नियां, परन्तु तो भी उनको ऋद्धि सिद्धियों

Page 329Permalink

सौंदर्य लहरी २७९
से युक्त गणपति और देवताओं के सेनापति कहने से, उनमें पति
पत्नि का दाम्पत्य संबंध होने की भ्रान्ति मात्र होती है। वास्तव
में दोनों नित्य नैष्ठिक ब्रह्मचारी ही हैं !
( ७४ )
वहत्यम्ब स्तम्बेरमदनुजकुम्भप्रकृतिभिः
समारब्धां मुक्तामणिभिरमलां हारलतिकाम् ।
कुचाभोगो बिम्बाधररुचिभिरन्तः शबलितां
प्रतापव्यामिश्रां पुरदमयितुः कीर्तिमिव ते ॥
कठिन शब्दः—स्तम्बेरम=हाथी, दनुज=असुर, पुरदमयिता=
पुरारि, शिवजी !
अर्थः—हे मां ! तेरा कुचभाग (छाती का भाग) जो
गजासुर के मस्तक रूपी कुंभ से निकली हुई मुक्तामणियों की
विमल माला पहने हुए है, उसपर तेरे बिंबसदृश लाल होठों
की कान्ति पडने से अरुण छाया दिखती है, इसलिये वह हार
शिवजी की प्रताप-मिश्रित-कीर्ति का प्रतीकवत् है।
हाथी के मस्तक से गजमुक्ता का निकलना प्रसिद्ध है।
इसलिये जो मुक्तामणियां गजासुर के मारे जाने पर शिवजी को
मिली थीं, उनकी माला भगवती ने छाती पर पहिनी हुई है। और
उनपर भगवती के होठों का लाल रंग चढा हुआ है, अर्थात् वे
मणियां होठों की अरुण कान्ति की छाया से लाल दिखने लगी हैं।

Page 330Permalink

२८० सौंदर्य लहरी
इस प्रकार हार में दोनों का मिश्रण हो रहा है । कविलोग प्रताप
को लालरंग से और कीर्ति को स्वच्छरंग से उपमित किया करते
हैं। यहां मणियां स्वच्छ होने के कारण कीर्ति की प्रतीक हैं और
उनपर चमकने वाला लालरंग प्रताप का प्रतीक है। यहां गजासुर का
वध रूपी प्रताप शंकर की शक्ति का प्रताप है और मणियां उस
प्रताप की कीर्ति के चिन्ह हैं। भगवती स्वयं शंकर की शक्ति है।
श्लोक का अन्तिम पद 'ते' 'कुचाभागो' पद के लिये सर्वनाम है,
प्रथम पंक्ति में क्रियापद 'वहति' को 'कीर्तिमिवहारलतिकां वहति'
इस क्रम से पढना चाहिये, 'कुचाभागो' 'वहति' का कर्ता है।
(७५)
तव स्तन्यं मन्ये धरणिधरकन्ये हृदयतः
पयः पारावारः परिवहति सारस्वतमिव ।
दयावत्यादत्तं द्रविडशिशुरास्वाद्य तव यत्
कवीनां प्रौढानामजनि कमनीयः कवयिता ॥
अथः—हे धरणिधर कन्ये ! मैं ऐसा समझता हूं कि तेरे
स्तनों के दूध का पारावार तेरे हृदय से बहने वाला सारस्वतं
ज्ञान सदृश है । जिसे पीकर, दयावती होकर तेरे स्तनपान कराने
पर द्रविडशिशु ने प्रौढकवियों के सदृश कमनीय कविता
की रचना की थी ।
द्रविडशिशु कौन था, जिसका संकेत इस श्लोक में है, इसपर
विद्वानों का मतभेद है। कुछ विद्वानों का मत है कि शंकर
भगवत्पाद ने यहां अपने लिये ही संकेत किया है।

सौन्दर्यलहरी: श्लोक ७१ से १०० (कण्ठ, बाहु, चरण-कमल व सौन्दर्यलहरी उपसंहार)

