सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
वरिवस्यारहस्य (भास्करराय मखी - सरोजिनी हिन्दी व्याख्या, कामकला व श्रीविद्या मन्त्र-दर्शन)

वरिवस्यारहस्य (भास्करराय मखी - सरोजिनी हिन्दी व्याख्या, कामकला व श्रीविद्या मन्त्र-दर्शन)

Varivasyarahasya of Bhaskararaya with Sarojini Hindi Commentary

भास्करराय मखी (टीकाकार: डॉ. श्यामकान्त द्विवेदी आनन्द) द्वारा

DevanagariHindipublished530 पृष्ठ

पृष्ठ 89, कुल 530 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 89

'उष्णीश चक्र' में वायु पहुँचाकर योगी 'खसमावस्था' को प्राप्त होता है । प्राणवायु
के इस शासन को ही 'वज्रजप' कहा गया है । मात्र शब्दों का उच्चारण जप नहीं
है । प्राणवायु के अनुशासन की क्रिया के साथ-साथ जो जप किया जाता है । वही
फलप्रद जप है । यही है तान्त्रिक बौद्ध दृष्टि ॥ बौद्ध तान्त्रिक मन्त्रों के प्रकारों
में—ग्रथन मन्त्र, विदर्भमन्त्र, सम्पुटमन्त्र, रोधनमन्त्र, योग एवं पल्लवमन्त्र 'अभिचार'
से सम्बद्ध रखते हैं । क्रिया के तीन रूप हैं—१. वर्ण, २. मन्त्र, ३. पद ।
'मन्त्र' साक्षात् पराशक्तिस्वरूप हैं । पराशक्ति वाणी के रूप में स्फुरित होती
है अतः मन्त्रों के द्वारा सूक्ष्मा, सर्वातीता सत्ता या परावाक् (ओंकार) ही व्यक्त होता
है इसीलिए मन्त्रों में अचिन्त्यशक्ति मानी जाती है—'मन्त्राणामचिन्त्यशक्तिता ।'
('परशुरामकल्पसूत्र' सूत्र ८) । 'मन्त्र' किसी वर्ण का उच्चारण मात्र नहीं है प्रत्युत्
यह एक ऐसी पद्धति है जिसमें गुरु, मन्त्र, देवता, मन आत्मा एवं प्राणवायु की
एकता स्थापित की जाती है । इस ऐक्य की अवस्था में ही मन्त्रोच्चारण होता है
अतः मन्त्र के साथ 'ध्यान' मिला रहता है । यह एकता 'भावना' से सिद्ध होती
है । भावना-शून्य मन्त्र जप निष्फल होता है । 'मन्त्र' नादात्मक होता है । इस
नाद का अनुसंधान ही शाक्त-साधना का लक्ष्य है । 'यौवनोल्लास' में अजपाजप,
'प्रौढोल्लास' में मानसजप एवं 'तदन्तोल्लास' में वाराहीमन्त्र का जप किया जाता है।
मन्त्र के दो भेद हैं—१. 'बीज' २. 'पिण्डात्मक' । प्रत्येक श्वास के साथ सहजगति
से सोऽहं-सोऽहं का जप ही 'सहजजप' है । यही है—'कालध्वा' या 'प्राणध्वा' ।
यंत्र एवं यंत्रोपासना भी मन्त्र-साधना का एक अङ्ग है । इसके बिना मन्त्र का
आराध्य देवता प्रसन्न नहीं होता—'विना यन्त्रेण पूजायां देवता न प्रसीदति ।'२
५७. 'यंत्र'—
'यंत्र' मन्त्र एवं देवता का रेखात्मक चित्रण है । यह ब्रह्माण्ड का संक्षिप्त
संस्करण है । 'यंत्र' मन्त्र की बाह्य अभिव्यक्ति है । 'यंत्र' देवता का विग्रह है ।
'यंत्र' देवता का आसन है । 'यंत्र' समस्त विश्व का एक ज्यामितीय रेखाचित्र है ।
'यंत्र' देवता का शरीर है । इसी कारण यंत्र को माध्यम बनाकर उसके द्वारा मन्त्र
के वाच्य(देवता) को व्यक्त करने की साधना की जाती है । इसीलिए कहा है—
'विना यन्त्रेण पूजायां देवता न प्रसीदति । सर्वेषामपि देवानां यंत्रे पूजा प्रशस्यते ॥'२
५८. 'ध्यान'—
मन्त्र-साधना का एक अपरिहार्य अङ्ग 'ध्यान' है क्योंकि मन्त्र-साधना का लक्ष्य
है देवता का साक्षात्कार । यह देवता ही मन्त्र का अर्थ है । “तज्जपस्तदर्थभावनम्"
कहकर योगसूत्रकार महर्षि पतञ्जलि ने भी इसकी पुष्टि की है । इसीलिए ब्रह्मानन्द
गिरि कहते हैं—
"आदौध्यानं ततो मन्त्रं ध्यानस्यान्ते मनुं जपेत् ।
ध्यान मन्त्र समायुक्तः शीघ्रं सिध्यति साधकः ॥"३
१-३. शाक्तानन्द तरंगिणी

वरिवस्यारहस्य (भास्करराय मखी - सरोजिनी हिन्दी व्याख्या, कामकला व श्रीविद्या मन्त्र-दर्शन) · पृष्ठ 89, कुल 530 में से · SarvaKosh