श्रीमद् एकनाथी भागवत (सन्त एकनाथ - श्रीमद्भागवत एकादश स्कन्ध उद्धव गीता सविस्तार हिन्दी व्याख्या)
Shrimad Eknathi Bhagavat (Hindi) by N.V. Sapre
सन्त एकनाथ महाराज (अनुवादक: एन. वी. सप्रे) द्वारा
पृष्ठ 50, कुल 869 में से
संदर्भ में पढ़ें३४ श्रीमद् एकनाथी भागवत
है, उस नारद ने वसुदेव से कहा, वसुदेव! इस प्रकार जनक राजा द्वारा मार्मिक प्रश्न पूछे जाने पर उन महानुभावों
को अत्यन्त संतोष हुआ। उन्होंने जनकराजा को धन्य-धन्य कहा। यज्ञ के ऋत्विजों को तथा सभासदों को परमार्थ
श्रवण की उत्सुकता बढ़ने लगी। उन्हें भी योग्य अनुमोदन देकर उन नौ असामियों ने बोलना प्रारम्भ किया।
जनक के नौ प्रश्न इस कथा का प्रमुख विषय है। भागवत धर्म किसे कहते हैं, भगवद्भक्त कैसे होते हैं? 'माया'
किस तरह विराजती है? अज्ञानियों को उससे तरने के क्या उपाय हैं? उसी प्रकार परब्रह्म कैसा होता है? 'कर्म'
किसे कहते हैं? अवतार चरित्र संख्या परम, अभक्तों को 'अधोगति' क्यों प्राप्त होती है? और किस युग में कैसा
धर्म होता है? इन सबका अच्छी तरह निरूपण करें। इस प्रकार नौ मार्मिक प्रश्न राजा जनक ने पूछे। उन नौ
पुरुषों ने उनके क्रम से उत्तर दिये। उनमें से पहले प्रश्न का कवि ने उत्तर दिया।
कविरुवाच
मन्येऽकुतश्चिद्भयमच्युतस्य पादाम्बुजोपासनमत्र नित्यम्।
उद्विग्नबुद्धेरसदात्मभावाद् विश्वात्मना यत्र निवर्तते भीः॥३३॥
राजा ने 'आत्यंतिक क्षेम' अर्थात् अत्यन्त कल्याण किसमें हैं यह प्रश्न किया। कवि तो उस विषय का
परमज्ञाता ही था। उसने आत्यंतिक क्षेम का अर्थ अर्थात् 'भागवत धर्म' का प्रतिपादन करना प्रारम्भ किया।
उसने कहा, राजा! एक चमत्कार ध्यान में रखो। हमारा संकल्प ही हमारा बैरी है। वही शरीर में देहबुद्धि
(साढ़े तीन हाथ का देह मैं ही हूँ, यह भावना) बढ़ाकर संसार का भय दृढ़ करता रहता है। जिसके पास
देहबुद्धि होती है, उसके भाग्य में सुख तो नहीं ही होता। ऐसे लोग सुख-दुःख, शीत-उष्ण आदि द्वंद्वों के बीच
में तथा व्याधियों के महासागर में डूब जाते हैं। क्योंकि देहबुद्धि वालों के पास दुःखों की राशि तो रखी ही
रहती है। रात दिन चारों ओर से महाभय के भूत उसे सताते रहते हैं। 'मैं ही देह हूँ' मानने वाले को चिन्ता
का बहुत अधिक भय लगता है। उस पर ममता द्वारा संकल्प-विकल्पों की मार निरन्तर पड़ती रहती है। देह-
बुद्धिवालों को अणु के बराबर भी सुख नहीं प्राप्त होता। ऐसा होते हुए भी जो सुख मानते हैं वे महामूर्ख हैं।
देहबुद्धि दुःखजनक है। दीपक की संगत करने वाले पतंग के भाग्य में केवल दुःख ही रहता है, फिर भी वह
उसे गले लगाने के लिए आगे बढ़ता है, उसी प्रकार देहबुद्धि विषयों की ओर भागती है। इस प्रकार देहबुद्धि
बहुत खराब है। वह विषयों के प्रति रुचि बढ़ाती है। इससे महाभय उत्पन्न होकर जन्ममरण के फेरे बढ़ जाते
हैं। जो यह जानता है कि देहबुद्धि में इतना संताप और महापाप है वह इन विषयों में जरा भी नहीं उलझता।
विषयों के प्रति कोटि-कोटि जन्म मरण सहने पड़ते हैं यह बात जो जानता है वह उस भय से विषयों का
त्याग करता है और उन्हें इन्द्रियों में बन्द कर देता है। लेकिन विषय इन्द्रियों में बन्द होना नहीं चाहते। विषय
छूटते नहीं है और निरन्तर कष्ट देते रहते हैं। इसीलिए वेदों ने हरिभक्ति प्रकट की है। इसमें इन्द्रियों को बन्द
नहीं करना पड़ता और विषयासक्ति अपने आप रुक जाती है। हे राजाधिराज! इतना अद्भुत सामर्थ्य हरिभक्ति में
है यह स्मरण रखो। योगी लोग इन्द्रियों का दमन करते हैं किन्तु भक्त लोग उन्हीं इन्द्रियों को भगवान की भक्ति
में लगाते हैं। योगी जिन विषयों का त्याग करते हैं, उन्हें ही भक्तगण भगवान को अर्पण करते हैं। योगी विषयों
का त्याग करते हैं लेकिन उस त्याग से शरीर को दुःख होता है और भक्त वही विषय भगवान को अर्पण करते
रहने के कारण नित्यमुक्त हो जाते हैं। कुछ विकल्पी लोग इसे सम्भव नहीं मानते। इसलिए यहाँ 'कायेन वाचा'
यह कृष्णार्पण द्योतक श्लोक बताया गया है। घरबार, बाल-बच्चे और प्राण भी भगवान को अर्पण करने