Page 331Permalink

सौंदर्य लहरी २८१
भगवती के स्तन पान कराने की दैवी कृपा की घटना इस प्रकार
घटित हुई बताई जाती हैं कि एक बार भगवत्पाद के शिशुकाल में जब
उनके पिता किसी स्थानान्तर को जाने लगे, तो अपनी धर्मपत्नी
को भगवती का पूजन करने को कह गये । परन्तु वे पति की
अनुपस्थिति में मासिक धर्म के कारण पूजन नहीं कर सकीं, और
बालक शंकर को भगवती का पूजन करने का सुअवसर मिला ।
भगवती को नैवेद्यार्थ दूध अर्पण किया जाता था । शंकर भगवत्पाद
बालपन के भोलेपन से समझे कि भगवती दूध को प्रतिदिन साक्षात्
पीया करती थीं, परन्तु उसदिन न पीते देखकर, वे रोकर प्रार्थना
करने लगे । बालक के आग्रह से प्रसन्न होकर भगवती प्रकट हो गईं
और सारा दूध पी गईं । परन्तु शंकर भगवत्पाद के पिता नैवेद्य
का दूध पुत्र को दिया करते थे । भगवती के सारा दूध पी लेने पर
बाल शंकर रो पड़े । इसपर भगवती को दया आई, और बालक को
अपने स्तनों का दूध पिलाया । भगवती के स्तन का पान करते ही
शंकर एक उच्चकोटि की कविता में भगवती की स्तुति करने लगे,
जो उनके मुख से स्वतः निकलने लगी थी । पिता को घर आकर
यह सब सुनने पर बडी प्रसन्नता हुई । फिर भगवती ने उनको स्वप्न
में दर्शन देकर कहा कि यह बालक एक महान पुरुष होगा । यह
कथा कैवल्य शर्मा ने लिखी है ।
इसपर कुछ लोग आपत्ति करते हैं कि शंकर भगवत्पाद अपनी
लेखिनी से अपनी श्लाघा नहीं कर सकते, इसलिये द्रविड शिशु कोई
दूसरा व्यक्ति होना चाहिये, जो भगवत्पाद का सम कालीन था ।
परन्तु हमें तो, इतना कहने में कि एक शिशु प्रौढ कवियों जैसी

Page 332Permalink

२८२ सौन्दर्य लहरी
कमनीय कविता करने लगा, कोई विशेष आत्मश्लाघा की बात नहीं
दिखती । यदि उसे आत्मश्लाघा कहा भी जाय, तो वह वास्तव में
भगवती के स्तन पान के फल की महिमा का गान मात्र है ।
एक ऐसी भी किंवदन्ती है कि द्रविड शिशु एक सिद्ध
महात्मा थे, उन्होंने एक स्तोत्र कैलाश के पत्थरों पर लिखा था,
जब शंकर भगवत्पाद कैलाश यात्रा को गये, तब उन्होंने उसे पढा ।
परन्तु भगवती के इशारे से इनको स्तोत्र पढते देखकर सिद्ध ने
उसे मिटाना आरंभ कर दिया । इतने अवसर में भगवत्पाद ने पूर्व के
४१ श्लोक कंठाग्र कर लिये थे, वे ही इस स्तोत्र के प्रथम ४१ श्लोक
हैं। उस द्रविड शिशु का संकेत इस श्लोक में किया गया है ।
परन्तु हमारे मत की पुष्टि, कि द्रविड शिशु से भगवत्पाद ने अपना
ही संकेत किया है, श्लोक १०० से होती है, जिससे सौन्दर्य
लहरी का लेखन समय उनका विद्यार्थी वय सिद्ध होता है ।
नाभि का ध्यानः -
( ७६ )
हरक्रोधज्वालाऽवलिभिरवलीढेन वपुषा
गभीरे ते नाभीसरसि कृतसंगो मनसिजः ।
समुत्तस्थौ तस्मादचलतनये धूमलतिका
जनस्तां जानीते तव जननि रोमावलिरिति ॥
अर्थः- हे अचल तनये ! हर के क्रोध की ज्वालाओं
से लिपटे हुए शरीर से कामदेव ने गहरे सरोवर सदृश तेरी

