भगत सिंह और उनके साथियों के संपूर्ण उपलब्ध दस्तावेज (प्रो. चमनलाल - प्रामाणिक ऐतिहासिक संकलन)
Complete Available Documents of Bhagat Singh & Associates
शहीद-ए-आजम भगत सिंह (सम्पादक: प्रो. चमनलाल) द्वारा
पृष्ठ 504, कुल 788 में से
संदर्भ में पढ़ेंअन्तिम युद्ध
निकट भविष्य में अन्तिम युद्ध लड़ा जायेगा और यह युद्ध निर्णायक होगा।
साम्राज्यवाद व पूँजीवाद कुछ दिनों के मेहमान हैं। यही वह लड़ाई है जिसमें हमने
प्रत्यक्ष रूप में भाग लिया है और हम अपने पर गर्व करते हैं कि इस युद्ध को न
तो हमने प्रारम्भ ही किया है और न यह हमारे जीवन के साथ समाप्त ही होगा।
हमारी सेवाएँ इतिहास के उस अध्याय में लिखी जायेंगी जिसको यतीन्द्रनाथ दास
और भगवतीचरण के बलिदानों ने विशेष रूप में प्रकाशमान कर दिया है। इनके
बलिदान महान हैं। जहाँ तक हमारे भाग्य का सम्बन्ध है, हम ज़ोरदार शब्दों में आपसे
यह कहना चाहते हैं कि आपने हमें फाँसी पर लटकाने का निर्णय कर लिया है।
आप ऐसा करेंगे ही, आपके हाथों में शक्ति है और आपको अधिकार भी प्राप्त है।
परन्तु इस प्रकार आप जिसकी लाठी उसकी भैंस वाला सिद्धान्त ही अपना रहे हैं
— और आप उस पर कटिबद्ध हैं। हमारे अभियोग की सुनवाई इस बात को सिद्ध
करने के लिए पर्याप्त है कि हमने कभी कोई प्रार्थना नहीं की और अब भी हम
आपसे किसी प्रकार की दया की प्रार्थना नहीं करते। हम आपसे केवल यह प्रार्थना
करना चाहते हैं कि आपकी सरकार के ही एक न्यायालय के निर्णय के अनुसार
हमारे विरुद्ध युद्ध जारी रखने का अभियोग है। इस स्थिति में हम युद्धबन्दी हैं, अतः
इस आधार पर हम आपसे माँग करते हैं कि हमारे प्रति युद्धबन्दियों जैसा ही व्यवहार
किया जाये और हमें फाँसी देने के बदले गोली से उड़ा दिया जाये।
अब यह सिद्ध करना आपका काम है कि आपको उस निर्णय में विश्वास है
जो आपकी सरकार के एक न्यायालय ने किया है। आप अपने कार्य द्वारा इस बात
का प्रमाण दीजिये। हम विनयपूर्वक आपसे प्रार्थना करते हैं कि आप अपने
सेना-विभाग को आदेश दे दें कि हमें गोली से उड़ाने के लिए एक सैनिक टोली
भेज दी जाये।
भवदीय,
भगतसिंह, राजगुरु, सुखदेव
498 / भगतसिंह और उनके साथियों के सम्पूर्ण उपलब्ध दस्तावेज़