रंगनाथ रामायण (प्रसिद्ध दक्षिण भारतीय रामायण - सम्पूर्ण सविस्तार हिन्दी अनुवाद)
Ranganatha Ramayana: Complete Hindi Translation
रंगनाथ कवि (हिन्दी अनुवादक: अवधेश गुप्त) द्वारा
पृष्ठ 358, कुल 508 में से
संदर्भ में पढ़ें३२८ रंगनाथ रामायण
से इस पृथ्वी पर उन्नत दशा में जीवित रहनेवाले तुम पर प्रहार करने के लिए मेरी
दक्षिण बाहु अपने-आप आगे बढ़ रही है । अभी मैं तुम्हारा वध करके तुम्हें यमपुर भेज
दूँगा । इसे निश्चय जानो ।'
हनुमान् के ये वचन सुनकर रावण का मुख क्रोध से विकृत हो उठा । उसने कहा-
'यदि तुममें शक्ति तथा सामर्थ्य हो, तुम अपनी समस्त शक्ति लगाकर मुझे एक घूसा
मारो । उसके पश्चात् तुम्हारे शौर्य तथा शक्ति को देखकर मैं भी घूसा मारूँगा ।' तब
हनुमान् ने अपना अद्भुत शौर्य दिखाते हुए दशकंठ से कहा—'देवाधिदेव, राम के भेजने
पर तुम्हारे नगर में आकर मैंने सीता का अन्वेषण किया और अंत में सीता को देखकर
उनसे रामचंद्रजी का संदेश सुनाया और लौटते समय अपना पराक्रम दिखाकर तुम्हारे वन
का सर्वनाश किया, तुम्हारी लका को जलाकर तुम्हारे पुत्र का वध किया और दैत्यों के
संभ्रमित होकर देखते-देखते मैं लौट पड़ा । आज तुम दर्प से फूलकर मेरी शक्ति देखने की
बात कह रहे हो । हे रावण, उस दिन तुम कहाँ छिप गये थे ?'
इस पर क्रुद्ध होकर असुरेश्वर ने हनुमान् के वक्ष पर अपनी मुष्टि से प्रहार किया।
हनुमान् इस प्रहार से सिकुड़-सा गया; किन्तु फिर भी उसने अपनी समस्त शक्ति से रावण
पर एक घूसा चलाया । झंझावात से कंपित होनेवाले विशाल वृक्ष की भाँति, रावण काँप
गया । पीड़ित होनेवाले असुरेश्वर को देखकर इन्द्र आदि देवता हर्षित हुए; पर अल्प-
काल में ही रावण सँभल गया और हनुमान् को देखकर कहने लगा—'तुम्हारी शक्ति
प्रशंसनीय है । तुम्हारी मुष्टि के प्रभाव से मैं प्रेत-लोक का दर्शन कर आया ।' हनुमान् ने
कहा—'हे रावण, तुम अभी जीवित हो, फिर भी तुम मेरी प्रशंसा क्यो करते हो ?
(तुम्हारी बातें सुनकर) मुझे लज्जा हो रही है । तुम्हें तो मुझ पर प्रहार करना चाहिए।'
'तब लो, यह घूसा' कहते हुए रावण अपनी वज्र-सम मुष्टि से हनुमान् के वक्ष पर घोर
प्रहार किया । तुरंत हनुमान् मूच्छित होकर पृथ्वी पर गिर पड़ा ।
६३. नील का रावण से युद्ध करना
हनुमान् के गिर जाने के पश्चात् रावण नील से भिड़ गया । इतने में हनुमान् सचेत
हुआ और रावण को नील पर आक्रमण करते देखा; किन्तु वहाँ जाना अनुचित समझकर
वह वही रह गया । अपने ऊपर उद्धत गति से आक्रमण करनेवाले रावण को देखकर नील ने
बड़े क्रोध से मलय-शृंग को उठाकर फेंका । देवताओ के शत्रु ने सात बाणो से उसे बीच
में ही खंडित कर दिया । उसके पश्चात् भी नील रावण के विशाल वक्ष को लक्ष्य करके
पर्वतो तथा वृक्षो को चलाता रहा; किन्तु रावण ने अपने पैने बाण-समूह से उन सबको
चूर-चूर कर दिया और नील के शरीर पर कई पैने शर चलाये, जिसके कारण उसके
शरीर से रक्त की धाराएँ बहने लगीं । इस पर भी नील विचलित नही हुआ । सभी
राक्षसो को भयभीत करते हुए, लघुत्व धारण करके वह दानवराज के रथ पर कूद पड़ा
और अपनी अद्भुत शक्ति का परिचय देते हुए, उस रथ की ध्वजा पर उछलकर उसको
तोड़ दिया; फिर धनुष के अग्र-भाग पर कूदकर, रावण के लक्ष्य को भंग कर दिया ।
फिर, उसने अपने बाहुबल से सुर-सिद्ध-साध्यो को आश्चर्यचकित करते हुए रावण के