Page 333Permalink

सौंदर्य लहरी २८३
नाभि में जब गोता लगाया, उनमे लता सदृश उठने वाले धूवें
की जो रेखा बनी, उसे जन साधारण, हे जननि ! तेरी नाभी
के ऊपर उठने वाली रोमावलि समझते हैं ।
इसका आध्यात्मिक भाव यह है कि कामोद्दीपन होने पर भ्रूमध्य
में शंकर का ध्यान करने से जहां उनका ज्ञानरूपी तीसरा नेत्र है.
हृदय में उदय होने वाला काम का ताप नाभि चक्र में उतर कर
शान्त हो जाता है और अग्नि के पानी में बुझने से जो धुआं सा
ऊपर उठता है, तद्वत् नाभि से हृदय में उठने वाली रोमांच की
लता सी उठकर शांति प्रदान करती है ।
( ७७ )
यदेतत्कालिन्दीतनुतरतरङ्गाकृति शिवे
कृशेमध्ये किञ्चिज्जननि तव तद्भाति सुधियाम् ।
विमर्दादन्योन्यं कुचकलशयोरन्तरगतं
तनुभूतं व्योम प्रविशदिव नाभिं कुहरिणीम् ॥
कठिन शब्दः— कालिन्दी=यमुना, कुहरिणी=कुं हरतीति कुहर,
कुहं राति ददातीति वा, बिल, रंध्र, सर्पिणी ।
अर्थः— हे शिवे, हे जननि ! यह जो यमुना की बहुत
पतली तरंग के सदृश आकृति वाली ( रोमावलि ) तेरे कृश
कटि भाग में किंचित दिख रही है, वह सद्बुद्धि वाले मनुष्यों
को ऐसी जान पड़ती है, मानो तेरे कुच कलशों के बीच एक

Page 334Permalink

२८४ सौंदर्य लहरी
दूसरे की रगड़ से पिस २ कर पतला होने पर आकाश तेरी
नाभि के बिल में अथवा नाभि में सर्पिणी की तरह प्रवेश
कर रहा है ।
यमुना नदी और आकाश दोनों का रंग श्याम है, इसलिये
आकाश को यमुना की पतली तरंग से उपमा दी गई है ।
आकाश से वायु, वायु से अग्नि, अग्नि से जल और जल से
पृथ्वी की उत्पत्ति मानी जाती है । प्रत्येक तत्व का अर्ध भाग
और दूसरे आधे भाग में शेष चारों तत्वों का सम भाग मिलने से
पंचीकरण द्वारा पांचों महाभूतों की रचना होती है । इसलिये
मूलाधार में पृथिवी तत्व के साथ १/८ अंश जल, १/८ अंश अग्नि, १/८
अंश वायु और १/८ अश आकाश रहता है, इसी प्रकार स्वाधिष्ठान
में जल के साथ १/८ अश प्रत्येक पृथ्वी, अग्नि, वायु और आकाश
का होता है, मणिपूर में अग्नि के साथ दूसर चार तत्वों का प्रतितत्व
१/८ अंश रहता है, हृदय में वायु के साथ चारों अन्य तत्व १/८ अंश में
रहते हैं और विशुद्ध चक्र में आकाश का आधा भाग और अन्य तत्वों
का अष्टांश रहता है। इसलिये विशुद्ध चक्रस्थ आकाश तत्व का संबंध
नीचे के सब चक्रों से बना हुआ है, और विशुद्ध चक्र में आकाश
का वेध होने के साथ ही नीचे के चक्रों के आकाश का भी वेध होना
संभव है, उससे पूर्व नहीं । मानो भगवती के भारी कुचों के
परस्पर रगड़ने से, चक्की के गले से उतरने वाले धान्य के सदृश,

