सामग्री पर जाएँ
सर्वकोश
भारत में अंग्रेजी राज (पण्डित सुन्दरलाल - ब्रिटिश औपनिवेशिक लूट व षड्यन्त्रों का प्रामाणिक इतिहास)

भारत में अंग्रेजी राज (पण्डित सुन्दरलाल - ब्रिटिश औपनिवेशिक लूट व षड्यन्त्रों का प्रामाणिक इतिहास)

Bharat Mein Angreji Raj by Pandit Sunderlal

पण्डित सुन्दरलाल (प्रस्तावना: महात्मा गाँधी) द्वारा

DevanagariHindipublished727 पृष्ठ

पृष्ठ 456, कुल 727 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 456

२०२ भारत में अंगरेज़ी राज
मीर जाफ़र ने प्रार्थना की कि मेरी ये शिकायतें दूर की
जावें, किन्तु कलकत्ते की अंगरेज़ कौन्सिल ने इस ओर तनिक भी
ध्यान न दिया ।
उधर मीर क़ासिम का साहस अभी तक टूटा न था । अपनी
[हाशिया: मीर क़ासिम के अन्तिम प्रयत्न] सरहद से बाहर निकल कर वह इन विदेशियों
के बल को तोड़ने के अन्तिम प्रयत्न कर रहा
था । सूबेदारी की सनद मीर क़ासिम को सम्राट
की ओर से बाज़ाब्ता अता हो चुकी थी और मीर जाफ़र को बिना
सम्राट की इजाज़त ज़बरदस्ती अंगरेज़ों ने सूबेदार बना दिया था ।
सम्राट शाहआलम अभी तक फाफामऊ ( इलाहाबाद ) में था ।
अवध का नवाब शुजाउद्दौला इस समय मुग़ल साम्राज्य का प्रधान
मंत्री और सम्राट का विशेष संरक्षक था । मीर क़ासिम ने सम्राट
और शुजाउद्दौला दोनों से मिलकर अंगरेज़ों और बंगाल का सब
हाल कह सुनाया । शुजाउद्दौला की माँ को उसने माँ और शुजाउद्दौला
को अपना भाई कह कर सम्बोधन किया । शुजाउद्दौला ने क़ुरान
हाथ में लेकर अंगरेज़ों को सज़ा देने और मीर क़ासिम को फिर से
मुर्शिदाबाद की मसनद पर बैठाने की क़सम खाई ।
बुन्देलखण्ड का राजा इधर कई वर्ष से विद्रोह कर रहा था ।
उसने दिल्ली दरबार को ख़िराज भेजना बन्द कर दिया था ।
शुजाउद्दौला सम्राट की ओर से उस पर चढ़ाई की तैयारी कर रहा
था । मीर क़ासिम ने इस मौक़े को ग़नीमत समझा, सम्राट और
शुजाउद्दौला से इजाज़त लेकर अपनी सेना और तोपख़ाने सहित