बन्दी जीवन (शचीन्द्रनाथ सान्याल - भारतीय क्रान्तिकारियों की गीता, ब्रिटिश सरकार द्वारा प्रतिबन्धित)
Bandi Jeevan by Sachindra Nath Sanyal
शचीन्द्रनाथ सान्याल द्वारा
पृष्ठ 200, कुल 408 में से
संदर्भ में पढ़ें2
कालेपानी से विदाई
जहाज़ की इन्तज़ारी करते-करते वे बीस दिन भी बीत गए। जहाज़ में चढने
के दिन जितने क़रीब आए, उतने ही एक आनन्द के साथ एक उतनी ही काली
छाया भी मन को घेरे रहती थी। हर घड़ी मेरे मन में यही ख्याल बना रहता
था कि कैसे मैं अपने साथियों को इस संकटपूर्ण स्थान में असहाय अवस्था में छोड़-
कर जाऊँ ! सबसे मैंने यह वादा किया कि देश में पहुँचते ही उन लोगों को छुड़ाने
के लिए मैं भरसक प्रयत्न करूँगा। मानो, मेरे पास यही एक बात थी जिससे मैं
अपने साथियों को सांत्वना दे सकता था।
इस समय भाई परमानन्द एकाएक कोठरी में बन्द कर दिये गए थे। यह
वही परमानन्द है, जो आजकल हिन्दू महासभा के महा कट्टर नेता है। सुनने में
आया था कि पंजाब के अखबारों में परमानन्दजी की धर्मपत्नी ने परमानन्दजी
के बारे में कुछ छपवाया था। इसी कारण से उन्हें कालेपानी में दिन-रात कोठरी
मे बन्द कर दिया गया था। अपने साथियों से मैंने यह भी वादा किया कि भाई
परमानन्दजी के बारे में भी देश वापस लौटकर मैं जो कुछ कर सकूँगा, करूँगा।
एक दिन प्रातःकाल जाने की तैयारी होने लगी। मैंने यह अच्छी तरह से देखा
कि पंजाब के मार्शल-लॉ के अठारह बन्दी एवं वारीन्द्र और हेमचन्द्र तथा उपेन्द्र
खुशी से फूले नही समा रहे थे। मुझे तो अपने आंसू पीकर हट जाना पड़ा। मानो
बादल उमड रहे हो, पानी गिरने ही वाला है। जेल से छूटने पर जो कपडे दिए
जाते है, वे हमे दिये गए। वारीन्द्र ने अपने छूटने की आशा में पहले ही कुछ कपड़े
मँगा लिये थे। उसमे से मुझे उन्होंने एक धोती और एक कोट दिया। मेरा ख्याल
है कि उन्होने मुझे तीन रुपये भी दिए थे। बाकी खर्च तो सरकार का ही था।
छूटते समय भी दो-दो करके हम सब छूटनेवालों को कतार में खड़ा कर दिया
गया। छूटने के दिन भी डिसिप्लिन के साथ फाटक की तरफ चले। जिस दिन मैं
कालेपानी आया था, उस दिन भी मुंह पर हंसी थी, जी में रुआंसा था। आज
छूटने के दिन भी मुंह पर हँसी थी, जी में रुआंसा था। मुझे खूब याद है जिस
दिन सर्वप्रथम मैं कालेपानी पहुँचा उस दिन मेरे मन में क्या भावनाएं थी। एक