Page 335Permalink

सौंदर्य लहरी : ८२
विशुद्ध चक्र से आकाश नीचे उतरकर पिघलता हुआ नीचे गिर
रहा है। आकाश तत्व के वेध की पिघलाई से सुन्दर उपमा दी गई
है। जिन योगियों को तत्त्ववेध की क्रिया का ज्ञान है, उनको ही
यहां बुद्धिमान कहा गया है।
कालिन्दी अर्थात् यमुना सूर्य पुत्री है। नाभि में उगने वाली
आकाश रूपी रोमावलि हृदय के सूर्य मण्डल से नीचे उतर रही
है, इसलिये उसकी उपमा यमुना नदी की तरंग से दी जानी
सर्वथा संगत है। और आकाश, रोमावलि और यमुना तीनों का
वर्ण भी श्याम है। यमुना पिंगला नाडी को भी कहते हैं. जिसका
संबंध प्राण से है और प्राण की क्रिया से ही षट् चक्र वेध होता है।
इस अभिप्राय से भी कालिन्दी रूपी पिंगलागत प्राण की क्रिया से
उनकी उपमा ठीक सिद्ध होती है।
( ७८ )
स्थिरं गङ्गाऽऽवर्तः स्तनमुकुलरोमावलिलता-
निजाबालं कुण्डं कुसुमशरतेजोहुतभुजः ।
रतेर्लीलाऽगारं किमपि तव नाभिर्गिरिसुते
बिलद्वारं सिद्धे गिरिशनयनानां विजयते ॥
कठिन शब्दः— आवाल=गमला, कुसुमशर=कामदेव
अर्थः— हे गिरि सुते ! तेरी नाभि की जय है। उसकी
उपमा नीचे दिये हुए किसी भी प्रकार से दी जा सकती है।

Page 336Permalink

२८६ सौंदर्य लहरी
(१) गंगा का स्थिर भंवर, (२) तेरे स्तन रूपी विकसित
पुष्पों को धारण करने वाली रोमावलि रूपी लता के उगने का
गमला, (३) काम देव के तेज रूपी अग्नि को धारण करने
वाला हवन कुंड. (४) रति का क्रीडा स्थल, अथवा (५)
गिरीश शंकर के नयनों को सिद्धि प्राप्त करने के लिये तप
करने की गुफा का द्वार ।
(७९)
निसर्गक्षीणस्य स्तनतटभरेण क्लमजुषो
नमन्मूर्तेर्नाभौश्व लषु च शनैस्त्रुसत इव ।
चिरंते मध्यस्य त्रुटिततटिनीतीरतरुणा
समावस्थास्थेम्नो भवतु कुशलं शैलतनये ॥
पाठान्तर—नारीतिलकशनकै स्त्रुट्यत इव ।
तिलक=तिलक और एक वृक्ष विशेष का नाम । शनकैः=शनै;
अर्थः— हे शैल तनये ! तेरे मध्य भाग की सम अवस्था
चिर कुशल रहे, जो स्वाभाविक ही क्षीण है और स्तन रूपी
तट के भार से क्लान्त होने के कारण झुकी हुई तेरी मूर्ति के
नाभि देश पर पडने वाली वलियों पर शनैः २ नदी के तट के
वृक्ष के सदृश टूटता सा प्रतीत होता है ।
यहां कटि का बहुत पतला होना और स्तनों का भारी होना
दिखा गया है । ये दोनों स्त्रियों के सौन्दर्य के चिन्ह हैं ।

Page 337Permalink

सौंदर्य लहरी २८७
( ८० )
कुचौ सद्यः स्विद्यत्तट घटित कूर्पासभिदुरौ
कपन्तौ दोर्मूले कनककलशाभौ कलयतः ।
तव त्रातुं भङ्गादलमिति वलग्नं तनुभुवा
त्रिधानद्धं देवि त्रिवलिवलिवल्लिभिरिव ॥
कठिन शब्दः— कूर्पास=अंगिया, चोली । दोर्मूल=कांख, बगल,
वलग्नं=जुड़ासा जोड, तनुभू=काम देव ।
हे देवि ! कांखों की रगड से झट २ पसीना आने के कारण
जिनके किनारे पर से अंगिया फट गई है सुवर्ण कलश की आभा-
युक्त तेरे कुच द्वय के हिलने से टूटने से बचाने के लिये अलम्
अर्थात् पर्याप्त हैं इतना मात्र जुडा हुआ तेरा ( कटि प्रदेश ) मानो
काम देव ने लवली वल्लि ( एक प्रकार की बेल ) से वलियों से
तीन बार बांध रखा है ।
भाव यह है कि छाती का भाग भारी है और नीचे कटि
प्रदेश इतना पतला है कि हिलने मात्र से टूट सकता है, परन्तु पेट
की तीन बलियां ऐसी प्रतीत हो रही हैं मानो काम देव ने उसके
सौन्दर्य की रक्षा करने के लिये लवली की बेल से तीन बार लपेट
कर बांध रखा है । नहीं तो टूटने में कोई कसर नहीं जान पडती थी।

