सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
रामप्रसाद 'बिस्मिल' की आत्मकथा (काकोरी के अमर शहीद की जेल डायरी व आत्मकथा)

रामप्रसाद 'बिस्मिल' की आत्मकथा (काकोरी के अमर शहीद की जेल डायरी व आत्मकथा)

Autobiography of Ram Prasad Bismil

पं. रामप्रसाद 'बिस्मिल' (सम्पादक: बनारसीदास चतुर्वेदी) द्वारा

DevanagariHindipublished128 पृष्ठ

पृष्ठ 22, कुल 128 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 22

10 रामप्रसाद बिस्मिल की आत्मकथा
थी, एक पुजारी जी आ गए। वह बहुत अच्छे चरित्र वाले व्यक्ति थे। मैं उनके
पास उठने-बैठने लगा।
मैं मंदिर में आने-जाने लगा। कुछ पूजा-पाठ भी सीखने लगा। मुझ पर
पुजारी जी के उपदेशों का बड़ा उत्तम प्रभाव हुआ। मैं अपना अधिक समय
भजन-पूजन तथा पढ़ने में बिताने लगा। पुजारीजी मुझे ब्रह्मचर्य का पालन करने
का उपदेश देते थे। वह मेरे पथ-प्रदर्शक बने। मैंने एक-दूसरे सज्जन की देखा-देखी
व्यायाम करना भी आरंभ कर दिया। अब तो मुझे भक्ति-मार्ग में कुछ आनंद
प्राप्त होने लगा और चार-पाँच महीने में ही व्यायाम भी खूब करने लगा। मेरी
सब बुरी आदतें और बुरी भावनाएँ जाती रहीं। स्कूलों की छुट्टियाँ समाप्त होने पर
मैंने मिशन स्कूल के अंग्रेजी के पाँचवें दर्जे में नाम लिखा लिया। इस समय मेरी
और सब बुरी आदतें तो छूट गई थीं, किन्तु सिगरेट पीना न छूटता था। मैं
सिगरेट बहुत पीता था। एक दिन में पचास-साठ सिगरेट पी डालता था। मुझे
बड़ा दुख होता था कि मैं इस जीवन में सिगरेट पीने की बुरी आदत को न छोड़
सकूँगा। स्कूल में भरती होने के थोड़े दिनों बाद ही एक सहपाठी श्री सुशीलचंद
सेन से कुछ विशेष स्नेह हो गया। उन्हीं की दया के कारण मेरा सिगरेट पीना
भी छूट गया।
देव-मंदिर में भजन-पूजा करने की प्रवृत्ति को देखकर श्री मुंशी इन्द्रजीत जी
ने मुझे संध्या करने का उपदेश दिया। मुंशीजी उसी मंदिर में रहने वाले किसी
सज्जन के पास आया करते थे। व्यायाम करने के कारण मेरा शरीर बड़ा सुगठित
हो गया था और रंग निखर आया था। मैंने जानना चाहा कि संध्या क्या वस्तु
है। मुंशीजी ने आर्य-समाज संबंधी कुछ उपदेश दिए। इसके बाद मैंने सत्यार्थ
प्रकाश (आर्यसमाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा लिखित ग्रंथ) पढ़ा।
इससे तख्ता ही पलट गया। सत्यार्थ प्रकाश के अध्ययन ने मेरे जीवन के इतिहास
में एक नया पृष्ठ खोल दिया। मैंने उसमें लिखित ब्रह्मचर्य के कठिन नियमों का
पालन करना प्रारंभ कर दिया। मैं एक कंबल को तख्त पर बिछा कर सोता और