Page 338Permalink

२८८ सौन्दर्य लहरी
नितंब का ध्यानः—
(८१)
गुरुत्वं विस्तारं क्षितिधरपतिः पार्वति निजात्
नितम्बादाच्छिद्य त्वयि हरणरूपेण निदधे ।
अतस्ते विस्तीर्णो गुरुरयमशेषां वसुमतीं
नितम्बप्राग्भारः स्थगयति लघुत्वं नयति च ॥
कठिन शब्दः—हरणरूपेणं=दहेज,
अर्थः—हे पार्वति ! पर्वतराज हिमालय ने अपने नितंबों
से काटकर अपना भारीपन और विस्तार तुझको दहेज में दिये
थे, इसीलिये तेरे नितंब इतने विस्तीर्ण और भारी हैं, कि तेरे
नितंब के भार से सारी पृथिवी की गति रुक गई है और तेरे
विस्तार की अपेक्षा से पृथिवी छोटी दिखने लगी है ।
यदि पृथिवी को स्थिर मानें तो भगवती के उसपर बैठ जाने
से उसकी गति रुक गई है और यदि उसे चल माने तो उसकी गति
स्थगित होकर नियम बद्ध हो गई है । भाव यह है कि प्रकृति देवी
ने पृथिवी को अपना आसन बना रखा है । और भूमि पर जो भी
शोभा फैली हुई है, उसका सारा श्रेय पर्वतों को ही है, जिनकी देन
रूपी स्रोत सारी पृथिवी को हरा भरा ही नहीं कर रहे, वरन्
बडे २ देश उनके नितंबों से काटकर लाई हुई मिट्टी की ही कृपा
है । अर्थात् भूमि की प्राकृतिक शोभा हिमाच्छादित पर्वतराज
की ही तनुजा है ।

Page 339Permalink

सौंदर्य लहरी १८१
ऊरुयुग्मका ध्यानः—
( ८२ )
करीन्द्राणां शुण्डान् कनककदलीकाण्डपटली-
मुभाभ्यामुरुभ्यामुभयमपि निर्जित्य भवती ।
सुवृत्ताभ्यां पत्युः प्रणतिकठिनाभ्यां गिरिसुते
विजिग्ये जानुभ्यां विबुधकरिकुम्भद्वयमपि ॥
कठिन शब्दः—पटली=पटं विस्तारं याति आददाति,
अर्थः—हे गिरि सुते । आप अपने दोनों ऊरुओं से
गजेन्द्रों के सूंडों को और सुवर्ण के बने हुए केले के लंबे स्तंभों
को जीतकर, पति को प्रणाम करते २ कठिन हो गये हैं
ऐसे दोनों सुन्दरगोल घुटनो से बुद्धिमान हाथीके दोनों (मस्तक के)
कुंभों को भी पराजित कर रही हैं !
जंघाओं का ध्यानः—
( ८३ )
पराजेतुं रुद्रं द्विगुणशरगर्भो गिरिसुते
निषङ्गौ जङ्घे ते विषमविशिखो बाढमकृत ।
यदग्रे दृश्यन्ते दशशरफलाः पादयुगली-
नखाग्रच्छद्मानः सुरमुकुटशाणैकनिशिताः ॥
कठिन शब्दः—निषङ्ग=तरकस, विशिखः=शर, बाण; विषम
विशिखः=कामदेव